बुधवार, 18 अगस्त 2021

जन्माष्टमी पर्व: मांस के विक्रय पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

दुष्यंत टीकम               
रायपुर। नगर निगम रायपुर के सम्पूर्ण परिक्षेत्र में 30 अगस्त सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर मांस-मटन के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरण एवं नगरीय विकास विभाग के आदेश के परिपालन में नगर निगम रायपुर के स्वास्थ्य अधिकारी विजय पांडेय ने भी आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के मुताबिक 30 अगस्त सोमवार को पशुवध गृह और समस्त मांस-मटन विक्रय दुकानों को बंद रखने कहा गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी पांडेय ने कहा है कि किसी भी दुकान में मांस विक्रय करते पकड़े जाने पर मांस जब्त किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ यथोचित कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम रायपुर के समस्त जोन स्वास्थ्य अधिकारी/समस्त जोन स्वच्छता निरीक्षक मांस विक्रय पर प्रतिबंध के आदेश का पालन करवाएंगे। अपने संबंधित जोन क्षेत्रों में लगातार पर्यवेक्षण करेंगे।

पेगासस जासूसी मामले में केंद्र को नोटिस: चिंदबरम

अकांशु उपाध्याय              
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने उच्चतम न्यायालय की ओर से कथित पेगासस जासूसी मामले में केंद्र को नोटिस जारी किये जाने की पृष्ठभूमि में बुधवार को दावा किया कि सॉलिसिटर जनरल का सर्वोच्च अदालत के समक्ष यह कहना पेगासस के उपयोग की स्वीकारोक्ति है कि इस स्पाईवेयर के बारे में सरकार के पास सूचना है। जिसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
पूर्व गृह मंत्री ने यह सवाल भी किया कि आखिर पेगासस का उपयोग किस मकसद से किया गया? उन्होंने ट्वीट किया, ”सॉलिसिटर जनरल ने उच्चतम न्यायालय को सूचित कि सरकार के पास सूचना है जिसे हलफनामे के जरिये सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। यह इस बात की स्वीकारोक्ति है कि इस सॉफ्टवेयर-स्पाईवेयर का उपयोग किया गया। यह किसके लिए इस्तेमाल हुआ, हम यह नहीं जानते।”
चिदंबरम ने कहा, ”हम यह जरूर जानते हैं कि एक स्पाईवेयर का उपयोग किया गया जिससे पेगासस कहते हैं। इसके इस्तेमाल का मकसद क्या था? अगर सरकार इस सवाल का जवाब दे तो शेष सवालों के जवाब अपने आप मिल जाएंगे।
चिदंबरम ने एक अन्य ट्वीट में कहा ”एनएसओ समूह (इजरायली कंपनी) ने स्वीकार किया और कहा कि पेगासस स्पाईवेयर है। जिसका उपयोग फोन हैक करने में होता है। सरकार इस सवाल का जवाब देने की इच्छुक क्यों नहीं है कि क्या किसी एजेंसी ने पेगासस स्पाईवेयर खरीदा और इसका इस्तेमाल किया? हम इसका सीधा जवाब चाहते हैं।

यूके: ट्रेन से कटकर दो हाथियों की दर्दनाक मौंत हुईं

पंकज कपूर                    
हल्द्वानी। लालकुआं से रामनगर जा रही आगरा फोर्ट ट्रेन से कटकर दो हाथियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार आज सुबह तराई पूवी वन प्रभाग के पीपल पड़ाव रेंज में एक हाथी और उसका बच्चा ट्रेन की चपेट में आ गए। हाथियों की मौत के बाद अन्य हाथी रेलवे ट्रैक पर खड़े हो गए। लोको पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को बैक स्टेशन की ओर ले लिया. वहीं, घटना के बाद से वन विभाग और रेल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। फिलहाल, वन विभाग के कर्मचारियों ने हाथी के झुंड को जंगल की ओर भगा दिया।
बताया जा रहा है कि ट्रेन लालकुआं से रामनगर के लिए रवाना हुई थी और सिडकुल स्टेशन से आगे तराई केंद्रीय वन प्रभाग के पीपल पड़ाव रेंज में दो हाथी ट्रेन की चपेट में आ गए. घटना के बाद से अन्य हाथी उग्र हो गए और रेलवे ट्रैक पर ही खड़े रहे घना जंगल होने के चलते रेलवे प्रशासन और वन विभाग हाथियों को रेलवे ट्रैक से हटाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
मुख्य वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त राहुल सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम द्वारा हाथियों के झुंड को जंगल की ओर भगा दिया गया है। ट्रेन की चपेट में आकर हाथी और उसके एक बच्चे की मौत हुई है। उन्होनें बताया डॉक्टरों की टीम द्वारा मृत हाथियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,22,85,857 हुईं

अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के 35,178 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,22,85,857 हो गई। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की दर 97.52 प्रतिशत दर्ज की गई, जो मार्च 2020 के बाद सबसे अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली। बुधवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण से 440 मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,32,519 हो गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 3,67,415 रह गई है। जो 148 दिनों में सबसे कम है। यह संक्रमण के कुल मामलों का 1.14 प्रतिशत है।
जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम है। पिछले 24 घंटे की अवधि में इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या में 2,431 की कमी आई। मंगलवार को कोविड-19 के लिये 17,97,559 नमूनों की जांच की गई, जिसके बाद देश में कुल जांच की संख्या बढ़कर 49,84,27,083 हो गई। दैनिक संक्रमण दर 1.96 प्रतिशत दर्ज की गई। पिछले 23 दिनों से यह तीन फ़ीसदी से नीचे रही है।स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक साप्ताहिक संक्रमण दर 1.95 प्रतिशत दर्ज की गई। पिछले 54 दिनों से यह तीन फीसदी से नीचे रही है। आंकड़ों के अनुसार, बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,14,85,923 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 टीकों की कुल 56.06 करोड़ खुराक दी गई हैं।
भारत में कोविड-19 मामलों का आंकड़ा सात अगस्त, 2020 को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख को पार कर गया था। यह 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख को पार कर गया था। इसने 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार किया था। देश में संक्रमण की संख्या चार मई को दो करोड़ और 23 जून को तीन करोड़ के आंकड़े को पार कर गई थी।

तालिबान का ऐलान, महिला एंकर न्यूज नहीं पढ़ेंगी

काबुल। तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद एलान किया है की महिला न्यूज एंकर न्यूज नहीं पढ़ेंगी। यहां तक की सरकारी न्यूज चैनल की महिला न्यूज एंकर को नौकरी से हटा दिया है। अफगानिस्तान में अब केवल तालिबानी एंकर ही टीवी पर न्यूज पढ़ेंगे। तालिबान पहले ही कहा था कि महिलाओं के हितों की रक्षा होगी लेकिन अब पलटी मारते हुए तालिबान कह रहा है कि सिर्फ शरीयत कानून के तहत ही महिलाओं को काम करने की इजाजत होगी।

कैटरीना कैफ ने ठग्स ऑफ हिंदोस्तान में काम किया

कविता गर्ग                       
मुंबई। बॉलीवुड के जानेमाने निर्देशक आर.बाल्की महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेत्री कैटरीना कैफ को लेकर फिल्म बनाने जा रहे हैं। कैटरीना कैफ ने अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म बूम, सरकार और ठग्स ऑफ हिंदोस्तान में काम किया है।
कैटरीना एक बार फिर अमिताभ के साथ काम करती नजर आ सकती है। चर्चा है कि आर.बाल्की की आने वाली फिल्म के लिए कैटरीना कैफ को साइन कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि कैटरीना कैफ के साथ इस फिल्म में अमिताभ बच्चन भी साथ नजर आने वाले हैं। कहा जा रहा है यह फिल्म महिला प्रधान होगी।
आर. बाल्की और अमिताभ रिश्ते काफी अच्छे हैं और दोनों ने कई फिल्में साथ में की हैं। आर:बाल्की और अमिताभ बच्चन ने चीनी कम, पा और शमिताभ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।

