शुक्रवार, 29 दिसंबर 2023

आज अयोध्या आएंगे पीएम मोदी, भव्य स्वागत

आज अयोध्या आएंगे पीएम मोदी, भव्य स्वागत 

संदीप मिश्र 
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत के लिए अयोध्या तैयार है। शनिवार को जब वे यहां आएंगे तो स्वागत के इंतजामों को देखकर आल्हादित होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री रामनगरी को सौगातों के हार पहनाएंगे। वे यहां करीब 16 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। एयरपोर्ट से अयोध्या धाम तक 15 किलोमीटर लंबा रोड शो भी करेंगे। इस दौरान शुक्रवार से ही यहां उच्चस्तरीय सुरक्षा प्रबंध प्रभावी कर दिए गए। रात से ही अयोध्या में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित हो गया। प्रधानमंत्री करीब तीन घंटा दस मिनट का समय यहां व्यतीत करेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, पीएम मोदी 30 दिसंबर को सुबह 10:50 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक और उनकी सरकार के अन्य मंत्री स्वागत करेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो जाएंगे। पीएम मोदी एयरपोर्ट के गेट नंबर तीन से निकलकर एनएच-27, धर्मपथ और रामपथ पर 15 किमी लंबा रोड शो करते हुए 11:30 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां आधे घंटे तक रहेंगे।
रोड शो के दौरान जगह-जगह नागरिक, साधु-संत और वेदपाठी बटुकों की ओर से शंखध्वनि के बीच पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। कई स्थानों पर कलाकार नृत्य और गायन भी प्रस्तुत करेंगे। पीएम रेलवे स्टेशन पर नए भवन का लोकार्पण करने के साथ छह वंदे भारत व दो अमृत भारत समेत आठ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
रेलवे स्टेशन से पीएम मोदी फिर वापस 12:30 बजे एयरपोर्ट आएंगे। यहां एयरपोर्ट का निरीक्षण करने के बाद पास में स्थित मैदान में दोपहर एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में ही एयरपोर्ट समेत 1600 करोड़ के लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें प्रमुख रूप से राम पथ, भक्ति पथ, धर्म पथ, एनएच-27 बाईपास से राम जन्मभूमि हाईवे और बड़ी बुआ रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण शामिल है। दोपहर दो बजे पीएम मोदी वापस लौट जाएंगे।

मोदी के अभिनंदन को सज-संवरकर उठी अयोध्या

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिनंदन के लिए अयोध्या सज-संवरकर तैयार हो गई है। रामनगरी की दीवारों पर विविध फूलों से की गई भव्य सजावट रंग-बिरंगी छटा बिखेर रही है। रामपथ पर जगह-जगह आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं। धर्म पथ को गमलों से सजाया गया है। एनएच-27 के डिवाइडर पर लगे पेड़ों को भी गेंदा के फूलों से सुसज्जित किया गया है।
पीएम मोदी शनिवार को यहां आ रहे हैं। उनकी अगवानी के लिए यहां सभी इंतजामों को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया। एयरपोर्ट से निकलकर वह सबसे पहले एनएच-27 पर पहुंचेंगे। इसीलिए हाईवे की भी साज-सज्जा की गई है। सफाई कर्मियों की फौज हाईवे से लेकर धर्म पथ और राम पथ को गंदगी और धूल रहित करने के लिए जुटी रही। हाईवे के मध्य डिवाइडर पर लगे पेड़ों को फूलों से सजाकर नया रूप दिया गया।
इसके बाद धर्म पथ के शुरू होते ही नजारा बिल्कुल बदला नजर आया। इस पथ के डिवाइडर को शुरुआत से आखिरी छोर तक गमलों से सजाया गया है। दोनों ओर जगह-जगह मंच बनाए गए हैं। धर्म पथ से राम पथ तक दोनों ओर विभिन्न विभागों की होर्डिंग्स मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान कर रही हैं।
धर्म पथ से आगे बढ़ने पर लता मंगेशकर चौक की भी सजावट फूलों से की गई है। यहां लता जी के स्वरों में रामभक्ति के गीत गूंज रहे हैं। यहीं से आगे बढ़ने पर रामपथ को भी कई स्थानों पर फूलों से सजाया गया है। धर्मपथ से लेकर रामपथ पर जहां तक पीएम का काफिला गुजरेगा, वहां दोनों ओर दोहरी बैरिकेडिंग की गई है। पहले लोहे के जाल लगाए गए हैं। इसके बाद बांस-बल्लियों का सहारा लिया गया है। इनके पीछे जगह-जगह छोटे मंच भी बना गए हैं। इन पर से साधु-संत और वेदपाठी बटुक अयोध्या की परंपरा के अनुसार शंखध्वनि के बीच पीएम पर पुष्पवर्षा करेंगे।

अगले वर्षों के लिए 5 इकोनॉमी का लक्ष्य रखा

अगले वर्षों के लिए 5 इकोनॉमी का लक्ष्य रखा 

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। भारत की अर्थव्यवस्था इस समय तेज गति से आगे बढ़ रही है। भारत 2023 में भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में बना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आने वाले वर्षों के लिए 5 ट्रिलियन इकोनॉमी का लक्ष्य रखा है। इंडिया टुडे ग्रुप को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में पीएम मोदी ने अपने इस लक्ष्य को विस्तार से समझाया।
इंडिया टुडे के एडिटर-इन-चीफ तथा चेयरपर्सन अरुण पुरी, वाइस-चेयरपर्सन कली पुरी और ग्रुप एडिटोरियल डायरेक्टर राज चेंगप्पा से खास बातचीत में पीएम मोदी ने 5 ट्रिलियन इकोनॉमी से जुड़े सवाल पर कहा कि हमारा ट्रैक-रिकॉर्ड खुद-ब-खुद इसकी गारंटी लेता है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब 2001 में मैं गुजरात का मुख्यमंत्री बना तो उसकी अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 26 अरब डॉलर (2.17 लाख करोड़ रुपये) था। जब प्रधानमंत्री बनने के लिए मैंने गुजरात छोड़ा, तब गुजरात की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़कर 133.5 अरब डॉलर (11.1 लाख करोड़ रुपये) हो गया था और जो कई नीतियां और सुधार किए गए, उनके परिणामस्वरूप आज गुजरात की अर्थव्यवस्था लगभग 260 अरब डॉलर (21.6 लाख करोड़ रुपये) की हो गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि इसी तरह जब 2014 में मैं प्रधानमंत्री बना, तो भारत की अर्थव्यवस्था 20 खरब डॉलर (167 लाख करोड़ रुपये) की थी और 2023-24 के अंत में भारत की जीडीपी 37.5 खरब डॉलर (312 लाख करोड़ रुपये) से अधिक होगी। 23 वर्ष का यह ट्रैक रिकॉर्ड दिखाता है कि यह रियलिस्टिक टारगेट है।

आज नई सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा

आज नई सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा

नरेश राघानी 
जयपुर। आखिरकार विधायकों के इंतजार की घड़ी खत्म हो ही गई। 30 दिसंबर को नई सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। गौरतलब है कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत प्राप्त कर भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में नई सरकार का गठन कर दिया था। तब से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें लगी हुई थी। मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कई विधायक तो शीर्ष नेतृत्व के दरबार में हाजिरी भी लगा रहे थे। 
राजस्थान के मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा। इसको लेकर चल रही अटकलें अब खत्म हो गई है। कल 30 दिसंबर को 3:30 बजे राजस्थान की भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। हालांकि अभी तक भारतीय जनता पार्टी की तरफ से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कितने और किन विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। मंत्रिमंडल विस्तार की खबर आते ही भाजपा के विधायकों की धड़कनें बढ़ गई है।

गुरुवार, 28 दिसंबर 2023

लश्कर-ए-तैयबा का ‘आंतकी सहयोगी’ गिरफ्तार

लश्कर-ए-तैयबा का ‘आंतकी सहयोगी’ गिरफ्तार 

इकबाल अंसारी 
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले से आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक ‘आंतकी सहयोगी’ को गिरफ्तार किया गया तथा उसके पास से हथियार और गोला-बारुद जब्त किए गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्रीरी इलाके में आतंकवादी गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने श्राकवारा क्रीरी में एक जांच चौकी स्थापित की।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सुरक्षा बलों की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने बताया कि उस पर संदेह होने पर सुरक्षाकर्मी उसके पास गए और उसने सुरक्षाकर्मियों को अपनी ओर आता देख भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने कहा कि व्यक्ति की पहचान नौपोरा वागूरा क्रीरी निवासी इमरान अहमद गनी के रूप में हुई है।
अधिकारी ने कहा कि उसके पास से चीन निर्मित एक पिस्तौल, एक मैगजीन, नौ गोलियां और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कैलाश का 'बीजेपी' के महासचिव पद से इस्तीफा

कैलाश का 'बीजेपी' के महासचिव पद से इस्तीफा 

मनोज सिंह ठाकुर 
भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया। विजयवर्गीय ने स्वयं इस बारे में जानकारी देते हुए एक्स पर पोस्ट किया, ''आज मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रसाद नड्डा जी से मिला। हमारी पार्टी के सिद्धांत 'एक व्यक्ति एक पद' के अनुसार मैंने महासचिव पद से उन्हें इस्तीफ़ा सौपा।
मेरा सौभाग्य रहा कि मैंने 9 वर्ष तक पहले अमित शाह जी फिर जेपी नड्डा जी के मार्गदर्शन में देश के विभिन्न स्थानों पर संगठन को गढ़ने में प्राणप्रण से कार्य किया। अब मुझे पार्टी ने मध्यप्रदेश में एक नई भूमिका के लिए भेजा है।''
उन्होंने कहा कि अब वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प कि वर्ष 2047 में भारत, विश्व का शक्तिशाली देश बने, इस दिशा में मध्यप्रदेश को शक्तिशाली बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, अध्यक्ष नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में कार्य करेगें।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की एक नई इबारत लिखेगा। विजयवर्गीय को राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वे राष्ट्रीय महासचिव के पद पर रहते हुए पश्चिम बंगाल के प्रभारी रह चुके हैं। वे हालिया विधानसभा चुनाव में इंदौर एक से विधायक चुने गए हैं।

विद्यालयों में 29 और 30 का अवकाश घोषित किया

विद्यालयों में 29 और 30 का अवकाश घोषित किया 

भानु प्रताप उपाध्याय 
शामली। अत्यधिक ठंड एवं घने कोहरे के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों में 29 और 30 दिसंबर का अवकाश घोषित किया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी कु. कोमल ने बताया कि छात्र-छात्राओं को ठंड के प्रकोप और कोहरे में सुरक्षा को लेकर दो दिन शिक्षण कार्य बंद रहेगा। रविवार को सार्वजनिक अविकाश के बाद सोमवार से विद्यालयों में शिक्षण कार्य होगा।

कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस, झंडा फहराया

कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस, झंडा फहराया 

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस मुख्यालय पर झंडा फहराया और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस राष्ट्र के प्रति कांग्रेस की निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य नेताओं ने इस मौके को राष्ट्र के प्रति कार्यकत्ताओं के समर्पण का प्रतीक बताया और कहा कि सत्य, अहिंसा, परस्पर सम्मान और भाईचारे की यह परंपरा ही कांग्रेस का दूसरा नाम है। खडगे ने कहा “कांग्रेस का उद्देश्य जन-कल्याण और देश के लोगों की उन्नति है।
हम संसदीय लोकतंत्र पर आधारित ऐसे भारत में विश्वास रखते हैं जिसमें समानता हो, बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए अवसर हो और संविधान में रचे-बसे राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों का पालन हो। हमें गर्व है कि पिछले 138 वर्षों से हम पूरी ईमानदारी के साथ ऐसे भारत के निर्माण में संघर्षरत हैं। स्थापना दिवसपर मेरी ओर से हर एक भारतीय को हार्दिक शुभकामनाएं।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा “स्थापना दिवस पर हमारा कर्तव्य है कि हम बड़ी संख्या में इकट्ठा हों और देश भर में यह संदेश दें कि कांग्रेस पार्टी कभी भी अपनी विचारधारा से दूर नहीं जाएगी और अपने विचार के साथ आगे बढ़ेगी। हम नागपुर से संदेश देना चाहते हैं कि 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर हम काम कर रहे हैं। एक खुशहाल और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए आगे आएं, अपना कर्तव्य निभाएं।
हाथ से हाथ जोड़कर कांग्रेस को मजबूत करें। कांग्रेस जितनी सशक्त होगी अधिकारों की लड़ाई पार्टी उतनी ही बुलंदी के साथ लड़ेगी।” श्री गांधी ने कहा “सत्य और अहिंसा जिसकी बुनियाद है। मोहब्बत, भाईचारा, सम्मान और समानता जिसके स्तंभ हैं और देशप्रेम जिसकी छत है।मुझे फक्र है कि मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूं, गर्व है कि मैं कांग्रेस का एक भाग हूं। कांग्रेस स्थापना दिवस की सभी नेतागणों, पदाधिकारियों, समर्थकों और मेरे प्यारे बब्बर शेर और शेरनी कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं।'
 वाड्रा ने कहा 'स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी जी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की गतिविधियों को संचालित करने के लिए 'तिलक स्वराज फंड' की शुरुआत की थी। इसका मकसद असहयोग आंदोलन के लिए पैसे जुटाना था ताकि 'स्वराज' की स्थापना हो सके।
आज लगभग सौ साल बाद कांग्रेस ने ‘देश के लिए दान’ अभियान शुरू किया है। ताकि लोकतंत्र को बचाया जा सके, चंद अरबपतियों के लिए काम करने वाली तानाशाह सरकार के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष खड़ा किया जा सके और संविधान को बचाया जा सके।”

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट पंकज कपूर  देहरादून। हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 25 मई को खोले जाएंगे। इसके चलते राज्य सरका...