सोमवार, 7 मार्च 2022

मानवीय गलियारों की स्थापना, पीएम ने सराहना की

मानवीय गलियारों की स्थापना, पीएम ने सराहना की   

अखिलेश पांडेय      
नई दिल्ली/कीव। पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की। फोन कॉल करीब 50 मिनट तक चली। उन्होंने यूक्रेन में उभरती स्थिति पर चर्चा की। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेनी और रूसी टीमों के बीच वार्ता की स्थिति पर पीएम मोदी को जानकारी दी।
पीएम ने राष्ट्रपति पुतिन से आग्रह किया कि वे अपनी टीमों के बीच चल रही बातचीत के अलावा यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ सीधी बातचीत करें। पीएम मोदी ने सूमी सहित यूक्रेन के कुछ हिस्सों में संघर्ष विराम और मानवीय गलियारों की स्थापना की घोषणा की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सूमी से भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने के महत्व पर जोर दिया। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को छात्रों की सुरक्षित निकासी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया पीएम मोदी से क्या हुई बात।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्वीट किया है। युद्ध के दौरान भारत ने जिस तरह अपने नागरिकों की सहायता की, उसकी सराहना की। मैं उच्चतम स्तर पर शांतिपूर्ण वार्ता को निर्देशित करने की प्रतिबद्धता की भी सराहना करता हूं। यूक्रेन के लोगों के समर्थन के लिए मैं आभारी हूं।
यूक्रेन ने दावा किया कि युद्ध के दौरान यूक्रेनी सैनिक ने दुश्मन के 11 हजार सैनिकों को मार गिराया है। इसके अलावा 999 बख्तरबंद लड़ाकू वाहन, 117 तोप, 290 टैंक, 50 रॉकेट लॉन्चर, 23 वायु रक्षा प्रणाली, 46 विमान, 68 हेलीकाप्टर, 454 ऑटोमोटिव उपकरण और 3 जहाज और नाव नष्ट हुए हैं।

पेड़ के कटे हिस्से में 'हिजाब' की आकृति दिखीं

पेड़ के कटे हिस्से में 'हिजाब' की आकृति दिखीं     

अविनाश श्रीवास्तव     

सारण। सारण जिले के ताजपुर कब्रिस्तान में सोमवार को अजीबो-गरीब वाकया देखने को मिला। यहां जब लोगों ने एक पेड़ को काटा तो कटे हिस्से में एक आकृति नजर आई। ध्यान से देखने पर यह आकृति हिजाब पहने किसी औरत की तरह लग रही है। अब इसे अंध्विश्वास कहें या फिर कुदरत का करिश्मा लेकिन जैसे ही यह खबर फैली, दूर दराज के इलाकों से लोग इसे देखने के लिए पहुंच आने लगे हैं। यह घटना जनता बाजार थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव की है।

यह घटना अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। जानकारी के अनुसार शाहपुर गांव निवासी अब्दुल मन्नान के बगीचे के पास कब्रिस्तान में एक तूत का पेड़ था। सूखने के बाद उन्होंने इसे काट दिया। पेड़ काटने के बाद उन्हें टहनी में एक हिजाब पहने हुए लड़की की आकृति दिखाई दी। ये बात देखते ही देखते जंगल में आग की तरह फैल गई। इसे देखने के लिए लोग अब मन्नान के घर पहुंच रहे हैं।
स्थानीय निवासी का कहना है कि कुछ लोग इसे कुदरत का करिश्मा बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे अंधविश्वास कह रहे हैं। उनका कहना है कि पेड़ में अक्सर ऐसा होता है। यह पेड़ इलाके में लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पेड़ की यह टहनी जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

चुनाव के बाद गठबंधन के लिए तैयार है 'कांग्रेस'

चुनाव के बाद गठबंधन के लिए तैयार है 'कांग्रेस'    

इकबाल अंसारी            

पणजी। गोवा विधानसभा चुनाव के परिणाम की घोषणा किए जाने से कुछ दिन पहले कांग्रेस ने कहा कि अगर उसे बहुमत नहीं मिलता है, तो वह भाजपा के अलावा अन्य दलों के साथ चुनाव के बाद गठबंधन के लिए तैयार है। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए 14 फरवरी को मतदान हुआ था और मतगणना 10 मार्च को होगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की गोवा इकाई के प्रभारी दिनेश जी. राव ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि अगर उनकी पार्टी 21 सीट का बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पाई, तो वह सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी (आप), महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों के साथ गठबंधन को तैयार है।

कांग्रेस ने ‘गोवा फॉरवर्ड पार्टी’ के साथ मिलकर यह चुनाव लड़ा है। इसके अलावा, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल ने चुनाव से पहले गोवा के सबसे पुराने क्षेत्रीय संगठन एमजीपी के साथ गठजोड़ किया था। राव ने कहा कि अंतिम परिणाम आने के बाद, कांग्रेस विधायक दल अपना नेता चुनने में कोई समय बर्बाद नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को बहुमत मिला, तो ” हम उसी दिन सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।गौरतलब है कि 2017 के राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सर्वाधिक 17 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा को 13 सीट मिली थीं। हालांकि, भगवा दल ने कुछ अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ गठबंधन करके सरकार बना ली थी। पिछले पांच साल में कई कांग्रेस विधायकों ने पार्टी छोड़ दी और अब सदन में पार्टी के केवल दो विधायक हैं।

कैप्टन अमरिंदर ने गृहमंत्री शाह से मुलाकात की

कैप्टन अमरिंदर ने गृहमंत्री शाह से मुलाकात की     

अमित शर्मा            

नई दिल्ली/चंडीगढ़। पंजाब में इस साल हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में अब महज कुछ दिन रह गए हैं। ऐसे में चुनावी नतीजों को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, नतीजों से पहले आज पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के नेता कैप्टन अमरिंदर ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। बात दें ये मुलाकात गृहमंत्री के आवास पर ही हुई है। वहीं जब मीडिया ने कैप्टन अमरिंदर से इस मुलाकात को लेकर सवाल किया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, मैंने अमित शाह के साथ सामान्य चर्चा की है। परिणाम आने के बाद ही विस्तृत चर्चा होगी।

साथ ही उन्होंने बताया उन्होंने अमित शाह से पंजाब पर आम चर्चा की है इस बैठक का चुनाव से कोई नाता नहीं। वहीं जब मीडिया ने अमरिंदर से गठबंधन की स्थिति पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि, मैं पंडित नहीं हूं। मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो भविष्यवाणी कर सके। कैप्टन अमरिंदर ने आगे कहा कि, मेरी पार्टी ने अच्छा किया है। बीजेपी ने भी अच्छा किया है। देखते हैं क्या होता है।

सामान्य रूप से फिर प्रारंभ हुआ ब्रॉडकास्ट: एनएसई

सामान्य रूप से फिर प्रारंभ हुआ ब्रॉडकास्ट: एनएसई   

अकांशु उपाध्याय      

नई दिल्ली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने सोमवार को कहा कि निफ्टी और बैंक निफ्टी सूचकांकों में कुछ समय के लिए कीमतों के अपडेट बंद होने के बाद अब दोनों सूचकांक सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। एनएसई ने एक बयान में कहा कि सभी सूचकांकों में ब्रॉडकास्ट सामान्य रूप से फिर शुरू हो गया है। एनएसई पर सुबह के कारोबार में शेयरों की कीमतों में वास्तविक समय में अपडेट बंद हो गया था।

एनएसई ने इससे पहले कहा था कि, सभी खंडों में कारोबार सामान्य रूप से चल रहा है। हालांकि, निफ्टी और बैंक निफ्टी सूचकांक रुक-रुक कर ब्रॉडकास्ट नहीं हो रहे हैं। एक्सचेंज इस मुद्दे को हल करने के लिए काम कर रहा है। ऑनलाइन ब्रोकरेज हाउस जीरोधा ने भी ट्विटर पर इस समस्या की शिकायत की थी। जीरोधा ने ट्वीट किया, ”एनएसई शेयरों के लिए डेटा फीड के साथ एक समस्या है। कृपया ऑर्डर देने से पहले 20 मार्केट डेप्थ की जांच करें, या बीएसई पर ऑर्डर दें।” एक अलग बयान में बीएसई ने कहा कि उसका कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है।

संविधान को बचाने के लिए मतदान की अपील: सपा

संविधान को बचाने के लिए मतदान की अपील: सपा   

संदीप मिश्र     

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने किसान-नौजवान, व्यापारी और माताओं-बहनों से लोकतंत्र और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को बचाने के लिए कल 7 मार्च 2022 को एकजुट होकर बड़ी तादाद में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत से जनता के अधिकारों, अवसरों और सम्मान की रक्षा की गारंटी होगी। 
यादव ने कहा कि अब तक के छः चरणों के मतदान में समाजवादी पार्टी और गठबंधन के पक्ष में जनता ने तीन सौ सीटों पर विजय की मोहर लगा दी है। शुरू से ही जनता ने समाजवादी पार्टी को ही मजबूत और भरोसे लायक विकल्प मान लिया है। भाजपा राज में जिस तरह समाज के सभी वर्गो को परेषान किया गया है वह भुलाया नहीं जा सकता है। महंगाई और बेरोजगारी ने लोगों की कमर तोड़ दी है, उससे जनता में भाजपा के प्रति गहरी नाराजगी है। जहां भाजपा 700 किसानों की मौत की जिम्मेदार है, वहीं युवा पीढ़ी के भविश्य के साथ खिलवाड़ भी क्षम्य नहीं। 

यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बीते पांच वर्षों के भाजपा सरकार में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया गया। संविधान प्रदत्त अधिकारों पर हमला हुआ है। दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक सहित वंचित एवं कमजोर वर्गों के साथ सत्ता संरक्षण के बलबूते उत्पीड़न किया गया है। आधी आबादी के साथ अपमानजनक घटनाओं की संख्या में बेतहाशा वृृद्धि हुई है। किसानों के साथ अत्याचार हुआ है। रोजगार की मांग कर रहे नौजवानों पर लाठियां बरसायी गयी। उत्तर प्रदेश में अपराध, अराजकता और अत्याचार का जैसा तांडव भाजपा सरकार में हुआ ऐसा उदाहरण अंग्रेजी शासनकाल में भी नहीं दिखाई पड़ता। अखिलेश यादव ने कहा कि पांच साल से कराह रही जनता के साथ हुए अन्याय और अपमान की घटनाओं के खिलाफ समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से डटी रही। हिस्सेदारी और भागीदारी की समस्या का समाधान निकालने के लिए समाजवादी पार्टी ने अनेक जनकल्याणकारी नीतियों को अपने वचन पत्र में शामिल कर सरकार बनने पर अविलम्ब लागू कराने का भरोसा जनता को दिया है।

यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की बुनियाद में स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्य हैं। संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समाजवादी पार्टी प्रतिबद्ध है। समतामूलक समाज की स्थापना के साथ प्रदेश में समृद्धि और खुशहाली के लिए कार्य करना ही समाजवादी पार्टी की रीति-नीति है। विकास का हमारा विजन स्पष्ट और दूरदर्शी है। इसमें व्यक्ति की गरिमा के सम्मान के साथ सामाजिक परिवर्तन की अवधारणा भी शामिल है।अखिलेश यादव ने कहा कि सातवें चरण में भी समाजवादी पार्टी गठबंधन को ऐतिहासिक जनसमर्थन मिलने जा रहा है। विधान सभा 2022 का चुनाव सम्मानित जनता ने लड़ा है। अब उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनना तय है। भाजपा सरकार से पीड़ित जनता भाजपा को सबक सिखा चुकी है, इसके लिए पूरे प्रदेश की जनता के आभारी हैं।

इजरायल: 4 वर्षीय बच्चे में पोलियो का संक्रमण मिला

इजरायल: 4 वर्षीय बच्चे में पोलियो का संक्रमण मिला   

अखिलेश पांडेय            

जेरूसलम। इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि जेरूसलम में चार साल के बच्चे में पोलियो के संक्रमण का पता चला है। इजरायली मीडिया के अनुसार, देश में 1989 के बाद पोलियो का पहला मामला सामने आया है। मंत्रालय ने कहा कि संक्रमित बच्चे को समय से टीका नहीं लगाया गया, जिस कारण से वह पोलियो से संक्रमित पाया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में बीमारी का स्रोत पोलियो वायरस का एक प्रकार है, जो बदला है और जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है, उनमें बीमारी हो सकती है।

मंत्रालय ने समय पर नियमित टीकाकरण का पालन करने का आह्वान किया, जिन्होंने अभी तक टीका नहीं लगाया है। जानकारी के मुताबिक जेरूसलम में मंत्रालय के क्षेत्रीय स्वास्थ्य प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

मोदी के तीसरे कार्यकाल को लेकर ऐलान किया

मोदी के तीसरे कार्यकाल को लेकर ऐलान किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्‍ली। देश में लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी है। अंतिम चरण के लिए मतदान 1 ज...