बुधवार, 2 फ़रवरी 2022

राज्यसभा में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाया

राज्यसभा में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाया   
अकांशु उपाध्याय    
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे में एनटीपीसी भर्ती में कथित अनियमितता का मुद्दा बुधवार को राज्यसभा में उठा और रेलवे में ग्रुप डी कर्मचारियों की भर्ती के लिए सिर्फ एक परीक्षा लिये जाने की मांग की गयी। इसके साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश में छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग की गयी।
बजट सत्र के दौरान आज सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर पहले दक्षिण अफ्रीका के आर्क बिशप और मलेशिया में बाढ़ में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि दी गयी और इसके बाद आवश्यक दस्तावेज सभा पटल पर रखे गये। सभापति एम वेंकैया नायडु ने सदस्यों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही बैठने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही दो अलग अलग पालियाें में हो रही है। पहली पाली में राज्यसभा की बैठक है और दूसरी पाली में लोकसभा की। राज्यसभा की कार्यवाही में समयाभाव के कारण कुछ बदलाव किये गये हैं। जिसके तहत अब शून्यकाल आधा घंटे का होगा।
शून्यकाल के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की डॉ़ फौजिया खान ने रेलवे में भर्ती को लेकर बिहार में उत्तेजित छात्रों का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के सुशील कुमार मोदी ने कहा कि एनटीपीसी परीक्षा के लिए 1.25 करोड़ छात्रों ने आवेदन किया था। उन्होंने कहा कि ग्रुप डी की भर्ती के लिए दो परीक्षायें लेने का कोई औचित्य नहीं है। यह कोई आईएएस या आईपीएस के लिए भर्ती नहीं है। इसके लिए सिर्फ एक परीक्षा ली जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सात लाख छात्रों को परीक्षा परिणाम में नाम आये हैं जबकि अधिकांश छात्रों के नाम दो बार है। इसलिए रेल मंत्री द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट आने का इंतजार किये बगैर ही 3.5 लाख और छात्रों के परिणाम घोषित किये जाने चाहिए।
आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने इस परीक्षा परिणाम में धांधली होने का आरोप लगाते हुये कहा कि इसकी जाँच करायी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में छात्रों को घरों में घुस कर पीटा गया है और इस दौरान बिहार एवं उत्तर प्रदेश में एक हजार छात्रों पर मामले दर्ज किये गये हैं जिनको तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।

सभी पुरुषों को बलात्कारी कहना ठीक नहीं: स्मृति

सभी पुरुषों को बलात्कारी कहना ठीक नहीं: स्मृति   
अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राज्यसभा में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा की सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि सभी पुरुषों को बलात्कारी कहना ठीक नहीं है। ईरानी ने सदन में प्रश्नकाल में कहा कि वैवाहिक जीवन में यौन हिंसा का समर्थन नहीं किया जा सकता है और कोई इसका समर्थन नहीं करता है। लेकिन इसकी आड़ में सभी पुरुषों को बलात्कारी कहना ठीक नहीं है। वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विनय विस्वम के ‘वैवाहिक जीवन में याैन हिंसा’ से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर दे रही थी।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। देश में राज्यों के सहयोग से 37 हेल्पलाइन चल रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए देश में 700 वन स्टाप सेंटर चल रहे हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इन केंद्रों में संबंधित अधिकारियों की नियुक्ति की गयी है।

दिल्ली में प्रिपरेटरी स्कूल स्थापित को लेकर कवायद

दिल्ली में प्रिपरेटरी स्कूल स्थापित को लेकर कवायद     
अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। सेना में करियर बनाने के इच्छुक बच्चों के लिए एक अच्छी खबर है। दिल्ली में आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी स्कूल स्थापित करने को लेकर कवायद तेज हो गई है। शैक्षणिक सत्र 2022-23 में स्कूल को लॉन्च किया जा सकता है। 9वीं से लेकर 12वीं कक्षा के छात्र इस स्कूल में दाखिला लेकर सेना में भर्ती होने की तैयारी कर सकेंगे।
स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस के अधीन चलने वाला यह स्कूल दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (डीबीएसई) से मान्यता प्राप्त होगा। स्कूल में छात्रों का चयन साइकोमेट्रिक और एप्टीट्यूड टेस्ट के आधार पर होगा। छात्रों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। स्कूल को तीन अलग-अलग खंडों में बांटा जाएगा, जिसमें शैक्षणिक खंड, सेवा की तैयारी खंड और प्रशासनिक खंड होगा।
छात्र स्कूल में नेशनल डिफेंस अकादमी और नेवल अकादमी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। छात्रों को स्कूल में शैक्षणिक, आउटडोर प्रशिक्षण देने के साथ उनमें अधिकारी जैसे गुण भी विकसित किए जाएंगे। आर्म्ड फोर्सेज प्रीपेरटरी स्कूल के परियोजना प्रमुख पूर्व सैन्य अधिकारी होंगे। इसके अलावा कई दूसरे पदों पर सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के अलावा विषय विशेषज्ञ, सेना ड्रिल प्रशिक्षक, शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक की तैनाती की जाएगी।

11 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म मामलें में पिता गिरफ्तार

11 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म मामलें में पिता गिरफ्तार  
संदीप मिश्र    
बिलासपुर। बिलासपुर में अपनी ही मासूम बेटी को हवस का शिकार बनाने वाले पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिता 11 साल की अपनी बेटी को डरा-धमकाकर पांच साल तक दुष्कर्म करता रहा। शासकीय संस्थान में काम करने वाली मां को पिता की हरकतों पर शक हुआ, तब उसकी बेटी ने आप बीती बताई। मामला सामने आने पर मां अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची थी।
पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। TI सुनील तिर्की ने बताया कि 15 वर्षीय लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उसका पिता रोजी-मजदूरी करता है और मां गर्वमेंट संस्थान में काम करती है। लड़की जब 11 साल की उम्र की थी, तब से उसका पिता उसके साथ गंदी हरकतें करता था। तब मासूम बच्ची को उसने जान से मारने की धमकी देकर डराया-धमकाया और अपनी मां को कुछ भी बताने से मना किया था। डर के चलते पांच साल तक छात्रा अपने पिता के शारीरिक शोषण का शिकार होती रही।
बताया गया बेटी धीरे-धीरे कर बड़ी हुई, तब उसके पिता उसे घर से बाहर जाने से मना करते थे। डर के कारण बच्ची खेलने के लिए बाहर भी नहीं जा पाती थी। बड़ी होने के बाद भी आरोपी पिता उसे घर में रहने पर मजबूर करता था। इस दौरान उसकी मां ड्यूटी पर रहती थी। ये सब काफी दिन तक चलता रहा, बेटी के बाहर नहीं निकलने पर उसकी मां को उस पर शक हुआ। तब उसने अपनी बेटी को सच्चाई बताने का दबाव बनाया और उन्हें छोड़कर अकेली रहने की धमकी दी। मां के सख्त रुख को देखकर बेटी सहम गई और पिता की करतूतों की कहानी बताई।
मामला सामने आने पर उसकी मां उसे लेकर कोनी थाना पहुंची, जहां उसने पूरी घटना की जानकारी दी। छात्रा का बयान दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ सोमवार को केस दर्ज किया और मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।

3 लाख की धोखाधड़ी का मामला, आरोपी अरेस्ट

3 लाख की धोखाधड़ी का मामला, आरोपी अरेस्ट     
दुष्यंत टीकम      
रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में 3 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत प्रार्थी ने पुलिस से की है। और बताया कि लक्ष्मण कुमार दसारी द्वारा कम रेट में कार दिलाने की बात कर अपने खाते में 3,44,410/- रूपये जमा करवाकर कार न दिलाकर धोखाधड़ी किया है। 
जब कार दिलाने की बात कही तो आरोपी घुमाने लगा और मोबाइल बंद कर दिया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस जांच में जुट गई है और आरोपी के खिलाफ 420 के तहत केस दर्ज किया है।

एक्ट्रेस रिया ने अपनी बोल्ड फोटो शेयर की: मुंबई

एक्ट्रेस रिया ने अपनी बोल्ड फोटो शेयर की: मुंबई      
कविता गर्ग      
मुबंई। बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती जिंदगी के बुरे दौर से निकलने के बाद अब एक बार फिर से सोशल मीडिया पर एक्टिव हो रही हैं। हाल ही में उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के संग एक वीडियो शेयर करके लोगों का ध्यान खींचा था। 
वहीं, अब वह लंबे अरसे के बाद रिया ने अपनी एक बोल्ड फोटो फैंस के साथ शेयर की है।
दरअसल, रिया चक्रवर्ती ने इंस्टाग्राम पर ब्लैक ट्रांसपेरेंट टॉप में फोटो शेयर की है। इस तस्वीर में रिया का लुक काफी अट्रेक्टिव हैं। इसमें रिया के खुले बाल और आंख का काजल अलग ही अदाएं बिखेर रही हैं।

चुनाव: सपा ने 3 प्रत्याशियों की नई लिस्ट जारी की

चुनाव: सपा ने 3 प्रत्याशियों की नई लिस्ट जारी की 
संदीप मिश्र         
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने 3 प्रत्याशियों की एक नई लिस्ट जारी की है। इसमें सबसे खास स्वामी प्रसाद मौर्य का नाम है, जिन्हें पार्टी ने इस बार उनकी परंपरागत पडरौना सीट की जगह कुशीनगर के फाजिलनगर से टिकट दिया है।
इसके अलावा सपा ने लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से अभिषेक मिश्रा और कौशाम्बी के सिराथू से पल्लवी पटेल को उम्मीदवार बनाया है। सिराथू सीट पर उनका मुकाबला डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या से होगा। पल्लवी अपना दल कमेरावादी कृष्णा पटेल की बेटी हैं।
स्वामी प्रसाद मौर्य के इस तरह सीट बदलने को हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए आरपीएन सिंह से जोड़ कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि बीजेपी आरपीएन को पडरौना सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है। आरपीएन पडरौना राजघराने से आते हैं और पडरौना तथा आसपास के इलाकों पर उनकी बेहद मजबूत पकड़ मानी जाती है।
आरपीएन सिंह कांग्रेस में रहते हुए वर्ष 1996 से लेकर वर्ष 2009 तक 3 बार पडरौना से विधायक रह चुके हैं और 2009 के लोकसभा चुनाव में कुशीनगर से जीतकर यूपीए-2 सरकार में सड़क, परिवहन, पेट्रोलियम के साथ गृह राज्य मंत्री भी रहे हैं। वर्ष 2009 में वहीं उन्होंने इस सीट पर स्वामी प्रसाद मौर्या को ही हराया था, तब मौर्य बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे।
ऐसे में आरपीएन सिंह के दोबारा पडरौना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना के मद्देनजर खबर थी कि स्वामी प्रसाद मौर्य अब अपने लिए किसी सेफ सीट की तलाश में है, जो अब फाजिलनगर पर जाकर पूरी हो गई।

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...