सोमवार, 15 मार्च 2021

देश में संक्रमितों की संख्या 1,13,85,339 हुई

अकांशु उपाध्याय      

नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोरोना के 26,291 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,13,85,339 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, देश में 85 दिन बाद एक दिन में सर्वाधिक नए मामले सामने आए। इससे पहले 20 दिसम्बर को 24 घंटे में 26,624 नए मामले सामने आए थे। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार की सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 118 और मरीजों की मौत होने के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 1,58,725 हो गई। देश में पिछले पांच दिनों से उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अभी कुल 2,19,262 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है। जो कुल मामलों का 1.93 प्रतिशत है।

अमेरिका का बदला समय, 1 घंटे आगे दौड़ेगी घड़ी

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका का समय बदल गया है। यहां की घड़ी की सुइयों को एक घंटे आगे बढ़ा दिया गया। ऐसा डेलाइट सेविंग टाइम (डीएसटी) प्रणाली के तहत किया जाता है। यह प्रणाली 19वीं सदी से बदले मौसम में दिन की रोशनी के अधिकतम उपयोग के लिए बनाई गई थी। पूरे साल समय का संतुलन बना रहे। इसलिए नवंबर के पहले रविवार को घड़ियां वापस एक घंटे पीछे कर ली जाती हैं। अमेरिका में साल 2007 से डीएसटी मार्च के दूसरे रविवार को लागू होता है और नवंबर के पहले रविवार को वापस लिया जाता है। 1966 में यूनिफॉर्म टाइम एक्ट के तहत यह काम रात दो बजे होता है। ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी में ऐसा होता है। वहां मार्च और अक्टूबर के आखिरी रविवार को यह काम किया जाता है। अमेरिकी कारोबारी समूह नेशनल एसोसिएशन ऑफ कंवीनियंस स्टोर्स के प्रवक्ता जैफ लेनर्ड के अनुसार दिन का काम खत्म होने तक अंधेरा हो जाए तो लोग सीधे घर चले जाएंगे। फिर घूमने-फिरने, खेलने या दूसरे काम करने कौन आएगा? और अंधेरा न हो तो लोग कुछ न कुछ करने निकलेंगे ही, खरीदारी भी करेंगे तो बिक्री बढ़ेगी। चाहे स्टोर पर या रेस्टेरेंट में। दूसरा फायदा ऊर्जा की बचत का गिनाया जाता है। 2008 में अमेरिका या कि डीएसटी से अमेरिका 0.5 प्रतिशत बिजली रोज बचाता है। लेकिन आर्थिक शोध ब्यूरो ने कहा कि समय आगे बढ़ाने से लोग घरों में ज्यादा समय रुक रहे हैं। इससे बिजली की मांग एक प्रतिशत बढ़ रही है।

बहेड़ी: सड़क हादसें में 3 युवकों की मौत, 4 घायल

बहेड़ी। तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, चार घायल हो गए। दो सड़क हादसे रविवार रात और तीसरा हादसा सोमवार तड़के का है। पहली घटना गांव नदेली स्थित गन्ना क्रय केन्द्र के पास की है। इसी गांव का वीर सिंह पुत्र कालीचरन अपने साथी विजय पाल के साथ बाइक से भुड़िया कालोनी गांव से वापस लौट रहा था। इसी बीच नदेली गांव के ही अंशु व गौरव उतरसिया गांव में दावत खाने जा रहे थे। गन्ना सेन्टर के पास अंशु की बाइक खराब हो जाने पर दोनों नीचे उतरे तभी तेज गति से आ रही वीर सिंह की बाइक अंशु की बाइक से टकरा गई। जोरदार टक्कर में वीर सिंह(35) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, उसका साथी विजयपाल के साथ-साथ अंशु व गौरव भी गंभीर रुप से घायल हो गये। जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल से बरेली रेफर किया गया।

बिहार: 1 ही परिवार के 5 लोगों की मौत, लगीं आग

अविनाश श्रीवास्तव   

किशनगंज। बिहार के किशनगंज शहर के वार्ड नंबर सात अंतर्गत सलाम कॉलोनी में सोमवार की सुबह अचानक आग लगने से चार बच्चों सहित एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। किशनगंज अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी अनवर जावेद अंसारी ने बताया कि मृतकों में नूर आलम (44) उनकी आठ और छह साल की बेटी तौफा एवं बबली तथा चार और दो साल का बेटा रहमत एवं शाहिद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों के बारे में तत्काल पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंचकर अग्निशामक टीम द्वारा आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

लोकसभा में 5 विधेयक पेश किए गए, विरोध किया

अकांशु उपाध्याय    

नई दिल्ली। लोकसभा में आज सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र (संशोधन) विधेयक 2021 सहित पांच विधेयक पेश किये गये। प्रश्नकाल के बाद अध्यक्ष ओम बिरला की अनुमति से गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र (संशोधन) विधेयक 2021 पेश किया।प्रह्लाद जोशी ने खान और खनिज (विकास एवं नियमन) (संशोधन) विधेयक 2021 सदन के पटल पर रखा। रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी. वी. सदानंद गौड़ा ने राष्ट्रीय औषधि शास्त्र शिक्षा एवं अनुसंधान (संशोधन) विधेयक 2021 तथा स्मृति ईरानी बाल न्याय (बच्चों की देखभाल एवं सुरक्षा) संशोधन विधेयक 2021 पेश किया।

चुनाव: सीएम विजयन ने नामांकन किया दाखिल

तिरुवनंतपुरम। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को धर्मधाम विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। विधानसभा चुनाव के लिए छह अप्रैल को यहां मतदान होगा। विजयन, कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दस्तावेज की दो प्रतियां लेकर पूर्वाह्न 11 बजे कन्नूर में कलेक्टर के कार्यालय पहुंचे। मार्क्सवादी नेता ने मुंह पर मास्क, हाथ में दस्ताने पहन रखे थे। उनके साथ माकपा के कन्नूर के जिला सचिव एमवी जयरंजन के अलावा पार्टी के कई नेता भी नजर आए। विजयन दूसरी बार धर्मधाम से चुनाव लड़ रहे हैं।

भारत ने इंग्लैंड को दूसरे टी-20 में 7 विकेट से हराया

अहमदाबाद। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में धमाकेदार वापसी की है। कप्तान विराट कोहली और ईशान किशन की पारियों की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को दूसरे टी-20 में 7 विकेट से हरा दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 165 रनों का लक्ष्य दिया था। भारत ने इसे 17.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। अपने डेब्यू मैच में धमाकेदार पारी खेलने वाले ईशान को मैच आफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। अब पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। अहमदाबाद में ही खेले गए पहले मैच को इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीता था। हालांकि, भारत की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर में ही केएल राहुल शून्य पर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद कप्तान विराट कोहली और डेब्यू मैच खेल रहे ईशान किशन ने शानदर अर्धशतक लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड को मैच से बाहर कर दिया। ईशान किशन ने अपने पहले इंटरनेशनल मैच में ही 28 गेंदों में अर्धशतक बनाया। ईशान किशन ने 32 गेंदों में 56 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। कप्तान विराट कोहली ने भी टी-20 में अपना 26वां अर्धशतक बनाया। कोहली टी-20 में सबसे ज्यादा 50 से ज्यादा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा। विराट कोहली ने नाबाद 73 रनों की पारी खेली। कोहली ने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। कोहली और ईशान किशन के अलावा ऋषभ पंत ने 26 रनों का योगदान दिया। उन्होंने 13 गेंदों पर ये रन बनाए। पंत ने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के जड़े। वहीं, श्रेयस अय्यर 8 रन बनाकर नाबाद रहे।

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...