शनिवार, 8 जुलाई 2023

धर्मांतरण का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार

धर्मांतरण का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार

अश्वनी उपाध्याय 

गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सामने आया है। पहले दिल्ली का राहुल अग्रवाल धर्मांतरण के बाद मुस्लिम बना। फिर उसने साथ में जॉब करने वाली नीरू बिष्ट का भी धर्मांतरण करा दिया। युवती के पिता को इस सिंडिकेट के पीछे देश विरोधी गतिविधियों का हाथ होने का शक है। थाना खोड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इसमें दो आरोपी हिंदू से कन्वर्टेड होकर मुस्लिम बन चुके हैं। दिल्ली के राहुल अग्रवाल उर्फ मोहम्मद राहिल और मोहम्मद मुसीर व सौरभ राना उर्फ अब्दुल्ला अहमद निवासी पलवल को गिरफ्तार किया गया है।

छेड़छाड़: 3 युवकों के खिलाफ तहरीर दी

छेड़छाड़: 3 युवकों के खिलाफ तहरीर दी

इकबाल अंसारी 

गाजियाबाद। मोदीनगर में एक कॉलोनी निवासी महिला का पीछा कर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला ने एक सभासद सहित तीन युवकों के खिलाफ मोदीनगर थाने में तहरीर दी है।

युवती ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को ट्वीट कर चेतावनी दी है कि यदि मेरी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो वह थाने के सामने आत्मदाह कर लेगी। महिला पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगा रही है।

महिला की तहरीर के आधार पर हनी, आशीष व सभासद अंकुर निवासी देवेंद्रपुरी के खिलाफ 354 क,354 द्य,504, 506के तहत मुकदमा दर्ज़ कर लिया है।

हवस का शिकार बना रहा था पिता, गुहार लगाई

हवस का शिकार बना रहा था पिता, गुहार लगाई 

इकबाल अंसारी 

श्रीनगर। बाप-बेटी के रिश्ते को तार तार करते हुए एक व्यक्ति अपनी सौतेली नाबालिग बेटी को बीते कई माह से अपनी हवस का शिकार बना रहा था। जब पीड़िता से बर्दाश्त नहीं हुआ तो उसने अपने एक रिश्तेदार की मदद से पुलिस तक अपनी गुहार पहुंचाई। पुलिस ने मामला दर्ज किया और दुष्कर्मी सौतेले बाप को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दी जानकारी 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कंठपोरा सोगाम का रहने वाला मोहम्मद इकबाल शेख बीते कुछ महीनों से पांपोश कालौनी श्रीनगर में रह रहा है। उसने जिस महिला से शादी की है, उसकी पहली शादी से एक बेटी है। उस लड़की की उम्र 15 वर्ष है। मोहम्मद इकबाल शेख बीते डेढ़ वर्ष से अपनी सौतेली बेटी को अपनी हवस का शिकार बना रहा था। जब उसकी बीबी इसका विरोध करती तो वह उसके साथ मार पिटाई करता। उसने मां बेटी को अपना मुंह बंद रखने और किसी को भी उसकी हरकतों के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मोहम्मद इकबाल के जुल्म के कारण उसकी बेटी की मानसिक स्थिति भी बिगड़ने लगी थी।

अंतत: उसने अपने एक करीबी रिश्तेदार को अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के बारे में सुनाया। इसके बाद यह मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मोहम्मद इकबाल शेख को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता व उसकी मां के बयान भी लिए गए।

फर्जीवाड़ा: विभाग को चूना लगाया, 2 अरेस्ट 

फर्जीवाड़ा: विभाग को चूना लगाया, 2 अरेस्ट 

राणा ओबरॉय 

चंडीगढ़। हरियाणा में बिजली विभाग के कर्मचारियों की अनोखी करतूत सामने आई है। यहां दो कर्मचारियों ने अपने ही विभाग को चूना लगाकर 2 करोड़ रुपए से ज्यादा का फर्जीवाड़ा कर दिया। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) में हुए इस घोटाले के आरोप में यमुनानगर पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

DSP अभिलक्ष जोशी ने बताया कि दिसंबर, 2021 और जनवरी, 2022 में यूएचबीवीएन में तैनात इंजिनियर कुलवंत सिंह पर बिजली विभाग ने आरोप लगाया था कि उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर डिपार्टमेंट को 2 करोड़ से ज्यादा का चूना लगाया है। शिकायत दर्ज होने पर मामले की जांच की गई तो सामने आया कि इन लोगों ने एक फर्म के साथ मिलकर 2 करोड़ 1 लाख 28 हजार रुपए का घोटाला किया है।

ऐसे किया घोटाला

बिजली विभाग के लिए काम करने वाली फर्मों की पेमेंट के लिए जो तरीका होता है, उनमें सबसे पहले बिलों के साथ जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं। फिर बिजली विभाग में सबसे पहले एचडीओ विभाग, फिर अकाउंट विभाग और उसके बाद एक्जीक्यूटिव इंजीनियर दस्तावेजों को वेरिफाई करता है। लेकिन इन कर्मचारियों ने एचडीओ विभाग को बाईपास कर दिया। जबकि अकाउंट डिपार्टमेंट में फर्जी तरीके से बिलों को वेरिफाई कर लिया। इस दौरान इंजिनियर के सरकारी फोन पर एक ओटीपी आया और इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया गया। 

फिलहाल, दोनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ में और खुलासे होने की संभावना है। आरोपी इंजिनियर कुलवंत सिंह इससे पहले पानीपत में पेंशन घोटाले में टर्मिनेट हो चुका है।

गिरिजा देवी का निधन, अंतिम संस्कार किया 

गिरिजा देवी का निधन, अंतिम संस्कार किया 

अकांशु उपाध्याय/दुष्यंत टीकम 

नई दिल्ली/सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की निवासी और देश की सबसे बुजुर्ग करदाताओं में शामिल गिरिजा देवी तिवारी के निधन के बाद राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया गया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. पंडित सिद्धनाथ तिवारी की पत्नी श्रीमती गिरजा देवी (120) देश की सबसे अधिक उम्र की करदाताओं में शामिल थीं। वे बीना विधानसभा की सबसे अधिक उम्र की मतदाता थीं।

उन्होंने कल अंतिम सांस ली थी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक आर्य के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके निवास पर पहुंचकर आज उन्हें राजकीय सम्मान से विदाई दी।

चुनाव: बीआरएस-कांग्रेस को हराएगी 'भाजपा'

चुनाव: बीआरएस-कांग्रेस को हराएगी 'भाजपा'

इकबाल अंसारी 

हनुमकोंडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस को हरा देगी।

मोदी ने आज वारंगल में करीब 6,100 करोड़ रुपये की बहु परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए कहा,“ भाजपा ने हैदराबाद में 2021 नगर निगम चुनाव में एक ट्रेलर दिखाया और अब, पार्टी अगले चुनाव में बीआरएस और कांग्रेस का सफाया करने जा रही है।

तेलंगाना हालांकि एक नया राज्य हो सकता है, लेकिन भारत के इतिहास में इसके लोगों का योगदान हमेशा महान रहा है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र की परियोजनाएं और पहल तेलंगाना को विभिन्न तरीकों से और सभी क्षेत्रों में लाभान्वित कर रही हैं।उन्होंने बीआरएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव पर निशाना साधते हुए कहा,“ केसीआर और उनके परिवार की वंशवाद की राजनीति घोटालों में डूबी हुई है।

” उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां ​​राज्य में केसीआर और उनके परिवार की भ्रष्टाचार प्रथाओं पर नजर रख रही हैं। इस अवसर पर तेलंगाना की राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई साउंडराजन, केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री, नितिन गडकरी, केंद्रीय पर्यटन मंत्री और नवनियुक्त तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी उपस्थित थे।

रायबरेली: गहरे पानी में डूबने से 5 बच्चों की मौत

रायबरेली: गहरे पानी में डूबने से 5 बच्चों की मौत

संदीप मिश्र

रायबरेली। लखनऊ से सटे रायबरेली जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां तालाब में नहाते समय गहरे पानी में डूब जाने से चार मासूम बच्चियों और एक बच्चे सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह मामला गदागंज थाना क्षेत्र में आने वाले बांसी रियासत गांव का है।

गांव के रहने वाले पांचों बच्‍चे तालाब में नहाने के लिए गए थे। उनकी मौत से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। इनकी पहचान रीतू 8 वर्ष, सोनम 10 वर्ष, वैशाली 12 वर्ष, रूपाली 9 वर्ष और 8 वर्षीय अमित के रूप में हुई है।

मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। सभी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। राजस्व कर्मियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है।

एससी के सामने 'लेटर ऑफ अर्जेंसी' पेश किया

एससी के सामने 'लेटर ऑफ अर्जेंसी' पेश किया

कविता गर्ग 

नई दिल्ली/मुंबई। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले समूह को ‘शिवसेना’ पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न देने के चुनाव आयोग के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए शिव सेना के उद्धव ठाकरे गुट ने शनिवार को भारत के सुप्रीम कोर्ट के सामने एक ‘लेटर ऑफ अर्जेंसी’ पेश किया।

अपनी याचिका में शिवसेना के उद्धव गुट ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला समूह शिवसेना के प्रतीक का ‘अवैध रूप से’ उपयोग कर रहा है।

