सोमवार, 8 मार्च 2021

कुंडली बॉर्डर: प्रदर्शन में शामिल व्यक्ति ने की फायरिंग

राणा ओबराय   

चंडीगढ़। कृषि कानूनों के खिलाफ 102 दिन से आंदोलन कर रहे किसानों ने कई बार पुलिस की सख्ती और स्थानीय लोगों का विरोध झेला है। लेकिन कुंडली बॉर्डर धरनास्थल पर देर रात जो हुआ उससे किसान खासे दहशत में हैं। दरअसल, कुंडली बॉर्डर धरनास्थल पर देर रात किसानों पर फायरिंग की गई। हालांकि फायरिंग में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार किसानों पर तीन राउंड फायरिंग की गई। प्रदर्शनकारी किसानों पर चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी में पहुंचे कुछ युवकों ने फायरिंग करते हुए कहा कि वह पंजाब के रहने वाले हैं। इस घटना पर आंदोलनरत अन्नदाताओं का कहना है कि ऐसा करके पंजाब और हरियाणा का भाईचारा बिगाड़ने की साजिश रची गई है। किसानों का कहना है कि पंजाब से कुछ युवक कल रात कुंडली बॉर्डर आए थे। जब ये लोग वहां पहुंचे तो लंगर चल रहा था। आरोपी युवकों ने लंगर खाया और फिर पानी को लेकर इनका अन्य लोगों से झगड़ा हो गया। गुस्से में इन लोगों ने वहां मौजूद लोगों पर गोली चला दी। हालांकि गनीमत रही कि यह गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद से ये युवक फरार हैं। वहीं कुंडली एसएचओ रवि ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी का नंबर देखकर आरोपियों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। जिससे आरोपियों को जल्द पकड़कर घटना के बारे में पता किया जा सके। कुंडली बॉर्डर पर चल रहे धरने के दौरान सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला किसान दिवस मनाया जाएगा। धरने की कमान महिलाओं के हाथों में रहेगी। मंच पर सिर्फ महिलाएं रहेंगी और संचालन करने के साथ संबोधन भी करेंगी। इसके लिए हरियाणा व पंजाब से ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को कुंडली बॉर्डर पर पहुंचने का आह्वान किया गया है।

इधर, किसान आंदोलन की वजह से 27 जनवरी से लगातार बंद चल रहे हरियाणा-दिल्ली के झाड़ोदा बॉर्डर को दिल्ली पुलिस ने खोल दिया। इससे राहगीरों को बहुत राहत मिली है।

भारत से हार, इंग्लैंड के खिलाड़ी लें जिम्मेदारी: हुसैन

नई दिल्ली/ लंदन। इंग्लैंड को चार मैचों की टेस्ट सीरीज हराने वाली भारतीय टीम की इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने जमकर तारीफ की है। उन्होंने हार का ठीकरा इंग्लैंड के खिलाड़ियों पर फोड़ते हुए कहा कि भारत मैदान में हर क्षेत्र में आगे रही। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों को इस हार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। भारत ने अहमदाबाद में खेले गए सीरीज के आखिरी और चौथे टेस्ट में शनिवार को मेहमान टीम को एक पारी और 25 रनों से मात दी। स्पिनरों ने एक बार फिर इंग्लैंड के खिलाड़ियों को सस्ते में निपटाया। अश्विन और अक्षर ने दूसरी पारी में 5-5 विकेट लिए। हुसैन ने हार के लिए इंग्लैंड के खिलाड़ियों को दोषी ठहराया और भारतीय स्पिनरों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा,” हार के लिए इंग्लैंड के पास कोई बहाना नहीं हो सकता है। उन्होंने तीन-चार अलग-अलग जगहों पर खेला। चार में से तीन टॉस जीते। वो परिस्थितियों को नहीं भांप पाए। पहले टेस्ट के बाद वो पहले 300 रन से फिर 10 विकेट से और अब एक पारी से हारे। हुसैन ने स्काई स्पोर्ट्स के लिए लिखे कॉलम में ये बातें कही। भारत ने उन्हें पूरी तरह से गेम से दूर रखा। स्पिनरों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया वो बिल्कुल अलग लीग दिखे।

आंदोलन: यूपी गेट पर मनाया गया 'महिला दिवस'

अश्वनी उपाध्याय   

गाजियाबाद। सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ गाजीपुर बॉर्डर समेत राजधानी दिल्ली की अन्य सीमाओं पर किसानों का आंदोलन जारी है। सर्दी के मौसम में शुरू हुआ किसान आंदोलन अब गर्मी के मौसम में प्रवेश कर चुका है। आंदोलन को अब 100 दिन से अधिक हो चुके हैं। आंदोलन में महिलाएं भी बखूबी अपनी भूमिका निभाती नजर आ रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गाजीपुर बॉर्डर का मंच महिलाएं संभाल रही हैं। मंच से आज संबोधन भी महिलाएं करेंगी और अनशन पर जो किसान बैठते हैं, उसमें भी महिलाएं ही अपनी भागीदारी निभाएंगी। 17 महिलाएं अनशन पर बैठीं है। महिलाओं ने हाथों पर इंकलाबी मेहंदी रचाई है साथ ही हाथों पर मेहंदी से कृषि यंत्र के चित्र भी बनाए हैं। महिलाओं का कहना है कि घर की किचन से लेकर बच्चों की पढ़ाई और आंदोलन को पूरे तालमेल से संभाला जा रहा है। आधी आबादी आज अपना हक चाहती है। मंच पर मौजूद महिला रवनीत कौर ने कहा मेहंदी सिर्फ सौंदर्य करण का साधन नहीं है। आंदोलन में मौजूद महिलाओं ने आज अपने हाथों पर इंकलाबी मेहंदी लगाकर अपने हक की आवाज उठाने की कोशिश की है। महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी से किसानों एकता और आंदोलन के इंकलाब नारे लिखे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारी उत्साह

अश्वनी उपाध्याय

 गाजियाबाद। यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी गाजियाबाद में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं में खासा उत्साह एवं आत्मविश्वास देखा गया। हॉस्पिटल की निदेशक उपासना अरोड़ा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपने सभी महिला डॉक्टरों एवं महिला स्टाफ को बधाई दी एवं हॉस्पिटल के विभिन्न विभागों की महिलाओं ने इस दिवस पर कोरोना पर विजय की मुद्रा में फोटो खिंचा। इस अवसर पर उपासना अरोड़ा ने कहा कि पहले हमें कोविड-19 से निपटने की चुनौती थी और हम उस चुनौती को शहर से स्वीकार करते हुए उस से लड़ते रहे और 6000 से ज्यादा कोविड-19 के मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया। आप जब कि हमें कोविड-19 के टीकाकरण की जिम्मेदारी दी गई है हमारी टीम उसे पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन कर रही है और हम तब तक दृढ़ता से डटे रहेंगे जब तक इस देश से कोरोना का एक-एक केस खत्म नहीं हो जाता। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समस्त महिलाओं से ज्यादा से ज्यादा कोविड-19 का टीका लगवाने के लिए आग्रह किया।

गाजियाबाद में मनाया गया 'सड़क सुरक्षा सप्ताह'

अश्वनी उपाध्याय   

गाजियाबाद। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आज गुलमोहर गार्डन सोसाइटी मे फेडरेशन आफ गाज़ियाबाद के संरक्षक आलोक कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा के लिए एक कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा सहित, सीएफओ सुनील कुमार तिवारी, राजनगर एक्सटैन्शन के पार्षद संजीव त्यागी, मोरटा चौकी इंचार्ज महक सिंह बाल्यान आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी को सड़क पर चलने के नियम समझाना, सभी को सुरक्षा की नियम बताना था। गुलमोहर के निवासियों ने भी आसपास के क्षेत्र में आए दिन आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। महिलाओं के और से रेनू सिंह ने अपनी समस्याओं को रखा। विपरीत दिशा में वाहन चलाने, गलत जगह पार्किंग करने की समस्या को स्वयं एस पी ट्रैफिक ने नोट कर उपयुक्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

रेट के हिसाब से लेगा नगर निगम दुकानों का किराया

अश्वनी उपाध्याय   

गाज़ियाबाद। जिलें के नागरिकों को विश्व स्तरीय सुविधाएं देने के प्रयास बढ़ाने के साथ-साथ नगर निगम ने अपनी आय बढ़ाने के साधनों की खोज शुरू कर दी है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा कराई गई जांच में पता चला है कि पिछले 20 सालों से नगर निगम ने अपनी दुकानों का किराया नहीं बढ़ाया है। जबकि, मार्केट के हिसाब से किराया कई गुना बढ़ चुका है। ऐसे में निगम ने सर्किल रेट के हिसाब से ही किराया वसूलने का मन बना लिया है। यही नहीं, ऐसी दुकानों से निगम प्रीमियम भी लेगा जो दुकानें अब मूल आवंटियों के पास नहीं हैं। इसके लिए निगम ने सर्वे शुरू कर दिया है और 1279 में से करीब 650 दुकानों पर नंबरिंग भी कर दी है। आपको बता दें कि कविनगर, विजयनगर, वसुंधरा, मोहननगर और सिटी जोन में निगम की 1279 दुकानें हैं। करीब दो दशकों से इन दुकानों का किराया नहीं बढ़ाया गया है। अभी भी इन दुकानों का किराया एक हजार से दो हजार तक है। जबकि, इन्हीं बाजारों में निजी दुकानों का किराया 10 से 20 हजार रुपये तक है। ऐसे में नगर निगम अब इन दुकानों का किराया बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम दुकानों के किराये में पारदर्शिता लाने के लिए सर्किल रेट और जिला प्रशासन की ओर से तय की गई किराया दर को आधार बनाएगा।2014 में शहर में 450 रुपये प्रति वर्ग मीटर की किराया दर थी। नगर निगम अब जिला प्रशासन से 2020 की नई किराया दर लेगा। इसके आधार पर किराया निर्धारण किया जाएगा।

गाजियाबाद: जीडीएम के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज

 अश्वनी उपाध्याय  

गाजियाबाद। वसुंधरा सेक्टर-नौ स्थित एमएस जीएमडी इंफ्राटेक बिल्डर के प्रोजेक्ट में फ्लैट के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय के आदेश पर बिल्डर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। वसुंधरा निवासी अवनीश कुमार सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया है कि अगस्त 2015 में उन्होंने जीएमडी इंफ्राटेक बिल्डर के वसुंधरा सेक्टर-नौ स्थित प्रोजेक्ट में दो फ्लैट बुक कराए थे। इसके एवज में वह बिल्डर को अब तक 99 लाख रुपये दे चुके हैं। बिल्डर ने तय शर्तों पर फ्लैट नहीं दिए हैं। उन्हें पता चला है कि आवास विकास परिषद ने निर्माण को अवैध घोषित कर रखा है। बिल्डर के खिलाफ आवास विकास परिषद ने रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। आरोप है कि बिल्डर ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने इसकी इंदिरापुरम थाना और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस वजह से उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने बिल्डर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। उसके बाद शुक्रवार रात में एमएस जीएमडी इंफ्राटेक कंपनी, निदेशक महेश चंद शर्मा और गीता शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उधर, जीएमडी के सीएमडी महेश शर्मा ने बताया कि एफआइआर दर्ज होने की जानकारी मिली है। इस विषय में अपनी टीम से बात करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एमपी में लव जिहाद करने वालों की खैर नहीं: सीएम

भोपाल। मध्यप्रदेश में कथित लवजिहाद के विरोध में लाए गए मप्र धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक, 2021 को विधानसभा में ध्वनिमत के जरिए पारित कर दिया गया। हालांकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों ने विधेयक के प्रावधानों पर आपत्ति जतायी। विधेयक पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भ्रम में रखकर धर्म परिवर्तन कराने वालों के खिलाफ इस विधेयक में सख्त प्रावधान किए गए हैं। इस तरह के धर्म परिवर्तन रोकने के लिए भी विधेयक में प्रावधान किए गए हैं।

मुठभेड़: इंडियन मुजाहिदीन का आतंकी दोषी करार

अकांशु उपाध्याय   

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने 2008 में हुए बटला हाउस मुठभेड़ के दौरान पुलिस निरीक्षक मोहन चंद शर्मा की हत्या और अन्य अपराधों के लिये सोमवार को आरिज खान को दोषी ठहराया। आरिज खान कथित तौर पर आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन से जुड़ा था। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संदीप यादव ने कहा कि अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों से अपराध बिना किसी संदेह के साबित हुआ है। न्यायाधीश ने कहा कि यह साबित होता है कि आरिज खान और उसके साथियों ने पुलिस अधिकारी की हत्या की और उन पर गोली चलाई। अदालत ने कहा कि सजा की अवधि पर 15 मार्च को बहस होगी। दक्षिणी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में 2008 में बटला हाउस मुठभेड़ के दौरान दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के निरीक्षक शर्मा की हत्या कर दी गई थी।

प्रदीप-अक्षरा की फिल्म ‘विवाह- 2’ की शूटिंग शुरू

मनोज सिंह ठाकुर   

मुंबई। भोजपुरी सिनेमा के चॉकलेटी स्टार प्रदीप पांडे चिंटू और अभिनेत्री अक्षरा सिंह की जोड़ी वाली फिल्म ‘विवाह 2’ की शूटिंग शुरू हो गयी है। रेणु विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रस्तुत फ़िल्म ‘विवाह 2’ की शूटिंग भगवान श्री राम की पावन जन्मभूमि अयोध्या के हनुमान गढ़ी मंदिर से शुरू हो चुकी है। वर्ष 2019 में प्रदर्शित फ़िल्म विवाह की अपार सफलता के बाद विवाह 2 का निर्माण बड़े भव्य पैमाने पर किया जा रहा है। फ़िल्म के निर्माता निशांत उज्ज्वल और निर्देशक प्रेमांशु सिंह हैं। फ़िल्म में प्रदीप पांडेय चिंटू के साथ भोजपुरी सेंसेशन अक्षरा सिंह और साउथ से भोजपुरी इंडस्ट्री में आई बेहतरीन अभिनेत्री सहर आफसा नज़र आने वाली हैं।

विस्फोटकों से लदी कार मिलने के केस की जांच की

अकांशु उपाध्याय   

नई दिल्ली। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित आवास के पास मिले विस्फोटक से लदे एक वाहन के मामले की जांच को अपने हाथों में ले लिया है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि एनआईए ने गृह मंत्रालय के आदेशों के बाद इस मामले को अपने हाथों में लिया है। प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी फिर से मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है। गौरतलब है कि दक्षिण मुंबई में अंबानी के बहुमंजिला घर ‘एंटीलिया’ के निकट 25 फरवरी को एक ‘स्कॉर्पियो’ कार के अंदर जिलेटिन की छड़ें रखी हुई मिली थीं। पुलिस ने कहा था कि कार 18 फरवरी को एरोली-मुलुंद ब्रिज से चोरी हुई थी। वाहन के मालिक हीरेन मनसुख शुक्रवार को ठाणे में मृत पाये गये थे।

पीएम मोदी ने खरीदे महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पाद

अकांशु उपाध्याय   

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को बधाई दी और इस मौके पर देशवासियों से महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की अपील की। ”आत्मनिर्भर भारत” अभियान में महिलाओं की अग्रणी भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने महिला स्वसहायता समूहों और उद्यमियों द्वारा तैयार कुछ उत्पाद भी खरीदें। प्रधानमंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि भारत को अपनी महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर गर्व है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ”अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अदम्य नारी शक्ति को सलाम करता हूं। देश की महिलाओं की तमाम उपलब्धियों पर भारत को गर्व होता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में काम करना हमारी सरकार के लिए सम्मान की बात है।”

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...