बुधवार, 24 फ़रवरी 2021

पत्नी से दुष्कर्म के आरोपी पति को होगी सजा

राणा ओबराय 
रोहतक। रोहतक के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरपी गोयल की अदालत ने पत्नी से दुष्कर्म के आरोपी पति को दोषी करार दिया है। अदालत ने कहा कि महिला व बच्चों को प्रोटेक्ट करने की ड्यूटी अदालत की है। अप्रैल 2019 में शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र के गांव की महिला ने केस दर्ज कराया था कि पति शराब पीकर आया और उसके साथ जबरन संबंध बनाए। मना करने पर उसने मारपीट की और जलती हुई बीड़ी छाती पर रगड़ दी थी।

राजस्थान बजट: दो साल में होंगी 50,000 भर्तियां

नरेश राघानी 
जयपुर। राजस्थान सरकार अगले दो साल में 50,000 पदों पर भर्तियां करेगी और अगले साल से कृषि क्षेत्र के लिए अलग बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2021- 22 के लिये पहला पेपरलेस बजट पेश करते हुये यह घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा, ‘राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आगामी दो साल में 50,000 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।’ उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी रही है और वह अन्नदाता के बेहतर भविष्य व हितों को देखते हुए आगामी वर्ष से कृषि बजट अलग से पेश करेगी। इसके साथ ही गहलोत ने शांति व अंहिसा प्रकोष्ठ को उन्नत कर शांति व अहिंसा निदेशालय बनाने, पात्र युवाओं को वर्तमान में देय बेरोजगारी भत्ते में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी करने, राज्य में कुछ परीक्षाओं के लिए समान प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की।

अमित ने एचसी के न्यायाधीश के रूप में ली शपथ

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। न्यायमूर्ति जसमीत सिंह और न्यायमूर्ति अमित बंसल ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के नये न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल ने उन्हें पद की शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश तथा न्यायमूर्ति सिंह और न्यायमूर्ति बंसल के परिवार के सदस्य शामिल हुए।गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने दोनों न्यायाधीशों की नियुक्ति की अधिसूचना 22 फरवरी को जारी की थी। न्यायमूर्ति सिंह के पास 27 साल का अनुभव है। वह 1992 से दिल्ली उच्च न्यायालय और अधीनस्थ न्यायालयों में वकालत करते रहे हैं। वह संवैधानिक, सिविल, श्रम, सेवा और वैवाहिक संबंधाें से जुड़े मामले देखते रहे हैं। सेवा और नागरिक कानून में उनकी विशेषज्ञता है।

दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन

अहमदाबाद। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज मोटेरा इलाक़े में स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम का औपचारिक उद्घाटन और इसके पास ही बनने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एनक्लेव का भूमिपूजन किया। इस मौक़े पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, खेल राज्य मंत्री किरण रिजिजु भी मौजूद थे। आज से ही इस स्टेडियम में भारत भारत और इंग्लैंड के बीच मौजूदा शृंखला का तीसरा टेस्ट शुरू होगा।जब 2016 में इसे पुनर्निर्माण के लिए ध्वस्त किया गया तो इसकी 54,000 दर्शकों की क्षमता थी और तब इसका नाम सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम था। अब इसका नया नामकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर किया गया है जो पहले गुजरात क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भी रहे थे। नए क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास जनवरी, 2018 में किया गया था। इसमें इंग्लैंड और भारत की टीमें चौथा टेस्ट मैच और कुल 5 टी ट्वेंटी मैच भी खेलेगी।

झोपड़ी में आग लगने से 10 साल की बच्ची जिंदा जली

शाहजहांपुर/जलालाबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात छप्परदार घर में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। घर में पिता के साथ उसकी दो बेटियां सो रही थीं। आग लगने के बाद मची अफरा तफरी में एक बच्ची की आग से जलकर मौत हो गई। आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंचे सीओ व नायब तहसीलदार ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।गांव गुनारा निवासी शमीम जलालाबाद में मुख्य चौराहे पर नाई का काम करते हैं। वह अपनी पत्नी खुशनाज व चार बच्चों के और पिता इकरार व भाई अनजान, नदीम, नादिर, कल्लू के साथ एक रिश्तेदार की जमीन पर छप्परदार घर में रहता है। करीब 10 दिन पूर्व उसकी पत्नी फर्रूखाबाद जनपद में दो बच्चों के साथ मायके गई थी।

झारखंड: गुमला में 1 ही परिवार के 5 लोगों की हत्या

गुमला। झारखंड में गुमला जिले के कामडरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गयी है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर बुरूहातू आम टोली गांव में एक घर से आज एक ही परिवार के पांच सदस्यों का शव बरामद किया गया। शवों को देखकर ऐसा लगता है कि सभी की लाठी-डंडे से पिटाई के बाद धारदार हथियार से हत्या की गयी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।सूत्रों ने बताया कि मृतकों में नीकुदीन टोपनो (55), उसकी पत्नी जोस्फिना टोपनो (45), बेटा विंसेन्ट टोपनो (35), बहु सिल्वन्ति टोपनो (30) और पोता आसविन टोपनो (5) शामिल हैं। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। डॉग स्क्वॉयड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। इस सिलसिले में संबंधित थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के दो साल पूर्ण

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के दो साल पूरे होने पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इससे करोड़ों किसानों के जीवन में बदलाव आया है और वे ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अभिन्न अंग बन रहे हैं।मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘‘पीएम किसान निधि की लॉन्चिंग को आज दो साल पूरे हो रहे हैं। अन्नदाताओं के कल्याण को समर्पित इस योजना से करोड़ों किसान भाई-बहनों के जीवन में जो बदलाव आए हैं। उससे हमें उनके लिए और अधिक काम करने की प्रेरणा मिली है।

5 राज्यों से आने वाले लोगों को दिखानी होगी रिपोर्ट

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। महाराष्ट्र, केरल और पंजाब समेत पांच राज्यों से आने वाले लोगों को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने से पहले कोविड-19 की ‘निगेटिव’ जांच रिपोर्ट दिखानी होगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बाबत एक आधिकारिक आदेश आज जारी किया जाएगा और यह 15 मार्च तक प्रभावी रहेगा।दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सोमवार को हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा की गई थी। अधिकारियों ने कहा कि कोविड-19 ‘निगेटिव’ जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने की अनिवार्यता शुक्रवार रात से प्रभावी हो सकती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के दैनिक मामले बढ़ रहे हैं।

केरल: राहुल ने तट पर मछुआरों से की बातचीत

कोल्लम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कोल्लम जिले के थांगस्सेरी तट पर मछुआरों से बातचीत की। केरल में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। कांग्रेस नेता पिछले दो दिनों से राज्य की यात्रा पर हैं। राहुल यहां मछुआरों के साथ उनकी नाव में बैठकर समुद्र में भी गए।उन्होंने अपनी यात्रा तड़के चार बजकर 30 मिनट पर वाडी तट से शुरू की और करीब एक घंटे तक वहां रहे और फिर बातचीत स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मछुआरों के साथ मिलकर समुद्र में मछली पकड़ने वाला जाल फेंका और उनके साथ मछली भी पकड़ी। ब्लू टीशर्ट और खाकी पैंट पहने कांग्रेस नेता ने तट पर वापसी के दौरान वहां खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

जयललिता के साथ हुए संवादों को संजो के रखूंगा

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की जयंती पर उन्हें याद किया और कहा कि जनहित की नीतियों तथा पिछड़ों को सशक्त करने के प्रयासों के लिए उनकी व्यापक सराहना की जाती है।मोदी ने ट्वीट कर कहा कि जयललिता जी की जयंती पर उनका स्मरण। जनकल्याणकारी नीतियों और पिछड़ों को सशक्त करने के प्रयासों के लिए उनकी व्यापक सराहना की जाती है। हमारी नारी शक्ति को सशक्त करने के लिए भी उन्होंने स्मरणीय प्रयास किए। उनके साथ हुए कई संवादों को मैं हमेशा संजो के रखूंगा।

स्वामित्व का अधिकार, महिला को देने के निर्देश

हरिओम उपाध्याय  

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान का सकारात्मक असर पड़ रहा है। 8 मार्च को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। इसके मद्देनजर ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिला सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न विभागीय आयोजन 26 फरवरी से ही शुरू कर दिए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और आत्मसम्मान के प्रति समाज अब और जागरूक हो रहा है। उन्होंने राजस्व विभाग को घरौनी के तहत स्वामित्व का अधिकार घर की महिला को देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह बात मिशन शक्ति की अब तक हुई प्रगति की मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित किए गए सामुदायिक शौचालयों में महिला कर्मी की तैनाती शीघ्र की जाए। उन्होंने सभी जिलों में अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक रिपोर्टिंग चौकी स्थापित करने के निर्देश दिए, जहां महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के संबंध में सूचना दर्ज कर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने ‘मिशन शक्ति’ के द्वितीय फेज़ के दौरान महिला थाने की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की स्थापना और इससे संबंधित प्रस्ताव, महिला साइबर क्राइम सेल, साइबर बुलीइंग व साइबर स्टॉकिंग के लिए डूज़ व डोन्ट्स, कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत महिला सुरक्षा समिति के गठन, समिति के स्वरूप, महिला हेल्प डेस्क में प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा, अत्याधिक वृद्ध महिला कैदी-शारीरिक रूप से अशक्त महिला कैदियों की रिहाई, ‘मिशन शक्ति’ पुरस्कार इत्यादि के संबंध में मुख्यमंत्री  को अवगत कराया।

संसद घेरने का आह्वान होगा, तैयार रहें किसान

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। किसान नेता राकेश टिकैत ने मंगलवार को कहा, कि अगर केंद्र सरकार ने कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया तो इस बार आह्वान संसद घेरने का कार्यक्रम होगा और वहां चार लाख नहीं चालीस लाख ट्रैक्टर जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से तैयार रहने को कहा क्योंकि कभी भी दिल्ली जाने का आह्वान हो सकता है। टिकैत मंगलवार को राजस्थान के सीकर में संयुक्त किसान मोर्चा की किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि कान खुल कर सुन ले दिल्ली, ये किसान भी वही हैं और ट्रैक्टर भी वही होंगे। लेकिन अबकी बार आह्वान संसद का होगा। कहकर जाएंगे संसद पर। इस बार चार लाख नहीं चालीस लाख ट्रैक्टर जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान इंडिया गेट के पास के पार्कों में जुताई करेगा और फसल भी उगाएगा। इसके अलावा राकेश टिकैत ने कहा कि संसद को घेरने के लिए तारीख संयुक्त मोर्चा तय करेगा। किसाने नेता ने कहा कि 26 जनवरी की घटना के मामले में देश के किसानों को बदनाम करने की साजिश की गई… देश के किसानों को तिरंगे से प्यार है, लेकिन इस देश के नेताओं को नहीं। टिकैत ने कहा कि सरकार को किसानों की तरफ से खुली चुनौती है कि सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस नहीं लिए और एमएसपी लागू नहीं की तो बड़ी-बड़ी कंपनियों के गोदाम को ध्वस्त करने का काम भी देश का किसान करेगा।राकेश टिकैत ने आगे कहा कि इसके लिए भी संयुक्त मोर्चा जल्द तारीख बताएगा। महापंचायत को स्वराज आंदोलन के नेता योगेंद्र यादव, अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमराराम, किसान यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी युद्धवीर सिंह सहित कई किसान नेताओं ने भी संबोधित किया। इससे पहले टिकैत ने चूरू जिले के सरदारशहर में भी किसानों की सभा को संबोधित किया। बता दें, कि किसान करीब 90 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हैं और उनकी सरकार से एक ही मांग है कि वो तीनों कृषि कानून को वापस लें।

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...