पति व सास-ससुर के खिलाफ उत्पीड़न का केस

पति व सास-ससुर के खिलाफ उत्पीड़न का केस

मोनू खान 
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में शादी के चार माह बाद विवाहिता को परेशान करके घर से निकाल दिया गया है। इस बाबत अमेठी कोतवाली में पति और सास-ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया गया है।
अमेठी कोतवाली पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक,अमेठी कोतवाली क्षेत्र के टिकरी गांव के रहनेवाले मनोज कुमार सिंह ने बेटी आस्था की शादी फरवरी 2023 को प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थानाक्षेत्र के अमावां गांव के शिवम सिंह के साथ की थी। शादी में मायके के लोगों ने 5 लाख रुपये नकद के अलावा लाखों के जेवर दिए थे।
लेकिन विदाई के बाद से ही ससुराल के लोग आस्था से कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर आस्था को ससुराल के लोग परेशान करने लगे। इस मुद्दे पर दोनों परिवार के लोगों को क्षेत्र के संभ्रात लोगों ने समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन बात नहीं बनी।

यूएसए: फर्जी तरीके से दाखिला, सूची तैयार की

यूएसए: फर्जी तरीके से दाखिला, सूची तैयार की

अखिलेश पांडेय 

वाशिंगटन डीसी/न्यूयॉर्क। टैक्सास एवं न्यूयॉर्क की लगभग दो दर्जन अमेरिकन यूनिवर्सिटी में फर्जी तरीके से दाखिला लेने वाले छात्रों की सूची, अमेरिकी प्रशासन ने तैयार कर ली है। लगभग 1100 भारतीय छात्र 1 साल से अमेरिका में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। इन सभी ने वहां पर पार्ट टाइम जॉब के लिए रजिस्ट्रेशन भी करा लिया था। भारत के एक होटल में फर्जी तरीके से विभिन्न विश्वविद्यालयों की परीक्षा आयोजित कराई गई। जब इन छात्रों ने अमेरिका के कॉलेजों में दाखिला लिया। उसके बाद विश्वविद्यालय के सामने इनकी असलियत खुल गई।

जांच होने पर यह मामला उजागर हुआ है। इनमें से अधिकांश छात्र गुजरात के हैं। भारत में ऑनलाइन परीक्षा के नाम पर यह घोटाला किया गया। इस परीक्षा में हाईटेक तरीके से परीक्षा में फर्जीवाड़ा कराया गया था। होटल के कमरे में लैपटॉप और ब्लूटूथ की सहायता से परीक्षार्थियों से परीक्षा का नाटक कराया गया था। लैपटॉप के नीचे स्पाई कैमरे लगाए गए थे। ब्लूटूथ की बोर्ड से छात्र की ओर से आंसर लिख दिए जाते थे।

परीक्षा के दौरान अमेरिका में बैठे परीक्षकों को शक ना हो, इसके लिए छात्रों से कहा जाता था, कि वह परीक्षा के समय में टाइपिंग करने का नाटक की बोर्ड में करते रहें। फर्जी परीक्षा दिलाकर परीक्षार्थियों को अच्छे नंबर दिलाई जाते थे। लाखों रुपए परीक्षार्थियों से लेकर उनका एडमिशन विदेशों के कॉलेजों में कराया गया था। जब यह छात्र वहां पढ़ने गए, वहाँ इनका शिक्षा का स्तर बहुत कम था। इसके बाद विश्वविद्यालय ने इसकी जांच कराई,और मामला खुलकर सामने आया। अब अमेरिका से 1100 छात्रों को वापस भारत भेजा जा रहा है।

स्टंटबाजी हुईं बेकाबू, पुलिस के छूटे पसीने 

स्टंटबाजी हुईं बेकाबू, पुलिस के छूटे पसीने 

विजय भाटी 

गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्टंटबाजी ने पुलिस और प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर छा जाने की कोशिश में यूथ कुछ भी कर जाने को बेताब दिख रहे हैं। स्टंटबाजी का मामला भी पिछले दिनों काफी बढ़ा है।

रील्स और शॉर्ट वीडियो के जरिए यह मामला वायरल भी हो रहा है। हालांकि, गौतमनगर कमिश्नरेट इस मामले पर गंभीर है। नोएडा पुलिस की ओर से स्टंटबाजी की घटनाओं में कार्रवाई भी हो रही है। लेकिन, इस पर रोक लगाने में पुलिस कामयाब नहीं हो पा रही है। अब तो पुलिस की टेंशन और बढ़ने वाली है। 

लड़कों के साथ-साथ लड़कियों ने भी स्टंटबाजी शुरू कर दी है। इस प्रकार के मामले अब सामने आने लगे हैं।

