अपराध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अपराध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 21 फ़रवरी 2024

सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज

सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज 

बृजेश केसरवानी 
प्रयागराज। शहर के जार्जटाउन में प्रतापगढ़ निवासी 18 साल की युवती ने नौकरी के बहाने बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज कराया है। आरोप यह भी है कि उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया। फिर सुलह न करने पर वीडियो वायरल करने को धमकाया गया। पुलिस ने दो नामजद समेत पांच पर रिपोर्ट दर्ज की है। युवती मूल रूप से हथिगवा प्रतापगढ़ की रहने वाली है और फाफामऊ बाजार में किराए पर रहकर वहीं एक कपड़े की दुकान पर काम करती थी। वहीं उसकी जान पहचान रामू पटेल निवासी सोहबतियाबाग से हुई। रामू ने उसे ज्यादा सैलरी की नौकरी दिलाने की बात कही और नंबर ले लिया। 10 फरवरी को उसने नौकरी दिलाने की बात कहते हुए उसे सोहबतियाबाग बुलाया। वहां पहुंचने पर एक मकान में ले गया। जहां अमित कुमार व एक अन्य संग मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी दी। इस दौरान अज्ञात मकान मालिक रखवाली करता रहा। पुलिस से शिकायत की बात कहने पर मकान मालिक सहित अन्य सभी ने गालियां व धमकी दी। 15 फरवरी को अज्ञात नंबर से खुद को रामू पटेल का करीबी रत्नाकर दुबे बताते हुए एक व्यक्ति ने सुलह के लिए धमकी दी। यही नहीं रामू व अन्य आरोपियों ने फोन कर यह भी कहा कि उन्हाेंने उसका अश्लील वीडियो बना लिया है। सुलह न करने पर वीडियो वायरल करने को धमकाया। युवती ने मंगलवार को जार्जटाउन थाने में शिकायत की जिस पर केस दर्ज कर लिया गया। एसीपी राजीव कुमार यादव ने बताया कि केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।

मंगलवार, 20 फ़रवरी 2024

सेक्स रैकेट चलाने वाली महिला समेत 7 लोग अरेस्ट

सेक्स रैकेट चलाने वाली महिला समेत 7 लोग अरेस्ट 

अश्वनी उपाध्याय 
गाजियाबाद। गाजियाबाद के थाना शालीमार गार्डन इलाके में पुलिस ने सेक्स रैकेट चलाने वाली एक विदेशी महिला समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनमें तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। पुलिस को यहां से एक कजाकिस्तान की महिला भी मिली है। एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में विदेशी महिला सेक्स रैकेट चला रही है। इसके बाद उन्होंने महिला फोर्स और अन्य फोर्स इकट्ठा करके बताए गए फ्लैट पर रेड की। इस दौरान वहां कजाकिस्तान की महिला मारिया मिली। उसके साथ ही अन्य दो महिला पूनम और प्रिया को भी पुलिस ने पकड़ा। उनके साथ चार युवक आमिर, आसिफ, अभिषेक और रोहित भी पकड़े गए। पुलिस का खुफिया विभाग इस मामले की छानबीन कर रहा है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह विदेशी महिला कब से रह रही थी और कितने दिनों से सेक्स रैकेट चला रही थी। उसका वीजा कब तक का है और अगर वह एक्सपायर हो गया है तो कब एक्सपायर हुआ। इन सभी बातों की गहनता से जांच की जा रही है।

