शुक्रवार, 11 अक्तूबर 2019

किसान कर्ज माफी पर सरकार को घेरा

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र की मोदी सरकार पर तंज कसते हुए सवालिया लहजे में पूछा कि सरकार किसके लिए 76000 करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर रही है जबकि गरीब किसान परेशान हैं और उन्हें जेल में डाला जा रहा है।
गांधी ने ट्वीट कर कहा,किसानों को जेल में डाला जा रहा है। अर्थव्यवस्था खस्ताहाल है, लोगों को नौकरी से निकाला जा रहा है। मुंबई में पंजाब एवं महाराष्ट्र सहकारी (पीएमसी) बैंक से जुड़े लोग चीख रहे हैं। उन्होंने पूछा,लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार किसके लिए रेड कार्पेट बिछाते हुए 76,000 करोड़ के कर्ज माफ कर रही है? कौन ले गया ये पैसा?
प्रियंका ने आरटीआई के हवाले से एक न्यूज चैनल की उस रिपोर्ट को भी साझा किया जिसमें कहा गया है कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने 220 लोगों पर बकाया 76000 करोड़ से अधिक के कर्जे को राइट ऑफ (ठंडे बस्ते में डालना) कर दिया। आम तौर पर जिस कर्ज को बैंक वसूल नहीं कर पाता है उसे राइट ऑफ कर दिया जाता है।


पाक ने तोड़ा सीजफायर,1 जवान घायल

राजौरी। पाक अपनी नापाक हरकतों से बाज आने का नाम नहीं ले रहा है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे से पहले बौखलाए पाक ने राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया जिसमें एक भारतीय जवान घायल हो गया है। पाक लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। अब राजौरी में हुए सीजफायर का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। पाकिस्तान की तरफ से तोड़े गए सीजफायर में एक जवान घायल हो गया है। इससे पहले भी पाकिस्तान कई बार सीजफायर तोड़ चुका है।
गुरुवार को भी पाकिस्तान ने पुंछ में सीजफायर तोड़ा था। पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की गई थी। इसके साथ ही पाकिस्तान की ओर से मोर्टार भी दागे गए थे। वहीं आज से दो दिन के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत दौरे पर आ रहे हैं। हालांकि पाकिस्तान और चीन के बीच अच्छे संबंधों के बावजूद पाक ने सीजफायर का उल्लंघन किया।
बता दें जिनपिंग पीएम मोदी और नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी के आमंत्रण पर भारत और नेपाल के दौरे पर आ रहे हैं। जिपनिंग के साथ आने वाले प्रतिनिधिमंडल में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) राजीनितक ब्यूरो के सदस्य डिंग शुएजियांग, सीपीसी सेंट्रल समिति सचिवालय के सदस्य यांग जेइची, विदेश मंत्री वांग यी तथा अन्य लोग शामिल हैं।


झारखंड में दो करोड़ 26 लाख से ज्यादा वोटर

रांची। झारखंड में पांचवी विधानसभा के गठन की कवायद शुरू हो चुकी है। राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से ज्यादा से ज्यादा सीटों पर कैसे जीत दर्ज की जा सके इसके लिए तमाम राजनीतिक पार्टियां चुनावी गणित में जुटी हुई हैं। 2014 के झारखंड विधानसभा चुनाव के वक्त पुरूष और महिला वोटरों की कुल संख्या दो करोड़ आठ लाख बावन हजार आठ सौ आठ थी। इनमें से एक करोड़ 36 लाख 33 हजार 186 लोगों ने वोट डाले थे।


इस बार दो करोड़ 26 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हुए हैं। 2014 के चुनाव के मुकाबले इस बार वोटरों की संख्या 18 लाख ज्यादा है। चुनाव के वक्त लोग यह जानना चाहते हैं कि झारखंड के किस विधानसभा क्षेत्र में वोटरों की संख्या सबसे ज्यादा और कहां सबसे कम है। बताते चलें कि झारखंड में सबसे ज्यादा वोटर बोकारो विधानसभा क्षेत्र में हैं। 2014 में यहां वोटरों की कुल संख्या 4 लाख 92 हजार 853 थी,जबकि कोल्हान के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम यानी 1 लाख 59 हजार 777 वोटर है।


हिरण का एक शिकारी गिरफ्तार, 8 फरार

जगदलपुर। माचकोट वन परिक्षेत्र में दो नर हिरण के शिकार का मामला सामने आया है। रेंजर विनय चक्रवर्ती ने बताया कि कुरंदी के सुलियागुड़ा में दो नर हिरण का शिकार हुआ है। हिरण शिकार के मुख्य आरोपी प्रभुनाथ के मक्के के खेत में हिरण आए हुए थे । यहां पहले से लगाए गए फंदे में वे फंस गए।


इसके बाद सिर और पैर छोड़कर उनका मांस 10 आरोपियों ने आपस में बांट लिया। गांव के ही निवासी जयराम की बाड़ी में सिर, पैर व अन्य अवशेष छिपा रखे थे, जिसे वन अमले ने बरामद कर जयराम व अन्य एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बाकी के 8 आरोपियों की तलाश की जा रही है। वन अमले के अनुसार उन्हें इलाके के चौकीदार से दो दिन पहले इलाके में करंट लगाकर वन्य जीवों के शिकार की योजना बनाए जाने की सूचना मिली थी।


टेस्ट क्रिकेट में विराट का 26 वां शतक

पुणे। विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में एक और सेंचुरी जड़ दी है। भारतीय कप्तान ने शुक्रवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पुणे में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन यह उपलब्धि हासिल की। यह टेस्ट क्रिकेट में उनकी 26वीं सेंचुरी है।
भारतीय टीम ने दूसरे दिन अपने खेल की शुरुआत तीन विकेट पर 273 रनों से की। कोहली पहले दिन 63 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन वर्नन फिलैंडर की गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने अपनी सेंचुरी पूरी कर ली। कोहली ने अपने 81वें टेस्ट मैच की 138वीं पारी में अपनी 26वीं टेस्ट सेंचुरी लगाई।


सचिन से पीछे
कोहली टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे कम पारियों में 26 शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर आ गए हैं। भारत की ओर से सचिन तेंडुलकर ने 136 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था वहीं सुनील गावसकर ने 144 पारियों में 26 टेस्ट सेंचुरी लगाई थीं।


सबसे आगे ब्रैडमैन
सबसे कम पारियों में 26 टेस्ट शतक लगाने की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के सर डॉन ब्रैडमैन इस लिस्ट में चोटी पर हैं। ब्रैडमैन ने 69 पारियों में यह 26 शतक लगाए थे। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ 121 पारियों में 26 शतक लगाए थे। स्मिथ ने हाल ही में एशेज स्रीज में यह मुकाम हासिल किया था। दुनिया के नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज स्मिथ ने एशेज में 774 रन बनाए थे।


पॉन्टिंग की बराबरी
कप्तान के रूप में यह विराट कोहली का 19वां टेस्ट शतक है। वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पॉन्टिंग के बराबर पहुंच गए हैं। पॉन्टिंग ने 77 टेस्ट मैचों में 19 शतक लगाए थे जबकि कोहली ने सिर्फ 50वें टेस्ट में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली। टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा शतक साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ ने लगाए हैं। स्मिथ ने 109 टेस्ट मैचों में 25 शतक लगाए थे।


भारत मजबूत
भारत इस मैच में काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। कोहली की सेंचुरी और अजिंक्य रहाणे की हाफ सेंचुरी की मदद से दूसरे दिन लंच तक भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 356 रन बना लिए हैं। भारत ने पहले सेशन में साउथ अफ्रीका गेंदबाजों के हाथ कोई कामयाबी नहीं लगने दी। इन दोनों के बीच 158 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की ओर से चौथे विकेट के बाद सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले राहुल द्रविड़ और सौरभ गांगुली ने 1996-97 में जोहांसबर्ग में 145 रनों की साझेदारी की थी।


कोहली के लिए यह शतक


यह विराट कोहली के टेस्ट करियर का 26वां शतक है।
कप्तान के रूप में यह उनके बल्ले से निकला 19वां शतक है।
पिछली 11 पारियों में यह उनका पहला शतक है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू धरती पर कोहली का पहला शतक।
वर्ष 2019 में विराट कोहली का पहला टेस्ट शतक


कुपोषण संकट से निपटने के प्रयास जारी

नई दिल्ली। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारत की पोषण चुनौतियों पर 5वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। 
महिला और बाल विकास मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में कुपोषण के संकट से निपटने के लिए मानवीय समाधान विकसित करने की आवश्यकता है और इसके लिए पोषण में निवेश के आर्थिक लाभों को उजागर और प्रचारित किया जाना चाहिए।महिला और बाल विकास मंत्री ने विश्व बैंक की वैश्विक पोषण रिपोर्ट 2018 का हवाला दिया जिसमें कहा गया है कि भारत को कुपोषण के मामलें में वार्षिक रूप से कम से कम 10 बिलियन डॉलर का नुकसान उठाना पड़ता है। यह नुकसान उत्पादकता, बिमारी और मृत्यु से जुड़ा है और गंभीर रूप से मानव विकास तथा बाल मृत्यु दर में कमी करने में बाधक है। उन्होंने कहा कि पोषण सभी नागरिकों के जीवन के लिए एक अभ्यास है और इसे महिलाओं और बच्चों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।


स्मृति जुबिन ईरानी ने बताया कि उनका मंत्रालय बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन तथा दीनदयाल शोध संस्थान के साथ एक पोषण मानचित्र विकसित कर रहा है जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों की फसलों और खाद्योन्नों को दिखाया जाएगा, क्योंकि कुपोषण संकट का समाधान क्षेत्रीय फसल को प्रोत्साहित करने और प्रोटीन समृद्ध स्थानीय खाद्य पदार्थ को अपनाने में है। उन्होंने सुझाव दिया कि पोषण अभियान के अनाम नायकों को मान्यता देने के लिए स्वास्थ्य और पोषण मानकों पर राज्यों की रैंकिंग की प्रणाली विकसित की जा सकती है और इसके लिए नीति आयोग राज्यों के लिए ढांचा विकसित कर सकता है ताकि जिलों की रैंकिंग की जा सके। उन्होंने कहा कि रैंकिंग प्रक्रिया में नागरिकों और सिविल सोसाइटी को शामिल किया जा सकता है।
परिषद की बैठक में राज्यों द्वारा पोषण अभियान लागू करने के बारे में महिला और बाल विकास मंत्रालय, नीति आयोग तथा स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रेजेंटेशन दिए गए। बैठक में आकांक्षी जिलों और पिछड़े हुए राज्यों की चुनौतियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। क्षमता सृजन और स्वास्थ्य कर्मियों की गुणवत्ता में सुधार के बारे में युद्ध स्तर पर काम करना होगा ताकि सभी आंगनवाड़ीकर्मी स्मार्टफोन और अन्य यंत्रों के उपयोग में प्रशिक्षित हो सके और सफलता पूर्वक डैशबोर्ड पर डाटा अपलोड कर सकें। बैठक में राज्यों की नवाचारी योजनाओं और कार्यक्रमों को साझा किया गया।


यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सितंबर में मनाए गए पोषण माह के दौरान राज्यों के श्रेष्ठ व्यवहारों तथा नवाचार योजनाओं का प्रलेखन किया जाए। 
भारत की पोषण चुनौतियों पर 5 वीं राष्ट्रीय परिषद में महिला और बाल विकास सचिव रवीन्द्र पंवार, नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार, उत्तर प्रदेश की महिला और बाल विकास मंत्री स्वाति सिंह, राजस्थान की महिला और बाल विकास मंत्री ममता भूपेश और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, कृषि, पेयजल और स्वच्छता, ग्रामीण विकास, जनजातीय मामले, पंचायती राज, उपभोक्ता मामले और खाद्य, वित्त, मानव संसाधन विकास, आवास और शहरी कार्य, सूचना और प्रसारण और पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों उपस्थित थे। बैठक में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद, राष्ट्रीय पोषण संस्थान, भारतीय सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, टाटा ट्रस्ट, बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन और विश्व बैंक के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।


अयोध्या में मनाई जाएगी 'भव्य दिवाली'

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए मुंबई आये उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4 जगहों पर चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने महाराष्ट्र में बीजेपी सरकार के विकास कार्य गिनाने के साथ ही कहा कि बीजेपी के लिए देशहित पहले है। वहीं उन्होंने कहा कि श्रीराम की नगरी की दिवाली भव्य होगी। दुनिया अयोध्या की दिवाली देखती है। राम मंदिर का नाम लिए बिना उन्होंने कहा सुप्रीम कोर्ट पर उन्हें पूरा भरोसा है। रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि फाइटर प्लेन राफेल भारत आ रहा है. इसे लेकर कांग्रेस फिर परेशान है। बीजेपी जो कहती है उसे एक-एक कर पूरा करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म कर खुशहाली का रास्ता खोला है। वहीं एक बार फिर कांग्रेस पर हमलावर होते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को तीन तलाक में वोट बैंक नजर आता था, जिससे पिछले 70 साल से इस कुप्रथा को खत्म करने के लिए कोई कानून नहीं बनाया गया। तीन तलाक की कुप्रथा से मुस्लिम महिलाएं पीड़ित थीं, उनका उत्पीड़न हो रहा था। उन्होंने कहा कि तीन तलाक पर बीजेपी ने करारा वार किया और कानून बनाया। इस कुप्रथा को खत्म करने लिए पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दे रहा है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। इससे कांग्रेस की मानसिकता उजागर हो जाती है।


जेल में दाल रोटी के पीछे हंगामा

गोरखपुर। जेल में बवाल मामले में पुलिस महानिदेशक, जेल आनंद कुमार ने कहा है कि गोरखपुर जेल में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि कैदियों ने मांग पत्र लिखकर भेजा है। कैदियों की तरफ से जेल प्रशासन और पुलिस को लेकर शिकायतें की हैं। डीजी जेल ने कहा कि मिली शिकायतों की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही महानिदेशक जेल ने कहा कि यूपी की जेलों में देश के 25 प्रतिशत बंदी हैं। यूपी की जेलों में क्षमता से ज्यादा बंदी हैं। जेलों की व्यवस्था में सुधार लाने की कवायद जारी है।
कैदी की पिटाई के बाद शुरू हुआ हंगामा 
बता दें गोरखपुर जिला जेल में शुक्रवार सुबह कैदियों ने जबरदस्त बवाल कर दियाा। पूछताछ के दौरान एक कैदी की पिटाई करने का आरोप लगाते हुए कैदियों ने जेल में जमकर हंगामा किया। सूत्रों के मुताबिक डिप्टी जेलर समेत 4 सिपाहियों की बुरी तरह से पिटाई की गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएम-एसएसपी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। हालात नियंत्रण से बाहर बताए जा रहे हैं, जेल के अंदर ईंट पत्थर भी चल रहे हैं।
हंगामे के पीछे रोटी-दाल की समस्या
हंगामे के पीछे कैदियों ने जेल में रोटी-दाल की समस्या भी बताई जा रही है। वहीं कैदियों ने जिला प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा है। एडीएम रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि जेल बंदियों की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया गया है। वहीं पुलिस द्वारा कैदियों की पिटाई की बात का एडीएम सिटी रजनीश श्रीवास्तव ने खंडन किया है। कैदियों के हमले कोई भी नहीं हुआ है। हालांकि जेल में बंद कैदी लामबंद होकर नारेबाजी भी कर रहे हैंं। वहीं मौके पर एहतियतन फायर ब्रिगेड और कई थाने की पुलिस फोर्स को बुला लिया गया हैै।
स्थिति काबू में, 9 थानों की पुलिस जेल के अंदर मौजूद
जेल में बवाल के बाद अभी भी स्थिति काबू में हैै। मौके पर 9 थानों की पुलिस जेल के अंदर मौजूद है। फिलहाल इस मामले में अभी जेल और प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैंं। वहीं एसएसपी सुनील गुप्ता भी मौके पर पहुंचे हैं। एसएसपी के मुताबिक घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा हैै। साथ ही कैंदियों से बातचीत कर मामला शांत कराया जा रहा है।


मृतकों के परिवार को दो लाख की सहायता

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में हुए सात लोगों के मौत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। दरअसल, एक तेज रफ्तार बस ने नरौरा गंगा घाट के किनारे सड़क पर सो रहे, तीर्थ यात्रियों को रौंद दिया। इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सीएम योगी ने जिलाधिकारी प्रत्येक मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने ये आदेश दिया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। सीएम ने मृतकों के परिजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की है।बताया जा रहा है सभी श्रद्धालु वैष्णो देवी से दर्शन के बाद गंगा स्नान के लिए हाथरस से नरौरा घाट जा रहे थे। रास्ते में ही ये लोग अपनी बस से उतर कर आराम करने के लिए सड़क के किनारे सो गए थे। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो है।


बस खड़ी होने के बाद उसमे से सात लोग जिनमें तीन महिलाएं और चार बच्चे उतरकर बस के आगे जाकर सो गए। इस बीच दूसरी बस भी वहां पहुंची। अंधेरा होने की वजह से वह जमीन सो रहे लोगों को देख नहीं सकी और उन्हें कुचल दििया। इस हादसे में सभी की मौत हो गई, चालक की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।


सचिवालय कर्मचारी छठी मंजिल से कूदा

राणा ओबराय
पंजाब सचिवालय चण्डीगढ़ के कर्मचारी ने छटी मंजिल से कूद कर दी जान
चंडीगढ़। पंजाब सचिवालय में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फाइनेंशियल कमिश्नर ऑफिस के रिकॉर्ड ब्रांच के सुपरवाइजर ने बिल्डिंग की 6वीं मंजिल से नीचे की ओर छलांग लगा दी|घटनाक्रम की सूचना फौरन पुलिस को दी गई. जिसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सुपरवाइजर को लहूलुहान हालत में सेक्टर-16 के अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुपरवाइजर को मृत करार दिया|मृतक की पहचान परमजीत सिंह के तौर पर हुई है।मौके पर पहुंची सेक्टर-3 थाना की पुलिस ने परमजीत सिंह के शव को मॉर्चरी में रखवा दिया है और आगे की बनती कार्रवाई को अंजाम दे रही है। जानकारी के मुताबिक, मृतक परमजीत सिंह सेक्टर 23 के मकान नंबर 2252 सरकारी निवास में अपने परिवार के साथ रहता था|शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे सेक्टर-1 स्थित सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग की छठी मंजिल से कूद गया।


मृतक परमजीत सिंह के पास से सुसाइड नोट हुआ बरामद


सुसाइड नोट के अनुसार, वह कुछ समय से बीमार चल रहा था, जिसके चलते वह परेशान रहता था। परमजीत सिंह ने अपनी मौत का खुद को जिम्मेदार ठहराया है।परमजीत सिंह ने अपने अधिकारियो से मांग की है कि उसकी पेंशन का सारा पैसा उसके परिजनों को दे दिया जाए।


मोदी ने राजनीति के मायने बदले:योगी

मुबई। मोदी जी के विकास-सुशासन पर जनता ने मुहर लगाई और उन्हें दोबारा मौका दिया। उन्होंने कहा कि मुंबई को दहलाने वाला दाऊद इब्राहिम आज मारा-मारा फिर रहा है और उसे शरण देने वाला पाकिस्तान पूरी दुनिया के सामने गिड़गिड़ा रहा है।
गुरुवार को कुलाबा विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार राहुल नार्वेकर और मुंबा देवी से शिवसेना के पांडुरंग सकपाल को वोट देने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री योदी ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में काम किया है। इससे पहले कांग्रेस-राकांपा की सरकारों ने राज्य को 15 साल तक लूटा है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रवाद की मुहिम को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में सहयोग की अपील करने यहां आए हैं।
पहले देश की राजनीति में जातिवाद, क्षेत्रवाद हावी रहता था, लेकिन उन्होंने राजनीति को विकास और प्रशासन से जोड़ा। मोदी के नेतृत्व में देश एक दिन जरूर विश्वशक्ति बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देशहित सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री से पहले उम्मीदवार राहुल नार्वेकर, पूर्व विधायक राज पुरोहित, संजय उपाध्याय, आकाश राजपुरोहित व अन्य लोगों ने संबोधित किया।


कांग्रेस अध्यक्ष की साधारण यात्रा ने चौकाया

गोरखपुर। धरना-प्रदर्शन, आंदोलनों और सादगी से कांग्रेस हाईकमान की पसंद बने तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू ने शुक्रवार सुबह रोडवेज की साधारण बस पकड़कर समर्थकों को एक बार फिर चौंका दिया। प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करने लखनऊ जा रहे लल्लू की यात्रा में उनके साथ पार्टी के पांच अन्य कार्यकर्ता भी गए हैं। लल्लू ने सुबह पांच बजे गोरखपुर रेलवे बस अड्डे से लखनऊ की बस पकड़ी। इसके बाद कुछ कांग्रेसी नेताओं ने बस में यात्रा की उनकी तस्वीर ट्वीट करके लल्लू की सादगी की तारीफ की। इस बारे में लल्लू ने कहा कि वह एक आम आदमी हैं। पहले भी बस से यात्रा करते रहे हैं। आम आदमी की समस्याओं को उठाना उनका काम है इसलिए आम आदमी जिन सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं वह भी उन्हीं सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं। लल्लू के साथ इस यात्रा में अमित, मनोज सिंह, शर्मा यादव, रामायण कुशवाहा और प्रदीप कोरी शामिल हैं।


सपा सरकार करेगी फर्जी एनकाउंटर की जांच

झांसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादवल ने कहा कि पार्टी गरीबों को न्याय दिलाने के लिए साइकिल यात्रा निकालेगी। ये साइकिल यात्रा वह विधानसभा उपचुनाव के बाद निकालेंगे। इस साइिकल यात्रा की वह खुद कमान संभालेंगे।पुष्पेंद्र एनकाउंटर केस पर अखिलेश यादव ने कहा कि पुष्पेंद्र यादव का फेंक इनकाउंटर हुआ। नौजवान की झांसी पुलिस ने हत्या की। देश की सेवा करने वाले मृतक के भाई को मुल्जिम बनाया गया। प्रदेश सरकार इस मामले में इंसाफ करे।इतना ही नहीं अखिलेश ने कहा कि अगर 2022 में सपा सरकार बनी तो पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर कांड की दोबारा जांच होगी। जांच कराकर एनकाउंटर कांड के दोषी अफसरों, पुलिस कर्मियों को जेल भेजा जाएगा। अखिलेश ने कहा कि मेरी भाजपा सरकार और उनके अफसरों को धमकी और चेतावनी भी है।अखिलेश ने कहा कि यूपी की जनता को यूपी सरकार ने शौचालय में उलझा दिया है। इस दौरान अखिलेश ने डिफेंस कॉरीडोर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश के बाहर से ही जब सबकुछ आ जायेगा तो देश मे क्या बनेगा?


 


दूध के मूल्य को लेकर दूधिया की हड़ताल

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में कुछ दूधियों द्वारा एकाएक दाम वृद्धि को लेकर गुरुवार से शुरू की गई हड़ताल का शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। दो दिन से जनता दूध को लेकर परेशान हो रही है लेकिन जिला प्रशासन में बैठे कलेक्टर, एसडीएम सहित अन्य अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। ऐसा लग रहा है कि जिला प्रशासन में बैठे अफसरों की भी इस हड़ताल को मौन स्वीकृति है। इधर दो दिन से जनता परेशान हो रही है लेकिन इस जनता की कोई सुध लेने वाला कोई नहीं। आक्रोशित जनता के कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि जिला प्रशासन में बैठे लोगों को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत इस मामले में कार्रवाई करना चाहिए। जो दूधिए जिले की सीमा पर दूसरे दूध बेचने वाले व दुकानदारों को दूध बेचने से रोक रहे हैं उन पर कानून कड़ी कार्रवाई की जाना चाहिए। क्योंकि दूध की किल्लत से जनता परेशान है और इस तरह से मनमानी नहीं होना चाहिए।
जनता पर बोझ बढ़ाने बना रहे हैं दबाव-
ग्रामीण क्षेत्र के दूधिए मनमानी कर एक बार फिर से जनता पर बोझ और उसे लूटने की तैयारी में है। जबकि पिछले साल ही इन दूधियों ने तीन से चार रुपए की वृद्धि एक हड़ताल के जरिए करवाई थी। इस साल अच्छी बारिश के बाद भूसे और चारे के दाम कम हुए हैं ऐसे में यह दूधिए दूध का पैसा क्यों बढ़वाना चाहते हैं। कई जानकारों ने बताया कि हड़ताल का डर दिखाकर जनता से यह लूट हर साल हो रही है।
पिछले बार भी इसी तरह हड़ताल कर बढ़ावाए थे दाम-
जनता ने बताया है कि इस मनमानी पर रोक लगाना जरूरी है। शिवपुरी में पिछले दो साल में शिवपुरी में दूध के दामों में 10 से 12 रुपए तक की वृद्धि हो चुकी है। शिवपुरी में ही ऐसा क्यों हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक संगठित रैकेट इस काम में सक्रिय है और दूधियों का बहाना बनाकर के दूध के रेट हर साल बढ़ाए जाते हैँ इसके बाद फुटकर विक्रेता व डेयरी संचालक भी अपना कमीशन बढ़ा देते हैं। इस बढ़े हुए दामों की मार जनता पर पड़ती है।


प्रेमिका से बेवफाई अपराध नहीं:एचसी

नई दिल्ली। हाई कोर्ट ने कहा है कि शारीरिक संबंधों के बावजूद प्रेमिका से बेवफाई चाहे जितनी खराब बात लगे, लेकिन यह अपराध नहीं है । अदालत ने कहा कि यौन सहमति पर 'न का मतलब न' से आगे बढ़कर, अब 'हां का मतलब हां' तक व्यापक रूप से माननीय है । अदालत ने रेप के आरोपों का सामना कर रहे एक व्यक्ति को बरी करते हुए ये फैसला सुनाया ।


दरअसल एक महिला ने अपने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। उसने अपनी शिकायत में कहा कि उसके प्रेमी ने शादी का वादा करके उसके साथ बेवफाई की औऱ शारीरिक संबंध बनाए। अदालत ने कहा, प्रेमी से बेवफाई भले ही लोगों को खराब बात लगे लेकिन भारतीय दंड संहिता के तहत दंडनीय अपराध नहीं है।


जस्टिस विभु भाखरू ने कहा कि जहां तक यौन संबंध बनाने के लिए सहमति का सवाल है, 1990 के दशक में शुरू हुए अभियान 'न मतलब न', में एक वैश्विक स्वीकार्य नियम निहित है । मौखिक 'न' इस बात का साफ संकेत है कि यौन संबंध के लिए सहमति नहीं दी गई है । यौन संबंध स्थापित करने के लिए जबतक एक सकारात्मक, सचेत और स्वैच्छिक सहमति नहीं है, यह अपराध होगा । कोर्ट ने कहा कि महिला का दावा है कि उसकी सहमति अपनी मर्जी से नहीं थी बल्कि यह शादी के वादे के लालच के बाद हासिल की गई थी, इस मामले में साबित नहीं हुआ । कोर्ट ने कहा कि पहली बार रेप के कथित आरोप के तीन महीने बाद, महिला 2016 में आरोपी के साथ अपनी मर्जी से होटल में जाती दिखी और इस बात में कोई दम नजर नहीं आता कि उसे शादी के वादे का लालच दिया गया था ।


काठमांडू जा रही बस पलटी 11 की मौत

नई दिल्ली। शुक्रवार सुबह माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे सात लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे थे। वहीं दूसरी ओर नेपाल के सिंधुपालचौक जिले में एक बस हादसे का शिकार ही गयी। इस हादसे में 11 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, हेलम्बू यातायात की बस भोट सिया से काठमांडू जा रही थी। बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। डीएसपी माधव काफले के अनुसार, मृतकों और घायलों की संख्या अभी बढ़ सकती है। बचाव कार्य में सुरक्षाकर्मी लगे हुए हैं। एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर से बचाव कार्य किया जा रहा है।


पूर्व उपमुख्यमंत्री के घर से 5 करोड़ बरामद

बेंगलुरु। आयकर विभाग ने कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और अन्य के खिलाफ मारे गए छापों के दौरान करीब पांच करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। आयकर विभाग से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार से शुरू की गई छापेमारी करीब 25 स्थानों पर अभी भी जारी है।


बेंगलुरु में सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज के परिसर में आयकर अधिकारी छापेमारी कर रहे हैं। यह मेडिकल कॉलेज जी परमेस्वर से संबंधित ट्रस्ट द्वारा चलाया जाता है। इसके अलावा जी परमेश्वर के भाई के बेटे के घर पर भी छापा पड़ा है। इस छापेमारी के तहत, आयकर विभाग के 300 से ज्यादा अधिकारी कर्नाटक में कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं से जुड़े परिसरों में दाखिल हुए हैं। इन नेताओं में पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और पूर्व सांसद आर एल जालप्पा के बेटे जे राजेंद्र शामिल हैं।


नशे में तीन को उतारा मौत के घाट

आरोपी ने शराब के नशे में मामूली बात पर विवाद कर तीनों की कर डाली जघन्य हत्या


रायपुर। थाना उरला क्षेत्रांतर्गत सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बाना उरला में तीन व्यक्तियों की जलकर मौत हो गई। सूचना पर थाना उरला की टीम द्वारा मौके पर जाकर घटना स्थल एवं शव का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा शव का निरीक्षण करने पर पाया गया कि किसी अज्ञात आरोपी द्वारा मृतिका श्रीमति दुलौरिन बाई निषाद, सोनू निषाद एवं संजय निषाद के सिर में किसी ठोस वस्तु से मारकर गंभीर चोट पहुँचाकर हत्या करना एवं साक्ष्य छिपाने की नियत से तीनों के शव का जला देना प्रतीत हो रहा था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना उरला में अपराध क्रमांक 462/19 धारा 302, 201 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
हत्या कर शव का जलाने जैसे गंभीर मामले को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय आरिफ एच शेख द्वारा गंभीरता से लिया जाकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध  पंकज चंद्रा, नगर पुलिस अधीक्षक उरला अभिषेक माहेश्वरी एवं थाना प्रभारी उरला को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिस पर नगर पुलिस अधीक्षक उरला द्वारा थाना उरला की एक विशेष टीम का गठन कर घटना स्थल का पुनः बारिकी से निरीक्षण किया जाकर हत्या के सभी प्रमुख बिन्दुओं को ध्यान में रखते हुये अज्ञात आरोपी की पता साजी प्रारंभ किया गया। घटना के संबंध में मृतक के रिश्तेदारों एवं घटना स्थल के आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ करने के साथ ही तकनीकी विश्लेषण एवं आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. फूटजों का अवलोकन किया। अज्ञात आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि चन्द्रकान्त निषाद निवासी पाटन जिला दुर्ग जो रिश्ते में मृतिका दुलौरिन बाई का दामाद है तथा हमेशा इसके घर आना जाना लगा रहता है एवं घटना दिनांक को भी चन्द्रकान्त निषाद उपस्थित था। टीम द्वारा चन्द्रकान्त निषाद से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर वह गोल मोल जवाब देने लगा जिस पर टीम द्वारा उसे संदेह के दायरे में रखकर चन्द्रकान्त निषाद के विरूद्ध साक्ष्य एकत्रित किया गया तथा चन्द्रकान्त निषाद के विरूद्ध साक्ष्य प्राप्त होने पर उसे पकड़कर पूछताछ करने पर उसके द्वारा किसी भी प्रकार से अपराध में अपनी संलिप्तता नहीं होना बताते हुये लगातार अपना बयान बदलकर टीम को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर टीम द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर अंततः चन्द्रकान्त निषाद अपने झूठ के सामने टिक न सका और उक्त तीनों की हत्या कर शव में मिट्टी तेल डालकर आग लगाकर जलाना स्वीकार किया गया। पूछताछ में आरोपी चन्द्रकान्त निषाद ने बताया कि दिनांक घटना को वह मृतिका दुलौरीन बाई के साथ बैठकर शराब का सेवन किया तथा मृतिका किसी व्यक्ति से बात करती थी जिसे आरोपी द्वारा बात करने से मना किया गया जिस पर दोनों के मध्य विवाद हुआ एवं आरोपी ने मौका पाकर लकड़ी के पटिया से मृतिका के सिर पर ताबडतोड़ वार कर चोट पहुंचाकर हत्या कर दिया तथा मृतिका के पुत्र सोनू निषाद एवं संजय निषाद के सिर पर भी उसी लकड़ी के पटिया से मारकर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दिया एवं साक्ष्य छिपाने की नियत से तीनों के शव पर मिट्टी तेल डालकर आग लगाकर जला दिया। घटना कारित करने के पश्चात आरोपी चन्द्रकान्त निषाद रात में ही ग्राम मुरा थाना पाटन जिला दुर्ग अपनी नानी सास के घर गया एवं गांव में नाचा का कार्यक्रम देखा तथा रात के लगभग 03ः00 बजे आरोपी ग्राम मुरा से वापस रायपुर आ गया एवं स्वयं अपराध से बचने हेतु कहानी बनाकर ग्राम बाना के अपने अन्य रिश्तेदारों को बताया कि दुलौरीन बाई, सोनू निषाद एवं संजय निषाद जलकर मृत हालत में पड़े है। आरोपी चन्द्रकांत निषाद स्वयं घटना की सूचना थाना जाकर दर्ज कराया था। आरोपी चन्द्राकांत निषाद की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का पटिया, ज्यूपीटर वाहन एवं खनू लगा कपड़ा जप्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही किया गया।


घोटाले में पूर्व पाक प्रधानमंत्री गिरफ्तार

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो ने पाक के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पाकिस्तान के राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने चौधरी शुगर मिल घोटाला मामले में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।डॉन न्यूज के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि एनएबी के अध्यक्ष ने मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया और लाहौर ब्यूरो की एक टीम शुक्रवार को कोट लखपत जेल में उनसे मिलेगी और उनकी फिजिकल रिमांड के लिए उन्हें जवाबदेही अदालत में ले जाएगी।


शरीफ अल-अजीजिया मिल्स भ्रष्टाचार मामले में सात साल जेल की सजा काट रहे हैं। एनएबी ने पहले से ही चौधरी शुगर मिल मामले में उनकी बेटी मरियम नवाज और भतीजे यूसुफ अब्बास को गिरफ्तार कर लिया है।
ये दोनों 23 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर हैं। एनएबी ने मुख्य रूप से मरियम पर चीनी मिलों के शेयरों की बिक्री/खरीद की आड़ में मनी लॉ्ड्रिरंग में शामिल होने का आरोप लगाया है।इसने कहा कि वह 2008 में मिलों की सबसे बड़ी शेयरधारक बन गईं, जिनके पास 1.2 करोड़ से अधिक के शेयर थे और उनकी संपत्ति उनकी आय से अधिक नहीं पाई गई थी।


भारत के अमीर लोगों की नई सूची

मुंबई। भारत के सबसे अमीर लोगों की नई सूची सामने आ गई है। फोर्ब्स ने भारत के टॉप 100 सबसे अमीर लोगों की सूची जारी कर दी है, जिसमें पिछले कुछ सालों की तरह इस साल भी टॉप पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी बरकरार हैं। लगातार 12वें साल मुकेश अंबानी फोर्ब्स इंडिया की सबसे अमीर भारतीय टॉप 100 की सूची में टॉप पर काबिज हैं। करीब 4 मिलियन अमेरिकी डॉलर की बढ़ोतरी के साथ मुकेश अंबानी 51.4 बिलियन की कुल संपत्ति के साथ टॉप पर बरकरार हैं। वहीं गौतम अडानी ने 8 अंकों की बड़ी छलांग लगाई है और इस सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा उदय कोटक ने पहली बार टॉप 5 में जगह बनाई है। इस्पात निर्माता कंपनी आर्सेलर के मालिक लक्ष्मी मित्तल फोर्ब्स की इस लिस्ट में काफी नीचे आ गए हैं। पिछले साल इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर रहने वाले लक्ष्मी मित्तल 6 पायदान खिसकर 9वें नंबर पर आ गए हैं। फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक, स्टील की मांग और उसकी कीमतों में गिरावट की वजह से ऐसा हुआ है। वहीं टॉप टेन में इस बार अजीम प्रेमजी भी नहीं हैं। तो चलिए देखते हैं सबसे अमीर 100 लोगों की पूरी लिस्ट।


भारत के 10 सबसे अमीर शख्स


teligram
मुकेश अंबानी:      51.4 बिलियन
गौतम अडानी:     15 .7 बिलयन
हिन्दुजा ब्रदर्स:    15.6 बिलियन
पी मिस्त्री:         15 बिलियन
उदय कोटक:    14.8 बिलियन
शिव नाडर:       14.4 बिलियन
राधाकृष्णन दमानी:   14.3 बिलियन
गोदरेज फैमिली:   12 बिलियन
लक्ष्मी मित्तल:   10.5 बिलियन
कुमार बिरला:   9.6 बिलियन


विवादित जमीन सौंप देनी चाहिए

नई दिल्ली। आयोध्या मामले में चल रहे विवाद और सुनवाई के बीच अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर) जमीर उद्दीन शाह का बड़ा बयान आया है। लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर) जमीर उद्दीन शाह ने गुरुवार को कहा कि मुस्लिमों को अयोध्या में विवादित जमीन राम मंदिर के लिए हिन्दू भाइयों को सौंप देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए अयोध्या में विवादित भूमि को 'सद्भावना संकेत' के रूप में राम मंदिर निर्माण के लिए हिंदुओं को सौंप देनी चाहिए। जमीर उद्दीन शाह ने कहा कि अगर मुस्लिमों के पक्ष में भी सुप्रीम कोर्ट का फैसला आता भी है तो देश में शांति कामय करने के लिए मुसलमानों को हिंदू भाइयों को जमीन सौंपनी चाहिए। इसका एक समाधान होना चाहिए नहीं तो हम लड़ते रह जाएंगे। मैं अदालत के बाहर निपटारे का पुरजोर समर्थन करता हूं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को स्पष्ट फैसला देना चाहिए। इसे पंचायती नहीं होना चाहिए। अगर सुप्रीम कोर्ट मुस्लिमों के पक्ष में फैसला दे भी देता है तो क्या मस्जिद बनाना संभव होगा? मैं मानता हूं कि यह कतई मुमकीन नहीं होगा।


शाह गुरुवार को लखनऊ में एक सत्र में शामिल हुए थे, इंडियन मुस्लिम फॉर पीस' नाम के एक संगठन ने गुरुवार को गोमतीनगर स्थित एक होटल में बैठक की थी। इसमें प्रस्ताव पारित किया गया कि करोड़ों हिन्दुओं की आस्था को देखते हुए विवादित जमीन राम मंदिर निर्माण के लिए दे दी जाए। बैठक में कुल चार प्रस्ताव पारित हुए, जिन्हें बाबरी मस्जिद के पक्षकार सुन्नी वक्फ बोर्ड के जरिए सुप्रीम कोर्ट की मध्यस्थता कमेटी को भेजा जाएगा। यह बैठक अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति ले.जनरल जमीरुद्दीन शाह की अध्यक्षता में हुई। बाद में प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुसलमान सुप्रीम कोर्ट से मुकदमा जीत भी गए तो वहां पर मस्जिद नहीं बना पाएंगे। क्योंकि अदालतें लोगों के जज्बात से बड़ी नहीं होती हैं। वतन में भाईचारा बनाए रखने और अमन के लिए जमीन उपहार के तौर पर हिन्दू भाइयों को दे देनी चाहिए।


'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की

'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना सिर्फ साउथ सिनेमा का ही नहीं, अब ...