बुधवार, 18 नवंबर 2020

गैंगस्टर रवि पुजारी को मुंबई लाने की तैयारी

गैंगस्टर रवि पुजारी को मुंबई लाने की तैयारी !


मुंबई । इसी साल दक्षिण अफ्रीका में गिरफ्तार कुख्यात गैंगस्टर रवि पुजारी को जल्द ही मुंबई लाया जाएगा। 10 दिसंबर से पहले उसे बेंगलुरु से मुंबई लाने की अनुमति मिल गई है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की ऐंटी एक्सटॉर्शन सेल के आवेदन को बेंगलुरु कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। बता दें कि रवि पुजारी को इसी साल अफ्रीका से भारत लाया गया था।


कोर्ट ने क्राइम ब्रांच को 10 दिसंबर से पहले किसी भी वक्त 10 दिनों के लिए रवि पुजारी को मुंबई ले जाने की इजाजत दी है। मुंबई पुलिस 2015 में एमएनएस नेता राजू पाटील की हत्या की साजिश के संबंध में रवि पुजारी से पूछताछ करेगी। पुलिस ने मुंबई कोर्ट में केस के लंबित होने का हवाला देते हुए बेंगलुरु अडिशनल सिटी सिविल और सेशन जज एसआर माणिक्य के समक्ष अर्जी लगाई थी।


केस में छह लोगों के खिलाफ ट्रायल पहले से ही खत्म हो चुका है और स्पेशल कोर्ट दिसंबर में अपना फैसला सुनाएगी। हालांकि रवि पुजारी जो इतने सालों तक गिरफ्त से बाहर था और उसका नाम भी वांटेड आरोपी में शामिल था, इसलिए उसका ट्रायल अलग चलाया जाएगा।


मुंबई में मामले के ट्रायल देख रहे स्पेशल कोर्ट जज ने हाल ही में बेंगलुरु कोर्ट को लेटर जारी करके जेल प्रशासन को पुजारी की कस्टडी मुंबई पुलिस को देने की गुजारिश की थी। पुजारी के वकील ने हालांकि आपत्ति दाखिल की थी और तर्क दिया था कि जिस केस के लिए उसकी कस्टडी मांगी जा रही है उसका जिक्र प्रत्यर्पण आदेश में नहीं था।


रवि पुजारी को मुंबई कब लाया जाएगा, इस बारे में क्राइम ब्रांच के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘दिवाली के तुरंत बाद ही, हम उसे मुंबई लाएंगे।’ मुंबई में पुजारी करीब 49 केस में आरोपी है। इनमें से 26 केस मकोका के कहत दर्ज हैं। 11 केसों में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुकी है।


गैंगस्टर रवि पुजारी रंगदारी और हत्या समेत करीब 200 मामलों में वॉन्टेड है। रॉ, आईबी और कर्नाटक पुलिस के अधिकारी उसे दक्षिण अफ्रीका के सेनेगेल से फरवरी में भारत लाए थे। अबू सलेम, छोटा राजन, एजाज लकड़वाला के बाद पुजारी को भारत लाया जाना एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा गया था। पुजारी पहले सेनेगल में पकड़ा गया था और फिर जमानत पर रिहा होने के बाद 13 महीने पहले फरार हो गया था।


बिल्डर और सांसद की हत्या की कोशिश का आरोप
रवि पुजारी के खिलाफ बॉलिवुड स्टार्स और कई नामचीन कारोबारियों को उगाही के लिए धमकाने, हत्या सहित करीब 200 केस दर्ज है। इनमें से 90 केस कर्नाटक के हैं जिनमें से 39 बेंगलुरु और 36 मेंगलुरु के हैं। सबसे चर्चित मामला बिल्डर ओमप्रकाश कुकरेजा की हत्या और सांसद मजीद मेमन की हत्या की कोशिश का था। इंटरपोल ने पुजारी और उसकी पत्नी पद्मा दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटस जारी किया था।                            


मुंबई में पारा लुढ़का, बड़ी गुलाबी ठंड

मुंबई में पारा लुढ़का, बढ़ी गुलाबी ठंड, मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ा


कविता गर्ग


मुंबई। दिवाली के मौसम मे ठंड गरम का उतार चढ़ाव शुरु हो गया है दिन मे पसीना निकालने वाली गर्मी रहती है, तो रात मे तापमान अचानक कम हो जाता है जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। दिन में गर्मी की मार झेल रहे मुंबईकरों को रात में हल्का हल्का ठण्ड का एहसास होने लगा है जिससे शहर में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है, इसकी गवाही मौसम विभाग के आंकड़े भी दे रहे हैं। मुंबई उपनगर का न्यूनतम तापमान पिछले ३ दिनों से २० डिग्री सेल्सियस से नीचे जा लुढ़का है। मौसम विशेषज्ञों की माने तो उत्तर से आने वाली ठंड हवा जे चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसका ही परिणाम है कि कपड़ों की दुकानों में गरम कपड़ों की बिक्रि शुरु हो गई है।


चादर और कंबल का उपयोग शुरु


न्यूनतम तापमान मे गिरावट का असर अब मॉर्निंग वॉक के समय भी महसूस किया जा रहा है। मुंबई के आसपास के क्षेत्र में रात के तापमान इतनी गिरावट हुई है कि लोगों ने चादर और कंबल का उपयोग भी शुरु कर दिया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों पर नजर डाले तो १२ नवंबर को मुंबई उपनगर का न्यूनतम तापमान १९.८ डिग्री सेल्सियस और शहर का तापमान २२.८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन में सूरज के तेवर अब भी कड़े हैं।


ठंडी हवा का दक्षिण की ओर प्रवाह


गुरुवार को उपनगर का अधिकतम तापमान ३३.८ डिग्री सेल्सियस और शहर का ३३.२ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुंबई के उपनगरीय इलाके जैसे बोरीवली में तो पारा १८ डिग्री सेल्सियस तक जा लुड़का है। मौसम का अनुमान लगाने वाली प्राइवेट संस्था स्काइमेट के प्रमुख मेट्रोलाजिस्ट महेश पालावत ने कहा कि देश के उतरी हिस्से राजस्थान से ठंडी हवा का दक्षिण की ओर प्रवाह शुरु हो गया है। जिसका हल्का असर मुंबई पर भी देखने को मिल रहा है। आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में भी २ से ३ डिग्री की बढ़त देखने को मिल सकती है क्योंकि दक्षिण पूर्व से मुंबई की ओर आने वाली गर्म हवाएं प्रबल हो जाएंगी। अब २२ नवम्बर के बाद ही मुंबई में एक बार फिर तापमान में गिरावट होगी।


महाराष्ट्र के कई हिस्सों में ठंड


उत्तर से आनेवाली ठंड हवाओंके चले महाराष्ट्र के कई हिस्सों में जमकर ठंड पड़ रही है। हालांकि क्षेत्रीय मौसम विभाग के उपनिदेशक के एच होसालिकर ने बताया कि महाराष्ट्र का न्यूनतम तापमान १५ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। जबकि मुंबई का न्यूनतम तामपान २० डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा।                                     


भाजपा के मिशन बंगाल से घबराई टीएमसी

बीजेपी के मिशन बंगाल से हिली टीएमसी 


कोलकाता। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे भी घोषित नहीं हुए थे। और भाजपा का मिशन बंगाल बहुत तेजी से शुरू हो गया। हालांकि यह कहना भी पूरी तरह सही नहीं है। क्योंकि भाजपा का मिशन बंगाल तो उसी समय से शुरू हो गया था। जब केशरीनाथ त्रिपाठी को राज्य पाल बनाकर भेजा गया था। केशरीनाथ त्रिपाठी ने नींव रखी थी। उस पर दीवार जगदीप धनखड ने खड़ी कर दी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के सामने हालात भिन्न हैं। अब तक भाजपा ने जहां-जहां कब्जा जमाया है। वहां के मजबूत दल को अपने साथ जोड़ा है। कभी प्रत्यक्ष रूप से और कभी अप्रत्यक्ष रूप से यह कूटनीति अपनायी गयी है। बिहार का ही उदाहरण ले लें तो स्पष्ट रूप से पता चलता है। कि वहाँ के बड़े दल जनता दल यूनाइटेड को भाजपा अपने साथ न रखती तो बिहार की सत्ता उसके पास नहीं आ सकती थी। भाजपा को 2015 में विधानसभा चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा था। सोचने वाली बात यह कि लगभग एक साल पहले ही लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जबर्दस्त सफलता हासिल की थी। इससे यह भी पता चलता है। कि लोकसभा चुनाव और राज्य के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं का रुख बदल जाता है। पश्चिम बंगाल में भी भाजपा को ऐसे ही हालात का सामना करना पड सकता है।
भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में जिस तरह से सफलता प्राप्त की थी। उसको विधानसभा चुनाव में दोहराया जाएगा यह दावे के साथ नहीं कहा जा सकता है। भाजपा को यहां से कोई ऐसा साथी दल मिलने की संभावना भी नहीं दिखाई पड रही जो मजबूत हो जैसा बिहार में जेडीयू है। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस के विपक्ष में कांग्रेस और वामपंथी दल हैं। ये दोनों दल कभी भी भाजपा के साथ नहीं जा सकते। इस प्रकार एक ही रास्ता भाजपा के लिए बचता है। और वो यह है । कि सत्ताधारी दल किसी तरह कमजोर हो जाए। तृणमूल कांग्रेस में यही हो रहा है।
पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।चुनाव के लिए कुछ ही महीने बचे हैं। चुनाव से पहले ही वहां राजनीतिक समीकरण बनने-बिगड़ने लगे हैं। राज्य में वाम शासन के दौरान नंदीग्राम और सिंगूर आंदोलन में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और फिलहाल राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथी रहे लोग अब उनसे दूरी बना रहे हैं। नंदीग्राम आंदोलन में ममता के साथ रहे सुवेंदु अधिकारी ने हाल ही में ममता से अलग रैली कर ली थी। इसके बाद से इस बात के कयास लगाए जाने लगे थे। कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। टीएमसी के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बीते दिनों अधिकारी के पिता से बात की थी। वहीं भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा था कि अधिकारी पार्टी में शामिल होंगे या नहीं, उन्हें यह नहीं पता। अब सिंगूर में ममता के साथ रहे रबीन्द्रनाथ भट्टाचार्जी ने पार्टी से इस्तीफा देने की बात कह दी है। भट्टाचार्जी ने टाटा के नैनो कारखाने के खिलाफ टीएमसी के आंदोलन में ममता का साथ दिया था। इस आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। इन सबके बाद अब हरिपाल से विधायक बेचाराम मन्ना के इस्तीफे ने पार्टी को हुगली जिले में परेशान कर दिया है। रबीन्द्रनाथ भट्टाचार्जी के साथ मतभेदों पर सार्वजनिक होने के बाद मन्ना ने 12 नवम्बर को सिंगूर सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। भट्टाचार्जी ने भी हाल ही में पार्टी छोड़ने की धमकी दी थी। बीते दिनों सीएम ममता बनर्जी ने पार्टी के ब्लॉक प्रेसिडेंट महादेब दास को हटा दिया था। दास को भट्टाचार्जी का करीबी माना जाता है। इसी तरह का बदलाव हरिपाल ब्लॉक में भी किया गया जिसके चलते मन्ना भी नाराज हो गए।
तृणमूल नेतृत्व ने मन्ना से कहा कि वह दास को फिर से उनके पद पर वापस नियुक्त कर दें। इसके बाद ही मन्ना ने इस्तीफा देने का मन बना लिया। पार्टी के महासचिव सुब्रत बख्शी ने कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस मुख्यालय में मन्ना को बुलाया और कथित तौर पर, इस्तीफे को वापस लेने और दिमाग शांत रखने के लिए कहा। मन्ना ने कथित तौर पर बनर्जी (ममता) से हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर भी बात की है। इसी के चलते 13 नवम्बर सुबह उत्तरपारा के विधायक, प्रबीर घोषाल ने मन्ना से उनके आवास पर बात की। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच गलतफहमी थी। लेकिन मेरा मानना है। कि मामला अब सुलझ गया है। अब कोई समस्या नहीं हैं। बेचाराम मन्ना सिंगूर आंदोलन का चेहरा हैं। और पार्टी इसे स्वीकार करती है। हालांकि मन्ना काफी समय तक मीडिया से दूर रहे। उन्होंने उस बयान को खारिज करने का कोई प्रयास नहीं किया लेकिन उनके समर्थकों ने दास को बहाल करने के पार्टी के राज्य नेतृत्व के फैसले के खिलाफ सिंगुर में विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय नेताओं का कहना है। कि मन्ना अभी भी पार्टी से खुश नहीं हैं। दूसरी ओर भट्टाचार्जी को लगता है कि मन्ना का इस्तीफा नाटक है। उनका कहना है। कि अपनी मांग मनवाने के लिए यह उनकी दबाव बनाने की रणनीति हो सकती है। इन सबके बीच हुगली से बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी ने इस मामले को लेकर तंज कसा। चटर्जी ने कहा कि श्तृणमूल कांग्रेस अब गुटबाजी से लड़ रही है। हुगली में टीएमसी नेता यह जानते हुए बाहर जाने की कोशिश कर रहे हैं। कि पार्टी यहां अपने वादों को पूरा नहीं कर पाई। सिंगूर ने ममता को सत्ता दिलाई थी। और यही जगह उनसे सत्ता छीनेगी भी। वहीं नंदीग्राम में टीएमसी के नेता सुवेंदु अधिकारी पिछले कुछ महीनों से पार्टी और कैबिनेट की बैठकों से दूर रह रहे हैं। वह पूर्वी मिदनापुर जिले में रैलियां कर रहे हैं। और इनमें वह पार्टी के बैनरों और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पोस्टरों का उपयोग नहीं कर रहे हैं। सुवेंदु अधिकारी ने अपनी रैलियों में कहा है। कि बहुत कम उम्र से कठिन परिश्रम करके वह जमीनी स्तर से यहां तक पहुंचे हैं और उन्हें कभी किसी ने कुछ भी थाली में सजाकर नहीं दिया। हालांकि उन्होंने कभी किसी का नाम नहीं लिया है। उनके इन कदमों की पार्टी के कुछ नेताओं ने आलोचना भी की है। एक तरफ ममता बनर्जी अपनी पार्टी के नेताओं से परेशान हैं। तो दूसरी तरफ भाजपा ने मिशन पश्चिम बंगाल के तहत गृहमंत्री अमित शाह को कमान सौंप दी है। अमित शाह कहते हैं। भले ही भाजपा को देश भर में लोकसभा की 300 से ज्यादा सीटें मिली हैं। लेकिन हमारे जैसे कार्यकर्ताओं के लिए बंगाल की 18 सीटें अहम हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 से राज्य में परिवर्तन के लिए 100 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं ने जान गंवाई, उनका त्याग 'सोनार बांग्ला' बनाने में काम आएगा। अमित शाह कहते हैं। हम ऐसे दल नहीं हैं। जो 10-10 साल तक सत्ता में बैठे रहें और बाद में दूसरे पर आरोप लगाएं। गृह मंत्री की बंगाल में वर्चुअल रैली हुई। अमित शाह बोले- ममता दीदी ने श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेनों को कोरोना एक्सप्रेस नाम दिया यह उनके बंगाल से बाहर जाने वाली एक्सप्रेस साबित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ममता सीएए का विरोध कर रही हैं। जिस दिन विधानसभा चुनाव की मतपेटियां खुलेंगी जनता उन्हें राजनीतिक शरणार्थी बना देगी। भाजपा ने ममता के 9 साल के कार्यकाल पर 9 बिंदुओं का आरोपपत्र जारी किया । पार्टी ने सोशल मीडिया पर 'आर नोई ममता (ममता का शासन अब और नहीं) अभियान भी चलाया है। अमित शाह कहते हैं। कि बंगाल की धरती में कई महापुरुषों ने जन्म लिया। इस भूमि में रामकृष्ण परमहंस स्वामी विवेकानंद, रवींद्रनाथ टैगोर जैसे अनेकानेक लोगों ने भारतीय संस्कृति को दुनिया भर में फैलाने का काम किया है। मैं बंगभूमि पर जन्मे सभी महान लोगों को प्रणाम करता हूं। जब कभी बंगाल का इतिहास लिखा जाएगा तो आपके परिवार के त्याग और बलिदान को याद किया जाएगा।                             


पीएम मोदी ने बाइडन को फोन पर बधाईंं दी

मोदी ने लगाया बिडेन को टेलीफोन


नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति जोसेफ आर बिडेन से टेलीफोन पर बात कर उन्हें बधाई दी है। नरेंद्र मोदी ने अमेरिका का राष्ट्रपति चुने जाने पर जोसेफ आर बिडेन को गर्मजोशी के साथ बधाई दी और कहा कि इस चुनाव से अमेरिका की लोकतांत्रिक परंपराओं की मजबूती का पता चलता है। प्रधानमंत्री ने अमेरिका की उपराष्ट्रपति निर्वाचित सीनेटर कमला हैरिस को भी बधाई और शुभकामनाएं दी।
बातचीत के दौरान नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 और 2016 की अपनी अमेरिका यात्राओं का उल्लेख करते हुए जोसेफ आर बिडेन के साथ अपनी मुलाकात तथा बातचीत को याद किया। दोनों नेताओं ने साझा मूल्यों और समान हितों पर आधारित भारत अमेरिका व्यापक वैश्विक सामरिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए काम करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने कोविड महामारी से निपटने के लिए किफायती वैक्सीन उपलब्ध कराने जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने और हिंद प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने जैसी प्राथमिकताओं के बारे में भी चर्चा की।                                                    


मेला कैसा है यह जनता तय करेंः ट्विंकल

ट्विंकल ने कहा मेला कैसा है ये जनता तय करे


मुम्बई। कलाकार से लेखक बनीं ट्विंकल खन्ना ने अपनी फिल्म मेला को ट्रिब्यूट देने के लिए एक तस्वीर शेयर की ये तस्वीर एक ट्रक के बैक की है। ये व्हाट्सएप फोरवर्ड तस्वीर है। इस तस्वीर में एक ट्रक के पीछे मेला का पोस्टर लगा हुआ है। इस पोस्टर में फिल्म में विलेन गुर्जर का किरदार निभाने वाले टीनू वर्मा की तस्वीर है। यह फिल्म साल 2000 में आई थी। इसे लेकर उन्होंने एक मजाक भी किया है।
ट्विकंल के इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा उन्हें नहीं पता कि ये फिल्म देखने के बाद लोगों को डर लगा या फिल्म बेहतरीन लगी ट्विकंल खन्ना ने लिखा कुछ चीजें मुझे लगता है। टाइमलेस हैं। यह मेरे मैसेज में आज भी आया है। और मैं क्या कह सकती हूं सिवाय इसके कि मेला निश्चित रूप से लोगों पर एक छाप या दाग छोड़ गई है। जो भी आप इसे और मेरे देश के बाकी हिस्सों पर देखते हैं।                              


चित्रगुप्त की जयंती, पूजन कार्यक्रम आयोजित

आदर्श श्रीवास्तव


लखीमपुर खीरी। भगवान श्री चित्रगुप्त जी की जयंती के शुभ अवसर पर सामूहिक यम द्वितीया दुइज पूजन एवम कलम पूजन कार्यक्रम स्थानीय श्री दुर्गे चित्रगुप्त मंदिर शाहपुरा कोठी में श्री  चित्रगुप्त कायस्थ सभा के संयोजन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का सुआरम्भ सभाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव जी द्वारा कुल देवता भगवान श्री चित्रगुप्त जी के विधि विधान पूजन , एवं श्री चित्रगुप्त चौराहे पर कलम दवात पूजन तत्पश्चात आरती एवं प्रसाद वितरण किया  गया। इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त कायस्थ सभा एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के सभी पदाधिकारी, राजीव रतन खरे, डा0 इरा श्रीवास्तव, एड0 राजेश सक्सेना ,ओमप्रकाश श्रीवास्तव, ज्ञानेन्द्र सक्सेना, एड0  राजेश श्रीवास्तव ,डा0 ओ0 पी0 श्रीवास्तव, प्रदीप सक्सेना मुकेश,श्रीमती शशी श्रीवास्तव,नीरज सक्सेना,  सौरभ सिन्हा,  प्रशांत सक्सेना, विक्की सक्सेना, गौरव श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव,आशीष श्रीवास्तव,   कुलदीप समर , शिप्रा श्रीवास्तव,  राकेश श्रीवास्तव, अचल श्रीवास्तव, प्रशांत श्रीवास्तव,  सुधाकर लाला, मनीष श्रीवास्तव,  संजय अस्थाना , विकास अस्थाना , इ0 विनय श्रीवास्तव,अंशू सक्सेना, मितुल श्रीवास्तव , डा0 संतोष श्रीवास्तव, श्रीमती श्वेता सहित  काफी संख्या मे भक्तों ने प्रसाद एवं आशीर्वाद प्राप्त किया ।                                   


टावर से बैटरी चोरी करते युवक गिरफ्तार किया

टावर से बैटरी चोरी करते युवक को पकड़कर भेजा जेल आदर्श श्रीवास्तव


धौरहरा/लखीमपुरखीरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी धौरहरा के नेतृत्व व प्रभारी निरीक्षक धौरहरा की अगुवाई मे वांछित वारंटी धरपकड़ अभियान के तहत बैटरी चोरी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।  सिसैया खुर्द धौरहरा स्थित दूरसंचार विभाग के टावर से बैटरी चोरी करते समय अभियुक्त नसीम पुत्र छोतन्ने निवासी ग्राम समर्दाहरी थाना ईसानगर को मैं माल सहित टावर के चौकीदार ने पकड़ लिया और कोतवाली के उप निरीक्षक राजेश कुमार यादय को सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी विद्या सागर पाल द्वारा मु.आ.स.551/2020 धारा 379,411 IPC पंजीकृत कर जेल भेजा गया।                                        


इंस्पेक्टर ने क्षेत्र के बैंकों का निरीक्षण किया

इंस्पेक्टर धौरहरा ने कस्बे की बैंको का किया निरीक्षण


धौरहरा/लखीमपुर खीरी। ऑपरेशन ऑल आउट के तहत प्रभारी निरीक्षक धौरहरा ने पुलिस फोर्स के साथ कस्बे की समस्त बैंको का निरीक्षण किया और बैंको के आस पास खड़े संदिग्ध लोगों को चेक किया गया और दुकानदारों को हिदायत दी की आस पास अनावश्यक लोगो को खड़ा न होने दे। पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशानुसार चलाये जा रहे ऑपरेशन ऑल आउट के तहत प्रभारी निरीक्षक धौरहरा विद्या सागर पाल ने दल बल के साथ कस्बा धौरहरा की भारतीय स्टेट बैंक, इंडियन बैंक,आर्यावर्त बैंक जिला सहकारी बैंक को चेक किया गया और बैंक के आसपास खड़े संदिग्ध व्यक्तियों की जमा तलासी ली गई व उनको हिदायत चेतावनी देकर छोड़ा गया। इसके साथ ही चाय की दुकान पान की दुकान व जलपान गृह के मालिको को हिदायत दी गई अपने आसपास अनावश्यक लोगों की भीड़ एकत्रित ना होने दें। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन छानबीन व चेकिंग की गई।                                         


मम्मी-पापा की तरह शोहरत बटोर रहा तैमूर

मम्मी-पापा की तरह शोहरत बटोर रहे तैमूर


मुम्बई। तैमूर अली खान अपने पिता सैफ अली खान और मां करीना कपूर खान से कही ज्यादा हो शोहरत बटोर रहे है। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो जाती है। कई बार इन वीडियो और तस्वीरों को लेकर वह ट्रेंड पर भी हो जाते हैं। और जब सैफ करीना और तैमूर एक ही वीडियो और तस्वीर में हो, तो वह काफी तेजी से वायरल होती है। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है।
इस वीडियो में सैफ अली खान, करीना कपूर खान और तैमूर अली खान है। यह एक बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो का है। इस वीडियो में सैफ अली खान के एक दोस्त भी हैं। जो पटौदी परिवार के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है। कि जैसे ही सैफ अली के दोस्त केक काटने लगते हैं। करीना और सैफ बर्थडे सॉन्ग गाने लगते हैं।                                     


बस्तीः 75,000 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ खत्म

15 साल पुराने 75 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ खत्म


बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले मे 75 हजार दो पहिया तथा चार पहिया वाहनो का रजिस्ट्रेशन समाप्त हो गया है। क्योंकि ये वाहन 15 साल का समय पूरा कर चुके है। वाहन स्वामियो को दूसरा री-रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ेगा। आधिकारिक सूत्रो ने बुधवार को यहां कहा कि नये वाहन लेने के बाद उनका री-रजिस्ट्रेशन 15 साल के लिए होता है। वाहन स्वामियो को 15 साल के बाद रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है। जिले मे 75 हजार गाडि़यो का रजिस्ट्रेशन समाप्त कर दिया गया है। जो कि वे अपने 15 साल का समय पूरा कर चुके हैं । आरटीओ विभाग ऐसे सभी वाहन स्वामियो को री-रजिस्ट्रेशन के लिए नोटिस जारी करेगा । री-रजिस्ट्रेशन न करवाने वाले वाहन स्वामियो के विरूद्व कार्यवाही भी की जायेगी ।                                


लॉक डाउन की मना, बाजार हो सकते हैं बंद

दिल्ली में लॉकडाउन बिल्कुल नहीं,बाजार किए जा सकते हैं बंद सत्येंद्र जैन


अकाशुं उपाध्याय


नई दिल्ली। में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन की अटकलें बढ़ गई थीं। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन बिल्कुल नहीं होगा। यहां इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। कुछ स्थानीय प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।अभी अधिकतम टेस्ट किए जा रहे हैं। जिसकी संख्या और बढ़ पाएगी।
जब उनसे छठ पूजा को लेकर बात की गई तो वह बोले कि छठ पूजा के दौरान भारी भीड़ इकट्ठी होने से कोरोना वायरस बड़ी मात्रा में फैल सकता है। इसलिए घाटों पर पूजा पर रोक लगाई गई है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा दिल्ली सरकार का लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है। लॉकडाउन कोरोना से लड़ने का उपाय नहीं है। इससे लड़ने का एकमात्र उपाय मेडिकल मैनेजमेंट है। अभी दिल्ली में 26000 लोग होम आइसोलेशन में हैं। हमारे पास 16000 बेड हैं जिनमें से 50/ बेड खाली हैं।                                  


डीके ठाकुर लखनऊ के नए कमिश्नर बने

डी के ठाकुर बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर


संदीप मिश्र


लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा के चार अधिकारियों का तबादला कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि लखनऊ के पुलिस कमिश्नर सुजीत कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक एटीसी के पद पर भेजा गया है। वहीं एटीएस के अपर पुलिस महानिदेशक ध्रुव कुमार ठाकुर का तबादला सुजीत कुमार के स्थान पर लखनऊ के पुलिस कमिश्नर के पद पर किया गया है।
उन्होने बताया कि प्रतीक्षारत आईपीएस अधिकारी जीके गोस्वामी को एटीएस में अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वहीं एक और प्रतीक्षारत राजकुमार को पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।                                         


प्रत्येक विकलांग को आत्मनिर्भर बनाऐंगेः स्मृति

पालघर। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि प्रत्येक विकलांग व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाना केंद्र सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में से एक है। स्मृति ईरानी ने मंगलवार की शाम को यहां दहानू नगर परिषद की ओर से विकलांगों को फंड वितरण करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार नागरिकों को जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा निर्वाचित प्रतिनिधियों को उन तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास करना चाहिए।


उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कपड़ा मंत्रालय को पीपीई किट की आवश्यकता थी और तब स्वदेशी पीपीई किट के निर्माण का जोखिम उठाया गया जिसमें हम सफल रहे। उन्होंने कहा कि आज देश पीपीई किट के मामले में आत्मनिर्भर है। केंद्रीय मंत्री ने विकलांग व्यक्तियों के कल्याण के वास्ते अलग से फंड रखने के लिए दहानू नागरिक निकाय की सराहना की। इस मौके पर दहानू नगर परिषद ने करीब 300 विकलांगों को 10,000 रुपये की सहायता राशि वितरित की।                                    

भारत के निर्माण में हरसंभव योगदान देंः सिंह

अकांंशु उपाध्याय


नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज युवाओं का आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए नये भारत के निर्माण में हरसंभव योगदान दें। राजनाथ सिंह ने छठे संविधान दिवस से एक सप्ताह पहले आज यहां युवा संगठनों द्वारा, ‘कॉन्स्टिट्यूशन डे यूथ क्लब एक्टिविटीज’ के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि युवाओं के इस देश में, युवा शक्ति को मज़बूत करने, और उसे आगे ले जाने के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर, नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना , हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और ‘रेड क्रॉस सोसाइटी’ जैसी अनेक संस्थाएं काम कर रही हैं।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी समय समय पर सभी युवा संगठनों से एक प्लेटफार्म पर आकर, देश और समाज से जुड़े मुद्दों पर लोगों में जागरूकता फैलाने तथा नये भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान किया है। संविधान के मूल्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह किसी न किसी रूप में देश का सबसे अहम मार्गदर्शक है। यह न केवल हमारी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत, बल्कि दुनिया के अनेक संविधानों के श्रेष्ठ विचारों का यह निचोड़ है। राजनाथ सिंह ने कहा कि संविधान निर्माताओं का मानना था कि भारत जैसे विविधता वाले राष्ट्र को, एक सूत्र में बांधकर रखने वाला हमारा संविधान ही है। यह संविधान दुनिया भर में भारत की पहचान है क्योंकि यह भारत के लोगों का, भारत के लोगों द्वारा, और भारत के लोगों के लिए है।


उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने अपने पहले ही साक्षात्कार में यह स्पष्ट किया था, कि संविधान का अच्छा या बुरा साबित होना उसके नियमों पर नहीं, बल्कि उसे अमल में लाने वाले लोगों पर निर्भर करेगा। यानी हम और आप पर यह निर्भर करता है, कि हमारा देश, हमारी व्यवस्था, कैसे, और किस दिशा में प्रगति करेगी। संविधान में उल्लिखित कर्तव्यों तथा अधिकारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी कहते थे कि हमारे कर्तव्य में ही हमारा अधिकार भी निहित है।                                 


बिहारः भ्रष्टाचार के आरोपी को बनाया मंत्री

पटना। बिहार सरकार में जदयू कोटे से डॉ. मेवालाल चौधरी को मंत्री बनाये जाने को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। तेजस्वी ने नीतीश कुमार से पूछा कि असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति में भ्रष्टाचार करने के आरोपी को शिक्षामंत्री बनाकर क्या उन्हें लूटने की खुली छूट प्रदान की गयी है? तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा कि भ्रष्टाचार के अनेक मामलों के भगोडे़ आरोपी को शिक्षामंत्री बना दिया। अल्पसंख्यक समुदायों में से किसी को भी मंत्री नहीं बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सत्ता संरक्षित अपराधियों की मौज है और रिकॉर्डतोड़ अपराध की बहार है।


तेजस्वी ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि कुर्सी की खातिर अपराध, भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिकता पर मुख्यमंत्री जी प्रवचन जारी रखेंगे। राजद नेता ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ने असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति और भवन निर्माण में भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420, 467, 468, 471 और 120ब के तहत आरोपी मेवालाल चौधरी को शिक्षामंत्री बनाकर क्या भ्रष्टाचार करने का इनाम एवं लूटने की खुली छूट प्रदान की है? इससे पहले राजद ने आधिकारिक ट्वीट में कहा कि तेजस्वी पर फर्ज़ी केस करवा कर वह इस्तीफा मांग रहे थे और यहां खुद एक भ्रष्टाचारी मेवालाल को मंत्री बना रहे हैं।


गौरतलब है कि जदयू विधायक डॉ. मेवालाल चौधरी राज्य की तारापुर विधानसभा सीट से निर्वाचित हुये हैं। उन्हें नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। राजनीति में प्रवेश से पहले मेवालाल भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति थे।                                 


पत्रकार को पत्नी सहित पीट-पीट कर मार डाला

शशांक तिवारी की रिपोर्ट


लखनऊ । एक हिन्दी दैनिक में संवाददाता रह चुके एक पत्रकार और उसकी पत्नी को सोनभद्र जिले के बरवाडीह गांव में बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला गया। पीड़ित उदय पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतला ने मंगलवार को वाराणसी के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की वजह एक पूर्व ग्राम प्रधान के साथ पुरानी दुश्मनी है। मृतक ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को खतरे में देखकर पुलिस से संपर्क भी किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब 3 पुलिस कर्मियों को हटाया गया है।


सोनभद्र के एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बुधवार को कहा, “इस संबंध में कोन पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर, एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। 6 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, मुख्य आरोपी गांव का पूर्व प्रधान केवल पासवान फरार है, उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।”आरोपियों से धमकी मिलने के बाद उदय और उनकी पत्नी शीतला सोमवार सुबह कोन पुलिस स्टेशन गए थे। जब वे शाम को मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, उन पर लाठी और डंडों से हमला किया गया। दंपति मदद के लिए पुकारते रहे लेकिन कोई आगे नहीं आया। उदय की मौके पर ही मौत हो गई और शीतला को गंभीर चोटें आईं और मंगलवार की शाम को उसने भी दम तोड़ दिया। उदय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


श्रीवास्तव ने कहा, “उदय के बेटे विनय पासवान की शिकायत पर पूर्व ग्राम प्रधान केवल पासवान, उनकी पत्नी कौशल्या, बेटे जितेंद्र, गब्बर, सिकंदर और उनके प्रतिनिधि एलाक आलम के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148 और 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।”केवल और उसके परिवार के साथ उदय के परिवार की दुश्मनी थी। 2016 और 2018 में भी दोनों के खिलाफ मामले दर्ज हुए थे। विनय ने कहा, “मेरे पिता ने लखनऊ में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी शिकायत की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश जारी होने के बावजूद सोनभद्र पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया।”                               


मुस्लिम धर्मगुरु कल्बे सादिक की हालत गंभीर

अभिषेक श्रीवास्तव 


लखनऊ। आल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष विख्यात मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक की हालत गम्भीर मगर स्थिर है। मौलाना सादिक के बेटे कल्बे सिब्तैन नूरी ने बुधवार को बताया कि निमोनिया की गम्भीर बीमारी से जूझ रहे उनके 82 वर्षीय पिता की हालत अब भी गम्भीर, मगर स्थिर है।


उन्होंने बताया कि पिता राजधानी लखनऊ स्थित एरा मेडिकल कॉलेज में पिछले करीब डेढ़ महीने से भर्ती हैं। नूरी ने बताया कि उनके पिता को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। हालांकि कोविड-19 जांच रिपोर्ट में उनमें इस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। उनके रक्तचाप और आक्सीजन के स्तर में लगातार गिरावट होने पर उन्हें मंगलवार की शाम आईसीयू में दाखिल किया गया था।


सिब्तैन नूरी ने बताया कि हालांकि पिता (मौलाना कल्बे सादिक) की स्थिति गम्भीर है मगर उसमें और गिरावट नहीं आयी है। गौरतलब है कि आल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक पूरी दुनिया में अपनी उदारवादी छवि के लिये जाने जाते हैं।                                    


एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा की बैठक

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर एमएलसी चुनाव को लेकर एक बैठक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ की गई। जिसमें मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं  जिला प्रवासी डॉ अनिल अग्रवाल व एमएलसी चुनाव प्रभारी सुनीता दयाल , जिन्होंने मतदाता से बात कर केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं के बारे में जानकारी दी और पार्टी के प्रत्याशी को विजय बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता से चुनाव में लगने के लिए कहा। जिस में उपस्थित जिला अध्यक्ष उमेश राणा जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।                              


अभय हमेशा तोड़ने की बात करते हैंः चौटाला

राणा ओबरॉय


चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने इनेलो नेताओं की जेजेपी पर टिप्पणी के खिलाफ सख्त जवाबी हमला बोला है। दिग्विजय चौटाला ने मीडिया में आए इनेलो नेताओं के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें जेजेपी के टुकड़े टुकड़े होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि यह सोच देशविरोधी तत्वों की सोच से मेल खाती है और इतिहास गवाह है कि ऐसे लोगों का अंजाम कभी अच्छा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इनेलो नेता अभय चौटाला हमेशा तोड़ने की बात करते हैं जो उनकी पार्टी के हस्र की प्रमुख वजह है।


दिग्विजय चौटाला ने कहा कि दो साल पहले तानाशाही कर डॉ अजय सिंह चौटाला और तत्कालीन सांसद दुष्यंत चौटाला को इनेलो से निकालकर अभय सिंह ने अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारी थी और उनकी इस हरकत को आज इनेलो से जुड़े लोग भुगत रहे हैं। अभय चौटाला की ओर से जेजेपी को टुकड़े टुकड़े गैंग कहे जाने पर दिग्विजय ने कहा कि गैंग और गैंगस्टर जैसे शब्द सुनते ही हरियाणा के लोगों के जहन में किसका चेहरा आता हैयह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ अजय सिंह चौटाला और जेजेपी की छवि सकारात्मक और विकासवादी राजनीति की है जबकि इनेलो और इनेलो नेताओं को आज अपने अस्तित्व का खतरा हो गया है। दिग्विजय ने हैरानी जताई कि इनेलो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जेजेपी को लेकर मंथन किया गया है। उन्होंने कहा कि खुद के भविष्य में इनेलो को कोई गुंजाइश नजर नहीं आती इसलिए दूसरों के प्रति भड़ास निकाल कर ही दिल को बहलाया जा रहा है। दिग्विजय ने कामना की कि भगवान इनेलो नेताओं को सदबुद्धि दे।                                         


 

 


फर्शे अज़ा सिखाता है जिंदगी का सलीक़ा

फर्शे अज़ा सिखाता है ज़िन्दगी को अच्छी तरबीयत के साथ जीने का सलीक़ा


(मौलाना मो०अली गौहर)


बृजेश केसरवानी


प्रयागराज। इन्सान को वालीदैन की अज़मत और खिदमतगुज़ारी की नाफरमानी नहीं करनी चाहिये।माँ बाप को दूखी रखने और उसकी क़ुरबत न हासिल करने के बाद भी जितनी दौलत और सरमाया जमा कर लिया जाए अल्लाह उससे कभी राज़ी नहीं होता।अगर इनसान चाहता है की अल्लाह को राज़ी रखा जाए तो अपने वालीदैन के साथ हुसने सुलूक से पेश आओ।उक्त बातें मौलाना मो०अली गौहर साहब क़िबला ने दायरा शाह अजमल स्थित इमामबाड़ा नवाब अब्बन मरहुम के अज़ाखाने मे स्व सै०हसन अब्बास सफवी (सग़ीर) की बरसी की मजलिस को सम्बोधित करते हुए इल्म हासिल करने के साथ वालीदैन के साथ बच्चों का कैसा सुलूक होना चाहिये इस पर तफसीली गुफ्तुगु की।मौलाना गौहर ने कहा माले दुनिया हासिल कर लेना ही बेहतरीन तरबीयत का तक़ाज़ा नहीं।अपने को जन्म देने वाले माँ और बाप से हुसने सुलूक से पेश आना ही अल्लाह की रज़ा और क़ुरबत हासिल करने का ज़रीया है। वालीदैन की खुशनूदी हासिल करने का मेयार है की जब भी अपने वालीदैन को कुछ दो तो एक हाँथ से नहीं दोनों हाँथों से दो ताकी उनका हाँथ तुमहारे हाँथों से उपर रहे।और उनहे नीचे झूकना न पड़े।मौलाना ने हराम की ग़ेज़ा से बचने की ताकीद करते हुए करबला वालों से सीखने की नसीहत की कहा हुसैन और खानदाने रिसालत ने भूखा रहना गवारा किया लेकिन माले हराम को ग़ेज़ा नहीं बनाया।मौलाना की तक़रीर से पहले शहनशाह हुसैन सोनवी ने मर्सियाख्वानी से मजलिस का आग़ाज़ किया।शायर डॉ०क़मर आब्दी,अनवार अब्बास और नायाब बलयावी ने ताज़ियती नज़्म के ज़रीये खेराजे अक़ीदत पेश की।नायाब बलयावी ने अपने तास्सुरात का कुछ इस अन्दाज़ मे   तंज़ कसने वालों पर प्रहार किया कहा:- तनज़ीया अश्के ग़में शाह पे हसने वालों!
मुरदा होने से जो बचना है तो रोना होगा!!
ग़ैर होकर भी तरफदार ए अज़ा दिखता है!
हो न हो उसने तबर्रुक़ कभी खाया होगा!!
कोरोना काल में मात्र पाँच लोगों की इजाज़त मिलने पर कहा। पाँच अफराद की मजलिस मे इजाज़त थी मिली!
पंजतन आँएगे तो रौशन अज़ाखाना होगा!!
मजलिस में स्व हसन अब्बास सफवी की मग़फिरत को दुआ भी की गई।इस मौक़े पर मंज़र कर्रार,जलाल हैदर,ज़ाकिरे अहलेबैत रज़ा अब्बास ज़ैदी,सै०मो०अस्करी,क़मर भाई,रज़ा इसमाईल सफवी,अस्करी अब्बास,ज़ेया इसमाईल सफवी,अर्श अब्बास,काज़िम अब्बास,अहमद जावेद,बाक़र मेंहदी,ज़रग़ाम हैदर,जावेद रिज़वी करारवी,तसवीर मुस्तफा,अनवर मुस्तफा,शादाब रज़ा,शादाब मसीहउज़्ज़माँ,शबीह अब्बास जाफरी,कामरान रिज़वी,माजिद अली समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


महिला दरोगा ने कोतवाल पर लगाए आरोप

भानु प्रताप उपाध्याय


शामली। कैराना कोतवाली पर तैनात एंटी रोमियो प्रभारी अंजू का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में अंजू कह रही है कि 'मैं उपनिरीक्षक अंजू, मेरी पोस्टिग थाना कैराना जनपद शामली में हैं। मेरी यहां पर 25 जुलाई में कांधला थाने से पोस्टिग हुई है। आरोप लगाया कि एसएचओ प्रेमवीर राणा मेरे ऊपर अनावश्यक रूप से दबाव बनाते हैं या फिर मैं उनकी कोई बात नहीं मानती, तो फिर मेरी रपट लिख देते हैं। मैं नारी सशक्तिकरण में एंटी रोमियो प्रभारी हूं। दारोगा आगे बताती है कि मैं सात बजे से रात के आठ बजे तक ड्यूटी करती हूं। कभी-कभी यह हमारे साथ में भी जाते हैं। कभी 10 बज जाते हैं, यानि कि मैं 16-17 घंटे ड्यूटी करती हूं।


आरोप है कि उसके बावजूद मुझे सभी के सामने निकम्मा कहते हैं। यह निकम्मी हैं, कुछ काम नहीं करती। मैं यदि किसी वजह से अनुपस्थित हो जाती हूं, कोई परेशानी हो गई या कमरे पर दवाई लेने गई, तो मुझे उत्पीड़न करते हैं और रपट लिख देते हैं। दारोगा कह रही है मैंने उच्च अधिकारियों से शिकायत की। कहती है कि कप्तान साहब के यहां गई, वे त्योहारों की वजह नहीं थे। उसके बाद मैं डीआईजी के यहां सहारनपुर आई। डीआईजी ने कहा कि वह इस मामले को संज्ञान में लेंगे। दारोगा ने कहा कि मैं यह चाहती हूं, जिस तरह से महिला सशक्तिकरण चल रहा है, यदि मैं एंटी रोमियो प्रभारी हूं और मुझे परेशान किया जा रहा है तो मैं महिलाओं को कैसे इंसाफ दिला सकती हूं। इस मामले में एसपी नित्यानंद राय का कहना है कि एंटी रोमियो प्रभारी एसआई अंजू द्वारा थाना प्रभारी के ऊपर ड्यूटी को लेकर कुछ आरोप लगाए गए हैं। वीडियो संज्ञान में लिया गया है तथा क्षेत्राधिकारी कैराना से इसकी जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ दंडनात्मक कार्रवाई की जाएगी।                                       


हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...