रविवार, 6 सितंबर 2020

ढांचा तैयार करने की कोशिश में अमेरिका

नई दिल्ली/ वॉशिंगटन डीसी/ बीजिंग। अमेरिका-चीन को सिर्फ दक्षिण-एशिया ही नहीं, इंडो-पैसिफिक के साथ पूरी दुनिया के लिए चुनौती और खतरा मानता है। यही कारण है कि अब वह Quad देशों के संबंधों को औपचारिक रूप देने पर काम कर रहा है। Quad देश यानी भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका। जापान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक देश के गृह विभाग के एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि इन चार देशों के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों को औपचारिक रूप देने का प्लान बनाया जा रहा है ताकि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन को टक्कर दी जा सके।
'यहां NATO, EU जैसा कुछ नहीं'
गृह विभाग के उपसचिव स्टीफन बीगन ने बताया है, 'यह सच है कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में मजबूत बहुपक्षीय ढांचे की कमी है। उनके पास NATO, यूरोपियन यूनियन जैसा कुछ नहीं है। यहां एक मौका है कि किसी वक्त पर ऐसे स्ट्रक्चर को औपचारिक रूप दिया जाए।' Quad यानी Quadrilateral Security Dialogue में शामिल चारों लोकतांत्रिक देश समय-समय पर समिट और सैन्य अभ्यास करते हैं। इसके साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक और विकास में सहयोग पर चर्चा होती है। बीगन का कहना है कि भले ही अमेरिका की रणनीति चीन को हर क्षेत्र में पीछे करने की है, सिर्फ यही Quad का मकसद नहीं है।             


पारा चढ़ने पर डीएम नें लगाई फटकार

बागेश्वर। जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की मासिक बैठक में आधी अधूरी तैयारी से आने पर जिलाधिकारी कर्मचारियों पर भड़क गए। सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देशित करते हुए नाराज डीएम बैठक भी छोड़ चले गए।


शनिवार को जिलाधिकारी विनीत कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय पुनरीक्षण सह जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित हो रही जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए ऋण उपलब्ध कराए जाने व पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए योजनावार समीक्षा की। इसके बाद संबंधित बैंकों से जानकारी ली गई। स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न कराने पर नाराजगी जताई। उन्होने संबंधित बैंकर्स को कड़े निर्देश दिए कि बैंकों को जो भी लक्ष्य एवं आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, उन पर की गई कार्यवाही के संबंध में स्पष्ट आंख्या लेकर बैठक में उपस्थित होना चाहिए था। बैंकर्स आधी-अधूरी जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में पूर्ण तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए।           


चीन-लद्दाख में दिख रही है 'चालबाजी'

नई दिल्ली/ बीजिंग। लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर मई महीने से सीमा विवाद जारी है। पिछले महीने 29-30 अगस्त की रात चुशूल सेक्टर के रेजांग ला में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने घुसपैठ की कोशिश की, जिसे भारतीय सैनिकों ने नाकाम कर दिया। महीनों से चल रहे विवाद की वजह से सैनिकों लद्दाख में लंबे वक्त तक डटे रहने का इरादा है। उन्हें साफ तौर पर निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी चीनी सैनिकों के उकसावे का मुंहतोड़ जवाब दें।


सीमा पर तनाव कम करने को लेकर दोनों पक्षों में लगातार सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत का दौर भी जारी है। शीर्ष सैन्य अधिकारियों से लेकर कूटनीतिक स्तर की कई वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद तनाव पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ। हालांकि, लद्दाख में टकराव वाली कई जगहों से चीनी सैनिक पीछे गए तो तनातनी में कुछ कमी आई, लेकिन पिछले महीने के अंत में हुई घटना ने दोनों देशों के रिश्तों को वापस तनावपूर्ण बना दिया।           


अमेरिका की हालत बहुत खराब हैः ट्रंप

वाशिंगटन डीसी/ नई दिल्ली/ बीजिंग। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वाशिंगटन लद्दाख क्षेत्र में बेहद खराब हालात से उबरने के उपायों पर भारत और चीन से बात कर रहा है, हालांकि यह पूछे जाने पर कि क्या बीजिंग का भारत के प्रति धौंस जमाने वाला रुख रहा है, तो इस बात का उन्होंनवे गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने शुक्रवार को वाशिंगटन में एक न्यूज कॉन्फ्रेंस में कहा, हम चीन और भारत के सम्मान के लिए मदद के लिए तैयार हैं। अगर हम कुछ भी कर सकते हैं तो हमें इसमें शामिल होना होगा और मदद करनी होगी और हम दोनों देशों से इस बारे में बात कर रहे हैं।


उन्होंने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर दोनों पक्षों के बीच टकराव के बारे में कहा, यह बहुत ही बुरी स्थिति है, बहुत खराब स्थिति है। जहां भारत के अनुसार, चीन ने अपने सैनिकों की मौजूदगी और गतिविधियां बढ़ाई हैं। एक रिपोर्टर द्वारा पूछे जाने पर कि क्या चीन भारत पर धौंस जमा रहा है तो उन्होंने कहा, मुझे उम्मीद है कि ऐसा नहीं है। लोग जितना समझ रहे हैं, उससे कहीं ज्यादा वे निश्चित रूप से इस मामले में अधिक मजबूती से जा रहे हैं।


अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने बुधवार को चीन पर अपने पड़ोसियों को धमकाने, धौंस जमाने का आरोप लगाया था। पोम्पियो ने कहा था, ताइवान जलडमरूमध्य से लेकर हिमालय और उससे आगे तक, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी स्पष्ट रूप से अपने पड़ोसियों को धमकाने में लगी हुई है।


ट्रंप इससे पहले, मई में मध्यस्थता की पेशकश कर चुके हैं, जिसे भारत-चीन दोनों ने ठुकरा दिया था। हालांकि, ट्रंप कई मुद्दों पर चीन के आलोचक रहे हैं और यहां तक कहा है कि यह अमेरिका के लिए एक वैश्विक खतरा है, लेकिन उन्होंने भारत-चीन संघर्ष पर एक निश्चित रुख अपनाने में संकोच किया है।दोनों (भारत-चीन) परमाणु संपन्न देशों के बीच जून से लद्दाख में एलएसी पर गतिरोध जारी है।           


लड़ाकू विमान के मलबे को निकालेगा 'चीन'

बीजिंग। चीन के एक गैर सरकारी संगठन ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान झील में डूब गए एक अमेरिकी लड़ाकू विमान के मलबे को निकालने की कोशिश शुरू की है। इस विमान को 'द फ्लाइंग टाइगर्स ग्रुप' के पायलट उड़ा रहे थे। दरअसल, द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान ने चीन पर आक्रमण कर दिया था। जापान का बढ़ता प्रभुत्व देखकर अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट ने 'द फ्लाइंग टाइगर्स' को चीन भेजा।


फ्लाइंग टाइगर्स दिसंबर 1941 से लेकर तब तक जापान के सैनिकों से लोहा लेते रहे जब तक उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं कर दिया। इसी दौरान अभियान में लगे कर्टिस पी-40 विमान 1942 में दक्षिण पश्चिमी शहर कुनमिंग के पास दियांची झील में क्रैश हो गया। इसी शहर में द फ्लाइंग टाइगर्स का अड्डा था।               


पुलिस ने किशोर को मात्र-3 घंटे में सौंपा

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा गुमशुदा बच्चों की तलाश हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशनखुशी अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर द्वारा 13 वर्षीय किशोर को कड़ी मेहनत व लगन से मात्र 3 घन्टे में सकुशल बरामद कर लिया। 5 सितंबर को रुद्राक्ष उम्र करीब 13 वर्ष नामक किशोर बिना बताए घर से चला गया था। किशोर के पिता की सूचना के आधार पर थाना कोतवली पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अथक प्रयास व लगन से मात्र 3 घंटो के भीतर किशोर को थाना बादलपुर जनपद गौतमबुद्धनगर से सकुशल बरामद कर उसके परिवारीजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने पुलिस का ह्रदय से धन्यवाद किया।


बता दें कि किशोर की बरामदगी के बाद जिले में पुलिस के सराहनीय कार्य की चर्चा है, हालांकि पुलिस किसी भी गायब हुए बच्चे का पता लगाने का हमेशा भरसक प्रयास करती है।             


मृतका का नहीं हो सका 'अस्थि विसर्जन'

मोदीनगर। कोरोना पॉजिटिव महिला की मृत्यु होने पर शुक्रवार दोपहर पूरे परिवार को गाजियाबाद के अस्पताल में क्वारंटाइन कर दिया गया। दो दिन पहले ही महिला का अंतिम संस्कार हुआ था। अब शुक्रवार से पूरा परिवार क्वारंटाइन है। पितरों के दिनों में भी महिला की अस्थियां विसर्जित नहीं हो सकी हैं। घर पर ताला लगा हुआ है। वहीं क्वारंटाइन परिवार का आरोप है कि शुक्रवार शाम से उन्हें खाने-पीने के लिए कुछ नहीं मिला है। यहां शौचालयों में पानी तक नहीं है। गंदगी फैली हुई है।


