राजनीति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राजनीति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 16 अप्रैल 2024

शाह ने ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित किया

शाह ने ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित किया

पंकज कपूर 
कोटद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गढ़वाल लोकसभा के अंतर्गत कोटद्वार में भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में आयोजित विशाल ‘विजय संकल्प रैली’ को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने जनता से बलूनी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि आप अनिल बलूनी को जिताओ, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि 500 सालों के बाद रामलला अपना जन्मदिन राम मंदिर में मनाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि हमने उनकी प्राण प्रतिष्ठा का दृश्य देखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को जानबूझकर पिछले कई दशकों से लटकाते हुए आई जबकि मोदी ने महज पांच साल में ही राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न कराया।
शाह ने कहा कि, मैं हमारे उत्तराखंड के युवा सीएम धामी को भी बहुत अभिनंदन देना चाहता हूँ। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनसंघ ने अपनी स्थापन के समय से एक ही मांग रखी थी, समान नागरिक सहिंता। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व होता है कि पूरे भारत में सबसे पहले यह काम हमारे धामी जी ने किया और प्रधानमंत्री मोदी जी ने इसी तर्ज पर देश में इसे लाने के लिए हमारे संकल्प पत्र में अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहाड़ियों में कहने को तो आबादी कम है। लेकिन देश की सीमाओं की रक्षा में उत्तराखंड के लोगों का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने वन रैंक वन पेंशन का वादा किया था लेकिन यह वादा मोदी जी ने पूरा किया और 70 हजार करोड़ रुपये की धनराशि उन्होंने सीधा सेना के जवानों के खाते में डालने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का मतलब है विकसित भारत बनाना, विकसित उत्तराखंड बनाना।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूँ। अपने काम का हिसाब देना चाहिए या नहीं, लेकिन कांग्रेसी हिसाब नहीं देते। उन्होंने कहा कि 10 साल तक उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार थी। तब, उत्तराखंड के नेता मंत्री बने बैठे थे, लेकिन कांग्रेस ने 10 साल में महज 53 हजार करोड़ उत्तराखंड को दिये जबकि मोदी ने 1 लाख 66 हजार करोड़ रुपया सीधा ग्रांट के रूप में दिये। 82 हजार करोड़ इंफ्रा के लिए भेजे, और भी हजारों करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, जब भी धामी मिलने आते हैं तो मांगों की सूची लेकर आते हैं, इसे देखकर बहुत खुशी होती है और आज के विकसित हो रहे उत्तराखंड को देखकर संतोष भी मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन रोकने के लिए पर्यटन को आगे बढ़ाना होगा। कांग्रेस के समय में डोली के सहारे लोग मार्गों तक आने को मजबूर होते थे लेकिन मोदी जी ने आज 12 हजार करोड़ से ऑल वेदर रोड बना दिया है। 8 हजार करोड़ से दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर बन रहा है। गढ़वाल में रेल दौड़ने वाली है।
उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी रेल सुरंग, उत्तराखंड में बन रही है। हेली सेवाओं का राज्य में लगातार विस्तार किया जा रहा है, एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। पलायन रोकने को वाइब्रेंट विलेज मोदी लेकर आये हैं। उन्होंने कहा कि ये मोदी की गारंटी है कि जल्द 1980 से ज्यादा आबादी चीन बॉर्डर के गांव में होगी। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि खड़गे कहते हैं कि राजस्थान और उत्तराखंड वालों को कश्मीर से क्या मतलब, तो मैं उन्हें बता दूं कि *कश्मीर बचाने के लिए सबसे ज्यादा लहू पहाड़ियों ने बहाया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत जनरल विपिन रावत का अपमान करने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर से आज मोदी जी ने धारा 370 को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के राज में पाकिस्तान से रोज आतंकी भारत आते थे। धमाके करते थे और चले जाते थे। लेकिन ऊरी और पुलवामा में हमलों के बाद भारत ने 10 दिन में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर दुनिया को बता दिया कि ये नया भारत है, मोदी का भारत है।
उन्होंने कहा कि 70 साल से तकलीफ में जी रहे तमाम हिन्दू और सिख भाइयों के लिए मोदी सरकार सीएए का कानून लेकर आई है। 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन दिया गया। आने वाले सालों में और तीन करोड़ लोगों को अपना घर मिलेगा। 10 करोड़ लोगों को नल से जल और गैस का कनेक्शन दिया गया। अब जल्द गैस भी पाइप से आने वाली है।
उन्होंने कहा कि, यह सब योजनाएं जो मोदी लाये हैं, उसे लागू करने में भी उत्तराखंड नंबर वन है और धामी ने सारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि अनिल बलूनी के साथ मैंने काम किया है। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि आप अनिल बलूनी को यहां से संसद भेजो, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा। उन्होंने कहा कि बलूनी ने राज्यसभा से सांसद रहते हुए पौड़ी में तारामंडल की स्थापना के साथ ही डॉपलर रडार लगवाने का कार्य किया। इगास को भी अनिल बलूनी की वजह से देश जानने लगा है। उन्होंने कहा कि, मोदी को यहां से एक ऐसा साथी चाहिए, जो वाइब्रेंट विलेज के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने यहां के श्री अन्न का प्रचार किया जिससे यहां के छोटे किसानों को लाभ मिला है। आने वाले दिनों में यहां के मिलेट्स को भाजपा बाहर भेजने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी, उत्तराखंड को संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की रचना का विरोध कौन करता था, कांग्रेस। उत्तराखंड के युवाओं पर किसने गोली चलवाई, सब जानते हैं लेकिन उत्तराखंड को किसने बनाया। अटल जी ने बनाया और मोदी इसको संवारने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि भाजपा को 400 सीटें मिली तो आरक्षण चला जाएगा। लेकिन, मोदी इसके सबसे बड़े रक्षक हैं और आरक्षण पूरी तरह से बरकरार रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकृति से आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड में 14 हजार कांग्रेसी भाजपा में आ गए। कांग्रेस में पार्टी छोड़ने की दौड़ लगी है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल भारत की सुरक्षा का गढ़ है। गढ़वाल का देश की सुरक्षा में बड़ा योगदान है, उन्होंने जनता का आह्वान किया कि गढ़वाल को एक ऐसा प्रतिनिधि दीजिए, जो गढ़वाल का विकास कर सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को वोट देकर समर्थन देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने दिनों के प्रचार में मैंने स्पष्ट देखा है कि एक बार फिर मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी हमने कोई बात कही तो पीएम मोदी व अमित शाह जी ने हर बात को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने कहा है कि 21 वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा और हम इस कथन को सच साबित करने की दिशा में दिन रात कार्य कर रहे हैं।

