शनिवार, 13 अप्रैल 2024

कांग्रेस समस्या का नाम है, भाजपा समाधान है

कांग्रेस समस्या का नाम है, भाजपा समाधान है 

संदीप मिश्र 
हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को कांग्रेस पर जमकर बरसे। हल्द्वानी में नैनीताल लोकसभा सीट से प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस समस्या का नाम है और भारतीय जनता पार्टी समाधान है।
हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उनके साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी में मौजूद थे।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड अनेक महापुरुषों को जन्म देने वाली धरती है। यूपी के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, नारायण दत्त तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा को इसी धरती ने जन्म दिया है। ऐसी धरती को कोटि कोटि नमन करता हूं। देवभूमि के कंकड़ कंकड़ में शंकर है।
उन्होंने कहा कि देश की समस्याओं का नाम कांग्रेस है। आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार आदि सभी समस्याएं कांग्रेस की देन है। मोदी के नेतृत्व में सभी समस्याओं का समाधान किया है। देश ने गौरव की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि मेरा बचपन उत्तराखंड में ही बिता। दूर दूर जाकर पानी लाना पड़ता था। आज हर घर नल की योजना के कारण 100 में से 90 घरों में पानी पहुंच गया है।
योगी ने कहा कि अयोध्या का विवाद कांग्रेस ने खड़ा किया था। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट देकर कहा था कि राम और कृष्ण तो हुए ही नहीं। हमने राम और कृष्ण की विरासत को स्वीकार किया और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम को नई पहचान के साथ प्रस्तुत किया।
सीएम योगी ने कहा आज यूपी में पहले कांवड़ यात्रा के दौरान बमबाजी होती थी, लेकिन आज बम-बम भोले हो रहा है। आज यूपी के भ्रष्टाचारी और दुराचारी संकट में है। अपराधी थर-थर कांप रहे हैं क्योंकि उन्हें भी पता है कि उनका ठिकाना सिर्फ जेल या जहन्नुम है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में कुछ लोगों को गलतफहमी है कि यहां अपराध करके उत्तराखंड भाग जाएंगे, लेकिन वो उनको अपराध करने के लायक ही नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड से अलग नहीं कर सकते हैं। उत्तराखंड से निकलने वाले पानी से ही उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनता है। अगर कोई भी अपराधी उत्तर प्रदेश में अपराध कर उत्तराखंड भागना चाहता है तो उस किसी लायक नहीं छोड़ेंगे। उत्तराखंड की पवित्र भूमि को अपवित्र नहीं होने देंगे।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस के समय जातिवाद की राजनीति होती थी, अराजकता का राज होता था, तुष्टिकरण की राजनीति होती थी। आज जो परिवर्तन देखने को मिला है वो आपके वोट ने किया है। आज मो मोदी के नेतृत्व में श्रेष्ठ भारत के दर्शन हो रहे हैं।
इस दौरान योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि बाबा श्री केदारनाथ जी की पावन धरा, देवभूमि उत्तराखंड ने ‘जो राम को लाए हैं’, उन्हें पुन: लाने का संकल्प ले लिया है। हर बूथ पर राष्ट्रवाद का कमल खिलने जा रहा है।
इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने योगी और धामी की तारीफों के पुल बांधे और कहा कि यूसीसी और नकल विरोधी कानून बनाकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इतिहास बना दिया है। भट्ट ने जमरानी बांध को मंजूरी मिलने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अगर में दोबारा सांसद में जाता हूं तो प्रदेश और क्षेत्र की नाक नीची नहीं होने दूंगा।
सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि योगी ने यूपी में जो कार्य किए हैं उनकी धमक देश दुनिया में हैं। आज सभी लोग उन्हें बुलडोजर बाबा के नाम से जानने लगे हैं। एक समय यूपी को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। अब यूपी उत्तम प्रदेश और उत्कृष्ट प्रदेश बन गया है। सीएम धामी ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी भी हमें करनी है। हमने समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया। नकल विरोधी कानून लागू किया, लैंड जिहाद के खिलाफ कार्यवाही की, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून हम लेकर आए हैं। दंगे में हुए नुकसान की भरपाई दंगा करने वाले भरेंगे।
सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, खिलेंद्र चौधरी, मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह कैड़ा, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्य, निवर्तमान महापौर डॉ जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, साकेत अग्रवाल समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा संदीप मिश्र  भदोही। भदोही के ऊंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरा...