शनिवार, 12 जून 2021

कोरोना के नए मामलों में 78 प्रतिशत की कमी दर्ज

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। देश में कोरोना के नए मामलों व एक्टिव मामलों में कमी दिखाई दे रही है। देश में नए मामलों में 78 प्रतिशत की कमी दर्ज की जा रही है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले एक हफ्ते में नए मामलों में औसतन 31 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। 17 अप्रैल को जहां देश में 2.81 लाख नए मामले सामने आ रहे थे, वो घटकर 11 जून तक एक लाख से भी नीचे आ गए है। पिछले चार दिनों से देश में कोरोना के नए मामले एक लाख के नीचे है। 
 
 शुक्रवार को कोरोना की स्थिति व उसके लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेसवार्ता में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि मई के महीने में जहां 531 जिलों में 100 से अधिक मामले सामने आ रहे थे। ऐसे जिलों की संख्या जून में घटकर 196 जिले रह गए । उन्होंने बताया कि देश में एक्टिव मामलों में भी तेजी से कमी आई है। देश में एक्टिव मामले 70 फीसदी तक कम हुए हैं। वहीं, पॉजिटिविटी दर भी 5 प्रतिशत से नीचे आ गई है।
 
 देश में 15 राज्यों में पॉजिटिविटी दर 5 प्रतिशत से कम है। उन्होंने बताया कि देश में 19.85 करोड़ लोगों को कोरोना टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। वहीं, 4.76 करोड़ लोगों को टीके की दूसरी खुराक भी लगाई जा चुकी है। अब तक कुल 24.61 करोड़ खुराक लोगों को दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में हालात बेहतर हो रहे हैं लेकिन वायरस अभी गया नहीं है। लोगों को सावधानी बरतना बंद नहीं करना है, लापरवाही बरतने से देश में फिर पहले जैसे हालत हो सकते हैं।

आतंकी अब्दुल मजीद की जमानत याचिका खारिज

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने आतंकी हाफिज अब्दुल मजीद की जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस इंदिरा बनर्जी की अध्यक्षता वाली वेकेशन बेंच ने मजीद की जमानत याचिका खारिज करने का आदेश दिया।मजीद ने अपने माता-पिता की सेवा करने के लिए जमानत की मांग की थी। कोर्ट ने कहा कि जब आपकी जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट में लंबित है तो हाईकोर्ट ने पैरोल पर रिहा कैसे कर दिया। आपको सुप्रीम कोर्ट आना चाहिए था। 

मजीद समेत आठ आरोपितों को हथियार रखने, पाकिस्तान में आतंकी ट्रेनिंग देने के लिए टीम तैयार करने और नकली भारतीय करंसी का परिचालन करने के मामले में जयपुर की निचली अदालत ने 2017 में दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा दी थी। राजस्थान हाईकोर्ट ने मजीद की सजा को बरकरार रखा था।

महामारी को मात देने वालों की संख्या में निरंतर इजाफा

अकांशु उपाध्याय             

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने और इस महामारी को मात देने वालों की संख्या में निरंतर इजाफे से रिकवरी दर बढ़कर 95.7 फीसदी हो गयी है। वहीं सक्रिय मामलों की दर घटकर 3.68 प्रतिशत रह गयी है। इस बीच शुक्रवार को 34 लाख 33 हजार 763 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये। देश में अब तक 24 करोड़ 96 लाख 304 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 84,332 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 93 लाख 59 हजार 155 हो गया। इस दौरान एक लाख 21 हजार 311 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड़ 79 लाख 11 हजार 384 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं। सक्रिय मामले 40 हजार 981 कम होकर 10 लाख 80 हजार 690 रह गये हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान 4002 मरीज अपनी जान गंवा बैठे और इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 67 हजार 81 हो गयी है। देश में कोरोना से मृत्यु दर अभी 1.25 फीसदी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 1041 बढ़कर 1,64,629 हो गये हैं। इसी दौरान राज्य में 8104 और मरीजों के ठीक हाेने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 5616857 हो गयी है। जबकि 2619 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 106367 हो गया है। केरल में इस दौरान सक्रिय मामले 1295 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 1,34,422 रह गयी है तथा 15355 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 2557597 हो गयी है। जबकि 173 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 10804 हो गयी है।

