मंगलवार, 1 अक्तूबर 2019

एलपीजी गैस सिलेंडर हुआ महगां

नई दिल्ली। अक्टूबर महीना शुरू होते ही जनता पर महंगाई की मार पड़ी है। एक अक्तूबर यानि आज से रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी हो गई है। लगातार दूसरे महीने रसोई गैस के दाम में इजाफा हुआ है, जिससे आम आदमी को झटका लगा है। देश के प्रमुख महानगरों में बिना-सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर करीब 15 रुपए महंगा हुआ है।


गैस सिलेंडर की नई कीमतें


आज से दिल्ली में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए आपको 605 रुपए चुकाने होंगे। कोलकाता में इसका दाम 630 रुपए है। वहीं मुंबई और चेन्नई में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम क्रमश: 574.50 और 620 रुपए है। वहीं, 19 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1085 रुपए हो गई है। कोलकाता में 1139.50 रुपए, मुंबई में 1032.50 रुपए और चेन्नई में इसका दाम 1199 रुपए है।


महाराष्ट्र भाजपा के प्रत्याशियों की लिस्ट

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावः बीजेपी ने जारी की 125 प्रत्याशियों की पहली सूची


मुबंई। महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आखिर लंबे समय से चल रही खींचतान को खत्म करते हुए अपनी पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में 125 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं।सूबे के सीएम देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वहीं उदयराजन भोसले सतारा से चुनाव लड़ेंगे। जानकारी के अनुसार 52 सिटिंग विधायकों को टिकट दिया गया है। इस संबंध में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। वहीं सतारा लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इस सीट से छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयन भोसले को मैदान में उतारा गया है। इस दौरान अरुण सिंह ने घोषणा की कि पार्टी शिवसेना सहित अपने चार सहयोगियों के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी।


जारी की गई सूची के अनुसार बीजेपी महाराष्ट्र के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल कोठरुद से चुनावों में अपना भाग्य आजमाएंगे। वहीं राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री पंकजा मुंडे पार्ली से चुनाव मैदान में उतर रही हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में आए राधाकृष्‍ण विखे पाटिल को शिरडी से टिकट दिया गया है।मंत्री गिरीश महाजन जामनेर से चुनाव लड़ेंगे। सतारा विधानसभा से शिवेंद्र सिंह जो कि छत्रपति शिवाजी के वंशज हैं वे चुनाव में अपना भाग्य आजमाएंगे। मुक्ता तिलक जो लोकमान्य गंगाधर तिलक के परिवार की बहू हैं वह कस्बा पेट सीट से चुनाव लड़ेंगी। इसी क्रम में अतुल भोसले को कराड़ दक्षिण सीट से मैदान में हैं।


अरुण सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2019 के लिए बीजेपी ने 12 सीटों पर प्रत्याशियों को बदल दिया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या इनका टिकट कट गया है तो अरुण ने जवाब दिया कि आप ऐसा सोच सकते हैं। गौरतलब है कि पहली लिस्ट में मंत्री विनोद तावड़े, पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे के नाम नहीं है।


हनी ट्रैप: तीस करोड़ की वीडियो

भोपाल। मध्यप्रदेश के हनीट्रैप कांड के आरोप में पकड़ी गईं महिलाओं में से दो ने लोकसभा चुनाव के दौरान कई बड़े नेताओं के युवतियों के साथ अंतरंग संबंध वाले वीडियो 30 करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश की थी। इस मामले में लेन-देन को लेकर कुछ नेताओं से इन महिलाओं की कई दौर की बातचीत भी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता बदलने पर इन महिलाओं का नई सरकार में दखल कम हो चला था, लिहाजा इन महिलाओं ने सरकार से जुड़े दल कांग्रेस के कई नेताओं और दूसरी ओर विपक्षी दल भाजपा के नेताओं से संपर्क बनाए रखा था। इन महिलाओं ने दोनों दलों के कई नेताओं के वीडियो होने का दावा करते हुए मनचाही रकम मांगी, जब बात नहीं बनी तो उन्होंने नेताओं से व्यक्तिगत संपर्क किया। भोपाल के एक नेता का वीडियो भी इन महिलाओं ने बनाया था और उस वीडियो के आधार पर भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों के नेताओं से उसका सौदा करना चाहा था। सूत्र बताते हैं कि एक राजनीतिक दल के नेता कई वीडियो छह करोड़ रुपये में खरीदने को राजी भी हो गए, मगर महिलाएं और उनके करीबी लोग 30 करोड़ रुपये से कम पर थोक वीडियो बेचने को तैयार नहीं हुए। सूत्रों का कहना है कि इन महिलाओं को इस बात का गुमान था कि राजनीतिक दलों से जुड़े लोग उनके वीडियो मनचाही कीमत में खरीद लेंगे, क्योंकि इनके जरिए दूसरे दल के नेताओं की छवि को प्रभावित किया जा सकता था। लेकिन मांगी गई रकम बहुत ज्यादा होने के कारण कोई भी लेने के लिए राजी नहीं हुआ। राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की बात पर भरोसा करें तो चुनाव के दौरान इन महिलाओं का वीडियो का सौदा नहीं हो पाया। उसके बाद इन महिलाओं ने सीधे संबंधित नेताओं से संपर्क बनाकर छोट-मोटी रकम ऐंठी। वहीं चुनाव के बाद पुलिस विभाग और सरकार के लेागों ने इन पर नजर रखना शुरू कर दिया, क्योंकि इन महिलाओं के पास कई बड़े लोगों के वीडियो होने की बात सामने आ चुकी थी। नगर निगम के इंजीनियर हरभजन सिंह की शिकायत पर पुलिस अब तक पांच महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया जा चुका है। एसआईटी के सूत्रों का कहना है कि पकड़ी गई महिलाओं के मोबाइल, लैपटॉप और पेनड्राइव से बड़ी संख्या में वीडियो क्लिपिंग मिली हैं। एसआईटी को क्लिपिंग की चार हजार से ज्यादा फाइलें हाथ लगी हैं और कई तस्वीरें व ऑडियो क्लिपिंग भी बरामद हुई हैं। आरोपी महिलाओं ने पूछताछ में कई नेताओं और अफसरों के नामों का भी खुलासा किया है। एसआईटी फिलहाल कुछ भी बताने से बच रही है।


पाक ने किया सीजफायर उल्लंघन

नई दिल्ली। पाकिस्तान ने मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसका भारतीय सेना ने भी माकूल जवाब दिया। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी। संघर्ष विराम उल्लंघन पूंछ जिले के शाहपुर और किरणी सेक्टर में किया गया। पाकिस्तानी गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया है। सेना के एक अधिकारी ने कहा, पाकिस्तान की तरफ से सुबह 7.45 बजे बिना उकसावे के छोटे हथियारों और मोर्टार से हमला किया गया। भारतीय सेना ने भी गोलीबारी का जवाब दिया। वहीं कठुआ के मनयारी पोस्ट में रात में हुई पाकिस्तानी फायरिंग में बीएसएफ का एक जवान जख्मी हो गया। इससे पहले सोमवार को भी कठुआ जिले के हीरानगर क्षेत्र में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। सूत्रों के अुनसार, सोमवार की गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया था।


कश्मीर से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट कश्मीर से जुड़े सभी याचिकाओं को अगले महीने की 14 तारीख को सुनवाई करेगा। सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने इस मामले की सुनवाई के दौरान यह बात कही। मंगलवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए चार हफ्ते का समय मांगा, लेकिन याचिकाकर्ता ने केंद्र और राज्य सरकार को वक्त दिए जाने का विरोध किया। इसपर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हमे इस मामले में वक्त देना होगा। कोर्ट ने सुवनाई के दौरान कहा कि आखिर इतने अहम मामले में वक्त क्यों न दिया जाए।


गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर से संविधान के अनुच्छेद 370 और 35A को निरस्त करने वाले प्रावधान को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के लिए संविधान पीठ का गठन हो गया था। जस्टिस एन वी रमणा की अध्यक्षता वाली पांच जजों की पीठ में जस्टिस संजय किशन कौल, जस्टिस सुभाष रेड्डी, जस्टिस बी आर गवई और जस्टिस सूर्यकांत होंगे। कहा गया था कि बेंच एक अक्टूबर से जम्मू कश्मीर के प्रशासनिक बदलाव को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। एक अक्टूबर से सुप्रीम कोर्ट में दो संविधान पीठ दो महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई करेंगे। पहले ही एक संविधान पीठ अयोध्या मामले की सुनवाई कर रहा है।


10 हजार किसानों का 'रेल रोको आंदोलन'

भुवनेश्वर। ओडिशा के लगभग 10 हजार किसानों ने चक्रधरपुर रेल डिवीजन के बामड़ा स्टेशन में 4 घंटे तक रेल रोको आंदोलन किया। इससे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्टेशन पर इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों के पहिए थमे रहे। किसान अपनी तीन सूत्रीय मांग को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों के विरुद्ध आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के कारण यात्री परेशान हुए। यात्री चार घंटों तक जरुरी खाने-पीने की चीजों और दवाओं के लिए परेशान होते रहे।


पश्चिम ओडिशा कृषक सुरक्षा समन्वय समिति के इस रेल रोको आंदोलन में 3 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के कारण ट्रेनों को रायगढ़ से बिलासपुर और बामड़ा से राउरकेला के बीच रोककर रखा गया। टाटा इतवारी पैसेंजर रायगढ़ के तीन नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी रही। प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों को आंदोलन की जानकारी दी जा रही थी। जो ट्रेने इस आंदोलन के चलते प्रभावित रहीं उनमें मुंबई-हावड़ा-दुरंतो रायगढ़ में दो घंटे, साउथ बिहार एक्सप्रेस खरसिया में डेढ़ घंटे, उत्कल एक्सप्रेस- चांपा में डेढ़ घंटे, पुणे हटिया ब्रजराजनगर में दो घंटे, टाटा इतवारी पैसेंजर रायगढ़ में एक घंटे, उत्कल एक्सप्रेस राजगांगपुर में दो घंटे, साउथ बिहार एक्सप्रेस राउरकेला में एक घंटे और दिल्ली-भुवनेश्वर एक्सप्रेस झारसुगुड़ा में दो घंटे फंसी रही।


सीएम देवेंद्र को सुप्रीम कोर्ट का झटका

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को सुप्रीम कोर्ट की ओर से बड़ा झटका चला है। चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का फैसला रद्द करते हुए उनके खिलाफ ट्रायल चलाने का आदेश दिया है। उनके खिलाफ मजिस्ट्रेट कोर्ट में ट्रायल चलेगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट को यह तय करना था कि 2014 के चुनावी हलफनामे में आपराधिक केसों की जानकारी छिपाने पर फडणवीस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की इजाजत दी जाए या नहीं।
फडणवीस पर 2014 के चुनावी हलफनामे में दो आपराधिक केसों की जानकारी छिपाने का आरोप है। ये दोनों केस नागपुर के हैं। इनमें एक मानहानि और दूसरा ठगी का है। वकील सतीश उके ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि 2014 के चुनाव का नामांकन दाखिल करते समय में फडणवीस ने झूठा हलफनामा दायर किया था। हालांकि इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी और कहा था कि याचिका में तथ्यों की कमी है।


उके ने हाईकोर्ट में नागपुर के ज्यूडि़शियल मजिस्ट्रेट के उस फैसले को चुनौती दी थी जिसमें ऐसी ही याचिका को खारिज कर दिया गया था। याचिकाकर्ता उके ने आरोप लगाया था कि 2009 और 2014 में नागपुर के दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरते समय फडणवीस ने उनके खिलाफ लंबित दो आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी। याचिकाकर्ता के मुताबिक 1996 और 1998 में फडणवीस के खिलाफ विभिन्न आरोपों में दो मामले दर्ज किए गए थे। यह जनप्रतिनिधि अधिनियम, 1951 की धारा 125-ए का स्पष्ट उल्लंघन है।


रूस से क्या लेंगे या नहीं, स्वतंत्र

वॉशिंगटन। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस से सैन्य समझौता करने पर पहली बार अमेरिका को सीधे जवाब दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा कि भारत रूस से एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदने के लिए स्वतंत्र है। किसी भी देश को इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, हम नहीं चाहते कि कोई देश हमें बताए कि रूस से क्या खरीदना है और क्या नहीं।


भारत ने रूस से पिछले साल ही एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदने का करार किया है। हालांकि, अमेरिका ने इस पर नाराजगी जताते हुए कई बार भारत पर प्रतिबंध लगाने की धमकी भी दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयशंकर ने कहा, “हम इस बात के पक्षधर रहे हैं कि सैन्य खरीदारी किसी भी देश का अधिकार है। किसी भी चीज को चुनने की आजादी हमारी अपनी है। मुझे लगता है कि यह सभी के हित में है कि वे हमारी स्वायत्तता को पहचानें।


डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन लगातार ही भारत और रूस के बीच सैन्य समझौते पर नाराजगी जताता रहा है। दो महीने पहले जब भारत ने रूस को एडवांस पेमेंट किया, तब भी अमेरिका ने धमकी देते हुए कहा था कि भारत का यह फैसला दोनों देशों के रिश्तों पर गंभीर असर डालेगा। ट्रम्प प्रशासन के अफसर लगातार कहते रहे हैं कि भारत को सैन्य समझौतों के लिए अमेरिका और रूस में से किसी एक को चुनना होगा।


अमेरिका काट्सा कानून के तहत अपने दुश्मन से हथियार खरीदने वाले देशों पर प्रतिबंध लगा सकता है। इस लिहाज से भारत भी रूस से हथियार खरीदने के लिए प्रतिबंधों के दायरे में आ सकता है। हाल ही में अमेरिका ने तुर्की पर एस-400 सिस्टम खरीदने के लिए प्रतिबंध लगा दिए थे। साथ ही उसके साथ एफ-35 फाइटर जेट की डील रद्द कर दी थी।


एस-400 मिसाइल सिस्टम, एस-300 का अपडेटेड वर्जन है। यह 400 किलोमीटर के दायरे में आने वाली मिसाइलों और पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों को भी खत्म कर देगा। एस-400 डिफेंस सिस्टम एक तरह से मिसाइल शील्ड का काम करेगा, जो पाकिस्तान और चीन की एटमी क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइलों से भारत को सुरक्षा देगा। यह सिस्टम एक बार में 72 मिसाइल दाग सकता है। यह सिस्टम अमेरिका के सबसे एडवांस्ड फाइटर जेट एफ-35 को भी गिरा सकता है। वहीं, 36 परमाणु क्षमता वाली मिसाइलों को एकसाथ नष्ट कर सकता है। चीन के बाद इस डिफेंस सिस्टम को खरीदने वाला भारत दूसरा देश है।


भाजपा सबसे बड़ा दल, दो-चार रेप?

नई दिल्ली। रेप को लेकर सोशल मीडिया में मेनका गांधी एक बयान वायरल हो रहा है। जो पूरी तरह भ्रामक है।एक बीजेपी नेता के खिलाफ रेप चार्ज पर असल में मेनका गांधी ने जो कहा था, उसे गलत तरीके से पेश किया गया। वायरल फेसबुक पोस्ट को कौसर सैयद ने 23 सितंबर को शेयर किया था। इस रिपोर्ट को लिखे जाने तक इस फेसबुक पोस्ट को 3100 से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका था। ऐसा ही एक और बयान मेनका गांधी के नाम से अप्रैल 2018 में भी वायरल हुआ था।


कीवर्ड्स के आधार खंगालने पर 13 अप्रैल 2018 को प्रकाशित पत्रिका की ये रिपोर्ट सामने आई। इस रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के चंदौली में मेनका गांधी से जब कठुआ और उन्नाव की घटनाओं को लेकर पूछा गया था कि क्या इनसे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है? तो उनका जवाब था, बीजेपी 11 करोड़ सदस्यों वाली दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, अगर 1-2 ऐसी घटनाएं हुई हैं तो आप कैसे पूरी पार्टी को दोषी ठहरा सकते हैं? ऐसे में ये निष्कर्ष निकलता है कि मेनका गांधी के असल बयान को वायरल पोस्ट में तोड़मरोड़ कर और गलत तरीके से पेश किया गया। वायरल पोस्ट को लेकर मेनका गांधी के निजी सहायक आनंद चैधरी से संपर्क किया तो उन्होंने वायरल पोस्ट के फर्जी होने की पुष्टि की। चैधरी के मुताबिक मेनका गांधी ने कभी ऐसा बयान नहीं दिया।


दावा-मेनका गांधी ने कहा कि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टीय अगर 2-4 रेप होते हैं तो क्या बुराई?
निष्कर्ष-मेनका गांधी ने असल में कहा था कि बीजेपी 11 करोड़ सदस्यों वाली दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, अगर 1-2 ऐसी घटनाएं हुई हैं तो आप कैसे पूरी पार्टी को दोषी ठहरा सकते हैं?


खिलाड़ियों की नीलामी 19 दिसंबर को

शैलेश दिक्षित


कोलकाता। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 19 दिसंबर को कोलकाता में होगी। पहली बार नीलामी की प्रक्रिया यहां होगी। खिलाड़ियों की ट्रेडिंग विंडो 14 नवंबर को बंद हो जाएगी। ईएसपीएन क्रिकइंफो के मुताबिक, आठों फ्रैंचाइजियों को ट्रेडिंग विंडो की जानकारी दे दी गई है। इस साल नीलामी के लिए कुल 85 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। ये पिछले साल से 3 करोड़ रुपए ज्यादा है। नीलामी में कितने खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।


पिछले साल नीलामी के बाद दिल्ली कैपिटल्स के पास सबसे ज्यादा 8.2 करोड़ रुपए बचे थे। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खाते में सबसे कम 1.8 करोड़ रुपए ही बचे। इस बार फ्रैंचाइजियों को 3 करोड़ रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। पिछले साल मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम फाइनल में पहुंची थी। तब मुंबई जीता था।
इस बार छोटी नीलामी होगी
आईपीएल-2021 के लिए सभी खिलाड़ियों को नीलामी की प्रक्रिया से गुजरनी होगी। ऐसे में इस बार की नीलामी अपेक्षाकृत छोटी होगी। पिछली बार बड़ी नीलामी जनवरी 2018 में हुई थी। तब टीमों को सिर्फ 5 खिलाड़ी रिटेन करने की छूट दी गई थी। दिल्ली के पास सबसे ज्यादा पैसे बचे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वे इस बड़े खिलाड़ियों पर दांव लगाएंगे। दिल्ली की टीम ट्रेडिंग विंडो में अन्य टीमों के मुकाबले ज्यादा सक्रिय रही। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड को मुंबई को दे दिया। उनके स्थान पर स्पिनर मयंक मार्कंडे को अपनी टीम में लिया।


गांगुली ने कहा- अश्विन को अपनी टीम में शामिल करना चाहते हैं
दिल्ली की टीम पंजाब से रविचंद्रन अश्विन को भी अपनी टीम में शामिल करना चाह रही है। अश्विन को पंजाब ने 2018 में 7.6 करोड़ में खरीदा था। उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने पिछले साल 15 विकेट लिए थे। टीम के मेंटर सौरव गांगुली भी अश्विन को अपनी टीम में शामिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'हम पंजाब अश्विन को हमारी टीम में आने देती है, तो हम बहुत खुश होंगे।'


एनआरआई पति के खिलाफ तलाक का मामला

इंदौर। दहेज की मांग पूरी नहीं होने के चलते तीन तलाक दिए जाने का आरोप लगाते हुए यहां 21 वर्षीय महिला ने उसके अनिवासी भारतीय (एनआरआई) पति के खिलाफ नए कानून के तहत मामला दर्ज कराया है। लसूड़िया पुलिस थाने के प्रभारी संतोष दूधी ने सोमवार को बताया कि यह मामला सलीना खान (21) की शिकायत पर जांच के बाद उसके शौहर जीशान फैजल खान और ससुरालियों के खिलाफ रविवार रात दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता महिला का पति अमेरिका के कैलिफॉर्निया में काम करता है। उन्होंने बताया कि सलीना ने निकाह के साल भर बाद अपने शौहर पर आरोप लगाया है कि जब उसे दहेज के रूप में ऑडी कार और 50 लाख रुपये नकद नहीं मिले, तो पहले उसे प्रताड़ित किया गया और बाद में तीन बार तलाक कहकर पत्नी मानने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 'मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम 2019' के साथ ही भारतीय दंड विधान की धारा 498-ए (दहेज प्रताड़ना) और अन्य संबद्ध धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


दूधी ने कहा कि पुलिस आरोपों की जांच के बाद मामले में उचित कदम उठाएगी। गौरतलब है कि 'मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम 2019' के जरिए एक साथ तीन बार तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध खत्म करने की प्रथा पर वैधानिक रोक लगाई गई है। इस कानून में मुजरिम के लिए तीन साल तक के कारावास का प्रावधान है।


एचआईवी संक्रमित 450 बच्चों की अनदेखी

जिले में 20 हजार लोग एचआईवी पाजीटिव, झेलना पड़ता है दुव्र्यवहार
रायपुर। एक ओर जहां लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर इतना ज्यादा चिंतित हैं वहीं दूसरी ओर एच आई वी पाजीटिव को लेकर समाज में हीन भावना है। पीडि़तों को समाज में दोयम दर्जे के रूप में देखा जाता है। सामाजिक स्तर पर पीडि़तों को दुव्र्यवहार झेलना पड़ता है। तमाम सरकारी प्रचार प्रसार जागरूकता के बाद भी लोग जागरूक नहीं हो पाए हैं।
एच आई वी पाजीटिव -असुरक्षित यौन सम्बन्ध, संक्रमित ब्लड, जिसे बिना सोचे समझे जरुरतमंदों को चढ़ा देना भी एचआईवी संक्रमण का प्रमुख कारण है। छत्तीसगढ़ में एक संस्था 2009 से एड्स संक्रमित लोगों को समाज में स्थान दिलाने एवं आत्मविश्वास जगाने सतत प्रयास कर रही है । विहान केयर एंड सपोर्ट सेंटर की स्थापना 2013 से हुई है जो बच्चों के बेहतर जीवन के लिए जागरूक कर रही है । संस्था द्वारा प्रोत्साहित कार्य -इस संस्था में 19हजार एच आई वी पाजीटिव हैं जो एक साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं, घर -घर जाकर 9 महिलाएं कॉउंसलिंग करती है,संस्था 120 बच्चों को पोषक तत्वों के साथ एच आई वी प्रतिरोधक दवाई बच्चों को देती है। पोषक तत्व में आटा, दाल, गुड़, खजूर, सोयाबीन बड़ी संस्था द्वारा दिए जाते हैं। इसके अलावा संस्था प्रमुख रिंकी अरोरा ने दुर्ग और जगदलपुर में एच आई वी पाजीटिव 294 महिलाओं का प्रसव करवाई है, जिसमे से केवल 9 ही बच्चे संक्रमित पाए गए। माता पिता दोनों को एड्स है, तो डॉक्टर की देख रेख बच्चा स्वस्थ पैदा होता है। विहान संस्था के द्वारा लगभग 32 जोड़ों की शादी करवाई है, दोनों एच आई वी पाजीटिव होने के बाद भी आप एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दे सकते हैं। संस्था प्रमुख विहान एड्स केयर एंड सपोर्ट सेंटर की प्रमुख रिंकी अरोरा ने सुझाव दिया कि इस बीमारी का जितनी जल्दी पता चलेगा, यह उतने ही जल्दी ठीक होने की उम्मीद होती है, जनता से रिश्ता अखबार के माध्यम से सन्देश है कि हर लड़के एवं लड़की को शादी के पहले अपना एच आई वी परीक्षण अनिवार्य रूप से करवाना चाहिए। इस बीमारी को मुख्य रूप से 4 स्टेज में बांटा गया है एंटी रेट्रो वाइरल ट्रीटमेंट के द्वारा जांच के तुरंत बाद दवाई चालू हो जाना चाहिए तो इसे कण्ट्रोल किया जा सकता है । जिसे टेस्ट एंड ट्रीट गाइडलाइन कहते हैं इसके बाद जब तक इंसान जिएगा उसकी दवाइयां चलती रहेगी,आम लोगों में एचआइवी 15-25 साल की उम्र में ज्यादा देखा जाता है इसके लिए जागरूक बनना होगा रक्त चढ़ाने से पहले प्रमाणित ब्लड बैंक से ही ब्लड लिया जाना चाहिए, अपने बच्चों से इस मुद्दे पर दोस्त बनकर खुलकर बात करे एवं सेक्स एजुकेशन को बढ़ावा देने में मदद कर, हर इंसान जीने की चाह रखता है । यह कोई छूत की बीमारी नहीं है जो साथ रहने से फैलने वाली नहीं है। कुछ शुरुआती चिन्ह हैं जो दिखाई देने पर तुरंत सम्बंधित डॉक्टर से संपर्क करे -फोड़े फुंसी होने पर, संक्रमण लम्बे समय तक रहने पर, जुखाम डायरिया लम्बे समय तक रहने पर, टी बी हो जाने पर, कोई भी रोग जल्दी से ठीक नहीं होना लक्षण है।


डा.बिजंवार


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण  1. अंक-211, (वर्ष-11) पंजीकरण:- UPHIN/2014/57254 2. रविवार, मई 19, 2024 3. शक-1945, बैशाख, शुक्ल-पक्ष, तिथि-एकादशी,...