सोमवार, 26 अप्रैल 2021

भारत को कच्चा माल देने पर यूएसए की सहमति

नई दिल्ली/ वाशिंगटन डीसी। कई वर्गों की तरफ से अत्यधिक दबाव के बाद बाइडन प्रशासन ने कोरोना टीके के लिए भारत को कच्चा माल देने पर सहमित जताईं है। रविवार को शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। बता दें कि इससे पहले अमेरिका ने कोविड-19 टीके के उत्पादन में काम आने वाले प्रमुख कच्चे माल के निर्यात पर लगाये गये प्रतिबंध के पक्ष में तर्क देते हुये कहा था कि उसका पहला दायित्व अमेरिकी लोगों की जरूरतों को देखना है। हालांकि रविवार को अमेरिका ने कहा कि वह भारत की मदद के लिए उसके साथ खड़ा है। व्हाइट हाउस कोविशिल्ड वैक्सीन के भारतीय निर्माण के लिए जरूरी कच्चा माल तुरंत भारत को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पहले दिन में, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने आज राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से फोन पर बात की। उन्होंने कोविड-19 मामलों में हालिया वृद्धि के बाद भारत के लोगों के लिए गहरी सहानुभूति व्यक्त की।


पंजाब: कर्फ्यू के साथ लॉकडाउन लगाने का फैसला

अमित शर्मा          

चंडीगढ़। पंजाब की अमरिंदर सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए रोजाना नाइट कर्फ्यू के साथ-साथ वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। राज्य कैबिनेट के फैसले के अनुसार अब हर दिन शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। जहां तक वीकेंड लॉकडाउन की बात है तो यह शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। कैबिनेट के फैसले से पहले मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह कोविड-19 के कारण उपजे हालात से निपटने के लिए लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं हैं। अमरिंदर सिंह ने बताया कि हालात और बिगड़ने का अंदेशा है, खासकर दक्षिण पंजाब में। उन्होंने कहा कि सिर्फ लुधियाना में रविवार को 1300 से ज्यादा मामले आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामलों में वृद्धि से निपटने के लिए कड़े उपाय किए जा रहे हैं किंतु वह राज्य में लॉकडाउन का प्रस्ताव नहीं कर रहे हैं। क्योंकि इससे आर्थिक परेशानियां आती हैं और प्रवासी मजदूरों का पलायन होता है।

गाजियाबाद: 24 घंटें में कोरोना के 370 संक्रमित मिलें

अश्वनी उपाध्याय            

गाजियाबाद। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दैनिक बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटें की अवधि में केवल 370 संक्रमित मिले हैं। इस अवधि में 756 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया और 2 संक्रमितों की मौत दर्शाई गई है। जिलें में कुल सक्रिय संक्रमितों की संख्या 5585 हो गई है। जबकि संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 150 पहुँच गई है। यदि आपको जिलें में लगातार गिरती संक्रमितों की संख्या को देख कर आश्चर्य हो रहा हो तो जान जाइए कि जिलें में इन दिनों कोरोना टेस्टिंग का काम लगभग ठप्प पड़ा हुआ है। कोरोना के संभावित मरीज जांच केन्द्रों के चक्कर लगा रहे हैं। निजी लैब्स से रिपोर्ट आने में 48 घंटों से 5 दिन का समय लग रहा है। सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा लखनऊ भेजे जा रहे आंकड़ों में पिछले काफी समय से निजी लैब्स के आंकड़े शामिल नहीं किए जा रहे हैं।

पीड़ितों के घरों पर ऑक्सीजन का इंतजाम: अखिलेश

बृजेश केसरवानी                                
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है, कि भाजपा सरकार को सत्ता का दम्भ छोड़कर एक परिवार वाले की तरह सोचना चाहिए। उसे तत्काल कोरोना पीड़ितों के घरों पर भी ऑक्सीजन का इंतजाम करना चाहिए। मरीज जो मरीज है। घर पर हो या अस्पताल में समाजवादी पार्टी की मांग है कि टीके के दामों में एक रूपता हो और देश भर में त्वरित व मुफ्त टीकाकरण की व्यवस्था हो। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों की हर सम्भव मदद करने की अपील की है। यादव ने कहा कि दूरदर्शिता की कमी और कुप्रबंधन से भाजपा ने प्रदेश को कोराना प्रदेश बना दिया है। एक ओर सरकार मृतकों की संख्या कमतर दिखाने को फर्जी आंकडे़ दे रही है। दूसरी तरफ श्मसान में चिताएं बुझने का नाम नहीं ले रही है। आक्सीजन, बेड, दवा न मिलने से सांसो का आपातकाल है। मुख्यमंत्री के बयान जो हो, भाजपा विधायक और सांसद तक हालात से परेशान होकर धरना देने की चेतावनी दे रहे हैं। यह सरकार की नाकामी नहीं तो क्या है? अखिलेश यादव ने कहा कि कालाबाजारियों पर लगाम लगाने में सरकार की विफलता उजागर है। संक्रमितों के इलाज के लिए जिन अस्पतालों और डाक्टरों के नाम और टेलीफोन नम्बर भाजपा सरकार प्रचारित कर रही है, वे अधिकांश फर्जी निकल रहे है। इसी झूठ के सहारे मुख्यमंत्री अपनी कमियां छुपा रहे हैं। जबकि जमीनी हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। प्रदेश के इतिहास में ऐसी असंवेदनशील सरकार कभी नहीं आयी। यादव के अनुसार वैज्ञानिक और वरिष्ठ डाक्टर बराबर संकेत दे रहे थे कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर ज्यादा संक्रामक होगी। लेकिन तब वाहवाही के नशे में चूर भाजपा सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। जब श्मसान-कब्रिस्तानों में लाशों का ढेर लग गया, चारों ओर तड़प-तड़प कर मौतें होने लगी, नरसंहार जैसी स्थिति पैदा हो गई। तब भाजपा सरकार बदहवाशी में पहुंच गई है। इस अक्षम और अयोग्य सरकार को सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी का यह लापरवाही भरा कृत्य मानवीय भूल नहीं अपराध है। पीड़ित परिवारों के आंसू सूख गए हैं और सरकार की आंख का पानी मर गया है। लोकतंत्र में भाजपा सरकार अभिशाप बन गई है।

