बुधवार, 7 अक्तूबर 2020

हादसाः 1 की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

भानु प्रताप उपाध्याय


शामली। गत शाम हथछोया निवासी दो युवक बाइक पर तेज गति से अपने गांव जा रहे थे। ऊन थाना भवन मार्ग पर सापला गांव के पास मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकरा गई। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों युवकों को ऊन चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। गांव हथछोया निवासी टिंकू पुत्र ओमपाल प्रजापति उम्र 26 वर्ष व राठी कश्यप पुत्र मितरू कश्यप उम्र 23 वर्ष हीरो हौंडा स्प्लेंडर बाइक से ऊन की ओर से अपने गांव वापस लौट रहे थे जैसे ही में ऊन थाना भवन मार्ग पर सापला के पास पहुंचे तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से जा टकराई जिससे दोनों को गंभीर चोटें आई। गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को ऊन चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने टिंकू को मृत घोषित कर दिया तथा राठी कश्यप की हालत गंभीर होने के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने टिंकू के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया घटना से गांव में शोक छा गया। मृतक विवाहित था मृतक के परिवार में पत्नी व 7 माह का बालक है। दोनों बेहद गरीब परिवार से हैं। गांव वालों ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए।             


सोने के दामों में गिरावट, चांदी शिखर पर

नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी की वजह से दुनिया भर के शेयर मार्केट में जो गिरावट आई थी, उससे बाजार पूरी तरह उबरते नजर आ रहे हैं। ज्यादातर शेयर बाजार कोरोना के पहले के दौर में आ चुके हैं या उसके आस-पास हैं। वहीं सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। सर्राफा बाजार में सोना अपने ऑल टाइम हाई 57,008 रुपये से 6,643 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी सात अगस्त के अपने उच्च शिखर से 18928 रुपये तक टूट चुकी है। ऐसे में निवेशकों और खरीदारों को लग रहा है कि क्या गोल्ड का भाव 45,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आएगा? दिवाली तक सोने का दाम क्या रह सकता है क्योंकि ज्यादातर लोग दिवाली और धनतेरस के आसपास सोना बेचते और खरीदते हैं।               


अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को मिली जमानत

मुंबई में रिया चक्रवर्ती को मिली बेल।


उमय सिंह साहू


मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स केस में गिरफ्तार एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को जमानत मिल गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने रिया की जमानत याचिका पर आज फैसला सुनाया। एक महीने से जेल में बंद रिया ने लोअर कोर्ट से 2 बार अर्जी खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में अपील की थी। मंगलवार को सेशन कोर्ट ने एक्ट्रेस की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी थी। अब बेल मिलने के बाद रिया पूरे एक महीने बाद जेल से बाहर आएंगी। वहीं, ड्रग्स केस में रिया के भाई शोविक चक्रवर्ती, अब्दुल बासित परिहार, दीपेश सावंत और सैमुअल मिरांडा की जमानत अर्जी को कोर्ट ने खारिज कर दिया है।               


613 किलो वजन का घंटा मंदिर को सौंपा

अयोध्या। अयोध्या में मंदिर निर्माण की तैयारी जोरों पर है। राम जन्मभूमि परिसर में बन रहे राममंदिर के लिए 613 किलो वजनी एक विशेष घंटा बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपा गया। यह खास घंटा तमिलनाडु के रामेश्वरम से लाया गया है। बता दें कि यह घंटा लीगल राइट काउंसिल की ओर से रामलला को समर्पित किया गया। बुलेट क्वीन के नाम से मशहूर तमिलनाडु की महिला राजलक्ष्मी मांडा लगातार 4500 किलोमीटर का सफर करने के बाद ट्रक से विशेष घंटा लेकर अयोध्या पहुंचीं। उन्होंने पहले कारसेवकपुरम परिसर में इस घंटे को दर्शनार्थ रखा। उसके बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को घंटा ट्रस्ट के कार्यालय पर लाकर भेंट किया। 613 किलो के इस विशालकाय घंटे की विशेषता है कि जब यह बजाया जाएगा तो ‘ॐ’ की ध्वनि निकलेगी।             


गुटबाजीः कांग्रेस नेता ने दिया इस्तीफा

कांग्रेस को झटका, इस नेता ने दिया पार्टी से इस्तीफा।


मुरैना। राजगढ़ की ब्यावरा विधानसभा सीट के अलावा कांग्रेस राज्य की 28 सीटों में से 27 पर अपने प्रत्याशियों का मैदान में उतार चुकी है। कांग्रेस ने अपनी तीसरी और 4 प्रत्याशियों की सूची जारी की। जबकि बदनावर सीट पर प्रत्याशी बदला गया है। लेकिन जैसे ही प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी हुई वैसे ही कांग्रेस में गुटबाजी भी चरम पर पहुंच गई। मावई विधानसभा पर टिकट ना मिलने से नाराज नेता ने इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, मावई विधानसभा सीट पर प्रताप सिंह मावई टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे लेकिन पार्टी ने उनका टिकट काट कर राकेश मावई को टिकट दे दिया। जिससे नाराज नेता ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बता दें कि प्रताप सिंह माधवराव सिंधिया के कट्टर समर्थक व कांग्रेस के पूर्व विधायक स्वर्गीय सोबरन सिंह मावई के पुत्र हैं। प्रबल प्रताप मावई पूर्व में भी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समय कांग्रेस से निष्काषित हो चुके हैं। लेकिन कुछ देर पार्टी से दूर रहने के बाद वे दोबारा दिग्विजय खेमे में शामिल हुए थे। इस बार फिर से प्रबल प्रताप का टिकट काटकर मुरैना विधानसभा से इनके चचेरे भाई राकेश मावई को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।                 


ईस्ट वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कोलकाता ईस्ट वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर परियोजना के लिए नए संशोधित लागत के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बैठक के बाद रेल मंत्री पीयूष गोयल ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि लंबे समय से अटकी इस परियोजना के पूरा होने पर कोलकाता समेत 24 उत्तरी परगना और हावड़ा जिलों में रहने वाले लोगों को बहुत फायदा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि 8575 करोड़ लागत की 16.6 किलोमीटर लंबी ये मेट्रो परियोजना दिसंबर 2021 तक पूरी हो जाएगी। पियूष गोयल ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण जैसे कईं अड़चनें दूर न हो पाने की वजह से इस परियोजना में रुकावटें आईं। इस मेट्रो के शुरु हो जाने से प्रतिदिन आठ लाख यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक यातायात की सुविधा मिलेगी।               


अयोध्या में सितारों की रामलीला देखेंगे योगी

अयोध्या में सितारों की रामलीला देखेंगे मुख्यमंत्री योगी।


अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ यहां की रामलीला भी नए तरीके से होने जा रही है। इस बार यहां फिल्मी सितारों से सज्जित रामलीला होने जा रही है। इसी क्रम में अयोध्या में रामलीला कमेटी के मुख्य संरक्षक सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और अध्यक्ष सुभाष मलिक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक दिन रामलीला देखने का आश्वासन भी दिया।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि, आज हमारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात हुई है। उनको अयोध्या की रामलीला में आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने निमंत्रण स्वीकार कर लिया और एक दिन अयोध्या की रामलीला में आने का वादा किया। योगी ने कहा कि अयोध्या में रामलीला जो कर रहे हैं बहुत ऐतिहासिक होगी। भगवान राम की रामलीला आप कर रहे हैं, बहुत अच्छा कर रहे हैं, और उत्तर प्रदेश प्रशासन आपका पूरा सहयोग करेगा।
इस मौके पर मुख्य संरक्षक सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने रामलीला की तैयारियों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस मौके पर विन्दु दारा सिंह भी मौजूद थे और उन्होंने अवगत कराया कि अयोध्या की रामलीला में हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। ज्ञात हो कि सरयू तट स्थित लक्ष्मण किला के मैदान में आगामी 17 से 25 अक्टूबर को होने वाली फिल्मी सितारों की रामलीला को लेकर मंगलवार को भूमि पूजन किया गया। अयोध्या की रामलीला हालांकि कोरोनावायरस के चलते वर्चुअल होगी। बावजूद इसके ऐसी रामलीला का मंचन होने जा रहा है जिसमें बॉलिवुड का तड़का भी होगा, सिनेमा जगत के बड़े-बड़े अभिनेता भी अपना अपना किरदार निभाने मंच पर होंगे। अयोध्या में इस तरीके की पहली रामलीला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें भाजपा के दो सांसद भी रामलीला में किरदार निभाएंगे। गोरखपुर से सांसद रवि किशन जहां एक ओर भरत की भूमिका निभाएंगे तो वहीं भोजपुरी सुपरस्टार गायक व सांसद मनोज तिवारी अंगद की भूमिका में होंगे। फिल्मी हस्तियों में असरानी नारद की भूमिका में रहेंगे। वहीं शहबाज खान रावण की भूमिका में रहेंगे। उसी तरीके से ऋतु शिवपुरी, रजा मुराद जैसे कलाकार भी रामलीला में शामिल हो रहे हैं। अयोध्या की रामलीला के मंचन में दर्शकों को आने की स्वीकृति बिल्कुल नहीं है। रामलीला को सिर्फ सैटलाइट चैनल्स, यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया चैनल्स पर ही 17 से 25 अक्टूबर तक शाम 7 बजे से 10 बजे तक दिखाया जाएगा और रामलीला समाप्त होने के बाद रिकॉर्ड करके 14 भाषाओं में कन्वर्ट करके यूट्यूब पर दिखाया जाएगा।               


राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा संदीप मिश्र  भदोही। भदोही के ऊंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरा...