शुक्रवार, 21 मई 2021

सीएचसी में बरसात का पानी भरने से सेवाएं ठप

रईस खान   
गाजियाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोनी में बनाए गए 50 बेड के कोविड अस्पताल में बरसात का पानी भरने से सेवाएं ठप हो गईं। पानी भरने से पहले ही मरीज अपने घर जा चुके हैं। अस्पताल में कोरोना जांच भी नहीं हो रही हैं। 
प्रशासन के आदेश के बाद लोनी सीएचसी में कोविड अस्पताल बनाया गया था। यहां पिछले पांच दिनों में मात्र चार कोरोना मरीज ही उपचार के लिए भर्ती हुए थे 3 दिन पूर्व एक रोगी की तबीयत बिगड़ने पर उसे संतोष अस्पताल रेफर किया गया। वहीं चिकित्सकों ने अन्य रोगियों को स्वास्थ्य लाभ होने पर छुट्टी देकर होम क्वॉरेंटाइन को भेज दिया था। 2 दिन पूर्व  अचानक हुई बरसात होने पर सीएचसी में भी पानी भर गया।
सीएचसी प्रभारी राजेश तेवतिया ने बताया कि अस्पताल में पानी भरने पर सीएमओ और लोनी एसडीएम को अवगत कराया है। अस्पताल में कोरोना जांच भी नहीं हो रही है। कोरोना के मरीज कुछ दिनों के लिए गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती हो सकते हैं। 
वहीं, अधिकारियों ने सीएचसी में पंप सेट लगवाकर पानी निकालने का काम शुरू कर दिया है। पानी भरने से सीएचसी में कोविड की जांच कराने आए लोग मायूस होकर वापस लौटे। उपजिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जलभराव की जानकारी मिलने पर नगर पालिका कर्मियों को पंपसेट लगाकर पानी निकालने के निर्देश दिए गए हैं उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र से गंदे पानी की निकासी के बाद दोबारा कोड अस्पताल का संचालन शुरू किया जाएगा।

अवैध वसूली करते दो एंबुलेंस चालक अरेस्ट किए

अश्वनी उपाध्याय   
गाजियाबाद। जिला प्रशासन द्वारा एंबुलेंस का किराया तय कर दिए जाने के बाद भी अवैध वसूली कर रहे दो एंबुलेंस चालक बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी द्वारा बिछाए गए जाल में फंस गए। दोनों को गिरफ्तार कर दो एंबुलेंस सीज कर दी गई है। गाजियाबाद के कंट्रोल रूम में फोन कर लोग शिकायत कर रहे थे कि एंबुलेंस चालक मनमानी वसूली कर रहे हैं। तय किराया से दोगुना तक चार्ज कर रहे हैं। जो लोग तय किराया से ज्यादा शुल्क देने से मना कर देते हैं, उनके मरीज को अस्पताल या अस्पताल से घर ले जाने के लिए एंबुलेंस चालक मना कर देते हैं। 
इस पर जिलाधिकारी ने अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम को मनमानी वसूली करने वाले एंबुलेंस चालकों के पास आम आदमी बनकर फोन करने और शिकायत सही पाए जाने पर उनको पुलिस की मदद से गिरफ्तार करने के लिए निर्देश दिए। जनपद गाजियाबाद के जिलाधिकारी के द्वारा बिछाए हुए जाल में इंटेलीजेंस इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, सिहानी गेट एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा, यात्रीकर अधिकारी संदीप जायसवाल भी शामिल हुए। अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम ने फोन कर यादव एंबुलेंस सर्विस से एंबुलेंस मंगवाई और इंटेलीजेंस इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ने सांई एंबुलेंस सर्विस से एंबुलेंस मंगवाई। दोनों से एंबुलेंस बुक करते हुए मनमानी रेट तय किए गए। दोनों एंबुलेंस लेकर चालक जब लोहिया नगर पहुंचे तो उनको गिरफ्तार कर गया। दोनो आरोपित मूलत: इटावा और वर्तमान में लोहिया नगर निवासी हरिओम यादव और सर्वेश कुमार हैं। आरोपितों के खिलाफ सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। 
पंजीकरण के बिना दौड़ रही थी एंबुलेंस।

दोनों एंबुलेंस चालकों की गिरफ्तारी के बाद पता चला कि यादव एंबुलेंस सर्विस का मालिक अशोक कुमार यादव और सांई एंबुलेंस सर्विस का मालिक हरिओम यादव भाई-भाई हैं। दोनों के पास 11 एंबुलेंस हैं, जिनका वे संचालन कर रहे हैं। लेकिन पकड़ी गई दोनों एंबुलेंस का पंजीकरण एंबुलेंस के रूप में नहीं करवाया गया हैं। आरोपितों के कार्यालय पर भी पुलिस ने दबिश दी लेकिन वहां पर अन्य एंबुलेंस और अशोक यादव नहीं मिला। अन्य नौ एंबुलेंस और अशोक यादव की तलाश की जा रही है। 


पुण्यतिथि पर राजीव चौक का लोकार्पण किया

इकबाल अंसारी              
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजधानी रायपुर के राजीव गांधी चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का वर्चुअल लोकार्पण किया। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा नगर निगम के साथ मिलकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की आदमकद प्रतिमा को नया कलेवर देते हुए इस स्थल को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया है। कोरोना काल की विषम परिस्थितियों में रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड व नगर पालिक निगम रायपुर ने मिलकर एक माह के भीतर उक्त स्थल को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया है। कार्य का अनुमानित व्यय लगभग 50 लाख रूपये है।

रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा शहर सौंदर्यीकरण योजना के तहत स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा का रंग रोगन विशेष डीको पेंट से किया गया है। उनके व्यक्तित्व की आभा के अनुरूप थीमेटिक आर.जी.बी. आधारित प्रकाश व्यवस्था कर इस स्थल को तिरंगे के सदृश्य आलोकित किया गया है। प्रतिमा स्थल पर लैंड स्केपिंग, ग्रेनाईट कार्य, फोकस लाईटिंग व ल्यूमिनस लाईटिंग से आकर्षक स्वरूप दिया गया है। चैक के आस-पास के क्षेत्र में स्वर्गीय राजीव गांधी की सोच व स्वप्नों के अनुरूप थीम आधारित वाॅल पेंटिंग कर महिला स्वावलंबन, शिक्षा, सूचना क्रांति जैसे संकल्पों में उनके योगदान को अविस्मरणीय बनाया गया है।

चिपको आंदोलन की प्रेरणा बने, बहुगुणा का निधन

अकांशु उपाध्याय                 

नई दिल्ली। जाने माने पर्यावरणविद और चिपको आंदोलन से पहचान बनाने वाले सुंदरलाल बहुगुणा का शुक्रवार 21 मई को निधन हो गया है। उनकी कोरोना रिपोर्ट पिछले दिनों पॉजिटिव आई थी। हालांकि, गुरुवार शाम तक बहुगुणा की हालत स्थिर थी। उनका ऑक्सीजन सेचुरेशन 86% पर था। डायबिटीज के साथ वह कोविड निमोनिया से पीड़ित थे। 94 वर्षीय बहुगुणा को कोरोना होने पर गत आठ मई को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया, उनका उपचार कर रही चिकित्सकों की टीम ने इलेक्ट्रोलाइट्स व लीवर फंक्शन टेस्ट समेत ब्लड शुगर की जांच और निगरानी की सलाह दी है। उनके पुत्र राजीव नयन बहुगुणा, बहनोई डा.बीसी पाठक ने एम्स में भर्ती करवाया था।बता दें कि देहरादून स्थित शास्त्रीनगर स्थित अपने दामाद डॉ. बीसी पाठक के घर पर रह रहे सुंदरलाल बहुगुणा ने कुछ दिन पहले बुखार आया था। तो घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरु हो गया था। लेकिन बुखार नहीं उतरने पर तीसरे दिन उन्हें एम्स ले जाने की सलाह दी गई। राजीव ने बताया कि अस्पताल में उनका आरटीपीसीआर टेस्ट व अन्य जांचे की गई थी।इधर उनके पुत्र राजीव नयन ने सोशल मीडिया पर पिता को एडमिट करने की पोस्ट डाली तो देखते ही देखते उनकी यह सूचना वायरल होने लगी थी। सोशल मीडिया पर सैकड़ों की संख्या में उनके प्रशंसकों ने पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा की सलामती की कामना भी की थी।

