सोमवार, 14 अक्तूबर 2019

यूपी कांग्रेस को मिलेगा मंत्र,होगा बदलाव

रायबरेली । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का 14 अक्टूबर को होने वाला रायबरेली दौरा अपरिहार्य कारणों से टल गया है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में रायबरेली में होने वाला कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर अब 22 अक्टूबर से होगा। उपचुनाव की वजह से कार्यक्रम में यह बदलाव किया गया है। अब उपचुनाव के बाद तीन दिन के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी 14 और 15 अक्टूबर को रायबरेली दौरे पर आने का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम को अब विधानसभा उप-चुनाव के बाद आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से नए पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय भी कराया जाएगा। प्रियंका गांधी के महासचिव बनने के बाद उत्तर प्रदेश में बनी इस नई टीम को सोनिया गांधी कई मंत्र देना चाहती हैं। सोनिया की रायबरेली यात्रा के दौरान पार्टी पदाधिकारियों के कार्यों का भी बंटवारा किया जाएगा। प्रियंका गाधी ने अजय कुमार लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष और आराधना मिश्रा को विधान मंडल दल का नेता बनाने के साथ साथ कई नए और नौजवान चेहरों को संगठन में जगह दी है। अजय कुमार लल्लू को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही चार उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 24 सचिव भी बनाए गए हैं।


सुधार के सामने बाधा बनता है विपक्ष

फरीदाबाद। हरियाणा  विधानसभा चुनाव 2019  के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बल्लभगढ़ में हुंकार भरी। पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा आकर मुझे लगता है, जैसे मैं अपने घर में आया हूं। हरियाणा ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का विकास मेरी प्राथमिकता है। वहीं विपक्षियों पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिखरे हुए लोग हरियाणा का विकास नहीं कर सकते है। कांग्रेस अपनी बिगड़ी टीम जोडऩे में मशहूर है। विपक्षियों में स्वार्थ और अहंकार है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश के विकास के लिए कदम उठा रहा हूं। आपने मुझे 5 साल का समय दिया है। मैंने संकल्प पूरा करना शुरू कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि देश में हो रहे हर सुधार और हर परिवर्तन के सामने कांग्रेस और उसके जैसे दल दीवार बनकर खड़े हो जाते हैं। आपने देखा है कि कैसे तीन तलाक के खिलाफ कानून को इन लोगों ने हर बार रोका, हर तरह के बहाने बनाकर रोका। राफेल मुद्दे का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राफेल विमान को लेकर इन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान कैसी हायतौबा मचाई थी? इन लोगों ने पूरा जोर लगा दिया था कि ये विमान समझौता रद्द हो जाए, भारत में नया लड़ाकू  विमान न आने पाए, लेकिन इन लोगों की तमाम कोशिशों के बावजूद भारत को पहला राफेल विमान सौंपा जा चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये कितना भी विरोध करें, कितनी ही साजिशें करें, राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के सशक्तीकरण के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है और हम लगातार उसे गति दे रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा की धरती और यहां के लोगों का सहयोग और समर्थन है, जिन्होंने मनोहर लाल जी और उनकी टीम को ताकत दी है। आपका यही आशीर्वाद हमें लोकसभा चुनाव के दौरान भी मिला है। पीएम ने कहा कि आज आप देख रहे हैं कि कैसे पूरी दुनिया, दुनिया के बड़े-बड़े नेता भारत के साथ खड़े होने के लिए, भारत के साथ आने के लिए दुनियाभर में आतुर नजर आते हैं।


खट्टर ने सोनिया को मरी चुहिया कहा

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा कथित तौर अपमानजनक टिप्पणी करने से जुड़ी खबर को लेकर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रमुख सुष्मिता देव ने सोमवार को कहा कि इस 'असंसदीय एवं निंदनीय' बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की टिप्पणी की निंदा करती हूं।


सुष्मिता ने कहा कि उनकी टिप्पणी असंसदीय और निंदनीय है। यह महिलाओं के प्रति उनके और भाजपा के अपमानजनक रुख को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विमर्श के स्तर को नीचे ले जाना बेरोजगारी और गंभीर आर्थिक मंदी जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा कि क्या इससे कोई इनकार कर सकता है कि हरियाणा भारत का 'रेप कैपिटल' बन चुका है ? वहां अपहरण के मामले बहुत बढ़ गए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री के पास इसका कोई जवाब नहीं है। कांग्रेस में हम सार्वजनिक गरिमा को बरकरार रखने को प्रतिबद्ध हैं। मैं खट्टर से बिना शर्त माफी की मांग करती हूंं।


