रविवार, 18 जुलाई 2021

पूर्व गृह मंत्री अनिल के जिले में 2 स्थानों पर छापे मारे

कविता गर्ग                  
नागपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में रविवार को महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के नागपुर जिले में दो निवास स्थानों पर छापे मारे। औएक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईडी के दो अलग-अलग दलों ने यहां से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित कटोल शहर में देशमुख के आवास और कटोल के समीप वाडविहीरा गांव में उनके पैतृक घर पर छापे मारे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब छह बजे छापे मारे गए।
अधिकारी ने बताया कि देशमुख के कटोल परिसर पर तलाशी अभी चल रही है जबकि वाडविहीरा में तलाशी दोपहर 12 बजे के आसपास पूरी हो गयी। ईडी कथित तौर पर करोड़ों रुपये के घूस एवं वसूली गिरोह मामले से जुड़े धन शोधन के मामले की जांच कर रही है। इस मामले के चलते देशमुख को इस साल अप्रैल में गृह मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
केंद्रीय एजेंसी ने हाल ही में देशमुख के निजी सचिव संजीव पलांडे (51) और निजी सहायक कुंदन शिंदे (45) को गिरफ्तार किया था। इससे पहले उसने इन दोनों और राकांपा नेता के मुंबई तथा नागपुर में स्थित आवासों पर छापे मारे थे। ईडी ने मामले में पूछताछ के लिए देशमुख को सम्मन भेजे थे लेकिन वह पेश नहीं हुए।
ईडी ने बंबई उच्च न्यायालय के आदेश पर दर्ज किए गए मामले के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्रारंभिक जांच के बाद देशमुख तथा अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। उच्च न्यायालय ने सीबीआई को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा देशमुख के खिलाफ लगाए रिश्वत के आरोपों की जांच करने के लिए कहा था। देशमुख ने आरोपों से इनकार किया है।

मणिपुर में अगले दस दिनों तक संपूर्ण लॉकडाउन लागू

इम्फाल। मणिपुर में रविवार सुबह (18 जुलाई) से अगले दस दिनों तक संपूर्ण लॉकडाउन लागू होने जा रहा है। राज्य सरकार ने इस संबंध में पहले ही अधिसूचना जारी कर पुलिस और सामान्य प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
राज्य में कोरोना के बढ़ते डेल्टा वेरिएंट को देखते हुए राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है। इस संदर्भ में राज्य के स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सख्त कार्रवाई बहुत जरूरी थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता हालांकि, सरकार के सभी फैसलों का स्वागत करते हुए हमेशा सहयोग करती रही है, इस बार भी सरकार का पूरी तरह से सहयोग करेगी।
इस बीच मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल के जरिए कहा है कि 18 से 28 जुलाई तक जारी कर्फ्यू और लॉकडाउन में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें, स्कूल कॉलेज, विश्वविद्यालय, पार्लर, मॉल, रेस्तरां आदि बंद कर दिए जाएंगे। इसके अलावा, केवल टीका लेने वाले और परीक्षण के लिए जाने वालों को दस दिन के लॉकडाउन के दौरान बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मणिपुर में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,128 नए मरीज चिह्नित किए गए हैं। पिछले कुछ दिनों से लगातार 1,000 से ज्यादा रोजाना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। नतीजा यह है कि राज्य में कोरोना के मामलों की संख्या अब तक बढ़कर 82,688 हो गई है। इस बीच पिछले 24 घंटे में 643 लोग स्वस्थ हुए हैं। इस तरह स्वस्थ कुल लोगों की संख्या 72,305 हो गयी है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 9,033 संक्रमित लोगों का इलाज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 10 लोगों के साथ प्रदेश में कुल 1,350 लोगों की मौत हो चुकी है।