सीएम ने जोशीमठ में रोड शो कर, समर्थन मांगा

सीएम ने जोशीमठ में रोड शो कर, समर्थन मांगा 

पंकज कपूर 
देहरादून। उत्तराखंड में चुनाव प्रचार अंतिम दौर में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के लिए समर्थन मांगा। जोशीमठ इंटर कॉलेज चौराहा से चमोली टैक्सी स्टैंड तक रोड शो निकाला गया। इस दौरान सीएम धामी ने जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को रखा।इस दौरान उन्होंने आने वाली 19 अप्रैल को जनता से अधिक से अधिक मात्रा में वोट डालने की अपील की।
बताया जा रहा है कि सीएम धामी ने इंटर कॉलेज चौराहा से चमोली रवि ग्राम होते हुए टैक्सी स्टैंड तक रोड शो निकाला गया। इस दौरान सीएम धामी ने जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को रखा। इसलके बाद सीएम धामी ने जोशीमठ में जनसभा को संबोधित भी किया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। विकास के नाम पर और सेना के नाम पर कांग्रेस के जनता को बरगलाने लाने के हथकंडे कामयाब नहीं होंगे।
जनरल बिपिन रावत के अपमान के लिए जनता कभी कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। सीएम ने कहा कि बद्रीनाथ धाम का मास्टर प्लान से लेकर आम जन को सुरक्षा और सम्मान देने वाली नीति और विजन केवल भारतीय जनता पार्टी के पास है। इसके बाद कोटद्वार में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी अनिल बलूनी के पक्ष में विशाल जनसभा की।
एक तरफ बलूनी बदरीनाथ विधानसभा में प्रचार कर रहे थे, उसी वक्त कांग्रेस प्रत्याशी रुद्रप्रयाग विधानसभा के चोपता में जनसंपर्क कर रहे थे। चोपता के बाद गोदियाल सीधे पोखरी पहुंचे। जहां उन्होंने जनसंपर्क के साथ साथ जनसभा को भी संबोधित किया। गोदियाल ने कहा कि गढ़वाल लोकसभा सीट पर जनता का उत्साह देखखर ये साफ है कि इस बार परिवर्तन के लिए मतदान होगा।

सोमवार, 15 अप्रैल 2024

पश्चिमी यूपी में बदलाव की हवा चल रही है: यादव

पश्चिमी यूपी में बदलाव की हवा चल रही है: यादव 

भानु प्रताप उपाध्याय 
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने पार्टी प्रत्याशी हरेंद्र मलिक के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बदलाव की हवा चल रही है। 
मुजफ्फरनगर में हमारे प्रत्याशी जीत रहे हैं। केंद्र में सरकार बनते ही बिजली संकट को दूर करते हुए किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। सोमवार को जिला मुख्यालय से तकरीबन 15 किलोमीटर दूर मुजफ्फरनगर-शामली हाईवे पर स्थित बघरा के कल्याणकारी इंटर कॉलेज के मैदान पर मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से सपा के टिकट पर गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर इलेक्शन लड़ रहे हरेंद्र मलिक के समर्थन में आयोजित की गई जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि देश में विशेष कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बदलाव की बयान चल रही है, जिसके चलते अन्य दलों के नेता लगातार समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में चल रही बदलाव की हवा के झोंके से मुजफ्फरनगर से हमारे प्रत्याशी जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पोस्टर से आज उसके प्रत्याशी का नाम गायब हो रहा है। मतदान के दिन जब वोट पड़ेंगे तो मतदाताओं द्वारा भाजपा को भी गायब कर दिया जाएगा। 
अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की सड़कों पर आज एंबुलेंस दौड़ रही है। पहले पुलिस के पास गाड़ियां नहीं होती थी और पुलिस वालों को गाड़ी चलाने के लिए तेल भी नहीं मिलता था। बीजेपी ने गाड़ी बढ़ाने के बजाय सौ नंबर को बढ़ाकर 112 कर दिया है। अखिलेश यादव ने कहा है कि अब बीजेपी सरकार में पुलिस ने वसूली के दाम भी बढ़ा दिए हैं। अभी तक समाजवादी पार्टी सरकार का लैपटॉप चल रहा है। भाजपा सरकार लोगों को खराब राशन देकर अपनी वाहवाही लूटने के प्रयास कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा है कि विपक्ष की सरकार बनने पर हम गरीबों को खराब गेहूं के बजाय आटा एवं डाटा दोनों मुफ्त देंगे। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों के कर्ज को माफ किया जाएगा।

शतरंज की ढाई चाल से गठबंधन को शिकस्त देंगे

शतरंज की ढाई चाल से गठबंधन को शिकस्त देंगे

संदीप मिश्र 
बिजनौर। चौधरी जयंत सिंह ने अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। जयंत ने तंज कसते हुए कहा कि शतरंज की ढाई चाल से गठबंधन को शिकस्त देंगे। उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तर प्रदेश को भगवान राम की भूमि बताया है।
बिजनौर में आयोजित जनसभा में चौधरी जयंत ने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल एक नेता का व्यवहार अब भी मुख्यमंत्री जैसा लगता है। बोले कि अखिलेश यादव ने मेरा मोल एक रुपया लगाया था। पीढ़ी दर पीढ़ी यह महसूस नहीं हुआ कि हमारा साथ इतना सस्ता है। मगर अब शतरंज की ढाई चाल से शिकस्त देंगे। सपा मुखिया पर तंज कसते हुए जयंत बोले कि पलटा हूं और पटक रहा हूं।
सोमवार को बिजनौर के नुमाइश ग्राउंड में रालोद उम्मीदवार चंदन चौहान के समर्थन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने साझा जनसभा की। चौधरी जयंत ने राम राम के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और बोले कि बिजनौर की जनता को देश के लिए फैसला लेना है। पहले चरण के इस मतदान का प्रभाव सभी चरणों में जाएगा। अबकी बार 400 पार के नारे को पूरा करना है। मतदान करने के लिए सभी को प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि फसल पकी है, चुनाव का मौसम भी है। ऐसे में पहले मतदान करें। लोकदल के भाईचारे के नारे को बुलंद करना है। बिजनौर के विकास में चंदन चौहान सहभागी बनकर मेहनत करेंगे। कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को भी भारत रत्न का इंतजार करना पड़ा जो कांग्रेस ने नहीं दिया। सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को उनके निधन के चार दशक बाद भारत रत्न दिया है। चौधरी चरण सिंह कुटीर उद्योगों की वकालत करते थे। अखिलेश ने कहा था जब तक आप मेरे साथ थे, आपका मूल्य एक रुपया था। अखिलेश, इसका जवाब आपको बिजनौर की जनता देगी। कहा कि चंदन चौहान युवा है। उन्होंने लोगों से 19 तारीख को चंदन चौहान को अधिक से अधिक वोट डालकर भारी मतों से जिताने की अपील की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह भगवान श्री राम भूमि है, इस भूमि को प्रणाम करता हूं। भगवान राम का मंदिर अयोध्या भूमि पर बना है। इस धरा ने चौधरी चरण सिंह जैसे महानायक को दिया। नरेंद्र मोदी ने पहचाना और उन्हें भारत रत्न देने का काम किया। चौधरी चरण सिंह ने पूरा जीवन किसानों मजदूरों की समस्याओं के समाधान में निकाल दिया। उन्हें भारत रत्न देने का संदेश केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे भारत में गया है। पिछली सरकार गरीबी हटाओ का नारा देती थी लेकिन गरीब और गरीब होता चला गया।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में गुंडागर्दी, माफिया गिरी होती थी लेकिन भाजपा की सरकार ने गुंडा और गुंडागर्दी को खत्म करने का काम किया है। कहा कि आयुष्मान कार्ड, हर घर जल योजना और मुफ्त राशन देने का काम नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का विरोध इंडिया गठबंधन के लोगों ने किया था मगर मोदी ने कहा था कि मुझे वोट नहीं देश की चिंता है। कहा कि आप लोगों को संकल्प लेना है कि इस बार उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटें जीताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता उठ खड़े हुए हैं। रालोद पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मेहनत के साथ लगे हुए हैं। उन्होंने संगम होगा कि नहीं, गीत का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा और रालोद का संगम हो रहा है।
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी बिजनौर से गहरा नाता जोड़ गए। मंच पर मौजूद बिजनौर के रहने वाले हिमांशु पौरष को उन्होंने अपने पास बुलाया और भीड़ से परिचय कराया गया कि उनके चुनाव में हिमांशु ने अहम जिम्मेदारी संभाली थी, हिमांशु बिजनौर के ही रहने वाले हैं। वहीं, रालोद उम्मीदवार चंदन चौहान के बारे में कहा कि चंदन चौहान की पत्नी हरियाणा से हैं। उन्होंने हरियाणा के दामाद चंदन चौहान के लिए वोट की अपील की।