गांव बिसोखर निवासी एक महिला की कुछ दिनों पहले तबीयत खराब हो गई थी। उपचार के लिए उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें मेरठ के अस्पताल में रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद स्वजन शव को वापस ले आए थे और आसपास के लोगों के साथ मिलकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। इसके कुछ ही समय बाद मेरठ के अस्पताल से फोन आया कि मृतक महिला कोरोना पॉजिटिव थी। इसकी जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों को भी मिली तो सभी की कोरोना जांच कराना अनिवार्य किया, लेकिन बिना जांच कराए ही सभी को गाजियाबाद के क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। स्वजन के अनुसार, शुक्रवार दोपहर गाजियाबाद सीएमओ कार्यालय से उनके पास फोन आया कि कोरोना जांच कराने के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया जाएगा। जिसके बाद मृतका के दोनों पुत्र, पुत्रवधु व पोते समेत पड़ोसी युवक को गाजियाबाद के आइडीएल सेंटर में क्वारंटाइन कर दिया गया, लेकिन शनिवार तक किसी की भी कोरोना जांच नहीं कराई गई। उनके घर पर इस समय ताला लगा हुआ। वहीं परिवार के लोगों का आरोप है कि पहले तो बिना कोरोना जांच कराए उन्हें भर्ती करा दिया गया। अब खाने-पीने के लिए भी कुछ नहीं दिया जा रहा है। शौचालयों में बुरी तरह गंदगी फैली पड़ी है। पानी की व्यवस्था नहीं है। उधर परिवार का कोई सदस्य घर पर नहीं होने के चलते अभी तक महिला की अस्थियां भी विसर्जित नहीं हो सकी हैं। इस बारे में मोदीनगर सीएचसी के प्रभारी डॉ. कैलाश चंद का कहना है कि क्वारंटाइन सेंटर गाजियाबाद में है। इस तरह का मामला उनके संज्ञान में नहीं है।           


गाजियाबाद में अपराध कर रहे 'बदमाश'

अवनीश मिश्र


साहिबाबाद। अनलॉक के बाद गाजियाबाद में अपराधों की बाढ़ सी आ गई है। हर दिन लूट, झपटमारी, चोरी और ठगी हो रही है। दिल्ली के बदमाश यहां अपराध कर फरार हो जाते हैं। उन्हें सलाखों के पीछे भेजकर अपराधों पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। अनलॉक में बढ़ा अपराध: कोरोना के कारण हुए लॉकडाउन के दौरान जिले में लूट, झपटमारी, चोरी का ग्राफ बहुत नीचे गिरा। इस दौरान सिर्फ ऑनलाइन ठगी हुई। उसका ग्राफ भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम रहा। अनलॉक होते ही अपराध बढ़े। आए दिन लूट, झपटमारी, चोरी और ठगी होने लगी। सबसे ज्यादा वाहन चोरी और झपटमारी की घटनाएं हो रही हैं। दिल्ली के बदमाशों का मिला सुराग: जिले में अपराध रोकने के लिए काम कर रही पुलिस की जांच-पड़ताल में आ रहा है कि दिल्ली के बदमाश यहां सक्रिय हैं। दिल्ली के बदमाश यहां लूट, चोरी व ठगी कर रहे हैं। ऐसे कई गिरोह को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस कई गिरोह के काफी करीब पहुंच चुकी है। पुलिस की टीमें उन पर काम कर रही है। सीमाओं की सुरक्षा पर सवाल: दिल्ली की सीमाओं पर बैरियर लगे हैं। पुलिस तैनात रहती है। जांच-पड़ताल होते रहने का दावा किया जा रहा है। दिल्ली के अपराधी फर्जी नंबर प्लेट लगे वाहन और अवैध असलहा सहित सीमा पार कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। गाजियाबाद या दिल्ली की पुलिस को उनकी भनक तक नहीं लग रही है। इससे सीमाओं की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खुल रही है। दिल्ली के गिरोह सक्रिय हुए हैं। उन पर काम किया जा रहा है। हाल में ही लूट और ठगी करने वाले दिल्ली के बदमाशों को पकड़ा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही अन्य बदमाश भी पकड़े जाएंगे।             


फ्लैट की मंजिल से नीचे गिरा 'इंजीनियर'

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। जनपद के अहिंसा खंड-2 की क्लाउड-9 सोसायटी में शुक्रवार रात 11वीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। एटा के 24 साल के दीपक यहां किराए के फ्लैट में रहते थे। वह नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। हादसे के पीछे फ्लैट की बालकनी में लगी ग्रिल के कमजोर होने की बात सामने आ रही है।


युवक के साथ ग्रिल भी निकलकर नीचे गिरी है। इसके अलावा फ्लैट में 5 दोस्तों के मौजूद होने और पार्टी करने की बात भी सामने आई है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी संजीव शर्मा ने बताया कि ग्रिल कमजोर होने की बात जानकारी में आई है। अभी मृतक के घरवालों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।                 


22 सूत्री मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर। 22 सूत्री मांगों को लेकर मुजफ्फरपुर जिला किसान सभा के आह्वान पर समाहरणालय के पास प्रदर्शन किया गया। इससे पहले खुदीराम बोस स्मारक स्थल से किसानों का जुलूस निकाला गया। समाहरणालय पहुंचकर धरना दिया। अध्यक्षता किसान नेता राजमंगल ठाकुर ने की। इस दौरान वक्ताओं ने बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खाते में छह हजार रुपये नकद अनुदान शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। वक्ताओं ने केंद्र व बिहार सरकार को किसान विरोधी बताते हुए विगत जून में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन किसान विरोधी अध्यादेश को वापस लेने को कहा। संचालन राम किशोर झा ने किया। पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर 22 सूत्री मांग पत्र सौंपा। किसानों की मांगों से राज्य व केंद्र सरकार को अवगत कराने की मांग की। सभा में जिला सचिव चंदेश्वर प्रसाद चौधरी, किसान नेता अजय कुमार सिंह, अरुण कुमार ठाकुर, राधेश्याम प्रसाद ठाकुर, विश्वनाथ ठाकुर, शम्भू शरण ठाकुर, मो.युनूस, सुनील कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार पांडेय, शत्रुघ्न प्रसाद, अजीत कुमार, रघुवर भक्त, प्रो.लक्ष्मीकांत आदि थे।            


ग्रामीणों ने रुकवाया 'शौचालय का निर्माण'

अजीतमल। मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना में चयनित ग्राम पंचायत भीखेपुर में बन रहे सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य शनिवार को ग्रामीणों ने रुकवा दिया। उन्होंने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री प्रयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी को जानकारी दी। उन्होंने जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।


ग्राम पंचायत भीखेपुर मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना में चयनित ग्राम पंचायत है। इसके मजरा लक्ष्मण की मडै़या में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर कार्य कर रहे लोगों को पुरानी ईंटों का इस्तेमाल करते देख आक्रोश प्रकट किया। गांव के बादशाह, ओमकार, रविद्र, टिकू, अमर सिंह, नीरज, सीटू, अंकुश, राजू आदि ने गुणवत्ता पर सवालिया निशान उठाते खंड विकास अधिकारी अश्वनी सोनकर को मोबाइल से सूचना दी। उन्होंने कार्य को जांच होने तक रोके जाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में नई ईंट की जगह ग्राम प्रधान द्वारा मनमानी करते हुए पुरानी ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। वहीं निर्माण में प्रयुक्त किया जाने वाले सीमेंट और मौरंग का अनुपात भी मानक विहीन है। खंड विकास अधिकारी अश्वनी सोनकर ने बताया कि कोरोना पाजिटिव होने के चलते वह अभी होम आइसोलेट हैं। मामले की सूचना मिली है, जांच कराई जाएगी। निर्माण में अनियमितता और निर्धारित मानक न पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।             


जनपद में निफा ने लगाया 'निशुल्क कैंप'

घरौंडा। सामाजिक संस्था निफा की ओर से शिक्षक दिवस पर रेलवे स्टेशन के नजदीक निशुल्क बीपी, शुगर व शारीरिक जांच शिविर लगाया गया। इसमें एक निजी अस्पताल की टीम ने सहयोग किया। कैंप में 100 से ज्यादा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही उन्हें जरूरी परामर्श भी दिए। निफा के घरौंडा अध्यक्ष कमलकांत धीमान ने कहा कि आज सभी को बीपी, शुगर की समस्या बढ़ रही है, जिसकी समय समय पर जांच कराना बेहद जरुरी होता है। शिविर में जांच के साथ लोगों को जरूरी परामर्श दिए गए। इस तरह के कैंप भविष्य में भी लगाए जाएंगे। इस मौके पर सौरभ जैन , सुमित वशिष्ठ, सुधांशु गुप्ता, रवि धीमान, कपिल धीमान, दिव्यम गुप्ता, राहुल धीमान, अजय मित्तल, सचिन गुप्ता, अंशुल मित्तल, रजत गोयल, निखिल वर्मा, अमन जोशी, भूपेश धीमान, मोहित धीमान, मोनू कुमार, ग्रवित शर्मा, शुभम राणा, लव जुनेजा मौजूद रहे।           


हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...