गुरुवार, 16 सितंबर 2021

हाईकोर्ट ने आखिरी बार विसर्जन की अनुमति दीं

अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने तेलंगाना प्राधिकारियों को हैदराबाद की हुसैन सागर झील में प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी भगवान ‘गणेश की प्रतिमाओं’ के ”आखिरी बार” विसर्जन की बृहस्पतिवार को अनुमति दे दी। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण, न्यायमूर्ति सूर्यकांत तथा न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने कहा कि हैदराबाद शहर में यह बार-बार आने वाली समस्या है और कई निर्देश देने के बावजूद राज्य सरकार ने वहां मूर्तियों के विसर्जन पर रोक तथा प्रदूषण पर लगाम लगाने के तेलंगाना उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं किया। 
न्यायालय ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की दलीलों पर विचार के बाद यह आदेश दिया। मेहता ने कहा कि झील में प्रदूषण कम करने के लिए कदम उठाए गए हैं और विसर्जन के तुरंत बाद प्रतिमाओं को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया जाएगा और उन्हें ठोस अपशिष्ट निस्तारण स्थलों पर ले जाया जाएगा।
उच्चतम न्यायालय ने बहरहाल यह भी कहा कि लोगों का अनुशासन और सहयोग भी महत्वपूर्ण है। मेहता ने पीठ को आश्वस्त किया कि अगले साल तक निर्देशों को पूरी तरह लागू किया जाएगा और इस साल व्यवस्था करने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम क
करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
पीठ ने कहा, ”श्रीमान मेहता आप यह नहीं जानते कि झील की सफाई में काफी पैसा खर्च किया गया है। हर साल अगर आप विसर्जन करने देंगे तो फिर सौंदर्यीकरण या पैसा खर्च करने का क्या तुक है। यह बर्बादी है। आपको कदम उठाने चाहिए। आप आखिरी क्षण में आ रहे हैं।”
तेलंगाना उच्च न्यायालय ने 13 सितंबर को हुसैन सागर झील तथा शहर में ऐसे अन्य जलाशयों में प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन पर रोक लगाने के अपने आदेश में सुधार करने से इनकार कर दिया था। वृहद हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) ने आदेश में सुधार का अनुरोध करते हुए याचिका दायर की थी।

क्विजबी ने कनोडिया ग्रुप से अघोषित फंड जुटाये

अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। रियल-मनी गेमिंग एप्लीकेशन लॉन्च करने वाले ऑनलाइन गेमिंग स्टार्टअप क्विजबी ने कनोडिया ग्रुप से अघोषित फंड जुटाये हैं। क्विजबी ने घोषणा की है कि उसने कनोडिया ग्रुप के नेतृत्व में प्री-सीड फंडिंग के माध्यम से पूंजी जुटाई है। हालांकि अभी यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई कि इस तरीके से कितनी फंडिंग का इंतजाम किया गया है। कनोडिया ग्रुप पिछले 30 वर्षों से सीमेंट उद्योग में काम कर रहा है।
कनोडिया ग्रुप ने हमेशा क्विजबी जैसे नए और अनूठे स्टार्टअप का समर्थन किया है। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि इस फंड का इस्तेमाल यूजर के अनुकूल बेहतर अनुभव के लिए और एजुकेशन गेमिंग प्लेटफॉर्म- क्विजबी के समग्र विकास एवं विपणन में तकनीकी प्रगति के लिए किया जाएगा। उसका लक्ष्य आने वाले वर्ष में 10 लाख से अधिक डेली एक्टिव यूजर बेस के साथ एक करोड़ यूजर तक पहुंचना है।
मिलेगा नॉलेज-बेस्ड गेमिंग एक्सपेरिएंस
यह खास तौर पर उन लोगों के लिए है, जिन्हें क्विजिंग गेम्स बहुत पसंद है। क्विजबी का फोकस कंपेटिटिव मल्टीप्लेयर गेमिंग एक्सपेरिएंस पर है। साथ ही यह स्टार्टअप नॉलेज-बेस्ड गेमिंग एक्सपीरिएंस को मिशन बनाकर चल रहा है। इसके तहत यूजर को नॉलेज के आधार पर पुरस्कार भी दिए जाते हैं।
जीत सकते हैं पुरस्कार
यह प्लेटफॉर्म यूजर को अन्य खिलाड़ियों के साथ लाइव कंपीट करने की सुविधा देता है। क्विजबी एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां लोग शैक्षणिक विषयों, खेल और यहां तक कि सिनेमा जगत से संबंधित ज्ञान का इस्तेमाल मनोरंजन और पुरस्कार जीतने के लिए कर सकते हैं।
इंटेलिजेंस गेम प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अमित खेतान ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि शैक्षणिक क्षेत्र में बहुत कम रियल मनी गेमिंग एप्लीकेशन हैं। हम यह खाली स्थान भरने का इरादा रखते हैं, और हमारा लक्ष्य एक ऐसी गेम बनाने का है जो आकस्मिक और गंभीर गेमर्स, दोनों को बेहतर बनाता है और उनका ज्ञान भी बढ़ाता है। इस तरह क्विजबी ने अन्य ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर स्पष्ट बढ़त बना ली है।

27वें मिनट में कप्तान हैंस वानाकेन ने गोल किया

पेरिस। लियोनेल मेस्सी , काइलियान एमबाप्पे और नेमार जैसे सितारों से सजी होने के बावजूद पेरिस सेंट जर्मेन जीत दर्ज नहीं कर सकी और चैम्पियंस लीग फुटबॉल के मैच में उसे बेल्जियम के क्लब ब्रजे ने ड्रॉ पर रोक दिया। पीएसजी के लिये मिडफील्डर एंडेर हेरारा ने गोल दागा। जबकि बेल्जियम के क्लब के लिये 27वें मिनट में कप्तान हैंस वानाकेन ने गोल किया।
पहले हाफ में मेस्सी का शॉट क्रॉसबार से टकरा गया और उन्हें बाद में पीला कार्ड भी मिला। वहीं एमबाप्पे बायें टखने में चोट के शिकार हो गए। मेस्सी पिछले महीने ही बार्सीलोना छोड़कर पीएसजी से जुड़े हैं। पहली बार वे एमबाप्पे और नेमार के साथ इस क्लब के लिये खेल रहे थे।
अन्य मैचों में सेबेस्टियन हालेर के चार गोल की मदद से अजाक्स ने स्पोर्टिंग लिसबन को 5 . 1 से हराया । वहीं मैनचेस्टर सिटी ने लेइपजिग को 6 . 3 से शिकस्त दी । लिवरपूल ने एसी मिलान को 3 . 2 से हराया जो सात सत्र बाद टूर्नामेंट में वापसी कर रही थी। रीयाल मैड्रिड ने इंटर मिलान को एक गोल से मात दी जबकि एटलेटिको मैड्रिड ने पोर्तो से गोलरहित ड्रॉ खेला ।

खेल: पैट्रियट्स ने हीरो कैरेबियाई लीग खिताब जीता

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। मेजबान सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने आखिरी गेंद पर सेंट लूसिया किंग्स को तीन विकेट से हराकर पहली बार हीरो कैरेबियाई लीग खिताब जीत लिया। सेंट लूसिया किंग्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। लगातार विकेट गंवाने के बावजूद उसने सात विकेट पर 159 रन बनाये जिसमें रोस्टन चेस और रहकीम कॉर्नवाल ने 43 . 43 रन का योगदान दिया।
कीमो पॉल ने 21 गेंद में 39 रन बनाये और एक ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में पैट्रियट्स की जीत के नायक डोमिनिक ड्रेक्स रहे जिन्होंने 24 गेंद में 48 रन बनाये। किंग्स की शुरूआत अच्छी रही और खतरनाक क्रिस गेल को चेस ने जल्दी आउट कर दिया। इसके बाद एविन लुईस भी टिक नहीं सके। कप्तान ड्वेन ब्रावो के आउट होने के समय स्कोर पांच विकेट पर 95 रन था। इसके बाद ड्रेक्स ने अपना सर्वोच्च स्कोर बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

2021 में मजबूत सुधार के लिए तैयार है अर्थव्यवस्था

अकांशु उपाध्याय    
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2021 में 7.2 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। लेकिन अगले साल वृद्धि में कमी आ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक कोविड-19 महामारी के प्रकोप और निजी खपत पर खाद्य मुद्रास्फीति के नकारात्मक असर के चलते देश में पुनरुद्धार की प्रक्रिया बाधित हो सकती है।
अंकटाड व्यापार और विकास रिपोर्ट 2021 में सतर्कता के साथ उम्मीद जताई गई कि वैश्विक अर्थव्यवस्था 2021 में एक मजबूत सुधार के लिए तैयार है। हालांकि क्षेत्रीय और देशों के आधार पर कुछ अनिश्चितता बनी हुई है। यह रिपोर्ट बुधवार को संयुक्त राष्ट्र में जारी की गई। व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (अंकटाड) ने 2020 में 3.5 प्रतिशत की गिरावट के बाद उम्मीद जताई है कि इस साल वैश्विक उत्पादन में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने 2020 में सात प्रतिशत का संकुचन झेला और 2021 में इसके 7.2 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। अंकटाड की रिपोर्ट में कहा गया, ”भारत में पुनरुद्धार कोविड-19 के प्रकोप और निजी खपत पर खाद्य मुद्रास्फीति के नकारात्मक प्रभाव से बाधित हुआ है।” रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि भारत 2022 में 6.7 प्रतिशत की दर से आर्थिक वृद्धि दर्ज करेगा, जो 2021 की अपेक्षित विकास दर से धीमी है।
रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में 6.7 फीसदी की धीमी वृद्धि दर के बावजूद भारत अगले साल दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। अंकटाड की रिपोर्ट के मुताबिक चीन इस साल 8.3 प्रतिशत की दर से बढ़ सकता है, जबकि 2022 में उसकी वृद्धि दर धीमी होकर 5.7 प्रतिशत पर आ जाएगी।

संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,33,47,325 हुईं

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 30,570 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,33,47,325 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 3,42,923 रह गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 431 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,43,928 हो गई। 
वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 3,42,923 हुई, जो कुल मामलों का 1.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 8,164 कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.64 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 54,77,01,729 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 15,79,761 नमूनों की जांच बुधवार को की गई।
दैनिक संक्रमण दर 1.94 प्रतिशत है, जो पिछले 17 दिन से तीन प्रतिशत से कम बनी है। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 1.93 प्रतिशत है, जो पिछले 83 दिन से तीन प्रतिशत से कम है। देश में अभी तक कुल 3,25,60,474, लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 76.57 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

मुंबई: 58,875.78 के उच्च स्तर पर पहुंचा सेंसेक्स

कविता गर्ग          
मुंबई। भारती एयरटेल, टाटा स्टील और एचसीएल टेक जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 150 अंक से अधिक चढ़कर 58,875.78 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह व्यापक एनएसई निफ्टी भी शुरुआती सत्र में 50 अंक से अधिक बढ़कर नए शिखर पर पहुंच गया।
इस दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 152.58 अंक या 0.26 प्रतिशत बढ़कर 58,875.78 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50.30 अंक या 0.29 फीसदी की तेजी के साथ 17,569.75 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक तीन प्रतिशत की बढ़त इंडसइंड बैंक में हुई।
इसके अलावा टाटा स्टील, आईटीसी, एचसीएल टेक, एसबीआई, बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक और भारती एयरटेल भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर एचयूएल, टाइटन, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी में गिरावट हुई। पिछले सत्र में 30 शेयरों वाला सूचकांक 476.11 अंक या 0.82 प्रतिशत बढ़कर 58,723.20 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 139.45 अंक या 0.80 प्रतिशत चढ़कर 17,519.45 पर बंद हुआ।
अन्य एशियाई बाजारों में तोक्यो, शंघाई, सोल और हांगकांग दोपहर के कारोबार के दौरान लाल निशान में थे। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को सकल आधार पर 232.84 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.48 प्रतिशत बढ़कर 75.82 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...