खबरों के मुताबिक, खट्टर ने एक सभा में कथित तौर पर कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल (राहुल गांधी) ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ दिया और कहा कि नया कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा। हमने इस निर्णय का स्वागत किया था। वंशवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए यह अच्छा फैसला था। फिर, इन लोगों ने देशभर में (नए अध्यक्ष की) तलाश शुरू की। तीन महीने के बाद, उन्होंने सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया। यह तो ऐसा हुआ, जैसे खोदा पहाड़, निकली चुहिया, वह भी मरी हुई।


75 साल की महिला ने बेटी को जन्म दिया

कोटा। राजस्थान राज्य के कोटा में एक 75 साल की बूढ़ी महिला ने IVF के जरिए शनिवार देर शाम एक बच्ची को जन्म दिया। डॉक्टरों ने रविवार को बताया कि बच्ची का वजन मात्र 600 ग्राम है और उसे एक अन्य अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई  में ले जाया गया है, जबकि महिला को कोटा के किंकर हॉस्पिटल में रखा गया है। बाल रोग विशेषज्ञों की एक टीम बच्ची की देखभाल कर रही है। हॉस्पिटल की डॉक्टर अभिलाषा किंकर ने कहा कि महिला ने पहले एक बच्चे को गोद लिया था, लेकिन वह अपना खुद का बच्चा चाहती थी, और इसलिए उसने मां बनने की संभावनाओं के बारे में डॉक्टरों से पूछताछ की थी। इसके बाद उसने IVF को आजमाना चाहा।


बता दें कि मां की उम्र के कारण गर्भ धारण करने के 6.5 माह बाद सी-सेक्शन के जरिए समय पूर्व बच्चे का जन्म कराना पड़ा, क्योंकि मां शारीरिक और स्वास्थ्य के लिहाज से कमजोर थी। बड़ी दिक्कत यह थी कि महिला के पास सिर्फ एक ही फेफड़ा था, जो चिकित्सा टीम के लिए एक चुनौती था।


डांस और अंदाज से सबका होश उड़ाया

मुंबई। बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही अपने धमाकेदार डांस और अंदाज से सबके होश उड़ा देती हैं। एक बार फिर नोरा फतेही  का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर तहलका मचा रहा है। इस वीडियो में एक्ट्रेस हाल ही में रिलीज हुए अपने गाने 'पपेटा' पर अलग ही अंदाज में डांस कर रही हैं। इस वीडियो को डांस प्लस ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट के जरिए शेयर किया है। इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में नोरा फतेही द पपेटा चैलेंज एक्सेप्ट कर उस पर डांस कर रही हैं। नोरा फतेही के इस वीडियो पर फैन्स खूब कमेंट कर रही हैं।


आयुष्मान की बड़ी फिल्म 'ड्रीमगर्ल'

निशा गोस्वामी


मुंबई। आयुष्मान खुराना अभिनीत पावरहाउस निर्माता एकता कपूर की हालिया रिलीज़ ड्रीम गर्ल ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और रिलीज़ के बाद, अपने छठे सप्ताह में भी मजबूत पकड़ बनाये हुए है। इस साल 13 सितंबर को रिलीज हो चुकी यह फिल्म अपने 5वें वीकेंड में 1.70 करोड़ की कमाई करने में सक्ष्म रही और इसी के साथ यह फ़िल्म अब तक कुल मिलाकर 139.70 करोड़ रुपये का बिज़नेस कर चुकी है। जबकि ड्रीम गर्ल अभिनेता आयुष्मान खुराना की सबसे बड़ी ओपनिंग फ़िल्म थी लेकिन अब यह उनकी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है।


और 'बधाई हो' के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है जिसने बॉक्स ऑफिस पर कुल 137.61 करोड़ का आंकड़ा दर्ज किया था। दिलचस्प बात यह है कि “ड्रीम गर्ल” एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स की भी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। ड्रीम गर्ल का निर्देशन राज शांडिल्य ने किया है और इसमें नुसरत भरूचा, अन्नू कपूर, मनजोत सिंह, अभिषेक बनर्जी, राजेश शर्मा, विजय राज, निधि बिष्ट और राज भंसाली ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


विज्ञान,गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी

रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बी.टी.आई. मैदान में बच्चों के लिए 46वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी का आयोजन 15 से 20 अक्टूबर 2019 तक किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, महापौर रायपुर प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय प्रदर्शनी 15 अक्टूबर को उद्घाटन के पश्चात् 19 अक्टूबर तक प्रातः 11 से संध्या 5 बजे तक अवलोकन के लिए खुली रहेगी। राष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग, राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन संध्या 5.30 से 7 बजे तक आयोजित किये गये है। प्रतिदिन दो वैज्ञानिकों के व्याख्यान 16 से 18 अक्टूबर तक प्रातः 9 बजे से 10.30 बजे तक होंगे। प्रतिभागियों को शैक्षणिक भ्रमण 20 अक्टूबर को कराया जाएगा।


राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी की तैयारी के संबंध में आज सुबह स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव श्री गौरव द्विवेदी ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने तैयार किये जा रहे पण्डालों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर संचालक राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एस.सी.ई.आर.टी.), संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।


स्कूली बच्चों द्वारा निर्मित प्रादर्श एवं मॉडलों का मुख्य विषय ''जीवन की चुनौतियों के लिए वैज्ञानिक समाधान'' है। प्रादर्श और मॉडलों को 6 विषयों में विभाजित किया है इनमें – कृषि एवं जैविक खेती, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संसाधन प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, परिवहन एवं संचार और गणितीय प्रतिरूपण शामिल है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश भर से 400 प्रतिभागी विद्यार्थी और 200 मार्गदर्शक शिक्षक शामिल होंगे। प्रदर्शनी में 147 प्रादर्शो का प्रदर्शन किया जायेगा जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 22 प्रादर्श भी शामिल है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रतिभागियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक 18 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से 151 प्रतिभागी विद्यार्थी और 26 मार्गदर्शक शिक्षक पहुंच चुके है। जिन राज्यों के प्रतिभागी दल आ चुके है उनके गोवा, गुजरात, हरियाणा, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, तेलगांना, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, चण्डीगढ़, दिल्ली, आसाम और मेजबान छत्तीसगढ़ शामिल है। इसके अतिरिक्त विभिन्न संगठनों में केन्द्रीय विद्यालय, सीबीएसई, एनसीईआरटी के दल भी आ चुके है। स्टेट पवेलीयन में राज्य में प्रमुख योजनाओं पर आधारित नरवा, गरुवा, घुरुवा और बारी, मल्टी मीडिया पाठ्यपुस्तकें, एससीईआरटी के प्रकाशन और दीक्षा की भी प्रदर्शनी लगायी जायेगी।


सरकार ने युवाओं को मूर्ख बनाया

राणा ओबरॉय


चंडीगढ़।  हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी यहां के नूंह विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। राहुल ने अपनी सभा में सीएम खट्टर और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अंबानी-अडानी के लाउडस्पीकर हैं और दिनभर उन्हीं की बात करते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि देश में जो बेरोजगारी है और जो अर्थव्यवस्था की हालत है, आप देखना कि 6 महीने बाद यहां क्या होता है। देश में युवाओं को ज्यादा वक्त तक बेवकूफ   बनाकर सरकार नहीं चला सकता। आप 6 महीने एक साल सरकार चला सकते हो, लेकिन एक दिन सच्चाई बाहर आएगी। फिर देखना क्या होता है देश में और क्या होता है नरेंद्र मोदी का? कांग्रेस नेता ने कहा कि इस देश में अलग-अलग जाति और धर्म के लोग रहते हैं। यहां अमीर लोग गरीब लोग सभी एक साथ रहते हैं और इन सभी को हम हिंदुस्तान कहते हैं। कांग्रेस सबकी पार्टी है और हमारा काम लोगों को जोडऩे का है। बीजेपी और आरएसएस का काम जो पहले अंग्रेज करते थे देश को तोडऩे का काम और देश में एक दूसरे को लड़ाने का काम है। नोटबंदी और जीएसटी पर कटाक्ष करते हुए राहुल ने कहा कि पहले नोटबंदी ने देश में सबको लाइन में लगा दिया। उस लाइन में अनिल अंबानी और अडानी को देखा था क्या आपने? उस दौरान काले धन का कोई आदमी लाइन में नहीं लगा। उसके बाद गब्बर सिंह टैक्स आया। यहां कोई है जो कह सके कि जीएसटी से मुझे फायदा हुआ। छोटे दुकानदार, मिडिल साइज बिजनस सब खत्म हो गए क्योंकि उनका बिजनस मोदी अपने 15-20 दोस्तों को देना चाहते हैं।


राहुल की मौजूदगी भाजपा की जीत

उमरखेड। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार अभियान के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी का मतलब है कि भाजपा '100 प्रतिशत' जीतने जा रही है।


उमरखेड़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकवाद को खत्म करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के लिए मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इन दोनों ने इस कदम के जरिए 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की अवधारणा स्थापित की।


योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मुझे नांदेड हवाईअड्डे पर मालूम चला कि राहुल गांधी महाराष्ट्र में रैलियां संबोधित करने वाले हैं। राहुल गांधी का महाराष्ट्र में पहुंचने का मतलब है कि भाजपा 100 फीसदी चुनाव जीतने जा रही है'। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी जिस भी पार्टी का समर्थन करने जा रहे है उसका हारना तय है। राहुल की मौजूदगी ने कांग्रेस तथा राकांपा की हार तय कर दी है'।


भाजपा उम्मीदवार नामदेव ससाने के लिए प्रचार के दौरान आदित्यनाथ ने लोगों से किसानों के कल्याण के लिए योजनाओं को गति देने के वास्ते भाजपा को वोट देने की अपील की। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे, चुनाव नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।


पाक आतंकीयो को कर रहा प्रशिक्षित

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकवादियों का प्रशिक्षण लेना जारी है। सरकार के सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनवा प्रांत में बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के लगभग 50 आतंकवादी प्रशिक्षण ले रहे हैं। आतंकवादी मुख्य रूप से आत्मघाती हमलावर हैं जिन्हें कश्मीर और अफगानिस्तान में हमले करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। भारतीय खुफिया एजेंसियां इसपर नजर रख रही हैं। वहीं, आतंकवादियों के एक समूह को सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए बालाकोट से भेजा गया है।


स्वर्णकार संघ ने निकाली शोभायात्रा

मोहित श्रीवास्तव


गाजियाबाद। राष्ट्रीय स्वर्णकार संघ लोनी के द्वारा महाराजा अजमीढ़ देव जी के जन्मदिवस पर शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें प्रमुख रूप से लोनी नगर पालिका चेयरमैन रंजीता धामा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। जिनका स्वागत समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह प्रधान ने पटका एवं माला भेंट प्रदान करके किया। वह महिलाओं की तरफ से मंजू वर्मा ने माल्यार्पण करके स्वागत किया। शोभा यात्रा की प्रमुख रूप से मनमोहक झांकियां बैंड बाजा, डीजे बग्गी, महिलाओं की टोली, बाइकों की टोली, कारों की टोली, पैदल कार्यकर्ताओं द्वारा सुचारू रूप से यातायात को नियंत्रण करते हुए किया गया। जोहरी एनक्लेव मेट्रो स्टेशन से लक्ष्मी गार्डन दो नंबर बस स्टैंड से होते हुए शोभा यात्रा का नरेश वर्मा एवं विक्की वर्मा एवं उनके साथियों के द्वारा शांति नगर स्टैंड पर फूल बरसा कर और जलपान व्यवस्था करा कर स्वागत किया गया एवं अन्य जगहों पर भी पानी की सेवा रही पुष्प वर्षा रही और शोभायात्रा में प्रसाद वितरण का भी प्रबंध था। साथ ही समापन स्थल पर सुरुचि प्रीतिभोज की व्यवस्था थी। जहां पर सभी लोगों ने एकत्रित होकर आनंद पूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और अपने महाराजा अजमीढ़ देव जी की जय जयकार की । जिसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वर्णकार संघ के कार्यकर्ता निम्न प्रकार से रहे समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह प्रधान, राजेंद्र ,मनोज वर्मा, संजीव सोनी, सतीश वर्मा, विक्की वर्मा, नरेश वर्मा, राजीव वर्मा, प्रेमपाल वर्मा, उमेश ,राम मोहन वर्मा, संदीप सोनी, अरुण वर्मा व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


पानीपत वासियों की आवाज बने 'विज'

राजेश ओबराय
पानीपत वासियों की एक ही आवाज, हजारों वोटों से जीतेंगे अपने प्रमोद विज
पानीपत। जैसे-जैसे विधानसभा का चुनाव नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे पानीपत शहरवासियों की चुनाव परिणाम को लेकर चर्चाएं तेज होती जा रही हैं। पानीपत शहर वासियों की एक ही आवाज है। अबकी बार पानीपत शहरी सीट से हमारे प्रमोद विज हजारों वोटों से जीत हासिल करेंगे। क्योंकि प्रमोद विज एक ईमानदार शरीफ और पार्टी के समर्पित कार्य करता है। जब किसी विधानसभा में ऐसी चर्चाएं होती हैं तो यह परिणाम में बदल जाती है क्योंकि विधानसभा में मतदाता होता है और मतदाता ही जीत और हार का आधार होता है इसलिए ऐसा लगने लगा है की प्रमोद विज की जीत निश्चित है नही बल्कि काफी ज्यादा मतों के अंतर से जीत होगी ऐसा निश्चित लग रहा है। पानीपत वासियों का मानना है कि प्रमोद विज के विधायक बनने के बाद पानीपत से भ्रष्टाचार खत्म होगा और जिले में विकास भी देखने को मिलेगा।


हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया

हरियाणा-दिल्ली में पहली रैली को संबोधित किया  अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज ...