शनिवार, 1 जुलाई 2023

काले रंग के कपड़े पहनने से नाराज हो जाते हैं 'शिव'

काले रंग के कपड़े पहनने से नाराज हो जाते हैं 'शिव'

सरस्वती उपाध्याय 

सावन का महीना भगवान शिव की पूजा के लिए बहुत शुभ माना जाता है। 4 जुलाई 2023 को सावन शुरू होगा। सावन में सोमवार का व्रत करना और शिवलिंग पर जल चढ़ाना भोलेनाथ को खुश करता है। आप भगवान शिव को प्रसन्न कर सकते हैं और अपनी इच्छाओं को पूरा कर सकते हैं। सावन में भगवान शिव बहुत जल्दी प्रसन्न होते हैं। लेकिन शिव सावन में एक छोटी-सी गलती से नाराज़ हो जाते हैं। शिवजी सावन में इस रंग के कपड़े पहनने से नाराज होते हैं, इसलिए आपको सावन में किस रंग का कपड़ा नहीं पहनना चाहिए।

इस रंग के कपड़े सावन में नहीं पहनें...

भगवान शिव को प्रसन्न करना चाहते हैं तो रंगों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सावन में काले कपड़े नहीं पहनना चाहिए।

शनिदेव को छोड़कर सभी देवताओं को काला रंग अशुभ लगता है। ऐसे में भगवान शिव को काले कपड़े पहनना परेशान करता है।

सावन में काले कपड़े पहनकर पूजा नहीं करनी चाहिए। जब भगवान शिव नाराज़ हो जाते हैं, तो मनाना मुश्किल हो जाता है।

इस रंग के कपड़े पहनने से भोलेनाथ होंगे खुश...

सफेद और आसमानी रंग के कपड़े पहनना सावन में महादेव को खुश करेगा। इससे भगवान भोलेनाथ खुश होते हैं। पीले और केसरी रंग के कपड़े भी शुभ हैं। इस रंगों के कपड़े पहनकर पूजा करना अच्छा होता है। सावन में लाल कपड़े पहनना भी अच्छा है। भगवान शिव को हरा बहुत अच्छा लगता है। हरे कपड़े पहनकर शिव की पूजा करने से वे प्रसन्न होते हैं।

डीएम-एसपी ने आमजन की शिकायतों को सुना

डीएम-एसपी ने आमजन की शिकायतों को सुना


शिकायतें आई 121 निस्तारण हुई केवल 10

तहसील मंझनपुर में डीएम-एसपी ने सुनी जन-शिकायतें

कौशाम्बी। जिलाधिकारी सुजीत कुमार एवं पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने तहसील मंझनपुर में आमजन की शिकायतों को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर शिकायत निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों को 07 दिन के अन्दर निस्तारित किया जाएं तथा आई0जी0आर0एस0 के तहत प्राप्त शिकायत को समयान्तर्गत निस्तारित किया जाय, कोई शिकायत डिफाल्टर न होने पाएं। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 03 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। 

समाधान दिवस में शिकायतकर्ता ऐसन निवासी ग्राम-छिमिरछा द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि गांव के मोहर्रम अली द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल को जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार शिकायतकर्ता माया साहू, निवासी-ग्राम मेडुवा सलेमपुर द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि उनकी भूमिधरी पर बोई कोहड़ा की खेती को सहखातेदार ईश्वरदीन पुत्र महावीर द्वारा नष्ट कर दिया गया है, जिस पर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष को जॉच कराकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तहसील सिराथू में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 03 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा तहसील चायल में कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 04 शिकायत का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. रवि किशोर त्रिवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुष्पेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी प्रखर उत्तम एवं क्षेत्राधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

अनिल कुमार 

पूर्व मुख्यमंत्री यादव का 50वां जन्मदिन मनाया

पूर्व मुख्यमंत्री यादव का 50वां जन्मदिन मनाया


सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन को जन कल्याण दिवस के रुप में मनाया गया

समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय चौक पर केक काटने के साथ राहगीरों व मरीज़ो को हुआ फल का वितरण

बृजेश केसरवानी 

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 50वें जन्मदिन पर समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय चौक में महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन व महानगर महासचिव रवीन्द्र यादव रवि की अगुवाई में जुटे सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने युवाओं के आदर्श गरीबों, मज़लूमों, मज़दूरों, किसानों एवं शोषितों की आवाज़, अखिलेश यादव के चित्र के सामने केक रख कर काटा और उनकी तस्वीर पर सांकेतिक रूप से केक खिलाने की रस्म अदा करते हुए दीर्घायु की कामना की।

वहीं मीरगंज, लोकनाथ चौराहा, घंटाघर, नखास कोहना सब्ज़ी मण्डी आदि स्थानों पर राहगीरों को रिक्शा चालकों व आम लोगों को फल वितरित किया। इसी प्रकार शहर पश्चिमी शहर उत्तरी व शहर दक्षिणी के क्षेत्रों में भी कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का जन्मदिन विभिन्न तरीकों से मनाया।

कार्यक्रम में सैय्यद इफ्तेखार हुसैन, रवीन्द्र यादव रवि, डॉ मान सिंह यादव, वज़ीर खान, अभिमन्यु पटेल, ओ पी यादव, अब्दुल समद, मोहम्मद अज़हर, सैय्यद मोहम्मद अस्करी, भोला पाल, हरीश श्रीवास्तव, रमाकांत पटेल, संतोष कुमार निषाद, मंजू यादव, सुषमा यादव, आरती पाल, प्रमोद यादव, मनीष पांडेय, अमित कुमार गुप्ता, सुरेश कुमार श्रीवास्तव, पंकज साहू, जय भारत यादव, नन्हे मंसूरी, सुधीर निषाद, अजय यादव, अंकित कुमार पटेल, अरुणेश जायसवाल, रोबिन लोहिया गिहार, वरुण सोनकर, महेश कुमार यादव, ताहिर उमर, अमित त्रिपाठी, महेन्द्र सिंह, कमाल कुरैशी, शहज़ाद आलम, वीरु यादव, विकास यादव, प्रशांत शुक्ला, आलोक दुबे, विनय कुमार यादव, राजेश पटेल, विजय चौहान, सुहैल सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे।

कांवड़ यात्रा और कानून व्यवस्था को लेकर बैठक 

कांवड़ यात्रा और कानून व्यवस्था को लेकर बैठक 

बृजेश केसरवानी 
प्रयागराज। भगवान शिव को पूजने का पावन महीना शुरू होने वाला है। चार जुलाई से सावन का महीना शुरू हो जाएगा। इस महीने में भगवान शिव की पूजा करने के लिए भक्त दूर-दूर जल लेकर प्रयागराज पहुंचते हैं। हर साल की तरह इस साल भी कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश में लगातार तैयारियां की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार पुलिस प्रशासन बैठक कर रहा है। आज भी बैठक की गई, जिसमें कांवड़ियों की सुरक्षा पर जोर दिया गया है। शनिवार को श्रावण मास में कांवड़ यात्रा और कानून व्यवस्था को लेकर आज प्रयागराज में बैठक हुई। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी विजय कुमार पुलिस लाइन में बैठक की। दोनों अधिकारी एडीजी जोन, आईजी रेंज, पुलिस कमिश्नर सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस बैठक में कांवड़ियों की सुरक्षा पर जोर दिया गया।
प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी ने कांवरियों की सुरक्षा पर जोर दिया है। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया है। सभी रास्तों पर डायवर्जन किया जायेगा। गंगा के घाटों से लेकर रास्ते में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मीडिया से बातचीत में प्रमुख सचिव गृह ने कहा की ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन की तरफ से सभी इंतजाम किए गए हैं। डीजीपी विजय कुमार ने कहा की सुरक्षा में पर्याप्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रयागराज, कानपुर और चित्रकूट के अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक चली बैठक में अधिकारीद्वय ने तैयारियों की समीक्षा भी की है। कांवड़ को लेकर कानपुर जोन की भी समीक्षा हो रही है। एडीजी कानपुर यहां आए हैं। इस बैठक में कांवड़ को लेकर सुरक्षा और यातायात पर चर्चा की जा रही है।

अमरनाथ यात्रा, सिन्हा ने विभिन्न कदम उठाएं

अमरनाथ यात्रा, सिन्हा ने विभिन्न कदम उठाएं

इकबाल अंसारी 

श्रीनगर। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कहा कि अमरनाथ तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर करने और आध्यात्मिक यात्रा को एक सुखद अनुभव बनाने के लिए विभिन्न कदम उठाएं गए हैं। सिन्हा ने राजभवन में स्थापित नियंत्रण कक्ष संचालन पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। 

बासठ दिन चलने वाली अमरनाथ यात्रा मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम के दो मार्गों से शुरू हुई है। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल ने नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों के साथ उनकी टीम की कतार प्रबंधन, सुरक्षा कर्मियों, महिला कांस्टेबलों की तैनाती, निचली पवित्र गुफा में लंगर और सुरक्षा बलों के संचालन, रेलिंग और हेली सेवाओं की स्थापना की समीक्षा की और किए गए अनुकरणीय कार्यों की सराहना की। 

उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) का नियंत्रण कक्ष चौबीस घंटे काम कर रहा है और परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए जमीन पर विभिन्न हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है। तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार करने और आध्यात्मिक यात्रा को एक सुखद अनुभव बनाने के लिए सर्वोत्तम आराम प्रदान करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। बैठक के दौरान श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ मंदीप कुमार भंडारी, एसएएसबी के अतिरिक्त सीईओ राहुल सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 

चैरिटेबल क्लीनिक के निशुल्क कैंप का उद्घाटन

चैरिटेबल क्लीनिक के निशुल्क कैंप का उद्घाटन

सत्येंद्र पंवार 

मेरठ। जनपद मेरठ के रेलवे रोड स्थित वर्धमान चैरिटेबल क्लीनिक के निशुल्क स्वास्थ्य कैंप का भव्य उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक मीणा के कर कमलों द्वारा किया गया, जिसमें विद्यालय की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन, सचिव अतुल कुमार जैन, कोषाध्यक्ष विनय कुमार जैन ने जिलाधिकारी महोदय को स्मृति चिन्ह व पुष्प गुच्छ भेंट कर तथा पटका पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रुपाली चौधरी ने भी छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर जिलाधिकारी को उनका स्केच भेंट कर स्वागत किया। डीएम ने समस्त परिसर का अवलोकन किया तथा प्रबंधन समिति द्वारा किए गए समस्त कार्यों की सराहना की तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

वर्धमान चैरिटेबल क्लीनिक में कार्यरत सभी डॉक्टर्स को जिलाधिकारी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वर्धमान एकेडमी रेलवे रोड़ व वर्धमान चैरिटेबल क्लीनिक की भव्य नवनिर्मित इमारत व कार्यों से जिलाधिकारी महोदय अत्यंत प्रभावित हुए।

'एलपीजी' सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं 

'एलपीजी' सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। 1 जुलाई को रसोई गैस सिलेंडर के दाम अपडेट हो गए हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1103 रुपये पर बनी हुई है। वहीं, कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1773 रुपये पर बरकरार है। आपको बता दें कि जून महीने में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 83 रुपये कम हो गए थे। मई महीने में भी 172 रुपये सस्ता हुआ था।

आखिरी बार घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम छह जुलाई 2022 को बढ़े थे। इस दिन तक देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 1053 रुपये थे, जो अब 1103 रुपये है। यह 50 रुपये की बढ़ोतरी को दिखाता है। कहने का मतलब है कि एक साल से घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर हैं। इस तरह के सिलेंडर की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था। दिल्ली में जनवरी और फरवरी महीने के दौरान कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 1769 रुपये पर बने हुए थे।

मार्च 2023 के दौरान इसकी कीमत में बढ़ा इजाफा हुआ और 2119.50 रुपये पर भाव पहुंच गए। अप्रैल, मई में कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम क्रमश: 2028 रुपये और 1856.50 रुपये रहे। बता दें कि घरेलू सिलेंडर 14.2 किलोग्राम के होते हैं, तो वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर का वजन 19 किलोग्राम होता है।

भारतीय वन सेवा की परीक्षा में 18वीं रेंक हासिल 

भारतीय वन सेवा की परीक्षा में 18वीं रेंक हासिल 


प्रज्जवल की सफलता में एक कड़ी और जुड़ी

अब भारतीय वन सेवा परीक्षा में पाई 18वीं रेंक

मनोज सिंह ठाकुर 

छतरपुर। पेराडाईज सिटी निवासी प्रभु दयाल चौरसिया के होनहार बेटे प्रज्जवल चौरसिया की सफलता में उस वक्त एक कड़ी और जुड़ गई जब प्रज्जवल ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा की परीक्षा में 18वीं रेंक हासिल की। प्रज्जवल को मिल रही लगातार सफलताओं से चौरसिया परिवार में खुशी का माहौल है।

ज्ञात हो कि प्रज्जवल चौरसिया ने 23 मई को सिविल सर्विसिस की परीक्षा में 770वीं रेंक हांसिल कर पूरे प्रदेश में छतरपुर का मान बढ़ाया था, उसके बाद 2 जून को जब असिस्टेंट कमाण्डेंट की परीक्षा का रिजल्ट आया तो इसमें भी प्रज्जवल ने सफलता के झंडे गाढ़ते हुए ऑल इंडिया में 90वीं रेंक हासिल की और आज घोषित हुए भारतीय वन सेवा परीक्षा के परिणामों में 18वीं रेंक हासिल कर प्रज्जवल चौरसिया ने सभी को चौंका दिया है।

एक के बाद एक लगातार मिल रही सफलताओं से न सिर्फ चौरसिया परिवार में बल्कि पूरी पैराडाईज कॉलौनी में खुशी का माहौल है और सभी प्रज्जवल को बधाईयां व शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रज्जवल मूलतः महाराजपुर के निवासी हैं और वर्तमान में पन्ना रोड स्थित पैराडाईज कॉलौनी में निवास करते हैं उनके पिता श्री पीडी चौरसिया एनएमडीसी पन्ना से सेवा निवृत्त फार्मासिस्ट हैं और मां मालती चौरसिया गृहणी हैं।

पुलिस को मिला 'बकरा' तलाशने का टास्क 

पुलिस को मिला 'बकरा' तलाशने का टास्क 

संदीप मिश्र 

बरेली। कुर्बानी के लिए लाया गया बकरा ईद से एक दिन पहले किसी ने चुरा लिया। काफी खोजबीन के बाद भी बकरे का कोई पता नहीं चला तो पीड़ित ने थाने में अज्ञात के खिलाफ बकरा चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को काले रंग का बकरा तलाशने का टिपिकल टास्क मिला है।

थाना बारादरी क्षेत्र के कटरा चांद खां के रहने वाले जरी कारीगर आसिम खां पुत्र इदरीश खां ने बताया वह 20 जून को कुर्बानी के लिए 32 हजार के दो बकरे खरीद कर लाए थे। जिसमें एक बकरा काले रंग का और दूसरा भूरे रंग का था। 28 जून को काला बकरा घर के बाहर रस्सी से बंधा हुआ था। इसी बीच अज्ञात चोर जरी कारीगर का बकरा चोरी कर ले गए। घर के बाहर से बकरा गायब होने के बाद जरी कारीगर ने मोहल्ले बस्ती में बकरे को काफी तलाश किया। लेकिन उनका बकरा कहीं नहीं मिला। जरी कारीगर ने घटना की जानकारी बारादरी थाने पुलिस को दी।

शुरुआत में पुलिस ने बकरा आस-पास खोजने की बात कहकर पीड़ित को थाने से वापस कर दिया। लेकिन ईद के दूसरे दिन भी बकरे का कोई सुराग नहीं लग सका। जिसके बाद आसिम ने फिर थाने पहुंचकर पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। साथ ही उसने पुलिस को बकरे की फ़ोटो भी सौंपी है। जिसमें उसने बकरे की उम्र एक साल बताई है। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बकरे की खोजबीन शुरू कर दी है।

लापरवाही: नूडल्स में दिखा मेंढक, उड़े होश

लापरवाही: नूडल्स में दिखा मेंढक, उड़े होश

मोमीन मलिक 

सोशल मीडिया पर कभी ऐसा कुछ सामने आता है, कि हमें बहुत हंसी आती है मगर कभी-कभी ऐसा कुछ सामने आता है कि आंखें फटी की फटी रह जाती हैं। अभी एक ऐसा ही चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जब एक शख्स को ऐसे नूडल्स परोस दिए गए जिसमें जिंदा मेंढक पड़ा था।

हैरानी की बात है कि ग्राहकों को भी इसकी भनक नहीं लगी कि जो नूडल्स वो खा रहा है, उसके अंदर मेंढक पड़ा हुआ है। ग्राहक को जब पता चला, जब वह आधा खाना खा चुका था।

सब्जी, फल और फूलों की खेती, अनुदान मिलेगा

सब्जी, फल और फूलों की खेती, अनुदान मिलेगा

भानु प्रताप उपाध्याय 

मुजफ्फरनगर। जिले के अनुसूचित जाति के किसानों को सब्जी, फल और फूलों की खेती करने पर अनुदान मिलेगा। एक हेक्टेयर पर 37 हजार 500 रुपये का अनुदान उद्यान विभाग देगा।

अनुसूचित जाति के लघु और सीमांत किसानों को फलों, सब्जियों और पुष्पों की खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने अनुदान की योजना चलाई है। किसान को लागत का 75 प्रतिशत अनुदान के रूप में दिया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि कद्दू, लौकी, तोरी की खेती पर एक हेक्टेयर पर 37500 का अनुदान दिया जाएगा। जितनी कम जमीन में किसान खेती करेगा उसी के हिसाब से उसे अनुदान दे दिया जाएगा।

मिर्च, शिमला मिर्च की खेती पर भी किसानों को अनुदान दिया जाएगा। शिमला मिर्च पर 37500 प्रति हेक्टेयर और मिर्च पर 27 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान दिया जाएगा। मधुमक्खी पालन करने वाले किसानों को 3600 रुपये बाक्स का अनुदान दिया जाएगा। इसका लक्ष्य पांच हेक्टेयर है। इसी के साथ गेंदा की खेती करने वाले किसानों को एक हेक्टेयर पर 36000 हजार का अनुदान दिया जाएगा। छह हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। गुलाब की खेती करने वाले किसानों को 90 हजार का अनुदान एक हेक्टेयर पर मिलेगा। जिले में दो हेक्टेयर का लक्ष्य है।

सब्जी लक्ष्य अनुदान
कद्दू लौकी: 5.0 हे. 37500 प्रति हे.
टमाटर: 5.0 हे. 37500 प्रति हे.
मिर्च: 5.0 हे. 27000 प्रति हे.
शिमला मिर्च: 2.0 हे. 37500 प्रति हे.

जिला उद्यान अधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि अनुदान के लाभ के लिए अनुसूचित जाति के किसान उद्यान विभाग में आवेदन कर सकते हैं। किसानों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर योजना का लाभ दिया जाएगा। 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते है।

मुजफ्फरनगर: 4 जुलाई से रूट डायवर्जन प्लान लागू 

मुजफ्फरनगर: 4 जुलाई से रूट डायवर्जन प्लान लागू 

भानु प्रताप उपाध्याय 

मुजफ्फरनगर। 4 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। मुजफ्फरनगर में इसे लेकर कई अहम बदलाव किए गए हैं। कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस ने सिक्यूरिटी मजबूत कर दी है। मुजफ्फरनगर में चार जुलाई से जिले में रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया जाएगा, जो 17 जुलाई तक लागू रहेगा। इस दौरान कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों पर पूरी तक प्रतिबंध रहेगा।

डीआइजी सहारनपुर रेंज अजय साहनी, एसएसपी संजीव सुमन से लेकर सभी अधिकारी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर रहे हैं। सड़कों पर लाइटों की सुविधा से लेकर पुलिस संबंधित विभाग के अफसरों की मदद से कांवड मार्ग की खामियों का ठीक कराने में जुटी है। सुरक्षा के नजरिए से कांवड़ सेल का गठन भी कर दिया गया।

चार ड्रोन कैमरों से कांवड़ यात्रा की निगरानी की जाएगी। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी और अर्धसैनिक बल के जवान निगरानी करेंगे।

इसके लिए जिले को 6 कंपनी पीएसी, 3 कंपनी अ, एक कंपनी पीएसी गोताखोर, व चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर हर गतिविधि पर नजर रखेंगी।

इसके अलाव दूसरे जिलों से कांवड़ यात्रा के लिए 12 सौ पुलिसकर्मी मिले है। शिव चौक पर हर बार की तरह कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है, जो तीन फेज में लागू होगा। पहले फेज में चार जुलाई की सुबह पांच बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया जाएगा। तीसरे फेज में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी।

चार से 17 जुलाई तक तक कांवड यात्रा नहर पटरी मार्ग (चौ. चरण सिंह कांवड मार्ग), दिल्ली-देहरादून एनएच-58 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे (गाजियाबाद से मेरठ दिशा में) पर भारी वाहनों के लिए सुबह पांच से लागू हो जाएगा। इस मार्ग पर भारी वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे.4 से 7 जुलाई तक मीरापुर, मुजफ्फरनगर से गंगा बैराज, बिजनौर मार्ग पर भारी वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे।

7 जुलाई की रात्रि से 9 जुलाई तक हल्के व मध्यम वाहन सिर्फ एनएच- 58 की बायी लेन (मेरठ-मुजफ्फरनगर-हरिद्वार की दिशा) में ही चलेंगे। साथ ही एनएच-58 की दायी लेन हरिद्वार से आने वाले कांवडियों के लिए रिजर्व रहेगी।

9 जुलाई की रात्रि 24:00 बजे से एनएच-58 पर हरिद्वार की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगें। (वैकल्पिक मार्ग हरिद्वार की ओर से आने वाले सभी वाहन देवबंद, रामपुर तिराहा, जानसठ रोड से मेरठ-मवाना मार्ग से मेरठ पहुचेंगे)।

9 से 11 जुलाई की रात्रि 24:00 बजे तक मेरठ की ओर से आने वाले हल्के व मध्यम वाहन एकल दिशा ( वन-वे) से मुजफ्फरनगर-हरिद्वार की तरफ जा सकेंगे।

जुलाई की मध्य रात्रि से 17 जुलाई तक एनएच-58 पर वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी। जनपद आवागमन हेतु वैकल्पिक मार्ग जानसठ रोड-रामपुर तिराहा-देवबंद मार्ग का इस्तेमाल करें।

बस में आग लगने से 26 लोगों की मौत, कई घायल 

बस में आग लगने से 26 लोगों की मौत, कई घायल 

कविता गर्ग 

बुलढाणा। महाराष्ट्र के बुलढाणा में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर 32 यात्रियों को ले जा रही एक बस में आग लगने से अब तक 26 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। बुलढाणा के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि ने बताया कि घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। बस का ड्राइवर सुरक्षित है, उसने बताया कि टायर फटने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद बस में आग लग गई। ऐसे में बहुत सारे लोगों को आग लगने के बाद बस से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।

दुर्घटनाग्रस्‍त बस विदर्भ ट्रेवल्स की थी। अनियंत्रित होने के बाद बस दरवाजे की तरफ ही पलटी, इसलिए किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। जो लोग बचे वो ड्राइवर की तरफ केबिन में थे, वे शीशा तोड़कर बाहर निकले। इनमें से से भी 4 लोग जख्मी हैं।

बताया जा रहा है, कि बस नागपुर से पुणे की तरफ जा रही थी। इस दौरान बुलढाणा के सिंदखेड़राजा के पास बस में आग लगी। प्राथमिक जानकारी में यह सामने आया है कि बस में 33 लोग सवार थे। बस में जब आग लगी, तब यात्री सो रहे थे। जब तक यात्री खतरे को भांप पाते, तब तक आग बहुत बढ़ चुकी थी। इसी वजह से कई लोगों की मौत बस में हो हुई। बस में आग रात डेढ़ बजे के करीब लगी।

जिले के एसएसपी सुनील कडासने ने बुलढाणा बस आग में 26 की मौत की पुष्टि की है। बस में कुल 33 यात्री सवार थे, जिनमें से 25 की मौत हुई है। इस आग की चपेट में आने से 8 लोग बच गए, इसमें ड्राइवर भी शामिल है। ड्राइवर ने बताया कि बस का एक टायर फट जाने से वाहन एक खंभे से टकराने के बाद डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई।

एसएसपी ने बताया कि इस एक्‍सीडेंट को लेकर एक केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, हमारी प्राथमिकता अभी शवों की पहचान कर उन्‍हें परिवार के सदस्‍यों को सौंपना है।

पेट्रोल पंप पर लूट कर, सेल्समैन को घायल किया 

पेट्रोल पंप पर लूट कर, सेल्समैन को घायल किया 

मनोज सिंह ठाकुर 

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह के बाहरी हिस्से में अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने गोलीबारी कर सेल्समैन को घायल करने के उपरांत पेट्रोल पंप पर लूट की घटना को अंजाम दिया। इस वजह से सेल्समैन घायल हो गया।

बड़वाह के थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि बड़वाह महेश्वर रोड पर रतनपुर फाटे के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप पर कल रात दो दुपहिया वाहनों पर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने गोलियां चलाईं। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों को भयाक्रांत कर सेल्समैन समेत चार लोगों की जेब में रखे पैसे लेकर चले गए। उन्होंने सेल्समैन 36 वर्षीय जितेंद्र पटेल पर भी गोली चलाई, जिसके चलते उसे बांह और पैर में चोट आई हैं।

उसे तत्काल बड़वाह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव मौके पर पहुंचे और उन्होंने टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