250 अंक से बढ़कर 56,000 के पार गया सेंसेक्स

कविता गर्ग               
मुंबई। एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 250 अंक से अधिक बढ़कर पहली बार 56,000 के पार चला गया।
इस दौरान 30 शेयरों वाला सूचकांक 252.54 अंक या 0.40 प्रतिशत बढ़कर 56,044.81 के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 66.75 अंक या 0.40 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 16,681.35 पर था।
सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी एचडीएफसी बैंक में हुई। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, एलएंडटी, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी भी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, बजाज ऑटो और इंफोसिस में गिरावट देखने को मिली।
पिछले सत्र में सेंसेक्स 209.69 अंक या 0.38 प्रतिशत बढ़कर 55,792.27 पर, और निफ्टी 51.55 अंक या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 16,614.60 पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को सकल आधार पर 343.73 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
अन्य एशिया बाजारों में शंघाई, हांगकांग, तोक्यो और सोल के शेयर मध्य सत्र में लाभ के साथ कारोबार कर रहे थे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.25 फीसदी बढ़कर 69.20 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

गिरावट: 20 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ 'डीजल'

अकांशु उपाध्याय                             
नई दिल्ली। अंतर्रष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में जारी गिरावट के कारण आज चार महीने बाद देश में डीज़ल 20 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया। जबकि पेट्रोल की कीमत 31वें दिन स्थिर रही। इससे पहले गत 15 अप्रैल को डीजल के दाम में 14 पैसे प्रति लीटर की कमी हुई थी।
दिल्ली में बुधवार को इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल जहां 101.84 रुपये प्रति लीटर पर टिका रहा, वहीं डीजल 20 पैसे सस्ता होकर 89.67 रुपये प्रति लीटर पर आ गया। तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल 101.84 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रहा जबकि डीजल 20पैसे सस्ता होकर 89.67 रुपये प्रति लीटर पर आ गया।
दुनिया के कई देशों में कोविड-19 के डेल्टा वैरिएंट की वजह से तेल की मांग में सुधार नहीं हो पा रही है। इसलिए कल कारोबार बंद होते समय ब्रेंट क्रूड 0.48 डॉलर प्रति बैरल घट कर 69.03 डॉलर प्रति बैरल पर और अमेरिकी क्रूड 0.70 डॉलर प्रति बैरल कम होकर 66.59 डॉलर पर बंद हुआ। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं।

अमेरिका ने 1000 नागरिकों को अफगान से निकाला

काबुल। अफगानिस्तान में बिगड़ते हालत के बीच अमेरिका ने आज 1000 से अधिक अमेरिकी नागरिकों को वहां से निकाला। यह जानकारी व्हाइट हाउस ने दी है। व्हाइट हाउस ने मंगलवार को कहा कि आज अमेरिकी सैन्य उड़ानों ने लगभग 1100 अमेरिकी नागरिकों, अमेरिका के स्थायी निवासियों और उनके परिवारों को 13 उड़ानों (जिनमें 12 सी-17 उड़ान और एक सी-130 उड़ान शामिल है) से निकाला गया।
हमें उम्मीद है कि वहां से निकाले जाने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया, हमने अब तक अपने कर्मचारियों सहित 3,200 से अधिक लोगों को वहां से (अफगानिस्तान) निकाला है।
वहां से निकाले गए कुल 3,200 लोगों के अलावा, हमने लगभग 2,000 अफगानिस्तान के विशेष अप्रवासियों को अमेरिका में स्थानांतरित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि तालिबान ने गत रविवार को अफगानिस्तान सरकार को पराजित कर सत्ता की बागड़ोर अपने हाथ में ले ली है। वहां के राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़कर चले गए हैं।

कर्नल अजय को सीएम पद का उम्मीदवार बनाया

पंकज कपूर        
देहरादून। हरीश रावत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। हरीश रावत ने कहा है कि अगर मैं केदारनाथ से चुनाव लड़ता तो लोग यह कहते कि मैंने राजनीतिक स्वार्थ के लिए केदारनाथ धाम में काम करवाया है। दरअसल आम आदमी पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल को सीएम पद का उम्मीदवार बनाया है और इसी दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंच से भाषण देते हुए कहा कि कर्नल अजय कोठियाल ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण को लेकर बहुत काम किया है। इसी बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि केदारनाथ में एक व्यक्ति ने काम नहीं बल्कि हजारों व्यक्तियों ने काम किया है और किसी एक व्यक्ति को उस काम का श्रेय देना बिल्कुल उचित नहीं है। हरीश रावत ने कहा कि केदारनाथ धाम में काम को लेकर और उस पर राजनीति करना बेहद निंदनीय है।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-368 (साल-02)
2. ब्रहस्पतिवार, अगस्त 19, 2021
3. शक-1984,सावन, शुक्ल-पक्ष, तिथि-एकादशी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:44, सूर्यास्त 07:10।
5. न्‍यूनतम तापमान -22 डी.सै., अधिकतम-37+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेंगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

मंगलवार, 17 अगस्त 2021

विरोधियों ने अवसरों का लाभ उठाना शुरू किया

वाशिंगटन डीसी। अफगानिस्तान में सुरक्षा बलों की विफलता और तालिबान के सत्ता पर काबिज होने के तुरंत बाद अमेरिका के विरोधियों ने अवसरों का लाभ उठाना शुरू कर दिया। यूएस न्यूज में लिखे एक लेख में पाल डी शिंकमैन ने कहा कि अफगानिस्तान में अफरा-तफरी के बीच चीन, रूस और ईरान ने बिना समय गंवाए अपने हितों को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया।

लेख के अनुसार, रूस ने इसे प्रत्यक्ष तौर से अमेरिका और नाटो से शीत युद्ध के दौर का बदला लेने के अवसर के रूप में देखा। चीन इसे विदेश में अपनी इच्छा को लागू करने की क्षमता के बारे में अमेरिकी विफलता का सबसे बड़ा उदाहरण मानता है। ईरान इसे युद्ध के मैदान में अमेरिकी विफलता मानता है। जिससे लगता है कि क्षेत्र को लेकर उसकी अपनी महत्वाकांक्षा है।

यूएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, चीन पहले ही बोल चुका है कि तालिबान अफगान के लोगों का आदर करता है और वह तालिबान को वैध सरकार के तौर पर मान्यता देगा। बीजिंग से मिली खबरों के अनुसार, चीनी विदेश मंत्री वांग ई ने अफगानिस्तान के मौजूदा हालात पर अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से टेलीफोन पर बातचीत की। चीनी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि दोनों नेताओं की बातचीत एक दिन पहले हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि अफगानिस्तान में स्थिति तेजी से बदल रही है। पूर्ववर्ती सरकार ने बिना संघर्ष किए हथियार डाल दिया और तालिबान विजेता बनकर उभरा।

बीएएमएस व बीयूएमएस की परीक्षाओं का कार्यक्रम

संदीप मिश्र           

बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बीएएमएस और बीयूएमएस की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों की परीक्षाएं 7 सितंबर से शुरू होंगी। परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।

परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद के मुताबिक बीएएमएस तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षा 7 सितंबर से शुरू होकर 14 तक होंगी। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक होगी। इसी तरह से बीएएमएस प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष 2021 की मुख्य व पूरक परीक्षा 9 सितंबर से शुरू होकर 21 को समाप्त होंगी। इनकी भी परीक्षा सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होंगी।

मुठभेड़ में 1 लुटेरे को पुलिस ने दबोचा, कामयाबी

अतुल त्यागी            
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी। एसओजी व गढ़ पुलिस की लुटेरों से मुठभेड़। मुठभेड़ में 1 लुटेरे को पुलिस ने दबोचा। गिरफ्तार लुटेरा गोली लगने से घायल। गिरफ्तार लुटेरा जनपद में हाईवे पर महिलाओं से लूटता था आभूषण। लुटेरे से तमंचा व कारतूस बरामद।
गिरफ्तार लुटेरा नूर मोहम्मद से अपाची बाइक, आभूषण, तमंचा कारतूस बरामद।
एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह व गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने टीम के साथ गिरफ्तार किया।

वैक्सीन हैं कोरोना का सुरक्षा कवच, श्रद्धांजलि दी

हरिओम उपाध्याय         

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना में जान गंवाने वाले दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जब तक दुनिया के विशेषज्ञ इस महामारी का कारगर उपचार लेकर नहीं आते तब तक वैक्सीन ही इसका एक मात्र सुरक्षा कवच है।

शून्य प्रहार में सपा के राम सुन्दर दास निषाद,डा0 दिलीप यादव, संतोष यादव 'सनी' एवं अन्य सदस्यों ने प्रदेश में कोरोना महामारी में आक्सीजन और रेमिडेसिवियर इंजेक्शन की कमी व काला बाजारी तथा कोरोना से मृतकों को मुआवजा दिलाये जाने के संबंध में सूचना दी। इसी विषय से संबन्धित कांग्रेस के दीपक सिंह की नियम-ंउचय111 की सूचना को उक्त सूचना के साथ सम्बद्ध किया गया। सूचना की ग्राह्यता पर सपा के राम सुन्दर दास निषाद, शतरूद्र प्रकाश एवं आनन्द भदौरिया ने विचार व्यक्त किये।

बच्ची के माता-पिता की तस्वीर को मीडिया पर डाला

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांगेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि कुछ दिनों पहले दिल्ली में छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को उन्होंने राजनीतिक रंग देने की कोशिश की और कानून के दायरे से बाहर जाकर बच्ची के माता-पिता की तस्वीर को सोशल मीडिया पर डाला।मंगलवार को यहाँ एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी ने दुष्कर्म पीड़िता की पहचान को उजागर किया। वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं और केवल झूठ फैलाते हैं।उसे देखते हुए ट्विटर को उनका अकाउंट बंद कर देना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "पीड़िता की मां ने खुद बयान देकर कहा है कि हमारे परिवार ने तस्वीर सार्वजनिक करने की कोई हामी नहीं दी है। बच्ची की मां जब मीडिया से बात कर रही थीं, तब भी उन्होंने अपनी पहचान को छिपाया था। राहुल गांधी ने देश से झूठ बोला था कि पीड़िता के परिवार ने उनको स्वीकृति दी थी। कोई भी जिम्मेदार राजनेता ऐसा नहीं कर सकता। दुखद है कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने देश से इतना बड़ा झूठ बोला है।"

उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी ने पीड़िता के परिवार की तस्वीर साझा की, तब ट्विटर ने अपनी नीति के अनुसार कार्रवाई की थी। संबित पात्रा ने आगे कहा कि भाजपा ने नव-नियुक्त और पदोन्नत हुए मंत्रियों के लिए जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की है। लेकिन पश्चिम बंगाल में 30 से अधिक ऐसे भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया जो जन-आशीर्वाद यात्रा में भाग ले रहे थे। उन्होंने कहा पश्चिम बंगाल में बिना कारण जन-आशीर्वाद यात्रा जगह-जगह रोकी जा रही है। सबसे दुखद है कि मतुवा समाज के बेटे शांतनु ठाकुर जिन्हें मंत्री बनाया गया है, उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है। ये मतुवा समाज को आहत करता है।

जुलूस कवर कर रहे पत्रकारों के समूह पर लाठीचार्ज

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यहां मुहर्रम जुलूस कवर कर रहे पत्रकारों के एक समूह पर मंगलवार को लाठीचार्ज किया। पुलिस ने शहर के जहांगीर चौक पर मुहर्रम के 10 दिनों की शोक की अवधि के आठवें दिन जुलूस निकालने की कोशिश कर रहे कुछ शिया मुसलमानों को हिरासत में भी लिया। 
पत्रकारों ने बताया कि मीडियाकर्मी अपना पेशेवर कर्तव्य निभा रहे थे, तभी पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इन मीडियाकर्मियों में अधिकतर फोटो एवं वीडियो पत्रकार थे। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने कुछ पत्रकारों को डंडों से पीटा और उनके उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। इस घटना के वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर अपलोड किए गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचा और पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी। इस बीच पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट किया, ”मीडिया अफगानिस्तान में पैदा हो रहे संकट और मानव त्रासदी पर घंटों बहस कर रहा है, लेकिन क्या वह कश्मीर में अपने ही समुदाय के उन सदस्यों के लिए आवाज उठाएगा, जिन्हें सुरक्षाबलों ने अपना काम करने पर आज बुरी तरह पीटा।

देश में ‘खेलो इंडिया सेंटर’ की संख्या होगीं 1 हजार

 
अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को उभारने और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण देने के लिए देश में ‘खेलो इंडिया सेंटर’ की संख्या एक हजार की जायेगी। मोदी ने टोक्यो 2020 पैरालम्पिक खेल के लिए भारतीय पैरा-एथलीट दल के साथ बातचीत में कहा कि ऐसे कितने ही युवा हैं।जिनके भीतर कितने ही मेडल लाने की योग्यता है।
आज देश उन तक खुद पहुँचने की कोशिश कर रहा है, ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आज देश के ढाई सौ से ज्यादा जिलों में 360 ‘खेलो इंडिया सेंटर्स’ बनाए गए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर ही प्रतिभाओं की पहचान हो, उन्हें मौका मिले। आने वाले दिनों में इन सेंटर्स की संख्या बढ़ाकर एक हजार तक की जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के सामने एक और चुनौती संसाधनों की भी होती थी।
खिलाड़ी खेलने जाते थे तो अच्छे ग्राउंड, अच्छे उपकरण नहीं होते थे। इसका भी असर खिलाड़ी के मनोबल पर पड़ता था। वो खुद को दूसरे देशों के खिलाड़ियों से कमतर समझने लग जाते थे। लेकिन आज देश में स्पोर्ट्स से जुड़े इनफ्रास्ट्रक्चर का भी विस्तार किया जा रहा है। देश खुले मन से अपने हर एक खिलाड़ी की पूरी मदद कर रहा है।

‘टार्गेट ओलम्पिक पोडियम स्कीम’ के जरिए भी देश ने खिलाड़ियों को जरूरी व्यवस्थाएं दीं, लक्ष्य निर्धारित किए। उसका परिणाम आज हमारे सामने है। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलों में अगर देश को शीर्ष तक पहुँचना है तो हमें उस पुराने डर को मन से निकालना होगा जो पुरानी पीढ़ी के मन में बैठ गया था।
किसी बच्चे का अगर खेल में ज्यादा मन लगता तो घर वालों को चिंता हो जाती थी कि ये आगे क्या करेगा? क्योंकि एक-दो खेलों को छोड़कर खेल हमारे लिए सफलता या करियर का पैमाना ही नहीं रह गए थे। इस मानसिकता को, असुरक्षा की भावना को तोड़ना हमारे लिए बहुत जरूरी है।

29 में नवीन पंजीयक कार्यालय का लोकार्पण किया

दुष्यंत टीकम             
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवा रायपुर के सेक्टर 29 में नवीन उप पंजीयक कार्यालय का लोकार्पण किया। नवा रायपुर के 6 गांव, आरंग के 20 और अभनपुर विकासखंड के 15 गांव कुल 41 गांव के लोगों को इस कार्यालय से पंजीयन कार्य की सुविधा मिलेगी। अभी उन्हें पंजीयन के लिए 40 किलोमीटर दूर रायपुर आना पड़ता था। नवा रायपुर में इस कार्यालय के प्रारंभ होने से उनके समय और श्रम की बचत होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में पंजीयन विभाग के बैकलॉग दस्तावेजों की स्कैनिंग एवं डिजिटाइजेशन कार्य और डिजिटल ई-स्टाम्प सुविधा का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल कोरबा से कार्यक्रम से जुड़े। सचिव वाणिज्यिक कर निरंजन दास, महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक इफ्फत आरा, उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक सुशील खलको मुख्यमंत्री निवास में उपस्थित थे। एनईएसएल और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम से जुड़े।

हलफनामा दायर नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा से संबंधित मामले में कई राज्य सरकारों द्वारा जवाबी हलफनामा दायर नहीं किए जाने को लेकर मंगलवार को गहरी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि अगली तारीख तक ऐसा न करने पर राज्य के मुख्य सचिवों को सीधे तलब किया जाएगा।
हालांकि, केंद्र सरकार ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस बल के गठन की संभावना से इनकार कर दिया। केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मुख्य न्यायाधीश एन वी रमन, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस की खंडपीठ के समक्ष अपनी दलीलों में कहा कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तर्ज पर न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए विशेष राष्ट्रीय सुरक्षा बल का गठन न तो संभव है, न ही सलाह योग्य।
तुषार मेहता ने धनबाद के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की कथित हत्या के मद्देनजर शीर्ष अदालत द्वारा न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर स्वत: संज्ञान मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पेश हलफनामे में दिये गए इन तथ्यों का जिक्र करते हुए कहा कि न्यायिक अधिकारियों और अदालतों की सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस बेहतर स्थिति में होगी, क्योंकि अलग-अलग राज्यों में सुरक्षा के अलग-अलग आयाम होंगे। तुषार मेहता ने आगे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अदालतों और न्यायाधीशों की सुरक्षा को लेकर व्यापक दिशानिर्देश जारी किये हैं।

'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की

'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना सिर्फ साउथ सिनेमा का ही नहीं, अब ...