त्रिदिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया 

त्रिदिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया 


सी.एस.एच.पी.पब्लिक स्कूल में त्रिदिवसीय पुस्तक मेले का हुआ आयोजन

पुस्तकें हमारी अच्छी मित्र और ज्ञान विज्ञान का भण्डार होती हैं- सविता गुप्ता

विद्यालय के इस प्रयास से छात्रों का आकर्षण पुस्तकों की ओर बढ़ेगा- ममता शर्मा

प्रवीण आर्य 

गाजियाबाद। शनिवार को सी.एस.एच.पी. पब्लिक स्कूल, प्रताप विहार में त्रिदिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। यह पुस्तक मेला 6 से 8 जुलाई तक चला।

दीक्षा बुक्स पब्लिकेशन की ओर से आयोजित इस पुस्तक मेले में सभी स्तर के छात्रों के लिए यथेष्ठ सामग्री उपलब्ध थी। सभी पुस्तक स्टॉल बड़े आकर्षक ढंग से सजे हुए थे जिनमें इतिहास,ज्ञान, विज्ञान,साहित्य,यात्रा,धर्म,भाषा, जीवन- मूल्य आदि विषयों पर पुस्तकें उपलब्ध थी। 

पुस्तक मेले का उद्घाटन विद्यालय निर्देशिका श्रीमती सविता गुप्ता,विद्यालय प्रबंधक श्रीमान तुषार गुप्ता एवं विद्यालय प्रधानाचार्या सुश्री ममता शर्मा द्वारा किया गया। सभी छात्रों ने पुस्तक मेले में बढ़चढ़ कर भाग लिया और स्वरुचि अनुसार पुस्तकों का चयन कर भरपूर लाभ उठाया। विद्यालय निर्देशिका सविता गुप्ता ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पुस्तकें अनमोल होती हैं।ये हमारी अच्छी मित्र है, क्योंकि पुस्तकें ज्ञान- विज्ञान का भंडार होती हैं।

प्रबंधक तुषार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में यह आवश्यक है कि हम पुस्तकों का प्रयोग बढ़ाएं। उनके अध्ययन में रुचि लें ताकि उनसे अधिकाधिक लाभ उठा सकें। सुश्री ममता शर्मा (प्रधानाचार्या) ने कहा कि पुस्तकें हमारे लिए वरदान हैं। छात्र सामान्य रूप से शैक्षणिक पुस्तकों का अध्ययन करता है। किंतु, पुस्तक मेले में उनकी स्वरूचि के अनुसार उपलब्ध पुस्तकों द्वारा छात्र अपने पठन कौशल का विकास कर सकता है,जो धीरे- धीरे छात्रों में कम होता जा रहा है।

विद्यालय के इस प्रयास से छात्रों का आकर्षण पुस्तकों की ओर बढ़ेगा। उन्होंने आगामी समय में भी और बड़े स्तर पर पुस्तक मेले के आयोजन का विश्वास दिलाया। मीडिया प्रभारी प्रवीण आर्य ने कहा कि इस तरह के पुस्तक मेले समय समय पर लगते रहने चाहिए, जिससे विद्यार्थी लाभान्वित हो सकेंगे।

धोखा: प्रेमिका ने प्रेमी को नदी में धक्का दिया 

धोखा: प्रेमिका ने प्रेमी को नदी में धक्का दिया 

संतलाल मौर्य 

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के मिर्जापुर क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका के सामने नदी में कूदने का ड्रामा करना युवक को भारी पड़ गया। प्रेमिका ने मजाक में प्रेमी को धक्का दे दिया। पुल से नीचे नदी में गिरे युवक को आसपास के लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। युवक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रेमिका और उसकी बहन को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

मामला शनिवार सुबह करीब नौ बजे कोलाघाट पुल का है। मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम उदयपुर भूड़ा की एक युवती अपनी बहन के मंगेतर के साथ बाइक से जलालाबाद जा रही थी। कोलाघाट पुल पर जलालाबाद के मालूपुर गांव का रहने वाला युवती का प्रेमी मिला। प्रेमी युवक शादीशुदा है। पुल पर खड़े होकर तीनों लोग कुछ बातचीत कर रहे थे।

प्रेमी बोला- मैं तेरे लिए जान दे दूंगा 

प्रेमी ने प्रेमिका से कहा कि वह उसके लिए रामगंगा में कूदकर जान दे देगा। ऐसा कहते हुए वह पुल की रेलिंग पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को ड्रामा करते देखकर युवती ने उसे धक्का दे दिया। प्रेमी युवक पुल से सीधा नदी में जाकर गिरा। प्रेमी को नदी में डूबता देख प्रेमिका ने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग जुट गए। कुछ लोगों ने उसे नदी में कूदकर बचा लिया।

सूचना पर पहुंची थाना मिर्जापुर पुलिस रामगंगा में गिरे युवक को सीएचसी जरीनपुर लेकर आई। यहां से उसे फर्रुखाबाद के जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। युवती और उसकी बहन के मंगेतर को मिर्जापुर थाने की पुलिस अपने साथ थाने ले आई। इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि धक्का देने वाली युवती का कहना था कि वे दोनों मजाक कर रहे थे।

रिज़वी को महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया 

रिज़वी को महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया 


शाहिद लगातार चौथी बार बने समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के महानगर अध्यक्ष

बृजेश केसरवानी 

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शकील नदवी (पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार) ने प्रयागराज से शाहिद अब्बास रिज़वी 'प्रधान' को समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा का महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया। इनका मनोनयन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की संस्तुति पर अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी ने किया।महानगर मीडिया प्रभारी सैय्यद मोहम्मद अस्करी के अनुसार शाहिद अब्बास रिज़वी को लगातार चौथी बार यह ज़िम्मेदारी दी गई।

पहले प्रदेश अध्यक्ष स्व फिदा हुसैन ने उसके बाद स्व हाजी रेयाज़ अहमद ने फिर लगातार दो कार्यकाल से प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी ने शाहिद के कार्यों को देखते हुए यह ज़िम्मेदारी दी। इनके मनोनयन पर सपा नेताओं ने बधाई दी और इनके उज्जवल भविष्य की कामना की।बधाई देने वालों में महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन , पूर्व महानगर अध्यक्ष अब्दुल सलमान ,नगर महासचिव रवीन्द्र यादव रवि , पूर्व प्रदेश सचिव मोहम्मद शारिक़, वरिष्ठ सपा नेता महबूब उस्मानी ,महानगर मीडिया प्रभारी सैय्यद मोहम्मद अस्करी , निर्वतमान ज़िलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा सैफ फरीदी ,पार्षद अब्दुल समद ,पूर्व पार्षद निज़ामुद्दीन, पूर्व उपाध्यक्ष शबी हसन शाहरुक़, पूर्व नगर सचिव ज़ामिन हसन ,सुफियान मो. आसिफ ने शाहिद प्रधान को बधाई दी।

रुद्राभिषेक: 15 को मनाईं जाएगी 'महाशिवरात्रि' 

15 जुलाई को सावन शिवरात्रि, जानिए महत्व 


सरस्वती उपाध्याय 

10 जुलाई को सावन का पहला सोमवार पड़ रहा है। 59 दिनों के इस सावन महिने में शश योग, गजकेसरी योग, बुध व शुक्र के संयोग से लक्ष्मी नारायण योग और सूर्य व बुध की युति से बुधादित्य राजयोग का निर्माण होगा। वही, 15 जुलाई शनिवार को सावन शिवरात्रि है। इस दिन 2 बड़े ही दुर्लभ संयोग बन रहे है, जिसका कई जातकों को बहुत ही शुभ फल मिलेगा।

कहते है, सावन शिवरात्रि के दिन भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने पर विशेष फल प्राप्त होता है।


मासिक शिवरात्रि पर बनेंगे 2 योग

पंचांग के अनुसार,  सावन की शिवरात्रि कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन पड़ती है, इस साल 15 जुलाई 2023, शनिवार के दिन चतुर्दशी तिथि पड़ेगी,चतुर्दशी तिथि को त 8:32 बजे चतुर्दशी तिथि का आरंभ हो जाएगा और 16 जुलाई रात 10:08 बजे इसका इस बार सावन शिवरात्रि पर दो शुभ योग बन रहे हैं, जिसमें वृद्धि और ध्रुव योग शामिल हैं। वही इस दिन मृगशिरा नक्षत्र भी बन रहा है। इस दौरान भोलेनाथ की पूजा करना बेहद फलदायी होगा।इसका लाभ कुंभ, मीन, कर्क वृश्चिक राशि के जातकों के लिए बहुत ही फलदायी होगा।

पंचांग के अनुसार, सावन शिवरात्रि के दिन शनि प्रदोष का होना बहुत अद्भुत संयोग है। संतान प्राप्ति की कामना और शनि दोष से मुक्ति के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण तिथि है। इस दिन व्रत करने और भगवान शिव और शनिदेव की पूजा र्चना करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और शनि का प्रभाव यानी साढ़ेसाती, ढैय्या और शनि महादशा के दुष्प्रभावों में कमी आती है। इस पूरे सावन में 8 सोमवार व्रत और 4 एकादशी पड़ेगी।वही 18 जुलाई से लेकर 16 अगस्त तक सावन अधिकमास या मलमास रहेगा। इसे पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है।


