मंगलवार, 31 मई 2022

लाभार्थियों के साथ 'संवाद कार्यक्रम' का आयोजन

लाभार्थियों के साथ 'संवाद कार्यक्रम' का आयोजन

हरिशंकर त्रिपाठी

देवरिया। गरीब कल्याण सम्मेलन कार्यक्रम के अंतर्गत देश व प्रदेश स्तर पर मा. प्रधानमंत्री एवं मा. मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम का आयोजन, विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ किया गया। इस कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का आयोजन नगरपालिका स्थित आडिटोरियम सहित समस्त विकास खंडों में किया गया। टाउनहाल आडिटोरियम में जनपद स्तरीय आयोजित इस कार्यक्रम में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी भी कार्यक्रम से जुडें और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के वर्चुअल व सजीव प्रसारण कार्यक्रम को देखे।
आडिटोरियम में सदर सांसद डॉ. रामपति राम त्रिपाठी, सलेमपुर सांसद रविन्दर कुशवाहा एवं जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन कर किया। प्रधानमंत्री द्वारा मंगलवार को किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी कृषकों में 11 वीं किस्त 02 हजार रुपये की धनराशि को डिजिटली स्थानान्तरित किया गया।

पीएम के नेतृत्व में देश ने तेज गति से तरक्की की

पीएम के नेतृत्व में देश ने तेज गति से तरक्की की  

श्रीराम मौर्य           

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि गरीब कल्याण सम्मेलन के इस कार्यक्रम में शिमला के ऐतिहासिक रिज में आशीर्वाद देने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन है। उन्होंने मंगलवार को यहां कहा, कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने तेज गति से तरक्की की है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश के सभी भाई-बहनों की तरफ से बधाई। उन्होंने कहा कि 10000 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकार करने तथा हिमाचल प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिया, उसके लिए आभार जताया।

90ः10 के लिए हिमाचल प्रदेश की मदद की उसके लिए हृदय से आभार जताया। 800 करोड़ रुपये की हिमाचल प्रदेश को विशेष सहायता दी उसके लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स सहित चंबा, हमीरपुर और नाहन में तीन मेडिकल कालेज मिले। अटल टनल जिसका काम कछुआ चाल से चल रहा था,तेजी से चला और लोगों को समर्पित की। इसके अलावा उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री, सांसद सभी का अभिनंदन किया। रिज मैदान शिमला में मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने  मोदी और अन्य नेताओं का स्वागत किया।


कार्यक्रम: तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई

कार्यक्रम: तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई 

पंकज कपूर

अल्मोड़ा। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 'विश्व तंबाकू निषेध दिवस' पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से निकटवर्ती राजकीय इंटर कालेज स्यालीधार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एचसीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में तंबाकू से होने वाली हानियों पर विस्तृत प्रकाश डालकर उपस्थित लोगोें व बच्चों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मनोज तिवारी ने अपने सम्बोधन में छात्र-छात्राओं को तम्बाकू सम्बन्धी उत्पादों से दूर रहने तथा अपने अभिभावकों को भी इस बारे में जागरूक करने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने सभी उपस्थितजनों को शपथ दिलाई कि तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे। विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख बबीता भाकुनी ने सभी से तंबाकू मुक्त उत्तराखंड बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। जिला नोडल अधिकारी एनसीडी डा. अनिल ढींगरा ने विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों के तम्बाकू से सम्बंधित प्रश्नों का उत्तर दिया। कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एचसीएस मर्तोलिया ने तम्बाकू के विषय में आसपास के लोगों में भी जागरूकता लाने के लिए बच्चों को प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश चन्द्र पाण्डेय ने स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे प्रेरित करने वाले कार्यक्रम समय-समय पर होने चाहिए। कार्यक्रम का संचालन सीएमओ कार्यालय के मनीष तिवारी ने किया। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा नेगी, रेडक्रॉस अध्यक्ष मनोज सनवाल, डा. जेसी दुर्गापाल, शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक, आशाएं व छात्र-छात्राओं के अलावा, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डा. ललित पाण्डेय, सुचिता भट्ट, भगवत मनराल, संजय जोशी, गोकुलानंद जोशी, योगेश जोशी, भारत कुमार, हिमांशु म्युस्युनी, दीवान बिष्ट, कामना, ज्योति, कृष्णा इत्यादि उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आज जिले के सभी ब्लाकों में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर शपथ दिलाई।


नारियल के दूध का सेवन करना, बेहद फायदेमंद

नारियल के दूध का सेवन करना, बेहद फायदेमंद  

सरस्वती उपाध्याय  
नारियल का दूध ताज़ा पके हुए ब्राउन नारियल से निकलता है। इसे सदियों से सूप, सॉस और डेज़र्ट्स के लिए उपयोग किया जा रहा है। इसे भारतीय, थाई, हवायन और दक्षिण अमेरिकी खानों में खूब इस्तेमाल किया जाता है।
हाल के समय में नारियल का दूध काफी पॉपुलर हो गया है। यह गाय या भैंस के दूध का स्वादिष्ट और हेल्दी विकल्प है। साथ ही इसके कई फायदे भी हैं। नारियल का दूध काफी गाढ़ा होता है और यह टेक्सचर रिच और क्रीमी होता है। नारियल के दूध का सेवन करना, बेहद फायदेमंद है। नारियल पानी की तरह नारियल का दूध प्राकृतिक तौर पर नहीं मिलता। इसे नारियल के सफेद गूदे और पानी को मिलाकर तैयार किया जाता है। आज हम आपको इसके फायदे बताने जा रहे हैं....

1. वज़न घटाने में करता है मदद...
नारियल का दूध हेल्दी फैट्स से भरा होता है। इसके सेवन से आपका पेट लंबे समय तक भरा महसूस करता है और आप ऊट पटांग खाने से बचते हैं।

2. एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर...
नारियल का दूध विटामिन-सी और ई से भरपूर होता है, जो अपने एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों के लिए जाने जाते हैं। चयापचय की प्रक्रिया के दौरान हमारे शरीर के ऊतकों द्वारा मुक्त ऑक्सीजन रेडिकल्स बनते हैं। वे सेलुलर घटकों के लिए हानिकारक हैं और उम्र बढ़ने व ट्यूमर के विकास में योगदान करते हैं।

3. इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस...
नारियल का दूध पोटेशियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है। सामान्य हृदय ताल बनाए रखने के लिए पोटेशियम महत्वपूर्ण है। यह स्वस्थ मांसपेशियों के कामकाज के लिए भी ज़रूरी है। एक स्वस्थ प्रतिरक्षा प्रणाली के साथ-साथ सामान्य तंत्रिका और मांसपेशियों के कार्य के रखरखाव के लिए मैग्नीशियम की आवश्यकता होती है। वहीं, फास्फोरस हड्डियों और दांतों का एक महत्वपूर्ण संरचनात्मक घटक है।

4. दिल की बीमारी को दूर रखता है...
नारियल का दूध शरीर में एचडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाने के लिए जाना जाता है। वैज्ञानिक शोध से पता चलता है कि अगर कम मात्रा में सेवन किया जाए तो नारियल का दूध शरीर में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल (खराब कोलेस्ट्रॉल) के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है।

5. इम्यून सिस्टम को मज़बूती देता है...
नारियल का दूध में में लॉरिक एसिड होता है जो अपने एंटीसेप्टिक गुणों के लिए जाना जाता है। यह बैक्टीरिया, वायरस और कवक के कारण होने वाले संक्रमण से लड़ने में शरीर की मदद करता है।

6. अनीमिया से बचाव...
नारियल के दूध में आयरन की भी अच्छी मात्रा होती है, जो एक ऐसा खनीज है, जो सामान्य हीमोग्लोबिन के स्तर के साथ स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नारियल के दूध को डाइट में शामिल करने से शरीर में खून की कमी नहीं होगी।

7. स्वस्थ बाल और त्वचा...
कुछ समय पहले ही लोगों ने बालों को कंडिशन करने के लिए नारियल के दूध का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। इसमें फैट्स का मात्रा उच्च होती है, जो बालों के मॉइश्चर को बनाए रखने में मदद करता है। अगर इसे स्कैल्प पर लगाया जाए, तो यह डैंड्रफ और स्कैल्प की खुजली को दूर करने में मदद करता है। ऐसा इसलिए क्योंकि नारियल के दूध में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं। अगर इसे चेहरे पर डायरेक्टली लगाया जाए, तो यह स्किन के लचीलेपन को बढ़ावा देता है। साथ ही इसकी एंटी-बैक्टीरियल गुण एक्ने में आराम देते हैं।

8. एंटी-इन्फ्लामेट्री गुण...
नारियल का दूध जोड़ों में दर्द और सूजन को कम करने का काम करता है। चीनी सूजन बढ़ाने का काम करती है। ऐसे में अगर आप मीठे के लिए नारियल के दूध का उपयोग करते हैं, तो आपको आर्थराइटिस और लुपस आर्थराइटिस जैसी स्थिति में सूजन से नहीं जूझना पड़ेगा।

9. जठरांत्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है...
नारियल का दूध उन लोगों के लिए अच्छा है, जो लैक्टॉस इंटॉलेरेन्ट हैं। इसके अलावा इसमें ज़िंक भी मौजूद होता है, जो एक ऐसा खनीज है जो आंतों की दीवार वाली कोशिकाओं के नवीनीकरण में सहायता करता है। यह आंतों से हानिकारक बैक्टीरिया को रक्त प्रवाह में जाने से रोकता है और दस्त जैसी घटनाओं को कम करता है।

शिकारियों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी 'मोर' का शिकार किया गया

शिकारियों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी 'मोर' का शिकार किया गया

भानु प्रताप उपाध्याय          
मुजफ्फरनगर। जनपद में मंगलवार को कुछ शिकारियों द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार किया गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने तहरीर देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, थाना सिखेड़ा क्षेत्र के फहीमपुर गांव में मंगलवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकारियों ने शिकार कर लिया। ग्रामीणों ने शिकारियों को मोर को पकड़ते हुए देख लिया। ग्रामीणों को अपनी और आता देख शिकारी मौके से फरार हो गए। लेकिन, भागते हुए शिकारी कैमरे में कैद हो गए। 
वहीं, राष्ट्रीय पक्षी मोर की हत्या से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और शिकारी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस गाड़ी से शिकारी फरार हुए है वो कैमरे में कैद हो गई है। जिसके बाद ग्रामीणों ने तहरीर देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं एसपी ट्रैफिक कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मोर की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की छानबीन चल रही है। उन्होंने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव हत्या मे मुकदमा दर्ज किया गया।

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 2,338 नए मामलें

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 2,338 नए मामलें 

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामलों को लेकर रिपोर्ट जारी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में कोरोना के 2,338 नए मामलें सामने आए हैं। बता दें कि ये लगातार सातवां दिन है जब कोविड के लगातार दो हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान कोरोना के 2,134 लोग डिस्चार्ज भी हुए हैं। 
वहीं, बीते 24 घंटे में 19 लोगों की मौत हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना के सक्रिय मामले अब 17,883 हो गए हैं। देश में अब तक कोरोना के कुल 4 करोड़ 31 लाख 58 हजार 87 मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा कुल 4 करोड़ 26 लाख 15 हजार 574 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा कोरोना से 5 लाख 24 हजार 630 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

राजनीति: सीएम गहलोत ने भाजपा पर साधा निशाना

राजनीति: सीएम गहलोत ने भाजपा पर साधा निशाना 

नरेश राघानी        
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा है कि राज्यसभा चुनाव में उसके पास वोट नहीं होने के बावजूद तीसरे उम्मीदवार को खड़ा करके वह माहौल खराब करना चाह रही हैं। गहलोत ने राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के तीनों उम्मीदवारों के नामांकन-पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से आज यह बात कही।
उन्होंने राज्यसभा चुनाव में पार्टी के तीनों प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा ने 15 वर्ष पहलेे भी यह खेल खेला था। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा के खुद के विधायक प्रत्याशी के समर्थन में हस्ताक्षर करते है और फार्म निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में भरा जाता है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा ने ऐसे ही उम्मीदवार खड़ा किया था और इस बार श्री सुभाष चंद्रा को खड़ा कर दिया।
ये भड़काने का काम करेंगे, वोट के लिए लालच देंगे आने वाले समय में इनकी हालत और खराब होने वाली है। उन्होंने कहा कि ये होर्स ट्रेडिंग करना चाहते है जो अच्छी परंपरा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग राजस्थान में इस तरह की परंपरा क्यों डाल रहे है, क्योंकि माहौल खराब करना चाह रहे है।
उन्होंने कहा कि 34 दिन तक कांग्रेस पार्टी के विधायक और समर्थित विधायक जब साथ रहे तब भी विधायकों के होटल के बाहर जाते ही दस करोड़ की प्रथम किस्त का ऑफर था, तब भी कोई नहीं डिगा और अब भी कोई नहीं बिकने वाला है। उस समय भी बीटीपी एवं सीपीएम तथा निर्दलीयों और बीएसपी के साथियों ने साथ दिया था। इसी कारण सरकार बच गई थी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा का यह फैसला उसे महंगा पड़ेगा।

मनोरंजन: नया म्यूजिक वीडियो ‘हम ही हम थे’ रिलीज

मनोरंजन: नया म्यूजिक वीडियो ‘हम ही हम थे’ रिलीज 

कविता गर्ग   
मुंबई। आकांक्षा रंजन कपूर और आशिम गुलाटी का नया म्यूजिक वीडियो ‘हम ही हम थे’ रिलीज हो गया है। गीत शमीर टंडन द्वारा रचित है, और संदीप नाथ द्वारा लिखा गया है। बंदिश वाज ने इस गाने से डेब्यू किया था। संगीत वीडियो में दिखाई देने के बारे में बात करते हुए नेटफ्लिक्स फिल्म ‘गिल्टी’ में दिखाई देने वाली आकांक्षा ने कहा कि “रोमांटिक गाने में अभिनय करना हमेशा से एक सपना रहा है। 
यह दिल को छू लेने वाला गीत है।हमने इसे बनाने की कोशिश की है। कहानी अलग है और उम्मीद है कि दर्शक इसे पसंद करेंगे। इसके अलावा आशिम ने कहा, “मैं आकांक्षा के साथ काम करने के लिए सम्मानित और अभिभूत हूं, वह सिर्फ सुपर प्रतिभाशाली और अद्भुत है। परियोजना पर काम करना एक उत्कृष्ट अनुभव था। संगीतकार के रूप में शमीर ने यह भी उल्लेख किया, “इस गीत के रिलीज के बारे में उत्साहित हूं क्योंकि मैं गीतकार संदीप नाथ के साथ लंबे समय के बाद हाथ मिलाया है, जिनके साथ मैंने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मों ‘पेज 3’ और ‘कॉपोर्रेट’ में सहयोग किया है। गायक बंदिश की आवाज गाने को सुनने के लिए आपको मजबूर कर देगी।

पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ नेता सिंह का निधन

पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ नेता सिंह का निधन  

इकबाल अंसारी   
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक और वरिष्ठ नेता भीम सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने मंगलार सुबह जम्मू में अंतिम सांस ली। वह 80 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें सुबह 8:45 पर अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। भीम सिंह के परिवार में अब उनकी पत्नी और बेटी हैं। भाजपा नेता देवेंदर सिंह राणा ने भीम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘प्रोफेसर भीम सिंह जी के निधन से हमने एक बड़े नेता को खो दिया है, जिसने हमेशा जम्मू-कश्मीर के हर वर्ग के लोगों की आवाज उठाई थी।
वह एक फायरब्रांड नेता थे, जो रामनगर एक सुदूर गांव से आते थे और उन्होंने दुनिया भर में अपनी पहचान कामय की।’
अगस्त, 1941 को रामनगर में भीम सिंह का जन्म हुआ था और उन्होंने 1982 में पैंथर्स पार्टी की स्थापना की थी। वह करीब 30 सालों तक अध्यक्ष के पद पर रहे थे और 2012 में अपने भतीजे हर्ष देव सिंह को कमान सौंप दी थी।
हालांकि बीते साल एक बार फिर से वह सक्रिय राजनीति में लौटे थे और उन्हें पैंथर्स पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था। खासतौर पर जम्मू क्षेत्र के लोगों की आवाज उठाने के लिए पैंथर्स पार्टी को जाना जाता रहा है।

पहला ट्रांजेक्शन करने पर कैशबैक मिलेगा‌: व्हाट्सएप

पहला ट्रांजेक्शन करने पर कैशबैक मिलेगा‌: व्हाट्सएप

अकांशु उपाध्याय/सुनील श्रीवास्तव         
नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। व्हाट्सएप दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप है। इस प्लेटफॉर्म पर आपको पेमेंट का भी ऑप्शन मिलता है। क्या हो अगर आपको व्हाट्सएप पर मैसेज करने के साथ पैसे भी मिलें। इस प्लेटफॉर्म पर यूजर्स को कैशबैक मिल रहा है। दरअसल, पेमेंट करने पर यूजर्स को कैशबैक मिल रहा है‌। ऐप एक ट्रांजेक्शन पर 35 रुपये का कैशबैक दे रहा है। यह ऑफर सभी यूजर्स के लिए नहीं है, इसके लिए कुछ शर्तें पूरी करने होंगी। व्हाट्सएप पेमेंट यूज करके पहला ट्रांजेक्शन करने पर आपको कैशबैक मिलेगा‌। यूजर्स तीन बार तक इस ऑफर का फायदा उठा सकते हैं, इसके लिए उन्हें तीन बार अलग-अलग यूजर को पैसे ट्रांसफर करने होंगे। पाने के लिए यूजर्स को कुछ जरूरी शर्तों को पूरा करना होगा। 
व्हाट्सएप का कैशबैक ऑफर अलग-अलग समय पर अलग-अलग यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। जब कैशबैक ऑफर आपको मिलेगा, तब ही आप इसका फायदा उठा सकेंगे।जैसे ही आपको वॉट्सऐप कैशबैक का ऑफर मिलेगा‌। आप किसी भी दूसरे व्हाट्सएप यूजर को पैसे ट्रांसफर करके 35 रुपये तक का कैशबैक हासिल कर सकते हैं। पेश, मिलेगा दमदार प्रोसेसर अच्छी बात ये है कि इसके लिए किसी मिनिमम अमाउंट के ट्रांजेक्शन की लीमिट नहीं है‌। यानी आप कितने भी रुपये ट्रांसफर कर कैशबैक का फायदा उठा सकते हैं। ध्यान रहे कि यूजर्स को सिर्फ तीन बार ही कैशबैक मिलेगा। साथ ही एक यूजर को पेमेंट करने पर आपको सिर्फ एक बार ही कैशबैक मिलेगा।

राहुल ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला

राहुल ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला 

अकांशु उपाध्याय  

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और संसद राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर मंगलवार को जमकर हमला बोला। उन्होंने मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना डिजिटल इंडिया और कैशलेस इंडिया और सरकार द्वारा लिए गए नोटबंदी के फैसले को लेकर भी सवाल खड़े कियें।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा है कि वह जानबूझकर गलतियां करते हैं और उन्होंने नोटबंदी कर जो घाव दिए हैं, देश की जनता चोट को भूली नहीं है। राहुल गांधी ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि 8 नवंबर 2016, नोटबंदी के नाम पर देश को अचानक लाइन में लगा दिया गया। लोग अपना ही पैसा निकालने के लिए तरस गए, कई घरों में शादियां थी, बच्चों और बुज़ुर्गों के इलाज चल रहे थे, गर्भवती महिलाएं थी लेकिन लोगों के पास पैसे नहीं थे, घंटों लाइन में लगने की वजह से कई लोगों की मृत्यु हो गई।

उन्होंने कहा कि मोदी की इस नोटबंदी का देश को कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 2022 में रिज़र्व बैंक के हवाले से ख़बर आयी कि बैंक में पहुंचे 500 के 101.9 फीसदी और दो हजार के 54.16 फीसदी से ज़्यादा नोट नकली हैं। इस तरह से 2016 में जहां 18 लाख करोड़‘कैश इन सकुर्लेशन’में था, वहीं आज 31 लाख करोड़ ‘कैश इन सकुर्लेशन’ में है। सवाल है कि आपके डिजिटल इंडिया कैशलेस इंडिया’का क्या हुआ ? प्रधानमंत्री मोदी बताएं।

नोटबंदी के वक़्त मैंने कहा था कि ये राष्ट्रीय त्रासदी है। गलतफ़हमी में मत रहिए। मोदी जी से ग़लती नहीं हुई, ये जानबूझ किया गया है ताकि आम जनता के पैसे से ‘मोदी-मित्र’ पूंजीपतियों का लाखों करोड़ रुपये कर्ज़ माफ किया जा सके और उनके कालेधन को सफेद किया जा सके। कांग्रेस नेता ने मोदी के फैसलों को तानाशाही कदम करार दिया और कहा कि राजा के एक तानाशाही फरमान ने जनता को कभी न भूल पाने वाली चोट दी है, नोटबंदी का दर्द देश कभी नहीं भूलेगा। 

अपमानजनक टिप्पणी के आरोप में प्रदेशाध्यक्ष अरेस्ट

अपमानजनक टिप्पणी के आरोप में प्रदेशाध्यक्ष अरेस्ट

दुष्यंत टीकम
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की पुलिस ने जैन साधुओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेशाध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बालोद जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रज्ञा मेश्राम ने बताया कि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल को बालोद पुलिस की एक टीम ने सोमवार को सरगुजा जिले से पकड़ा और आज सुबह यहां लाया गया।
बघेल को यहां की स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत पर भेज दिया गया है। मेश्राम ने बताया कि इस महीने की 25 तारीख को अमित बघेल ने बालोद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जैन साधुओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था।

एंबुलेंस-छोटे ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौंत

एंबुलेंस-छोटे ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौंत

संदीप मिश्र
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार को एक एंबुलेंस और छोटे ट्रक (कैंटर) की टक्कर में सात लोगों की दर्दनाक मौंत हो गई।
पुलिस के अनुसा बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में झुमका चौराहे पर मंगलवार सुबह एम्बुलेंस और कैंटर की जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। जिससे एम्बुलेंस में सवार सात लोगों की मौंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयंकर थी, कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गये।
मृतकों में एम्बुलेंस का चालक और इसमें सवार मरीज सहित सभी सात लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जतायी है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से करने के निर्देश दिये हैं।

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 7वां रैंक हासिल

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 7वां रैंक हासिल

अंकुर कुमार
नई दिल्ली। दृष्टिबाधित सम्यक जैन यूपीएससी 2021 की परीक्षा में शामिल हुए। दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होने हर बाधा को पार किया और यूपीएससी की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। सम्यक जैन ने न केवल यह परीक्षा पास की है, बल्कि उन्होने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 7वां रैंक भी हासिल किया है। सम्यक का कहना है कि सिविल सर्विसेज एक ऐसा माध्यम है। जिसके जरिए, जरूरतमंद लोगों की काफी मदद की जा सकती है इसलिए उन्होंने सिविल सर्विसेस को चुना है। सम्यक की स्कूली शिक्षा मुंबई से हुई है और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की है।
यूपीएससी के लिए सम्यक ने अंतरराष्ट्रीय संबंध व राजनीति शास्त्र जैसे विषय चुने। सम्यक अन्य लोगों को प्ररेणा देते हुए कहते हैं कि न देख सकने वाले व्यक्तियों को निराश होने की कतई आवश्यकता नहीं है। आवश्यकता बस मेहतन करने की है।
जो छात्र देख नहीं सकते, उनके लिए भी सभी प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध है। यह पुस्तके ऑनलाइन भी उपलब्ध है। यहां ऑनलाइन माध्यमों पर तो यह पुस्तकें बकायदा निशुल्क है। उन्होंने अपने जैसे अन्य छात्रों को आत्मविशवास सदैव ऊंचा बनाए रखने की सलाह दी है।
सम्यक जैन दिल्ली के रोहिणी में रहते हैं। यूपीएससी में मिली कामयाबी के बाद सम्यक का कहना है इस सफलता का बड़ा श्रेय उनके परिवार को जाता हैं। परिवार में भी सबसे अधिक वह अपनी मां को अपनी कामयाबी का श्रेय दे रहे हैं।
सम्यक जैन ने बताया कि यूपीएससी के नियमों के मुताबिक परीक्षा में उन्हे उत्तर लिखने के लिए लेखक की आवश्यकता थी और यह आवश्यकता सम्यक की मां वंदना जैन ने पूरी की। यानी सम्यक प्रशनों के उत्तर बोलते थे और उनकी मां इन उत्तरों को आंसरशीट पर लिखती थीं। वह याद करते हुए बताते हैं कि परिवार के सभी सदस्य इस मिशन में उनके साथ जुटे रहे। उनके मामा उन्हें कोरोना काल में परीक्षा दिलाने ले जाया करते थे। उनके उनके पिता एअर इंडिया में नौकरी करते हैं।
सम्यक को स्कूली पूरी करने तक यह समस्या नहीं थी तब वह भली-भांति देख सकते थे। 20 वर्ष की आयु में उनकी आंखों की रोशनी कम होना शुरू हुई और फिर धीरे-धीरे उन्हें सब कुछ दिखना बंद हो गया।
बावजूद इसके उनका हौसला कम नहीं हुआ और उन्होंने दिल्ली के आईआईएमसी से आगे की पढ़ाई की। पढ़ाई का सिलसिला इसके बाद भी नहीं रुका और उन्होंने जेएनयू से इंटरनेशनल रिलेशन की डिग्री हासिल की।
गौरतलब है कि यूपीएससी परीक्षाओं का रिजल्ट जारी करते हुए संघ लोक सेवा आयोग द्वारा विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए कुल 685 उम्मीदवारों (508 पुरुषों और 177 महिलाओं) की सिफारिश की गई है। अंतिम रूप से योग्य उम्मीदवारों में, शीर्ष तीन महिला उम्मीदवार हैं। अनुशंसित उम्मीदवारों में बेंचमार्क विकलांगता वाले 25 व्यक्ति हैं जिनमें 7 आथोर्पेडिक रूप से विकलांग, 05 नेत्रहीन, 8 श्रवण बाधित और 5 एकाधिक विकलांग शामिल हैं।

मांग को लेकर भीम सेना के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन

मांग को लेकर भीम सेना के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन  

संदीप मिश्र     
मुरादाबाद। रेप पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भीम सेना के नेतृत्व में रेप पीड़िता और उसके परिवार के लोग मंगलवार को जिला मुख्यालय पर पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, पीड़ित परिवार के पास से एक कैन भी पुलिस को बरामद हुई है,आशंका जताई जा रही है कि उस कैन में कोई ज्वलनशील पदार्थ रखा हुआ है। वहीं, रेप पीड़िता की मां ने चेतावनी दी है कि यदि उसकी बेटी को न्याय नहीं मिला तो वह अपने परिवार के साथ यहीं जान दे देगी,वहीं रेप पीड़िता के परिवार के पास से मिली कैन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
कलेक्ट्रेट परिसर पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान सीओ सिविल लाइंस,सीओ कोतवाली भी मौके पर पहुंच गए। भीम सेना के कार्यकर्ताओं ने रेप पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को भेजा है।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान रेप पीड़िता की मां ने कहा कि मेरी बेटी को चार लड़के उठाकर ले गए थे। नशे की हालत में उन्होंने 6 दिन तक मेरी बेटी को बंधक बनाकर रखा और उसके साथ गलत काम किया। 6 दिन के बाद टांडा चौकी में छोड़ गए थे, जब हमारी बेटी मिल गई, तो हम कोतवाली बिलारी पहुंचे, तो बिलारी में हमारी एफआईआर लिखी गई। लेकिन वहां भी हमारी बेटी के बयान बदलवा दिए गए, वह चार लड़के थे। जिसमें से एक की गिरफ्तारी हुई है। बाकी सब खुलेआम घूम रहे हैं, हम चाहते हैं कि उन लड़कों को सजा मिलनी चाहिए और वह तीनों गिरफ्तार होने चाहिए, उन्हें फांसी होनी चाहिए। हमें 2 महीने हो गए परेशान होते हुए, पुलिस वाले यह कह देते हैं, आज पकड़े जा रहे हैं, कल पकड़े जा रहे हैं, हमारी कहीं सुनवाई नही हो रही, हम लखनऊ तक घूम आए मगर हमारी कहीं सुनवाई नहीं हुई, अब हमारी बेटी को न्याय मिलना चाहिए, तब तो हम यहां से जाएंगे नहीं तो हम सारा परिवार यही आत्महत्या करके मर जाएंगे।
वहीं, ज्ञापन के संबंध में जानकारी देते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में भीम सेना के द्वारा माननीय राष्ट्रपति महोदय को संबोधित एक ज्ञापन हमें प्राप्त हुआ है। ज्ञापन को हम नियम अनुसार जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति महोदय तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। दुष्कर्म के संबंध में उसमे शिकायत की गई है। एक बच्ची के साथ यह घटना घटित हुई है, जिसकी वह जांच कराने की मांग कर रहे हैं और संबंधित अपराधियों को पकड़ने की उसमें बात की गई है। यह ज्ञापन हमें प्राप्त हो गया है इसे हम राष्ट्रपति महोदय तक पहुंचाने का काम करेंगे।

