गुरुवार, 7 मई 2020

426 डॉक्टरों को किया बर्खास्त

लंबे समय से गायब चल रहे 426 डॉक्टरों को सरकार ने किया बर्खास्त, जल्द होगी 647 की भर्ती


नई दिल्ली। सरकार ने लंबे समय से गायब चल रहे 426 डॉक्टरों को बर्खास्त कर दिया है। बुधवार को स्वास्थ्य सचिव की ओर से इसके आदेश किए गए। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बुधवार को सचिवालय में बताया कि लोक सेवा चयन आयोग से चयन के बाद राज्य के 385 डॉक्टरों ने ज्वाइन ही नहीं किया। वर्ष 2010 से 2016 के बीच आयोग की ओर से इन डॉक्टरों का चयन किया गया था। लेकिन शासन की ओर से नियुक्ति देने के बाद ये डॉक्टर एक दिन भी तैनाती स्थल पर नहीं पहुंचे। इसके अलावा 41 ऐसे डॉक्टरों को भी बर्खास्त किया गया है जिन्होंने आयोग से चयन के बाद एक बार ज्वाइनिंग तो दी लेकिन फिर गायब हो गए। मुख्य सचिव ने बताया कि इन सभी डॉक्टरों को बर्खास्त कर दिया गया है। इससे राज्य में नए डॉक्टरों की भर्ती का रास्ता साफ होगा और राज्य में खाली चल रहे डॉक्टरों के सभी पदों को भरा जा सकेगा।


647 डॉक्टरों की भर्ती जल्द


मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि 426 डॉक्टरों को बर्खास्त करने के साथ सरकार ने 647 डॉक्टरों की भर्ती करने का निर्णय लिया है। इसमें से 467 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव जल्द उत्तराखंड चिकित्सा चयन बोर्ड को भेजा जाएगा। इसके साथ ही सरकार 180 डॉक्टरों के पदों को पुनर्जीवित करने जा रही है। इस तरह कुल मिलाकर राज्य में 647 पदों पर नए डॉक्टरों की तैनाती हो सकेगी।


एक थाने के 26 पुलिसकर्मी संक्रमित

मुंबई। महाराष्ट्र में एक ही पुलिस थाने के 12 पुलिस अधिकारियों समेत 26 पुलिसकर्मी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 12 अधिकारियों समेत ये पुलिसकर्मी दक्षिण मुंबई के जे जे मार्ग पुलिस थाने में तैनात हैं। इन संक्रमित पुलिसकर्मियों के संपर्क में आने वाले सभी कर्मचारियों को आइसोलेशन में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि इतने सारे संक्रमण के मामलों को देखते हुए लगता है कि जे जे मार्ग पुलिस थाना शहर में संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित थाना है।


अब तक मुंबई में अधिकारियों समेत कुल 233 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं जिनमें से 3 पुलिसकर्मियों की संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है। उधर पूर्वी मुंबई के कुर्ला में बुधवार को दो पुलिस कांस्टेबल कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि कुर्ला पुलिस थाने के इन कांस्टेबलों की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई और उन दोनों को आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों की उम्र 40-50 वर्ष के करीब है और उनमें से एक ऐरोली में रहता है, जबकि दूसरा नेहरू नगर की पुलिस कॉलोनी में रहता है।


मुंबई में बढ़ रही संक्रमितों की संख्या


मुंबई में बुधवार को संक्रमितों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई। यहां 24 घंटे में 769 नए केस सामने आए जिसके बाद शहर में संक्रमितों की संख्या 10,567 हो गई। मुंबई में एक दिन में 25 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद कोविड-19 से दम तोड़ने वालों की संख्या 412 हो गई। एक दिन में 159 लोगों के ठीक होने के बाद कोरोना वायरस से मुक्त होने वालों का आंकड़ा 2287 बढ़कर ठीक हो गया है। शहर में बुधवार को 443 कोरोना संदिग्धों को भर्ती किया गया है।


राज्य में संक्रमितों की संख्या 17 हजार के करीब


पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोविड-19 के एक दिन में सबसे अधिक 1,233 नये मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 16,758 हो गए. राज्य में 34 मौतें होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 651 हो गई।


प्रेमी की हत्या कर, किया समर्पण

शादी से इंकार करने पर नाबालिग प्रेमिका ने प्रेमी की हत्या कर थाने में किया सरेंडर


कविता गर्ग


रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक लव स्टोरी, हेट स्टोरी बनकर सामने आई। नाबालिग प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी की पहले हत्या की और फिर थाने पहुंचकर पुलिस के सामने अपराध कबूल कर सरेंडर कर दिया। दो साल के प्यार के बाद प्रेमी शादी से इनकार कर रहा था, इसलिए प्रेमिका ने यह खौफनाक रास्ता अपनाया. घटना बेड़ो थानाक्षेत्र की है।


जानकारी के मुताबिक, शादी से इनकार की बातकर सुनकर नाबालिग प्रेमिका के सिर पर ऐसा खून सवार हुआ कि उसने प्रेमी की हत्या कर दी। महज 2 साल के प्रेम में 16 साल की नाबालिग युवती को प्रेमी के लिए कदर गुस्सा फूटा कि वह प्रेमी के लिए विलेन बन गई। आरोपी प्रेमिका ने प्रेमी के सिर पर रॉड से इतना जोर से प्रहार किया कि प्रेमी की मौके पर मौत हो गई। हत्या के बाद नाबालिग युवती बेखौफ थाने पहुंची और हत्या करने की बात स्वीकार कर पुलिस को पूरी कहानी बताई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


एक महीना पहले युवक से हुई थी मारपीट


बेड़ो थानाक्षेत्र के टेरो चटकपुर गांव में सचिन गोप नामक 22 वर्षीय युवक के साथ नाबालिग का पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन युवक शादी से इनकार कर रहा था। इसी वजह से प्रेमिका ने गुस्से में आकर इस घटना को अंजाम दिया। युवक का शव गांव के ही एक पुराने मकान में मिला। घटना से गांव के लोग भी सकते में हैं. जानकारी के मुताबिक, युवती के परिजनों ने करीब महीनेभर पहले युवक के साथ मारपीट भी की थी। उस मामले में युवक के पिता ने प्रेमिका सहित उसके घरवालों को पर बेड़ो थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।


स्टेप बाय स्टेप हटाया जाए लॉक डाउन

जिनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) प्रमुख ने दुनिया के देशों का आगह कर कहा है कि यदि लॉकडाउन को सही तरीके से नहीं हटाया गया, तो इससे मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 


डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ट्रेडोस अधनोम घेब्रेयसस ने चेताते हुए कहा कि अधिकतर देश कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर अपने यहां लागू तथाकथित लॉकडाउन प्रतिबंधों को कम करने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें चाहिए कि वे लॉकडाउन से बाहर निकलने के उपाय बेहद सावधानी से करें। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बुधवार को जिनेवा में हुई एक ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके हवाले से कहा, "यदि देशों द्वारा संक्रमण का प्रबंधन बेहद सावधानी और चरणबद्ध तरीके से नहीं किया गया, तो ऐसी स्थिति में लॉकडाउन में पुन: लौटने का जोखिम वास्तविक रूप से बना हुआ है।"


डब्ल्यूएचओ ने छह मापदंडों पर विचार करने के लिए सभी देशों से सिफारिश की है, जिन्हें उन्होंने दोहराया। सख्त निगरानी, आइसोलेशन, प्रत्येक मामले में टेस्टिंग कर उपचार करना, हर संपर्क को ट्रेस करना, वर्कप्लेस व स्कूलों में पर्याप्त निवारक उपाय अपनाना और पोस्ट लॉकडाउन के नए मानदंड पर जनता का पूर्ण सहयोग प्राप्त करना इसमें शामिल है। विश्व स्वास्थ संगठन प्रमुख ने कहा कि डब्ल्यूएचओ को मिली रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 2 लाख 50 हजार लोगों की मौत सहित कोविड-19 संक्रमण के अब तक 35 लाख से अधिक मामले देखने को मिले हैं।


उन्होंने कहा कि अप्रैल माह की शुरुआत के बाद से प्रत्येक दिन औसतन 80 हजार के लगभग मामले आ रहे हैं। ट्रेडोस ने कहा, "ये सिर्फ संख्या नहीं हैं.. हर एक मामले में एक मां-बाप, बेटा-बेटी, भाई-बहन या दोस्त शामिल हैं।"


संक्रमण से मुक्त, पहला संक्रमित राज्य

अनिल सिन्हा 
नई दिल्ली। आज तीसरा दिन है। केरल में एक भी नया कोरोना केस नहीं आया। वहां 502 मरीज मिले थे। तीस को छोड़कर सभी ठीक होकर घर जा चुके हैं। चार लोगों की मौत हो गयी। केरल में 30 जनवरी को पहला केस आया था। उसके बाद वहां की सरकार सक्रिय हो गयी। 12 मार्च को ही आंशिक लॉकडाउन शुरू कर दिया गया और फिर पूरा लॉकडाउन। मुख्यमंत्री विजयन रोज प्रेस कांफ्रेंस करते हैं। लूडो नहीं खेलते हैं और टीवी सीरियल नहीं देखते हैं! स्वास्थ्य मंत्री शैलजा ने रात-दिन एक कर रखा है। राज्य सरकार बीपीएल और एपीएल सभी को राशन दे रही है। सैंकड़ों सामुदायिक भोजनालय चल रहे हैं। घर में जो राशन किट भेजा जा रहा है-उसमें 17 चीजें हैं, सिर्फ चावल दाल नहीं। प्रवासी मजदूरों की हालत भी जान लें।


उन्हें गेस्ट वर्कर्स का दर्जा पहले से मिला है। उनके लिए कैम्प्स बना दिए गए हैं जहाँ खाना-पीना और दवा का पूरा इंतजाम। हाँ, जो जाना चाहें, उनके जाने का इंतजाम भी कर रहे हैं। देश से बाहर के भारतीयों को 64 हवाई जहाज में वापस लाया जा रहा है। इसमें से 15 हवाई जहाज केरल में उतरने वाले हैं। उतरनेवालों को क्वॉरंटीन करने के लिए 3 लाख बेड का इंतजाम कर दिया गया है। मीडिया में पॉजिटिव ख़बरों के नाम पर आप फूलों की वर्षा और कोरोना गीत गाते सिपाही को देखते रहिए ; पूरा हिंदुस्तान अपनी ताकत से कोरोना से लड़ रहा है, लेकिन आप इससे अनजान रहेंगे!


 


स्पेनः 24 मई तक आपातकाल बढ़ाया

स्पेन ने 24 मई तक बढ़ाया आपातकाल


मैड्रिड। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कोरोना से पैदा हुए हालात से निपटने के लिए देश में जारी आपातकाल को 24 मई तक बढ़ा दिया है। हालांकि, सरकार ने यह फैसला पहले ही ले लिया था। बुधवार को संसद में इस पर वोटिंग हुई। आपातकाल बढ़ाने के प्रस्ताव के पक्ष में 178 मत पड़े जबकि विरोध में 75। 97 सदस्यों ने मतदान में भाग नहीं लिया। आपातकाल के चलते कोरोना से मरने वालों की संख्या बहुत हद तक काबू में आ गई है। इस महामारी के चरम पर रोजाना एक हजार से ज्यादा मौतें हो रही थी, जो बुधवार को घटकर 244 पर आ गई है। अब तक 25,857 की मौत हो चुकी है और 2,53,682 लोग संक्रमित हुए हैं।


मृतक -1785, संक्रमित-52,952

नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को कोरोना मरीजों की संख्या 52,952  करीब पहुंच गई। वहीं इस संक्रमण से अब तक 1785 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटो में 3,159 मामले सामने आए हैं और 92 मरीजों की इस संक्रमण से मौत हुई हैं। देश में इस समय कुल 52559  कोरोना से संक्रमित मरीज हैं। इसमें से 35,517 एक्टिव मरीज़ हैं, यानी वो मरीज जिनका इलाज चल रहा है। वहीं, इस संक्रमण से लोग ठीक भी हो रहे हैं। अब तक 15,257 मरीज ठीक हुए हैं। यानी रिकवरी रेट 28.71% है। बुधवार तक भारत में 12,76,781 लोगों का कोविड-19 का टेस्ट हुआ, जिसमें से 3.86% मरीज यानी 49,391 लोग पॉजिटिव आए हैं। यानी भारत में साढ़े 12 लाख टेस्ट होने के बाद भी सिर्फ 3.86 फीसदी ही मरीज है, जोकि दुनिया के बाकी देश की तुलना में काफी बेहतर हैैंं। सबसे ज्यादा मरीज और मौत के आंकड़े महाराष्ट्र और गुजरात से आ रहे हैं।इसलिए आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक की।बैठक में केंद्र से मदद का आश्वासन भी दिया. लोग सही समय पर अपनी तकलीफ रिपोर्ट करें, इसपर सरकार को जोर देने को कहा है।


हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...