राशि के अनुसार करें ऐसे पूजा


मेष राशि के जातक जल में चंदन, गुड़हल फूल और गुड़ मिलाकर शिव का अभिषेक करें। वृषभ राशि के जातक गाय के दूध से महादेव का अभिषेक करें। मिथुन राशि के जातक जल में दही मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करें।

कर्क राशि के जातक आशीर्वाद पाने के लिए गाय के दूध में भांग मिलाकर महादेव का अभिषेक करें। चंदन और पुष्प अर्पित करें।सिंह राशि के जातक जल में लाल पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक करें। कन्या राशि के जातक गन्ने के रस में काले तिल मिलाकर महादेव का अभिषेक करें। भगवान शिव को भांग, धतूरा, मदार के फूल अर्पित करें।

तुला राशि के जातक भगवान शिव का आशीर्वाद पाने हेतु सावन शिवरात्रि पर गाय के दूध में मिश्री डालकर भगवान शिव का अभिषेक करें। महादेव को चंदन, अखंडित चावल और दूध अर्पित करें। वृश्चिक राशि के जातक सावन शिवरात्रि पर जल में बेलपत्र, शहद और सुगंध मिलाकर महादेव का अभिषेक करें।

धनु राशि के जातक भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए जल में केसर मिलाकर महादेव का अभिषेक करें। साथ ही केसर मिश्रित खीर भोग में अर्पित करें। मकर राशि के जातक भगवान शिव की विधिवत पूजा करें। पूजा के दौरान भगवान शिव को भांग, धतूरा, बेलपत्र आदि चीजें अर्पित करें।

कुंभ राशि के जातक गन्ने के रस में शहद और सुगंध मिलाकर अभिषेक करें। साथ ही शिव चालीसा का पाठ शिव मंत्र का जाप करें।मीन राशि के जातक सावन शिवरात्रि पर गन्ने के रस में केसर मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करें। पूजा के समय सभी जातक ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें।

शिवरात्रि पर करें ये खास उपाय, मिलेगा लाभ

धन की प्राप्ति के लिए दूध, दही, शहद, शक्कर और घी से भगवान शिव का अभिषेक करें और फिर जल धारा अर्पित कर प्रार्थना करें। संतान के लिए शिव लिंग पर घी अर्पित कर जल की धारा अर्पित करें और प्रार्थना करें ।विवाह के लिए शिवलिंग पर 108 बेल पत्र अर्पित करें और हर बेल पत्र के साथ “नमः शिवाय” का जाप करें।


सावन शिवरात्रि 15 जुलाई 2023 दिन शनिवार

त्रयोदशी तिथि का प्रारंभ – 14 जुलाई, शाम 7 बजकर 18 मिनट से

त्रयोदशी तिथि का समापन – 15 जुलाई, रात 8 बजकर 33 मिनट तक

चतुर्दशी तिथि का प्रारंभ – 15 जुलाई, रात 8 बजकर 33 मिनट से

चतुर्दशी तिथि का समापन – 16 जुलाई, रात 10 बजकर 9 मिनट तक।

आचार संहिता उल्लंघन मामलें की जांच पर रोक

आचार संहिता उल्लंघन मामलें की जांच पर रोक

इकबाल अंसारी 

बेंगलुरु। कर्नाटक उच्च न्यायालय ने राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा के खिलाफ दर्ज आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन मामले की जांच पर रोक लगा दी है।

नड्डा पर मई 2023 में विजयनगर के हरपनहल्लि शहर में पार्टी के प्रचार अभियान के दौरान मतदाताओं को कथित तौर पर प्रलोभन देने वाला भाषण देने का आरोप है। न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्न की एकल पीठ ने नड्डा की उनके खिलाफ दायर मुकदमे को रद्द करने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई की और शुक्रवार को जांच पर रोक लगाते हुए एक अंतरिम आदेश दिया।

निर्वाचन सतर्कता प्रभाग के अधिकारियों ने हरपनहल्लि पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी कि भाषण मतदाताओं को प्रलोभन देने और उन्हें धमकाने के लहजे में दिया गया था। उसने यह भी कहा कि नड्डा ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया था। नड्डा ने मामले की जांच रद्द करने का अनुरोध करते हुए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।

शरारती तत्वों ने मूर्ति खंडित की, आक्रोश फैला

शरारती तत्वों ने मूर्ति खंडित की, आक्रोश फैला 

भानु प्रताप उपाध्याय 

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में चरथावल क्षेत्र के गांव कसौली में शरारती तत्वों ने बाबा कालूराम कश्यप की मूर्ति खंडित कर दी। इससे लोगों के बीच आक्रोश फैल गया है। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

कसौली में स्थापित मूर्ति खंडित किए जाने की जानकारी मिलते ही लोगों के बीच रोष फैल गया। थाना प्रभारी आईपीएस अभिजीत कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने नई मूर्ति स्थापना का आश्वासन दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। चरथावल क्षेत्र में इससे पहले भी मूर्तियों को खंडित करने के मामले सामने आए हैं।

अगले 4-5 दिनों तक भारी बारिश की संभावना

अगले 4-5 दिनों तक भारी बारिश की संभावना

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। यूपी, एमपी, गुजरात, हरियाणा के कई जिलों में जनजीव अस्त-व्यस्त है। बारिश की वजह से कहीं सड़कें धंस गई हैं, तो कई जगहों पर लोग अपने घर में ही फंस गए। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर भारत में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। कई राज्यों में बारिश की वजह से येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।साथ ही लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी भी दी है।

आईएमडी के अनुसार जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 8 से 9 जुलाई तक झमाझम बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा केरल के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार को मौसम विभाग ने उत्तरी भारत में अगले चार से पांच दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी द्वारा जारी चेतावनी के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों तक उत्तरी भारत में जबर्दस्त बरसात हो सकती है। 

इसके अलावा अन्य राज्यों में भी सक्रिय मॉनसून का असर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर भारत के लोगों को भारी बारिश को लेकर एहतियात बरतने का निर्देश भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आठ से नौ जुलाई तक जोरदार बरसात की चेतावनी है। इसके लिए तैयार रहें और बचाव के लिए जरूरी उपाय करके रखें। उधर कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में शुक्रवार तड़के भूस्खलन में एक महिला की मौत हो गई जबकि उडुपी जिले में एक पेड़ गिरने से एक बाइक सवार व्यक्ति की जान चली गई। 

इसके बाद इन दोनों तटीय जिलों में बारिश के कारण हुए हादसों में इस हफ्ते जान गंवाने वालों की संख्या आठ हो गई है।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुक स्थित सजिपमुन्नूर गांव के नंदवारा में भारी बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा एक घर पर गिर गया, जिससे एक महिला की मौत हो गई। उसने बताया कि महिला की पहचान मोहम्मद नामक व्यक्ति की पत्नी जरीना (47) के रूप में हुई। इससे पहले उनकी बेटी सफा (20) को अग्निशमन एवं बचाव विभाग के कर्मियों और पुलिस ने मलबे से निकाल लिया था।

उडुपी जिले में अन्य घटना में, एक बड़ा पेड़ एक बाइक सवार पर गिर पड़ा जिससे उसकी मौत हो गई। वह गुरुवार रात करकला-पडुबिद्री राज्य राजमार्ग पर बेलमन शहर से गुजर रहा था तभी उसकी बाइक पर पेड़ गिर पड़ा।

 सूत्रों ने बताया कि एक अन्य घटना में, उडुपी के पास कल्लियाणपुरा-संथेकट्टे जंक्शन पर राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर निर्माणाधीन अंडरपास का एक हिस्सा बुधवार रात लगातार बारिश के कारण ढह गया। वहीं, वन विभाग ने शुक्रवार से दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलथांगडी तालुक में गदाई कल्लू में ट्रैकिंग पर प्रतिबंध लगा दिया है। क्योंकि पहाड़ी तक जाने वाला रास्ता फिसलन भरा हो गया है।

बस व क्रूजर जीप के बीच टक्कर, 8 की मौत

बस व क्रूजर जीप के बीच टक्कर, 8 की मौत

राणा ओबरॉय 

जींद। जींद भिवानी मार्ग पर बीबीपुर गांव के पास रोडवेज की बस तथा क्रूजर जीप के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में लगभग 8 लोगों की मौत हो गई।जबकि एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घटना के बाद हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट के अनुसार भिवानी डिपो की एक बस सुबह 9:30 बजे जींद बस स्टैंड से निकली, जब वह बीबीपुर गांव के पास पहुंची तभी एक क्रूजर जीप से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भयंकर थी कि हादसे में क्रूजर जीप के परखच्चे हो गए। नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ राजेश भोला ने कहा कि सभी चिकित्सकों को तुरंत नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में पहुंचने के लिए कहा गया है। घायलों का इलाज किया जा रहा है।

बिजली विभाग के एक्शन का घेराव, नारेबाजी 

बिजली विभाग के एक्शन का घेराव, नारेबाजी 


गाजियाबाद के लोनी में बवाल: लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ किया हंगामा, कहा- मनमानी नहीं चलने देंगे 

