मंगलवार, 1 अक्तूबर 2019

श्रमिक संगठनों की देशव्यापी हड़ताल

नई दिल्ली। केन्द्रीय श्रमिक संगठनों तथा अन्य स्वतंत्र फेडरेशन, एसोसिएशन और यूनियन द्वारा आयोजित मजदूरों के खुले राष्ट्रीय महाअधिवेशन ने केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी, जन विरोधी तथा देश विरोधी नीतियों के विरोध में आगामी 8 जनवरी 20 को देशव्यापी आम हड़ताल का ऐलान किया है ।


इस अवसर पर पर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि यह सरकार मजदूर विरोधी है और मजदूरों ,आंगनवाड़ी रोजगार सेवक, संविदा कर्मी का शोषण एवं उत्पीड़न कर रही है । उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मंदी के संकट में फस रही है ।इसका बुरा असर असंगठित और संगठित क्षेत्र के मजदूरों की छटनी और बंद के रूप में हो रहा है। आज सरकारी कार्यालयों में संविदा कर्मिंयों से कम वेतन पर कार्य कराया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा प्रोग्राम में हमारे प्रधान मंत्री को अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक घंटा इंतजार करवाया और वहां के मेयर ने कि भारत महात्मा गांधी व जवाहर लाल नेहरू की नीतियों से आगे बढ़ा है उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार न केवल कामकाजी जनता की वास्तविक मांगों पर काम करने में विफल रही है, बल्कि अपने काॅरपोरेट आकाओं के हित में मजदूरों के अधिकारों के खिलाफ अपनी आक्रामकता को जारी रखा है। श्रमिकों के राष्ट्रीय खुला अधिवेशन में इंटक, एटक, एच एम एस, सीटू, एआइयूटीयूसी, टीयूसीसी, सेवा, एआइसीसीटीयू, एलपीएफ यूटीयूसी के वक्ताओं ने जम कर सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोला और आगामी 8 जनवरी को देश व्यापी हड़ताल का ऐलान किया ।


इस अवसर पर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के दिल्ली प्रदेश के सैक्ट्री ऋषि पाल सिंह, उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता सुरेश शर्मा, युवा इंटक उत्तर प्रदेश के महासचिव आशीष शर्मा, गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, महामंत्री यशपाल सिंह, शिवसागर पांडेय,शिखर शर्मा, सहित उत्तर प्रदेश के मजदूरों ने भारी संख्या में भाग लिया।


एलपीजी गैस सिलेंडर हुआ महगां

नई दिल्ली। अक्टूबर महीना शुरू होते ही जनता पर महंगाई की मार पड़ी है। एक अक्तूबर यानि आज से रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी हो गई है। लगातार दूसरे महीने रसोई गैस के दाम में इजाफा हुआ है, जिससे आम आदमी को झटका लगा है। देश के प्रमुख महानगरों में बिना-सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर करीब 15 रुपए महंगा हुआ है।


गैस सिलेंडर की नई कीमतें


आज से दिल्ली में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए आपको 605 रुपए चुकाने होंगे। कोलकाता में इसका दाम 630 रुपए है। वहीं मुंबई और चेन्नई में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम क्रमश: 574.50 और 620 रुपए है। वहीं, 19 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1085 रुपए हो गई है। कोलकाता में 1139.50 रुपए, मुंबई में 1032.50 रुपए और चेन्नई में इसका दाम 1199 रुपए है।


महाराष्ट्र भाजपा के प्रत्याशियों की लिस्ट

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावः बीजेपी ने जारी की 125 प्रत्याशियों की पहली सूची


मुबंई। महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आखिर लंबे समय से चल रही खींचतान को खत्म करते हुए अपनी पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में 125 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं।सूबे के सीएम देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वहीं उदयराजन भोसले सतारा से चुनाव लड़ेंगे। जानकारी के अनुसार 52 सिटिंग विधायकों को टिकट दिया गया है। इस संबंध में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। वहीं सतारा लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इस सीट से छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयन भोसले को मैदान में उतारा गया है। इस दौरान अरुण सिंह ने घोषणा की कि पार्टी शिवसेना सहित अपने चार सहयोगियों के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी।


जारी की गई सूची के अनुसार बीजेपी महाराष्ट्र के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल कोठरुद से चुनावों में अपना भाग्य आजमाएंगे। वहीं राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री पंकजा मुंडे पार्ली से चुनाव मैदान में उतर रही हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में आए राधाकृष्‍ण विखे पाटिल को शिरडी से टिकट दिया गया है।मंत्री गिरीश महाजन जामनेर से चुनाव लड़ेंगे। सतारा विधानसभा से शिवेंद्र सिंह जो कि छत्रपति शिवाजी के वंशज हैं वे चुनाव में अपना भाग्य आजमाएंगे। मुक्ता तिलक जो लोकमान्य गंगाधर तिलक के परिवार की बहू हैं वह कस्बा पेट सीट से चुनाव लड़ेंगी। इसी क्रम में अतुल भोसले को कराड़ दक्षिण सीट से मैदान में हैं।


अरुण सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2019 के लिए बीजेपी ने 12 सीटों पर प्रत्याशियों को बदल दिया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या इनका टिकट कट गया है तो अरुण ने जवाब दिया कि आप ऐसा सोच सकते हैं। गौरतलब है कि पहली लिस्ट में मंत्री विनोद तावड़े, पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे के नाम नहीं है।


हनी ट्रैप: तीस करोड़ की वीडियो

भोपाल। मध्यप्रदेश के हनीट्रैप कांड के आरोप में पकड़ी गईं महिलाओं में से दो ने लोकसभा चुनाव के दौरान कई बड़े नेताओं के युवतियों के साथ अंतरंग संबंध वाले वीडियो 30 करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश की थी। इस मामले में लेन-देन को लेकर कुछ नेताओं से इन महिलाओं की कई दौर की बातचीत भी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता बदलने पर इन महिलाओं का नई सरकार में दखल कम हो चला था, लिहाजा इन महिलाओं ने सरकार से जुड़े दल कांग्रेस के कई नेताओं और दूसरी ओर विपक्षी दल भाजपा के नेताओं से संपर्क बनाए रखा था। इन महिलाओं ने दोनों दलों के कई नेताओं के वीडियो होने का दावा करते हुए मनचाही रकम मांगी, जब बात नहीं बनी तो उन्होंने नेताओं से व्यक्तिगत संपर्क किया। भोपाल के एक नेता का वीडियो भी इन महिलाओं ने बनाया था और उस वीडियो के आधार पर भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों के नेताओं से उसका सौदा करना चाहा था। सूत्र बताते हैं कि एक राजनीतिक दल के नेता कई वीडियो छह करोड़ रुपये में खरीदने को राजी भी हो गए, मगर महिलाएं और उनके करीबी लोग 30 करोड़ रुपये से कम पर थोक वीडियो बेचने को तैयार नहीं हुए। सूत्रों का कहना है कि इन महिलाओं को इस बात का गुमान था कि राजनीतिक दलों से जुड़े लोग उनके वीडियो मनचाही कीमत में खरीद लेंगे, क्योंकि इनके जरिए दूसरे दल के नेताओं की छवि को प्रभावित किया जा सकता था। लेकिन मांगी गई रकम बहुत ज्यादा होने के कारण कोई भी लेने के लिए राजी नहीं हुआ। राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की बात पर भरोसा करें तो चुनाव के दौरान इन महिलाओं का वीडियो का सौदा नहीं हो पाया। उसके बाद इन महिलाओं ने सीधे संबंधित नेताओं से संपर्क बनाकर छोट-मोटी रकम ऐंठी। वहीं चुनाव के बाद पुलिस विभाग और सरकार के लेागों ने इन पर नजर रखना शुरू कर दिया, क्योंकि इन महिलाओं के पास कई बड़े लोगों के वीडियो होने की बात सामने आ चुकी थी। नगर निगम के इंजीनियर हरभजन सिंह की शिकायत पर पुलिस अब तक पांच महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच टीम) का गठन किया जा चुका है। एसआईटी के सूत्रों का कहना है कि पकड़ी गई महिलाओं के मोबाइल, लैपटॉप और पेनड्राइव से बड़ी संख्या में वीडियो क्लिपिंग मिली हैं। एसआईटी को क्लिपिंग की चार हजार से ज्यादा फाइलें हाथ लगी हैं और कई तस्वीरें व ऑडियो क्लिपिंग भी बरामद हुई हैं। आरोपी महिलाओं ने पूछताछ में कई नेताओं और अफसरों के नामों का भी खुलासा किया है। एसआईटी फिलहाल कुछ भी बताने से बच रही है।


पाक ने किया सीजफायर उल्लंघन

नई दिल्ली। पाकिस्तान ने मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसका भारतीय सेना ने भी माकूल जवाब दिया। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी। संघर्ष विराम उल्लंघन पूंछ जिले के शाहपुर और किरणी सेक्टर में किया गया। पाकिस्तानी गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया है। सेना के एक अधिकारी ने कहा, पाकिस्तान की तरफ से सुबह 7.45 बजे बिना उकसावे के छोटे हथियारों और मोर्टार से हमला किया गया। भारतीय सेना ने भी गोलीबारी का जवाब दिया। वहीं कठुआ के मनयारी पोस्ट में रात में हुई पाकिस्तानी फायरिंग में बीएसएफ का एक जवान जख्मी हो गया। इससे पहले सोमवार को भी कठुआ जिले के हीरानगर क्षेत्र में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। सूत्रों के अुनसार, सोमवार की गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया था।


कश्मीर से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट कश्मीर से जुड़े सभी याचिकाओं को अगले महीने की 14 तारीख को सुनवाई करेगा। सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने इस मामले की सुनवाई के दौरान यह बात कही। मंगलवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए चार हफ्ते का समय मांगा, लेकिन याचिकाकर्ता ने केंद्र और राज्य सरकार को वक्त दिए जाने का विरोध किया। इसपर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हमे इस मामले में वक्त देना होगा। कोर्ट ने सुवनाई के दौरान कहा कि आखिर इतने अहम मामले में वक्त क्यों न दिया जाए।


गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर से संविधान के अनुच्छेद 370 और 35A को निरस्त करने वाले प्रावधान को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के लिए संविधान पीठ का गठन हो गया था। जस्टिस एन वी रमणा की अध्यक्षता वाली पांच जजों की पीठ में जस्टिस संजय किशन कौल, जस्टिस सुभाष रेड्डी, जस्टिस बी आर गवई और जस्टिस सूर्यकांत होंगे। कहा गया था कि बेंच एक अक्टूबर से जम्मू कश्मीर के प्रशासनिक बदलाव को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। एक अक्टूबर से सुप्रीम कोर्ट में दो संविधान पीठ दो महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई करेंगे। पहले ही एक संविधान पीठ अयोध्या मामले की सुनवाई कर रहा है।


10 हजार किसानों का 'रेल रोको आंदोलन'

भुवनेश्वर। ओडिशा के लगभग 10 हजार किसानों ने चक्रधरपुर रेल डिवीजन के बामड़ा स्टेशन में 4 घंटे तक रेल रोको आंदोलन किया। इससे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्टेशन पर इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों के पहिए थमे रहे। किसान अपनी तीन सूत्रीय मांग को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों के विरुद्ध आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के कारण यात्री परेशान हुए। यात्री चार घंटों तक जरुरी खाने-पीने की चीजों और दवाओं के लिए परेशान होते रहे।


पश्चिम ओडिशा कृषक सुरक्षा समन्वय समिति के इस रेल रोको आंदोलन में 3 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के कारण ट्रेनों को रायगढ़ से बिलासपुर और बामड़ा से राउरकेला के बीच रोककर रखा गया। टाटा इतवारी पैसेंजर रायगढ़ के तीन नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी रही। प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों को आंदोलन की जानकारी दी जा रही थी। जो ट्रेने इस आंदोलन के चलते प्रभावित रहीं उनमें मुंबई-हावड़ा-दुरंतो रायगढ़ में दो घंटे, साउथ बिहार एक्सप्रेस खरसिया में डेढ़ घंटे, उत्कल एक्सप्रेस- चांपा में डेढ़ घंटे, पुणे हटिया ब्रजराजनगर में दो घंटे, टाटा इतवारी पैसेंजर रायगढ़ में एक घंटे, उत्कल एक्सप्रेस राजगांगपुर में दो घंटे, साउथ बिहार एक्सप्रेस राउरकेला में एक घंटे और दिल्ली-भुवनेश्वर एक्सप्रेस झारसुगुड़ा में दो घंटे फंसी रही।


हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...