शुक्रवार, 18 जून 2021

वैज्ञानिकों ने मर्दों को प्रेग्नेंट करने का चमत्कार किया

बीजिंग। चीन के वैज्ञानिक अजीबोगरीब रिसर्च करते रहते हैं। बीते दिनों चीन के वुहान लैब से निकले एक वैज्ञानिक ने दावा किया था कि चीन अजीबोगरीब रिसर्च करते रहता है। वहां कई ऐसे रिसर्च किये जाते हैं, जो आमतौर पर अन्य देशों में बैन है। इसी के बीच अब चीन के वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि उन्होंने मर्दों को प्रेग्नेंट करने का चमत्कार कर दिखाया है। इसके लिए वो कई सालों से रिसर्च कर रहे थे। अब जाकर इस रिसर्च का नतीजा सामने आ गया है। चीन में वैज्ञानिकों द्वारा किये इस रिसर्च में नर चूहे की बॉडी पर एक्सपेरिमेंट किया गया। इसमें नर की बॉडी में सर्जरी के जरिये मादा की बॉडी से निकाला गया बच्चेदानी फिट किया गया। इसके बाद नर को प्रेग्नेंट कर सिजेरियन के जरिये बच्चे पैदा करवाए गए। इस रिसर्च के बाद अब फ्यूचर में मर्दों के प्रेग्नेंट होने के चांसेस बढ़ गए हैं। इंफोवार्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस रिसर्च के बाद अब वैसे ट्रांसजेंडर जो बच्चे पैदा करना चाहते हैं, को मदद मिलेगी।

ये एक्सपेरिमेंट शंघाई के नेवल मेडिकल यूनिवर्सिटी  द्वारा किया गया। इसमें रिसर्चर्स ने मादा चूहों की बॉडी से बच्चेदानी को पहले बाहर निकला। इसके बाद उसे नर चूहे की बॉडी में फिट किया। इस यूट्रस ट्रांसप्लांट के बाद नर को प्रेग्नेंट कर उसकी सिजेरियन के जरिये डिलीवरी करवाई गई। इस रिसर्च को चार स्टेप में पूरा किया गया। इसे रैट मॉडल बताया गया। हालांकि, अभी इसकी सक्सेस रेट मात्र 3.68 परसेंट ही बताई गई है। नर चूहे में एक्सपेरिमेंट कामयाब हो गया और नर ने 10 बच्चे पैदा किये। 

चीन के रिसर्चर अब रैट मॉडल को इंसानों पर अपनाने की फ़िराक में हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि एक्सपेरिमेंट में नर को प्रेग्नेंट किया गया। मैमल में हुए इस एक्सपेरिमेंट से अब इसके इंसानों में कामयाब होने की उम्मीद बढ़ गई है। इससे पहले स्कूल ऑफ़ मेडिसिन ने ट्रांसजेंडर्स के लिए भी ऐसा एक एक्सपेरिमेंट किया था। इसमें वैसे ट्रांसजेंडर्स जो प्रेग्नेंट होना चाहते हैं। अपने यूट्रस की सर्जरी नहीं करवाते और मेल की बॉडी में ही प्रेग्नेंट हो जाते हैं।

तीसरी लहर से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं

संदीप मिश्र               

बलिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। बल्कि इसके लिए सावधानी जरूरी है और इसके बचाव के लिए प्रदेश में मुकम्मल तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बलिया में अपने चार घंटे के प्रवास के दौरान उन्होंने जिला अस्पताल के कोविड सेंटर का निरीक्षण किया और मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजो से पूछा कि यह व्यवस्था केवल आज के लिए की गई है कि पहले भी रहती है। कोविड वार्ड का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ट्रामा सेंटर के वैक्सीनेशन केंद्र पहुंचे और वहां तैनात एएनएम व जीएनएम से पूछताछ की। 

अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री हनुमानगंज विकासखंड के हैबतपुर गांव पहुंचे और वहां बीस मिनट तक रहें। गांव में उन्होंने छोटे बच्चों से बातचीत की और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीबों को फ्री राशन देने के कार्यक्रम को देखा। इस मौके पर पांच लाभार्थियों को राशन वितरण करने के साथ ही उनसे पूछताछ भी की। बाद में योगी कलेक्ट्रेट गए और वहां जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर अब पूर्ण नियंत्रण की ओर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में आशंका व्यक्त की जा रही थी कि मई माह के अंत तक यहां संक्रमितों की संख्या तीस से पचास लाख होगी। लेकिन यहां संक्रमितों की संख्या अब छह हजार तक सीमित हो गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के नियंत्रण में निगरानी समितियों का कार्य काफी सराहनीय रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए प्रत्येक जिले में अभिभावक बूथ बनाए गए हैं।जहां बारह वर्ष से कम आयु के बच्चों के अभिभावकों का वैक्सीनेशन का कार्य तेजी पर है। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर से बचाव के लिए जिलों में दवाओं को पहुंचाने का कार्य तेजी पर है। दवा वितरण के लिए आयु के अनुसार चार ग्रुप 0- 1, 1- 5,5 – 12 व 12-18 बनाए गए हैं। योगी ने कहा कि जिस अवधि में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है वह समय संक्रमण का होता है। मलेरिया, चिकनगुनिया, वायरल बुखार आदि के फैलने का समय होता है। इससे भयभीत होने की आवश्यकता नहीं बल्कि इससे सुरक्षा के उपाय किए जाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक जिले में पीकू वार्ड बनाए जाने का कार्य प्रगति पर है।

महामारी अधिनियम को कड़ाई से लागू किया जाएं

अकांशु उपाध्याय             

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आग्रह किया है कि स्वास्थ्य कर्मियों की कुशलता तथा सुरक्षा के लिए तेजी से कदम उठाये जाएं और संशोधित महामारी अधिनियम को कड़ाई से लागू किया जाए। मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने राज्यों के अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों और स्वास्थ्य सचिवों को लिखे पत्र में कहा है कि स्वास्थ्य कर्मियों की हर मोर्चे पर कोविड-19 प्रबंधन में सबसे अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने कई मौकों पर स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के रहने और काम करने के स्थानों पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया है।

अधिकारी ने कहा, ”देश ने व्यापक तौर पर स्वास्थ्य क्षेत्र के लोगों के प्रयासों की सराहना की है। लेकिन कुछ उदाहरण हैं। जिनमें उनकी साख पर धब्बा लगाया गया और कुछ मामलों में तो स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हिंसा हुई।” अग्रवाल ने पत्र में लिखा कि हाल ही में असम, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक समेत कुछ जगहों से डॉक्टरों, स्वास्थ्य क्षेत्र के कर्मियों तथा अन्य पेशेवरों के खिलाफ हिंसा की खबरें आईं। उन्होंने कहा, ”इस तरह के वाकये हमारे स्वास्थ्य क्षेत्र के कर्मियों के मनोबल को प्रभावित करते हैं जिन्होंने कोविड-19 प्रबंधन में सभी चुनौतियों के खिलाफ अत्यंत प्रतिबद्धता से काम किया।” उन्होंने कहा कि केंद्र ने एक अध्यादेश जारी किया था और बाद में इसे कानून के रूप में अधिसूचित किया जिसके तहत स्वास्थ्य क्षेत्र के कर्मियों के विरुद्ध हिंसा गैर-जमानती और संज्ञेय अपराध है।

ममता की याचिका पर 24 को सुनवाई करेगा एचसी

मिनाक्षी लोढी            

कोलकाता। कलकत्ता उच्च न्यायालय विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम विधानसभा सीट से निर्वाचन को चुनौती देने वाली पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की याचिका पर 24 जून को सुनवाई करेगा। इससे पूर्व दिन में अदालत ने मामले पर सुनवाई स्थगित कर दी थी। नंदीग्राम से अधिकारी के निर्वाचन को अमान्य घोषित करने संबंधी याचिका पर न्यायमूर्ति कौशिक चंदा की पीठ ने सुनवाई की। न्यायाधीश ने कहा कि बनर्जी को सुनवाई के पहले दिन पेश होना होगा, क्योंकि यह एक चुनाव याचिका है।

बनर्जी के वकील ने कहा कि वह कानून का पालन करेंगी। मामले की सुनवाई को 24 जून तक स्थगित करते हुए न्यायमूर्ति चंद्रा ने निर्देश दिया, ‘‘इस बीच उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार इस अदालत के सामने एक रिपोर्ट पेश करेंगे कि क्या यह याचिका जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 के अनुरुप दाखिल की गयी है।’’ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने अपनी याचिका में भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी पर जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 की धारा 123 के तहत भ्रष्ट तरीका अपनाने का आरोप लगाया है। बनर्जी ने याचिका में यह भी दावा किया है कि मतगणना प्रक्रिया में विसंगतियां थीं। निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने कांटे के मुकाबले के बाद अधिकारी को नंदीग्राम सीट पर विजयी घोषित किया था।


सपा ने पूर्व जिलाध्यक्ष को पार्टी से निष्कासित किया

हरिओम उपाध्याय             

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की स्वीकृति के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की वजह से बागपत के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओंकार यादव और किरण पाल उर्फ बिल्लू प्रधान पूर्व जिलाध्यक्ष को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया। सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि बागपत के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओंकार यादव तथा किरण पाल उर्फ बिल्लू प्रधान पूर्व जिलाध्यक्ष को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

इसके अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वकृति के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की संस्तुति पर धीरेन्द्र सिंह निवासी कदमतर मिर्जापुर को समाजवादी युवजन सभा की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव, यशवीर सिंह चौधरी निवासी सुखरावली अलीगढ़ और मोहम्मद रिजवान खान वाराणसी को समाजवादी युवजन सभा की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सदस्य नामित किया गया है।

पूजा स्थलों में प्रार्थना पर फिर रोक लगाईं: कश्मीर

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में अधिकारियों ने कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के पॉजिटिव मामलों में वृद्धि को रोकने के लिए कोरोना कर्फ्यू लागू करते हुए सभी प्रमुख श्राइन, जामिया मस्जिदों और अन्य पूजा स्थलों में प्रार्थना पर फिर रोक लगा दी है। छोटी मस्जिदों में विशेष रूप से आंतरिक हिस्सों में शुक्रवार की नमाज अदा की गई और इस दौरान सामूहिक नमाज के दौरान लोग मास्क पहने और सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए देखे गए।

कश्मीर संभाग में गुरुवार को 466 कोरोना वायरस के नये मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हुई है। पुराने टाउन शहर की ऐतिहासिक जामिया मस्जिद का मुख्य दरवाजा बंद रहा और रमजान के पवित्र महीने के बाद से पूजा स्थल में कोई नमाज अदा नहीं की गई।जबकि घाटी में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़ने के बाद अंजुमन औकाफ जामिया मस्जिद ने नमाज पर रोक लगाने की घोषणा की।

फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के 22 साल पूरे हुएं

कविता गर्ग                

मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन ने संजय लीला भंसाली की शानदार फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के 22 साल पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को फिल्म से जुड़ी हुई कुछ यादें साझा कीं। अजय ने कहा कि फिल्म की पूरी टीम यह जानती थी कि वे एक बेहद संवेदनशील कहानी पर काम कर रहे हैं। लेकिन फिल्म को मिली अपार सफलता से सभी हैरान थे। 52 साल के दिग्गज अभिनेता ने ट्विटर पर फिल्म की शूटिंग के दौरान ली गईं कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि हम दिल दे चुके सनम के 22 साल पूरे हो चुके हैं। सलमान, संजय, ऐश्वर्या और मैं जानते थे कि हम एक बेहद संवेदनशील कहानी पर आधारित फिल्म कर रहे हैं। हमने यह कभी नहीं सोचा था कि, फिल्म सफलता का इतिहास रचेगी।

साल 1999 में रिलीज हुई रोमांटिक-ड्रामा-म्यूजिकल फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया था। फिल्म की कहानी एक प्रेम त्रिकोण पर आधारित है जिसमें समीर (सलमान खान), नंदिनी (ऐश्वर्या राय बच्चन) और वनराज (अजय देवगन) अहम किरदार हैं। ‘हम दिल दे चुके सनम’ भंसाली की दूसरी फिल्म थी जोकि एक बड़ी हिट साबित हुई और इसके साथ ही भंसाली बॉलीवुड के समकालीन सफल निर्देशकों की सूची में शामिल हो गए। भंसाली ने 1996 में आई फिल्म “खामोशी: द म्यूजिकल” के निर्देशन के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।

फिल्म आलोचकों ने भी “हम दिल दे चुके सनम” को सराहा था। फिल्म के गाने जैसे ‘आंखों की गुस्ताखियां’, ‘ढोल बाजे’ और ‘तड़प तड़प’ दर्शकों और श्रोताओं के बीच बेहद लोकप्रिय हुए थे। फिल्म का संगीत इस्माइल दरबार ने दिया था जबकि गाने महबूब ने लिखे थे। “हम दिल दे चुके सनम” ने संगीत, छायांकन, कोरियोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई अन्य पुरस्कार भी जीते थे। गौरतलब है कि अजय देवगन और संजय लीला भंसाली 22 साल बाद फिल्म “गंगूबाई काठियावाड़ी” में काम कर रहे हैं। जिसमें आलिया भट्ट अहम भूमिका निभा रही हैं।

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट

25 मई को खुलेंगे 'हेमकुंड साहिब' के कपाट पंकज कपूर  देहरादून। हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 25 मई को खोले जाएंगे। इसके चलते राज्य सरका...