बुधवार, 12 अक्तूबर 2022

गणेश पूजा: आज मनाया जाएगा 'करवाचौथ' का पर्व 

गणेश पूजा: आज मनाया जाएगा 'करवाचौथ' का पर्व 

सरस्वती उपाध्याय 

करवाचौथ का व्रत सौभाग्यवती महिलाओं के लिए अखंड सौभाग्य का प्रतीक है। पति-पत्नी के पारस्परिक प्रेम का त्योहार करवाचौथ गुरुवार, 13 अक्टूबर को हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसको करने वाली महिलाएं अपने पति की दीर्घायु की कामना करती हैं। सौभाग्यवती महिलाएं प्रातःकाल स्नानादि से निवृत्त होकर के पति की आयु की कामना से करवाचौथ के व्रत का संकल्प लेती हैं।

करवाचौथ पर्व का महत्व...

बता दें कि करवाचौथ का हिंदू धर्म में विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं। इस दिन सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर शिव परिवार के साथ-साथ करवा माता की उपासना करती हैं और उनसे अपनी पति की लंबी आयु की कामना करती हैं।

अनेक महिलाएं करवा चौथ का उद्यापन करती हैं और चीनी के 16 करवे वितरित करती हैं। पंडित दिनेश मिश्रा ने बताया कि करवा चौथ पर चंद्रोदय रात करीब 8.21 मिनट पर होगा।

ऐसे करें व्रत...

दिन में निराहार रहें। आवश्यक हो तो चाय, दूध और फलाहार कर सकते हैं। दुपहर बाद अपने घर की सभी महिलाएं अथवा पड़ोस की महिलाएं इकट्ठा होकर किसी मंदिर में अथवा किसी महिला के घर एकत्र होकर करवाचौथ की कहानी सुनें। बुजुर्ग महिलाएं अथवा सासु आदि से कहानी सुनी तो अच्छा होता है। सास और बुजुर्ग महिलाओं के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लें। उनको बायना दें।

इतने बजे होगा चंद्र उदय...

चंद्रमा उदय होने पर करवे से चंद्रमा को अर्घ्य दें और अपने पति के आरती करें। पति के हाथ से अपने व्रत का समापन करें और भोजन करें। इस बार करवाचौथ के दिन बहुत अच्छे योग बन रहे हैं। सिद्धि योग में करवाचौथ का व्रत आरंभ होगा। कृतिका के चंद्रमा अर्थात वृष राशि में चंद्रमा अपनी उच्च राशि में रहेंगे। उच्च राशि में चंद्रमा बहुत शुभ होते हैं। वे सभी मनोकामना पूरा करने वाले होते हैं। पति की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए यह योग शुभ है। करवाचौथ पूजन करने के लिए यह मुहूर्त श्रेष्ठ है। 13 अक्टूबर को चंद्रमा रात्रि 8:12 बजे उदय होंगे। तभी महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपने व्रत का समापन करेंगी।

यातायात पुलिस द्वारा 220 वाहनों के चालान किए 

यातायात पुलिस द्वारा 220 वाहनों के चालान किए 

भानु प्रताप उपाध्याय 

शामली। एसपी के निर्देश पर जिलेभर में यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे चैकिंग अभियान में बुधवार को यातायात पुलिस द्वारा 220 वाहनों के चालान किए गए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनपद में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। जिसके अन्तर्गत यातायात पुलिस दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के 168, दुपहिया वाहनो पर तीन सवारी 13, बिना सीट बैल्ट 16, नो पार्किंग में 9, बिना डीएल के 7, ओवर हाइट में एक, गाड़ी से ब्लैक फिल्म पर एक वाहन के चालान किए गए। इसके अलावा 4 वाहनों पर लगे अवैध नाम पद पट्टिका हटाई गई।

2024 में 'कांग्रेस' की सरकार बनना तय: कमलनाथ 

2024 में 'कांग्रेस' की सरकार बनना तय: कमलनाथ 

मनोज सिंह ठाकुर 

भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2024 में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनना तय है। कमलनाथ ने आज यहां नगर निकाय चुनाव 2022 में कांग्रेस के प्रत्याशी और चयनित पार्षद, चेयरमैन और महापौर के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारे सभी महापौर नगर निकाय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पूरी मेहनत से काम करें और जनता की सेवा करें।

श्री कमलनाथ ने कहा कि हम सब एक अग्नि परीक्षा से गुजर कर यहां आए हैं, ये चुनाव की एक रिहर्सल थी, 2024 के चुनाव के लिए, अब आप सभी तैयार हो जाओ। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ताओं के साथ न्याय करता हूं। उन्होंने कहा कि गुटबाजी किस परिवार में नहीं होती है। हर कोई हर किसी की बात से सहमत नहीं हो सकता है। चुनाव में 11 महीने ही बचे हैं, जीत का संकल्प ले। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाने के अभियान में जुट जाएं।

कार्यक्रम को पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जयवर्धन सिंह और कांग्रेस के नवनिर्वाचित मेयर शोभा सिकरवार, विक्रम आहके, जगत बहादुर सिंह, शारदा सोलंकी, अजय मिश्रा बाबा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, पूर्व मंत्रीगण, विधायक और प्रदेश भर से हाल ही में संपन्न हुये नगरीय निकाय के कांग्रेस के प्रत्याशी और निर्वाचित पार्षद और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बकरीद में बचेंगे, मोहर्रम में नाचेंगे: खड़गे

बकरीद में बचेंगे, मोहर्रम में नाचेंगे: खड़गे

मनोज सिंह ठाकुर 

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन दिनों अपने चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान खड़गे से सवाल पूछा गया कि इस बार कांग्रेस की तरफ से प्रधानमंत्री पद का चेहरा कौन है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हमारे यहां एक कहावत है… बकरीद में बचेंगे तो मोहर्रम में नाचेंगे। पहले मेरा चुनाव तो खत्म होने दो…मुझे अध्यक्ष तो बनने दो…उसके बाद देखेंगे। आप भी सुनिए उन्होंने इस सवाल का जवाब किस अंदाज में दिया।

उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए उनकी किसी से कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है और ये उनके अकेले का नहीं, पूरी कांग्रेस का चुनाव है। यहां अपने प्रवास के दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव उनके अकेले का नहीं पूरी कांग्रेस का चुनाव है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की इच्छानुसार वे इस राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष के प्रत्याशी हैं।

उन्होंने कहा कि उनका कोई राजनैतिक एजेंडा नहीं है, उदयपुर में संपन्न पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान जो निर्णय हुये, उन्हीं को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों के खिलाफ मौजूदा सरकारों द्वारा जिस तरह झूठे प्रकरण बनाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरूपयोग किया जा रहा है, उनके खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक सशक्त संघर्ष करना उनका एजेंडा होगा। श्री खड़गे ने कहा कि उन्हें अपनी लंबी राजनैतिक यात्रा में पूरे गांधी परिवार का स्नेह और विश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में उनकी किसी से भी प्रतिस्पर्धा नहीं है, कांग्रेस एक परिवार है, जिसमें सभी को बात रखने का अधिकार है।

खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को लूट रही है। उन्होंने अपने वक्तव्य के समर्थन में मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस इस अलोकतांत्रिक चरित्र के खिलाफ न केवल सीधा संघर्ष करेगी, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं की गिरती साख को भी पुर्नस्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि उनके अध्यक्ष चुने जाने के बाद पीढ़ियों के अंतर को समाप्त करते हुए पार्टी में 50 फीसदी उन कार्यकर्ताओं का चयन होगा, जो 50 वर्ष से कम आयु वर्ग के होकर विभिन्न वर्ग और जाति समुदाय के होंगे।

इलेक्ट्रिक फ्लाइंग कार की पहली बार पब्लिक टेस्टिंग  

इलेक्ट्रिक फ्लाइंग कार की पहली बार पब्लिक टेस्टिंग  

डॉक्टर सुभाषचंद्र गहलोत 

आबुधाबी। इलेक्ट्रॉनिक वाहन बनाने वाली चीनी कंपनी एक्सपेंग द्वारा बनाई गई इलेक्ट्रिक फ्लाइंग कार की पहली बार दुबई में पब्लिक टेस्टिंग की गई। 8 प्रोपेलर वाले इस वाहन में 2 यात्री बैठ सकते हैं और कंपनी के मुताबिक, इसकी अधिकतम स्पीड 130 किलोमीटर/घंटा है। टेस्ट फ्लाइट की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। कार को उड़ते हुए देखना एक ज़माने में सिर्फ़ कल्पना का हिस्सा था, लेकिन टेक्नोलॉजी ने उसे सच कर दिखाया। अब UAE में पहली फ्लाइंग कार ने उड़ान भर ली। इसे चीनी इलेक्ट्रॉनिक वाहन निर्माता कंपनी Xpeng Inc द्वारा बनाया गया है। यह कंपनी इंटरनेशनल मार्केट में इलेक्ट्रिक विमान लॉन्च करने की दिशा में काम कर रही है।

कपनी ने X2 नाम की एक दो सीटर इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग (eVTOL) विमान को बनाया है, जिसे 8 Propeller हवा में उठाते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई में इस चाइनीज इलेक्ट्रिक मोटर कार XPENG X2 के लॉन्च के समय इंटरनेशनल मीडिया के प्रतिनिधियों में 150 लोगों की तादाद मौजूद रही। दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण से एक विशेष उड़ान के लिए परमिट हासिल करने के बाद इसकी पहली सार्वजनिक उड़ान भरी गई।

इस इलेक्ट्रिक कार X2 को टेस्टिंग के दौरान लगभग 90 मिनट तक हवा में उड़ाया गया। फ्लाइट टेस्ट में मौजूद लोगों को हैरान कर देने वाली इस इलेक्ट्रिक कार को पूरी तरह से कार्बन फाइबर से बनाया गया है। कंपनी ने अपनी दो सीटों वाली फ्लाइंग कार को एक बटन से स्टार्ट करने का सिस्टम बनाया है। जो ड्राइविंग मोड मैनुअल और ऑटोनॉमस से लैस है। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि इसे बिना किसी चिंता के आसानी से टेकऑफ और लैंड कराया जा सकता है। वहीं कंपनी द्वारा बनाई गई इस X2 फ्लाइंग कार सिर्फ उड़ने में सक्षम है। इस साल इस इलेक्ट्रिक फ्लाइंग कार का एडवांस वर्जन भी मार्केट में लॉन्च होगा। इसे रोड पर भी ड्राइव किया जा सकता है। हालांकि X2 का इस्तेमाल पब्लिक के लिए टैक्सी के रूप में होगा।

कब किया जाएगा पेश ?

Xpeng द्वारा सोमवार को किया गया परीक्षण एक मानव रहित उड़ान था, हालांकि कंपनी का दावा है कि उसने पहले इंसानों के साथ वाले उड़ानों का परीक्षण किया है। इस उड़ने वाली कार में लोगों की सुरक्षा को लेकर अब भी सवाल उठ रहे हैं। इसके साथ ही, इन कारों की शुरुआत से पहले बैटरी सेफ्टी, एयर ट्रैफिक, इन्फ्रास्ट्रक्चर और कॉस्ट को लेकर भी चिताएं हैं। इसके बावजूद, दुबई में अगले कुछ सालों में इन उड़ने वाली कारों को पेश करने पर विचार किया जा रहा है।

अभिनेता अक्षय की फिल्म 'राम सेतु' का ट्रेलर रिलीज 

अभिनेता अक्षय की फिल्म 'राम सेतु' का ट्रेलर रिलीज 

कविता गर्ग 

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'राम सेतु' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म रामसेतु में अक्षय कुमार के साथ जैकलीन फर्नांडीस और नुसरत भरुचा की भी अहम भूमिका है। यह फिल्म एक आर्कियोलॉजिस्ट के बारे में है जिसे यह जांचने की जिम्मेदारी दी गई है कि राम सेतु सच है या सिर्फ एक कल्पना।

रामायण की कहानी के अनुसार रामसेतु का निर्माण प्रभु श्रीराम की सेना ने भारत से श्रीलंका के बीच किया था और ये फिल्म उसी राम सेतु पुल को बचाने के मिशन के बारे में है। रामसेतु का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर की शुरुआत एक मिशन से होती है। मिशन है राम सेतु के 07 हजार साल पुराने इतिहास को बाहर लेकर आना और जिसके तलाश में अक्षय कुमार अपनी पूरी टीम के साथ निकलते हैं। अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 25 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

जन्म प्रमाण-पत्र में बच्चे का नाम ऑनलाइन जोड़ सकेंगे

जन्म प्रमाण-पत्र में बच्चे का नाम ऑनलाइन जोड़ सकेंगे

अकांशु उपाध्याय

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने घोषणा की है कि जन्म के चार साल बाद तक बच्चे का नाम जन्म प्रमाण-पत्र में ऑनलाइन जोड़ा जा सकता है और इसे स्वत: मंजूरी भी मिल जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इससे पहले ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत नाम जुड़ने में सात से 10 दिन का समय लग जाता था। उन्होंने कहा, अब माता-पिता व अभिभावक बच्चे के जन्म के चार साल बाद तक उसका नाम जन्म प्रमाणपत्र में ऑनलाइन जोड़ सकते हैं और इस प्रक्रिया को स्वत: मंजूरी भी मिल जाएगी।

अधिकारी के मुताबिक, कई अभिभावकों ने नागरिक निकाय से शिकायत की थी कि उन्हें अपने बच्चों के दाखिले के लिए जन्म प्रमाणपत्र की जरूरत है और अधिकारियों द्वारा इसे मंजूरी देने में काफी समय लग रहा है। एमसीडी ने एक बयान में कहा, दिल्ली नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा और व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जन्म के पंजीकरण की प्रक्रिया को सशक्त बनाने के लिए बच्चे के जन्म के चार साल बाद तक ऑनलाइन नाम जोड़ने व उसे स्वत: मंजूरी देने का विकल्प लाया गया है।

बयान के अनुसार, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम-1949 के तहत यदि किसी भी बच्चे का जन्म से जुड़ा पंजीकरण बिना नाम के किया गया है तो ऐसे बच्चे के माता-पिता या अभिभावक निर्धारित अवधि के भीतर रजिस्ट्रार को मौखिक या लिखित रूप से बच्चे के नाम के बारे में जानकारी देंगे। उसके बाद रजिस्ट्रार रजिस्टर में उस नाम को दर्ज करेगा। बयान में कहा गया है कि दिल्ली नगर निगम अपने उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करके नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं प्रदान करने के सभी प्रयास कर रही है।

बेमौसम बारिश का दौर, दिल्ली-एनसीआर में कोहरा 

बेमौसम बारिश का दौर, दिल्ली-एनसीआर में कोहरा 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर सहित देश के लगभग हर राज्य में बेमौसम बारिश का दौर लगातार जारी है। अक्टूबर आधा खत्म होने को है लेकिन बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग की माने, तो अभी ये सिलसिला 2 से 3 तीन दिन जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बुधवार को महाराष्ट्र, बिहार, यूपी और बंगाल समेत उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में अब सुबह कोहरा छाने लगा है। जिससे साफ है कि ठंड ने दस्तक दे दी है।

राष्ट्रीय राजधानी में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है लेकिन दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बिगड़ता दिखाई दे रहा है। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) संतोषजनक से फिर मध्यम श्रेणी में पहुंच गई है। वहीं, बारिश के बाद 15 अक्टूबर से पहले ही दिल्ली में ठंड का एहसास भी होने लगा है। तापमान में गिरावट आने के साथ सुबह के समय दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में कोहरे की धुंध देखने को मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश से दिल्ली के तापमान में गिरावट आई है। अभी दो दिन ठंड का एहसास होगा, उसके बाद एक बार फिर दिन का तापमान बढ़ेगा। हालांकि, बीते 4 दिन से दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम के समय ठंड का एहसास हो रही है।

बता दें कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। देश की राजधानी दिल्ली में बारिश के थमते ही दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। दिल्ली की हवा की गुणवत्ता अच्छी और संतोषजनक रहने के बाद एक बार फिर मध्यम श्रेणी में पहुंच गई है।

दिल्ली-एनसीआर में बीते कई दिनों की बारिश के बाद आज (बुधवार), 12 अक्टूबर को सुबह के समय कोहरे की धुंध दिखाई दी। दिल्ली के कई इलाकों और एनसीआर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा।

15 अक्टूबर के बाद कुछ राहत की उम्मीद...

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। आज भारत के आधे से अधिक राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। माना जा रहा है कि 15 अक्टूबर के बाद से बारिशों का दौर थमने के आसार हैं।

24 घंटे में हुई कई जगह बारिश...

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश देखी गई। भारी बारिश की वजह से सड़कों और घर तक घुटनों तक पानी भर आया था।

अगले 4 दिनों के दौरान इन राज्यों में बारिश...

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों के दौरान तमिलनाडु और रायलसीमा में और अगले 2 दिनों के दौरान कर्नाटक में भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ और भागों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल होने के आसार हैं। आज भारत के आधे से ज्यादा राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। माना जा रहा है कि 15 अक्टूबर के बाद से बारिशों का दौर थम सकता है।

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी...

मौसम संबंधी जानकारी देने वाली निजी वेबसाइट स्काईमेट के मुताबिक, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और गुजरात में हल्की से मध्यम तक बारिश की संभावना है। बात दिल्ली की करें तो यहां आज मौसम छाए रहेंगे, केंद्रशासित राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदा-बांदी के आसार बने हुए हैं। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, जोशी मठ में आज बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला में आज बादल छाए रहेंगे और चंबा में बारिश होने की संभावना है।

कारोबार: गिरावट के साथ 82.35 पर पहुंचा 'रुपया'

कारोबार: गिरावट के साथ 82.35 पर पहुंचा 'रुपया'

अकांशु उपाध्याय/अखिलेश पांडेय 

नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और विदेशी कोषों की लगातार निकासी के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ 82.35 पर था। इसके अलावा निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की भावना और एशियाई मुद्रा तथा उभरते बाजारों की मुद्राओं में कमजोरी से भी रुपया प्रभावित हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 82.32 पर खुला, और फिर गिरावट के साथ 82.35 पर पहुंच गया। इस तरह रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। शुरुआती सौदों में रुपया 82.28 प्रति डॉलर के स्तर तक गया था।

रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे चढ़कर 82.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत बढ़कर 113.48 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.67 प्रतिशत गिरकर 93.66 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,612.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में आई तेजी...

वैश्विक बाजारों में कमजोर रूख के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी, धातु तथा ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली की वजह से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को उछाल आया और इस दौरान सेंसेक्स 179 अंक से अधिक चढ़ गया। तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद बुधवार को 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स ने सकारात्मक शुरुआत की और यह 179.53 अंक चढ़कर 57,326.85 पर पहुंच गया।

व्यापक एनएसई निफ्टी 52.75 अंक बढ़कर 17,036.30 पर था। सेंसेक्स में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, पॉवर ग्रिड, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, विप्रो, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल में गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में गिरावट दर्ज की गई।

अमेरिकी बाजार मिलेजुले रूख के साथ बंद हुए। पिछले कारोबारी सत्र में मंगलवार को तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 843.79 अंक यानी 1.46 प्रतिशत लुढ़ककर 57,147.32 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 257.45 अंक यानी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,983.55 अंक पर बंद हुआ था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.64 फीसदी फिसलकर 93.70 प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,612.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भारत: खुदरा महंगाई बढ़कर 7.41 प्रतिशत पर पहुंची

भारत: खुदरा महंगाई बढ़कर 7.41 प्रतिशत पर पहुंची

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। सब्जियों, ईंधन, अनाजों और मांस मछली आदि की कीमतों में आई तेजी के कारण इस वर्ष सितंबर में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित खुदरा महंगाई बढ़कर 7.41 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में यह 4.35 प्रतिशत रही थी। अगस्त 2022 में यह 7 प्रतिशत पर थी। इस दौरान खाद्य पदार्थाें की खुदरा महंगाई 8.60 प्रतिशत पर पहुंच गयी जबकि अगस्त 2022 में यह 7.62 प्रतिशत पर और सितंबर 2021 में यह 0.68 प्रतिशत पर रही थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा आज जारी आंकड़ों के अनुसार सितंबर में शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई में अधिक बढोतरी हुयी है। इस दौरान शहरी क्षेत्रों में खुदरा महंगाई में 0.58 प्रतिशत की बढोतरी दर्ज की गयी जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह 0.63 प्रतिशत बढ़ी।

इसी तरह से खाद्य पदार्थाें की खुदरा महंगाई भी शहरी क्षेत्रों में सितंबर 2022 में 0.72 प्रतिशत बढ़ी जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह 0.98 प्रतिशत बढ़ी है। इस महीने में अनाजों के साथ ही उसके उत्पादों, मांस मछली, अंडे, दूध एवं उसके उत्पादों,सब्जियों और दालों की कीमतों में जहां तेजी रही वहीं तेल एवं वसा की कीमतों में नरमी देखी गई। फलों की कीमतों में भी कुछ नरमी रही।

नेपाल: बाढ़ और भूस्खलन में 33 लोगों की मौंत 

नेपाल: बाढ़ और भूस्खलन में 33 लोगों की मौंत 

अखिलेश पांडेय 

काठमांडू। नेपाल में पिछले एक हफ्ते भारी बारिश से आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 33 लोगों की मौंत हो गई है। स्थानीय मीडिया ने बुधवार को एक रिपोर्ट जारी करके यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मॉनसून बारिश से उत्तर-पश्चिम में करनाली प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित है। इस प्रांत से हजारों निवासियों को सुरक्षित निकाला गया। नेपाल में मानसून आमतौर पर जून में शुरू होता है और अक्टूबर में समाप्त हो जाता है।

नेशनल इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, इस साल हिमस्खलन और भारी बारिश से आई अचानक बाढ़ से करीब 110 लोगों की मौत हो गई है और सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बीबीसी ने बताया कि पूरे प्रांत में कम से कम 22 लोग अब भी लापता हैं और इसी दौरान कई अन्य घायल हुए हैं। बचावकर्मियों को पर्वतीयक्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण यहां तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अन्नपूर्णा पोस्ट में एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा, “हमने सुरखेत से हेलीकॉप्टर को बचावकार्य के लिए तैनात किया है।” उन्होंने कहा कि मौसम में सुधार नहीं होने के कारण बचावकार्य में बाधा आ रही है। निचले कालीकोट जिले से पिछले एक सप्ताह में भारी बारिश की चेतावनी के बीच हजारों लोगों को उनके घरों से निकाला गया।

नेपाल के आपातकालीन अधिकारियों ने कहा कि प्रांत के कुछ इलाकों में करनाली नदी का जलस्तर 39 फीट से अधिक तक बढ़ गई है और नदी पर बने कई पुल भी बह गए। रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी अधिकारियों ने हेलीकॉप्टरों से क्षेत्र को सहायता भेजी है। संयुक्त राष्ट्र की मानवीय एजेंसियों ने कहा कि वे नेपाल में सबसे बुरी तरह प्रभावित समुदायों को भोजन और दवा वितरित कर रहे हैं।

फिल्म मोनिका, ओ माई डार्लिंग 11 को रिलीज होगी

फिल्म मोनिका, ओ माई डार्लिंग 11 को रिलीज होगी

कविता गर्ग 

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव की फिल्म  मोनिका, ओ माई डार्लिंग ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स पर 11 नवंबर को रिलीज होगी। राजकुमार राव इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ को लेकर चर्चा में हैं। उनकी यह फिल्म एक डार्क कॉमेडी है। वासन बाला द्वारा निर्देशित इस फिल्म में राजकुमार राव के अलावा हुमा कुरैशी और राधिका आप्टे भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाली हैं।

फिल्म मोनिका ओ माई डार्लिंग योगेश चंडेकर द्वारा लिखी गई है। बताया जा रहा है कि फिल्म मोनिका, ओ माई डार्लिंग कहानी रातों रात करोड़पति बनने की जुगाड़ में लगे एक युवक की है, जिसे कुछ साथी मिलते हैं और ये सब मिलकर एक ऐसे कत्ल की भूमिका बनाते हैं जिसका कोई सबूत बाकी न रहे।

माचिस शॉट्स द्वारा निर्मित फिल्म मोनिका, ओ माई डार्लिंग में राजकुमार राव, हुमा कुरैशी, राधिका आप्टे के अलावा सिकंदर खेर, भगवती पेरुमल, आकांक्षा रंजन कपूर, सुकांत गोयल, और जैन मैरी खान जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं। मोनिका, ओ माई डार्लिंग 11 नवंबर को ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

मिस्त्री ने मतपेटियों और मत पत्रों के नमूने को दिखाया

मिस्त्री ने मतपेटियों और मत पत्रों के नमूने को दिखाया

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कांग्रेस के चुनाव विभाग के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए पत्रकारों के समक्ष मतपेटियों और मत पत्रों के नमूने को दिखाया। उनका कहना था कि पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव संबंधी सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मतदान किस तरह से होना है इसका नमूना 15 अक्टूबर को पेश किया जाएगा।

उन्होंने बताया “मतपेटियों पर नम्बर पड़े हुए हैं। खाली मतपेटियां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालयों में भेजने से पहले चुनाव एजेंटों के समक्ष उनको सील किया जाएगा। सील बक्सों की सील पट्टियों पर तीन एजेंटों के हस्ताक्षर होंगे। सील पट्टी पर कांग्रेस चुनाव 2022 लिखा होगा और पट्टी को खोला नहीं जा सकता है, इसे सिर्फ छुरी से काटा जा सकता है।

वोटर की अंगुली पर वोट देते समय मार्कर लगाया जाएगा और अंगुली पर लगा मार्कर का निशान छूटेगा नहीं।” श्री मिस्त्री ने कहा कि कांग्रेस के चुनाव पारदर्शी तरीके से और गुप्त मतदान के जरिए होंगे। इसकी प्रक्रिया में किसी को कोई शंका नहीं रहे इसलिए मतदान से संबंधित सारे बाक्स, बैलेट पेपर आदि का मीडिया के सामने सबके लिए प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में कोई भी आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है।

रेलवे स्टेशन के बीच बिजली गिरने से ट्रैक मैन की मौंत

रेलवे स्टेशन के बीच बिजली गिरने से ट्रैक मैन की मौंत

मनोज सिंह ठाकुर 

सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले खुटहा-चितहरा रेलवे स्टेशन के बीच बिजली गिरने से एक ट्रैक मैन की मौंत हो गयी और तीन अन्य झुलस गए हैं। राजकीय रेल पुलिस के अनुसार कल खुटहा-चितहरा रेलवे स्टेशनो के बीच ट्रैक मरम्मत का कार्य चल रहा था। तभी तेज बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिये रेल पटरियो के निकट एक पेड़ के नीचे खड़े रेलवे के चार गैंगमैन हादसे का शिकार हो गये। दुर्घटना में इंद्रसेन की मौंत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नौसेना का मिग 29-‘के’ लड़ाकू विमान गोवा में क्रैश

नौसेना का मिग 29-‘के’ लड़ाकू विमान गोवा में क्रैश

अकांशु उपाध्याय/विमलेश यादव 

नई दिल्ली/पणजी नौसेना का एक मिग 29-‘के’ लड़ाकू विमान बुधवार को गोवा में तकनीकी खराबी के कारण समंदर में क्रैश हो गया। राहत की बात है कि विमान को उड़ा रहा पायलट सुरक्षित बच निकलने में सफल रहा। नौसेना के अनुसार यह विमान नियमित उड़ान पर था लेकिन जब यह बेस की तरफ वापस लौट रहा था तो इसमें तकनीकी खराबी आ गई।

विमान को उड़ा रहा पायलट समय रहते सुरक्षित बच निकला। तलाशी अभियान के दौरान पायलट का तुरंत पता लगा लिया गया और रिपोर्टों में कहा गया है कि पायलट की हालत स्थिर है। विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का गठन किया गया है।

नई इलेक्ट्रिक कार टाटा टियागो ईवी की बुकिंग शुरू 

नई इलेक्ट्रिक कार टाटा टियागो ईवी की बुकिंग शुरू 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। टाटा मोटर की हाल ही में लॉन्च नई इलेक्ट्रिक कार टाटा टियागो ईवी की बुकिंग आज से शुरू हो गई है। टियागो कंपनी की बेहद पॉपुलर हैचबैक है, जिसे कंपनी ने अब इलेक्ट्रिक में भी उतारा है। टाटा टियागो ईवी की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 8.49 लाख रुपए है। कार के टॉप वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 11.79 लाख रुपए है। यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 315 किलोमीटर तक का सफर पूरा कर सकती है। टियागो ईवी डीसी फास्ट चार्जिंग मोड में 57 मिनट में 10ः-80ः चार्ज हो जाती है। यह कार 5.7 सेकेंड में 0-60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पकड़ लेती है। टाटा की इस सस्ती ईवी कार लेने के इच्छुक ग्राहक किसी भी अधिकृत टाटा मोटर्स डीलरशिप या वेबसाइट पर 21 हजार रुपए के टोकन अमाउंट जमा करके टियागो इलेक्ट्रिक की बुकिंग करवा सकते हैं। बता दें कि इस कार की डिलीवरी जनवरी 2023 में शुरू होगा, जबकि दिसंबर में यह कार टेस्ट ड्राइव के लिए उपलब्ध होगी। 

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 


1. अंक-368, (वर्ष-05)

2. बृहस्पतिवार, अक्टूबर 13, 2022

3. शक-1944, कार्तिक, कृष्ण-पक्ष, तिथि-चतुर्थी, विक्रमी सवंत-2079।

4. सूर्योदय प्रातः 06:15, सूर्यास्त: 06:15। 

5. न्‍यूनतम तापमान- 21 डी.सै., अधिकतम-33+ डी.सै., उत्तर भारत में बरसात की संभावना है।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है। 

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु,(विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसेन पवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी। 

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102। 

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई  इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। चुनावी बॉन्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को कड़ी फटकार लग...