तालिब को विधानसभा प्रचार मंत्री किया मनोनीत

सत्येंद्र पंवार           
मेरठ। बहुजन मुक्ति पार्टी के चौधरी तालिब ग्राम सोलाना निवासी को मेरठ 49 दक्षिण विधानसभा प्रचार मंत्री मनोनीत किया गया। बहुजन मुक्ति पार्टी भारतीय डॉ बी आर अंबेडकर द्वारा रचित संविधान को बचाने एवं मूल निवासियों की रक्षा एससी, एसटी ओबीसी माइनॉरिटी को हक हकूक दिलाने के लिए कसम दिलाई। मोहम्मद फारूक, मोहम्मद तालिब, मोहम्मद तय्यब कारी, मोहम्मद इरफान मोहम्मद फैसल सैफी एडवोकेट आवेश मोहम्मद आसिफ, सत्येंद्र गौतम, ओंकार सिंह, गंगाराम, सुरेंद्र सिंह, महिंद्र गुर्जर, सुरेश प्रजापति, रामकिशोर वाल्मीकि, अजहर मलिक, अबरार चौधरी, मोहम्मद अतिया, गुफरान तय्यब, गुफरान मुशर्रफ, महबूब अली आदि मौजूद थे।

500 बैड का बनाया जाएंगा कोविड अस्पताल, निर्देश

राणा ओबराय              
पानीपत। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सोमवार को रिफाईनरी स्थित ऑक्सीजन प्लांट और उस साईट का दौरा किया। जहां पर 500 बैड का कोविड अस्पताल बनाया जाएंंगा। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त धर्मेन्द्र सिंह को ऑक्सीजन प्लांट के सामने वाले स्थान पर ही जगह का चयन कर अस्पताल का निर्माण जल्द से जल्द करवाने के निर्देश दिए। इससे पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा जो स्थान 500 बैड के अस्पताल के लिए चिन्हित किया गया है। उसे मुख्यमंत्री ने खारिज करते हुए कहा कि यह स्थान ऑक्सीजन प्लांट से करीब 1.5 किलोमीटर की दूरी पर है। नए स्थान पर बनने से करीब 1 किलोमीटर की दूरी कम होगी और ऑक्सीजन पाईप भी कम डालनी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि पहले चरण में बुधवार से 250 बैड तैयार करने शुरू किए जाएंगे। तीन दिन में इसका ढांचा खड़ा हो जाएगा। उसके बाद 10 या 12 दिन में यह अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा। बाकि 250 बैड उसके बाद आगामी 15 दिन तक तैयार कर दिए जाएंगे। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों और मौके पर ही बुलाए गए ठेकेदार को निर्देश दिए कि यह कार्य युद्ध स्तर पर चलना चाहिए। इसकी सामग्री इत्यादि मंगाने का प्रबंध पहले से ही कर लें। सरकार और जिला प्रशासन की ओर से हर सम्भव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के सामने बनने से इसकी मुख्य सडक़ से दूरी भी कम होगी और सीधे तौर पर अस्पताल को रास्ता मिलेगा। उन्होंने रिफाईनरी के अधिकारियों से ऑक्सीजन प्लांट के अन्दर खाली जमीन की भी सम्भावना जताते हुए उनसे इस बारे जानकारी ली लेकिन रिफाईनरी के अधिकारियों ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के अन्दर इतनी जगह खाली नही है। इसलिए प्लांट के सामने वाली जगह पर ही यह ठीक रहेगा। उन्होंने बताया कि तीन दिनों के अन्दर शेड बनकर खड़ा हो जाएगा। जिला स्तर पर मजबूत व्यवस्था तैयार की जाएगी ताकि कोई भी अस्पताल कालाबाजारी ना करे।
उन्होंने हैलीपेड पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ऑक्सीजन की कोई भी कमी नही है और रेमडीसिविर के लिए सरकारी कोटा निर्धारित किया गया है। प्राईवेट अस्पतालों पर भी पूरी नजर रखी जा रही है। जितना कोटा तय किया गया है। उस हिसाब से मिल रही है। कालाबाजरी रखने वालों के लिए सख्त हिदायत दी गई है और इन पर लगाम लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने लोकनिर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ निहाल सिंह, तहसीलदार और सम्बंधित बीडीपीओ को कहा कि वे सोमवार सांय तक नए स्थान की ड्रांईग बनाकर तैयार करवाएं और चण्डीगढ़ भिजवाएं। पत्रकारों द्वारा ऑक्सीजन की कमी के चलते रेवाड़ी व गुरूग्राम में हुई मौतों पर सीएम ने कहा कि एसडीएम को जांच सौंप दी गई है जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, विधायक प्रमोद विज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमा शंकर, पूर्व मंत्री कृष्णलाल पंवार, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, डीसी धर्मेन्द्र सिंह, एसपी शशांक कुमार सावन, रिफाईनरी के कार्यकारी निदेशक सिकदर भी उपस्थित थे।

पूर्व विधायक ने हाईकोर्ट के आदेशों की कॉपी सौंपी

राणा ओबराय               
चंडीगढ़। आज सोमवार को कालका से पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चन्द गुप्ता से मिल रिप्रजेंटेशन दी और साथ में हिमाचल हाईकोर्ट के आदेशों की कॉपी भी सौंपी। इस दौरान उन्होंने कनवीक्षण स्टे होने के आधार पर मांग की, उनकी विधायक की सदस्यता जो खारिज की गई। बहाल की जाए। इस पर स्पीकर ज्ञान चन्द गुप्ता ने कहा कि आज विधानसभा के सचिव अवकाश पर हैं। प्रदीप चौधरी की रिप्रजेंटेशन को लीगल एग्जामिन करवा निर्णय होगा।

हापुड़: ट्रामा सेन्टर के 3 कर्मचारियों को किया गिरफ्तार

अतुल त्यागी           
हापुड़। जनपद पुलिस द्वारा मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध रेमडेसिविर इन्जेक्शनों को चोरी कर उसकी कालाबाजारी करने वाले अभियुक्तों की धरपकड़ हेतु चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना पिलखुवा पुलिस व जनपदीय टीम-बी ने प्रतिष्ठित रामा मेडिकल कॉलेज व ट्रामा सेन्टर के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से 1 रेमडेसिविर इन्जेक्शन  व रेमडेसिविर इंजेक्शनों को बेचकर प्राप्त किये हुए 82,000/- रू. बरामद।

2 पालियों में 1008 कर्मियों को किया गया प्रशिक्षित

कौशाम्बी। त्रिस्तरीय सामान्य पंचायत चुनाव 2021 की तैयारियों में सोमवार को ओसा नवीन मण्डी में मतगणना सहायक व प्रेक्षक को प्रशिक्षण दिया गया। दो पालियों में 1008 कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। 172 टेबिलों पर 86 न्याय पंचायतों का मतगणना किया जायेगा। प्रत्येक न्याय पंचायत में दो टेबिल लगायी जायेगी। जिसमें सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित मतदान कर्मी मतगणना का कार्य करेंगे प्रशिक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, डायट प्रधानाचार्य मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर मतगणना प्रशिक्षण प्रथम पाली व द्वितीय पाली में 1008 मतगणना कर्मी को प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर राकेश सिंह व विकास पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक न्याय पंचायत में दो टेबिलें लगेगी प्रत्येक टेबिल पर एक गणना प्रेक्षक तीन गणना सहायक एक चर्तुथ श्रेणी कर्मचारी तथा एक सहायक निर्वाचन अधिकारी की तैनाती की गयी है। मास्टर ट्रेनर श्री सिंह ने बताया कि चारों पदों के लिए मतगणना एक साथ होगी। बूथवार मतपेटिकाऐं स्ट्रांग रूम से निकाली जायेगी टेबिल पर बैलेट बाक्स से मतपत्र सावधानी के साथ निकाला जायेगा। इसके बाद ग्राम पंचायत क्षेत्र पंचायत जिला पंचायत तथा प्रधान के वोटों का पचास-पचास की गड्डी बनायी जायेगी। इसके बाद वार्ड के हिसाब से छटनी किया जायेगा। संदिग्ध मतपत्रों को बड़ी सावधानी के साथ जांच कर के रद्द किया जायेगा। जिन मतपत्रों के पीठासीन के हस्ताक्षर नहीं होगें निरस्त मतपत्र माना जायेगा। मास्टर ट्रेनर ने आगे बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य के प्ररिणाम की घोषणा सहायक निर्वाचन अधिकारी करेगें जबकि क्षेत्र पंचायत व प्रधान की घोषणा ब्लाक स्तर पर रिटर्निंग ऑफिसर करेगें। जिला पंचायत सदस्य प्ररिणाम की घोषणा जिला मुख्यालय पर नियुक्त रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा किया जायेगा जिले के आठो विकास खण्डो पर निर्धारित मतगणना स्थल पर सुबह 8 बजे से मतगणना कार्य शुरू होगा। जो मतगणना खत्म होने तक जारी रहेगा।
उज्ज्वल केशरवानी 

पंचायत सदस्य शीतल ने उड़ाईं नियमों की धज्जियां

अतुल त्यागी                
हापुड़। जनपद में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही श्रीमती शीतल बान के पति संजीव बाना नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए ग्राम कांटी खेड़ा में अपने दर्जनों साथियों के साथ चुनाव प्रचार करते दिखाई दिए। अपने साथ 50 व्यक्तियों को लेकर चुनाव प्रचार कर रहे थे। जिसमें अधिकांश लोगों ने ना तो मास्क लगाया हुआ था और ना ही सोशल डिस्टेंस का पालन किया जा रहा था।जहां शासन प्रशासन द्वारा मात्र 3 व्यक्तियों के द्वारा प्रचार करने की अनुमति दी गई है। वहां यह लोग नियमों को ताक पर रखकर और कोरोनावायरस की गाइडलाइन का भी पालन नहीं किया जा रहा। जहां शासन प्रशासन को इन लोग खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। लोग फिर भी उन कार्रवाई से डरने के लिए तैयार नहीं है। जहां एक तरफ लोग कोरोना से ग्रस्त हैं। ऐसे में इतने लोगों के साथ चुनाव प्रचार करना कहीं ना कहीं शासन के नियमों का उल्लंघन करना है।

मेरठ में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हुईं

सत्येंद्र पंवार           
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इंचोली क्षेत्र के गांव साधारणपुर में पंचायत चुनाव में छह लोगों के शराब पीने से हालत बिगड़ गई। जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन चार लोगों ने दम तोड़ दिया। जबकि दो की हालत बिगड़ जाने के बाद उन्हें करीब के एक अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया जहां दोनों की ही हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया गया है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही गांव वालों ने दो का अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि दो शवों का पंचनामा भरवाके पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिये भिजवा दिया है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर गांव में प्रधान पद के प्रत्याशियों ने वोट हासिल करने के लिए शराब बांटी थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि फोरेंसिंक टीम को मौके पर भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यह जांच की जा रही है कि जहरीली शराब किस प्रत्याशी ने बांटा था। उल्लेखनीय है कि मेरठ में कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था के बीच आज उत्‍तर प्रदेश के तीसरे चरण का पंचायत चुनाव का मतदान जारी है।

अगले चरण के मतदान में बलों को हटाने की मांग

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अगले चरण के मतदान में केंद्रीय बलों को हटाने की मांग की। ताकि राज्य में कोविड-19 के प्रसार को रोका जा सके। इसके साथ ही उन्होंने मद्रास उच्च न्यायालय की उस टिप्पणी का स्वागत किया गया। जिसमें कहा गया था कि संक्रमण के प्रसार के आरोप से निर्वाचन आयोग बच नहीं सकता।उत्तर कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों की बैठक में बनर्जी ने कहा, ” मैं मद्रास उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करती हूं जिसमें साफ तौर पर कहा गया कि निर्वाचन आयोग अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और निर्वाचन आयोग दोनों ही इस स्थिति (राज्य में संक्रमण के प्रसार) के लिए जिम्मेदार हैं।” इससे पहले सोमवार को मद्रास उच्च न्यायालय ने कोविड-19 महामारी के बीच विधानसभा चुनाव कराने पर निर्वाचन आयोग को फटकार लगाई थी।

लाल किले को नुकसान, दीप सिद्धू को मिलीं जमानत

अकांशु उपाध्याय              
नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने गणतंत्र दिवस के दिन हुई हिंसा में लाल किले के कुछ हिस्सों को क्षतिग्रस्त करने से संबंधित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के मामले में गिरफ्तार किए गए अभिनेता-कार्यकर्ता दीप सिद्धू को सोमवार को जमानत दे दी।मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सुनील गुप्ता ने सिद्धू को 25,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानती पेश करने पर यह राहत देते हुए उसे बुलाये जाने पर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए। सिद्धू को दिल्ली पुलिस ने केंद्र सरकार के नये कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के संबंध में 17 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। इससे एक दिन पहले सिद्धू को घटना से जुड़े अन्य मामले में 16 अप्रैल को जमानत मिली थी।मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने सोमवार को कहा,“मेरे विचार में मौजूदा मामले में आवेदक को और अवधि तक कैद में रखने का कोई लाभ नहीं है और इसलिए यह अनुचित होगा, न ही आवेदक को आजाद करने से पुलिस अधिकारियों की जांच प्रभावित होगी।” सिद्धू को पहले मामले में नौ फरवरी को गिरफ्तार किया गया था जो गणतंत्र दिवस के दिन लाल किले पर किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा से जुड़ा हुआ है।

5 रोगों में फायदेमंद दालचीनी, गर्म पानी से सेवन

1 हृदय रोग – हृदय को स्वस्थ बनाए रखने और हृदय रोगों पर नियंत्रण रखने में दालचीनी सहायक होती है।क्योंकि यह हृदय की धमनियों में कोलेस्ट्रॉल को जमने से रोकती है। प्रतिदिन शहद और दालचीनी का गर्म पानी के साथ सेवन करें। आप दालचीनी और शहद के मिश्रण को रोटी के साथ भी खा सकते हैं। इसके अलावा दालचीनी को चाय में डालकर भी ले सकते हैं।
2 मोटापा – मोटापे के लिए दालचीनी का सेवन एक रामबाण उपाय है। यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल को कम करती है, जिससे मोटापा नहीं बढ़ता। इसके लिए दालचीनी की चाय बहुत फायदेमंद है।एक चम्मच दालचीनी पाउडर को एक गिलास जल में उबालकर आंच से उतार लें। इसके बाद उसमें दो बड़े चम्मच शहद मिलाकर सुबह नाश्ता करने से आधा घंटा पहले पिए
3 जोड़ों में दर्द – जोड़ों में दर्द होने पर दालचीनी का प्रयोग आपको राहत देता है। इसके लिए प्रतिदिन दालचीनी का गर्म पानी में सेवन तो लाभप्रद है ही, इसके अलावा इस हल्के गर्म पानी की दर्द वाले स्थान पर मालिश करने से भी जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है
4 सर्दी-खांसी – सर्दी, खांसी या गले की तकलीफों में दालचीनी बेहद असरकार‍क दवा के रूप में काम करती है। इसे पीसकर एक चम्मच शहद के साथ एक चुटकी मात्रा में खाने से जुकाम में लाभ मिलता है। आप गर्म या गुनगुने पानी में दालचीनी के पाउडर को शहद के साथ मिलाकर पी सकते हैं। दालचीनी के पाउडर को पिसी हुई काली मिर्च के साथ सेवन करने से भी राहत मिलती है
5 पेट के रोग – अपच, गैस, पेट दर्द और एसिडिटी जैसी समस्यों में भी दालचीनी का पाउडर लेने से आराम मिलता है। इससे उल्टी-दस्त की समस्या में भी लाभ होता है, और भोजन का पाचन भी बेहतर होता है।

जरुरतमंदों को ‘रेमडेसिविर‘ उपलब्ध कराईं जाएं: योगी

हरिओम उपाध्याय          
लखनऊ। सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे है कमजोर वर्ग के लोगों और हर जरुरतमंदों को ‘रेमडेसिविर‘ उपलब्ध कराई जाएं। यह बातें सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कही है। 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि उप्र के सभी सरकारी अस्पतालों में ‘रेमडेसिविर‘ की बड़ी खेप भेजी गई है। संसाधनों में कोई कमी नहीं है। अस्पताल प्रबंधन पूरी तन्मयता से इलाज करें। लापरवाही किसी भी हालात में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कहाकि अस्पताल में इलाज करा रहे कमजोर वर्ग और हर जरुरतमंदों को ‘रेमडेसिविर‘ तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराईं जाएं। 
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि सभी जनपदों में ऑक्सीजन व जीवन रक्षक दवाओं की सुचारु आपूर्ति बनी रहे। यह सुनिश्चित किया जाए कि इनकी कालाबाजारी न होने पाए। इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मॉनिटरिंग करें।  
उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड संक्रमित मरीजों को समय से मेडिकल किट हर हाल में उपलब्ध करायी जाए। मेडिकल किट में न्यूनतम सात दिन की समस्त निर्धारित दवाएं होनी चाहिए और उनसे निरन्तर व नियमित संवाद स्थापित किया जाए। आगे कहा कि ‘रेमडेसिविर‘ या ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ एनएसए या गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाये। 

15 पदाधिकारियों का भाजपा पार्टी से निष्कासन

कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में जिला पंचायत चुनाव में संगठन द्वारा अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध बगावत कर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 पदाधिकारियों को अगले छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा की जिला अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि अनुशासन तोड़कर पार्टी द्वारा अधिकृत प्रत्याशियों के सामने चुनाव मैदान में उतरने वाले पदाधिकारियों को निष्कासित किया गया। इनमें जिला पंचायत सदस्य वार्ड नंबर 3 से सुरेंद्र साहू मंडल मंत्री वार्ड नंबर 9 से गुलाब सोनकर पूर्व बूथ अध्यक्ष वार्ड नंबर 11 से, शिवम मिश्रा पूर्व मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा वार्ड नंबर 11 से, रामहित पटेल बूथ अध्यक्ष वार्ड नंबर 12 से, तूफान सिंह यादव मंडल मंत्री वार्ड नंबर 13 से, उधौ श्याम वर्मा पूर्व मंडल अध्यक्ष वार्ड नंबर 14 से, राजीव कुमार रैना जिला मंत्री युवा मोर्चा वार्ड नंबर 15 से, साजन मौर्य पूर्व जिला महामंत्री वार्ड नंबर 16 से, गुलाब सिंह लोधी बूथ अध्यक्ष वार्ड नंबर 19 से, प्रकाश दुबे मंडल मंत्री वार्ड नंबर 23 से, पुजारी लाल बूथ अध्यक्ष वार्ड नंबर 25 से, ओमप्रकाश रैदास मंडल उपाध्यक्ष वार्ड नंबर 25 से, रामसागर कोरी सेक्टर प्रभारी वार्ड नंबर 24 से चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के निर्देश पर उन्हें भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से तत्काल 6 वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है।

 संतलाल मौर्य 

सोने के भाव में 81 रुपये की गिरावट दर्ज की गईं

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। पिछले 1 वर्ष से सोने और चांदी के दामों में भारी चहल-पहल देखी गई है। कभी दामों में वृद्धि होती है तो कभी गिरावट आती है। इस बीच लोगों का रुझान यह रहता है कि कब सोने के दाम सस्ते हो तो वह सोना खरीद पाए या चांदी के दाम सस्ते हो तो वह चांदी को अपना बना पाए। राष्ट्रीय राजधानी में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोने की भाव में मामूली 81 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। अब सोने का ताजा भाव 46976 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वही चांदी के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू सराफा बाजार में चांदी की सोमवार को कीमत 984 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है। इस हिसाब से चांदी का नया भाव 67987 रुपये प्रति किलो रह गया है।

देशवासियों को वैक्सीन मुफ्त मिलनी चाहिए: राहुल

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। वैक्सीन के मूल्य को लेकर राजनीति अब गरमा गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के राजनेता सरकार से यह सवाल कर रहे हैं कि एक देश में एक वस्तु के अलग अलग मूल्य क्यों ? भारत एक देश है, जहां पर वैक्सीन केंद्र और राज्य सरकार के लिए अलग-अलग मूल्य क्यों हैं ? इसको लेकर राजनेता से लेकर आम आदमी तक सवाल कर रहे हैं। सरकार इस पर सही प्रकार से जवाब नहीं दे पा रही है। एक देश में दो या उससे अधिक मूल्य क्यों है? राहुल गांधी ने ट्विटर के माध्यम से संपूर्ण भाजपा पर तंज करते हुए ट्वीट किया है और कहा है कि चर्चा बहुत हो चुकी, देशवासियों को वैक्सीन मुफ्त मिलनी चाहिए। बात खत्म ! विदित हो राहुल गांधी ही नहीं देश के विपक्ष के नेता निरंतर सरकार से सवाल कर रहे हैं कि एक देश विभिन्न मूल्य क्यों? 2 दिन पूर्व दिल्ली के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल बैठक में यह मुद्दा भी उठाया था और अपनी बात को लाइक भी कर दिया था। जिसको लेकर बाद में बवाल भी हुआ था कि केजरीवाल ने प्रोटोकॉल को तोड़ा है। मगर केजरीवाल ने तुरंत ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे माफी मांग ली थी और आगे से ध्यान रखने की बात कहकर अपनी बात समाप्त कर दी थी।

कालाबाजारी करते आरोपीयों को गिरफ्तार किया

अश्वनी उपाध्याय          

गाजियाबाद। दिल्ली एनसीआर के अस्पतालों में बेड्स, ऑक्सीजन जैसी जरूरी चीजों की भारी किल्लत है। इसी बीच गाजियाबाद में ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस की एक टीम ने एक साथ दबिश देकर दो स्थानों से 101 सिलेंडर बरामद किए हैं। इसमें 30 सिलेंडर भरे हुए हैं, वहीं बाकी खाली हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कैला भट्ठा के रहने वाले आकिल सैफी पुत्र असरफ और न्यू प्रेम नगर जस्सीपुरा के रहने वाले जावेद मलिक के रूप में हुई है। पुलिस के अपराध शाखा प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि कई दिनों से ऑक्सीजन के सिलेंडर की कालाबाजारी की खबरें आ रही थीं। ऐसे में पुलिस की टीमें दो दिन से पता करने का प्रयास कर रही थी कि आखिर यह सिलेंडर कहां से आ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को पता चला कि कैला भट्ठा स्थित किसी गैस गोदाम से सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। ऐसे में पुलिस उप महानिरीक्षक अमित पाठक के निर्देश पर नगर कोतवाल संदीप कुमार सिंह, नंदग्राम कोतवाल नीरज कुमार की टीम के साथ उनकी टीम ने जाल बिछाकर शनिवार की देर शाम कैलाभट्ठा में दबिश दी। इस दौरान पता चला कि जो व्यक्ति सिलेंडर बेचता है वह हिंडन विहार स्थित गोदाम पर है। ऐसे में पुलिस टीमों ने हिंडन विहार में दबिश दी। वहां से पुलिस ने आरोपी आकिल सैफी को हिरासत में लेते हुए 39 सिलेंडर बरामद कर लिए। फिर आकिल की ही निशानदेही पर पुलिस ने हिंडन विहार में ही जावेद के गोदाम पर दबिश देकर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया और गोदाम से 38 सिलेंडर बरामद किए हैं। इन दोनों को लेकर पुलिस कोतवाली पहुंची और जब यहां पूछताछ की गई तो आकिल ने बताया कि उसके घर में बने गोदाम में भी 25 सिलेंडर भरे हुए रखे हैं। ऐसे में पुलिस ने उसके घर दोबारा पहुंची और सभी सिलेंडर कब्जे में ले लिया है।

मास्क और दो गज की दूरी का पालन जरूर करें: योगी

हरिओम उपाध्याय          
लखनऊ। वैश्विक महामारी कोरोना की चेन तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेशवासियों से अपील की है कि जब तक कोई जरुरी काम न हो, तब तक घर से बाहर न निकलें। अगर बाहर निकलें तो मास्क और दो गज की दूरी का पालन जरुर करें। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाई रिस्क कैटेगरी से जुड़े लोग जैसे कि दस साल के कम उम्र के बच्चे, 60 साल के अधिक उम्र के बुजुर्ग गर्भवती महिलाएं, एक से अधिक ग्रस्त व्यक्ति, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग बाहर न निकलें। अनावश्यक भीड़-भाड़ वाली जगह पर न जाएं। व्यापार से जुड़े व्यापारी, कारोबारी मास्क और ग्लव्स का जरुर उपयोग करें। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यालयों में कर्मचारियों को शिफ्टों में बुलाएं। एक बार में आधे से अधिक कर्मचारियों को न बुलाया जाए। फील्ड में तैनात अधिकारी व कर्मचारियों से अपील की है कि मास्क और गलव्स को जरुर पहनें। क्षेत्रों में जिला प्रशासन व नगर निगम कर्मचारियों द्वारा सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई और फॉगिंग करायी जाए। जोखिम क्षेत्रों में सख्ती से नियमों का पालन कराया जाए। रात्रि कर्फ्यू का पालन कराया जाए।   

बढ़त के साथ 48,386.51 अंक पर पहुंचा सेंसेक्स

कविता गर्ग              
मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक के साथ अन्य कंपनियों में जोरदार लिवाली से घरेलू शेयर बाजार आज एक प्रतिशत से अधिक की तेजी में रहे। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 508.06 अंक यानी 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,386.51 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 143.65 अंक यानी एक प्रतिशत चढ़कर कारोबार की समाप्ति पर 14,485 अंक पर बंद हुआ। अच्छे तिमाही परिणाम के दम पर आईसीआईसीआई बैंक में साढ़े तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई। बीपी के साथ मिलकर केजी-डी6 बेसिन में गहरे समुद्र में दूसरे कूप से गैस उत्पादन शुरू करने की खबर से रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर पौने दो प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। मझौली और छोटी कंपनियों में भी निवेशकों ने पैसा लगाया।बीएसई का मिडकैप 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 20,073.07 अंक पर और स्मॉलकैप 0.88 प्रतिशत चढ़कर 21,190.37 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर साढे चार प्रतिशत के करीब चढ़ा। आईसीआईसीआई बैंक के अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट में भी साढ़े तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर दो से ढाई प्रतिशत के बीच चढ़े। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में लगभग तीन प्रतिशत की गिरावट रही।
विदेशों में मिश्रित रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.99 प्रतिशत और जापान का निक्की 0.36 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.95 प्रतिशत और हांगकांग के हैंग सेंग में 0.43 प्रतिशत की गिरावट रही। यूरोपीय बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान जर्मनी का डेक्स 0.20 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.10 फीसदी टूट गया।

बंबई एचसी ने यौन उत्पीड़न के मामलें को खारिज किया

मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ ने कहा, कि व्हाट्सऐप समूह के संचालक पर समूह के दूसरे सदस्य द्वारा किए गए आपत्तिजनक पोस्ट के लिए आपराधिक कार्यवाही नहीं हो सकती। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने 33 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ दर्ज यौन उत्पीड़न के मामले को खारिज कर दिया। आदेश पिछले महीने जारी हुआ था और इसकी प्रति 22 अपैल को उपलब्ध हुई। न्यायमूर्ति जेड ए हक और न्यायमूर्ति ए बी बोरकर की पीठ ने कहा कि व्हाट्सऐप के एडमिनिस्ट्रेटर के पास केवल समूह के सदस्यों को जोड़ने या हटाने का अधिकार होता है और समूह में डाले गए किसी पोस्ट या विषयवस्तु को नियंत्रित करने या रोकने की क्षमता नहीं होती है।अदालत ने व्हाट्सऐप के एक समूह के संचालक याचिकाकर्ता किशोर तरोने (33) द्वारा दाखिल याचिका पर यह आदेश सुनाया। तरोने ने गोंदिया जिले में अपने खिलाफ 2016 में भारतीय दंड संहिता की धारा 354-ए (1) (4) (अश्लील टिप्पणी), 509 (महिला की गरिमा भंग करना) और 107 (उकसाने) और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक प्रारूप में आपत्तिजनक सामग्री का प्रकाशन) के तहत दर्ज मामलों को खारिज करने का अनुरोध किया था।

कर्नाटक में 14 दिन का लॉकडाउन लगाने की घोषणा

बेंगलुरू। कोविड-19 के बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के प्रयास के तहत कर्नाटक सरकार ने मंगलवार की रात से राज्य भर में 14 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाने की घोषणा की। राज्य मंत्रिमंडल ने 18 से 45 साल आयु वर्ग के लोगों को सरकारी अस्पतालों में कोविड-19 का टीका नि:शुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने कहा, ”कोविड-19 को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। कल रात से अगले 14 दिनों के लिए पूरे राज्य में लॉकडाउन रहेगा।” मंत्रिमंडल की तीन घंटे चली बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुएं बेचने वाली दुकानों को सुबह छह से दस (6 से10) बजे तक खोलने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा, ”कृषि क्षेत्र और कपड़ों के अलावा अन्य उत्पादन क्षेत्र, विनिर्माण क्षेत्र, मेडिकल, आवश्यक वस्तुओं के उत्पादन से जुड़े क्षेत्र काम करना जारी रखेंगे।”

फ्रंटलाइन वॅारियर्स की मदद के लिए आगे आएं सलमान

कविता गर्ग                
मुंबई। बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान एक बार फिर मुंबई में कोरोना फ्रंटलाइन वॅारियर्स की मदद के लिये आगे आये है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर से देश में हाहाकार मचा हुआ है। एक बार फिर आम लोगों से लेकर सेलेब्स तक मसीहा बनकर मदद करने उतर आए हैं। सरकार के साथ-साथ आम लोग भी इस जंग के खिलाफ लोगों का सहारा बन रहे हैं और एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।सलमान खान का एक वीडियो सामने आया है। जहां पर वह कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स को भेजे जाने वाले खाने की क्वॅालिटी यानी कि गुणवत्ता की जांच करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सलमान खान हर दिन मुंबई में कोरोना फ्रंटलाइन वॅारियर्स के लिए 5000 खाने के पैकेट बंटवा रहे हैं।

ऊधमसिंह नगर में 3 मई तक लगेगा संपूर्ण लॉकडाउन

पंकज कपूर         

रुद्रपुर। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के चलते ऊधमसिंह नगर जिले में 3 मई तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाये जाने के निर्देश जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने जारी किये हैं। जो कि 26 अप्रैल से लागू हो जायेंगे। जारी आदेश के अनुसार 3 मई तक दोपहर 12 बजे से प्रातः 7 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु द्वारा जारी के आदेश के अनुसार जिले में फल सब्जी, डेयरी, बेकरी, मीट मछली की पंजीकृत दुकानें, राशन की दुकानें, सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानें, बीज, कृषि रसायन व उर्वरक, कृषि यंत्र की दुकाने व राजकीय कृषि निवेश केन्द्र व पशुचारे की दुकानें सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही खुलेंगी। वहीं पैट्रोल पंप, गैस आपूर्ति, मेडिकल स्टोर खुली रहेंगी। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों तथा सरकारी वाहनों को डयूटी हेतु छूट रहेगी। जारी आदेश के अनुसार शादी समारोह में 50 लोगों की ही अनुमति रहेगी और शव यात्रा में 20 लोग ही शामिल रहेंगे। कोरोना टीकाकरण हेतु लोगों को छूट रहेगी।

मद्रास हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया

चेन्नई। मद्रास उच्च न्यायालय ने राजनीतिक रैलियों को प्रतिबंधित नहीं करने के लिए चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेते हुए देश में कोरोना महामारी के दूसरे दौर के लिए अकेले चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया है। न्यायालय ने सोमवार को यह भी चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग कोरोना दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित नहीं कराता है तो न्यायालय दो मई को होने वाली मतगणना को रोकने के लिए मजबूर होगा।परिवहन मंत्री एम आर विजयभास्कर ने इस संबंध में याचिका दायर करके चुनाव आयोग से सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन कराने और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित कराने को लेकर एक दिशा-निर्देश जारी करने की गुहार लगायी थी। मुख्य न्यायाधीश संजीव बनर्जी और न्यायमूर्ति सेंथिलकुमार राममूर्ति ने छह अप्रैल को एक चरण के चुनाव के दौरान चुनावी रैलियों में जानबूझकर कोरोना दिशा-निर्देशों का उल्लंघन रोकने के लिए राजनीतिक दलों को नहीं रोकने के वास्ते चुनाव आयोग की जमकर खिंचााई की।


टेस्ट के पॉजिटिव होने की कोई आवश्यकता नहीं: योगी

हरिओम उपाध्याय          
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एंटीजन टेस्ट के पॉजिटिव होने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती करने के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट के पॉजिटिव होने की कोई आवश्यकता नहीं है। मरीज को जितना जल्दी इलाज मिलेगा, वह उतना ही जल्द स्वस्थ होगा। योगी ने सोमवार को टीम-11 के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि इंटीग्रेटेड कमांड एन्ड कंट्रोल सेंटर से मरीज को जो अस्पताल आवंटित किया गया है। वहां उसे एडमिट करना अनिवार्य है। जिलाधिकारी यह सुनिश्चित कराएं वरना जिम्मेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय से इसकी मॉनिटरिंग की जायेगी।

उप जिलाधिकारी नौतनवां ने जाना लॉकडाउन का हाल

महराजगंज। कोरोना संक्रमण के बढते चैन को तोड़ने के लिए लगाए गए दो दिवसीय लॉक डाउन का हाल जानने के लिए उप जिलाधिकारी नौतनवां प्रमोद कुमार ने स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रह कर लॉक डाउन का हाल जाना। नौतनवा तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लॉक डाउन की हकीकत को समझा और सख्ती से लापरवाहों व बिना वजह लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों को हिदायत देकर छोड़ दिया। साथ ही उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को लॉकडाउन के गाईड लाईन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश भी दिया।जानकारी के लिए बता दें उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संमक्रण की दूसरी लहर की बेहद भयावह होती जा रही चेन को तोड़ने के लिए प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ द्वारा शुक्रवार रात आठ बजे से 59 घंटे का वीकेंड लॉकडाउन लगा हुआ है। यह कोरोना कर्फ्यू सोमवार सुबह सात बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सिर्फ अति आवश्यक सेवा यानी मेडिकल, पुलिस तथा बंदिश के साथ सरकारी परिवहन सेवा को छोड़कर बाकी लोगों का घर से निकलना पूर्णत: वर्जित है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान अस्पतालों में कोविड टीकाकरण के लिए आने जाने वाले व्यक्तियों को छूट है। प्रदेश में रात 8 बजे से 59 घंटे का कोरोना कर्फ्यू, है। फिलहाल तो प्रदेश के 20 शहरों में कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए रात आठ बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी है। अब इससे भी बड़ा प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार रात 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह 7 बजे करीब 59 घंटे वीकेंड लॉकडाउन का समय चल रहा है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं के लिए छूट है। किसी के भी अनावश्यक घर से बाहर निकलने पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। प्रदेश का परिवहन विभाग आधी क्षमता के साथ बस चला रहा है। इसके अलावा निजी गाड़ी या फिर ऑटो, टैंपो तथा टैक्सी का संचालन प्रतिबंधित है। इस दौरान प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों पर सेनिटाइजेशन भी किया जा रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए 15 मई तक हर शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू (वीकेंड लॉकडाउन) का ऐलान किया है।

महामारी से अपने परिवार की मदद, आईपीएल का ब्रेक

चेन्नई। भारत के सीनियर आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कोरोना महामारी से जूझ रहे अपने परिवार की मदद के लिये आईपीएल से ब्रेक ले लिया है। दिल्ली कैपिटल्स के 34 वर्षीय इस खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि हालात सही दिशा में जाने पर वह वापसी करेंगे। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच जीतने के बाद ट्वीट किया ,‘‘ मैं कल से इस सत्र के आईपीएल से ब्रेक ले रहा हूं। मेरा परिवार कोरोना महामारी से लड़ रहा है और इस कठिन समय में उसे मेरी मदद की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ अगर हालात सही दिशा में जाते हैं तो मैं वापसी करूंगा। धन्यवाद दिल्ली कैपिटल्स।’’ समझा जाता है कि उनके परिवार का कोई सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। दिल्ली कैपिटल्स ने उनके फैसले का समर्थन करते हुए कहा ,‘‘ इस कठिन समय में हम अश्विन के साथ हैं। हम कामना करते हैं कि उनके परिवार को इस कठिन समय से निकलने के लिये शक्ति मिले।’’ अश्विन कोरोना महामारी के कारण इस सत्र का आईपीएल छोड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। आईपीएल बायो बबल में खेला जा रहा है और अगर अश्विन वापसी करते भी हैं तो उन्हें कुछ दिन पृथकवास में रहना होगा। अश्विन ने इससे पहले ट्वीट में कोरोना महामारी से पैदा हुए हालात को लेकर चिंता जताई थी। भारत में पिछले कुछ दिन से रोज तीन लाख से अधिक कोरोना मामले आ रहे हैं। आक्सीजन और कुछ जरूरी दवाओं की किल्लत से चिकित्सा तंत्र जूझ रहा है।

भारत: 24 घंटे में संक्रमण के 3,52,991 नए मामलें

अकांशु उपाध्याय                      
नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 3,52,991 नए मामले आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,73,13,163 हुई। जबकि वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 28 लाख को पार कर गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन की गयी जानकारी के अनुसार, संक्रमण से 2,812 लोगों की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,95,123 हो गयी है। संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि के साथ उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 28,13,658 हो गयी है। जो कुल संक्रमितों का 16.25 प्रतिशत है। जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर गिरकर 82.62 प्रतिशत हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,43,04,382 हो गयी है। मृत्यु दर गिरकर 1.13 हो गयी है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे।
वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक 25 अप्रैल तक 27,93,21,177 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 14,02,367 नमूनों की जांच रविवार को की गयी।

अमेरिका ने 50 लाख डॉलर चंदा जुटाने का लक्ष्य रखा

अकांशु उपाध्याय                
नई दिल्ली/ वाशिंगटन डीसी। कोविड-19 की हालिया लहर के कारण चिकित्सीय ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक आपूर्तियों की कमी से जूझ रहे भारत की मदद के लिए भारतीय-अमेरिकी भरसक प्रयास करने में जुटे हैं। भारतीय-अमेरिकी गैर लाभकारी संगठन ‘सेवा इंटरनेशनल यूएसए’ ने 50 लाख डॉलर चंदा जुटाने का लक्ष्य रखा है। जिसमें से दो दिन के भीतर 15 लाख डॉलर पहले ही एकत्र कर लिए गए हैं। यह राशि भारत में कोविड-19 की दूसरी लहर की प्रतिक्रिया स्वरूप जुटाई जा रही है। संगठन ने कहा कि वह भारत को तत्काल 400 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के साथ ही अन्य आपातकालीन चिकित्सा उपकरण एवं आपूर्तियों की शुरुआती खेप भेज रहा है। सेवा इंटरनेशनल, भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण उपजे ऑक्सीजन के संकट को कम करने के लिए दुनिया भर के कई आपूर्तिकर्ताओं से खरीद पर काम कर रहा है। संगठन ने कहा कि उसने भारतीय अस्पतालों में ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए ‘हेल्प इंडिया डिफीट कोविड-19’ अभियान की शुरुआत की है। इसने बताया कि सेवा देश के करीब 10,000 परिवारों को तथा 1,000 अनाथों एवं वरिष्ठ नागरिकों को भोजन एवं दवाएं मुहैया करा रहा है।
ह्यूस्टन में सेवा के प्रवक्ता गीतेश देसाई ने कहा, “सेवा इंटरनेशनल अमेरिका में भारतीय-अमेरिकियों द्वारा दिए जा रहे समर्थन एवं चंदे को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता है। सेवा ने 15 लाख डॉलर से अधिक चंदा जुटा लिया है जो दिखाता है कि भारतीय-अमेरिकी भारत में अपने भाइयों-बहनों के दर्द को महसूस कर रहे हैं और वे कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण उत्पन्न इस आपदा के दौरान उनकी कुशलता के लिए चिंतित हैं।

महामारी: 600 मेडिकल उपकरण भारत भेजें जाएंगें

अकांशु उपाध्याय                                    
नई दिल्ली/ लंदन। कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत के लिए ब्रिटेन ने रविवार को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन संकेंद्रक समेत अन्य जीवन-रक्षक चिकित्सा उपकरण भेजने की घोषणा की। दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा कि कोविड-19 महामारी से निपटने में सहायता के लिए 600 मेडिकल उपकरण भारत भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि वेंटिलेटर और ऑक्सीजन संकेंद्रक उपकरण रविवार को ही भारत रवाना किए जाएंगे और इनकी पहली खेप मंगलवार तड़के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। साथ ही अन्य उपकरणों की खेप भी इस सप्ताह के बाद दिल्ली पहुंचेगी।ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, कोविड-19 से लड़ाई के इस कठिन समय में हम मित्र एवं साझेदार की तरह भारत के साथ खड़े हैं।” ब्रिटिश उच्चायोग ने जॉनसन के हवाले से कहा, ” इस घातक वायरस से लोगों का जीवन बचाने के प्रयास में सहयोग के तौर पर सैकड़ों वेंटिलेटर एवं ऑक्सीजन संकेंद्रक समेत अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण ब्रिटेन से भारत रवाना किए जा रहे हैं।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण    
1. अंक-253 (साल-02)
2. मंगलवार, अप्रैल 27, 2021
3. शक-1984,चैत्र, कृष्ण-पक्ष, तिथि- पूर्णिमा, विक्रमी सवंत-2078। चौदहवां रोजा, सहरी 04:20, इफ्तार 06:54। 14 रमजान, हिजरी 1442।
4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त 06:50।
5. न्‍यूनतम तापमान -12 डी.सै., अधिकतम-36+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई

एससी ने एसबीआई को कड़ी फटकार लगाई  इकबाल अंसारी  नई दिल्ली। चुनावी बॉन्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को कड़ी फटकार लग...