झटका: 2 जून को बीजेपी में शामिल होंगे पटेल

झटका: 2 जून को बीजेपी में शामिल होंगे पटेल 

नरेश राघानी  
अहमदाबाद। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। पाटीदार नेता हार्दिक पटेल 2 जून (गुरुवार) को बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। वह अपने 15 हजार समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल होंगे। बताया जा रहा है, कि कांग्रेस के कुछ स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी हार्दिक पटेल के साथ बीजेपी का दामन थामेंगे। हार्दिक पटेल ने बीजेपी में शामिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने अभी हाल में ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले हार्दिक पटेल ने बीजेपी में शामिल होने का संकेत दिया था।
बता दें कि गुजरात में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में हार्दिक पटेल को अपने पाले में लाकर बीजेपी ने पाटीदार समाज को बड़ा संदेश दिया है। पाटीदार समाज में हार्दिक पटेल का काफी जनाधार माना जाता है।
अभी हाल में पार्टी छोड़ने के बाद हार्दिक पटेल ने कांग्रेस नेताओं की आलोचना करते हुए कहा था कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का ध्यान मोबाइल फोन में लगा रहता है। गुजरात कांग्रेस के नेता उन्हें चिकन और सैंडविच की व्यवस्था करने में लगे रहते हैं। 
हार्दिक पटेल ने सोनिया गांधी को लिखे त्यात्र पत्र में पार्टी नेताओं पर सवाल उठाया था। गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि हार्दिक देशद्रोह के मामले में जेल जाने की डर से पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी में जाना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने जुलाई 2020 में हार्दिक पटेल को कांग्रेस में शामिल कराया था। इसके एक साल बाद पार्टी ने उन्हें गुजरात कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया। कांग्रेस को हार्दिक पटेल से काफी उम्मीदें थीं लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने सोनिया गांधी को तगड़ा झटका दे दिया।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति की बैठक संपन्न

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति की बैठक संपन्न

पंकज कपूर
देहरादून। मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य खाद्य सुरक्षा मिशन की कार्यकारी समिति की बैठक संपन्न हुईं। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि किसानों को उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएं। साथ ही मार्केटिंग आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने फसलों की नई वैरायटी विकसित करने हेतु प्रदेश स्तर में ही प्रयास किए जाने के साथ ही दालों, पोषक अनाजों और तिलहन की खेती को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने योजनाएं बनाते समय क्षेत्र विशेष हेतु योजनाएं तैयार किए जाने के भी निर्देश दिए। एक ही योजना मैदानी और पर्वतीय क्षेत्र में लागू करने से योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियां और जलवायु के अनुसार प्रत्येक जनपद के लिए अलग योजनाएं तैयार की जा सकती हैं। अच्छी योजनाएं तैयार करें। अच्छी योजनाओं के लिए फण्ड की कमी नहीं होने दी जाएगी। इन योजनाओं पर आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार से भी फण्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके उपरान्त मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की राज्य स्तरीय अनुमोदन समिति की बैठकें भी संपन्न हुई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वॉलनट और कीवी के उत्पादन पर फोकस कर किसानों को इसकी खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

बजट सेशन पर होने वालीं केबिनेट मीटिंग को टाला

बजट सेशन पर होने वालीं केबिनेट मीटिंग को टाला

अमित शर्मा
चंडीगढ़। भगवंत मान ने बजट सेशन को लेकर होने वालीं कैबिनेट मीटिंग को फिलहाल के लिए टाल दिया है। इसके साथ ही विधायकों का ट्रेनिंग सेशन भी रद्द किया गया है। जी हां, बता दें कि मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब की भगवंत मान सरकार निशाने पर है। विपक्ष पंजाब सरकार को सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी कम करने के मुद्दे पर घेर रहा है। भगवंत मान की सरकार भी बैकफुट पर नज़र आ रही है।
तनाव की आशंका के मद्देनज़र भगवंत मान ने बजट सेशन को लेकर होने वाली कैबिनेट मीटिंग को रद्द कर दिया। इसके अलावा विधानसभा में होने वाला विधायकों का ट्रेनिंग सेशन भी फिलहाल के लिए टाल दिया गया है।
पंजाब में नई सरकार बनने के बाद से ही वीवीआई लोगों की सुरक्षा में कटौती की जा रही है। शनिवार को ऐसी जानकारी आई थी कि सिद्धू मूसेवाला समेत 424 लोगों की सुरक्षा कम कर दी गई है। ऐसा होने के एक दिन बाद ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो गई।

पेट्रोल-डीजल की कीमत में किसी तरह का इजाफा नहीं

पेट्रोल-डीजल की कीमत में किसी तरह का इजाफा नहीं

अकांशु उपाध्याय
नई दिल्ली। मंगलवार के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमत जारी कर दी गई है। मंगलवार को भी कीमत में किसी तरह का इजाफा नहीं हुआ है। 6 अप्रैल से ईंधन की कीमत में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। इस बीच में 22 मई को एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद देश के अलग-अलग शहरों में भाव में बदलाव आया था। दिल्ली में आज पेट्रोल 96.72 रुपए और डीजल 89.62 रुपए प्रति लीटर की कीमत पर बिक रहा है। मुंबई में आज एक लीटर पेट्रोल का दाम 111.35 रुपए और डीजल का दाम 97.28 रुपए है। चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 102.63 रुपए और डीजल की कीमत 94.24 रुपए है। वहीं, कोलकाता में पेट्रोल का दाम 106.03 और डीजल का दाम 92.76 रुपए प्रति लीटर है। राजस्थान सरकार द्वारा वैट में की गई कटौती के बावजूद यहां पेट्रोल-डीजल के दाम कई अन्य शहरों के मुकाबले ज्यादा हैं। जयपुर में पेट्रोल की कीमत 109.46 रुपये और डीजल की कीमत 94.61 रुपये प्रति लीटर हैं। जबकि तिरुवनंतपुरम में पेट्रोल 107.87 रुपये और डीजल 96.67 रुपये प्रति लीटर है।
अभी दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल का किराया 96.72 रुपए प्रति लीटर है। इसमें बेस प्राइस 57.13 रुपए और किराया 0.20 रुपए है। इस तरह डीलर्स के लिए चार्ज 57.33 रुपए का हो जाता है। अब एक्साइज ड्यूटी घटकर 19.90 रुपए और वैट 15.71 रुपए हो गई है। डीलर का कमीशन 3.78 रुपए है। इसे बढ़ाने की मांग की जा रही है। वहीं, मौजूदा समय में दिल्ली में एक लीटर डीजल का भाव 89.62 रुपए है। इसमें बेस प्राइस 57.92 रुपए और किराया 0.22 रुपए है। जिसके बाद डीलर्स के लिए यह 58.14 रुपए का हो जाता है। इस पर एक्साइज ड्यूटी 15.80 रुपए की है और वैट 13.11 रुपए का है। डीलर कमीशन 2.57 रुपए प्रति लीटर है। इस कमीशन को बढ़ाने की मांग की जा रही है।

विंग कमांडर ने माउंट एवरेस्ट पर लहराया 'तिरंगा'

विंग कमांडर ने माउंट एवरेस्ट पर लहराया 'तिरंगा'

अकांशु उपाध्याय/बृजेश केसरवानी         
नई दिल्ली/प्रयागराज। प्रयागराज के मध्य वायु में तैनात विंग कमांडर विक्रांत उनियाल ने वर्ल्ड की सबसे ऊंची चोड़ी माउंट एवरेस्ट, जो कि 8848 मीटर पर है, वहां तिरंगा लहराया है। उन्होंने माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई 36 दिनों में पूरी की और बड़ा कीर्तिमान हासिल किया और विंग कमांडर ने अपनी कामयाबी को उन सभी गुमनाम नायकों और आंदोलनकारियों को समर्पित किया। जो भारत की आजादी में बड़ा योगदान दे चुके हैं। विंग कमांडर विक्रांत उनियाल ने ऐसा करके दुनियाभर में भारत का नाम रोशन किया है और ये हर भारतीय के लिए गर्व की बात होगी।
'भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर विक्रांत उनियल ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की और राष्ट्रगान गाया। उन्होंने 21 मई को माउंट एवरेस्ट की चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराय। देहरादून के रहने वाले विक्रांत उनियाल ना सिर्फ एक विंग कमांडर हैं बल्कि पर्वतारोही भी हैं। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी, सेना पर्वतारोहर संस्थान सियाचिन और राष्ट्रीय पर्वतारोहण संस्थान अरुणाचल प्रदेश से पर्वतारोहण की शिक्षा ली और 15 अप्रैल, 2022 को काठमांडू से अपने इस अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान में उनके कुछ साथी दूसरे देश के थे और भारत से वे अकेले थे। टीम को इलाके की कठिनाई के अलावा कई चैलेंजेस का सामना करना पड़ा और पहाड़ पर पारा दिन के समय माइन 10 से 20 सेल्सियस के बीच रहता था। फिर भी इतनी कठिनाई के बाद विंग कमांडर ने वो कर दिखाया जो भारत का नाम रोशन कर गया।

जो नॉन मुस्लिम को काफिर बताएं, वो गलत है

जो नॉन मुस्लिम को काफिर बताएं, वो गलत है 

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। जमीयत उलेमा-ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने एक कार्यक्रम में मोदी सरकार की विदेश नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में जिस तरह की विदेश नीति देखने को मिली है, उसकी तारीफ होनी चाहिए। अगर तारीफ नहीं होती है तो कंजूसी या नाइंसाफी होगी। मदनी ने कहा कि दुनियाभर में भारत की एक स्वतंत्र भूमिका बहुत दिनों के बाद देखने को मिली है।
मौलना मदनी ने कहा कि पीएम मोदी ने (देश नहीं झुकने दूंगा) इसको प्रैक्टिकली करके दिखाया है। इसके अलावा मदनी ने कार्यक्रम में और भी तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखी। इस दौरान एंकर ने मदनी से सवाल किया कि आखिर हिंदुओं को काफिर क्यों कहा जाता है ?

