शुक्रवार, 30 जून 2023

लोगों को छलने व गुमराह करने का आरोप 

लोगों को छलने व गुमराह करने का आरोप 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। कांग्रेस ने खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने सरकार पर ‘‘अच्छे दिन’’ के नारे से लोगों को छलने और ‘‘गोएबल्स से प्रेरित’’ भाषणों के जरिये उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, “उन्होंने नारा दिया था, ‘बहुत हुई महंगाई की मार।’

झूठ की बिसात बिछाकर ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ कहकर लोगों से केवल छल किया गया। परिणाम यह है कि पिछले नौ वर्षों में जनता की थाली केवल महंगाई की आग में झुलस रही है। खानपान की जरूरी वस्तुओं की कीमतों में कोई कमी नहीं आई है और जनता की कमाई पर भाजपाई लूट हावी है।”

उन्होंने लिखा, “महंगाई को लेकर मोदी जी के मंत्री नित नये बहाने बनाते हैं और जनता की खाली होती थाली में झूठ और प्रोपेगेंडा (दुष्प्रचार) परोसे जाते हैं। पारिस्थितिकी के कुछ पहरेदार यह भी गिनवाते हैं कि ‘महंगाई हमारे लिए कैसे अच्छी है’, ‘मोदी जी ने किया होगा, तो कुछ सोच-समझकर ही किया होगा।’ ‘गोएबल्स से प्रेरित’ ऐसे व्याख्यानों से लोगों को बरगलाते हैं।” खरगे ने कहा, “पर अब जनता जागरूक हो रही है।

जनता जान चुकी है कि जानलेवा महंगाई की असली प्रायोजक केवल मोदी सरकार ही है।” ट्वीट के साथ खरगे ने एक चार्ट भी साझा किया, जिसमें चावल, गेहूं, अरहर दाल, प्याज, आलू, टमाटर, दूध, नमक और चीनी जैसी खाद्य वस्तुओं की मौजूदा और पिछले साल की कीमतें दी गई हैं। ‘गोएबल्स’ से खरगे का इशारा नाजी तानाशाह एडॉल्फ हिटलर के मंत्री जोसेफ गोएबल्स की तरफ समझा जा रहा है, जिसे झूठ और दुष्प्रचार फैलाने के लिए जाना जाता था।

कैबिनेट मंत्री बर्खास्त, तानाशाही करार दिया

कैबिनेट मंत्री बर्खास्त, तानाशाही करार दिया

इकबाल अंसारी 

हैदराबाद। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने तमिलनाडु में कैबिनेट मंत्री को बर्खास्त करने के राज्यपाल आर. एन. रवि के फैसले को ‘तानाशाही’ करार दिया है। सुले ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा कि राज्यपाल ने ऐसा व्यवहार किया, मानो वह तमिलनाडु के नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यपाल हों।

नौकरियों के बदले नकदी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मंत्री वी. सेंथिल बालाजी को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों के बाद राज्यपाल ने बृहस्पतिवार को उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया। हालांकि, बाद में राज्यपाल ने बर्खास्तगी आदेश को फिलहाल स्थगित रखने का फैसला किया और मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को इसके बारे में सूचित किया।

इस पूरे मामले को लेकर सुप्रिया सुले ने कहा, ‘‘ये तानाशाही है। कहां है संविधान और लोकतंत्र? अगर ऐसी घटना तमिलनाडु में हो सकती है तो अन्य राज्यों में भी हो सकती है।’’ समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘इस पर अभी प्रतिक्रिया देना जल्दबाजी होगी।

इसका मसौदा आने दीजिए, फिर हम जवाब देंगे।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में यूसीसी को लागू करने पर जोर देते हुए मंगलवार को कहा था कि संवेदनशील मुद्दों पर मुसलमानों को भड़काया जा रहा है।

28वां अंतरराष्ट्रीय गंतव्य घोषित हुआ 'जकार्ता' 

28वां अंतरराष्ट्रीय गंतव्य घोषित हुआ 'जकार्ता' 

अखिलेश पांडेय 

जकार्ता/कोलकाता/मुंबई। इंडिगो एयरलाइन ने सात अगस्त से जकार्ता को अपना 28वां अंतरराष्ट्रीय गंतव्य घोषित किया है। इंडिगो मुंबई को जकार्ता से सीधे जोड़ने वाली पहली एयरलाइन होगी। इंडिगो ने शुक्रवार को मीडिया में जारी बयान में कहा कि जकार्ता-मुंबई के बीच इन विशेष दैनिक उड़ानों के लिए अब बुकिंग खोल दी गयी है। बयान में कहा गया कि इन उड़ानों से जकार्ता की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।

इंडोनेशिया की यात्रा की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए इन्हें शुरू किया गया है। इंडिगो में वैश्विक विपणन के प्रमुख विनय मल्होत्रा ​​ने कहा, “हम अपने विस्तारित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के भीतर जकार्ता को अपने सबसे नए गंतव्यों में शामिल करने के लिए उत्साहित हैं। भारत और इंडोनेशिया द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और सीधा सम्पर्क बढाने पर विचार कर रहे हैं।

इस नए मार्ग के खुलने से दोनों देशों में व्यापार का प्रचार और पर्यटन की आसान पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा,“ राजधानी जकार्ता और दक्षिण-पूर्व एशिया का सबसे बड़ा शहर है, जबकि इंडोनेशिया अपने प्राचीन समुद्र तटों और प्रचुर संस्कृति और परंपरा के कारण भारतीय पर्यटकों के लिए पसंदीदा अवकाश स्थलों में से एक है।

लोगों और उनकी आकांक्षाओं को जोड़ने वाली नई उड़ानें पेश करते हुए, इंडिगो एक अद्वितीय नेटवर्क पर किफायती, समयबद्ध और परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव के अपने वादे को पूरा करना जारी रखेगा।''

भाजपा के चुनावी अभियान का शंखनाद: शाह

भाजपा के चुनावी अभियान का शंखनाद: शाह

नरेश राघानी 

जयपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज एक दिवसीय राजस्थान दौरे पर आए। इस दौरान उन्होंने उदयपुर से भाजपा के चुनावी अभियान का शंखनाद किया और मेवाड़ की धरा से आदिवासी वोट बैंक को सादने की कोशिश की गई। अमित शाह ने उदयपुर के गांधी ग्राउंड में आयोजित जनसभा में शाह ने न सिर्फ केंद्र में मोदी सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों का बखान किया, बल्कि राज्य की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।

उन्होंने अपने संबोधन में राजस्थान को त्याग, तपस्या और बलिदान की भूमि जबकि मेवाड़ की धरा को भक्ति और शक्ति की वीरभूमि बताया।

भाषण में शाह ने प्रदेश के चर्चित कन्हैया लाल हत्याकांड का भी ज़िक्र किया। उन्होंने गहलोत सरकार को ''3 D'' पर चलने वाली सरकार बताया। जिसका मतलब समझाते हुए उन्होंने कहा, 'पहला D दंगा, दूसरा D - महिलाओं से दुर्व्यवहार, तीसरा D - दलितों पर अत्याचार''।

अपने भाषण में राजस्थान सचिवालय की अलमारियों में निकली नगदी और जेवरात पर भी सरकार को घेरा, तो वही पेपर लीक मामले पर कहा परीक्षाओं में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे टॉप कर जाते हैं और जनता बेचारी रह जाती है।

सेंसेक्स व निफ्टी में मजबूत ओपनिंग हुई

सेंसेक्स व निफ्टी में मजबूत ओपनिंग हुई

कविता गर्ग 

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार रोज नई ऊंचाइयों को छू रहा है। गुरुवार की छुट्टी के बाद शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूत ओपनिंग हुई है। फिलहाल सेंसेक्स 390.81 (0.61%) अंकों की मजबूती के साथ 64,306.23 अंकों के अपने नए ऑल टाइम हाई पर कारोबार कर रहा है।

वहीं, दूसरी ओर निफ्टी भी 113.65 (0.6%) अंक उछलकर 19,085.75 के अपने नए सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर ट्रेड करता दिख रहा है। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार की बंपर तेजी में आईटी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दिखी। निफ्टी में पावर ग्रिड और एशियन पेंट्स के शेयर दो-दो फीसदी से अधिक की तेजी के साथ कारोबार करते दिख रहे हैं।

इससे पहले बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 500 अंकों की मजबूती के साथ के साथ 63,915 अंकों के लेवल पर बंद हुआ था। वहीं रुपया डॉलर के मुकाबले 0.02 (-0.02%) अंकों की कमजोरी के साथ 82.04 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।वित्त वर्ष 24 की पहली तिमाही में विदेशी संस्थागत निवेशकों या एफआईआई से 10 अरब डॉलर का मजबूत समर्थन मिलता है।

इससे दलाल स्ट्रीट पर बुल्स को रिकॉर्ड मजबूती हासिल करने में मदद मिली है। निफ्टी पिछले 3 महीनों में लगभग 12% उछला है।

इस्तीफा देने से इंकार, समर्थकों ने लेटर फाड़ा

इस्तीफा देने से इंकार, समर्थकों ने लेटर फाड़ा

इकबाल अंसारी 

इंफाल। मणिपुर में पिछले करीब दो महीनों से हिंसा के हालात बने हुए हैं। जहां इस बीच शुक्रवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफा देने की चर्चा तेज हो गई। 

लेकिन जब मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के समर्थकों को यह पता चला कि वह इस्तीफा देने जा रहे हैं तो वह विरोध प्रदर्शन करने लगे। एन बीरेन सिंह के समर्थक भारी संख्या में मुख्यमंत्री आवास के बाहर जम गए और 'एन बीरेन सिंह इस्तीफा न दो' के तेज-तेज नारे लगाए।

बताया जाता है कि, जब मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह राजभवन जाने के लिए निकले तो समर्थकों ने उन्हें आगे जाने से रोक लिया। जिसके बाद मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने समर्थकों से मुलाकात की और जानकारी के अनुसार इस बीच मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का इस्तीफा लेटर समर्थकों ने फाड़ दिया। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के फटे हुए इस्तीफे लेटर की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। जिस पर लोग तंज भी कस रहे हैं। लोग बोल रहे हैं कि, इस्तीफा देना ही नहीं था इसलिए फड़वा दिया। वरना मुख्यमंत्री के इस्तीफे को कौन फाड़ देगा भला? सब नौटंकी है।

मैं इस्तीफा नहीं दूंगा- मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह 

फिलहाल, अब मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। एन बीरेन सिंह ने खुद इस बात की पुष्टि कर दी है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि, वह इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा-  मणिपुर के इस महत्वपूर्ण मोड़ पर मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दूंगा।

मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के विरोध में डटे लोगों का कहना था कि, "हम नहीं चाहते कि सीएम इस्तीफा दें, उन्हें इस्तीफा नहीं देना चाहिए। वह हमारे लिए बहुत काम कर रहे हैं। सीएम को हमारा समर्थन हैं। लोगों ने कहा कि, हम 2 महीने से उथल-पुथल की स्थिति में हैं। हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब भारत सरकार और मणिपुर सरकार इस संघर्ष को लोकतांत्रिक तरीके से हल करेगी। ऐसी स्थिति में अगर मणिपुर के सीएम इस्तीफा दे देते हैं, तो लोग कैसे रहेंगे यहाँ? हमारा नेतृत्व कौन करेगा? वह संघर्ष की शुरुआत से ही हमारा नेतृत्व कर रहे हैं।

आपको बता दें कि, मणिपुर में जातीय हिंसा पनपने के बाद हालात लगातार बिगड़े हुए हैं। मई से मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था और इसके बाद राज्य में जातीय हिंसा भयावह हो गई। जगह-जगह आगजनी-तोड़फोड़ हो रही है। गोलियां चल रही हैं। लोग मर रहे हैं। हिंसा पर काबू पाने के लिए सेना और अर्धसैनिक बलों को मैदान में उतारा गया है। लेकिन हालात संभल नहीं रहे।

सेहत के लिए जरूरी तत्व है 'एंटीओक्सीडेंट'

सेहत के लिए जरूरी तत्व है 'एंटीओक्सीडेंट'

सरस्वती उपाध्याय 

स्वस्थ जीवन के लिए आपका आहार स्वस्थ होना जरूरी हैं और इसमें हर वह तत्व शामिल होना चाहिए, जो शरीर को मजबूत बनाए।

प्रोटीन और विटामिन की तरह एंटीऑक्सीडेंट भी शरीर की सेहत के लिए जरूरी तत्व होता हैं। एंटीऑक्सीडेंट अच्छे स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एंटीऑक्सीडेंट शक्तिशाली यौगिक होते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से सुरक्षित रखने और कोशिकाओं की क्षति से बचाते हैं।बीटा-कैरोटीन, विटामिन E और विटामिन C से युक्त खाद्य पदार्थ एंटीऑक्सीडेंट के बेहतरीन स्रोत होते हैं। आज हम आपको एंटीऑक्सीडेंट से शरीर को मिलने वाले फायदों और उन आहार के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनसे शरीर में इसकी भरपाई हो सकती हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में...!

कैंसर के जोखिम को करें कम...

कैंसर के दौरान शरीर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट की स्थिति में काफी कमी आ जाती है। इसमें उच्च एंटीऑक्सीडेंट खाद्य पदार्थों को लेने से इसके लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है।एंटीऑक्सीडेंट कैंसर के दौरान फ्री रेडिकल्स प्रक्रिया से होने वाली क्षति को रोक सकते हैं।

आंखों के लिए अच्छा...

आंखों को स्वस्थ रखने के लिए एंटीऑक्सीडेंट बहुत जरूरी होते हैं। विटामिन C आंखों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है।उम्र के साथ आंखों की रोशनी कमजोर होती जाती है। आंखों की रोशनी तेज रखने के लिए एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आहार लेना चाहिए।

इम्यूनिटी बढ़ाएं...

हेल्दी ऐजिंग के लिए स्वस्थ इम्यूनिटी की आवश्यकता है।इसलिए यह सुनिश्चित होना चाहिए कि आपका आहार एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है। फ्री रेडिकल से रक्षा करने और सेल्स और टिशू को स्वस्थ रखता है एंटीऑक्सीडेंट। 

एंटीऑक्सीडेंट की क्षमता आपके इम्यूनिटी के स्तर को बढ़ावा देने में मदद करती है। इसलिए, इसका सेवन आपके दिल को स्वस्थ रखेगा।

मधुमेह को करे नियंत्रित...

मुक्त कणों के कारण मधुमेह का खतरा और बढ़ जाता है।अत्यधिक ग्लूकोज का सेवन और इंसुलिन में गिरावट शरीर की चीनी लेने की क्षमता को प्रभावित करती है। ऐसे में डायबिटीज हो सकती है। एंटीऑक्सीडेंट एक बेहतर ग्लाइसेमिक नियंत्रण प्राप्त करने में मदद करते हैं।

सूखे मेवे

सूखे मेवे का नियमित सेवन शरीर को कई प्रकार के लाभ दे सकते हैं। अखरोट, पेकान और बादाम जैसे सूखे मेवे ओमेगा-3 और कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स से भी भरपूर होते हैं। सूखे मेवे कई प्रकार के रोगों के जोखिम को कम कर सकते हैं। सूखे मेवे में पाए जाने वाले शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स रोगों से सुरक्षित रखने में मदद करते हैं।

चुकंदर

चुकंदर में हल्का मिट्टी जैसा स्वाद होता है और यह फाइबर, पोटेशियम, आयरन और फोलेट और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। इससे बनने वाली सब्जी में बेतालैंस नामक एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो चुकंदर को लाल रंग देता है। चुकंदर को सूजन को दबाने और पेट और पाचन तंत्र में कैंसर के खतरे को कम करने के लिए जाना जाता है।

डार्क चॉकलेट

डार्क चॉकलेट का सेवन शरीर के लिए कई प्रकार से फायदेमंद हो सकता है। डार्क चॉकलेट एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा समृद्ध स्रोत हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि डार्क चॉकलेट हृदय रोग और कई प्रकार के कैंसर के खतरे को कम कर सकते हैं। डार्क चॉकलेट का नियमित सेवन करने से कई तरह के रोगों से सुरक्षा मिल सकती है।

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...