पुल के नीचे विस्फोटक, राष्ट्रपति की हत्या का प्रयास

पुल के नीचे विस्फोटक, राष्ट्रपति की हत्या का प्रयास

अखिलेश पांडेय 

मॉस्को। तख्तापलट की नाकाम कोशिश के बाद अब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की पुल के नीचे विस्फोटक लगाकर हत्या की कोशिश की गई है। फेडरल प्रोटेक्शन सर्विस के अफसरों ने इस साजिश को नाकाम करते हुए जिस पुल के ऊपर से राष्ट्रपति का काफिला गुजरने वाला था, उसके नीचे से विस्फोटक बरामद किए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमले का शिकार होने से बाल-बाल बच गए हैं‌, जिस पुल के ऊपर से होकर राष्ट्रपति का काफिला गुजरने वाला था, उस रास्ते की तहकीकात करने के दौरान फेडरल प्रोटेक्शन सर्विस के अफसरों ने नदी के पुल की जांच के दौरान वहां पर पहले से लगा कर रखे गए विस्फोटक बरामद किए हैं।

इस पुल के नीचे विस्फोटक रखे जाने का अफसरों को संदेह हुआ था। माना जा रहा है कि यह पुल क्रेमलिन और मास्को के बाहर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अधिकारी आवास के रास्ते पर है। वीसीएचके ओजीपीयू की पोस्ट के मुताबिक एफएसओ के अफसर जब नाव में सवार होकर नदी के तल पर रखे गए विस्फोट के जरिए पुतिन की हत्या की साजिश के संबंध में जांच कर रहे थे तो संघीय सुरक्षा सेवा के एक ड्यूटी अधिकारी ने पुल के नीचे एक संदिग्ध नाव होने की सूचना दी‌।

पुल पर गाड़ियों की आवाजाही की वजह से इस संदिग्ध नाव को हटाने के लिए कहा गया था, जिसके बाद गोताखोरों ने नदी के पानी में कूदकर देखा तो वहां पर विस्फोटक लगे मिले।

जन्मदिन, यादव को भावी प्रधानमंत्री करार दिया 

जन्मदिन, यादव को भावी प्रधानमंत्री करार दिया 

संदीप मिश्र 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर सपा प्रवक्ता ने बधाई देते हुए पोस्टर में उन्हें भावी प्रधानमंत्री करार दिया है। उधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्वीट करते हुए सपा मुखिया को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी लंबी उम्र की कामना की है। 

शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव के जन्मदिन पर पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की ओर से 50 सेकंड का शीर्षासन करते हुए बधाई दी गई है। उत्तर प्रदेश के अन्य सभी शहरों के जिला दफ्तरों पर भी आज पार्टी मुखिया अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया जा रहा है। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित हनुमान मंदिर में पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने वहां पर हवन पूजन किया और सपा मुखिया की लंबी आयु की ईश्वर से दुआ मांगी। 

सपा सुप्रीमों अखिलेश के जन्मदिन पर सियासत को गर्माते हुए प्रवक्ता फखरुल हसन चांद की ओर से सपा दफ्तर के बाहर लगवाए गए होर्डिंग में अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए जन्मदिन की बधाई दी गई है। लोलुपता और मक्खनबाजी की हदों को पार करते हुए लगाया गया यह हार्डिंग अब चर्चाओं में बना हुआ है। छात्र राजनीति करते हुए पॉलिटिक्स में आए फखरुल हसन चांद फिलहाल समाजवादी के प्रवक्ता है और वह पार्टी दफ्तर पर सपा मुखिया को भावी प्रधानमंत्री का बोर्ड लगा कर अब चौतरफा चर्चाएं बटोर रहे हैं।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण


1. अंक-261, (वर्ष-06) पंजीकरण:- UPHIN/2010/57254

2. रविवार, जुलाई 2, 2023

3. शक-1944, आषाढ़, शुक्ल-पक्ष, तिथि- चतुर्दशी, विक्रमी सवंत-2079‌‌।

4. सूर्योदय प्रातः 05:20, सूर्यास्त: 07:15। 

5. न्‍यूनतम तापमान- 20 डी.सै., अधिकतम- 34+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेगी।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है। 

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु  (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसैन पंवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102। 

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया

पायलट ने फ्लाइट अटेंडेंट को प्रपोज किया  अखिलेश पांडेय  वारसॉ। अक्सर लोग अपने प्यार का इजहार किसी खास जगह पर करने का सोचते हैं। ताकि वो पल ज...