गुरुवार, 22 सितंबर 2022

27 सितंबर को 'जापान' की यात्रा पर जाएंगे, पीएम 

27 सितंबर को 'जापान' की यात्रा पर जाएंगे, पीएम 

अकांशु उपाध्याय/सुनील श्रीवास्तव 

नई दिल्ली/टोक्यो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 सितंबर को जापान की यात्रा पर जाएंगे, जहां वह पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जापान के सबसे अधिक समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले शिंजो आबे की आठ जुलाई को पश्चिमी इलाके में चुनावी कार्यक्रम के दौरान एक हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने साप्तहिक प्रेस वार्ता में बताया कि शिंजो आबे का राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम है और यह बेहद मित्रवत देश में है। उन्होंने कहा कि यह काफी अच्छा है कि प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) अपने व्यस्त कार्यक्रम में से समय निकालकर वहां जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह निजी संबंधों का भी विषय हो सकता है। लेकिन मेरे लिये इस पर कोई टिप्पणी करना ठीक नहीं है।’’ प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से अलग से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी और आबे के बीच काफी निकटता रही थी । आबे के निधन पर शोक प्रकट करते हुए मोदी ने उन्हें ‘प्रिय मित्र’ से संबोधित किया था और कहा था कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री ने दुनिया को बेहतर स्थान बनाने के लिये अपना जीवन समर्पित कर दिया।

ईश्वर की पूजा करने का हमारा तरीका अलग: इलियासी 

ईश्वर की पूजा करने का हमारा तरीका अलग: इलियासी 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। अखिल भारतीय इमाम संगठन के प्रमुख उमर अहमद इलियासी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात के बाद कहा कि हमारा डीएनए एक ही है, केवल ईश्वर की पूजा करने का हमारा तरीका अलग है। 

इलियासी ने भागवत को राष्ट्रपिता भी बताया और कहा कि आरएसएस प्रमुख ने उनके निमंत्रण पर उत्तरी दिल्ली में मदरसा ताजवीदुल कुरान का दौरा किया था और वहां बच्चों के साथ बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि सभी मानते हैं कि राष्ट्र पहले आता है।

छात्राओं के शारीरिक 'उत्पीड़न' की शर्मनाक घटना

छात्राओं के शारीरिक 'उत्पीड़न' की शर्मनाक घटना 

अमित शर्मा 

भरतपुर। पंजाब के एक गर्ल्स होस्टल में छात्राओं के शारीरिक उत्पीड़न की शर्मनाक घटना के बाद अब भरतपुर में भी मल्लखंभ की महिला खिलाड़ियों के कथित शारीरिक उत्पीड़न की शर्मनाक घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भरतपुर में मल्लखंभ एकेडमी संभाल रहे मलखंभ फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रमेश इन्दोलिया के खिलाफ सात लड़कियों और एक युवक ने शारीरिक उत्पीड़न की शिकायत दिल्ली मल्लखंभ फेडरेशन में की है।

गौरतलब है कि इन्दोलिया के खिलाफ मई, जून में शिकायतों का दौर शुरू हुआ था जिसके बाद मल्लखंभ की सात महिला खिलाड़ियों और एक युवा खिलाड़ी ने इन्दोलिया के खिलाफ शारीरिक उत्पीड़न की शिकायत दी है। बताया गया है कि 18 सितंबर को दिल्ली में मल्लखंभ फेडरेशन की एक बैठक में यह मुद्दा उठने के बाद इन्दोलिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इन्दोलिया का कहना है कि उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है जिसमे भारतीय जनता पार्टी के एक नेता का भी हाथ है। उन्होंने इस नेता के नाम का खुलासा नही किया है। इस शर्मनाक एवं सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद मल्लखंभ फेडरेशन ने सभी शिकायतों को लेकर एक कमेटी का गठन किया है।

सहयोग व सेवा को भारतीय संस्कारों का हिस्सा बताया 

सहयोग व सेवा को भारतीय संस्कारों का हिस्सा बताया 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्री मनसुख मांडविया ने सहयोग और सेवा को भारतीय संस्कारों का हिस्सा बताते हुए गुरुवार को कहा कि आबादी तक पहुंचने के लिए नवाचार और प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। मांडविया ने आज यहां भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के राज्य स्तरीय नेतृत्व सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में हाल ही में कोविड महामारी के दौरान देखी गई स्वास्थ्य सुविधाओं में हुई प्रगति के बारे में दुनिया भर में चर्चा है।केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हम हमेशा अन्य देशों के स्वास्थ्य सेवा मॉडल देखकर रोमांचित होते रहे हैं, लेकिन कोविड ने हमारी व्‍यवस्‍था की ताकत दर्शायी और उन्नत देशों की इस संबंध में कमजोरियों को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि भारत ने न सिर्फ कोविड का सफल क्षेत्रीय मॉडल के साथ प्रबंधन किया, बल्कि वैक्सीन मैत्री के तहत दवाओं और टीकों की आपूर्ति के रूप में कई देशों को अंतरराष्ट्रीय सहायता भी प्रदान की।

यह प्रशंसनीय है कि भारतीय दवाएं गुणवत्ता में कम साबित नहीं हुई और न ही उनकी कीमतें बढ़ाकर स्थिति का फायदा उठाया गया। यह ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के दर्शन के प्रति भारत की गहरी आस्था दर्शाता है। श्री मांडविया ने अनूठे उद्यम अपनाने और आईआरसीएस के कामकाज के दायरे का विस्तार करने के लिए उपस्थित लोगों से सुझाव मांगे। उन्होंने कहा, “सेवा और सहयोग हमारी विरासत का हिस्सा हैं और वे हमारे संस्कार का एक अभिन्न अंग हैं।

ये भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के आदर्श वाक्य को भी रेखांकित और परिभाषित करते हैं जो जरूरत और आपात स्थिति में मानवता की सेवा और सहायता के प्रति अपने काम के लिए जाना जाता है।” श्री मांडविया ने कहा कि रेड क्रॉस लोगों के बीच उम्‍मीद और आशा की किरण के तौर पर पहचाना जाता है। यह भरोसे और सुनिश्चित उपस्थिति का प्रतीक है। लेकिन उन्होंने आगाह किया कि अगर आईआरसीएस बदलते समय के साथ तालमेल नहीं बिठाता तो इसकी प्रासंगिकता और पहचान खो सकती है। उन्‍होंने कहा कि आईआरसीएस को अपनी ताकत और कमजोरियों पर आत्मनिरीक्षण करने और समय के साथ बदलती भूमिका को अपनाने तथा इसके लिए खुद को फिर से परिभाषित करने की एक कार्य योजना तैयार करने की आवश्यकता है।

इसके लिए संरचनात्मक और संगठनात्मक संरचनाओं के बारे में गहरी समझ बनाने, आईआरसीएस क्षेत्रीय केंद्रों के कामकाज में अनुशासन पर ध्यान देने, नियुक्तियों में पारदर्शिता बरतने, बेहतर शिकायत निवारण तंत्र बनाने और अन्य बातों के साथ-साथ जन-केंद्रित गतिविधियों के लिए डिजिटल तकनीक का बेहतर उपयोग करने की आवश्यकता है।

बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के कार्यों की प्रगति, जानकारी 

बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के कार्यों की प्रगति, जानकारी 

अकांशु उपाध्याय/पंकज कपूर 

नई दिल्ली/देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भविष्य में तीर्थ यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा। श्रीकेदारनाथ धाम के निकटवर्ती जगह भी आध्यात्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने होंगे।

धामों के आसपास के क्षेत्र मॉडल रूप में बनाएं...
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार को वर्चुअल माध्यम से श्रीबदरीनाथ एवं श्रीकेदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। पीएम मोदी ने कहा कि बदरीनाथ के साथ आसपास के क्षेत्रों को मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए भी योजना बनाएं। माणा गांव और आसपास के क्षेत्रों को रूरल टूरिज्म के लिए विकसित करने की दिशा में भी ध्यान दिया जाए।

वासुकिताल, गरूड़ चट्टी, लिंचोली का प्लान बनाएं...
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रामबाड़ा और केदारनाथ के बीच श्रद्धालुओं को ठहरने एवं कौन सी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकती हैं, इस ओर भी ध्यान दिया जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि वासुकिताल, गरूड़ चट्टी, लिंचोली और उनके आस-पास श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक दृष्टि से क्या किया जा सकता है, इसका पूरा प्लान तैयार किया जाए। इनमें स्थानीय कल्चर एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ईकोनॉमी का अच्छा मॉडल बनाया जा सकता है।

दिसम्बर 2023 तक कार्य पूरे करने का लक्ष्य : सीएम...
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में श्रीबदरीनाथ एवं श्रीकेदारनाथ में पुनर्निमाण के कार्य तेजी से चल रहे हैं। दिसम्बर 2023 तक सभी कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस साल अभी तक 35 लाख से अधिक पंजीकृत श्रद्धालु चारधाम यात्रा में आ चुके हैं।

मुख्य सचिव ने दिया कार्यों का प्रजेंटेशन...
मुख्य सचिव डॉ एसएससंधु ने श्री केदारनाथ एवं श्री बद्रीनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों का प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ में प्रथम चरण के पुननिर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। द्वितीय चरण में 188 करोड़ रूपये के 21 कार्य किये जा रहे हैं। जिनमें से 03 कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं, 06 कार्य दिसम्बर 2022 तक पूर्ण हो जायेंगे। अवशेष 12 कार्यों को जुलाई 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। गौरीकुण्ड में गेट का निर्माण किया जा चुका है। संगम घाट का कार्य जून 2023 तक पूर्ण किया जायेगा। ईशानेश्वर टेम्पल का कार्य भी एक माह में पूर्ण हो जायेगा। शीश नेत्र लेक एवं बद्रीश लेक का कार्य 03 माह में पूर्ण हो जायेगा। रिवर डेवलपमेंट प्रोजक्ट का कार्य जून 2023 तक पूर्ण हो जायेगा।

समस्याओं के निदान हेतु प्रशिक्षण आयोजित: देवरिया 

समस्याओं के निदान हेतु प्रशिक्षण आयोजित: देवरिया 

हरिशंकर त्रिपाठी 

देवरिया। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के क्रियान्वयन में कोषागारों एवं आहरण वितरण अधिकारियों को एन०पी०एस० निकासी एवं एन०पी०एस० से प्रत्याहरण आदि समस्याओं के निदान हेतु विकास भवन के गांधी सभागार में प्रशिक्षण आयोजित हुआ। वरिष्ठ कोषाधिकारी कुलदीप सरोज ने बताया कि अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन गोरखपुर मण्डल गोरखपुर के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के क्रियान्वयन में कोषागारों एवं आहरण वितरण अधिकारियों को एन०पी०एस० निकासी एवं एन०पी०एस० से प्रत्याहरण आदि समस्याओं के निदान हेतु इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है।

प्रशिक्षण में उपस्थित समस्त आहरण वितरण अधिकारियों को एनपीएस से संबंधित आ रहे समस्याओं को दूर करने के लिए तकनीको से अवगत कराया। प्रशिक्षण में जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कांत राय सहित समस्त विभागों के आहरण वितरण अधिकारी मौजूद थे।

चेयरमैन अंजू ने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया 

चेयरमैन अंजू ने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया 

भानु प्रताप उपाध्याय 

मुजफ्फरनगर। शासन और प्रशासन के साथ शुरुआत से ही दो-दो हाथ कर रही नगर पालिका परिषद की चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने भारी मन से अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। इस बात का ऐलान अंजू अग्रवाल ने आज नगर पालिका परिषद में सभासदों के बीच पहुंचकर किया है। अंजू अग्रवाल का चेयरमैन पद से इस्तीफे का ऐलान, जानिये क्या रही वजह ? बृहस्पतिवार को कांग्रेस के टिकट पर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन निर्वाचित हुई अंजू अग्रवाल ने शासन के फैसलों से आहत होकर भारी मन से पालिका अध्यक्ष का पद छोड़ने का फैसला किया है। नगर पालिका परिषद में बुलाए गये सभासदों के बीच पहुंची अंजू अग्रवाल ने चेयरमैन का पद छोडने का ऐलान किया है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने 15 करोड़ रुपए का नुकसान झेलने वाली मुजफ्फरनगर की नगर पालिका परिषद को 32 करोड़ के लाभ वाली नगरपालिका बना दिया है।

शहर के विकास के लिए वह लगातार भागदौड़ करते हुए लोगों को विभिन्न सुविधाये दिलाने के लिये हर संभव प्रयास कर रही थी। लेकिन शहर का एक संगठित गिरोह उन्हें पालिका को आगे बढ़ाने के काम नहीं करने दे रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के संगठित गिरोह द्वारा की गई भागदौड़ के बाद उनके अधिकारों पर लगाया गया प्रतिबंध हाईकोर्ट के फैसले के बाद बहाल हो गया था। लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें चेयरमैन के अधिकार अभी तक नहीं दिए गए हैं। जिससे आहत होकर वह नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष पद छोड़ रही है।

भगौड़े इकबाल के ऊपर इनाम बढ़ाने की तैयारी 

भगौड़े इकबाल के ऊपर इनाम बढ़ाने की तैयारी 

भानु प्रताप उपाध्याय 

सहारनपुर। खनन माफिया के तौर पर अकूत धन संपत्ति इकट्ठा करने के बाद फर्जी कंपनियों के आधार पर बसपा की मायावती सरकार में चीनी मिले खरीदकर सुर्खियों में आए वांछित भगौड़े पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के ऊपर अब पुलिस द्वारा इनाम बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही खनन कारोबारी के ऊपर इनाम की राशि बढ़कर 50,000 रुपए हो जाएगी। अभी तक भगौड़े पूर्व एमएलसी के ऊपर 25000 रूपये का इनाम घोषित है।  बृहस्पतिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने बताया कि पूर्व एमएलसी एवं खनन कारोबारी हाजी इकबाल के ऊपर 50000 रूपये का इनाम किए जाने की संस्तुति करके डीआईजी के पास फाइल भेजी गई है। अब डीआईजी की भेजी गई उस संस्तुति के ऊपर मोहर लगनी बाकी रह गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि खनन माफिया हाजी इकबाल की तलाश में पुलिस के अलावा अन्य एजेंसियां लगातार लगी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि पूर्व एमएलसी भारत को छोड़कर अब दुबई या फिर अन्य किसी देश में भाग गया है। फिर भी पुलिस द्वारा भगौड़े कारोबारी की तलाश में लगातार भागदौड़ की जा रही है।

हिजाब: एससी ने अपने फैसले को सुरक्षित रखा

हिजाब: एससी ने अपने फैसले को सुरक्षित रखा

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। कर्नाटक हाईकोर्ट की ओर से राज्य के शिक्षण संस्थानों के भीतर हिजाब पर लगाए गए प्रतिबंध को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही सुप्रीम कोर्ट ने अब अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया है। आज हुई दोनों पक्षों की जोरदार बहस के दौरान अतिवादी संगठन पीपुल्स फ्रंट ऑफ इंडिया का जिक्र भी अदालत के सामने आया है। बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा कर्नाटक हाईकोर्ट की ओर से राज्य की शिक्षण संस्थानों में हिजाब पर लगाए गए प्रतिबंध को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर की गई सुनवाई के बाद अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस मामले को लेकर 10 दिनों तक लगातार मैराथन सुनवाई की गई है। आज दसवे दिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया गया है। 

बृहस्पतिवार को जस्टिस हेमंत गुप्ता एवं सुधांशु धूलिया की बेंच द्वारा लगातार इस मामले पर दसवे दिन सुनवाई की गई है। इस दौरान अदालत द्वारा दोनों पक्षों की ओर से पेश की गई दलीलों को बड़े ही दान के साथ सुना गया है। आज दसवें दिन भी इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच जोरदार बहस देखने को मिली है। इस दौरान अतिवादी संगठन माने जा रहे पीपुल्स फ्रंट ऑफ इंडिया का जिक्र भी बहस के दौरान सामने आया है। सॉलीसीटर जनरल की ओर से इस मामले में पीपुल्स फ्रंट ऑफ इंडिया की साजिश होने की बात कही गई है। छात्राओं के वकील दुष्यंत दवे और हुजैफा अहमद ने इस पर ऐतराज जताते हुए कहा कि ऐसा कहना गलत है। क्योंकि इस मामले में पीएफआई का कोई मतलब नहीं है।

65 वर्ष की आयु तक के व्यक्ति देश छोड़कर नहीं जाएंगे 

65 वर्ष की आयु तक के व्यक्ति देश छोड़कर नहीं जाएंगे 

सुनील श्रीवास्तव 

मॉस्को। रक्षा मंत्रालय से मंजूरी हासिल किए बगैर अट्ठारह वर्ष से लेकर 65 वर्ष की आयु तक के व्यक्ति देश छोड़कर नहीं जा सकेंगे। उधर मार्शल लॉ लागू होने की आशंका में देश छोड़कर बाहर जाने वाले लोगों की संख्या में लगातार इजाफा होने के बाद रूसी एयरलाइंस ने भी 18 से 65 वर्ष की उम्र के पुरुषों के लिए टिकट बुकिंग पर रोक लगा दी है।रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आर्थिक लामबंदी के ऐलान के बाद रूसी लोग देश छोड़कर बाहर जाने लगे हैं।

राष्ट्रपति के लामबंदी के एलान का यह असर हुआ है कि रूस से बाहर जाने वाली विमानों की सभी उड़ाने तकरीबन पहले ही पूरी तरह से बुक हो चुकी है। जानकारी मिल रही है कि रूसी एयरलाइंस ने अब 18 से 65 साल के बीच की उम्र के लोगों के लिए टिकट बुक करने पर रोक लगा दी है। एयरलाइंस को इस बात का भी डर सता रहा है कि देश के भीतर किसी भी समय मार्शल लॉ लागू किए जाने का ऐलान किया जा सकता है। दरअसल व्लादीमीर पुतिन ने आर्थिक लामबंदी पर हस्ताक्षर करके इस बात का ऐलान कर दिया है कि रिजर्विस्ट यानी आरक्षित सैनिकों की जल्द ही तैनाती की जाएगी।

कार ने स्कूली बच्चों से भरी ऑटो में टक्कर मारी

कार ने स्कूली बच्चों से भरी ऑटो में टक्कर मारी

नीरज जैन 

झांसी। जनपद के सीपरी बाजार थानाक्षेत्र में गुरूवार को स्कूली बच्चों से भरी एक ऑटो में कार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कई बच्चे घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि सीपरी बाजार थानाक्षेत्र के आवास विकास चौराहे पर हुई इस दुघर्टना में लगभग सात बच्चे घायल हो गये। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पतला में भर्ती कराया।पुलिस ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्कूली बच्चों को ले जा रही ऑटो में भी कई सुरक्षा खामियां सामने आयीं हैं।

ऑटो में न तो सुरक्षा जालियां लगीं थीं और न ही उपचार के लिए सेफ्टी बॉक्स रखा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोज की तरह ही आज सुबह भी यह ऑटो चालक बच्चों को भरकर कैथेड्रल स्कूल की ओर जा रहा था जैसे ही ऑटो पहूंज नहर से आवास विकास चौराहे पर पहुंची तो सीपरी बाजार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बच्चों के साथ ऑटो चालक भी जख्मी हुआ। ऑटो चालक रवि शर्मा ने बताया कि तेज गति कार ने ऑटो में पीछे से टक्कर मारी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रदेश में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे: पासवान 

प्रदेश में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे: पासवान 

अविनाश श्रीवास्तव 

नालंदा। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा- रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी और प्रदेश में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे। पासवान ने राजगीर के कन्वेंशन सेंटर में लोजपा ( रामविलास) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी। प्रदेश में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे।

नीतीश कुमार के विपक्षी एकता को एकजुट करने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि विपक्षी एकता भ्रम मात्र बन कर रह गया है। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी एकता में नीतीश कुमार, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल साहित एक दर्जन प्रधानमंत्री के दावेदार हैं। उन्होंने बेगूसराय की घटना को लेकर बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू करने की बात कही। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के किसी भी सीट पर लोकसभा चुनाव नहीं जीत सकते, उत्तरप्रदेश में जीतना नामुमकिन है।

बिहार में 2014 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी दो पर ही सिमट गए थी, उस समय सुशासन बाबू के नाम से जाने जाते थे आज उनकी पार्टी तीसरे नंबर की पार्टी बन कर रह गई है। पासवान ने कहा कि वे केंद्र में मंत्री नहीं बनेंगे, अभी उनकी पार्टी का गठबंधन किसी भी पार्टी से नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार फस्ट, बिहारी फर्स्ट को जो सम्मान देगा उसी के साथ लोजपा का गठबंधन होगा। उन्होंने कहा कि सात निश्चय योजना बिहार में सबसे बड़ी भ्रष्टाचार की योजना है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर अपने-अपने क्षेत्र में जाकर पार्टी की नीति को जनता के समक्ष रखने का काम करेंगे। इस तीन दिवसीय शिविर में पार्टी के सामाजिक, विदेश ,शिक्षा और अर्थ नीति को प्रमुखता से रखा जाएगा।

ओला इलेक्ट्रिक ने बाजारों में उतरने की घोषणा की

ओला इलेक्ट्रिक ने बाजारों में उतरने की घोषणा की 

अकांशु उपाध्याय/अखिलेश पांडेय 

नई दिल्ली/काठमांडू ओला इलेक्ट्रिक ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उतरने की घोषणा की है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि इसकी शुरुआत नेपाल से की जाएगी। कंपनी ने कहा कि उसने नेपाल में सीजी मोटर्स के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं और उसे अपने ओला एस1 स्कूटर्स (एस1 और एस1 प्रो) के स्थानीय वितरण का साझेदार बनाया है।

ओला इलेक्ट्रिक ने बयान में कहा कि ये स्कूटर अगली तिमाही से नेपाल में मिलने लगेंगे। वहीं दूसरे चरण में कंपनी लातिनी अमेरिका, आसियान तथा यूरोपीय संघ में प्रवेश करेगी और इस तरह पांच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मौजूदगी दर्ज करेगी। ओला के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी भाविश अग्रवाल ने कहा, ‘हमारे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार का केवल यह मतलब नहीं है कि एक कंपनी के तौर पर हम इन क्षेत्रों में ग्राहकों को सेवाएं दे सकेंगे, बल्कि यह इस बात का घोतक भी है कि दुनिया में इलेक्ट्रिक वाहन की क्रांति की अगुवाई भारत करेगा।’

'एयरटेल' के ग्राहकों को फ्री में 5 जीबी डाटा, ऑफर

'एयरटेल' के ग्राहकों को फ्री में 5 जीबी डाटा, ऑफर

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। फ्री की चीजें किसे पसंद नहीं हैं और अब तो आटा से ज्यादा डाटा की मांग है। आज किसी को फ्री डाटा मिल जाए तो वह खुश हो जाता है तो यदि आप भी एयरटेल के ग्राहक हैं तो आपके लिए खुशी का मौका है। एयरटेल के ग्राहकों को फ्री में 5 जीबी डाटा मिल रहा है। एयरटेल का यह डाटा एयरटेल थैंक्स एप के जरिए मिलेगा। आइए जानते हैं, इस डाटा को क्लेम करने का तरीका…

एयरटेल के इस फ्री डाटा ऑफर के बारे में सबसे पहले टेलीकॉमटॉक ने जानकारी दी है। एयरटेल का यह 5GB फ्री डाटा उन्हीं ग्राहकों को मिलेगा जो Airtel Thanks एप को डाउनलोड करेंगे और अपने एयरटेल के नंबर से लॉगिन करेंगे। बता दें कि एयरटेल थैंक्स एप के जरिए रिचार्ज से लेकर पेमेंट तक किए जा सकते हैं। Airtel का यह फ्री डाटा नए ग्राहकों को मिल रहा है और कुछ लोगों को कम डाटा भी मिल सकता है लेकिन अधिकतम 5GB डाटा है। 5 जीबी डाटा के लिए आपको पांच कूपन मिलेंगे जो कि 1-1 जीबी के होंगे।

यदि आप Airtel के नए ग्राहक हैं तो Airtel Thanks एप को अपने फोन में डाउनलोड करें और लॉगिन करें। अब कूपन पर सेक्शन पर क्लिक करें। वहां आपको कूपन दिखेंगे और साथ ही कूपन को एक्टिव करने का भी ऑप्शन दिखेगा। 5 जीबी फ्री डाटा यह ऑफर 90 दिनों बाद एक्सपायर हो जाएगा, ऐसे में आपको रिचार्ज के 90 दिनों के अंदर ही एक्टिव करना होगा। इसके अलावा Airtel के यूजर्स रेफरल प्रोग्राम के तहत प्रत्येक सफल रेफरल पर 100 रुपये कमा सकता है।

सोरेन में थोड़ी भी नैतिकता बची है, इस्तीफा दें

सोरेन में थोड़ी भी नैतिकता बची है, इस्तीफा दें

इकबाल अंसारी 

रांची/दुमका। झारखंड विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो वे अपने पद से इस्तीफा दें और यदि सोरेन स्वयं इस्तीफा नहीं देते हैं तो राज्यपाल को अवैध काली कमाई में संलिप्त महागठबंधन की सरकार को अविलंब बर्खास्त कर देना चाहिए। मरांडी गुरुवार को दुमका परिसदन में संवाददाताओं के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर यदि मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफ़ा नहीं देते हैं तो राज्यपाल अवैध कारोबार को संरक्षण देने के संगीन आरोपों से घिरे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार को अविलंब बर्खास्त कर देना चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से न्यायालय में समर्पित आरोप पत्र में प्रस्तुत तथ्यों से स्पष्ट हो गया है सिर्फ साहेबगंज जिले में अवैध पत्थर खनन से एक हजार करोड़ रुपए के अवैध कारोबार का मामला उजागर हुआ है। ईडी के आरोप पत्र के आधार पर जांच के क्रम में कई करोड़ रुपए जब्त किये गये हैं। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी बरेहट के विधायक पंकज मिश्रा की संलिप्तता उजागर हुई है।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन 


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 


1. अंक-348, (वर्ष-05)

2. शुक्रवार, सितंबर 23, 2022

3. शक-1944, आश्विन, कृष्ण-पक्ष, तिथि-त्रयोदशी, विक्रमी सवंत-2079।

4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त: 06:25। 

5. न्‍यूनतम तापमान- 21 डी.सै., अधिकतम-33+ डी.सै., उत्तर भारत में भारी बरसात की संभावना है।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है। 

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु,(विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसेन पवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी। 

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102। 

9. पंजीकृत कार्यालयः263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

 (सर्वाधिकार सुरक्षित)

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई  इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। चुनावी बॉन्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को कड़ी फटकार लग...