हिंदू काफिर है या नहीं ?
इसपर मदनी ने समझाते हुए कहा, “कुछ टर्मनोलॉजी है। हमारे यहां बहुत पहले यह फैसला हुआ कि अगर काफिर कहने से किसी को तकलीफ होती है तो उसे काफिर नहीं कहा जा सकता है। दूसरा, जो लड़ने वाला हो, उसके लिए काफिर शब्द का इस्तेमाल होता है। तीसरा ये कि जो भी नॉन मुस्लिम को काफिर बताएं, वो गलत है।
लाउडस्पीकर पर बोले मदनी: अजान और लाउडस्पीकर के मुद्दे पर मदनी ने कहा कि जब अजान को लाउडस्पीकर से हटा लिया जाए, तो इसमें क्या बुरा है। कम आवाज में लाउडस्पीकर रखना ये सही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में सभी वर्गों पर एक समान नियम लागू किया गया। केवल खास वर्ग को ही टारगेट किया जाए वो गलत है।
हिजाब पर मदनी बोले: उन्होंने हिजाब मामले पर कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि मुस्लिम लड़किया हिजाब की वजह से पढ़ने ना जाएं। मुसलमानों को 20 साल तक बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा हिंदी को लेकर मदनी ने कहा कि उर्दू हमारी मदर टंग भले है, लेकिन हिंदी के विकास और उत्थान पर भी काम होना चाहिए। हालांकि मदनी ने ज्ञानवापी मुद्दे पर कहा किसी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर इस विषय में बात नहीं की जाएगी।
मदनी ने कहा कि बीते कुछ समय में मुसलमानों की जिंदगी में बदलाव तो आया है, हालांकि कहीं तकलीफ तो है लेकिन बदलाव को मना नहीं किया जा सकता है। वहीं, बुलडोजर की कार्रवाई पर मदनी ने मध्य प्रदेश के खरगोन का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार की तरफ से पक्षपात की कार्रवाई हुई है। हम सरकार को मौका देना चाहते हैं, सुधार नहीं हुआ तो कोर्ट में जाएंगे।
मदरसे को सरकारी पैसे मिलने पर मौलाना मदनी ने कहा कि, सरकार जिस भी मदरसे को पैसे दे रही है, उसे देना बंद करे। मदरसे को सरकार के पैसे की क्या जरुरत है। अगर सरकार को किसी समुदाय का उत्थान करना है, उसकी मदद करनी है तो सरकार को स्कूल बनाना चाहिए। अगर कोई समुदाय अपना मदरसा या गुरुकुल चलाना चाहता है तो वो अपने पैसे से चलाए।

ईडी द्वारा की गई कार्यवाही को राजनीतिक षड्यंत्र बताया

ईडी द्वारा की गई कार्यवाही को राजनीतिक षड्यंत्र बताया

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता एवं दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन पर मनी लांड्रिंग के तहत ईडी द्वारा की गई कार्यवाही को आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन पूरी तरह बेकसूर हैं और हमें अपनी न्यायपालिका पर भरोसा है।
जांच में सहयोग न करने पर सत्येंद्र जैन को किया गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया था। ईडी का कहना है कि जैन उनके खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग की जांच में केंद्रीय जांच एजेंसी के साथ सहयोग नहीं कर रहे थे। जैन को इस मामले में कथित तौर पर शामिल बताया जा रहा है। जैन को केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन रोकथाम कानून की धाराओं के तहत कोलकाता की एक कंपनी से जुड़े हवाला लेन-देन से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। जैन की गिरफ्तारी उनके परिवार और कंपनियों के नियंत्रण वाली कंपनियों की 4.81 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्की के एक महीने बाद हुई है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो  ने अगस्त, 2017 में जैन और उनके परिवार के खिलाफ 1.62 करोड़ रुपये तक की कथित मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था। सीबीआई ने आरोप लगाया है कि ‘आप’ के नेता और उनके परिवार ने 2011-12 में 11.78 करोड़ रुपये और 2015-16 में 4.63 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग के लिए चार शेल कंपनियों बनाई थीं। ईडी ने सीबीआई की एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच शुरू की थी।
ईडी ने वर्ष 2018 में शकूर बस्ती के ‘आप’ विधायक से मामले के सिलसिले में पूछताछ की थी। ईडी ने अपने बयान में कहा कि 2015-16 के दौरान, जब जैन एक लोक सेवक थे, उनके स्वामत्वि वाली और उनके द्वारा नियंत्रित कंपनियों को हवाला के माध्यम से कोलकाता स्थित प्रवेश ऑपरेटरों को कैश ट्रांसफर के बदले शेल कंपनियों से 4.81 करोड़ रुपये की आवास प्रवष्टियिां प्राप्त हुईं। बयान में कहा गया कि इन राशियों का उपयोग सीधे जमीन की खरीद या दिल्ली और उसके आसपास कृषि भूमि की खरीद के लिए किए गए ऋण की अदायगी के लिए किया गया था।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  

1. अंक-235, (वर्ष-05)
2. बुधवार, जून 1, 2022
3. शक-1944, ज्येष्ठ, शुक्ल-पक्ष, तिथि-दूज, विक्रमी सवंत-2079।
4. सूर्योदय प्रातः 05:33, सूर्यास्त: 07:01।
5. न्‍यूनतम तापमान- 28 डी.सै., अधिकतम-39+ डी.सै.। उत्तर भारत में बरसात की संभावना।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु, (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102
http://www.universalexpress.page/
www.universalexpress.in
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745
           (सर्वाधिकार सुरक्षित)

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई  इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। चुनावी बॉन्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को कड़ी फटकार लग...