ईद उल अज़ाह: प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी ना करें

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने भारतीय मुसलमानों से आह्वान किया है कि ईद-उल-अजहा का त्योहार सादगी के साथ मनाएं और प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी बिल्कुल भी नहीं नहीं करें। उनका कहना है कि कोरोना महामारी अभी समाप्त नहीं हुई है। इसलिए मस्जिदों या ईदगाहों में स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी की गई गाइडलाइन को सामने रखते हुए ईदु-उल-अज़हा की नमाज़ अदा करनी चाहिए। 
ज्यादा बेहतर है कि सूरज निकलने के बीस मिनट के बाद संक्षिप्त रूप से नमाज़ और खुतबा अदा करके कुर्बानी कर ली जाए और गंदगी को इस तरह दफन किया जाए कि उससे बदबू नहीं फैलने पाए।
मौलाना अरशद मदनी ने कहा है कि देश, विशेषकर उत्तर प्रदेश और कुछ अन्य राज्यों की परिस्थितियों को देखते हुए मुसलमानों को सलाह दी जाती है कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी से बचें। चूंकि मज़हब में इसके बदले में काले जानवरों की कुरबानी जायज़ है, इसलिए किसी भी फ़ितने से बचने के लिए इस पर संतोष करना उचित है। अगर किसी जगह उपद्रवी काले जानवरों की कुर्बानी से भी रोकते हैं तो कुछ समझदार और प्रभावशाली लोगों द्वारा प्रशासन को विश्वास में लेकर कुरबानी की जाए। यदि फिर भी ख़ुदा न करे कि मज़हबी वाजिबात को अदा करने का रास्ता न निकले तो जिस करीबी आबादी में कोई दिक़्क़़त न हो वहां पर कुर्बानी करा दी जाए लेकिन जिस जगह कुर्बानी होती आई है और फिलहाल दिक़्क़त है तो वहां कम से कम बकरे की कुर्बानी अवश्य की जाए और प्रशासन के कार्यालय में दर्ज भी करा दिया जाए ताकि भविष्य में कोई दिक़्क़त नहीं होने पाए। 
वर्तमान परिस्थितियों से मुसलमानों को निराश नहीं होना चाहिए और परिस्थितियों का मुक़ाबला शांति, प्रेम और धैर्य से हर मोर्चे पर करना चाहिए। कोरोना महामारी से सुरक्षा के लिए मुसलमानों को अधिक से अधिक अल्लाह से दुआ करनी चाहिए और तौबा व इस्तिगफ़ार (अल्लाह से अपने गुनाहों के क्षमा मांगना) अधिक से अधिक किया जाए।

कालाबाजारी के मामले में 1 आरोपी को अरेस्ट किया

विजय भाटी   
गौतमबुद्ध नगर। कोविड-19 के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन की कालाबाजारी के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम था। थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि तीन मई को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कोविड-19 के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन की कालाबाजारी आरोप में रवि कुमार तथा मोहम्मद जुनैद को सेक्टर-29 से गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि इनका एक साथी आकाश दीप मौके से भाग गया था। उन्होंने बताया कि आज थाना पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

हमारा मकसद सिर्फ भाजपा को हराना है: प्रियंका

हरिओम उपाध्याय              
लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगामी चुनाव में गठबंधन किए जाने की बात पर कहा कि हमारा मकसद सिर्फ और सिर्फ भाजपा को हराना है। गठबंधन की बाबत परिस्थितियों के अनुसार हम फैसला लेंगे। लोग संगठन के साथ तेजी से जुड रहे है। जिसका श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है।
रविवार को राजधानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि हम खुले दिल के इंसान हैं। 
परंतु अभी तक का अनुभव यही रहा है कि हमें गठबंधन करके नुकसान झेलना पड़ता है। गठबंधन की बाबत अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा। उन्होंने कहा कि हम ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे, जिससे हमारे संगठन और पार्टी के हितों को चोट पहुंचे। गठबंधन की बाबत आगे की परिस्थितियों के हिसाब से हम अपनी रणनीति तय करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ साल के भीतर कांग्रेस के साथ बड़ी संख्या में लोग जुडे हैं। जिसके चलते संगठन मजबूत हुआ है। जिस संगठन की संरचना हमने की है, उसकी भाग्य रेखा कार्यकर्ताओं के हाथों में है। यदि एकजुट होकर जी जान के साथ अगले 7 महीने तक हमने काम कर लिया तो विधानसभा चुनाव में अच्छे नतीजे पार्टी को देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के बाद जहां भी संघर्ष हुए हैं या आमजन परेशानी में पड़ा है, वहां पर कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे पहले पीड़ितों के पक्ष में खड़ा हुआ मिला है। कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान जरूरतमंदों तक सबसे पहले व सबसे ज्यादा मदद पहुंचाई है। 
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करें और उनकी भावनाओं से जुड़े। नए लोगों को संगठन से जोड़े, परंतु पुराने और वरिष्ठ लोगों को साथ लेकर चलें। तभी संगठन को मजबूती प्राप्त होगी। उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन में आप सब नई ऊर्जा लेकर आए हैं। आपके कारण ही आज कांग्रेस चर्चा के बीच राजनीति के मैदान में डटकर खड़ी हुई है।

बारिश का क़हर, मलबे में दबकर 19 लोगों की मौंत

कविता गर्ग 
मुंबई। बारिश ने अपना कहर बरपाते हुए लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश की मार से बेहाल हुई दीवारे भरभराकर नीचे आ गिरी। दो स्थानों पर गिरी दीवारों के मलबे के नीचे दबकर 19 लोगों की मौत हो गई है। दो स्थानों पर हुई दीवार गिरने की घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिये गए हैं। अभी कम से कम 7 और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
रविवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश ने जमकर अपना कहर बरपाया है। मायानगरी के नाम से विख्यात मुंबई में बारिश के कहर के आगे बेहाल होकर स्थानों पर दीवार भरभराकर नीचे आ गिरी। भारी बारिश से बेहाल मुंबई के चेंबूर भारत नगर इलाके में लैंड स्लाइड की वजह से कुछ झोपड़ियों पर समीप में खड़ी दीवार गिर गई। जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई है। विक्रोली इलाके में हुई एक अन्य दूसरी घटना में आवासीय मकान गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल दोनों स्थानों पर राहत और बचाव कार्य जारी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल एनडीआरएफ का कहना है कि भूस्खलन के कारण चेंबूर के भारत नगर इलाके में कई झोपडियों के ऊपर दीवार गिरने से 14 लोगों की जान चली गई है। माना जा रहा है कि मलबे के अंदर अभी और लोग फंसे हो सकते हैं। जिन्हे बचाने का काम जारी है। 
इसके अलावा एनडीआरएफ ने कहा है कि मुंबई के विक्रोली इलाके में रविवार की तड़के एक आवासीय इमारत की दीवार गिर गई है, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है। चेंबूर की घटना पर एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर राहुल रघुवंशी ने कहा है कि दीवार के मलबे के भीतर से 4 शव बरामद किए हैं। एनडीआरएफ कर्मियों के आने से पहले ही स्थानीय लोगों ने 10 लोगों के शव निकाल लिए थे। अभी मलबे में कम से कम 7 और अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के चेंबुर और विक्रोली इलाके में हुई दीवार गिरने की घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। दीवार गिरने से जान गाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये और घायलों को 50-50 हजार रूपये दिये जाएंगे। इसकी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी गई है।

तालिबान निति को लेकर सरकार पर निशाना साधा

मनोज सिंह ठाकुर                   
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तालिबान के मामले में आज फिर केंद्र की नरेंद्र माेदी सरकार को निशाने पर लिया है।
राज्यसभा सांसद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा है 'आप इस खबर पर चुप क्यों हैं? क्या साहब से संदेश नहीं आया? भाजपा मोदी शाह सरकार तालिबान के साथ चर्चा कर रही है। इमरान खान साहब भी तालिबान पर मेहरबान हैं। लगता है भाजपामोदीशाह व इमरान खान अफगानिस्तान की चुनी सरकार को मदद ना कर, तालिबान का रास्ता साफ कर रहे हैं।
कुछ समय पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तालिबान के मुद्दे को उठाते हुए ट्वीट किए थे।

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा संदीप मिश्र  भदोही। भदोही के ऊंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरा...