मंगलवार, 16 मार्च 2021

अमेरिकी रक्षामंत्री के भारत दौरे पर भड़का 'चीन'

अकांशु उपाध्याय   

नई दिल्ली/ बीजिंग। क्वॉड देशों की शुक्रवार को हुई पहली बैठक को लेकर चीन की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। क्वॉड समूह में अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसके अलावा, अमेरिकी रक्षा मंत्री इसी हफ्ते जापान, दक्षिण कोरिया और भारत के दौरे पर भी आने वाले हैं। इसे लेकर भी चीन की बेचैनी साफ दिखाई दी। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसे छोटे समूहों को बनाने से अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था तबाह हो जाएगी। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान से रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने सवाल किया था। "क्वॉड देशों ने 12 मार्च को अपनी पहली समिट की।अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सलिविन ने एक बयान में कहा कि चारों देशों के नेताओं ने चीन के खतरे पर चर्चा की और उन्हें भरोसा है कि लोकतंत्र चीन की तानाशाही को जड़ से खत्म करने में कामयाब रहेगा।इसे लेकर आप क्या कहना चाहेंगे ?"   

एमएलसी ने परिजनों के उत्पीड़न का लगाया आरोप

हरिओम उपाध्याय    
लखनऊ। भाजपा के एक विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर यूपी पुलिस पर आरोप लगाया है, कि वह एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर विकास दुबे के परिवार को प्रताड़ित कर रही है। भाजपा एमएलसी उमेश द्विवेदी अखिल भारतीय ब्राह्मणोत्थान महासभा के भी अध्यक्ष हैं। इस हवाले से उन्होंने कहा है कि विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश दुबे और उनकी पत्नी अंजलि दुबे को पुलिस ने झूठे मामलों में फंसाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है, कि वे परिवार के सदस्यों के खिलाफ लगाए गए मामलों की जांच कराने का आदेश दें और उन्हें न्याय दें। बता दें, कि पिछले साल 10 जुलाई को कानपुर में हुई एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान विकास दुबे मारा गया था। दुबे ने 3 जुलाई को बिकरू गांव में घात लगाकर 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। पुलिस उसके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ व्यापक जांच कर रही है।

भारतीय को दफनाने के लिए विदेशी अधिकारी तलब

अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को एक ऐसे मामले में पेश होने का निर्देश दिया। जिसमें एक भारतीय प्रवासी को सऊदी अरब में मुस्लिम संस्कार के अनुसार गलत तरीके से दफनाया गया था। जस्टिस प्रतिभा सिंह ने इसे "दुर्भाग्यपूर्ण घटना" बताते हुए विदेश मंत्रालय के उप सचिव को निर्देश दिया, कि वह इसके समक्ष वर्चुअली पेश हों। भारतीय पासपोर्ट धारक संजीव कुमार का हृदय गति रुक जाने के कारण जनवरी में सऊदी अरब में निधन हो गया था।

छत्तीसगढ़: रोजगार मेलें का किया जाएगा आयोजन

रायपुर। जिला रोजगार एवं स्व रोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोरबा द्वारा रोजगार मेला का आयोजन 17 मार्च को किया जाएगा। रोजगार मेला का आयोजन लाइवलीहूड काॅलेज कोरबा में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। जिले के 18 से 30 वर्ष के बेरोजगार अभ्यर्थी रोजगार मेला में शामिल हो सकते हैं। रोजगार मेला में उपस्थित होकर आवेदक योग्यतानुसार रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। रोजगार मेला में निजी संस्थानों के नियोजकों द्वारा अपने संस्थानों के विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेला में तीन निजी संस्थान शामिल हो रहे हैं। इन संस्थानों के 358 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

अस्पताल में जल्द हो बर्न यूनिट की स्थापना: मांग

अश्वनी उपाध्याय    

गाजियाबाद। राष्ट्रीय व्यापार मण्डल की पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष पंडित अशोक भारतीय ने मांग की है, कि गाज़ियाबाद जिला अस्पताल में जल्द-से-जल्द बर्न यूनिट की स्थापना की जाए। रामलीला मैदान घंटाघर स्थित जानकी भवन में आयोजित राष्ट्रीय व्यापार मण्डल के व्यापारिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने मांग की, है कि नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स और दुकानों के किराए में प्रस्तावित वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। व्यापारियों को संबोधित करते हुए मेरठ मण्डल के महामंत्री प्रदीप चौधरी ने कहा है, कि यदि हमें लॉकडाउन से बचना है तो बेहद सावधान रहने की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए हमें सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन करना होगा। उन्होंने सभी साथी व्यापारियों से अपील की कि वे जल्द से जल्द कोरोना का टीका लगवा लें। सम्मेलन में गाज़ियाबाद में बढ़ती हुई व्यापारियों की समस्याओं को यथाशीघ्र दूर करने के लिए जनपद को पाँच भागों में विभाजित कर संगठन को मजबूत करने पर निर्णय लिया गया। व्यापारी अब पुराना गाज़ियाबाद, नया गाज़ियाबाद, विजय नगर, ट्रांस हिंडन और साहिबाबाद में संगठन के विस्तार के लिए काम करेंगे। संगठन के विस्तार के लिए राष्ट्रीय व्यापार मण्डल के सभी पदाधिकारियों ने सर्व सम्मति से समाजसेवी व दो बार पार्षद रहे मुनेन्द्र आर्य को पुराना गाज़ियाबाद क्षेत्र का अध्यक्ष बना कर उनसे अपनी कमेटी बनाने का अनुरोध किया है। इसी प्रकार साहिबाबाद के मजबूत व्यापारी नेता प्रवीण भाटी को साहिबाबाद क्षेत्र की ज़िम्मेदारी दी गई है।

इंदिरापुरम: फ्लिपकार्ट के 7 डिलिवरी मैन गिरफ्तार

अश्वनी उपाध्याय    

गाजियाबाद। इंदिरापुरम पुलिस ने एक ऐसे गैंग का खुलासा किया है। जो मोबाइल फोन के डिब्बे में साबुन रख कर डिलीवरी करता था। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सात आरोपी ऑनलाइन कंपनी फ्लिपकार्ट के वेयरहाउस में काम करते हैं। वेयरहाउस से लेकर कस्टमर के घर तक डिलीवरी के दौरान वे मोबाइल फोन के डिब्बों से मोबाइल निकाल लेते थे। डिब्बे में मोबाइल फोन के वजन जितना ही साबुन रख देते थे। इस तरह करीब 50 शिकायतें पुलिस को मिली थीं। वेयरहाउस की तरफ से भी पुलिस को शिकायत की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुछ मोबाइल फोन और साबुन बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए अपराधी कंपनी द्वारा जाली बिल अपने पास रखकर लोगों को फर्जी बिलों के माध्यम से मोबाइल बेचते थे। पुलिस को अब तक दर्जनों मोबाइल बेचे जाने की सूचना मिली है। पुलिस इस गैंग के बाकी सदस्यों की भी तलाश कर रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है, कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं ?

गाजियाबाद: एसडीएम ने फर्जी डॉक्टर किया अरेस्ट

अश्वनी उपाध्याय  

गाजियाबाद। गोपनीय सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए उप जिलाधिकारी ने लोनी में एक ऐसे क्लीनिक को सील कर दिया। जो फर्जी कागजातों के आधार पर चल रहा था। उप जिलाधिकारी ने बताया, कि सूचना मिलते ही तत्काल अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एक टीम का गठन किया और राज क्लीनिक पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके पर एक अपंजीकृत महिला डॉक्टर सीमा द्वारा एक महिला को एमटीपी करवाते हुए पकड़ा गया। महिला के शैक्षणिक प्रपत्र मांगे जाने पर उन्होंने डीपीटी के कागजात दिखाए। दोनों अधिकारी द्वारा मौके पर पुलिस बुला कर उक्त फर्जी महिला चिकित्सक को गिरफ्तार करा दिया गया है और क्लिनिक को सील कर दिया गया है। इस मामले में डॉ सुनील कुमार त्यागी द्वारा लोनी थाना में एफ आई आर दर्ज करा दी गई है। टीम में आलोक, उमेश गुप्ता (विधिक सलाहकार) लाखन सिंह आदि उपस्थित रहे। प्रकरण की सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दे दी गई है।

कौशाम्बी: ओवरब्रिज का डीएम ने किया निरीक्षण

कौशाम्बी। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार को सिराथू में बन रहे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सेतु निगम द्वारा कराये जा रहे नाली के निर्माण कार्य में लापरवाही बरतते हुए पाये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए 20 दिन के अन्दर नाली के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होने नाली में पड़ने वाले विद्युत पोलो को अन्यत्र शिफ्टिंग कराये जाने का निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत को दिया है। साथ ही साथ पानी सप्लाई की पाइप लाइन के कार्य में सिथिलता बरतते हुए पाये जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए 20 दिन के अन्दर कार्य को पूर्ण कराये जाने का निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सिराथू को दिया है। जिलाधिकारी ने ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को बिना किसी हीला हवाली और मानक के अनुरूप समय से पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सिराथू प्रखर, उत्तम अधिशासी अभियंता सेतु निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सन्तलाल मौर्य 

भाजपा प्रदेश संगठन का विस्तार 6 अप्रैल से होगा

राणा ओबराय  
चंडीगढ। निजी सूत्रों के अनुसार लंबे समय से लंबित चल रहे हरियाणा भाजपा प्रदेश संगठन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सूत्रों की माने तो 6 अप्रैल से पहले-पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ संगठन विस्तार की घोषणा कर सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 3 नए महासचिव और एक संगठन सचिव बनाया जाना है। तीनों महासचिव के नामों पर लगभग सहमति बन चुकी है। यदि सूत्रों पर विश्वास करें तो इस बार 3 महासचिव में से दो महासचिव की छुट्टी होना लगभग तय माना जा रहा है और एक महासचिव को पुनः जीवनदान दिया जा सकता है। इसी के साथ प्रदेश में 8 नए सचिव भी बनाए जाएंगे। निजी सुत्रो के अनुसार सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की तैयारी भी पूरी हो चुकी है। सूत्रों की माने तो लगभग सभी पदों पर नेताओं के नाम फाइनल हो चुके हैं और यदि किसी के नाम पर कुछ प्रश्न चिन्ह है तो वह भी 6 अप्रैल तक साफ हो जाएगा। संगठन विस्तार का कार्य पूरा होने के साथ साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ पूरे प्रदेश के का दौरा करेंगे और भाजपा के सभी जिला अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार कार्यकर्ताओं में जो उदासीनता है। उसको प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ दूर करने का प्रयास करेंगे।

हापुड़ः शातिर लूटेरा, मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

अतुल त्यागी 
हापुड़। थाना बाबूगढ़ पुलिस और जनपदीय टीम- बी की संयुक्त पुलिस टीम ने थाना बाबूगढ़ और बहादुरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत घटी लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर लूटेरे पप्पू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से बुलंदशहर से लूटी हुई एक मोटरसाइकिल एक अवैध तमंचा एक जिंदादो खोखा कारतूस 315 बोर पुलिस ने किए बरामद पुलिस की पूछताछ में पप्पू ने बताया, कि उसने पिछले एक माह में आधा दर्जन से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा सहित कई जिलों के लोगों को अपना निशाना बना चुका है। वहीं शातिर अपराधी के विरुद्ध 1 दर्जन से अधिक लूट के मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज है।

होली पर यूपी के 20 जिलों में आरएएफ होगी तैनात

हरिओम उपाध्याय    
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर-प्रदेश के कम से कम उन 20 जिलों में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) तैनात करने का फैसला किया है। जिनकी पहचान आगामी होली त्योहार के मद्देनजर 'अतिसंवेदनशील' के रूप में की गई है। अतिसंवेदनशील श्रेणी के जिलों में आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बुलंदशहर, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, मऊ, मेरठ, मुरादाबाद, श्रावस्ती, वाराणसी और संभल शामिल हैं।
एडीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा, "यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाया जा रहा है कि होली शांतिपूर्ण तरीके से मनाई जाए। त्योहार की पूर्व संध्या पर 'होलिका दहन' के लिए राज्य भर में 1.4 लाख जगह हैं। पिछले साल, इस अवधि के दौरान 19 छोटी मोटी घटनाएं दर्ज हुई थी।"

देश में संक्रमण के 24,492 नए मामले सामने आएं

अकांशु उपाध्याय   
नई दिल्ली। देश में मंगलवार को कोविड-19 के 24,492 मामले और 131 मौतें दर्ज हुईं। मामलों की संख्या पिछले दिन के मामलों से 1,800 कम रही। लेकिन मौतों की संख्या में 13 की बढ़ोतरी हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को देश में कोविड-19 के 26,291 मामले दर्ज हुए थे। जो पिछले 85 दिनों में सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा था। अब देश में कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,14,09,831 और मृत्यु संख्या 1,58,856 हो गई है। वहीं संक्रमण का स्तर 1.55 प्रतिशत से बढ़कर 1.96 हो गया है।
इसके अलावा एक ही दिन में सक्रिय मामलों की संख्या 4,000 बढ़कर 2,23,432 पर पहुंच गई है। इस दौरान 20,191 लोगों के डिस्चार्ज होने के बाद अब तक डिस्चार्ज हुए कुल लोगों की संख्या 1,10,27,543 हो गई है। सोमवार को 8,73,350 नमूनों का परीक्षण होने के साथ ही देश में अब तक कुल 22,82,80,763 नमूने जांचे जा चुके हैं।
 कोविड-19 मामलों की संख्या में अब तक महाराष्ट्र और पंजाब में देखी जाने वाली बढ़ोतरी अब दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी देखी जा रही है। इसे देखते हुए केंद्र ने राज्यों से भी एहतियात बरतने के लिए कहा है जहां अभी स्थिति नियंत्रण में है।
बता दें, कि 16 जनवरी से सामूहिक टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 3,29,47,432 कोरोना वैक्सीन डोज दिए जा चुके हैं।

बंगाली अभिनेत्री रितुपर्णा पाईं गई पॉजिटिव: वायरस

कोलकाता। बंगाली अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई हैं। उन्होंने, सोशल मीडिया पर खुद इस बात की जानकारी साझा की है। उन्होंने ट्वीट किया, "मैंने कोविड-19 के लिए परीक्षण कराया तो पॉजिटिव निकली, लेकिन मैं आप सभी को सूचित करना चाहती हूं, कि मैं ठीक महसूस कर रही हूं। कोई लक्षण नहीं है और अपने डॉक्टरों और अधिकारियों की सलाह पर आवश्यक प्रोटोकॉल और सावधानियों का पालन कर रही हूं।" सेनगुप्ता ने कहा कि वह इस समय सिंगापुर में हैं और एक रिकवरी सेंटर पर क्वारंटीन में हैं।

हरियाणा में बदलेगा मौसम, बारिश की संभावना

राणा ओबराय   

चंडीगढ़। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है, कि 18 मार्च को पश्चिम विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं हल्की बरसात हो सकती है। जबकि 20 मार्च से फिर पश्चिम विक्षोभ तीन दिन असर दिखा सकता है। हालांकि, बड़ी बरसात की संभावना कम है। लेकिन इसके असर पर पहाड़ों की ओर से मैदानों की ओर ठंडी हवाएं चलेंगी। इससे दिन व रात का तापमान अधिक नहीं बढ़ेगा। लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

सीएम योगी ने 56,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए

हरिओम उपाध्याय  
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछले साल केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 56,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (डीबीटी) के कारण, सरकार ने एक वर्ष में 4,402.05 करोड़ रुपये से अधिक की बचत की।
प्रवक्ता ने कहा, "विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत धन ट्रांसफर करने में कई अनियमितताएं पहले हुई थीं। यह अब खत्म कर दी गई है। बिचौलियों को प्रक्रिया से हटा दिया गया है और डीबीटी के साथ पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है।"पिछले साल कोविड-प्रेरित लॉकडाउन के दौरान, सरकार ने लाखों किसानों, मनरेगा श्रमिकों, प्रवासी मजदूरों, महिलाओं, छात्रों और पेंशनरों के खातों में धन ट्रांसफर किया।
गैस सिलेंडर पर सब्सिडी के रूप में सरकार ने 2,806.10 करोड़ रुपये, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 1,412 करोड़ रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 162.58 करोड़ रुपये, वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 16.69 करोड़ रुपये, 1.55 लाख रुपये राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत, क्षय रोग उन्मूलन योजना के तहत 1.92 लाख रुपये और दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 4.63 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
प्रवक्ता ने कहा, "डीबीटी ने हमें एक लाभार्थी के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर को आसानी से सत्यापित करने में मदद की और पैसा बिना किसी बाधा के जन धन खाते में ट्रांसफर किया गया। इससे बिचौलियों को खत्म करने में मदद मिली है और साथ ही यह सुनिश्चित हुआ है कि पैसा वास्तविक लाभार्थियों तक जाए।"
सरकार ने कहा कि पिछले चार वर्षों में, विभिन्न योजनाओं के तहत डीबीटी के माध्यम से किसानों को 2.53 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसमें ऋण माफी के रूप में 36,000 करोड़ रुपये, न्यूनतम समर्थन मूल्य के रूप में 64,000 करोड़ रुपये, गन्ना किसानों को 1.22 लाख करोड़ रुपये और पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 2.42 करोड़ किसानों को दिए गए 27,101 करोड़ रुपये शामिल हैं।

सरकार ने महाराष्ट्र के 4 शहरों में कर्फ्यू लगाया

मनोज सिंह ठाकुर  
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने संक्रमण को देखते हुए फिर सख्ती बरतते हुए पुणे, नागपुर और औरंगाबाद ने नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसके बाद अब गुजरात सरकार ने भी अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है। गुजरात में बढ़ते कोरोना के केसों को देखते हुए सरकार ने बड़े शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट में मंगलवार यानि आज रात 10 बजे से कल सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। बता दें कि गुजरात में कोविड-19 की रफ्तार तेज हो चली है। इसकी चपेट में आम से खास तक सभी आ रहे हैं। विजय रूपाणी सरकार के मंत्री ईश्वर पटेल की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मंत्री ईश्वर पटेल कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद पॉजिटिव हुए हैं।

तेजस्वी ने सदन में सुनाई पोशाक-राजा की कहानी

अविनाश श्रीवास्तव   
पटना। बिहार विधानसभा में गृह विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पोशाक, राजा और दरजी की कहानी सुनाई। कहानी के जरिये तेजस्वी ने बिहार में तेजी से बढ़ रहे अपराध को लेकर मुख्यमंत्री के ऊपर निशाना साधा और उन्होंने कहा कि बिहार में सिर्फ वैसे लोगों को ही सुशासन नजर आता है।जो ताबड़तोड़ तेल मालिश यानी कि टीटीएम करते हैं।

मुंबई: तापसी ने अपने नए घर की तस्वीर साझा की

मनोज सिंह ठाकुर   
मुंबई। अभिनेत्री तापसी पन्नू ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में प्रशंसकों के साथ अपने घर की एक झलक साझा की। अभिनेत्री ने अपने लिविंग रूम की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें विंटेज सोफा सेट और एक लकड़ी की नक्काशीदार सेंटर टेबल है।
इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "घर : एक जगह जहां दोस्त मिलते हैं, परिवार के लोग इकट्ठा होते हैं और प्यार बढ़ता है। अभिनेत्री वर्तमान में अनुराग कश्यप की 'दोबारा' की शूटिंग कर रही हैं। फिल्म निर्माता और अभिनेत्री हाल ही में अपने घरों में आयकर विभाग द्वारा तलाशी लिए जाने के लिए चर्चा में थे।

पीएम ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर बुलाई बैठक

अकांशु उपाध्याय   
नई दिल्ली। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 मार्च को मुख्यमंत्रियों की वर्चुअल बैठक बुलाई है। दिन में 11 बजे से यह वर्चुअल मीटिंग होगी। इस दौरान मुख्यमंत्रियों से कोरोना के प्रभावी प्रबंधन और वैक्सीनेशन पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी इससे पूर्व भी कोरोना काल में कई बार मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग से चर्चा कर वैश्विक महामारी की रोकथाम की रणनीति बना चुके हैं। बताया जा रहा है कि 17 मार्च को होने वाली बैठक में सभी राज्यों से वहां के हालात के बारे में जानकारी लेने के साथ सुझाव भी लिए जाएंगे। राज्यों से आए सुझाव के आधार पर कोरोना को फिर बढ़ने से रोकने की रणनीति बनेगी।

बता दें कि देश में पिछले एक हफ्ते से कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते रविवार को कोरोना के 26,386 नए मामले दर्ज किए गए। पिछले 85 दिनों में कोरोना का यह सर्वाधिक मामला है। देश में इस वक्त कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 2,19,262 है, जबकि देश में कुल कोरोना केस की संख्या फिलहाल 1,13,85,339 है।

यूपी: पंचायत चुनाव नहीं लड़ेंगे भाजपा के पदाधिकारी

हरिओम उपाध्याय   
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फैसला किया है कि उसके पदाधिकारी आगामी पंचायत चुनाव नहीं लड़ेंगे। सोमवार को हुई राज्य कार्यकारिणी समिति ने फैसला किया है कि अगर कोई भी पदाधिकारी पंचायत चुनाव लड़ने का इच्छुक है, तो उसे अपने पद से हटना होगा।
पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, यह भी तय किया गया है कि पार्टी 19 से 26 मार्च तक एक कार्यक्रम का शुभारंभ करेगी, जिसके दौरान वे योगी सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक ले जाएंगे।
योगी आदित्यनाथ की सरकार को 19 मार्च को चार साल पूरे हो जाएंगे।उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने पिछले चार वर्षों में अनुकरणीय काम किया है - चाहे वह काशी और अयोध्या को एक बदलाव देने की बात हो या फिर महामारी की स्थिति से निपटने की।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार की प्रभावी जांच की और ग्रामीण अंदरूनी क्षेत्रों में समावेशी विकास सुनिश्चित किया।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को नए सिरे से काम करने और अगले साल होने वाले पंचायत चुनावों और फिर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की सफलता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

संपत्ति को नुकसान, सरकार वसूलेगी हर्जाना: सीएम

राणा ओबराय   
चंडीगढ़। हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की भाजपा-जेजेपी सरकार अब प्रदर्शनकारियों से उनके द्वारा संपत्ति को पहुंचाए गए नुकसान का पूरा खामियाजा वसूलेगी। इसके लिए बाकायदा एक विधेयक भी लाया जाएगा। इस विधेयक पर चर्चा करने और उसे पारित करने के लिए सोमवार को उसे विधानसभा में पेश किया जा सकता है। इसका मकसद प्रदर्शनकारियों और दंगाइयों से सार्वजनिक और निजी संपत्ति को होने वाले नुकसान की भरपाई करवाना है।
इस तरह खट्टर उत्तर प्रदेश सरकार के उस कानून का अनुसरण कर रहे हैं, जो उसने पिछले साल पारित किया था। इसके तहत राजनीतिक आंदोलन, जुलूस और प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को हुए नुकसान की वसूली प्रदर्शनकारियों से ही की जाती है।पिछले हफ्ते खट्टर ने विधानसभा में बताया था कि 3 केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान विरोधी प्रदर्शनों के कारण राज्य को 26 नवंबर, 2020 से 9 फरवरी 2021 के बीच 212 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने आगे कहा था, "वहीं अब तक का अनुमानित नुकसान 1,110 करोड़ रुपये से 1,150 करोड़ रुपये के बीच हो सकता है।

कीमोथैरेपी को मात दे सकता है कैंसर, धोखा

वाशिंगटन डीसी। कैंसर भी कीमोथैरेपी से बच सकता है। उसे धोखा देकर वापस आ सकता है। एकदम कोरोना वायरस की तरह, जैसे कोरोना वायरस के नए वैरिएंट वैक्सीन और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को धोखा दे सकते हैं। ठीक उसी तरह कैंसर की कोशिकाएं कुछ समय के लिए सक्रिय शीतनिद्रा यानी एक्टिव हाइबरनेशन में चली जाती है। या यूं कह लें कि निष्क्रिय हो जाती हैं. इन पर कीमोथैरेपी का असर नहीं होता. बाद में अनुकूल माहौल मिलते ही वापस अपना दुष्प्रभाव दिखाने लगती हैं.न्यूयॉर्क स्थित संस्था के साइंटिस्ट्स ने एक स्टडी में यह खुलासा किया है।वैज्ञानिकों का मानना है कि कैंसर की कुछ कोशिकाएं खुद को बुढ़ापे की ओर ले जाती हैं, उसके बाद उन्हें एक्टिव हाइबरनेशन में डाल देती हैं। ताकि उनके ऊपर की जा रही तीव्र कीमोथैरेपी प्रक्रिया का असर कम हो।
इस स्टडी के होने के बाद अब कैंसर के लिए नई दवाओं और वैक्सीन की खोज शुरु हो सकती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अब ऐसी दवाएं बनानी होंगी जो कैंसर की कोशिकाओं को हाइबरनेशन में जाने से रोकें और उन्हें तत्काल खत्म कर दें। इसके अलावा उनपर कीमोथैरेपी का भी असर हो।

72 देशों को कोरोना वैक्सीन दे रहा भारत: हर्षवर्धन

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि देश इस समय दुनिया के 72 देशों को कोरोना वायरस (कोविड-19) वैक्सीन आपूर्ति कर रहा है और घरेलू जरूरत के लिए भी इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।डॉ. हर्षवर्धन ने प्रश्न काल में पूरक प्रश्न के उत्तर में बताया कि दुनिया के देशों को कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराने में महती भूमिका निभाने के लिए भारत की चहुंओर तारीफ की जा रही है। देश अपनी जरूरत की वैक्सीन सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराने के साथ-साथ दुनिया के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। इसके लिए दुनिया भर में भारत की प्रशंसा हो रही है।उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन, वैज्ञानिकों और पेशेवर लोगों की ओर से निर्धारित मानदंडों के अनुरूप देश में कोरोना वैक्सीन उपलब्ध करायी जा रही है। इसकी आपूर्ति बढ़ाने के लिए आगे मिलने वाले निर्देशों के अनुरूप जरूरी कदम उठाये जायेंगे। उन्होंने बताया, कि सरकारी अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध करायी जा रही है और निजी अस्पतालों में यह 250 रुपये में लगायी जा रही है।

डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले नागरिकों को उनके घर पर ही वैक्सीन लगवाने की सुविधा उपलब्ध कराने के सुझाव को विशेषज्ञ समूह के समक्ष रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि हालांकि इस मामले में काफी सतर्कता की जरूरत है क्योंकि वैक्सीन लगवाने वाले प्रत्येक नागरिक को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाता है जिससे कोई दुष्प्रभाव होने पर संबंधित व्यक्ति को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करायी जा सके।

दासगुप्ता ने दिया राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपनी उम्मीदवारी की घोषणा के बाद राज्यसभा के मनोनीत सदस्य स्वप्न दासगुप्ता ने मंगलवार को उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने दासगुप्ता पर संविधान की 10वीं अनुसूची के उल्लंघन का आरोप लगाया था। दासगुप्ता अप्रैल, 2016 में राज्यसभा के सदस्य बने थे। उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तारकेश्वर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।दासगुप्ता ने ट्वीट कर कहा, ”बंगाल को बेहतर बनाने की लड़ाई में अपने आप को समर्पित करने के लिए मैंने आज राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। मैं भाजपा उम्मीदवार के रूप में तारकेश्वर विधानसभा सीट से अगले कुछ दिनों के अंदर नामांकन दाखिल करने की उम्मीद करता हूं।”त्रों ने बताया कि दासगुप्ता ने राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से आग्रह किया है कि उनका इस्तीफा बुधवार से प्रभावी माना जाए। इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर दासगुप्ता ने कहा, ”मैंने हमेशा कहा है कि नामांकन पत्र (पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए) दाखिल करने से पहले जो भी आवश्यक कदम उठाने होंगे, वे उठाए जाएंगे।” राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल 24 अप्रैल 2022 तक था। तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य मोहुआ मोइत्रा ने ट्वीट कर राज्यसभा का मनोनीत सदस्य रहते हुए दासगुप्ता को विधानसभा चुनाव में भाजपा का उम्मीदवार बनाए जाने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने ट्वीट में कहा था कि संविधान की 10वीं अनुसूची के अनुसार, अगर कोई मनोनीत सदस्य शपथ लेने के छह महीने के बाद किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होता है तो उसकी सदस्यता रद्द की जा सकती है। मोइत्रा ने कहा, ”दासगुप्ता ने अप्रैल 2016 को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली थी … असंबद्ध रहे … अब भाजपा में शामिल होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए।”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि आज भी राज्यसभा की वेबसाइट पर दासगुप्ता को मनोनीत सदस्य बताया जा रहा है। मोइत्रा ने कहा कि दासगुप्ता को या तो राज्यसभा से इस्तीफा देना चाहिए या उन्हें अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए क्योंकि उनके पास कोई ”सेफ्टी नेट” नहीं है। संविधान की 10वीं अनुसूची के अनुसार, अनुच्छेद 99 या 188 के प्रावधानों (जो भी लागू हों) को पूरा करने के बाद मनोनीत सदस्य अपने शपथग्रहण के बाद से छह महीने का समय समाप्त होने के पहले किसी राजनीतिक दल से जुड़ सकता है।

नियम में आगे कहा गया है कि अनुच्छेद 99 या 188 के प्रावधानों (जो भी लागू हों) को पूरा करने के बाद सदन के लिए मनोनीत सदस्य अपने शपथग्रहण के बाद से छह महीने का समय समाप्त होने के बाद किसी राजनीतिक दल से जुड़ता है तो वह सदन की सदस्यता के अयोग्य होगा।

दंगा: मोदी को चिट, याचिका पर 13 को सुनवाई होगी

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने 2002 गुजरात दंगों में राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई एसआईटी की क्लीन चिट को चुनौती देने वाली जकिया जाफरी की याचिका पर सुनवाई के लिए मंगलवार को 13 अप्रैल की तारीख तय की और कहा कि वह अगली तारीख में सुनवाई स्थगित करने के किसी अनुरोध को स्वीकार नहीं करेगी। जकिया दंगों में मारे गए सांसद एहसान जाफरी की पत्नी हैं। न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर, न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी की पीठ ने जकिया की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के इस अनुरोध पर गौर किया कि मामले की सुनवाई अप्रैल में किसी दिन की जाए, क्योंकि कई वकील मराठा आरक्षण मामले में व्यस्त हैं। मराठा आरक्षण मामले की सुनवाई पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ कर रही है।गुजरात सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुनवाई स्थगित करने की अर्जी का विरोध करते हुए कहा कि मामले पर अगले सप्ताह सुनवाई होनी चाहिए। विशेष जांच दल (एसआईटी) की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने भी सुनवाई स्थगित किए जाने की अर्जी का विरोध करते हुए कहा कि मामले पर फैसला सुनाया जाना चाहिए।पीठ ने कहा, ”मामले की आगे की सुनवाई के लिए 13 अप्रैल की तारीख तय की जाए। मामले की सुनवाई स्थगित करने के किसी अनुरोध को अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।” शीर्ष अदालत ने पिछले साल फरवरी में मामले की सुनवाई के लिए 14 अप्रैल, 2020 की तारीख तय करते हुए कहा था कि सुनवाई कई बार स्थगित की जा चुकी है और इसकी किसी न किसी दिन सुनवाई करनी ही होगीउल्लेखनीय है कि गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगाए जाने में 59 लोगों के मारे जाने की घटना के ठीक एक दिन बाद 28 फरवरी, 2002 को अहमदाबाद की गुलबर्ग सोसाइटी में 68 लोग मारे गए थे। दंगों में मारे गए इन लोगों में एहसान जाफरी भी शामिल थे। घटना के करीब 10 साल बाद आठ फरवरी, 2012 को एसआईटी ने मोदी तथा 63 अन्य को क्लीन चिट देते हुए ‘क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल की थी।क्लोजर रिपोर्ट में कहा गया था कि जांच एजेंसी को आरोपियों के खिलाफ ”अभियोग चलाने योग्य कोई सबूत नहीं मिला”। जकिया ने एसआईटी के फैसले के खिलाफ दायर याचिका को खारिज करने के गुजरात उच्च न्यायालय के पांच अक्टूबर, 2017 के आदेश को 2018 में उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी।

बाराबंकी: 2 ट्रकों में हुई टक्कर, 2 की जलकर मौत

बाराबंकी। थाना रामसनेहीघाट क्षेत्र के हैदरगढ़- भिटरिया मार्ग पर स्थित ग्राम बहरेला नहर के निकट सोमवार देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों ट्रक बुरी तरह से जल इसमें दो लोगो की जलकर मौत हो गयी। साथ ही एक जख्मी ड्राइवर को इलाज के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल भेज दिया। रामसनेहीघाट के पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अयोध्या जनपद के पूरे लोध मजरे सिवान निवासी 25 वर्षीय विश्राम यादव ट्रक पर कानपुर से सीमेंट की चादर लोड करके सिलीगुड़ी जा रहा था। उन्होंने बताया, कि मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे जब वह हैदरगढ़ से भिटरिया की ओर मुड़ा तभी बहरेला नहर के निकट सामने से आ रही दूसरी खाली ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।।दुर्घटना के बाद दोनों ट्रकों की केबिन क्षतिग्रस्त हो गयी, जिससे चालक और परिचालक उसी में फंस गए। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद अचानक दोनों ट्रकों में आग लग गयी। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग के लोगों को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाली ट्रक से गंभीर रूप से झुलसे 40 वर्षीय ट्रक चालक रामसमुझ निवासी दरियावगंज जिला रायबरेली को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। उन्होंने बताया कि इस बीच दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाकर उसके अंदर से बुरी तरह जले हुए विश्राम यादव तथा दूसरे ट्रक से 20 वर्षीय खलासी शुभम निवासी दरियावगंज जिला रायबरेली का शव निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

100 फीसदी टीकाकरण के लिए लगेंगे 18 साल

अकांशु उपाध्याय    
नई दिल्ली। केंद्र सरकार जहां देश में जोर-शोर से कोविड-19 टीकाकरण अभियान चलाने का दावा कर रही है। वहीं, कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए मंगलवार को दावा किया कि अभी तक सिर्फ 0.35 प्रतिशत आबादी को ही कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक दी गई है। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई और कहा, कि फिलहाल देश में जिस रफ्तार से टीकाकरण अभियान चल रहा है। उसकी यही रफ्तार रहने पर सौ फीसदी टीकाकरण में 18 साल लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सब खुश थे कि कोरोना का ग्राफ नीचे आ रहा है लेकिन कुछ दिनों से बड़ी चिंता हो रही है। क्योंकि एक ही दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के करीब 25 हजार मामले बढ़ रहे हैं।गोहिल ने दूसरे देशों को कोविड-19 टीका भेजने संबंधी दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से टीकाकरण अभियान की रफ्तार बढ़ाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि अभी तक जो टीकाकरण हो रहा है और जिनको दूसरी खुराक मिली है, उनका आंकड़ा दो दिन पहले तक 0.35 प्रतिशत ही है। अगर इसी रफ्तार से हम चले तो 70 प्रतिशत आबादी के टीकाकरण में 12 साल छह महीने लगेंगे। सौ प्रतिशत करने के लिए 18 साल लगेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द सबको टीका मिले, इसकी व्यवस्था हो। ज्ञात हो कि गृह मामलों की संसद की स्थायी समिति ने भी हाल ही में देश में टीकाकरण की धीमी गति पर चिंता जताई थी और कहा था कि इस दर से पूरी आबादी का टीकाकरण करने में कई वर्ष लग जाएंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में सोमवार को एक दिन में अब तक सबसे अधिक करीब 30 लाख लोगों को कोविड-19 टीके लगाए गए। इसके साथ ही देश में लगाए जा चुके टीकों की कुल संख्या 3,29,47,432 हो गई है।

बैंकों को लेकर अफवाहों पर विश्वास ना करें: प्रकाश

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का निजीकरण नहीं किया जा रहा है और बैंकों के संदर्भ में अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। जावड़ेकर ने शिवसेना सांसद अरविंद सावंत के प्रश्न के उत्तर में यह बात कही। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का हमेशा यह प्रयास होता है कि जिन सार्वजनिक उपक्रमों को फिर से खड़ा किया जा सकता है, उसे किया जाए। सावंत के एक पूरक प्रश्न के उत्तर में सूचना एवं प्रसारण तथा भारी उद्योग मंत्री जावड़ेकर ने कहा, ‘‘एलआईसी का निजीकरण नहीं हो रहा है। यह गलतफहमी है। जहां तक बैंकों का सवाल है जो उस बारे में अफवाहों पर विश्वास नहीं करें।’इससे पहले, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को लोकसभा में कहा था कि एलआईसी का आईपीओ लाने का प्रस्ताव है तथा इस कदम से किसी भी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी तथा एलआईसी एवं निवेशकों दोनों को फायदा होगा। गौरतलब है, कि सार्वजनिक क्षेत्र के दो बैंकों से जुड़े मुद्दे को लेकर नौ यूनियनों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) ने 15 और 16 मार्च को हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन का दावा है कि करीब 10 लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में शामिल हैं।

बंगाल: कोयला तस्करी मामले में कार्रवाई तेज, छापे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को राज्य के कई स्थानों पर तलाशी ली। अवैध कोयला तस्करी मामले में मुख्य आरोपी अनूप माझी उर्फ लाला के करीबी सहयोगी अमित अग्रवाल के परिसरों की भी तलाशी ली गई। जांच से जुड़े सीबीआई के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "एजेंसी के कई लोग दुर्गापुर और कोलकाता में अग्रवाल के ठिकानों पर तलाशी ले रहे हैं।" सूत्र ने कहा, कि एजेंसी की टीम ने दुर्गापुर में अग्रवाल की जय श्री स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में भी तलाशी ली।
राज्य के कई जिलों में कथित तौर पर अवैध रूप से कई संपत्तियों पर कब्जा करने वाले अग्रवाल को पश्चिम बंगाल पुलिस से सुरक्षा मिली हुई है।
गौरतलब है, कि सोमवार को सीबीआई ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की साली मेनका गंभीर के पति अंकुश अरोड़ा और उनके ससुर पवन अरोड़ा से इस मामले में पूछताछ की थी। इसके बाद ही आज यह कार्रवाई की गई है। अभिषेक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे हैं।
सीबीआई ने पिछले साल नवंबर में गिरोह के कथित सरगना माझी, ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड के महाप्रबंधक अमित कुमार धर और जयेश चंद्र राय, ईसीएल के सुरक्षा प्रमुख तन्मय दास, क्षेत्रीय सुरक्षा निरीक्षक कुनुस्तोरिया रंजय राय और एसएसआई एवं कजोरा क्षेत्र के सुरक्षा प्रभारी देबाशीष मुखर्जी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
सीबीआई ने फरवरी के अंतिम सप्ताह में अभिषेक बनर्जी की पत्नी रूजिरा बनर्जी और मेनका गंभीर का भी बयान दर्ज किया था। सीबीआई ने 26 फरवरी को कोलकाता में एक व्यवसायी के परिसर की तलाशी ली थी और 19 फरवरी को एजेंसी ने कोयला माफिया जयदेव मंडल के परिसर सहित पश्चिम बंगाल के चार जिलों में 13 स्थानों पर तलाशी ली थी। कोयला तस्करी के सिलसिले में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और उत्तर-प्रदेश के 45 स्थानों पर पिछले साल 28 नवंबर को सीबीआई ने छापे मारे थे।

भारत दौरे पर अगले माह आएंगे पीएम जॉनसन

लंदन/ नई दिल्ली। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अगले माह भारत दौरे पर आएंगे। खबरों के मुताबिक, अगले महीने के आखिरी में वे भारत दौरे पर आएंगे। पीएम बोरिस जॉनसन के कार्यालय ने इस बात की जानकारी दी और बताया, कि बोरिस जॉनसन के इस दौरे के दौरान ब्रिटेन के लिए अवसरों को बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। बता दें, कि यूरोपियन संघ से ब्रिटेन के अलग होने के बाद बोरिस जॉनसन का बड़ा इंटरनेशनल दौरा है।

राज्यसभा में गूंजा कर्मचारियों की हड़ताल का मुद्दा

अकांशु उपाध्याय        

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण के खिलाफ दो दिवसीय हड़ताल का मुद्दा मंगलवार को संसद में गूंजा। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे को उठाते हुए समस्या के समाधान के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से बयान देने की मांग की। उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए खड़गे ने कहा, कि कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से बैंकों का कामकाज ठप्प पड़ गया है और आम जनता से लेकर कारोबारी तक इससे परेशान हैं।उन्होंने कहा, ‘‘देश भर में लगभग 12 राष्ट्रीयकृत बैंक हैं और इनकी एक लाख शाखाएं हैं। इनमें करीब 13 लाख लोग काम करते हैं और 75 करोड़ से ज्यादा खातेदार हैं। ये खातेदार भी बैंक के हितधारक हैं और उनके पूछे बगैर सरकार ने निजीकरण का फैसला कर लिया।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ‘‘गलत नीतियों और अंधाधुंध निजीकरण’’ के चलते आज यह स्थिति पैदा हुई है और उनक रोजी-रोटी पर भी संकट उत्पन्न हो गया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता खड़गे ने कहा, कि वर्ष 2008 में जब वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संकट आया था तब राष्ट्रीयकृत बैंकों के कारण ही भारत की अर्थव्यवस्था संभली थी।उन्होंने कहा, ‘‘आज मंगलवार को बैक कर्मचारी रास्तों पर बैठे हैं। हड़ताल कर रहे हैं। उनकी समस्या को सुलझाने के लिए वित्त मंत्री को यहां बयान देना चाहिए।’’ ज्ञात हो, कि नौ यूनियनों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 15 और 16 मार्च को हड़ताल का आह्वान किया है। ये नौ बैंक यूनियनें हैं…एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, बीईएफआई, आईएनबीओसी, एनओबीडब्ल्यू और एनओबीओ। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले महीने पेश आम बजट में सरकार की विनिवेश योजना के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के दो बैंकों के निजीकरण की घोषणा की थी।

हड़ताल को लेकर राहुल ने सरकार पर साधा निशाना

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कई सरकारी बैंकों के कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को ‘सांठगांठ वाले पूंजीपतियों’ (क्रोनी) के हाथों में बेचना देश की वित्तीय सुरक्षा के साथ समझौता होगा। उन्होंने हड़ताल करने वाले बैंक कर्मचारियों के साथ एकजुटता प्रकट करते हुए यह दावा भी किया, कि सरकार ‘लाभ का निजीकरण’ और ‘नुकसान का राष्ट्रीयकरण’ कर रही है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया। ‘‘केंद्र सरकार लाभ का निजीकरण और नुकसान का राष्ट्रीयकरण कर रही है। सार्वजनिक क्षेत्रों के बैंकों को क्रोनी के हाथों में बेचना भारत की वित्तीय सुरक्षा के साथ समझौता होगा।’’ उल्लेखनीय है, कि सार्वजनिक क्षेत्र के दो और बैंकों के निजीकरण के प्रस्ताव के विरोध में सरकारी बैंकों की हड़ताल के पहले दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित हुआ। हड़ताल के चलते सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में नकदी निकासी, जमा, चेक समाशोधन और कारोबारी लेनदेन प्रभावित हुआ। नौ यूनियनों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) ने 15 और 16 मार्च को हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन का दावा है, कि करीब 10 लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में शामिल हैं।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर 1 अप्रैल से शुरू होगी सुविधा

विजय भाटी   

गौतम बुद्ध नगर। उत्तर-प्रदेश के यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक अप्रैल से फास्टैग की सुविधा शुरू हो जाएगी। यमुना एक्सप्रेसवे, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड और आईडीबीआई बैंक के बीच सोमवार को इसको लेकर एक करार हुआ।यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण वीर सिंह ने बताया, कि निजी राजमार्ग होने के कारण जेपी कंपनी ने फास्टैग (एक इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह प्रणाली) शुरू करने से मना कर दिया था। प्राधिकरण की सख्ती के बाद कंपनी तैयार हुई। इसे 15 फरवरी से शुरू होना था। लेकिन सभी तैयारियां पूरी ना होने की वजह से यह चालू नहीं हो पाया।


408 उम्मीदवारों में से 28 के नामांकन खारिज किए

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिये नामांकन दाखिल करने वाले कुल 408 उम्मीदवारों में से 28 के नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिये गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि एक अप्रैल को होने वाले चुनाव के दूसरे चरण के लिये 39 सीटों पर 408 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। जिनमें से सोमवार को जांच के दौरान 28 उम्मीदवारों का नामांकन खारिज कर दिया गया। दूसरे चरण के लिये नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 17 मार्च है। इस बीच, छह अप्रैल को होने वाले तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिये अब तक सात उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। कोकराझार से लोकसभा सांसद नव कुमार सरानिया ने बारमा से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया। असम गण परिषद से तीन बार विधायक रहे भूपेन रॉय ने अभयपुरी उत्तर से नामांकन भरा है। तीसरे चरण के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 मार्च है। 20 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 22 मार्च तक नाम वापस लिये जा सकते हैं।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण   

1. अंक-212 (साल-02)
2. बुधवार, मार्च 17, 2021

3. शक-1983, फाल्गुन, शुक्ल-पक्ष, तिथि-चतुर्थी, विक्रमी सवंत

4. सूर्योदय प्रातः 06:35, सूर्यास्त 06:35।

5. न्‍यूनतम तापमान -11 डी.सै., अधिकतम-30+ डी.सै.। 

6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।

9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110

http://www.universalexpress.page/

email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745                                        (सर्वाधिकार सुरक्षित)

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई  इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। चुनावी बॉन्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को कड़ी फटकार लग...