बुधवार, 14 अप्रैल 2021

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय सेमिनार को किया संबोधित

अकांशु उपाध्याय    
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर मानते थे कि ज्ञान से स्वाभिमान और स्वाभिमान से शील विकसित होता है। वे मानते थे कि शिक्षा से ही समरस समाज विकसित होता है और देश प्रगति करता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भारतीय विश्वविद्यालयों के संघ की 95वीं वार्षिक बैठक और राष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित किया। इसमें देशभर के विश्वविद्यालयों से कुलपतियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाग लिया। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की 130वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री ने किशोर मकवाणा द्वारा लिखित चार पुस्तकों का विमोचन किया। यह पुस्तकें डॉक्टर अंबेडकर के जीवन, व्यक्ति, राष्ट्र और आयाम दर्शन पर लिखी गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व, नई शिक्षा नीति और सरकार द्वारा कौशल विकास व वंचितों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने डॉक्टर बाबा साहब को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके जीवन का संघर्ष और उन्होंने जो ऊंचाई हासिल की है, वह हम सब के लिए लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश को संविधान देखकर समरस व समावेशी समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया, जिस पर चलकर देश निरंतर सफलता हासिल कर रहा है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश के विश्वविद्यालयों को आपस में तालमेल बिठाने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में विश्वविद्यालयों को बहु-आयामी बनाए जाने और छात्रों को पढ़ाई की लचीली व्यवस्था देने पर जोर दिया गया है। ऐसे में उन्हें तय समय में इस दिशा में काम पूरा करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से कहा कि आज के समय में हम छात्रों के क्षमताओं को समझने की आवश्यकता है। इससे जुड़े हुए तीन प्रश्न हमारे सामने हैं। पहला कि वह क्या कर सकते हैं, दूसरा सिखाए जाने के बाद वह क्या कर सकते हैं और तीसरा वह क्या करना चाहते हैं। पहला प्रश्न छात्रों की आंतरिक क्षमता से और दूसरा उनके संस्थागत विकास से जुड़ा हुआ है। इन दोनों प्रश्नों के उत्तर से ही छात्र वह कर पाने में सक्षम हो पायेंगे जो वह करना चाहते हैं।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय विश्वविद्यालयों से राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा के महत्व के साथ-साथ उनके भारतीय स्वरूप पर बल देते थे। नई शिक्षा नीति में उनकी इस सोच को आगे रखा गया है।
प्रधानमंत्री ने नई शिक्षा नीति को भविष्य आधारित और वैश्विक मानकों पर खरी उतरने वाली बताया। उन्होंने कहा कि यह न केवल व्यवहारिक है बल्कि इसका लागू करना भी पूरी तरह से व्यवहारिक है।
अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री ने कौशल विकास के महत्व को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विजन के साथ जोड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए देश के तीन शहरों में भारतीय कौशल संस्थान की स्थापना की गई है।

मुंबई: अभिनेत्री आलिया की संक्रमण रिपोर्ट नेगेटिव

मनोज सिंह ठाकुर     
मुंबई। अभिनेत्री आलिया भट्ट हाल ही में कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। अब उन्होंने दो अप्रैल को अपनी इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर फैंस को अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी।। कोरोना संक्रमित होने के बाद से वह क्वारंटीन में थीं और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर रही थीं। अब अभिनेत्री की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है और उन्होंने कोरोना की जंग जीत ली है। इसकी जानकारी खुद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी। आलिया ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा-' यह वो समय है, जिसमें नेगेटिव होना अच्छी बात है।'आलिया के इस पोस्ट को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं और साथ ही बधाई देने के साथ-साथ, उन्हें सुरक्षित और अपना धयान रखने की सलाह भी दे रहे हैं। आलिया के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में रणबीर कपूर और अमिताभ बच्चन के साथ लीड रोल में नजर आयेंगी। इसके अलावा वह एसएस राजमौली की फिल्म 'आरआरआर' और संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गंगूबाई काठीवाड़ा' में भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी।

धमतरी: बेटे ने पिता और दादी की हत्या की, फरार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बेटे ने अपने पिता और दादी की हत्या कर दी है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई है। आरोपी युवक अपने पिता और अपनी दादी का हत्या कर घर से फरार हो गया है। पुलिस युवक की तलाश में जुट चुकी है। घटना बीती रात की है। मामला करेली बड़ी चौकी क्षेत्र अंतर्गत चंदना गांव का है। प्रथम दृष्टया पुलिस को पारिवारिक कलह के चलते युवक ने अपने पिता और दादी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामलें की विस्तृत तस्दीक की जा रही है।

बरेली: मेडिकल कॉलेज में 4 संक्रमितों ने तोड़ा दम

संदीप मिश्र           
बरेली। जिले में बढ़ती कोरोना रफ्तार के बीच बुधवार को एक निजी मेडिकल कॉलेज में चार संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज के कोविड प्रभारी के अनुसार अस्पताल में चारों संक्रमित बेहद गंभीर हालत में भर्ती किए गए थे। भर्ती के समय उनका आक्सीजन स्तर 50 से कम था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके गर्ग ने बताया कि जिले में चार संक्रमितों की मौत की सूचना मिल रही है। जिले में कोरोना संक्रमण की दर बढ़ते देख आमजन से कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने व वैक्सीनेशन कराने की अपील की है।

नमाज अदा करने की अनुमति देने से इनकार किया

मनोज सिंह ठाकुर    
मुंबई। उच्च न्यायालय ने मुंबई की एक मस्जिद में सामूहिक रूप से नमाज अदा करने की अनुमति देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया, कि कोविड-19 के चलते ‘गंभीर’ हालात पैदा हो गए हैं और लोगों की सुरक्षा अधिक महत्वपूर्ण है। न्यायमूर्ति आर डी धनुका और न्यायमूर्ति वी जी बिष्ट की अवकाश पीठ ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के चक्र को तोड़ने के लिये पाबंदियां लगाने की जरूरत महसूस की है। अदालत ने कहा, ‘धार्मिक रीति-रिवाजों को मनाना या उनका पालन करना महत्वपूर्ण है। लेकिन सबसे अधिक महत्वपूर्ण लोक व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा है।’ पीठ ने जुमा मस्जिद ट्रस्ट की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई करते हुए ये टिप्पणियां कीं। याचिका में दक्षिण मुंबई में स्थित ट्रस्ट की एक मस्जिद में मुसलमानों को पांच वक्त की नमाज अदा करने की अनुमति देने का अनुरोध किया गया था।

चुनाव के लिए पहले चरण का प्रचार समाप्त हुआ

हरिओम उपाध्याय     
लखनऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण का प्रचार मंगलवार को समाप्त हो गया। अब 15 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक प्रदेश के 18 जिलों में पहले चरण का चुनाव होगा। पहले चरण में 18 जिला पंचायतों के 779 वार्डों में 11,749 उम्मीदवार, क्षेत्र पंचायतों के 19,313 वार्डों में 71,418 उम्मीदवार, 14,789 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 108562 और 1,86,583 ग्राम पंचायत वार्डों में 107283 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। पंचायत चुनाव के लिए उम्मीदवार बीते एक महीने से जोर-शोर से प्रचार कर रहे थे। सपा, भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपने उम्मीदवारों के समर्थन में सभा, बैठकें की। पहले चरण में अयोध्या, आगरा, कानपुर नगर, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, प्रयागराज, बरेली, भदोही, महोबा, रामपुर, रायबरेली, श्रावस्ती, संतकबीर नगर, सहारनपुर, हरदोई और हाथरस जिलों में चुनाव होगा।

यूपी के सीएम योगी की रिपोर्ट पॉजिटिव आईं

हरिओम  उपाध्याय    
लखनऊ। यूपी में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्याल के कई अफसरों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएम ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने कोविड जांच कराई और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णत: पालन कर रहा हूं। सभी कार्य वर्चुअली संपादित कर रहा हूं।

'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की

'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना सिर्फ साउथ सिनेमा का ही नहीं, अब ...