रविवार, 14 अप्रैल 2024

चुनाव: भाजपा ने अपना घोषणा-पत्र जारी किया

चुनाव: भाजपा ने अपना घोषणा-पत्र जारी किया 

इकबाल अंसारी 
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपना घोषणा-पत्र जारी किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य नेता शामिल हुए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। पीएम मोदी ने बीजेपी का संकल्प पत्र जारी होने के बाद कहा, ‘‘आज बहुत ही शुभ दिन है। देश के कई राज्यों में इस समय नववर्ष का उत्साह है। आज नवरात्रि के छठे दिन हम सभी मां कात्यायनी की पूजा करते हैं और मां कात्यायनी अपनी दोनों भुजाओं में कमल धारण किए हुए हैं। ये संयोग भी बहुत बड़ा आशीर्वाद है।”
संकल्प पत्र के जारी होने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘भाजपा ने ‘मेनिफेस्टो’ की सुचिता को फिर स्थापित किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ – युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। हमारा ‘फोकस’ सम्मानपूर्वक और गुणवत्तापूर्ण जीवन पर और निवेश से नौकरी पर है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी का संकल्प पत्र बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती के दिन जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी है कि मुफ्त राशन की योजना आने वाले पांच साल तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम ये सुनिश्चित करेंगे कि गरीब के भोजन की थाली पोषणयुक्त हो, उसके मन को संतोष देने वाली हो और किफायती हो।”
पीएम मोदी ने कहा, ”बुजुर्गों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि वे अपनी बीमारियों का इलाज कैसे कराएंगे। मध्यम वर्ग के लिए यह चिंता और भी गंभीर है। भाजपा ने संकल्प लिया है कि 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘70 साल से ऊपर का हर बुजुर्ग, चाहे वो गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।” मोदी ने कहा, “बीजेपी ने ट्रांसजेंडर समुदाय को भी आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाने का फैसला किया है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, ”पिछले वर्षों में मुद्रा योजना ने करोड़ों लोगों को उद्यमी बनाया है। इस सफलता को देखते हुए, बीजेपी ने एक और ‘संकल्प’ लिया है – मुद्रा योजना के तहत ऋण 10 लाख रुपये तक प्रदान किए गए थे। अब भाजपा ने इस सीमा को 20 लाख रुपये तक बढ़ाने का फैसला किया है, मुझे विश्वास है कि इसका उपयोग उद्योग 4.0 के युग के लिए आवश्यक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में एक नई ताकत के रूप में किया जाएगा।“

तीन स्थानों पर जनसभाएं कर, जनसमर्थन जुटाया

तीन स्थानों पर जनसभाएं कर, जनसमर्थन जुटाया 

पंकज कपूर 
देहरादून। उत्तराखंड में अब लोकसभा चुनाव के लिए उलटी गिनती शुरू हो गई है। चुनाव प्रचार जोरों पर है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी रविवार को उत्तराखंड में तीन स्थानों पर जनसभाएं कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनसमर्थन जुटाया। वह सुबह 11 बजे पौड़ी गढ़वाल में एनआइटी श्रीनगर, दोपहर एक बजे रुड़की के डीएवी कालेज और 3.30 बजे देहरादून के बन्नू ग्राउंड में जनसभाओं को संबोधित किया। रविवार दोपहर एक बजे रुड़की नेहरू स्टेडियम में योगी आदित्यनाथ ने हरिद्वार लोकसभा प्रत्याशी त्रिवेंद्र रावत के समर्थन में जनसभा की।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत,रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा मौजूद रहे।उन्होंने भारत माता के जयकारे से अपना संबोधन शुरू किया। मां दुर्गा और काली माता के जयकारे लगवाए। उन्होंने कहा कि आज हम सब नए भारत के दर्शन कर रहे हैं। नया भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना जानता है तो 140 करोड़ लोगों को सुरक्षित करना जानता है। नए भारत में विरासत के साथ विकास को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। विकास भी है तो विरासत और आस्था का सम्मान भी है। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि यूसीसी और नकल विरोधी कानून बनाकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इतिहास बना दिया है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड अनेक महापुरुषों को जन्म देने वाली धरती है। यूपी के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, नारायण दत्त तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा को इसी धरती ने जन्म दिया है। ऐसी धरती को कोटि कोटि नमन करता हूं। देवभूमि के कंकड़ कंकड़ में शंकर है। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी में भाजपा की विरासत को उत्तराखंड में आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने त्रिवेंद्र सिंह रावत को अधिक से अधिक मतों से विजय बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुजरात से लेकर देश के हर राज्य में यही आवाज है ‘जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे’। कहा कि आप सभी को त्रिवेंद्र सिंह रावत और पीएम मोदी का प्रतिनिधि बनना पड़ेगा। कार्यक्रम में एक बच्चा योगी के आदित्यनाथ की वेशभूषा में पहुंचा था, जिसे आदित्‍यनाथ योगी ने मंच पर बुलाया।
उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने छात्र संगठन से अपनी राजनीति शुरू की। विधायक और मंत्री के रूप में में कार्य किया। उत्तराखंड में जो समस्या थी उसे हमने ओर तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दूर किया। उन्होंने कहा कि मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केदारनाथ जाने का कई बार सौभाग्य मिला। अयोध्या की तर्ज पर हरिद्वार को भी सजाना और संवारना है। प्रधानमंत्री मोदी ने लंबे समय तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए कई विकास कार्य किया।आज उसी का लाभ उठा कर पीएम मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं। पाकिस्‍तान को भारत का डर है। अगर कहीं कुछ हो जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है कि हमने कुछ नहीं किया। पाकिस्तान को डर रहता है कि अगर थोड़ी भी चूक हुई तो लेने के देने पड़ जाएंगे।
भारत आज विश्व शक्ति के रूप में उभरा है। भारत में आईटी, मेडिकल, हर सेक्टर में भारत ने विकास के आयाम को छुआ है। देश में 80 करोड़ लोग पिछले कुछ सालों से मुफ्त राशन ले रहे हैं। 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिला है। 12 करोड़ को सम्‍मान योजना निधि का लाभ मिला है।देश में जो भी परिवर्तन हुआ है। अयोध्या से केदारनाथ और काशी तक जो भी परिवर्तन हुआ है। वह मोदी के कार्यकाल में हुआ है। लेकिन इसका श्रेय आप जनता को जाता है, जिसने मजबूत सरकार दी है। मेरे उत्तर प्रदेश में हर दिन कर्फ्यू लगता था, लेकिन अब वहां कर्फ्यू नहीं लगता है। अब हरिद्वार से गाजियाबाद तक कावड़ यात्रा चलती है।

शनिवार, 13 अप्रैल 2024

कांग्रेस समस्या का नाम है, भाजपा समाधान है

कांग्रेस समस्या का नाम है, भाजपा समाधान है 

संदीप मिश्र 
हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को कांग्रेस पर जमकर बरसे। हल्द्वानी में नैनीताल लोकसभा सीट से प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस समस्या का नाम है और भारतीय जनता पार्टी समाधान है।
हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उनके साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी में मौजूद थे।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड अनेक महापुरुषों को जन्म देने वाली धरती है। यूपी के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, नारायण दत्त तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा को इसी धरती ने जन्म दिया है। ऐसी धरती को कोटि कोटि नमन करता हूं। देवभूमि के कंकड़ कंकड़ में शंकर है।
उन्होंने कहा कि देश की समस्याओं का नाम कांग्रेस है। आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार आदि सभी समस्याएं कांग्रेस की देन है। मोदी के नेतृत्व में सभी समस्याओं का समाधान किया है। देश ने गौरव की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि मेरा बचपन उत्तराखंड में ही बिता। दूर दूर जाकर पानी लाना पड़ता था। आज हर घर नल की योजना के कारण 100 में से 90 घरों में पानी पहुंच गया है।
योगी ने कहा कि अयोध्या का विवाद कांग्रेस ने खड़ा किया था। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट देकर कहा था कि राम और कृष्ण तो हुए ही नहीं। हमने राम और कृष्ण की विरासत को स्वीकार किया और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम को नई पहचान के साथ प्रस्तुत किया।
सीएम योगी ने कहा आज यूपी में पहले कांवड़ यात्रा के दौरान बमबाजी होती थी, लेकिन आज बम-बम भोले हो रहा है। आज यूपी के भ्रष्टाचारी और दुराचारी संकट में है। अपराधी थर-थर कांप रहे हैं क्योंकि उन्हें भी पता है कि उनका ठिकाना सिर्फ जेल या जहन्नुम है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में कुछ लोगों को गलतफहमी है कि यहां अपराध करके उत्तराखंड भाग जाएंगे, लेकिन वो उनको अपराध करने के लायक ही नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड से अलग नहीं कर सकते हैं। उत्तराखंड से निकलने वाले पानी से ही उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनता है। अगर कोई भी अपराधी उत्तर प्रदेश में अपराध कर उत्तराखंड भागना चाहता है तो उस किसी लायक नहीं छोड़ेंगे। उत्तराखंड की पवित्र भूमि को अपवित्र नहीं होने देंगे।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस के समय जातिवाद की राजनीति होती थी, अराजकता का राज होता था, तुष्टिकरण की राजनीति होती थी। आज जो परिवर्तन देखने को मिला है वो आपके वोट ने किया है। आज मो मोदी के नेतृत्व में श्रेष्ठ भारत के दर्शन हो रहे हैं।
इस दौरान योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि बाबा श्री केदारनाथ जी की पावन धरा, देवभूमि उत्तराखंड ने ‘जो राम को लाए हैं’, उन्हें पुन: लाने का संकल्प ले लिया है। हर बूथ पर राष्ट्रवाद का कमल खिलने जा रहा है।
इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने योगी और धामी की तारीफों के पुल बांधे और कहा कि यूसीसी और नकल विरोधी कानून बनाकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इतिहास बना दिया है। भट्ट ने जमरानी बांध को मंजूरी मिलने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अगर में दोबारा सांसद में जाता हूं तो प्रदेश और क्षेत्र की नाक नीची नहीं होने दूंगा।
सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि योगी ने यूपी में जो कार्य किए हैं उनकी धमक देश दुनिया में हैं। आज सभी लोग उन्हें बुलडोजर बाबा के नाम से जानने लगे हैं। एक समय यूपी को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। अब यूपी उत्तम प्रदेश और उत्कृष्ट प्रदेश बन गया है। सीएम धामी ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी भी हमें करनी है। हमने समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया। नकल विरोधी कानून लागू किया, लैंड जिहाद के खिलाफ कार्यवाही की, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून हम लेकर आए हैं। दंगे में हुए नुकसान की भरपाई दंगा करने वाले भरेंगे।
सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, खिलेंद्र चौधरी, मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह कैड़ा, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्य, निवर्तमान महापौर डॉ जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, साकेत अग्रवाल समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

पीएम के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला बोला

पीएम के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला बोला 

दुष्यंत टीकम 
जगदलपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को जगदलपुर में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि संविधान बचाने के लिए कांग्रेस लड़ रही। मोदी, अडानी, आरएसएस संविधान पर आक्रमण कर रहे और संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने से रोका गया, क्योंकि वह एक आदिवासी हैं। यह भाजपा की सोच को दिखाता है। 
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव को दो विचारधाराओं-संविधान की रक्षा करने वाले और इसे नष्ट करने वालों- के बीच की लड़ाई बताया। यह चुनावी रैली अनुसूचित जनजाति(आरक्षित) बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार कवासी लखमा के समर्थन में आयोजित की गई थी।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी आदिवासी शब्द को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। हम आपको ‘आदिवासी’ कहते हैं लेकिन वे ‘वनवासी’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं। वनवासी और आदिवासी शब्दों में बहुत बड़ा अंतर है…आदिवासी शब्द का गहरा अर्थ है। यह शब्द जल, जंगल, जमीन पर आपके अधिकार को व्यक्त करता है। वनवासी का मतलब है जो जंगल में रहते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा और आरएसएस आदिवासियों के धर्म, विचारधारा और इतिहास पर हमला करते रहे हैं। भाजपा आपकी जमीनें अरबपतियों को दे रही है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कहा कि भारत की राष्ट्रपति को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने से रोका गया क्योंकि वह एक आदिवासी हैं। मोदी जी ने देश को यह संदेश दिया और यही उनकी सोच है।
राहुल गांधी ने कहा, कि संविधान बचाने के लिए कांग्रेस लड़ रही। मोदी अडानी आरएसएस संविधान पर आक्रमण कर रहे और संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, कि बीजेपी के लोग अडानी जैसे लोगों को जंगल दे रहे हैं। जब वन नहीं होंगे तो वनवासी कहां रहेंगे। भाजपा नेता ने आदिवासी के चेहेरे पर मूता। भाजपा जल जंगल जमीन छीन रही। 
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, कि मोदी हर भाषण में अलग-अलग बाते कहते हैं। समंदर में घुस कर पूजा करते हैं। कोविड के समय लाखों लोगों को बेवकूफ बनाया गया। मोबाइल जलाकर थाली बजवाया गया। हॉस्पिटल में ऑक्सीजन नहीं था, लोग सांस नहीं ले पा रहे थे और मोदी ने मदद नहीं की। पूरा फायदा देश के 5 से 6 लोगों को मोदी दे देते हैं। देश के 22 लोग जिनके पास देश के करोड़ों लोगों के जितना धन है। 
राहुल गांधी ने कहा कि हम 5 काम करने जा रहे हैं। 30 लाख बरोजगार को नौकरी। मनरेगा की तर्ज पर युवाओं को अपरेंट्स शिप मिलेगी। 1 साल के लिए सरकारी दफ्तर में 1 साल की नौकरी होगी। खाते में 1 लाख भी 1 साल में मिलेगा। अनियमित नौकरी नहीं अब सरकरी एवं पब्लिक सेक्टर में परमानेंट नौकरी मिलेगी मिलेगी।  
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी किसानों का कर्जा माफ करना नहीं चाहती। किसानों का कर्जा देश भर में माफ होगा। किसानों को एमएसपी मिलेगी। महिलाओं को महालक्ष्मी योजना देश के गरीब परिवारों की एक महिला को हर माह 8,500 रुपये मिलेंगे। हम एक झटके में गरीबी को देश से खत्म कर देंगे।

शुक्रवार, 12 अप्रैल 2024

बसपा ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की

बसपा ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की

संदीप मिश्र 
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने शुक्रवार को नौ लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी की चौथी सूची में दो मुस्लिम, जबकि तीन ब्राह्मणों को टिकट दिया गया है। वहीं, पार्टी ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर को आजमगढ़ से चुनाव लड़वाने का फैसला लिया है, जिनका मुकाबला भाजपा के दिनेश यादव निरहुआ और सपा के धर्मेंद्र यादव से होगा।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मेवालाल गौतम की ओर से जारी सूची के मुताबिक घोसी सीट से पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा एटा से मोहम्मद इरफान एडवोकेट, धौरहरा से श्याम किशोर अवस्थी, फैजाबाद से सच्चिदानंद पांडेय, बस्ती से दयाशंकर मिश्रा, गोरखपुर से जावेद सिमनानी, चंदौली से सत्येंद्र कुमार मौर्य और रॉबर्ट्सगंज से धनेश्वर गौतम एडवोकेट को टिकट दिया गया है।
बता दें कि बसपा ने अब तक 45 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है, जिसमें 11 मुस्लिम हैं। वहीं नौ ब्राहमण, तीन ओबीसी और एक दलित उम्मीदवार को टिकट दिया है।

राहुल ने सार्वजनिक रैली को संबोधित किया

राहुल ने सार्वजनिक रैली को संबोधित किया 

इकबाल अंसारी 
तिरुनेलवेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा विपक्ष के खिलाफ ईडी व सीबीआई का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।

राहुल गांधी के भाषण के प्रमुख अंश

राहुल गांधी ने कहा कि आज भारत में एक वैचारिक लड़ाई चल रही है। एक तरफ पेरियार के विचार, सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता और समानता हैं। दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के विचार हैं। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि एक राष्ट्र, एक नेता, एक भाषा होनी चाहिए। तमिल भाषा किसी भी अन्य भारतीय भाषा से कम नहीं है। इस देश में कई अलग-अलग भाषाएं और संस्कृतियां हैं। सभी हमारे लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय, सीबीआई, आईटी का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में किया जाता है। चुनाव आयुक्तों को प्रधानमंत्री चुन रहे हैं। चुनाव से दो महीने पहले कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते फ्रीज कर दिए जाते हैं। सीएम गिरफ्तार किए जाते हैं। विपक्षी नेताओं को धमकी दी जाती है।
राहुल गांधी ने कहा कि पूरा विचार यह सुनिश्चित करना है कि भारत में लोग बाढ़ राहत के लिए पैसे मांगते हैं, जब तमिल मछुआरे सहायता मांगते हैं, तो केंद्र उन्हें कुछ नहीं देती है। उनको जंतर मंतर पर जाने के लिए मजबूर किया गया, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला।

पीएम ने मछुआरों को किया नजरअंदाज

राहुल गांधी ने कहा कि हमने तय किया है कि हम किसानों को कानूनी एमएसपी की गारंटी देंगे। हम भारत के किसानों को कृषि ऋण माफी देंगे। प्रधानमंत्री ने इस देश के मछुआरों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है। वह उनके बारे में सोचते ही नहीं हैं, लेकिन मछुआरे भी हमारे किसानों से कम नहीं हैं। वे बड़ा जोखिम उठाते हैं और भोजन उपलब्ध कराते हैं। हमने मछुआरों के लिए एक विशेष घोषणापत्र बनाया है। हम उन्हें मछली पकड़ने वाली नौकाओं के लिए डीजल पर सब्सिडी, मछली पकड़ने वाली नौकाओं के लिए बीमा, एक क्रेडिट कार्ड देंगे।

400 से अधिक कांग्रेसियों का सदस्यता से इस्तीफा

400 से अधिक कांग्रेसियों का सदस्यता से इस्तीफा 

नरेश राघानी 
नागौर। नागौर में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कुचेरा नगरपालिका अध्यक्ष व विधानसभा चुनाव में खींवसर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे तेजपाल मिर्धा का पार्टी से निष्कासन करना कांग्रेस पर ही भारी पड़ रहा है। नागौर के खींवसर इलाके से कांग्रेस से जुड़े 400 से अधिक कांग्रेसियों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। ये सभी लोग शुक्रवार को नागौर में एक जगह जमा हुए। सभा की और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस्तीफा दे दिया। तेजपाल मिर्धा ने बताया कि ये सभी इस्तीफे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भेजे जा रहे हैं। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल की शिकायत पर 8 अप्रैल को तेजपाल मिर्धा समेत 3 लोगों को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
कांग्रेस से निष्कासित नेता तेजपाल मिर्धा ने कहा- हनुमान बेनीवाल एक टूल है, जो पूरे नागौर में कांग्रेस पार्टी को खत्म करने में लगे हैं। ऐसे व्यक्ति के साथ गठबंधन करने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गहरा आघात लगा है। इसलिए हम सभी कांग्रेस से सामूहिक त्याग पत्र दे रहे हैं। तेजपाल‌ मिर्धा ने कहा- कांग्रेस आलाकमान ने स्थानीय कांग्रेसी संगठन की मर्जी के बिना रालोपा से गठबंधन किया। ये गठबंधन कांग्रेसियों पर थोपा गया है। रालोपा ने तो पूरे जिले में कांग्रेस को हराने का काम किया था। हमने कभी भाजपा के साथ मंच साझा नहीं किया। फिर भी बेनीवाल ने हमें पार्टी से निकलवा दिया। क्योंकि वो नहीं चाहते कि उनका मुकाबला कांग्रेस से हो। कांग्रेस पार्टी ने बिना किसी सूचना या कारण बताओ नोटिस के सीधे तुगलकी फरमान जारी कर मेरा निष्कासन कर दिया।
तेजपाल‌ मिर्धा ने कहा- अब राजस्थान में इंदिरा गांधी वाली कांग्रेस नहीं बची। यहां एक व्यक्ति अपने हिसाब से पार्टी चला रहा है। कांग्रेस आलाकमान तक ये संदेश पहुंचना जरूरी है कि राजस्थान में कांग्रेस ही कांग्रेस को खत्म कर रही है। तेजपाल‌ मिर्धा ने आरोप लगाया- कांग्रेस के एक नेता ने अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए नागौर में रालोपा से गठबंधन करवाया है। ताकि उन्हें कहीं और वोट मिल जाएं। मनीष मिर्धा नागौर की राजनीति को नहीं जानते हैं। मनीष परिवार के जमीनी विवाद को राजनीतिक मंच पर ले गए, ये ठीक नहीं है।
लोकसभा चुनावों को लेकर तेजपाल मिर्धा ने कहा- वे इस चुनाव तक निर्दलीय रहेंगे। तेजपाल मिर्धा के समर्थन में इस्तीफा देने वालों से उन्होंने कहा- रालोपा को हराना है, इसके लिए चाहे नोटा का बटन दबाएं। कांग्रेस के निष्ठावान लोगों का पार्टी का निष्कासन करना कांग्रेस पार्टी को जड़ से खत्म करने का तरीका है। भाजपा में जाने के सवाल पर तेजपाल मिर्धा ने कहा- भाजपा बाहें पसारकर स्वागत करने को आतुर है। क्योंकि यहां कांग्रेस से इस्तीफा देने वालों में पूरा एक नगरपालिका बोर्ड शामिल है। कांग्रेस से इस्तीफा देने वालों का सिलसिला अभी आगे भी चलेगा।
आज कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वालों वालों यूथ कांग्रेस अध्यक्ष, कुचेरा नगरपालिका के कांग्रेसी पार्षद, खींवसर के कांग्रेसी पंचायत समिति सदस्य, पूर्व पार्षद, जिले, ब्लॉक और मंडल कार्यकारिणी के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, सहसचिव और प्रवक्ता समेत अनेक पदाधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा बैराथल, आकला, महेशपुरा, ढिंगसरा, नंदवाणी, गोडन, चावंडिया, भेड़, बैराथल, गुढा भगवानदास, खड़कली, गालनी, चरणीसरा, आंदोलाव, भूंदेल, नैनाउ, दूजासर, डेउ, दांतिणा, टांटवास, भोजास, झाड़ेली, सोन नगर, अखासर, करणू, भडोरा, माणकपुर, भावंडा, लालावास, लालाप समेत विभिन्न गांवों के मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

गुरुवार, 11 अप्रैल 2024

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया 

नरेश राघानी 
जयपुर। पीएम मोदी चुनाव प्रचार के सिलसिले में गुरुवार, 11 मार्च को राजस्थान के करौली पहुंचे। जहां उन्होने करौली -धौलपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने देश में हो रहे विकास कार्यों के बारे में जनता को अवगत कराया, साथ ही कांग्रेस पार्टी की नाकामी भी गिनाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सांसद जीतने या हारने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत के संकल्पों को पूरा करने का चुनाव है। प्रधानमंत्री ने बताया के बीजेपी सरकार ने उन्हें हक और सम्मान दिया है। गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिले इसके लिए भाजपा सरकार उज्ज्वला योजना लाई और महिलाओं को धुंए की घुटन से मुक्ति दिलाई। पीएम आवास योजना के जरिए समाज के वंचितों को आवास दिया।
पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने मोटे अनाज को  देश के साथ विदेश में पहचान देने का कार्य किया। हमारी सरकार ने श्री अन्न योजना के तहत मोटे अनाज को बढ़ावा दिया। ताकि देश के किसानों को इसका लाभ मिले। पीएम ने कहा कि हमारा जीवन एक एक पल देश और देशवासियों के लिए समर्पित है। पीएम ने कांग्रेस सरकार पर राजस्थान में पानी की संकट को बड़ा करने का गंभीर आरोप लगाए। पीएम ने कहा कि जिस ईआईसीपी प्रोजेक्ट को कांग्रेस सरकार ने वर्षों तक लटकाया। राजस्थान की बीजेपी सरकार ने पहले 100 दिन में इसे पूरा कर राजस्थान में पानी की समस्या को खत्म करने का बड़ा कदम उठाया है।
पीएम ने कहा कि जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने नर्मदा प्रोजेक्ट पर काम किया। जिससे गुजरात के साथ पड़ोसी राज्यों को इसका फायदा मिला। तत्कालीन राजस्थान सरकार ने इसके लिए गुजरात सरकार का धन्यवाद दिया था। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के पापों की लिस्ट काफी लंबी है। एक महापाप बताता हूं,कि कांग्रेस ने मंदिरों की जमीन गिराकर उस पर कब्जा किया। शोभा यात्रा पर पत्थर बरसाए हैं। हमारी सरकार ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई की।
इन्होंने रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार किया। कांग्रेस का यह पाप माफी लायक है क्या, सजा मिलनी चाहिए या नहीं बटन दबाकर पापियों को सजा देने का काम करना है। पीएम ने कहा के 4 जून को क्या परिणाम होंगे यह आज ही स्पष्ट हो गया है, ‘4 जून 400 पार और फिर एक बार मोदी सरकार’ का नारा देकर पीएम ने संबोधन समाप्त किया।

बुधवार, 10 अप्रैल 2024

भाजपा ने प्रत्‍याशियों की 10वीं लिस्‍ट जारी की

भाजपा ने प्रत्‍याशियों की 10वीं लिस्‍ट जारी की 

इकबाल अंसारी 
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव-2024 के लिए प्रत्‍याशियों की 10वीं लिस्‍ट जारी कर दी है। इसमें 9 प्रत्‍याशियों के नाम शामिल हैं। दिलचस्‍प बात यह है कि भाजपा ने आसनसोल सीट पर नया उम्‍मीदवार दिया है। पहले इस सीट से भोजपुरी फिल्‍मों के सुपरस्‍टार पवन सिंह को टिकट दिया गया था, लेकिन उन्‍होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। अब उनकी जगह एसएस अहलूवालिया को टिकट दिया गया है। इसके अलावा चंडीगढ़ से किरण खेर और प्रयागराज से रीता बहुगुणा जोशी का टिकट इस बार काट दिया गया है। इन सीटों पर बीजेपी ने नए प्रत्‍याशी उतारे हैं।
भाजपा के राष्‍ट्रीय महासचिव एवं मुख्‍यालय प्रभारी अरुण सिंह ने बीजेपी प्रत्‍याशियों की 10वीं लिस्‍ट जारी की है। चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद किरण खेर का टिकट इस बार कट गया है। उनकी जगह पर भाजपा ने संजय टंडन को अपना उम्‍मीदवार बनाय है। इसके अलावा इलाहाबाद लोकसभा सीट के लिए भी बीजेपी ने इस बार प्रत्‍याशी बदले हैं। रीता बहुगुणा जोशी यहां से बीजेपी की मौजूदा सांसद हैं, लेकिन भाजपा ने इस दफे नीरज त्रिपाठी को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। बता दें कि इलाहाबाद लोकसभा सीट की गिनती हमेशा से वीवीआईपी संसदीय क्षेत्रों में होती है। इस लोकसभा सीट ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं।

आसनसोल से बदला उम्‍मीदवार

पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें टिकी थीं। भाजपा ने पहले यहां से भोजपुरी फिल्‍मों के सुपरस्‍टार पवन सिंह को अपना उम्‍मीदवार बनाने की घोषणा की थी, लेकिन पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से ही इनकार कर दिया था। ऐसे में भाजपा को इस सीट से अपने प्रत्‍याशी बदलने पड़े हैं। बीजेपी की ओर से जारी 10वीं सूची में एसएस अहलूवालिया को आसनसोल लोकसभा सीट से उम्‍मीदवार बनाया गया है।

लोकसभा चुनाव को लेकर घोषणा-पत्र जारी किया

लोकसभा चुनाव को लेकर घोषणा-पत्र जारी किया 

संदीप मिश्र 
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव को लेकर घोषणा-पत्र जारी कर दिया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणा पत्र जारी किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया पेज से सुझाव मांगे थे। इन्हीं सुझाव के आधार पर विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया।
सोशल मीडिया पर सभी ने हमें अपने सुझाव दिए। सभी को संकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता का मांगपत्र हमारा अधिकार है। सपा के घोषणा पत्र में लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा और मनरेगा मजदूरी समेत कई बड़े वादे किए गए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि ”हमने अपने विजन डॉक्यूमेंट को ‘जनता का मांग पत्र – हमारा अधिकार’ नाम दिया है। इस विजन डॉक्यूमेंट में मुख्य मांगें हैं- संविधान की रक्षा का अधिकार, रक्षा का अधिकार लोकतंत्र, मीडिया की स्वतंत्रता का अधिकार, और सामाजिक न्याय का अधिकार, देश के विकास के लिए सामाजिक न्याय का अधिकार आवश्यक है। देश की जाति जनगणना के बिना समावेशी विकास संभव नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा कि युवा बेरोजगार हैं। बेरोजगारी 80 फीसदी तक पहुंच गई है। गांव में 90 फीसदी तक बेरोजगारी है। उत्तर प्रदेश का हाल और खराब है। सरकार आरक्षण नहीं देना चाहती, इसीलिए नौकरी नहीं देना चाहती। भाजपा ने प्रदेश में जान बूझकर कर पेपर लीक कराए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि गरीबों तक आने वाला राशन घटिया है। पौष्टिक भोजन नहीं मिल रहा। अखिलेश ने कहा कि निशुल्क शिक्षा का अधिकार है। जीडीपी तीन फीसदी से बढ़ाकर छह फीसदी करेंगे। पुरानी पेंशन स्कीम भी सभी विभागों में बहाल की जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सीमाएं असुरक्षित होती जा रही हैं। भारत के कुछ हिस्से में सीमा सिकुड़ रही है। अग्निवीर सोची समझी रणनीति है। हम सत्ता में आए तो अग्निवीर योजना को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो कहीं, पुलिस पीएसी में भी तीन साल की नौकरी न कर दे। अखिलेश ने घोषणा पत्र जारी करते वक्त आटा और डेटा के अधिकार की बात भी की।
अखिलेश ने कहा कि जनता का साथ होगा तो सबसे ज्यादा सीट पाएंगे। भाजपा के वादे झूठे वादे रहेंगे। सपा अधिकारों की बात करती है। जयंत चौधरी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जहां हम जाएंगे, वहां कोई नहीं आ पाएगा। हाल में एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमान उतरने पर कहा कि यही हमारी क्वालिटी है।

सपा के घोषणा-पत्र के बड़े वादे
मनरेगा में मजदूरी बढ़ाने का वादा: सपा ने मनरेगा में मजदूरी बढ़ाकर 450 रुपये करने का वादा किया है।
मनरेगा में कार्य दिवस बढ़ाने का वादाः सपा ने मनरेगा के तहत कार्य दिवस की संख्या बढ़ाने का वादा भी किया है। सत्ता में आने पर मनरेगा के तहत कार्य दिवस के दिन 150 तक किए जाएंगे।

खाली सरकारी पद भरने का वादा: घोषणा पत्र में सपा ने सभी सरकारी विभागों में खाली पड़े पद तत्काल भरने का वादा किया है। घोषणा पत्र के अनुसार, सभी के लिए राष्ट्रीय रोजगार नीति और मिशन रोजगार स्थापित होगा।
घोषणा पत्र में सपा के युवाओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना पूरे देश में लागू करने का भी वादा किया है।
समाजवादी पार्टी ने पुलिस समेत सभी सरकारी विभागों की नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण देने का वादा भी किया है।

लड़कियों के लिए केजी से पीजी तक मिलेगी फ्री शिक्षा: सपा ने लड़कियों के लिए बड़ा एलान किया, घोषणा पत्र के अनुसार, सरकार बनने पर केजी से पीजी तक लड़कियों को फ्री शिक्षा मिलेगी। संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करने का वादा भी सपा ने किया है।
सपा ने घोषणा पत्र में महिलाओं को डायरेक्ट कैश बेनिफिट का वादा भी किया है। सत्ता में आने पर गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की महिलाओं को 3000 रुपये प्रति महीने तक की मासिक पेंशन मिलेगी।
सपा ने जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि इसमें देर नहीं होनी चाहिए। सत्ता में आने पर साल 2025 तक जातीय जनगणना कराई जाएगी।
मुफ्त राशन योजना में मिलने वाले गेहूं की जगह आटा देने का सपा ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है। यह आटा पोष्टिकता और गुणवत्ता के मामले में अच्छा होगा। गुणवत्ता के मामले में आटा देश की सबसे अच्छी कंपनियों के मुकाबले का रहेगा।
सपा ने एक और बड़ा वादा किया है। घोषणा पत्र के अनुसार, सत्ता में आने पर राशन कार्ड धारक हर फैमिली को 500 रुपये का मोबाइल डेटा मुफ्त भी मिलेगा। मुफ्त डेटा से डिजिटल सम्पन्न बनाम डिजिटल विपन्न में ‘डिजिटल डिवाइड’ का अंतर नहीं रहेगा।

शनिवार, 6 अप्रैल 2024

पूरे तंत्र के भीतर डर बैठा रहे हैं 'पीएम' मोदी

पूरे तंत्र के भीतर डर बैठा रहे हैं 'पीएम' मोदी 

नरेश राघानी 
जयपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही सोनिया गांधी ने कहा है कि खुद को महान बताने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का चीर हरण करते हुए पूरे तंत्र के भीतर डर बैठा रहे हैं। शनिवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित की गई कांग्रेस की जनसभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के अन्य नेताओं के साथ पार्टी के घोषणा पत्र की लांचिंग करते हुए कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को महान मानते हैं, लेकिन वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं का चीर हरण करते हुए पूरे तंत्र के भीतर डर बैठा रहे हैं। यह तानाशाही है। सोनिया गांधी ने कहा है कि भारत चंद लोगों की जागीर नहीं है, हमारे पूर्वजों ने इसे अपने खून से सींचा है, यह देश हमारे बच्चों का आंगन है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए खुद भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में ले रहे हैं। जिनके ऊपर पहले भाजपा और प्रधानमंत्री द्वारा बड़े-बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। वह अब सब भाजपा में शामिल होकर पवित्र हो गए हैं।

बुधवार, 3 अप्रैल 2024

यूपी: बसपा ने 12 उम्मीदवारों की घोषणा की

यूपी: बसपा ने 12 उम्मीदवारों की घोषणा की

संदीप मिश्र 
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने बुधवार को लखनऊ लोकसभा सीट सहित 12 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने लखनऊ से सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है। गाजियाबाद से नंद किशोर पुंडीर, अलीगढ़ से हितेंद्र कुमार उर्फ बंटी उपाध्याय और मथुरा से सुरेश सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। मैनपुरी सीट से गुलशन देव शाक्य, खीरी से अंशय कालरा रॉकीजी, उन्नाव से अशोक कुमार पांडेय को प्रत्याशी बनाया गया है। मोहनलालगंज से राजेश कुमार उर्फ मनोज प्रधान को उम्मीदवार बनाया गया है। कन्नौज से इमरान बिन जफर, कौशाम्बी से शुभ नारायण, लालगंज से इंदू चौधरी और मिर्जापुर से मनीष त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

रविवार, 31 मार्च 2024

केजरीवाल की गिरफ्तारी, भाजपा की आलोचना

केजरीवाल की गिरफ्तारी, भाजपा की आलोचना

इकबाल अंसारी 
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के लिए दुनिया भर में भाजपा की आलोचना की जा रही है और केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक रैली के लिए दिल्ली पहुंचे यादव ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, भाजपा को भी सत्ता खोने की चिंता है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने मेरठ में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का जिक्र करते हुए कहा, “भाजपा चिंतित है कि वह (सत्ता से बाहर) जा रही है। जबकि हम (विपक्षी नेता) आज दिल्ली आ रहे हैं, प्रधानमंत्री दिल्ली से बाहर जा रहे हैं। इससे पता चलता है कि कौन (सत्ता से बाहर) जा रहा है।
अखिलेश ने कहा, “अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से पूरी दुनिया में भाजपा की आलोचना हो रही है। यह साबित हो गया है कि सरकार जो चाहे कर सकती है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जेल गए। अरविंद केजरीवाल जेल में गए। विपक्ष के तमाम लोगों पर आरोप हैं। लेकिन क्या उत्तर प्रदेश में लूट-खसोट और भ्रष्टाचार करने वाली भाजपा पर कोई कार्रवाई होगी?”
INDIA गठबंधन की ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये ऐलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं।
ये लोग(भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है? मैं तो उस उत्तर प्रदेश से आता हूं जहां के लोगों ने भाजपा को मौका दिया और उनका स्वागत किया लेकिन याद रहे कि उत्तर प्रदेश के लोग जो स्वागत करते हैं वो धूम-धाम से विदाई भी करते हैं।
आपने चुने हुए लोगों और मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया। जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज उसी भारत की दुनिया में किसी ने सबसे ज्यादा थूं-थूं करवाई है तो वो भाजपा के लोगों ने करवाई है इनके 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है, तो वो भाजपा ने किया है।

दो पूर्व पालिका अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल हुए

दो पूर्व पालिका अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल हुए
श्रीराम मौर्य 
नैनीताल। लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां धीरे-धीरे बड़ती दिख रही है नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने नगर पालिका के दो पूर्व अध्यक्ष हाजी अनवार अहमद और हरीश दुबे को कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई।
निवर्तमान पालिका अध्यक्ष हरीश दुबे ने सबसे पहले अपने संबोधन में कहा कि मेरे अपने 5 साल के कार्यकाल में नौ मुकदमे मुझ पर दर्ज कराए गए हैं।
कहा कि नीचे स्तर से लेकर ऊपर तक उनके व्यवहार रवैये अच्छे नहीं है लोगों को ब्लैकमेल किया जा रहा है कुछ भी बोलने पर मुकदमे लगा दिए जाते हैं उन्होंने कहा कांग्रेस में लोग अपनी मर्जी से जुड़ते हैं लेकिन भाजपा के अंदर लोग धन कमाने या भ्रष्टाचार करने या छुपाने के लिए जुड़ते हैं उन्होंने कहां आने वाले समय में निश्चित ही सितारगंज से कांग्रेस जीतेगी।

शुक्रवार, 29 मार्च 2024

पार्टी को ताकत की मदद की आवश्यकता नहीं

पार्टी को ताकत की मदद की आवश्यकता नहीं 

इकबाल अंसारी 
नई दिल्ली। आयकर विभाग की कार्रवाई का सामना कर रही कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी को किसी बाहरी ताकत की मदद की आवश्यकता नहीं है और उसे भारतीय लोकतंत्र तथा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत का लोकतंत्र और न्यायपालिका बहुत मजबूत है तथा पार्टी काे उन पर पूरा भरोसा है। माकन कांग्रेस के बैंक खातों पर रोक लगने के बाद अमेरिका के बयान से संबंधित एक सवाल का जवाब दे रहे थे। कांग्रेस नेता ने कहा,“यह भारत का आंतरिक मामला है और देश का पूरा तंत्र इससे निपटने में पूरी तरह से सक्षम है। हमारी पार्टी को लोकतंत्र और न्यायापालिका पर पूरा विश्वास है तथा हमें किसी बाहरी ताकत के समर्थन एवं मदद की आवश्यकता नहीं है।

यूपी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाएं

यूपी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाएं 

संदीप मिश्र 
लखनऊ। माफिया सरगना और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की मौत काे निशाना बना कर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर प्रहार करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जो हुकूमत जिंदगी की हिफ़ाज़त न कर पाएं, उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक़ नहीं है। यादव ने मुख्तार की मौत का जिक्र किये बगैर शुक्रवार को एक्स पर लंबी पोस्ट के जरिये उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाएं और कहा कि सरकार न्यायिक प्रक्रिया को दरकिनार कर जिस तरह दूसरे रास्ते अपनाती है, वो पूरी तरह ग़ैर क़ानूनी हैं। ऐसे सभी संदिग्ध मामलों में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जाँच होनी चाहिए। उन्होने कहा “ हर हाल में और हर स्थान पर किसी के जीवन की रक्षा करना सरकार का सबसे पहला दायित्व और कर्तव्य होता है। सरकारों पर निम्नलिखित हालातों में से किसी भी हालात में, किसी बंधक या क़ैदी की मृत्यु होना, न्यायिक प्रक्रिया से लोगों का विश्वास उठा देगा। सपा अध्यक्ष ने कहा “ थाने में बंद रहने के दौरान, जेल के अंदर आपसी झगड़े में, ⁠जेल के अंदर बीमार होने पर,न्यायालय ले जाते समय,⁠अस्पताल ले जाते समय,⁠अस्पताल में इलाज के दौरान,⁠झूठी मुठभेड़ दिखाकर, ⁠झूठी आत्महत्या दिखाकर, ⁠किसी दुर्घटना में हताहत दिखाकर, ऐसे सभी संदिग्ध मामलों में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जाँच होनी चाहिए। सरकार न्यायिक प्रक्रिया को दरकिनार कर जिस तरह दूसरे रास्ते अपनाती है वो पूरी तरह ग़ैर क़ानूनी हैं। उप्र ‘सरकारी अराजकता’ के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। ये यूपी में ‘क़ानून-व्यवस्था का शून्यकाल है।” गौरतलब है कि मऊ के पूर्व विधायक और करीब 65 आपराधिक मामलों में वांछित मुख्तार अंसारी की गुरुवार को बांदा के एक अस्पताल में हृदयाघात के कारण मौत हो गयी थी। बसपा अध्यक्ष मायावती और भाकपा माले समेत अन्य दलों के नेताओं ने मौत को संदिग्ध बताते हुये न्यायिक जाचं की मांग की है।

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा संदीप मिश्र  भदोही। भदोही के ऊंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरा...