शुक्रवार, 22 जुलाई 2022

विधानसभा में कन्या विद्यालय की मांग उठाई: शिक्षा

विधानसभा में कन्या विद्यालय की मांग उठाई: शिक्षा 


विधानसभा में विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने बरबंदा में हायर सेकेंडरी एवं धनेली और बरोदा में कन्या विद्यालय की मांग जोर-शोर से उठाई...

विधानसभा में धरसीवा विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा के द्वारा अपने विधानसभा में स्कूलों की मांग की...

विधायक अनीता योगेंद्र शर्मा ने सरकार के द्वारा चल रही विभिन्न योजनाओं को सराहा...

दुष्यंत टीकम
रायपुर। धरसीवा विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा के द्वारा आज पंचम विधानसभा के मानसून सत्र में आज राज्य सरकार के द्वारा चल रही प्रमुख योजनाओं को सराहा और कहां आज हाट बाजार क्लीनिक, जिससे ग्राम पंचायत में वह वर्ग जो स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। उन्हें निशुल्क इलाज देकर हम उन महिलाएं जो एनीमिया से ग्रसित थी। मगर उन्हें उचित इलाज ना मिलने से बहुत ही समस्याओं सामना करना पड़ता था। जो आज उन्हें उचित स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। साथ ही भूमिहीन किसानों को जो सम्मान हमारी सरकार दे रही है। जिनके पास एक एकड़ खेत नहीं है। उन्हें उनके साथ हमारी सरकार न्याय कर रही है। साथ ही आत्मानंद इंग्लिश मीडियम विद्यालय खोलकर जो पूरे प्रदेश में शिक्षा क्रांति आई है, जिससे आज हमारे क्षेत्र के हजारों गरीब बच्चे जो कहीं ना कही अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा से वंचित हो रहे थे। आज उन्हें एक अच्छा शिक्षा का लाभ मिल रहा है। ऐसे ही शासन की अनेकों योजनाएं जो प्रदेश के साथ साथ देश भर में छत्तीसगढ़ की चर्चा हो रही है। जो हमारी सरकार की बहुत ही सुखद और बेहतर कार्यशैली को दिखाता है।
अपने विधानसभा क्षेत्र की विकास को देखते हुए यहां पर आज विधानसभा में मांग की, जिसमें प्रमुख रुप से स्वामी आत्मानंद की जन्म स्थली ग्राम पंचायत बरबंदा में स्वामी आत्मानंद जी के नाम से हिंदी मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की मांग, साथ ही ग्राम पंचायत धनेली में कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की मांग की। यहां पर कन्या हाई सेकेंडरी ना होने पर यहां बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही ग्राम पंचायत खपरी में भी कन्या विद्यालय की मांग की। यहां पर भी कन्या विद्यालय दूर होने की वजह से यहां की बच्चियों को पढ़ने में बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हैं और ग्राम पंचायत बरोदा में हाई स्कूल ना होने से यहां के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूरस्थ अन्य ग्राम में जाना पड़ता है‌। इन परेशानियों को देखते हुए धरसीवा विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा के द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में विद्यालय की मांग की, साथ ही मां बंजारी धाम खपरी एवं बोहरही धाम को पर्यटन स्थल घोषित करने के लिए मांग की है और विधानसभा चौक जीरो प्वाइंट को स्वामी आत्मानंद चौक करने की है।

संस्कृति: लोकरंग बहार के समापन पर नाटक का मंचन

संस्कृति: लोकरंग बहार के समापन पर नाटक का मंचन 

 "लोकरंग बहार" आयोजन का समापन
"एक अजीब दास्तां" नाटक में दिखा सामाजिक विसंगतियों का द्वंद

(इस अवसर पर नगर की 10 विभूतियों को सम्मानित किया गया)
बृजेश केसरवानी 
प्रयागराज। कला व संस्कृति में सक्रिय संस्था "आस्था समिति" द्वारा दो दिनी आयोजन "लोकरंग बहार" के समापन पर शुक्रवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में नाटक 'एक अजीब दास्तां' का मंचन किया गया। कविता यादव की परिकल्पना एवं निर्देशन में प्रस्तुत नाटक के माध्यम से समाज में फैली विसंगतियों और कुरीतियों के कारण आम जनों के मन के अंतर्द्वंदो को बहुत मार्मिक रूप में प्रस्तुत किया गया। चर्चित हास्य व्यंगकार अख्तर अली द्वारा लिखित नाटक "एक अजीब दास्तां" के कथासार के अनुसार बदलती सामाजिक परिस्थितियों, हर तरफ व्याप्त विसंगतियों एवं विकृतियों के चक्रव्यूह में फंसकर सामान्य व्यक्ति बड़ी ही उहापोह की जिंदगी जीने को मजबूर हो रहा है। उसके मन में अनगिनत सवाल उठ रहे हैं, उन सवालों के जवाब वह मांगे भी तो किससे ? इन्हीं मुद्दों को आधार बनाकर नाटक में एक अदालत का सीन क्रिएट किया गया। कहानी एक जज, वकील और व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है। कटघरे में वह व्यक्ति आरोपी है और उसका दावा है कि उसने ईश्वर की हत्या कर दी। क्या कोई व्यक्ति ईश्वर की भी हत्या कर सकता है ? यही एक सबसे बड़ा सवाल उठता है नाटक "एक अजीब दास्तां" अज्ञान का विध्वंस और धर्म की स्थापना के मकसद को लेकर मंच पर आता है, इसमें कुछ सुलगते सवाल है, लेकिन उनका संतोषजनक जवाब भी दिया गया है।
जज की भूमिका में यश अनुज मिश्रा, वकील की भूमिका में शुभेंदु कुमार आरोपी की भूमिका में श्वेतांक मिश्रा और लड़के की भूमिका में रवि शाह ने सराहनीय अभिनय किया, प्रकाश परिकल्पना व संचालन अभिषेक गिरी, वस्त्र विन्यास कविता यादव, मंच परिकल्पना व निर्माण निखिलेश मौर्य, लोक चित्रकला कुंवर अमरेंदु सिंह, चित्रकला सहायक अनिल कुमार, रोहित कुमार, संगीत परिकल्पना प्रशांत वर्मा, मंच व्यवस्था रवि शाह रोहितराज यादव अंकित आरिश जमील की थी। पोस्टर कार्ड डिजाइन शाहबाज अहमद तथा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अमित विश्वकर्मा ने की। आयोजन संयोजक युवा रंगकर्मी पंकज गौड़ तथा आयोजन मार्गदर्शक जमील अहमद थे, लेखक अख्तर अली एवं परिकल्पना तथा निर्देशन कविता यादव का था।
इस अवसर पर विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नगर की 10 विभूतियों को "विशिष्ट सेवा सम्मान" से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली विभूतियों में अनिल कुमार गुप्ता "अन्नू भैया", धनंजय चोपड़ा, डॉक्टर बी.बी. अग्रवाल, पंकज जायसवाल, गुलाम सरवर ,बांके बिहारी पांडे, कौशल कुमार गुप्ता ,नाजिम अंसारी ,विनय कुमार श्रीवास्तव एवं संजय चौधरी का नाम शामिल है। दो दिवसीय आयोजन "लोकरंग बहार" के समापन समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में अतुल द्विवेदी (निदेशक, लोक कला एवं जनजातीय कला संस्कृति संस्थान उत्तर प्रदेश ), ने कहा कि लोककला हमारे देश की मूल संस्कृति को दर्शाती है, यह उमंग और उल्लास भरी कला है और सबसे बड़ी बात यह है कि यह कला सीधे तौर पर हमारे ग्रामीण परिवेश तथा परंपराओं को दर्शाती है , हम सब का कर्तव्य है कि इस कला को विलुप्त होने से बचाएं। संजय गुप्ता (पूर्व विधायक, चायल कौशांबी), ने कहा कि नाटक में वर्तमान परिस्थितियों को बहुत सुंदर और कुशलता के साथ प्रस्तुत किया गया है। सभी पात्रों का जीवंत अभिनेश सराहनीय रहा इस टीम के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। अन्य अतिथियों में अजामिल ब्यास, अतुल यदुवंशी, कल्पना सहाय, शैलेश श्रीवास्तव ,प्रमोद कुमार बंसल एवं अजय केसरवानी ने नाटक के सभी पात्रों की भरपूर सराहना की।
अंत में संस्था के महासचिव गायक मनोज गुप्ता ने "आस्था समिति" के कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया तथा धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन का कुशल मंच संचालन राष्ट्रीय कवि एवं जाने-माने मंच संचालक डॉ श्लेष गौतम ने बड़ी ही कुशलता एवं सधे अंदाज में किया।

सेवा शिविर में चौधरी को तिरंगा देकर सम्मानित किया

सेवा शिविर में चौधरी को तिरंगा देकर सम्मानित किया

प्रमुख समाजसेवी श्रीराम भक्त मनीष चौधरी को शिवसेना कावड़ सेवा शिविर में तिरंगा देकर किया सम्मानित
भानु प्रताप उपाध्याय
मुजफ्फरनगर। प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी को शिवसेना कावड़ सेवा शिविर में तिरंगा झंडा देकर सम्मानित किया गया। शहर में रुडकी रोड पर आनंद भवन स्थित धर्मशाला में चल रहे शिवसेना कावड सेवा शिविर में विशेष निमंत्रण पर पहुंचे प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने आज के भंडारे का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रभु श्रीराम की आरती उतारी और प्रसाद का वितरण किया। शिवसेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेडा व जिला उपाध्यक्ष जलसिंह वर्मा ने समाजसेवी मनीष चौधरी का तिरंगे देकर सम्मान किया। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी श्रीराम भक्त मनीष चौधरी ने देश, प्रदेश व जनपद में शान्ति एवं सौहार्द बनाये रखने की कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी को शिवसेना के पदाधिकारी बिट्टू सिखेडा, जलसिंह वर्मा, प्रमोद अग्रवाल, रूपराम कश्यप, डा. कपिल कुमार आदि ने तिरंगा झंडा देकर सम्मानित किया और देशभक्ति की मुहिम में साथ देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे मान-सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है, तिरंगे की शान के लिए समर्पित होकर देशभक्ति की अलख जगाने का कार्य किया जाएगा। इस मौके पर मनीष चौधरी ने कहा कि आज ही के दिन 22 जुलाई 1947 को तिरंगे झंडे को राष्ट्रीय ध्वज के रूप भारत सरकार ने स्वीकार किया था, तभी से आज के दिन को तिरंगा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शिवसेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेडा, उपराज्य प्रमुख प्रमोद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष जल सिंह वर्मा, रुपराम कश्यप, कपिल कुमार, राहुल पांडेय, विक्की तोमर, नितिन कुमार, कविता कश्यप, साकेत कश्यप, पंडित ब्रजबिहारी अत्री, मुख्य रूप से युवराज सक्षम चौधरी, अशोक गुप्ता, नवीन कश्यप, हंसराज कश्यप, केपी चौधरी, सौरभ चौधरी आदि शामिल रहे।

महिला कॉन्स्टेबल सहित तीन लोगों की लाश मिली

महिला कॉन्स्टेबल सहित तीन लोगों की लाश मिली

इकबाल अंसारी  

जमशेदपुर। जिले के गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित एक बंद फ्लैट से महिला कॉन्स्टेबल सहित तीन लोगों की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।

बता दें कि महिला काॅन्स्टेबल सविता रानी महतो एसएसपी कार्यालय में पदस्थ थी। नक्सली वारदात में उसकी पति की मौत के बाद उन्हें अनुकम्पा नौकरी मिली थी। बताया जाता है कि मंगलवार से वो ड्यूटी पर नहीं जा रही थीं। वो अपनी बुजुर्ग मां और अपनी बेटी के साथ रहती थी। पिछले दो दिन से उनके घर पर बाहर से ताला लगा हुआ था। घर पर ताला लगा होने से पड़ोस के लोगों को कुछ शक हुआ।

गुरुवार को घर से भीषण बदबू आने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो घर के अंदर तीन लाशें पड़ी हुई थी। जमशेदपुर एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि लेडी कांस्टेबल सविता, उसकी मां और बेटी का शव कमरे में मिला है। वहीं उन तीनों के शरीर में चोट का निशान है। पुलिस ने बताया कि हत्या की आशंका प्रतीत हो रही है, वहीं मामला जांच में है।