इकबाल अंसारी  

गाज़ियाबाद/लोनी। गाजियाबाद के लोनी स्थित साईं गार्डन कॉलोनी के लोगों ने बिजली विभाग के एक्शन का घेराव कर नारेबाजी की। स्थानीय लोग अपनी बिजली से संबंधित समस्या को लेकर टीला शहबाजपुर बिजली घर पहुंचे। 

लोगों ने अधिकारी का मौके पर घेराव कर लिया और नारेबाजी कर एक्शन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। 

एक्शन के सामने गुस्साए लोगों ने लगाए नारे

लोनी विधानसभा की साईं गार्डन कॉलोनी के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। साईं गार्डन में रहने वाले लोग बिजली की समस्या से जूझ रहे है। कालोनी के निवासियों का आरोप है कि वे सभी जगह पर अपनी फरियाद लगा कर थक चुके है। समस्या का समाधान नहीं होने पर आज कॉलोनीवासी बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोनी स्थित बिजलीघर में पहुंचे और एक्शन का घेराव कर उसके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। 

स्थानीय लोगों का आरोप

बिजली विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कॉलोनी वासियों ने बताया कि वह नगर पालिका के सभासद से लेकर लोनी विधायक तक अपनी फरियाद लगा चुके है। कई महिने के बाद भी उन्हें केवल आश्वासन दिया जा रहा है। थक हारकर भयंकर गर्मी में परेशान होकर प्रदर्शन को मजबूर है। स्थानीय महिला सुनीता का आरोप है कि कॉलोनी में लाइन बिछाने के लिए कालोनीवासियों से 12 से 15 लाख रुपये एस्टीमेट के नाम पर मांगे जा रहे है। जिसे कॉलोनी के लोग जमा करने में सक्षम नहीं है। इसी के साथ बिजली के मीटर लगाने के लिए भी 20 से 40 हजार रुपये की मांग करते है।

कॉलोनी को अवैध बताया

शाहबाजपुर बिजली घर के एक्शन का कहना है कि साईं गार्डन कॉलोनी अनाधिकृत रूप से बनाई गई है। कॉलोनी को बनाने वाले कालोनाईजर कॉलोनी को बेचकर चले गए है। अब यहां बिजली से संबंधित कई प्रकार की समस्याओं का लोगों को सामना करना पड़ रहा है।

2 करोड़ की भूमि को कब्जा मुक्त कराया: यूपी

2 करोड़ की भूमि को कब्जा मुक्त कराया: यूपी 

माफिया पर चला पीला पंजा: गाजियाबाद निगम की करोड़ों की भूमि मुक्त, मुकदमे की तैयारी 

अश्वनी उपाध्याय  

गाज़ियाबाद/लोनी। महापौर के निर्देश पर नगर निगम की दो करोड़ों रुपये की भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। इस दौरान गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल ने दोषी भू माफियाओं पर मुकदमा दर्ज करने के भी निर्देश दिए है। 

बुलडोजर चलाकर खाली कराई सरकारी भूमि

आज शुक्रवार सुबह  महापौर सुनीता दयाल के आवास पर  डूंडाहेड़ा गाँव के लोग मिलने आए  उनके द्वारा महापौर को बताया गया कि कुछ भूमाफियाओं द्वारा नगर निगम की सरकारी भूमि पर कब्जा किया जा रहा है, उक्त सूचना पर महापौर ने तत्काल अधिकारियों से वार्ता कर संपत्ति विभाग की टीम  मौके पर भेजी, ग्राम डूण्डाहैडा के खसरा नंबर 306 की भूमि पर अधिकारीगण पहुँचे एवं श्याम लाल पुत्र मामचंद निवासी रिछपाल गढ़ी द्वारा निगम की भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। 

निगम की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को मौके पर जाकर संपत्ति प्रकोष्ठ द्वारा जेसीबी मशीन से हटा दिया गया। उक्त खाली कराई गई भूमि 500 वर्ग मीटर है, जिसकी कीमत दो करोड़ रुपए से अधिक है। साथ ही महापौर ने संपत्ति प्रभारी को भूमाफियाओं के विरुद्ध एफआईआर करने के भी निर्देश दिए। अवैध कब्जा करने वाले दोषी व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण


1. अंक-266, (वर्ष-06)   पंजीकरण:- UPHIN/2010/57254

2. रविवार, जुलाई 9, 2023

3. शक-1944, श्रावण, कृष्ण-पक्ष, तिथि-सप्तमी, विक्रमी सवंत-2079‌‌।

4. सूर्योदय प्रातः 05:18, सूर्यास्त: 07:13। 

5. न्‍यूनतम तापमान- 19 डी.सै., अधिकतम- 33+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेगी।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है। 

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु  (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसैन पंवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102। 

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...