मंगलवार, 28 सितंबर 2021

धन शोधन मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए अनिल

कविता गर्ग      
मुंबई। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब पूर्व मंत्री अनिल देशमुख और अन्य के खिलाफ दर्ज धन शोधन मामले में मंगलवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। ईडी ने शनिवार को मामले में पूछताछ के लिए परब (56) को दूसरी बार समन जारी किया था।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में परब के पास संसदीय मामलों का विभाग भी है। परब को मंगलवार को दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट इलाके में ईडी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था। अधिकारी ने बताया कि मंत्री दिन में करीब 11 बजे जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि ईडी कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।

कांग्रेस में शामिल होंगे कन्हैया कुमार और जिग्नेश

अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। आज कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी कांग्रेस में शामिल होंगे। कन्हैया कुमार फिलहाल सीपीआई नेता हैं और जिग्नेश मेवाणी गुजरात में निर्दलीय विधायक हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के पार्टी में शामिल होने की संभावना के बीच मंगलवार को इशारों-इशारों में अपनी ही पार्टी पर तंज किया। 
उन्होंने कम्युनिस्ट विचारक रहे कुमार मंगलम की पुस्तक ‘कम्युनिस्ट्स इन कांग्रेस’ का हवाला दिया जिससे यह प्रतीत होता है कि वह पार्टी पर कटाक्ष कर रहे हैं। सभा सदस्य तिवारी ने ट्वीट किया कि कुछ कम्युनिस्ट नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें हैं। अब शायद 1973 की पुस्तक ‘कम्युनिस्ट्स इन कांग्रेस’ के पन्ने फिर से पलटे जाएं। लगता है कि चीजें जितनी ज्यादा बदलती हैं, वो उतना ही पहले की तरह बनी रहती हैं। आज इसे फिर से पढ़ता हूं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि कन्हैया कुमार और गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी मंगलवार शाम कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कन्हैया अब तक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े रहे हैं।

धर्म के विस्तार और विश्वास का पैमाना नहीं: नकवी

अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार कहा कि आस्तिक और नास्तिक दोनों के सह-अस्तित्व वाले इस देश में जबरन धर्मांतरण किसी भी धर्म के विस्तार और विश्वास का पैमाना नहीं हो सकता। उन्होंने यहां ईसाई समुदाय के प्रमुख लोगों से संवाद के दौरान यह टिप्पणी की। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि भारत में आस्तिक और नास्तिक, दोनों को समान संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकार और सुरक्षा है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, नकवी ने कहा कि भारत में जहां हिन्दू, मुसलमान, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध, पारसी, यहूदी, बहाई, जैसे लगभग दुनिया के सभी मजहबों के मानने वाले रहते हैं, वहीं भारत में किसी भी मजहब को ना मानने वाले करोड़ों लोग भी रहते हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत दुनिया का अकेला ऐसा देश है जहां सब धर्मों के त्यौहार-पर्व मिल-जुल कर मनाये जाते हैं। हमें इस साझा विरासत और ताकत को मजबूत रखना है।

12 माह के मासूम बच्चे को मौत के घाट उतारा

हरिओम उपाध्याय        
जौनपुर। दानिश हसन, कोतवाली थाना क्षेत्र के मल्हनी पड़ाव पर स्थित एक व्यक्ति ने अपने 12 माह के दूध मुहे मासूम बच्चे को गला घोट कर मौत के घाट उतार दिया। इस संबंध में उसकी पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चे के मरने की बात पुलिस में दर्ज कराया है। मौके पर पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जहां पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वही मासूम बच्चे के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है। 12 माह की मासूम की मौत के लिए नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

अफगान में सत्ता परिवर्तन का साइड इफेक्ट हुआ

श्रीनगर/काबूल। अफगानिस्तान में सत्ता परिवर्तन का साइड इफेक्ट ये हुआ है कि पाकिस्तान सीजफायर के समझौते के बावजूद फिर से आतंकियों की घुसपैठ करवाने में जुट गया है और घुसपैठ की ये कोशिश जम्मू कश्मीर में बारामूला के उरी सेक्टर में की जा रही है। एलओसी पर आतंकियों की इस हलचल का जवाब देने के लिए सेना हर पल चौकन्नी है। उरी सेक्टर में हालात का जायजा लेने एबीपी न्यूज की टीम खुद एलओसी पर पहुंची। उरी सेक्टर में एलओसी पर क्या हालात हैं? जानिए इस रिपोर्ट में।
बीते दस दिनों के अंदर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से आतंकियों ने तीन बार घुसपैठ की कोशिश की। 23 सितंबर को इसी दौरान सेना ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया जबकि दो फरार होने में कामयाब हो गए। जानकारी के मुताबिक, जान बचाकर भागने वाले दो आतंकियों में एक पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट भी था, जो आतंकियों का गाइड बनकर आया था।

यूके अधीनस्थ चयन आयोग को अधियाचन भेजा

पंकज कपूर    
देहरादून। प्रदेश के युवाओं के लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार था। जो अब जल्द पूरा होने जा रहा है। पुलिस विभाग में पुलिस और फायर ब्रिगेड में कांस्टेबलों के 1521 पदों पर सीधी भर्ती होने जा रही है। बकायदा इसके लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग को अधियाचन भेज दिया है।
अगर आप लंबे समय से पुलिस में जाने की तैयारी कर रहे थे तो अब जल्दी तैयार हो जाये। इससे पहले पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार की ओर से कई बार शासन को सीधी भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा चुका है, लेकिन भर्ती का मामला लगातार लटकता आ रहा था। अब डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस मुख्यालय की ओर से कांस्टेबल के 1521 पदों की भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग को अधियाचन भेजा गया है। आयोग की ओर से जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा पुलिस विभाग में आरक्षी संवर्ग के अन्तर्गत आरक्षियों के सीधी भर्ती से जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 785, व पीएसी/आईआरबी (पुरुष) के 291, फायरमैन पुरुष के 291 व महिलाओं के 133 पद अनुमन्य करते हुये कुल 445 पद, इस प्रकार कुल 1521 रिक्त पदों की भर्ती किये जाने के सम्बन्ध में अधियाचन उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को प्रेषित किया गया है।

‘गैंगवार’ की घटना में एक युवक की हत्या की

अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार को ‘गैंगवार’ की एक घटना में एक युवक की गोलीमार कर हत्या कर दी गई।
राष्ट्रीय राजधानी में पिछले चार दिनों में गैंगवार की यह दूसरी घटना हुई। जिसमें एक कार सवार युवक को गोलियों से भून दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि द्वारका जिले के नजफगढ़ में देर शाम हुई इस घटना में मारे गए युवक की पहचान शिवांग के रुप में हुई है। वह मूंडेरा खुर्द का निवासी था और कार से कहीं जा रहा था, तभी खैरा रोड पर एक अन्य कार में सवार कुछ बदमाशों ने अचानक उस पर अंधाधुंध गोलीबारी की। कई गोलियां लगने के बाद शिवांग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुचं गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक के शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया इस खूनी घटना का ताल्लुक राजधानी में शुक्रवार को रोहिणी अदालत के गैंगवार से होने की आशंका के कारण स्थानीय पुलिस के अलावा स्पेशल सेल पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना के तार बीते दिनों रोहिणी अदालत में हुई गैंगवार में तीन बदमाशों के मारे जाने से जुड़ा हो सकता है। बताया जाता है कि मृतक युवक शिवांग का मंजीत महल नामक एक गिरोह संबंध हो सकता है जबकि उस पर हमला करने का संदेह नंदू गिरोह के गुर्गों पर है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को रोहिणी अदालत में जितेंद्र मान उर्फ गोगी की पेशी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप उसके प्रतिस्पर्धी गिरोह टिल्लू ताजपुरिया के दो गुर्गों पर लगा, जो मौके पर ही पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गये थे।

मुंबई: 2022 में रिलीज होगी फिल्म 'वेलेंटाइन डे'

कविता गर्ग      
मुंबई। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट अभिनेता आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' 'वेलेंटाइन डे' 2022 में रिलीज होगी।
सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को फिर से खोलने की अनुमति देने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए, आमिर खान प्रोडक्शंस और वायकॉम 18 स्टूडियोज ने आधिकारिक तौर पर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' की नई रिलीज की तारीख की घोषणा कर दी है। आमिर खान, करीना कपूर खान, नागा चैतन्य, मोना सिंह और मानव वीजे अभिनीत, 'लाल सिंह चड्ढा' 2022 के वैलेंटाइन डे पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
गम्प का आधिकारिक रीमेक है। लाल सिंह चड्ढा की पटकथा अतुल कुलकर्णी के साथ एरिक रोथ ने लिखी है। इसका निर्देशन अद्वैत चंदन कर रहे हैं, जो आमिर के साथ सीक्रेट सुपरस्टार बना चुके हैं।
सोशल मीडिया पर अपनी फिल्म की नई रिलीज तारीख की घोषणा करते हुए, "आमिर खान प्रोडक्शंस ने कहा, "हम 22 अक्टूबर से सिनेमाघरों को फिर से खोलने की अनुमति देने के प्रशासन के फैसले का स्वागत करते हैं। महामारी के परिणाम स्वरूप हुई देरी के कारण, इस क्रिसमस पर हमारी फिल्म लाल सिंह चड्ढा रिलीज नहीं हो पाएगी। अब हम लाल सिंह चड्ढा को वैलेंटाइन डे, 2022 पर रिलीज करेंगे।

भोपाल के मिटों में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया

टोक्यो। ओलंपिक 2020 में अभूतपूर्व प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों को आज यहां मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार राजधानी भोपाल के मिटों हाल में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा हॉकी दल की सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा प्रोत्साहन स्वरूप 31-31 लाख रुपए की राशि भी प्रदान की जाएगी।
टोक्यो-2020 ओलंपिक में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी से प्रशिक्षित पांच खिलाड़ी सुशीला चानू, रीना खोखर, मोनिका, रजनी और वंदना कटारिया ने देश का प्रतिनिधित्व कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित होने का अवसर दिया है।

हेराक्लियोन में भूकंप के तेज झटके महसूस किये

एथेंस। यूनान के हेराक्लियोन क्षेत्र में भूकंप के के तेज झटके महसूस किये गये। जिसके कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 12 अन्य घायल हो गये।
देश के जलवायु संकट एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री क्रिस्टोस स्टाइलियानाइड्स ने बताया कि यूनानी द्वीप क्रेत के हेराक्लियोन क्षेत्र में साेमवार को 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गये। इसके कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 12 अन्य घायल हो गये। इसके अलावा सैकड़ों लोग बेघर हो गये हैं।
स्टाइलियानाइड्स ने द्वीप का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से कहा, "हम वैज्ञानिकों के साथ घटना की निगरानी कर रहे हैं। हम तुरंत लगभग 2,500 लोगों को आश्रय एवं राहत प्रदान कर सकते हैं। टेंट लगाये जा रहे हैं तथा आश्रय के साथ भोजन भी मुहैया कराये जा रहे हैं।
हेराक्लियोन शहर से कुछ किलोमीटर दक्षिण में स्थित एक छोटे से गांव अरकालोचोरी से दुखद तस्वीरें सामने आयी हैं। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
राजधानी एथेंस स्थित नेशनल ऑब्जर्वेटरी जियोडायनामिक्स इंस्टीट्यूट के भूकंप विज्ञानियों के अनुसार अरकालोचोरी गांव भूकंप के केंद्र के करीब था। भूकंप का केंद्र सतह से 10 किमी की गहराई पर था।अग्निशमन विभाग ने बताया कि भूकंप के कारण एक चर्च की मरम्मत कर रहे 62 वर्षी व्यक्ति की मलबे में दबने से मौत हो गयी।क्षतिग्रस्त इमारतों में रहने वाले लोगों से आग्रह किया गया है कि वे कम से कम तब तक बाहर रहें जब तक कि आकलन पूरा नहीं हो जाता क्योंकि कई बार भूकंप के कुछ समय बाद तक झटके आते रहते हैं। राष्ट्रपति कैटरीना सकेलारोपोलू ने पीड़ितों के प्रति संवदेना जतायी है।

प्रधानमंत्री क्यारीआकोस मित्सोटाकिस ने कहा कि वह भूकंप के कारण जान गंवाने वाले अपने साथी नागरिक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे डिप्टी सीएम केशव

हरिओम उपाध्याय        
लखनऊ। यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य आज जनपद एटा में पीडब्ल्यूडी की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एंव शिलान्यास करने के साथ साथ पार्टी के पदाधिकारियों एंव कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज दिनांक 28 सितम्बर, 2021 को जनपद एटा में रहेंगे। सबसे पहले डिप्टी सीएम 12.20 बजे ग्रीन गार्डेन एटा में कासगंज की लोक निर्माण विभाग , राजकीय निर्माण निगम एंव सेतु निगम की परियोजनाओं का लोकार्पण एंव शिलान्यास करेंगे। उसके बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पार्टी पदाधिकारियों एंव कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे तथा इसके बाद मीडिया से बातचीत करेंगे।
इसके बाद डिप्टी सीएम 13.40 बजे जिला पंचायत परिसर, जनेश्वर मिश्र हाल, एटा में जैन समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
उप मुख्यमंत्री इसके बाद विधायक ममतेश शाक्य जी के आवास सिंधी कालोनी तथा विधायक विपिन कुमार डेविड जी के आवास,61 अरुण नगर एंव सांसद हरिनाथ सिंह यादव के आवास शान्ति नगर एटा के आवास पर जाकर मुलाक़ात करेंगे।

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...