मंगलवार, 9 जनवरी 2024

'वैश्विक व्यापार प्रदर्शनी-2024’ का उद्घाटन किया

'वैश्विक व्यापार प्रदर्शनी-2024’ का उद्घाटन किया 

इकबाल अंसारी 
गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10वें वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन की पूर्व-संध्या पर मंगलवार को ‘वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक व्यापार प्रदर्शनी-2024’ का उद्घाटन किया। यह वैश्विक प्रदर्शनी गुजरात की राजधानी गांधीनगर में हेलीपैड ग्राउंड प्रदर्शनी केंद्र के कई हॉल में लगाई गई है। इसका कुल क्षेत्रफल करीब दो लाख वर्ग मीटर है।
प्रदर्शनी में कुल 20 देश शिरकत कर रहे हैं। इसकी शुरुआत वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हुई है। इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न तीन बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ प्रदर्शनी में लगे कई स्टाल को देखा।
उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी और अन्य अतिथियों का स्वागत करने के लिए स्थानीय कॉलेजों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसमें शोध क्षेत्र से जुड़े करीब 1,000 स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें कुल 13 हॉल हैं जो ‘मेक इन गुजरात’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे 13 अलग-अलग विषयों पर केंद्रित हैं। प्रदर्शनी में महिला सशक्तीकरण, एमएसएमई विकास, नई प्रौद्योगिकी, हरित और स्मार्ट बुनियादी ढांचे और टिकाऊ ऊर्जा पर खास ध्यान दिया गया है।
प्रदर्शनी बुधवार और बृहस्पतिवार को कारोबारों के लिए खुला रहेगी जबकि आम जनता के लिए यह उसके बाद दो दिन खुलेगी। इस प्रदर्शनी में ऑस्ट्रेलिया, तंजानिया, मोरक्को, मोजाम्बिक, दक्षिण कोरिया, थाइलैंड, एस्टोनिया, बांग्लादेश, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन, जर्मनी, नॉर्वे, फिनलैंड, नीदरलैंड, रूस, रवांडा, जापान, इंडोनेशिया और वियतनाम अपने उद्योगों के बारे में जानकारी देंगे।
इसके पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने निवेशक सम्मेलन के आयोजन स्थल 'महात्मा गांधी मंदिर' में मोजाम्बिक, तिमोर एवं तिमोर-लेस्ते के राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कई वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ भी बैठक की।

22 को मनेगा 'रामलला प्राण-प्रतिष्ठा' समारोह

22 को मनेगा 'रामलला प्राण-प्रतिष्ठा' समारोह

संदीप मिश्र 
लखनऊ। 22 जनवरी को उत्तर प्रदेश में श्री रामलला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह ‘राष्ट्रीय उत्सव’ के तौर पर मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 22 जनवरी को शिक्षण संस्थाओं में अवकाश रहेगा। प्राण-प्रतिष्ठा के दिन प्रदेश में मदिरा की बिक्री भी नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को ये आदेश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने आदेश में कहा कि अयोध्या में अगंतुकों को अविस्मरणीय अतिथि सत्कार मिलेगा। साथ ही 22 जनवरी को सभी सरकारी भवनों की साज-सज्जा कराई जाए, आतिशबाजी के भी प्रबंध हों।अयोध्या में स्वच्छ्ता का ‘कुंभ मॉडल लागू करें। मुख्यमंत्री 14 जनवरी को अयोध्या में स्वच्छ्ता अभियान की शुरुआत करेंगे। आज अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां परखीं और कहा सफाई व सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि वीवीआईपी के विश्राम स्थल पहले से ही तय होना चाहिए।

पुलिस ने दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया

पुलिस ने दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया

मनोज सिंह ठाकुर 
सीहोर। मध्य प्रदेश में मादक पदार्थ की तस्करी पर लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीहोर जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कब्जे से मादक पदार्थ सहित कैश जब्त किया गया है। फिलहाल, गिरफ्तार आराेपियों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर पूछताछ में जुटी हुई है।
इस मामले में सीएसपी निरंजन राजपूत ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर-भोपाल हाईवे पर कुछ लोग अफीम की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी कर धर दबोचा और उनके कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम मादक पदार्थ और 2 लाख कैश जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी निवासी राजस्थान राजूराम जाट और निवासी रेहटी सीताराम जाट को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस अफीम के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

34 वर्षीय अटाल को नया पीएम नियुक्त किया

34 वर्षीय अटाल को नया पीएम नियुक्त किया

अखिलेश पांडेय 
पेरिस। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने 34 वर्षीय शिक्षा मंत्री गेब्रियल अटाल को अपना नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। वह फ्रांस के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे और खुले तौर पर समलैंगिक होने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।
कई दिनों तक पर्दे के पीछे की गहन चर्चा के बाद फ्रांस की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली महिला प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न ने सोमवार शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद मैक्रॉ के राष्ट्रपति पद के अंतिम तीन वर्षों को फिर से शुरू करने के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित कैबिनेट फेरबदल हुआ।
शिक्षा मंत्री अटाल जल्द ही 62 वर्षीय बोर्न के उत्तराधिकारी के रूप में उभरे, मैक्रॉन ने आज आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की। अब ‘मिनी-मैक्रॉन’ अटाल महज़ 34 साल की उम्र में फ्रांस के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बन गए हैं, और खुले तौर पर समलैंगिक होने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। अटल यूरोपीय संसद के 38 वर्षीय सदस्य स्टीफन सेजॉर्न के साथ एक नागरिक संघ में हैं।
नए फ्रांसिसी प्रधानमंत्री मैक्रॉ के करीबी सहयोगी हैं, जो कोविड ​​​​महामारी के दौरान सरकार के प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद एक घरेलू नाम बन गए। अटाल को सोशल मीडिया प्लेटफार्म X में संबोधित करते हुए मैक्रॉ ने आज लिखा कि मुझे पता है कि मैं राष्ट्र और फ्रांसीसी लोगों की सेवा में मेरे द्वारा घोषित पुनरुद्धार और पुनर्जनन परियोजना को लागू करने के लिए आपकी ऊर्जा और आपकी प्रतिबद्धता पर भरोसा कर सकता हूं।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-81, (वर्ष-11)

पंजीकरण:- UPHIN/2014/57254

2. बुधवार, जनवरी 10, 2024

3. शक-1945, पौष, कृष्ण-पक्ष, तिथि-चतुर्दशी, विक्रमी सवंत-2079‌‌।

4. सूर्योदय प्रातः 06:48, सूर्यास्त: 05:18।

5. न्‍यूनतम तापमान- 9 डी.सै., अधिकतम- 21+ डी.सै.।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

सोमवार, 8 जनवरी 2024

लक्षद्वीप व अंडमान 'अद्भुत रूप से सुंदर स्थान' है

लक्षद्वीप व अंडमान 'अद्भुत रूप से सुंदर स्थान' है

कविता गर्ग 
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों पर विवाद के बीच अमिताभ बच्चन ने भारत की आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि लक्षद्वीप और अंडमान "अद्भुत रूप से सुंदर स्थान" हैं।
अभिनेता अक्षय कुमार, सलमान खान, श्रद्धा कपूर और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, वेंकटेश प्रसाद तथा वीरेंद्र सहवाग द्वारा लोगों से मालदीव की जगह घरेलू द्वीपों की यात्रा करने की अपील किए जाने के बाद 81 वर्षीय बच्चन की भी टिप्पणी आई है।
बच्चन ने सहवाग द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट का हवाला दिया जिसमें पूर्व क्रिकेटर ने "मालदीव के मंत्रियों द्वारा हमारे देश और हमारे प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किए जाने" को भारत के लिए पर्यटकों को आकर्षित करने और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा बनाने का एक अवसर बताया। बच्चन ने अपने पोस्ट में कहा कि सहवाग की टिप्पणियां प्रासंगिक हैं और ‘‘हमारी भूमि की सही भावना को दर्शाती हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अपने (स्थल) सबसे अच्छे हैं.. मैं लक्षद्वीप और अंडमान गया हूं और वे अद्भुत रूप से सुंदर स्थान हैं.. अद्भुत जल, समुद्र तट और पानी के नीचे का अनुभव बिलकुल अविश्वसनीय है।’’ बच्चन ने लिखा, "हम भारत हैं, हम आत्म-निर्भर हैं, हमारी आत्म-निर्भरता पर आंच मत डालिए।
जय हिंद।" मालदीव सरकार ने रविवार को अपने तीन उप-मंत्रियों को निलंबित कर दिया, क्योंकि उन्होंने मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बाद ‘एक्स’ पर उनके पोस्ट को लेकर उनकी आलोचना की थी। इन मंत्रियों ने यह अनुमान लगाते हुए मोदी की आलोचना की थी कि उनका लक्षद्वीप दौरा भारत के इस केंद्रशासित प्रदेश को मालदीव के वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने का प्रयास है।
हालांकि, हास्य-अभिनेता वीर दास ने इस विवाद पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। दास ने लिखा, ‘‘सबसे पहले, इस बात से खुश हूं कि लक्षद्वीप को कुछ प्यार मिल रहा है।’’ निर्माता एकता कपूर ने कहा कि वह ‘एक्स’ पर यह कहने के लिए लौटी हैं कि वह अपने बेटे को मजेदार ढंग से छुट्टियां बिताने के लिए लक्षद्वीप ले जाएंगी।
कपूर ने मालदीव से बेहतर भारतीय द्वीप को बताने के एक स्पष्ट संदर्भ में कहा, "अब कोई 'मॉल' नहीं। अब समय है द्वीप की खूबसूरती में गोता लगाने का।" अभिनेत्री निम्रत कौर और वरुण धवन ने ‘एक्स’ पर 'एक्सप्लोर इंडियन आइलैंड्स' हैशटैग के साथ पोस्ट किए।
कौर ने लिखा, "काम और जीवन से समय निकालकर ‘एक्सप्लोर इनक्रेडिबल इंडिया’ के लिए यात्रा करने का इससे बेहतर कोई तरीका नहीं है। हमेशा इसके साथ जीती हूं, कभी नहीं रुकूंगी-पीएमओ इंडिया-भारत की निम्रत।" धवन ने कहा, "लक्षद्वीप के समुद्र तटों पर हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सर को देखकर मुझे एहसास हुआ कि मैं अपने इतने खूबसूरत समुद्र तटों पर ना जाकर कुछ खो रहा हूं।
मुझे अपनी अगली छुट्टियों की बुकिंग का इंतजार है।" सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट भी किए गए जिनमें दावा किया गया कि विवाद के मद्देनजर कुछ भारतीय मालदीव की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर रहे हैं।
मालदीव के विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेशी नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया मंचों पर "अपमानजनक टिप्पणियों" से सरकार अवगत है और व्यक्तिगत विचार सरकार के विचार नहीं हैं। मोदी कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए दो से तीन जनवरी तक लक्षद्वीप में थे।

फार्म में लगीं आग, 2,000 मुर्गियां जिंदा झुलसी

फार्म में लगीं आग, 2,000 मुर्गियां जिंदा झुलसी 

इकबाल अंसारी 
श्रीनगर। जम्मू शहर के बाहरी इलाके में एक पोल्ट्री फार्म में आग लगने से 2,000 से अधिक मुर्गियां जिंदा झुलस गईं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना रविवार रात यहां अखनूर तहसील के डोके जागीर इलाके में रणजीत सिंह नामक व्यक्ति के पॉल्ट्री फार्म में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि आग अचानक भड़क उठी और तेजी से पूरे पॉल्ट्री फार्म को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि भीषण आग में 2,000 से अधिक मुर्गियां झुलस कर मारी गईं। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन करने और आग के कारणों की जांच करने के प्रयास जारी हैं।

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट पंकज कपूर  देहरादून। हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 25 मई को खोले जाएंगे। इसके चलते राज्य सरका...