सोमवार, 19 फ़रवरी 2024

व्यक्ति ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या की

व्यक्ति ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या की

भानु प्रताप उपाध्याय 
मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी एक व्यक्ति ने घरेलू कलह के चलते फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। व्यक्ति अपने परिवार सहित शाहपुर गांव के निकट एक कृषि फार्म पर रहता था। मौके पर पहुची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों द्वारा कोई कार्यवाही न चाहने पर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ गांव के निकट ही एक कृषि फार्म पर रहता था। रविवार की देर रात को उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसने अपनी पत्नी तथा बच्चो को कमरे में बंद कर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया तथा खुद बरामदे में कुंदे पर रस्सी से फंदा बनाकर फांसी पर झूल गया तथा अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
उसकी पत्नी ने किसी प्रकार शोर मचाकर उधर से गुजरने वाले राहगीरों से कमरे का दरवाजा खुलवाया। उसके शव को फंदे से उतारा। उसकी पत्नी ने इसकी सूचना अन्य परिजनों तथा पुलिस को दी। जिसपर पुलिस मौके पर पहुंची परंतु परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया जिस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। रामराज थाना प्रभारी रामकुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिसपर शव को परिजनों के सुपर्द कर दिया गया है।

रविवार, 11 फ़रवरी 2024

मासूम के साथ दो नाबालिकों ने किया दुष्कर्म

मासूम के साथ दो नाबालिकों ने किया दुष्कर्म 

शैलेंद्र श्रीवास्तव 
गोंडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा 5 साल की एक मासूम बच्ची के साथ उसी के स्कूल के दो लड़कों ने रेप किया। पुलिस ने बताया कि स्कूल परिसर में दोपहर के लंच ब्रेक के दौरान पांच साल की एक लड़की के साथ उसके दो सहपाठियों ने रेप किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में पीड़ित बच्ची के परिजनों द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के बाद 8 और 10 साल की उम्र के आरोपी लड़कों को पकड़ लिया गया है। यह घटना किशोरी धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के मोंटेसरी स्कूल की है।
शुक्रवार को लंच ब्रेक के दौरान उसके स्कूल के दो लड़कों ने उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि घर पहुंचने के बाद लड़की ने अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। उसके परिवार के सदस्यों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और दो नाबालिग लड़कों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि लड़की को शनिवार को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने दावा किया कि आरोपियों ने अश्लील वीडियो देखने के बाद रेप करने की बात स्वीकार की है।

व्यापारी को गोली मारकर खुद को भी गोली मारी

व्यापारी को गोली मारकर खुद को भी गोली मारी

कविता गर्ग 
पुणे। मुंबई के बाद इस बार सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले पुणे एक बार फिर गोलीबारी हुई है। यह घटना पुणे के औंध इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार पुणे में वित्तीय विवाद के चलते यह गोलीबारी हुई है। गोली चलाने वाले आरोपी ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने कहा कि 52 वर्षीय एक व्यक्ति ने शनिवार शाम पुणे शहर में एक होटल के बाहर एक विवाद को लेकर एक आभूषण दुकान के मालिक पर गोली चलाई और उसे घायल कर दिया, इससे पहले कि उसने एक ऑटोरिक्शा में खुद को गोली मार ली। दुकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आत्महत्या करने वाले कारोबारी की पहचान अनिल धमाले (उम्र 52, निवासी बालेवाड़ी) के रूप में हुई है। घायल दुकान मालिक की पहचान आकाश गजानन जाधव (उम्र 39, निवासी बानेर) के रूप में हुई है। बता दें कि दो दिन पहले ही उद्धव ठाकरे गुट के नेता अभिषेक घोसालकर को मौरिस भाई ने गोली मार कर खुद जान दे दी थी। उसके पहले बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ एकनाथ शिंदे गुट के शिवसेना के नेता महेश गायकवाड़ को दिनदहाड़े गोली मार दी थी।

शुक्रवार, 9 फ़रवरी 2024

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी, अरेस्ट

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी, अरेस्ट

इकबाल अंसारी 
मुंबई। एअर इंटेलीजेंस यूनिट (एआईयू) ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी में मदद करनेवाली सफाई कर्मी महिला को गिरफ्तार किया है। वह विदेशों से आनेवाले लोगों से सोने का पाउच लेती थी, उस पाउच को बाथरूम में लेजाकर रखती थी। इसके बाद उस व्यक्ति के बाहर निकलने पर महिला बाहर जाकर तस्करी के जरिये लाया गया सोना का पाउच उसे दे देती थी।
इस प्रक्रिया के लिए उसे एक पाउच बाहर निकालने पर 50 हजार रुपये मिलते थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एआईयू को जानकारी मिली थी कि सफाईकर्मी महिला की मदद से सोने की तस्करी हो रही है। जिसके बाद 7 और 8 जनवरी की रात पुलिस ने जाल बिछाया और महिला सोनाली भालेराव को रंगेहाथ पकड़ लिया।
पुलिस ने पुछताछ की तब उसने बताया कि विदेश से सोने का पाउच लेकर मुंबई पहुंचे दो पैसेंजर का सोना उसके पास मौजूद है जो उसने लेवल 4 पर बने शौचालय में लिया था। एआईयू ने जब पकड़ा तब वह लेवल 3 के शौचालय में पहुंची और सोने का दो पाउच एआईयू की टीम को दिया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक महिला के पास से मिले दोनों पाउच में 24 कैरेट सोना था। जिसकी जांच करवाने पर पता चला। जब्त किए गए सोने की कीमत जिसे तस्करी के जरिये लाया जा रहा था 1 करोड़ 81 लाख 46 हजार 44 रुपये है। अदालत में पेशी के बाद महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एआईआयु मामले की अधिक जांच करने में जुटी हुई है।

गुरुवार, 8 फ़रवरी 2024

10 अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज

10 अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज 

इकबाल अंसारी 
अगरतला। त्रिपुरा पुलिस की अपराध शाखा ने त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन (टीसीए) के पूर्व सचिव सहित निवर्तमान समिति के 10 अधिकारियों के खिलाफ  भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। 
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) पिया माधुरी मजूमदार ने बताया कि क्रिकेट स्टेडियम में फ्लड लाइट लगाने के संबंध में 2022-23 और 2023-24 वित्तीय वर्षों के दौरान टीसीए में भ्रष्टाचार की शिकायतें पिछले साल दर्ज की गई थीं, जिसके बाद समिति को पद छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा और नये सिरे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। प्रथम दृष्टया साक्ष्य के आधार पर उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पर टीसीए फंड के लगभग 10 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है। पुलिस ने कहा कि इस एक परियोजना से टीसीए को सात करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। त्रिपुरा उच्च न्यायालय के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की गई जांच के दौरान कई अन्य वित्तीय अनियमितताओं के मामले भी सामने आए। टीसीए के शीर्ष परिषद का चुनाव 15 फरवरी को होगा। चुनाव में राज्य में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महासचिव अमित रक्षित के नामांकन के बाद एक नया विवाद पैदा हो गया है। श्री रक्षित के चुनाव में भाग लेने पर कार्यकारिणी के सदस्यों ने इस पार्टी के एक व्यक्ति एक पद नियम का उल्लंधन बताया है।

शनिवार, 3 फ़रवरी 2024

फंदे से लटका मिला महिला जज का शव

फंदे से लटका मिला महिला जज का शव

संदीप मिश्र 
बदायूं। शनिवार सुबह सरकारी आवास में महिला जज ज्योत्सना राय का शव फंदे से लटका मिला है। इसकी जानकारी होने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएम-एसएसपी समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए। घटनास्थल पर छानबीन कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसके बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय की जज ज्योत्सना राय शनिवार सुबह न्यायालय नहीं पहुंचीं। उनके आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा नहीं खुला तो उनके कर्मचारियों ने पुलिस और कंपाउंड में रहने वाले अन्य जजों को बताया, जिससे तत्काल सभी लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने धक्का मारकर उनके आवास का दरवाजा खोला। पुलिस अंदर घर में दाखिल हुई। अंदर एक कमरे में पंखे से उनका शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना पर डीएम मनोज कुमार और एसएसपी आलोक प्रियदर्शी समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए हैं। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया गया है। बताया जा रहा है कि ज्योत्सना राय मूल रूप से मऊ जिले की रहने वाली थीं। वह बदायूं में सिविल जज जूनियर डिवीजन की मुंसिफ मजिस्ट्रेट थीं। बदायूं से पहले वह अयोध्या में भी तैनात रह चुकी हैं। सरकारी आवास में महिला जज का शव मिलने से हर कोई स्तब्ध है।

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2024

शादी करने के वादे से मुकर जाना अपराध नहीं

शादी करने के वादे से मुकर जाना अपराध नहीं 

कविता गर्ग 
मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ ने कहा है कि यदि कोई पुरुष अपने परिवार के सहमत नहीं होने के कारण किसी महिला से शादी करने के अपने वादे से मुकर जाता है, तो इसमें बलात्कार का अपराध नहीं बनता है। उच्च न्यायालय ने 31 वर्षीय एक व्यक्ति को उसके खिलाफ दर्ज मामले में बरी करते हुए यह टिप्पणी की। इस व्यक्ति के खिलाफ शादी के बहाने एक महिला से कथित तौर पर बलात्कार करने का मामला दर्ज कराया गया था।
न्यायमूर्ति एम डब्ल्यू चंदवानी की एकल पीठ ने 30 जनवरी को दिए एक आदेश में कहा कि एक व्यक्ति ने केवल शादी के अपने वादे को तोड़ा है और महिला को उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए शादी का झांसा नहीं दिया था। अदालत ने कहा, ‘‘वादा तोड़ने और झूठा वादा पूरा न करने के बीच अंतर है।’’
वर्ष 2019 में 33 वर्षीय महिला ने नागपुर पुलिस के समक्ष दर्ज कराई गई प्राथमिकी में दावा किया था कि वह 2016 से उस व्यक्ति के साथ रिश्ते में थी और उसने शादी का वादा करने के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। जब महिला को पता चला कि उस व्यक्ति की किसी और से सगाई हो गई है तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में आरोपमुक्त करने के अनुरोध संबंधी याचिका में व्यक्ति ने कहा कि उसका महिला से शादी करने का पूरा इरादा था, लेकिन उसने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और उससे कहा कि वह किसी और से शादी करेगी। याचिका में कहा गया कि इस व्यक्ति के परिवार वालों ने भी इस रिश्ते को स्वीकार करने से मना कर दिया था, जिसके बाद वह दूसरी महिला से सगाई करने को तैयार हो गया। इसमें कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने 2021 में किसी अन्य पुरुष से शादी कर ली थी।
अदालत ने कहा कि महिला एक परिपक्व वयस्क हैं और कहा कि उसके द्वारा लगाए गए आरोप इस बात का संकेत नहीं देते कि उस व्यक्ति का उससे शादी करने का वादा झूठा था। अदालत ने कहा कि यह साबित करने के लिए कोई तथ्य नहीं है कि रिश्ते की शुरुआत के बाद से, इस व्यक्ति का महिला से शादी करने का कोई इरादा नहीं था और उसने केवल शारीरिक संबंध बनाने के लिए झूठा वादा किया था।
इसने कहा, ‘‘केवल इसलिए वह शादी करने के अपने वादे से मुकर गया कि उसके माता-पिता उनकी शादी से सहमत नहीं थे, यह नहीं कहा जा सकता कि याचिकाकर्ता ने बलात्कार का अपराध किया है।’

गुरुवार, 1 फ़रवरी 2024

5 लोगों को आजीवन कारावास की सजा, जुर्माना

5 लोगों को आजीवन कारावास की सजा, जुर्माना 

संदीप मिश्र 
बलरामपुर। एक ही परिवार के तीन सदस्यों का मर्डर करते हुए अंजाम दिए गए सामूहिक हत्याकांड में दोषी पाए गए पांच लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। 
अदालत ने दोषी पाए गए पांचो लोगों पर जुर्माना भी सुनाया है। बृहस्पतिवार को शासकीय अधिवक्ता कुलदीप सिंह की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि जनपद के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के अगया बुजुर्ग गांव में वर्ष 2019 की 25 फरवरी की रात को हमलावरों ने घर में घुसते हुए जगराम और उसकी बेटी लाली तथा बेटे राजू की धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी थी। 
हमले की इस वारदात में जगराम की बहू निर्मला को भी हमलावरों द्वारा धारदार हथियारों से प्रहार कर जख्मी कर दिया गया था। उन्होंने बताया है कि जिला न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद दोषी पाए गए सद्दाम, शमसुद्दीन, मोहुरुद्दीन, मोहम्मद कलाम एवं गोली बंजारा को दोषी करार देते हुए इन सभी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। शासकीय अधिवक्ता ने बताया है कि अदालत की ओर से दोषी पाए गए सभी पांच लोगों पर ढाई ढाई लाख रुपए का जुर्माना करते हुए इन्हें अर्थदंड से भी दंडित किया गया है।

बुधवार, 31 जनवरी 2024

जमीन घोटाले में सीएम को गिरफ्तार किया: ईडी

जमीन घोटाले में सीएम को गिरफ्तार किया: ईडी

इकबाल अंसारी 
रांची। जमीन घोटाले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। यह खबर सूत्रों से आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। महागठबंधन के विधायक राज्यपाल से मिलने तीन ट्रैवलर से निकल गए हैं। देश की पहली घटना कि मुख्यमंत्री निवास से मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया है। ऐसा अधिकांश विदेशों में देखा गया है जिसमें मुख्यमंत्री को चलते मीटिंग से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा दे दिया है।
विधायक राजभवन में परेड करेंगे। ऐसे में विधायक सीएम सोरेन का इस्तीफा राज्यपाल को देकर नए मुख्यमंत्री के लिए कल्पना सोरेन या चंपई सोरेन का नाम बढ़ा सकते हैं। 7 अधिकारियों की टीम दोपहर 1:15 बजे सीएम हाउस में है।
इससे पहले 20 जनवरी को ED ने साढ़े सात घंटे पूछताछ की थी। सीएम आवास डीजीपी और मुख्य सचिव पहुंचे हैं। बताया जाता है कि सीएम हेमंत सोरेन को ED गिरफ्तार कर सकती है। सीएम की कारकेड की गाड़ियां भी बाहर निकली हैं, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं थे। पूछताछ को लेकर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। साथ ही ED ऑफिस, राजभवन और CM आवास के आसपास धारा 144 अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दी गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं।
रांची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के परिसर से मिनी बसें निकली। विधायकों से भरी बसें राजभवन पहुंच चुकी है। कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए ED अधिकारियों की एक टीम सीएम सोरेन के आवास पर है।

सोमवार, 29 जनवरी 2024

किसान की हत्या, 4 दोषियों को आजीवन कारावास

किसान की हत्या, 4 दोषियों को आजीवन कारावास 

भानु प्रताप उपाध्याय 
मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के नंगला मुबारिक गांव के जंगल में 13 साल पहले किसान की हत्या के मामलें में चार दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। अपर सत्र न्यायालय संख्या-10 की पीठासीन अधिकारी हेमलता त्यागी ने फैसला सुनाया। जानसठ क्षेत्र के कवाल गांव निवासी अहसान अपने चचेरे भाई अनवार के साथ सिखेड़ा क्षेत्र के नंगला मुबारिक गांव के जंगल में स्थित खेतों में आठ दिसंबर 2011 की रात पानी चलाने गया था। बदमाशों ने गोली मारकर अहसान की हत्या कर दी और फरार हो गए। अनवार ने किसी तरह जान बचाकर परिजनों को जानकारी दी।
मृतक के चाचा वादी लतीफ ने हत्या का अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच के बाद रंजिश के चलते हत्या किए जाने का खुलासा किया था। आरोपी जानसठ के कवाल निवासी वसीम उर्फ अड़वानी, पप्पू, रतनपुरी के नंगला भनवाड़ा निवासी नौशाद और शौकीन के खिलाफ अलग-अलग आरोप पत्र दाखिल किए। प्रकरण की सुनवाई अपर सत्र न्यायालय संख्या-10 में हुई। अदालत में चारों आरोपियों पर दोष सिद्ध हुआ।
बता दें कि दोषियों को हत्या में आजीवन कारावास और 20-20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई, जबकि दोषी वसीम उर्फ अड़वानी को आर्म्स एक्ट में तीन साल की सजा सुनाई गई है।

रविवार, 21 जनवरी 2024

पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गैंग का खुलासा किया

पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गैंग का खुलासा किया

भानु प्रताप उपाध्याय 
मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गैंग का खुलासा किया है। जिनके कब्जे से लाखों रुपए का माल बरामद किया गया है। पुलिस ने होटलों पर खड़े ट्रकों से माल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय पांच चोर गिरफ्तार किए है। जिनका सरगना अभी पुलिस की पहुंच से बाहर चल रहा है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना नई मंडी पुलिस द्वारा सड़क पर खड़े माल वाहक वाहनों से सामान चोरी करने वाले अंअंतरराज्यीय चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच चोरों को गिरफ्तार किया है उन्होंने बताया कि उनके कब्जे से चुराया गया लगभग 16 लाख रुपए कीमत का सामान व कैंटर गाड़ी बरामद हुई है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि जब हाईवे पर ज्यादा कोहरा होता है तभी यह चोरी की घटना को अंजाम देते हैं और माल वाहन ट्रक से कुछ सामान चोरी कर लेते हैं। और उसे मार्केट में बेच देते हैं। दौरान थाना नहीं मंडी पुलिस ने भगवान दास पुत्र भरत, केशव पुत्र रामकरन, रोहित पुत्र सतपाल, परवेज पुत्र शौकीन, और दीपक पुत्र टीटू को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो अभियुक्त मेरठ के हैं। जबकि तीन चोर हरियाणा के सोनीपत जनपद के वासी है। इनका सरगना विजय शर्मा अभी फरार चल रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने 99 पेटी च्यवनप्राश, 9 पेटी पतंजलि हनी, आठ डिब्बे कैल्शियटस कैप्सूल, 5100 नगद और एक कैंटर गाड़ी बरामद की है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि चोरों के पास से बरामद किया गए। माल की कीमत 18-20 लाख रु है।

बुधवार, 17 जनवरी 2024

पति को आजीवन कारावास, अर्थदंड की सजा

पति को आजीवन कारावास, अर्थदंड की सजा

संदीप मिश्र 
आजमगढ़। घरेलू कलह में पत्नी की हत्या किए जाने के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने आरोपी पति को आजीवन कारावास तथा बीस हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर 6 रामानंद ने बुधवार को सुनाया। अभियोजन कहानी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के रोशनगंज निवासी बेचन यादव का अपनी पत्नी लालमती के साथ अक्सर वाद विवाद होता रहता था। इसी वाद विवाद में दो फरवरी 2015 को दिन में लगभग डेढ़ बजे बेचन यादव ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर खुरपे से कई बार हमला कर दिया। जिससे लालमती की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस मामले में मृतका लालमति के भाई लालमन यादव ने रौनापार थाने में मृतका के पति बेचन यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद आरोपी के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत किया। अभियोजन पक्ष की तरफ से सहायक शासकीय अधिवक्ता श्रीश कुमार चौहान ने माधुरी, लालमन , प्रियंका, कालीचरन तथा डॉक्टर जावेद कुमार को बतौर गवाह न्यायालय में परीक्षित कराया। दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी पति बेचन यादव को आजीवन कारावास तथा बीस हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई।

मंगलवार, 16 जनवरी 2024

दरोगा को दस हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा

दरोगा को दस हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा 

भानु प्रताप उपाध्याय 
मुजफ्फरनगर। एंटी करप्शन सहारनपुर की टीम ने भोपा थाने में तैनात दरोगा को दस हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। फिलहाल आरोपी दरोगा से पूछताछ की जा रही है। भोपा क्षेत्र निवासी हिमांशु ने टीम से दरोगा की शिकायत कर कहा था कि वह एक मुकदमे में धारा हल्की करने के नाम पर दस हजार रुपये मांग रहा है।
इस शिकायत पर मंगलवार को एंटी करप्शन सहारनपुर की टीम ने कार्रवाई कर हिमांशु की मदद से आरोपी दरोगा को रुपये बरामद कर रंगे हाथ पकड लिया। टीम प्रभारी सुभाष चंद्र का कहना है कि फिलहाल आरोपी दरोगा से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

प्रधान ने दरोगा को कहा दीवान, पंचायत में अभद्रता

प्रधान ने दरोगा को कहा दीवान, पंचायत में अभद्रता

मोमीन अहमद 
बागपत। मुकारी और दत्तनगर गांव के ग्रामीणों में जंगल में बने देवता को लेकर विवाद चल रहा है, जिसको लेकर शनिवार शाम दत्तनगर गांव में दोनों गांवों के ग्रामीणों की पंचायत चल रही थी। पूर्व प्रधान मलखान ने आरोप लगाया कि पंचायत में एक दरोगा और एक सिपाही पहुंचे। पूर्व प्रधान ने बताया कि गलती से उसने दरोगा को दीवान जी कह दिया। आरोप लगाया कि दीवान जी कहने पर दरोगा भड़क गये, जिन्होंने उसके साथ पंचायत में अभद्रता की और जबरदस्ती पुलिस की गाड़ी में बैठा लिया, जिसको लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। उसके बाद ही उसे गाड़ी से उतारकर छोड़ा गया।
पूर्व प्रधान ने एसपी समेत अन्य अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी। इस मामले में थाना प्रभारी साक्षी सिंह का कहना है कि मारपीट और रुपये छीनने का आरोप गलत है। विवाद को निपटाने के लिए पुलिस टीम गई थी। उन पर लगाये गये आरोप गलत है।

शादीशुदा ने विदेशी महिला को प्यार में फंसाकर ठगा

शादीशुदा ने विदेशी महिला को प्यार में फंसाकर ठगा  

अविनाश श्रीवास्तव
मधुबनी। बांग्लादेश की एक महिला रुखसाना बिहार के मधुबनी में धक्के खा रही है। वह यहां अपने प्रेमी की तलाश में पहुंची है। उस प्रेमी की जिसके लिए उसने अपने पति, अपनी नौकरी और अपना वतन छोड़ दिया और उसके साथ आकर दिल्ली में रहने लगी। इस दौरान मुस्तकीम ने उससे बहन की शादी के नाम पर पांच लाख रुपए लिए। इसके बाद अब वह उसे पहचानें से इंकार कर रहा है। बांग्लादेश की रहने वाली महिला ने बताया कि मधुबनी जिले के जयनगर थाना के परसा गांव के रहने वाले मो. जाकिर शेख के बेटे मुस्तकीम से उसकी मुलाकात जार्डन में हुई।
दोनों वहां एक साथ काम करते थे। दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा तो मुस्तकीम ने रुखसाना से शादी करने की बात कही। तब महिला ने अपने पति से तलाक ले लिया। इसके बाद दोनों भारत चले आए और दिल्ली में साथ रहने लगे। इस दौरान मुस्तकीम ने अपनी बहन की शादी की बात कहकर रुखसाना से पांच लाख रुपए लिए। महिला ने उसे सोने के चैन और दूसरी चीजें भी दी।
पैसे लेने के बाद मुस्तकीम अब महिला से शादी से इंकार कर रहा। युवक पहले से शादीशुदा है लेकिन ये बात उसने रुखसाना को नहीं बताई थी। महिला जब उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंची तो उसे ये जानकारी हुई। महिला मुस्तकीम के गांव पुलिस के साथ पहुंची थी। उसने थाने में उसके खिलाफ शादी से मुकरने और पांच लाख रुपए ठगने की शिकायत की है।

शनिवार, 13 जनवरी 2024

2 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई

2 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई 

भानु प्रताप उपाध्याय 
सहारनपुर। गैर इरादतन हत्या के मामले में अदालत ने दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इन पर 75-75 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
सहायक शासकीय अधिवक्ता राजबीर सिंह ने बताया की ग्राम खंडवा कोतवाली नकुड़ निवासी सचिन पुत्र यशपाल का नयागांव निवासी सचिन पुत्र भोपाल के साथ विवाद हुआ था। नौ फरवरी 2022 को सचिन पुत्र यशपाल अपने रिश्तेदार नवीन, मेनपाल और नीरज के साथ दो बाइक से बुआ के घर जा रहे थे। रास्ते में ग्राम अध्याना के मोड़ के पास सचिन पुत्र भोपाल ने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया था।
इसमें सचिन, नवीन, मेनपाल और नीरज को गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान सचिन पुत्र यशपाल की मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच के बाद अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। मामला अपर सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या आठ महेश कुमार की अदालत में विचाराधीन था। अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर नया गांव निवासी सचिन पुत्र भोपाल और उसके साथी पंकज को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 75-75 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

शनिवार, 30 दिसंबर 2023

भाजपा नेता ने नाबालिक से किया दुष्कर्म, अरेस्ट

भाजपा नेता ने नाबालिक से किया दुष्कर्म, अरेस्ट 
श्रीराम मौर्य 
चंपावत। जनपद में एक महिला ने एक भाजपा नेता पर अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। चंपावत कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है। आरोपित नगर मंडल स्तर का नेता बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं। आरोप है कि आरोपित लंबे समय से पीड़िता को अपनी हवस का शिकार बना रहा था। इससे परेशान होकर नाबालिग ने परिजनों को घटना के बारे में बताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला ने चंपावत कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर कहा है कि उसके गांव का ही निवासी आरोपित भाजपा नेता अप्रैल माह से उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। नाबालिग ने इससे परेशान होकर घटना के बारे में परिजनों को बताया। जिसके बाद महिला ने कोतवाली पहुंचकर आरोपित के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले में चंपावत कोतवाली के प्रभारी योगेश उपाध्याय का कहना है कि पीड़िता की मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 506 और 363 के अलावा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और मामले की जांच महिला सब इंस्पेक्टर को दी गई है। जांच पड़ताल में पता चला कि आरोपित भाजपा नेता पर पूर्व में भी किसी के साथ मारपीट का मामला दर्ज है।

लड़की ने किया इंकार तो मौत के घाट उतारा

लड़की ने किया इंकार तो मौत के घाट उतारा
अमित शर्मा 
जालंधर। जनपद के भोगपुर में दिन दिहाड़े लड़की की तेजधार हथियारों से हत्या की गई है।  पुलिस ने मृतका की माता सीता देवी की शिकायत पर गांव राओवाली निवासी आरोपी यश को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी विजय कंवरपाल ने बताया कि युवती की माता सीता देवी की शिकायत पर कार्रवाई हुई है।
मृतका की मां सीतादेवी ने बताया कि राओवाली निवासी यश उनकी बेटी सलोनी से दोस्ती करना चाहता था लेकिन उनकी बेटी ने मना कर दिया था। वह घर से एक दुकान पर सामान लेने जा रही थी। तभी यश ने उनकी बेटी को रोककर अपने साथ खेत में ले गया। यश ने वहां पर तेजधार हथियार से सलोनी की हत्या कर दी। मां की शिकायत पर थाना भोगपुर की पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर यश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से हत्या में इस्तेमाल तेजधार हथियार भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से यश की खून से लथपथ जैकेट भी बरामद की है।

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट पंकज कपूर  देहरादून। हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 25 मई को खोले जाएंगे। इसके चलते राज्य सरका...