कर्नाटक में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 6883 घटे हैं। जिससे इनकी संख्या 203790 रह गयी है। वहीं 159 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा 32644 हो गया है। राज्य में अब तक 2511105 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामले 290 कम हुए हैं और अब इनकी संख्या 3922 रह गयी है। यहां 24 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 24,772 हो गयी है। वहीं 1401977 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। तेलंगाना में सक्रिय मामले 802 घटकर 22759 रह गये हैं। जबकि अब तक 3456 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 574103 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले 96100 रह गये हैं। राज्य में कोरोना को मात देने वालों की तादाद 1688198 हो गयी है जबकि 11,824 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या 13862 घटकर 174802 रह गयी है तथा 378 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 28,906 हो गयी है। वहीं 2120889 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं। आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 1116 सक्रिय मामले कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 11127 रह गयी है। राज्य में इस महामारी से 70 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 21,667 हो गयी है तथा 16,66,001 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ में कोरोना के सक्रिय मामले 1343 घटकर 15932 रह गये हैं। वहीं 956459 लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं। जबकि 15 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 13,300 हो गयी है। 

मध्य प्रदेश में सक्रिय मामले 878 घटकर 5447 रह गये हैं तथा अब तक 773615 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 8510 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। पंजाब में सक्रिय मामले 938 घटकर 15306 रह गये हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 555245 हो गयी है। जबकि 15,435 मरीजों की जान जा चुकी है। गुजरात में सक्रिय मामले 1054 घटकर 11657 रह गये हैं तथा अब तक 9,985 लोगाें की मौत हुई है। वहीं 797734 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं। हरियाणा में सक्रिय मामले 616 घटकर 5749 हो गये हैं। राज्य में इस महामारी से 8,904 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 7,50,443 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 473 बढ़कर 15192 हो गये हैं और इस महामारी के संक्रमण से कुल 16,731 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 1421064 स्वस्थ हुए हैं। बिहार में सक्रिय मामले कम 552 बढ़कर 5596 हो गए हैं। राज्य में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटों के दौरान 14 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही मृतकों का कुल आंकड़ा 9466 पर पहुंच गया है। राज्य में 701234 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 हजार से कम

हरिओम उपाध्याय                   

लखनऊ। देश में घनी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश में वैश्विक महामारी कोविड-19 की दूसरी लहर का प्रभाव लगातार कम हाे रहा है। नतीजन, राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या दस हजार से कम हो गई है। अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने शनिवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के कुल 524 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 1757 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए। राज्य में फिलहाल 9806 मरीजों का उपचार चल रहा है। उन्होने बताया कि राज्य में कोरोना का रिकवरी रेट 98.1 फीसदी हो चुका है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के दो लाख 74 हजार संदिग्ध मरीजों के नमूने लिये गए। अब तक राज्य में पांच करोड़ 30 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं। जिसे करने वाला यूपी देश में इकलौता राज्य है। 

नवनीत सहगल ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जितने कुल सक्रिय केस है। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इतने मामले रोज आ रहे हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्रेस,टेस्ट और ट्रीट फार्मूले का असर है। जिससे कोरोना को पूरी तरह काबू किया गया है। करीब एक लाख गांवों में 70,000 से अधिक निगरानी समितियों ने घर घर जाकर की संक्रमितों की पहचान की है। इसी वजह से 25 करोड़ की सबसे ज्यादा आबादी के बाद भी यूपी में मृत्यु दर महाराष्ट्र दिल्ली जैसे बेहद कम आबादी वाले राज्यों से बेहद कम रही।

ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को मजबूती देनी चाहिए

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी में लगाए गए लॉकडाउन से पैदा हुई आर्थिक तंगी से निपटने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को मजबूती दी जानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में मनरेगा से लोगों को मदद मिलने से जुड़ी खबरों का हवाला देते हुए कहा कि इस समय जनहित सबकी जिम्मेदारी है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘देश के कमज़ोर वर्ग को अबकी बार भी मनरेगा से राहत मिल रही है। लॉकडाउन से पैदा हुई आर्थिक तंगी से निबटने के लिए इस योजना को और मज़बूत करना ज़रूरी है। सरकार किसी की भी हो, जनता भारत की है और जनहित हमारी ज़िम्मेदारी है।’’ कांग्रेस ने कुछ महीने पहले भी सरकार से आग्रह किया था, कि मनरेगा का बजट बढ़ाया जाए। ताकि रोजगार छिन जाने के कारण शहरों से गांवों का रुख करने वाले ज्यादा से ज्यादा लोगों को जीविका का साधन मिल सके।

मानसून: यूपी के कुछ भागों में सुबह से बारिश शुरू

अकांशु उपाध्याय               

नई दिल्ली। बंगाल की उत्तरी खाड़ी और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल और उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। कुछ राज्यों में मानसून दस्तक दे सकता है। आज बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में सुबह से ही बारिश शुरू भी हो गई। वहीं कई राज्यों में सुबह से तेज धूप ने दर्शन दिए तो कहीं बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग ने कई राज्याें में ऑरेंट और येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। 

मध्य प्रदेश मौसम विभाग द्वारा 11 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 2 दर्जन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ के कुछ हिस्सों और कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण गुजरात, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। दिल्ली में इस साल मानसून सामान्य तिथि से 12 दिन पहले यानी 15 जून को दस्तक दे सकता है।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-301 (साल-02)
2. रविवार, जून 13, 2021
3. शक-1984, ज्येठ, शुक्ल-पक्ष, तिथि- चतुर्थी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:45, सूर्यास्त 07:13।
5. न्‍यूनतम तापमान -20 डी.सै., अधिकतम-37+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

शुक्रवार, 11 जून 2021

चीन के व्यवहार से हिंद-प्रशांत में हो सकता हैं संकट

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने चीन को एक बढ़ती हुई चुनौती बताते हुए अमेरिकी सांसदों से कहा, कि चीन के ''आक्रामक व्यवहार से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हिंद-प्रशांत क्षेत्र में संकट पैदा हो सकता है। पेंटागन के वार्षिक बजट पर कांग्रेस की सुनवाई के दौरान सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति के सदस्यों के सवालों के जवाब में उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों की सेनाओं और सरकारी अधिकारियों के बीच संवाद की सीधी लाइन होनी चाहिए। ऑस्टिन ने बृहस्पतिवार को कहा, ''हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के आक्रामक बर्ताव को देखते हुए मुझे आशंका है कि कुछ ऐसा हो सकता है जिसके कारण वहां संकट पैदा हो जाए। हम चाहते हैं कि अपने सहयोगियों और साझेदारों तथा शत्रुओं या संभावित शत्रुओं से बात करने की क्षमता हमारे पास हो। इसलिए मुझे लगता है कि सेना बल्कि सरकारी अधिकारियों के बीच भी संवाद की सीधी लाइन होनी चाहिए। 

ऑस्टिन ने कहा कि वर्तमान में चीन के साथ अमेरिका के संबंध प्रतिस्पर्धा वाले हैं। उन्होंने कहा, ''वे इस ग्रह का सबसे प्रभावशाली देश बनना चाहते हैं। उनका दीर्घकालिक लक्ष्य यही है। वे सेना समेत अनेक गतिविधियों में हमारे साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहते हैं। हम जो कुछ भी करते हैं। सेना या सरकार के अन्य क्षेत्रों में, इसलिए करते हैं। ताकि हम आर्थिक रूप से प्रतिस्पर्धी बने रह सकें, दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक तैयार कर सकें और सबसे विस्तृत शोध कर सकें। यह व्यापक गतिविधियों की प्रतिस्पर्धा है।     

चीन ने अमेरिका से अनुरोध किया है कि वह उसके साथ एक ''काल्पनिक शत्रु की तरह बर्ताव न करे। चीन के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस हफ्ते बीजिंग में कहा कि चीन अमेरिका के साथ अविवादित, बिना मुकाबले वाले, परस्पर सम्मान के तथा दोनों के लिए लाभदायक संबंध विकसित करना चाहता है।हालांकि, इसके साथ ही वह अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और विकास संबंधी हितों की भी मजबूती से रक्षा करेगा।उल्लेखनीय है कि चीन 10.3 लाख वर्गमील के लगभग पूरे दक्षिण चीन सागर को अपना संप्रभु क्षेत्र बताता है। हालांकि अमेरिकी नौसेना के पोत अक्सर इस विवादित क्षेत्र से गुजरते हैं। जिनके जरिए अमेरिका क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता पर जोर देता है। बुधवार को ऑस्टिन ने रक्षा विभाग को निर्देश जारी किए। जिनमें कहा गया कि वह अमेरिका के लिए सबसे बड़ी चुनौती बने चीन की ओर से उठने वाली सुरक्षा चुनौतियों से और बेहतर तरीके से निबटें। ये निर्देश विभाग की चाइना टास्क फोर्स की अंतिम अनुशंसाओं के आधार पर दिए गए।

हर शनिवार को मार्केट का सेनिटाइजेशन होगा, निर्णय

बृजेश केसरवानी              

प्रयागराज। जनपद में दवा की होलसेल मंडी लीडर रोड पर शुक्रवार को बंदी को लेके एक विशेष बैठक हुई।
जिसमें सभी के सभी व्यापारी की सहमत के साथ।निर्णय हुए की कोरोना महामारी और सरकारी निर्देश अनुसार, शनिवार की बंदी चोर महीने में रहेगी।
हर शनिवार को मार्केट का सेनिटाइजेशन होगा। अध्यक्ष बोले, हमे अभी और सावधनी से काम करना होगा। लॉकडाउन खुलने से कोरोना के नए केस अब भी आ रहे हैं। दो दिन के अवकाश से इससे बचा जा सकता हैं।अभी भी सोशल डिस्टेंसिंग से काम करना जरूरी हैं।सभी को मास्क पहनकर ही दवा लेने आना अनिवार्य होगा। सोशल डिस्टिंग का पालन सभी दुकानदारो पालन करे। बैठक में अनिल दुबे ,प्रेम अग्रवाल,राजू गांधी, रोहित (रिंकू),मनोज रस्तोगी, अचल अग्रवाल,रवि अग्रवाल,दीपू पुरवार,जीतू, आदि उपस्थित रहे।

हापुड़: वाहन चालकों को वैक्सीन लगाना प्राथमिकता

अतुल त्यागी                 
हापुड़। जनपद में 14 जून से रेहड़ी,पटरी ऑटो चालक,बस चालक हेवी वाहन चालकों को वैक्सीन लगाना प्रारंभ किया जाएगा। जिसके तहत आरटीओ ऑफिस पर एक सी.वी.सी कैंप लगाया जाएगा। जिसमें हैवी वाहनों के ड्राइवर, कंडक्टर तथा ऑटो चालक, ई रिक्शा चालको तथा अन्य कॉमर्शियल वाहन चलाने वाले चालकों व परिचालकों आदि को टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान 50-50 के 2 बुथ लगाए जाएंगे।जिसमें एक बूथ 45 साल से ऊपर के व्यक्ति का होगा तथा दूसरा 18 से 44 साल तक के व्यक्तियों के लिए होगा। 
प्रत्येक दिन 100 लोगों को यहां पर टीकाकरण किया जाएगा। प्रत्येक नगर पालिका क्षेत्र में नगरपालिका प्रांगण में रेहड़ी पटरी वालों के लिए भी इसी प्रकार एक सी.वी.सी बनाई जाएगी। जहां पर 45 से ऊपर के व्यक्तियों के लिए 50 तथा 18 से 44 की उम्र तक के व्यक्तियों के लिए 50 व्यक्तियों को टीकाकरण किया जाएगा।

10वीं का परिणाम जारी करेंगा शिक्षा बोर्ड: हरियाणा

हरियाणा शिक्षा बोर्ड आज घोषित करेगा हरियाणा 10वीं बोर्ड का रिजल्ट, टॉपर की नही होगा घोषणा...
राणा ओबराय          
चंडीगढ। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड शुक्रवार दोपहर ढाई बजे 10वीं की कक्षा का परिणाम जारी करेगा। खास बात यह है कि इस बार कोई भी टॉपर घोषित नहीं किया जाएगा और न ही कोई विद्यार्थी फेल किया जाएगा। परिणाम स्कूलों द्वारा दी गई इंटरनल असेसमेंट के आधार पर दिया जाएगा। वहीं, ओपन और प्राइवेट से आवेदन करने वाले बच्चों का परिणाम होल्ड किया जाएगा। शिक्षा बोर्ड ने परिणाम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।

महगांई: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया

अश्वनी उपाध्याय                 
गाजियाबाद। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष बिजेंद्र यादव-मनोज कौशिक के नेतृत्व में शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में कार्यकर्ताओं ने पुराना बस अड्डा स्थित बजाज पेट्रोल पंप पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के इस देशव्यापी प्रदर्शन के दौरान पार्टी के पदाधिकारियों ने जमकर सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाए। जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार कोरोना से जूझ रहे आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही है।
पेट्रो उत्पादों की कीमत बढ़ाकर केंद्र सरकार आमजन का शोषण कर रही है। पेट्रो उत्पादों में हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर महंगाई के रूप में सामने आ रहा है। महंगाई से आमजन की कमर टूट गई है, लेकिन केंद्र को इसकी कोई चिंता नहीं। कहा कि यदि केंद्र ने पेट्रो उत्पादों की कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी वापस नहीं ली तो कांग्रेस जनआंदोलन शुरू करेगी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने प्रचार के दौरान जनता से वायदा किया था कि डीजल के दाम तीस रुपये और पेट्रोल के दाम चालीस रुपये किए जाएंगे। 
सरकार बनने के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई। आम आदमी महंगाई की चौतरफा मार झेलने को मजबूर है। उधर महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में हापुड़ तिराहा स्थित पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन होना था। डीजल और पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी अध्यक्ष मनोज कौशिक के नेतृत्व में हापुड़ तिराहा पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल ने उन्हें घेर लिया। पुलिस फोर्स महानगर अध्यक्ष और उनकी टीम को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंची। मनोज कौशिक ने कहा कि पुलिस प्रशासन नहीं चाहता कि वे देशहित में आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस चाहे जितने भी जुल्म कांग्रेसियों पर कर ले, वे जनहित में आवाज उठाते रहेंगे। कांग्रेसियों ने किसान नेता राजेश पायलट को उनकी 21 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्घासुमन भी अर्पित किए।
इस दौरान प्रदेश सचिव वीर सिंह चौधरी, नरेन्द्र राठी, अमोल वशिष्ठ, पार्षद जाकिर अली सैफी, सलीम सैफी, दिनेश शर्मा, रजनीकांत राजू, त्रिलोक सिंह, विजयपाल चौधरी, रवि चौधरी, मोह मद हनीफ चीनी, अशोक कुमार शर्मा एडवोकेट, केएन पांडेय, ओंकार सिंह, रुपेश त्यागी, दिनेश गौतम, संजय श्रीवास्तव, लक्ष्मीकांत झा, शिवदत्त अधाना, श्रीचंद दिवाकर, सोनू त्यागी, सुनीता उपाध्याय, रामप्रकाश कश्यप, एसएन राम आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...