पृथ्वी के श्रृंगार को बढ़ाने के लिए पौधारोपण

पृथ्वी के श्रृंगार को बढ़ाने के लिए पौधारोपण
रजत शर्मा
नीलोखेड़ी। स्थानीय विधानसभा के विधायक धर्मपाल गोंदर ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नीलोखेड़ी के गोल मार्किट पार्क में पौधारोपण किया और कहा कि हरियाली पृथ्वी का श्रृंगार है, हमें इस श्रृंगार को बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए। इस बात का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए कि ये पौधे बड़े होकर वृक्ष का रूप लें। विधायक शुक्रवार को वन विभाग की ओर से आयोजित किए गए पौधारोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र को हरा-भरा रखने के लिए एक लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य पूरा हो इसके लिए आमजन को भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी और अपने द्वारा लगाए गए पौधों की देखभाल को अपना कर्तव्य समझना होगा।
उन्होंने कहा कि पौधे बड़े होकर वृक्ष बनते हैं और हमारी बहुत सी जरूरतों को पूरा करते हैं। पौधे हमें ऑक्सीजन देने का काम भी करते हैं, इसलिए इन्हें श्वास प्रहरी भी कहा जाता है। वर्तमान समय में बढ़ती हुई जनसंख्या के दबाव के कारण वन क्षेत्र कम हो रहा है। यही जलवायु परिवर्तन का बड़ा कारण भी है। प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने की सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऑक्सी वन स्थापित करने की घोषणा की है। आने वाले समय में यह वन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर समाजसेवी अश्वनी चोपड़ा, दीपक बंसल, सरपंच ग्राम पंचायत समानाबाहू तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में आमजन को सुहजना, अमलतास, तुलसी, बैकन के पौधे वितरित किये गये।

भाभी से दरिंदगी, देवर गिरफ्तार किया: देवरिया

भाभी से दरिंदगी, देवर गिरफ्तार किया: देवरिया

हरिशंकर त्रिपाठी   

देवरिया। शुक्रवार को भाभी से दरिंदगी करने वाला देवर गिरफ्तार कर लिया गया है। बीते मंगलवार को महिला के साथ उसके ससुराल वालों ने मारपीट की थी। आरोप है कि महिला के देवर ने प्राइवेट पार्ट में डंडा डाल दिया था।

पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। फिर उसने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज का आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। वहीं, पीड़िता अभी सदर अस्पताल में भर्ती है। उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला को अंदरुनी चोट आई है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है।पीड़ित महिला की है। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को ब्लर किया गया है।

19 जुलाई को की थी मारपीट

मामला मदनपुर थानाक्षेत्र के बेरुआर घाट गांव का है। यहां रहने वाले सतीश सिंह ने आठ साल पहले दिल्ली की युवती से लव मैरिज की थी। सतीश ने बताया मेरे परिवार को प्रॉब्लम है कि बीवी छोटी कास्ट से हैं। मैं राजपूत कास्ट से हूं। परिवार के लोग शुरू से चाहते थे कि मैं अपनी वाइफ को छोड़ दूं और उनके हिसाब से दूसरी शादी कर लूं। 19 जुलाई मैं, मेरी वाइफ और बच्ची घर पर सो रहे थे तभी आठ-नौ लोग आए। उन्होंने मुझे और बेटी को तकिए से दबा दिया और लाठी डंडे से पीटने लगे।

पीड़ित महिला के पति सतीश की है। शुक्रवार को उसने पत्नी के साथ हुई दरिंदगी के बारे में बताया।

चाचा के दबाव में पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा

आगे उन्होंने बताया, पत्नी को उठाकर बाहर ले गए। उन्होंने पत्नी का मुंह बांधकर मारपीट की। चाकू से हमला किया। मैं भागकर बगल के घर पर गया। उनसे मदद मांगी, लेकिन उन्होंने बीच में पड़ने से मना कर दिया। मैंने उनसे मोबाइल लेकर पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। पुलिस से पहले एम्बुलेंस आई। पुलिस के आने पर घर गए तो पत्नी खून से लथपथ थी। उसके प्राइवेट पार्ट में बांस या लकड़ी जैसा डाल दिया गया था। हमारे सगे चाचा भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष हैं। उनका नाम हरि नारायण सिंह है। उनके दबाव की वजह से मुकदमा ही दर्ज नहीं होता है।

एसपी बोली- एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि पीड़िता ने अपने ही पारिवारीजनों सास, ससुर, ननद, देवर और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। थाना मदनपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। इस प्रकरण में मुख्य अभियुक्त पीड़िता का देवर अभिषेक सिंह पुत्र उमेश सिंह है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। विवेचना जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

राइस मिलर्स की बैठक, चावल जमा करने पर जोर

राइस मिलर्स की बैठक, चावल जमा करने पर जोर

नीरजधर दीवान   

बिलासपुर। कलेक्टर सौरभ कुमार ने राइस मिलर्स की बैठक लेकर एफ.सी.आई. में चावल जमा करने की गति बढ़ाने को कहा है। अंतिम तिथि को ध्यान में रखते हुए चावल जमा करने की वर्तमान गति को नाकाफी बताया है। उन्होंने कहा कि मिलर्स की जो वाजिब दिक्कतें हैं, प्रशासन उन्हें दूर करेगी। बैठक में उन्होंने राइस मिलरों को लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा करने में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि चावल जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर निर्धारित की गई है। फिलहाल 39 हजार 809 मीटरिक टन चावल एफ.सी.आई. को दिया जाना बचा हुआ है।

गौरतलब है कि राइस मिलर्स द्वारा उठाव किए गए धान का कस्टम मिलिंग के पश्चात भारतीय खाद्य निगम में चावल को जमा किया जाना था। राइस मिलर्स द्वारा अत्यंत धीमी गति से एफ.सी.आई. में चावल जमा किया जा रहा है। जिसके कारण 30 सितंबर 2022 तक निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने में समस्या आ सकती है। राइस मिलरों को 2 लाख 54 हजार मीटरिक टन चावल भारतीय खाद्य निगम में जमा किया जाना था जिसमें से 1 लाख 65 हजार 619 मीटरिक टन चावल एफ.सी.आई. में जमा किया जा चुका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने सभी राइस मिलर्स को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य के अनुरूप शेष चावल एफ.सी.आई. में जमा करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राम अघारी कुरूवंशी, खाद्य नियंत्रक राजेश शर्मा, जिला विपणन अधिकारी उपेन्द्र कुमार, एफ.सी.आई. के मण्डल प्रबंधक चरण सहित खाद्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करने का आग्रह

हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करने का आग्रह 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करने का आग्रह किया है। मोदी ने स्वतंत्र भारत के लिए ध्वज का सपना देखने वालों के अदम्य साहस और प्रयासों को भी याद किया। उन्होंने हमारे तिरंगे से जुड़ी समिति और पंडित नेहरू द्वारा फहराए गए पहले तिरंगे के विवरण सहित इतिहास की कुछ दिलचस्प बातें भी साझा कीं हैं। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई का हमारे इतिहास में विशेष महत्व है, क्योंकि 1947 में आज ही के दिन हमारे राष्ट्रीय ध्वज को अंगीकार किया गया था। ट्वीट्स की एक श्रृंखला में, प्रधानमंत्री ने कहा, “इस साल, जब हम आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, आइए हम हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करें। 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगा फहराएं या अपने घरों में इन्हें प्रदर्शित करें। यह अभियान राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारे जुड़ाव को और मजबूती देगा।” “आज, 22 जुलाई की हमारे इतिहास में विशेष प्रासंगिकता है। 1947 में इसी दिन हमारे राष्ट्रीय ध्वज को अंगीकार किया गया था। इतिहास से कुछ दिलचस्प बातें साझा कर रहा हूँ, जिनमें हमारे तिरंगे से जुड़ी समिति का विवरण और पंडित नेहरू द्वारा फहराया गया पहला तिरंगा शामिल हैं।” 

“आज, हम उन सभी लोगों के अदम्य साहस और प्रयासों को याद करते हैं, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए एक ध्वज का सपना देखा था, जब हम औपनिवेशिक शासन के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे। हम उनकी दृष्टि को पूरा करने और उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।”

सुपरहिट फिल्म 'गुगली' का रीमेक बनाया जाएगा

सुपरहिट फिल्म 'गुगली' का रीमेक बनाया जाएगा 

कविता गर्ग 
मुंबई। दक्षिण भारतीय सिनमा के सुपरस्टार यश की सुपरहिट फिल्म 'गुगली' का रीमेक बनाया जाएगा। यश, फिल्म केजीएफ 2 की जबरदस्त सफलता के बाद पैन इंडिया स्टार बन गए हैं। यश ने केजीएफ 2 से पहले भी दक्षिण भारतीय सिनेमा को कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। इन्हीं में से एक सफल फिल्म है गुगली। यश की फिल्म 'गुगली' का रीमेक बनने वाला है। कन्नड़ भाषा में बनी 'गुगली' बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुयी थी। 
निर्माता महेश दन्नावर ने इस फिल्म को अलग-अलग भाषाओं में रीमेक बनाने का फैसला किया है। दन्नावर ने इस सुपरहिट फिल्म के रीमेक बनाने के अधिकार हासिल कर लिए हैं। अब इसे अलग-अलग भाषाओं में बनाया जाएगा।वर्ष 2013 में प्रदर्शित फिल्म गुगली में यश और कृति खरबंदा ने मुख्य भूमिका निभायी थी।

नई एक्साइज पॉलिसी के खिलाफ जांच की सिफारिश

नई एक्साइज पॉलिसी के खिलाफ जांच की सिफारिश

अकांशु उपाध्याय

नई दिल्ली। दिल्ली में एलजी विनय कुमार सक्सेना और केजरीवाल सरकार एक बार फिर आमने सामने आ सकती है। एलजी ने केजरीवाल की नई एक्साइज नीति के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की है। दरअसल, दिल्ली की केजरीवाल सरकार की मुसीबतें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने नई एक्साइज पॉलिसी के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की है। आरोप हैं कि केजरीवाल सरकार ने नई एक्साइज पॉलिसी के जरिए शराब लाइसेंसधारियों को अनुचित लाभ पहुंचाया है।

बताया जा रहा है कि एलजी वीके सक्सेना ने मुख्य सचिव की रिपोर्ट के बाद सीबीआई जांच की सिफारिश की है. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि नई एक्साइज पॉलिसी में नियमों की अनदेखी कर टेंडर दिए गए। इतना ही नहीं इस रिपोर्ट में मनीष सिसोदिया की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।

सावन का पहला प्रदोष व्रत, नियमों का पालन जरूरी

सावन का पहला प्रदोष व्रत, नियमों का पालन जरूरी

सरस्वती उपाध्याय
सावन का पहला प्रदोष व्रत 25 जुलाई 2022 को है। इस दिन सावन का दूसरा सोमवार भी है। दोनों ही तिथि शिव पूजा के लिए बहुत शुभ मानी जाती है। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग बनेगा। ज्योतिष के अनुसार जो लोग प्रदोष व्रत की शुरुआत करना चाहते हैं, वो इस संयोग में शुरू कर सकते है। मान्यता है कि इस व्रत में शिव जी और मां पार्वती की आराधना करने से सारे दुख दूर हो जाते हैं। प्रदोष व्रत के नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं, इस दिन व्रत में क्या खाएं और क्या न खाएं ?

सावन सोम प्रदोष व्रत 2022 पूजा मुहूर्त...

सावन त्रयोदशी तिथि आरंभ- 25 जुलाई 2022 शाम 04:15 से

सावन त्रयोदशी तिथि समाप्त- 26 जुलाई 2022 शाम 06:4 तक

पूजा के लिए शुभ मुहूर्त- 25 जुलाई 2022 शाम 07:17 से रात्रि 09:21 तक

सोम प्रदोष व्रत में क्या न खाएं...

सोम प्रदोष व्रत के दिन व्रतधारी को पूजा का फल तभी मिलता है जब वो नियमों का पालन करे। ऐसे में इस दिन अन्न, चावल, लाल मिर्च और सादा नमक न खाएं।

सोम प्रदोष व्रत में क्या खाएं...

प्रदोष व्रत में शिव जी की पूजा सायं काल में की जाती है। ऐसे में स्नान के बाद पूजा कर व्रत का संकल्प लें और फिर दूध ग्रहण कर सकते हैं।
जो जातक शारीरिक तौर पर कमजोर हैं, वो खुद को हाइड्रेट रखें साथ ही फलों का सेवन करें। दिन में एक समय ही फलाहार करें।
प्रदोष काल में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा करने के बाद भोजन ग्रहण कर सकते हैं। मान्यता है कि प्रदोष काल में उपवास में सिर्फ हरे मूंग का ही सेवन करें। क्योंकि, हरा मूंग पृथ्‍वी तत्व है और मंदाग्नि को शांत रखता है।

डॉलर के मुकाबले ग‍िरते 'रुपये' पर गवर्नर का बयान

डॉलर के मुकाबले ग‍िरते 'रुपये' पर गवर्नर का बयान

अकांशु उपाध्याय

नई दिल्ली। डॉलर के मुकाबले लगातार ग‍िरते रुपये पर शुक्रवार को रिजर्व बैंक ऑफ इंड‍िया गवर्नर शक्तिकांत दास का बयान आया। रुपये के लगातार ग‍िरते स्‍तर से लोगों को महंगाई बढ़ने का खतरा सता रहा है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत ने शुक्रवार को कहा क‍ि विकसित अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों की मुद्राओं की तुलना में भारतीय रुपया अपेक्षाकृत मजबूत स्थिति में है। गौरतलब है, कि घरेलू मुद्रा कुछ दिन पहले ही 80 रुपये प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गई थी। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि केंद्रीय बैंक रुपये में तेज उतार-चढ़ाव और अस्थिरता को बिल्‍कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आरबीआई के कदमों से रुपये के सुगम कारोबार में मदद मिली है। दास ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बाजार में अमेरिकी डॉलर की आपूर्ति कर रहा है और इस तरह बाजार में नकदी (तरलता) की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है।

उन्होंने यह भी साफ क‍िया क‍ि आरबीआई ने रुपये के किसी विशेष स्तर का लक्ष्य तय नहीं किया है। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि विदेशी मुद्रा की अप्रतिबंधित उधारी से परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे लेनदेन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां कर रही हैं और सरकार जरूरत पड़ने पर इसमें हस्तक्षेप कर सकती है और मदद भी दे सकती है। दास ने कहा कि मुद्रास्फीति लक्ष्यीकरण के लिए 2016 में अपनाए गए मौजूदा ढांचे ने बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अर्थव्यवस्था और वित्तीय क्षेत्र के हित की खातिर यह जारी रहना चाहिए।

सियासत: राज्यमंत्री खटीक ने इस्तीफा वापस लिया

सियासत: राज्यमंत्री खटीक ने इस्तीफा वापस लिया

संदीप मिश्र

लखनऊ। योगी सरकार के अधिकारियों पर दलितों के अपमान और जलशक्ति विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर लखनऊ से दिल्ली तक सियासी भूचाल लाने वाले राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। गुरुवार को खटिक की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई थी। योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वासन दिया कि अधिकारी उनकी सुनेंगे। जल्द ही खटिक को विभाग में काम भी दिया जाएगा। बैठक में यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने खटिक द्वारा भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कराने की भी बात कही है। दिनेश खटिक ने मंगलवार को दलित होने के चलते सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दिया था। खटिक ने अपने विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया था। खटिक बुधवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले थे।

बता दें कि बृहस्पतिवार को राज्यमंत्री दिनेश खटीक की मुख्यमंत्री से मुलाकात का शासन और सत्ता के गलियारों में सुबह से इंतजार था। शाम 4.09 बजे खटीक मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्र देव और दिनेश खटीक को पास-पास बैठाकर खटीक का पक्ष सुना। खटीक ने कामकाज का बंटवारा नहीं होने, उनकी संस्तुति पर तबादले नहीं होने, अधिकारियों की ओर से सुनवाई नहीं होने सहित अन्य शिकायतें सीएम के सामने रखीं। सूत्रों के मुताबिक- मुख्यमंत्री ने उनकी शिकायतों को दूर करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री से करीब 40 मिनट तक चली बातचीत के बाद खटीक शाम 4.50 बजे मुख्यमंत्री आवास से बाहर गए‌‌।

विपक्षी दलों के सांसदों का प्रदर्शन, महंगाई पर चर्चा

विपक्षी दलों के सांसदों का प्रदर्शन, महंगाई पर चर्चा

अकांशु उपाध्याय

नई दिल्ली। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति के समक्ष शुक्रवार को भी प्रदर्शन किया और संसद के दोनों सदनों में महंगाई पर चर्चा कराने की मांग की। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के नेता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति के समक्ष एकत्र हुए और महंगाई के खिलाफ नारे लिखे बैनर तथा तख्तियां हाथों में लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे।

प्रदर्शन कर रहे सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा है कि सरकार यदि संसद चलानी चाहती है तो श्री मोदी खुद सदन में आएं और दोनों सदनों में जीएसटी तथा महंगाई पर चर्चा कराएं। गौरतलब है कांग्रेस के साथ ही कई दल मानसून सत्र की शुरू होने से ही लगातार महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करके सरकार से इस पर सदन में चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ने आवश्यक वस्तुओं पर पांच फ़ीसदी जीएसटी बढ़ाकर गरीबों के पेट पर हमला किया है।

‘प्रतिशोध की राजनीति' निचले स्तर पर पहुंची: सिब्बल

‘प्रतिशोध की राजनीति' निचले स्तर पर पहुंची: सिब्बल

अकांशु उपाध्याय

नई दिल्ली। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए बुलाए जाने के साथ ही ‘प्रतिशोध की राजनीति' निचले स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जांच एजेंसी को नेताओं को प्रताड़ित करने और उनकी छवि बिगाड़ने के लिए सरकार का प्रभावी अस्त्र माना जा रहा है।

पूर्व कांग्रेस नेता सिब्बल ने कहा, ‘‘ईडी द्वारा सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए बुलाए जाने के साथ ही प्रतिशोध की राजनीति निचले स्तर पर पहुंच गयी है।’’ सिब्बल ने हाल में कांग्रेस छोड़ दी थी और वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। गौरतलब है कि ईडी ने नेशनल हेराल्ड अखबार से संबंधित धन शोधन के एक मामले में बृहस्पतिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से दो घंटे तक पूछताछ की थी।

मुंबई में दी गई सुरक्षा को जारी रखने की अनुमति: एससी

मुंबई में दी गई सुरक्षा को जारी रखने की अनुमति: एससी 

अकांशु उपाध्याय     

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को मुंबई में दी गई सुरक्षा को जारी रखने की केंद्र सरकार को शुक्रवार को अनुमति दे दी। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण, न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने एक जनहित याचिका पर त्रिपुरा उच्च न्यायालय के निर्देश को चुनौती देने वाली केंद्र सरकार की अपील स्वीकार कर ली।

शीर्ष अदालत की एक अवकाशकालीन पीठ ने 29 जून को मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षा दिये जाने को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर त्रिपुरा उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी थी। केंद्र की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा था कि त्रिपुरा में जनहित याचिकाकर्ता (विकास साहा) का मुंबई में मुहैया कराए गए लोगों की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है।

मूक-बधिर कलाकार की पीएम को उनकी तस्वीर भेंट

मूक-बधिर कलाकार की पीएम को उनकी तस्वीर भेंट

अकांशु उपाध्याय/इकबाल अंसारी

नई दिल्ली/दिसपुर। असम के एक मूक-बधिर कलाकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तस्वीर भेंट की और कहा कि यह उसके लिए एक सपने के सच होने जैसा है। इस तस्वीर में कई चित्रों को एक साथ जोड़ते हुए मोदी के जीवन के विभिन्न चरणों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें एक चित्र मोदी की किशोरावस्था का है। जबकि, एक अन्य में वह अपनी मां से आशीर्वाद प्राप्त ले रहे हैं। तस्वीर भेंट करने के बाद, असम के युवा कलाकार अभिजीत गोटानी ने कहा कि उन्हें टीवी पर अक्सर प्रधानमंत्री को देखने के बाद व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलकर बहुत अच्छा लगा। एक अनुवादक के अनुसार, मोदी ने कलाकृति के काम को ‘‘बहुत सुंदर’’ बताया।

अभिजीत ने सांकेतिक भाषा में कहा, ‘‘मैं भावुक हो रहा हूं। मेरा एक सपना सच हो गया है।’’ उन्होंने मोदी को ‘‘सरल और नरम दिल’’का व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि उनके जैसे दिव्यांग लोगों को हार नहीं माननी चाहिए। बल्कि, अपने काम से जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई आपका अपमान करता है, तो आपको अपने काम से जवाब देना होगा।’’

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन 

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  

1. अंक-287, (वर्ष-05)
2. शनिवार, जुलाई 23, 2022
3. शक-1944, श्रावण, कृष्ण-पक्ष, तिथि-दसमीं, विक्रमी सवंत-2079। 
4. सूर्योदय प्रातः 05:22, सूर्यास्त: 07:15।
5. न्‍यूनतम तापमान- 25 डी.सै., अधिकतम-33+ डी.सै.। उत्तर भारत में बरसात की संभावना।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु, (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसेन पवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102
http://www.universalexpress.page/
www.universalexpress.in
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।
           (सर्वाधिकार सुरक्षित)

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई  इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। चुनावी बॉन्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को कड़ी फटकार लग...