अकांशु उपाध्याय
नई दिल्ली। दिल्ली के सिंघु बार्डर पर किसान आंदोलन पल-पल रंग बदलता नजर आ रहा है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, सिंघु बार्डर पर स्थानीय प्रदर्शनकारियों और किसान प्रदर्शनकारियों के बीच पत्थरबाजी होने से माहौल में सरगर्मी बढ़ गई है। बढ़ते बवाल को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात काबू में करने का प्रयास किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी और एक व्यक्ति के चोटिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटना को नियंत्रित करने के लिए आंसूगैस के गोलों का भी प्रयोग किया। इससे पहले भारतीय किसान यूनियन के नेता और गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन की अगुवाई कर रहे राकेश टिकैत के आंसू काम कर गए थे। उनकी अपील के बाद किसानों का हुजूम गाजीपुर पर एक बार फिर जमा हो गया। स्थिति को भांप कर जिला प्रशासन ने यू टर्न लेते हुए पुलिस की संख्या को नियंत्रित कर दिया। गाजीपुर बॉर्डर पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर आंदोलनकारियों की चहल कदमी बढ़ती भी नजर आने लगी है।