हिमालय के रक्षक सुंदरलाल बहुगुणा की सबसे बड़ी उपलब्धि चिपको आंदोलन थी। वह गांधी के पक्के अनुयायी थे और जीवन का एकमात्र लक्ष्य पर्यावरण की सुरक्षा था। उनका जन्म 9 जनवरी, 1927 को उत्तराखंड के टिहरी में हुआ था। सुंदरलाल ने 13 वर्ष की उम्र में राजनीतिक करियर शुरू किया था। 1956 में शादी होने के बाद राजनीतिक जीवन से उन्होंने संन्यास ले लिया।

उसके बाद उन्होंने गांव में रहने का फैसला किया और पहाड़ियों में एक आश्रम खोला। बाद में उन्होंने टिहरी के आसपास के इलाके में शराब के खिलाफ मोर्चा खोला। 1960 के दशक में उन्होंने अपना ध्यान वन और पेड़ की सुरक्षा पर केंद्रित किया। पर्यावरण सुरक्षा के लिए 1970 में शुरू हुआ आंदोलन पूरे भारत में फैलने लगा। चिपको आंदोलन उसी का एक हिस्सा था। गढ़वाल हिमालय में पेड़ों के काटने को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन बढ़ रहे थे। सुंदरलाल बहुगुणा ने गौरा देवी और कई अन्य लोगों के साथ मिलकर जंगल बचाने के लिए चिपको आंदोलन की शुरूआत की थी। 26 मार्च, 1974 को चमोली जिले की ग्रामीण महिलाएं उस समय पेड़ से चिपककर खड़ी हो गईं जब ठेकेदार के आदमी पेड़ काटने के लिए आए। यह विरोध प्रदर्शन तुरंत पूरे देश में फैल गया।

1980 की शुरुआत में बहुगुणा ने हिमालय की 5,000 किलोमीटर की यात्रा की। उन्होंने यात्रा के दौरान गांवों का दौरा किया और लोगों के बीच पर्यावरण सुरक्षा का संदेश फैलाया। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से भेंट की और इंदिरा गांधी से 15 सालों तक के लिए पेड़ों के काटने पर रोक लगाने का आग्रह किया। इसके बाद पेड़ों के काटने पर 15 साल के लिए रोक लगा दी गई। सुंदरलाल बहुगुणा ने टिहरी बांध निर्माण का भी बढ़-चढ़ कर विरोध किया और 84 दिन लंबा अनशन भी रखा था। एक बार उन्होंने विरोध स्वरूप अपना सिर भी मुंडवा लिया था। टिहरी बांध के निर्माण के आखिरी चरण तक उनका विरोध जारी रहा। उनका अपना घर भी टिहरी बांध के जलाशय में डूब गया। टिहरी राजशाही का भी उन्होंने कड़ा विरोध किया जिसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा। वह हिमालय में होटलों के बनने और लग्जरी टूरिज्म के भी मुखर विरोधी थे। महात्मा गांधी के अनुयायी रहे बहुगुणा ने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए कई बार पदयात्राएं कीं।

ब्लैक फंगस के मामलों की संख्या-5,500 तक पहुंचीं

अकांशु उपाध्याय       

नई दिल्ली। देश में कोरोना मरीजों की संख्या में कमी आ रही है। हालांकि, कुछ मरीज जो कोरोना पर काबू पा चुके हैं। उनमें म्यूकोर्मिकोसिस पाया गया है। ब्लैक फंगस के मामलों की संख्या 5,500 तक पहुंच गई है। यह बीमारी अब तक 300 से ज्यादा लोगों की जान ले चुकी है। 

इससे यह भी पता चलता है कि ब्लैक फंगस अब सीधे दिमाग पर हमला कर रहा है। गुजरात के सूरत में यह अपनी तरह का पहला मामला है। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था में चिंता बढ़ गई है। सूरत में एक 23 वर्षीय व्यक्ति कोरोना से संक्रमित हुआ था। युवक ने समय पर इलाज कराकर कोरोना पर काबू पा लिया।

लेकिन फिर उन्हें ब्लैक फंगस म्यूकोर्मिकोसिस हो गया। अब तक ब्लैक फंगस फेफड़ों और आंखों को खतरे में डाल रहा था। लेकिन अब ब्लैक फंगस सीधे दिमाग तक पहुंच गया है। इलाज करने वाले डॉक्टर ने कहा कि यह पहली बार था जब उन्होंने इस प्रकार फंगस को देखा। डॉक्टरों ने मरीजों से ज्यादा सतर्क रहने की अपील की है। क्योंकि ब्लैक फंगस सीधे दिमाग में पहुंच गया है। मरीजों का एमआरआई स्कैन होना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि दिमाग में ब्लैक फंगस के पहुंचने की जानकारी व्यक्ति को चक्कर आने या बेहोश होने के बाद ही समझ आती है। डॉक्टरों ने कहा कि ब्लैक फंगस सूरत के एक युवक के दिमाग में खून के जरिए पहुंचा होगा। विशेष रूप से इंडियन मेडिकल काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के दिशानिर्देशों में भी चक्कर आना या सिर में सूजन का उल्लेख नहीं है।

वैज्ञानिकों ने उगाया दुनिया का सबसे महंगा मशरूम

श्रीराम मौर्य          

गांधीनगर। गुजरात के वैज्ञानिकों ने दुनिया का सबसे महंगा मशरूम उगा लिया है। कोर्डीकेप्स मिलिटर्स के इस मशरूम में एंटी ऑक्सीडेंट, एंटी डायबिटिक, सूजन रोधी, कैंसर रोधी, मलेरिया रोधी, थकान रोधी, एचआईवी रोधी और एंटी वायरल गुण हैं। सेहत के लिए बेहद गुणकारी यह मशरूम शरीर में ट्यूमर के आकार को कम करने में मदद भी करता है। इस मशरूम की 1 किलो मात्रा की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए है। कच्छ के गुजरात इंस्टीट्यूट ऑफ डिजर्ट इकोलोजी के वैज्ञानिकों ने कोर्डीकेप्स मिलिटर्स को 90 दिनों के अंदर लैब के नियंत्रित वातारण में उगाया। उन्‍होंने 35 जार में इस मशरूम को उगाया है। पता चला है कि मशरूम की इस प्रजाति का इस्‍तेमाल चीन और तिब्बत की प्राकृतिक दवाइयों में लंबे समय से होता रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक संस्थान के डायरेक्टर वी.विजय कुमार ने बताया, ‘मशरूम की कोर्डीकेप्स मिलिटर्स प्रजाति को हिमालयीन सोना कहा जाता है। इसका सेवन करने से सेहत को कई लाभ होते हैं। साथ ही यह कई बीमारियों को रोकने में बहुत मददगार है।’ यह मशरूम शरीर में ट्यूमर को होने से रोकता है और यदि ट्यूमर हो जाए तो उसके आकार को कम करने में मदद करता है। शुरुआती अध्ययन में पता चला है कि इस मशरूम का अर्क महत्वपूर्ण नतीजे दे सकता है। संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक कार्तिकेयन ने बताते हैं, ‘लोगों पर मेडिकल ट्रायल करने के लिए नियामक मंजूरी मांगी गई है। हम इस मशरूम का अतिरिक्त प्रभाव प्रोस्टेट कैंसर पर भी खोज रहे हैं। हालांकि, कोविड-19 महामारी के चलते इसमें देरी हो गई है।’ वैज्ञानिकों की योजना है कि वे भारतीय परिस्थिति में इस प्रजाति के कैंसर रोधी और एंटी वायरल गुणों की जांच करें। ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में इसे उपयोगी पाने के बाद संस्थान ने अब कारोबारियों को इसका प्रशिक्षण देने का फैसला किया है। ताकि इस मशरूम की खेती की जा सके। वैसे तो लैब में इस मशरूम की खेती के एक हफ्ते के प्रशिक्षण का शुल्‍क एक लाख रुपये है। लेकिन संस्थान सामान्य शुल्क पर प्रशिक्षण देगा। बता दें कि इस रिसर्च टीम में निरमा यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जिगना शाह और गाइड वैज्ञानिक जी जयंती भी शामिल थे।

भारत को 8 करोड़ वैक्सीन देगा, पहले भी मदद की

अकांशु उपाध्याय  

नई दिल्ली। भारत में जानलेवा कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच अमेरिका की तरफ से भारत को कोरोना टीके की आठ करोड़ डोज देने की खबर है। हालांकि विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरकार अमेरिका से संपर्क में है, लेकिन अभी तक भारत को मिलने वाली डोज़ की जानकारी नहीं है। भारत को आठ में से छह करोड़ वैक्सीन देने की मांग उठ चुकी है।

अन्य देशों से टीके की खरीद के बारे में विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची से अमेरिका समेत अन्य देशों से टीके की खरीद के बारे में सवाल पूछा गया था। उन्होंने कहा, ''हमने उन खबरों को देखा है जिसमें अमेरिकी सरकार ने दूसरे देशों को कुछ मात्रा में टीके उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है लेकिन इस बारे में हमारे पास अभी और जानकारी नहीं है।''
हालांकि उन्होंने कहा कि भारत अमेरिकी उद्यमों के साथ टीकों की खरीद और बाद में देश में उसके उत्पादन की संभावना के बारे में बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार टीके खरीद या उत्पादन के माध्यम से उपलब्ध हो जाते हैं। तब इससे देश में टीके की उपलब्धता की स्थिति मतबूत होगी। उन्होंने कहा, ''विदेशों से जो भी टीके खरीदे जायेंगे, वे हमारे नियामक दिशानिर्देशों के तहत होने की जरूरत है। जहां तक हमारी जानकारी है कि अमेरिका ने भी संकेत दिया है कि उसकी ओर से दूसरे देशों को भेजे जाने वाले टीके उत्पाद गुणवत्ता संबंधी संघीय खाद्य और दवा प्रशासन की मंजूरी के अनुरूप होगी।''
भारत को 40 देशों से सहयोग की पेशकश की गई- सरकार
विदेश सचिव ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण उत्पन्न अभूतपूर्व स्थिति को देखते हुए अमेरिका, रूस, यूरोप, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूएई, खाड़ी देशों, पड़ोसी देशों सहित 40 देशों से सहयोग की पेशकश की गई है। उन्होंने कहा था कि भारत महामारी को लेकर इस बात पर जोर देता रहा है कि इससे निपटने और इसे रोकने के लिए सामूहिक पहल की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि विदेश सचिव श्रृंगला ने कहा था कि जब महामारी शुरू हुई थी। तब भारत ने दुनिया के देशों को हाइड्रोक्सी क्लोरोक्वीन और पैरासिटामोल सहित अन्य आवश्यक दवाओं की आपूर्ति की थी और यहां तक कि रेमडेसिविर दवा भी दी थी और अब दुनिया के देश भारत को सहयोग देने के लिए आगे आ रहे हैं।

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा संदीप मिश्र  भदोही। भदोही के ऊंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरा...