सोमवार, 13 जुलाई 2020

कल्याण सिंह सीबीआई कोर्ट में पेश

लखनऊ। अयोध्या में विवादित ढांचा गिराये जाने के मामले में सोमवार को आरोपित पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह और धर्म सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष दुबे सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुए। इस दौरान कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किये गये।
अदालत ने करीब एक हजार सवालों की सूची बनाई है, जिनके जवाब उन्हें देने होंगे। अयोध्या ढांचा गिराये जाने के मामले में कुल 49 लोगों को आरोपित बनाया गया था। इसमें से 32 लोगों के बयान दर्ज हो रहे हैं। मीडिया के भारी जमावड़े के कारण पुलिस ने कोर्ट परिसर के दरवाजे बंद कर दिए हैं। कोर्ट पहुंचे धर्म सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष दुबे ने कहा कि ढांचा ढहाने में उनका हाथ नहीं है। लेकिन उनकी हमेशा ये चाहत रही की वहां पर एक भव्य राम मंदिर बने और इसके लिए वह काम करते रहेंगे।


अयोध्या ढांचा विध्वंस मामले में 6 दिसंबर 1992 को थाना राम जन्मभूमि में एफआइआर दर्ज कराई गई थी। इस मामले में सीबीआइ ने जांच करते हुए 49 आरोपितों के खिलाफ विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। वहीं, आरोपितों में से 17 की मौत हो चुकी है। सभी गवाहों के बयान के बाद अभियुक्तों को अपनी सफाई पेश करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद सीबीआई और अभियुक्तों के वकीलों के बीच बहस होगी। उसके बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने 8 मई को विशेष अदालत को 31 अगस्त तक केस की सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया था।


6 दिसंबर 1992 को कारसेवकों ने अयोध्या में बाबरी में विवादित मस्जिद के ढांचे को गिरा दिया था। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, उमा भारती, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, अशोक सिंघल, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार, साध्वी ऋतंभरा सहित अन्य नेताओं के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है।             


बेटियों के अपराधियों को नहीं छोडूंगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कानून व्यवस्था संबंधी बैठक ली


राय राम जी शरण


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेटियों के विरुद्ध अपराध करने वाले पूरी मानवता के दुश्मन है, मैं उन्हें छोडूंगा नहीं। अपराधों में संलग्न सफेदपोशो को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। भोपाल में नाबालिग बेटियों के साथ अपराध करने वाला जघन्य अपराधी है, जहां कहीं भी हो से ढूंढ कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। प्रदेश में अभियान चलाकर आदतन अपराधियों, माफियाओं, अतिक्रमणकारियों, अवैध शराब का कारोबार करने वालों, चिटफंड धोखेबाजों के विरुद्ध कार्रवाई करें।


मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में गृह मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव ग्रह श्री एस एन मिश्रा, एडीजी इंटेलिजेंस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


आरोपी प्यारे मियां का शासकीय आवास एवं अधिमान्यता निरस्त करें


मुख्यमंत्री चौहान ने निर्देश दिए कि भोपाल में बेटियों के विरुद्ध अपराध के आरोपी प्यारे मियां को आवंटित शासकीय आवास एवं उसको पत्रकार के रूप में दी गई अधिमान्यता तुरंत निरस्त की जाए।


कोरोना में अच्छे कार्य के पुलिस की सराहना


मुख्यमंत्री चौहान ने कोरना के दौरान अच्छा कार्य करने के लिए प्रदेश की पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना संकटकाल में जिस तरह हमारे पुलिस बल ने रात दिन एक कर जनता सेवा की है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के मौके पर श्रेष्ठ कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। ग्रह मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा ने निर्देश दिए कि ऐसे व्यक्ति जो चिटफंड चलाकर जनता के साथ धोखाधड़ी करते हैं उनके विरुद्ध कैंप लगाकर कर सार्वजनिक रूप से कारवाई की जाए, जिससे कि ऐसा कार्य करने वालों के मन में डर बैठे। किसी को भी जनता के साथ धोखाधड़ी नहीं करने दी जाएगी। मुख्य सचिव श्री बैंस ने निर्देश दिए कि प्रदेश में आदतन अपराधियों, माफियाओं, सफेदपोश व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि उनके विरुद्ध हर एंगल से कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे व्यक्ति किसी भी प्रकार का अवैध लाभ लेने में नहीं चूकते।


हत्या, बलवा में बढ़ोतरी, लूट, बलात्कार में कमी


प्रदेश में गत 3 महीनों में हुए अपराधों की जानकारी देते हुए पुलिस महानिदेशक श्री जौहरी ने बताया कि इस अवधि में प्रदेश में हत्या एवं बलवा के मामलों में बढ़ोतरी हुई है वहीं लूट एवं बलात्कार के मामलों में कमी आई है। आगामी समय में प्रदेश में अभियान चलाकर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आगामी 15 जुलाई से 15 अगस्त तक प्रदेश में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।            


अपने दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

केपी सिंह


लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला करती रहती हैं। उत्तर प्रदेश से जुड़े मामलों पर ट्वीट कर योगी सरकार को घेरने में प्रियंका गांधी भी पीछे नहीं हैं। अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी पार्टी का चेहरा होंगी।


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी का चेहरा होंगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी, लेकिन जनता, लोकतंत्र, युवाओं, किसानों, गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के साथ गठबंधन होगा।


अजय कुमार लल्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी धरती है। वह (प्रियंका गांधी) इसी जगह पर रहती हैं। उन्हें और उनके परिवार को यूपी की मिट्टी और यूपी के लाखों लोग पसंद हैं। वह करोड़ों लोगों के दिलों में बसती है। निस्संदेह, उनके नेतृत्व में पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। प्रियंका गांधी हमारी पार्टी का चेहरा होंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोगों की आवाज बनेगी और जनता हमें आशीर्वाद देगी।              


भूकंप ने किया नुकसान, ली गई जानें

अकाशुं उपाध्याय


काठमांडू। नेपाल में रविवार को भारी बारिश के बाद भूस्खलन से कम से कम दस और लोगों की मौत हो गई, जिसके परिणामस्वरूप पिछले तीन दिनों में भूस्खलन के कारण कुल 54 मौतें हुईं। नेपाल के 19 जिले पिछले तीन दिनों से भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से प्रभावित हैं। गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, रविवार को मायागड़ी में सात, जाजरकोट में दो और सिंधुपालचौक में एक व्यक्ति की मौत हो गई।


गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 72 घंटों में देश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन के कारण 54 लोगों की मौत हो गई है और 39 लापता हैं। करीब 40 लोग घायल भी हुए हैं। देश के पूर्वी संखुवासभा जिले में भारी बारिश के कारण आठ घर बह गए और लगभग 11 लोग लापता हैं। नेपाल सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना और पुलिस की तैनाती की है।           


'दुबे' योगी सरकार के गले की फांस

केपी सिंह


लखनऊ। विकास दुबे प्रकरण में सरकार की खोखली कार्रवाइयां उजागर हो गई। विकास दुबे ने कुछ ही दशकों में मामूली हैसियत से अरबों रूपये की संपत्ति जुटा ली थी। जबकि उसका अपराध क्षेत्र भी बहुत व्यापक नहीं था। विकास दुबे का गुर्गा जय वाजपेयी 6-7 साल पहले 4000 रूपये की नौकरी में गुजारा करता था लेकिन इतने कम समय में उसकी गिनती भी कानपुर के बड़े रईसों में विकास दुबे के करिश्में के बदौलत होने लगी थी। विकास दुबे और उसके जय वाजपेयी जैसे पलेतों का कारोबार अभी बदस्तूर चलता रहता अगर उसने थोक में पुलिस कर्मियों को शहीद न किया होता।


सच बात यह है कि न जाने कितने विकास दुबे पड़े हैं जो हर शहर और महानगर में गलत कार्य करके करोड़पति और अरबपति बन चुके हैं। अपराध और काले धन की इस समानान्तर व्यवस्था को तोड़ने में सरकार और प्रशासन की दिलचस्पी न तो कभी रही है और न है। अगर सरकार समय रहते इन्हें कानून के शिकंजे में जकड़ने के लिए तत्पर हो जाये तो न तो पुलिस कर्मियों को शहीद करके माफिया सरकार की नाक काट सकते हैं और न ही सरकार के लिए आम जनता जो कि कपोतव्रती है, को अंधाधुंध टैक्स के कुल्हाड़े से हलाल करने की जरूरत पड़ सकती है।



पहले की सरकारें अपराधियों की सरपरस्ती में खुले आम लगी रहती थी क्योंकि शार्ट कट में चुनाव जीतना और अपनी कई पुस्तों के लिए शाही बंदोबस्त करना उन्हें चलाने वाले सूरमाओं ने अपना मकसद बना रखा था पर वर्तमान केन्द्र और राज्य सरकार के कमांडर तो अलग फितरत के लोग लगते हैं जिन्हें न खुद जायदाद बनाना है और न ही अपने खानदानियों को सत्ता कैश कराने की छूट देना गवारा है। फिर ये लोग गलत काम करने वालों पर कृपालु क्यों हैं यह एक रहस्य है।



केन्द्र सरकार के पास सीबीआई, आयकर, ईडी आदि तमाम सरंजाम है। अगर व्यवस्था बदलनी थी तो उसे रातोंरात कुबेर बने लोगों की कुंडली जांचने का अभियान चलाना चाहिए था। चुनाव के पहले तो सत्तारूढ़ पार्टी के नेता दम भरते थे कि देश में इतना काला धन है जो बरामद कर लिया जाये तो नये टैक्स लगाना तो दूर सरकारी खजाने में इतना माल आ जायेगा कि हर नागरिक के खाते में 15-15 लाख रूपये की रकम पहुंचायी जा सके। लेकिन जब पार्टी सरकार में आ गई तो कालाधन बाहर निकालने की जिम्मेदारी को लेकर उसने अपनी आंखे मूंद ली। इन मामलों में कार्रवाई करने वाले उसके विभाग केवल प्रतिद्वंदी पार्टियों के नेताओं के दमन तक अपने सरोकार समेटे हुए हैं। भाजपा के प्रति लोगों में इसी कारण मोह भंग हो रहा है जबकि उसके इकलौते बचे विश्वास के भी हश्र को देखने की परिणति लोगों की लोकतंत्र में अनास्था के रूप में सामने आ सकती है जो कि काफी खतरनाक होगा।


राज्य सरकार का भी यही आलम है। लोकायुक्त, एन्टीकरप्शन, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन आदि का लम्बा तामझाम उसने सफेद हाथी बनाकर रख छोड़ा है। विकास दुबे प्रकरण के बाद भी सरकार जागती नहीं दिखाई दे रही है जबकि उसे अपने इस भारी भरकम तंत्र को पहले से ही नव धनाढ़यों की जांच में लगा देना चाहिए था।             


बेलगाम भाजपा को जनता सबक सिखाएं

भाजपाई हो रहे बेलगाम जनता सिखाएगी सबक


बृजेश केसरवानी


प्रयागराज। शहर के बहादुर गंज मुहल्ले में प्रदेश के काबिना मंत्री द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके निवास स्थान के आसपास के घरों को भगवा रंग में रंग देने और पड़ोसियों के एतराज करने पर मंत्री के रिश्तेदारों, चहेतों द्वारा धमकी देने के मामले को विधान परिषद् में उठाया जाएगा।सपा के वरिष्ठ नेता और विधानपरिषद सदस्य मा बासुदेव यादव ने अपर पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रयागराज को पत्र लिखकर मामले को गंभीरता से लेने को कहा है। उन्होने कहा है कि आगामी दिनों में शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में भी यह मामला उठाया जाएगा l आरोप लगाया कि भाजपाई बेलगाम हो गए हैं।
वहीं समाजववादी पार्टी ने हाईकोर्ट कैम्प कार्यालय पर बैठक कर उक्त कृत की निन्दा की।निर्वतमान महानगर अध्यक्ष सै०इफ्तेखार हुसैन ने बहादुरगंज में कैबिनेट मंत्री के आवास के आस पास के मकानों को भगवा रंग में रंगाए जाने पर आपत्ती जताते हुए कहा की भाजपाई गुण्डों के सहारे जबरन भगवाकरण कर रहे हैं।निर्वतमान महासचिव योगेश यादव ने जबरन मकानों के भगवारंग रोग़न को भाजपाईयों के पतन की ओर बढ़ने वाला क़दम बताते हुए इसकी कड़े शब्दों मे आलोचना की कहा भाजपा लोगों पर जबरन मकानों का रंग बदल कर धार्मिक उनमाद को पैदा कर रही है।
सपा के जिला प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने अपने बयान में कहा है कि लाकडाउन के दौरान एक जिम्मेदार कैबिनेट मंत्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कानून की धज्जियां उड़ाई गई l ऊपर से पड़ोसियों, मुहल्ले वालों के मना करने के बाद भी इनके रिश्तेदारों और चहेतों द्वारा पूरी गली को रंग रोगन कर दहशत का माहौल पैदा किया गया है l थाने में अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे भुक्तभोगियों की तहरीर बदल कर मंत्री को बचाने का काम किया गया है, जिससे प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़ा होता है lबैठक में सै०इफ्तेखार हुसैन,योगेश चन्द्र यादव,सै०मो०अस्करी,रविन्द्र यादव,मो०ग़ौस,विक्रम पटेल,मुशीर अहमद,वीरु पासी,काशान सिद्दीक़ी,अब्दुल ज़र्रार खान,मो०ज़ैद,एजाज़ खान,औन ज़ैदी आदि उपस्थित रहे।


कर्क राशि में प्रवेश करेंगे सूर्य

नई दिल्ली। आगामी 16 जुलाई, गुरुवार के दिन सूर्य कर्क में प्रवेश करेंगे। जैसे ही सूर्य का कर्क में गोचर होगा, तभी सम-सप्‍तम योग लग जाएगा। इस योग के होने का अर्थ है कि सूर्य कर्क में और शनि मकर राशि में होंगे। दोनों एक दूसरे के सातवें घर में गोचर करेंगे। इससे पहले सूर्य अब तक मिथुन राशि पर गोचर कर रहे थे। 16 जुलाई को एकादशी भी आ रही है। इसे कामिका एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। ज्‍योतिषियों का कहना है कि सम-सप्‍तम योग का सभी राशियों के जीवन पर प्रभाव पड़ेगा। 5 राशियां ऐसी हैं, जिन्‍हें संभलकर रहने की जरूरत है। इन राशियों में कर्क, सिंह, मीन, मिथुन और मकर राशि के नाम शामिल हैं। थोड़ी सी भी असावधानी परेशानी बढ़ा सकती है। अन्‍य राशियों के लिए मिला जुला असर रहेगा एवं कुछ राशियों के लिए अच्‍छे परिणाम मिलने के संकेत हैं। जानिये इस राशि परिवर्तन का क्‍या प्रभाव पड़ेगा।


इन 5 राशियों को संभलकर रहना होगा


कर्क – नौकरी करने वालों के लिए चिंताजनक समय आ रहा है। किसी भी विवाद में पड़ने से बचें। आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है। व्‍यर्थ के खर्चों पर नियंत्रण रखें। आपके व्‍यवहार के चलते आपके संबंध लोगों से बिगड़ सकते हैं। व्‍यापार एवं नौकरी में कोई बात परेशान कर सकती है।


सिंह – आपका कोई राज उजागर होने से मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बेहतर होगा कि आप अपनी योजनाओं को गुप्‍त रखें। घर में अशांति का वातावरण रहेगा। पैसों के लेन देन के समय सावधानी बरतें। नया निवेश करने से बचें और किसी को उधार देने से पहले सोचें।


मिथुन – इस राशि के लोगों को सेहत के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। घर में बीमारियां आ सकती हैं। धन व्‍यय होगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। आपके शब्‍द आपकी परेशानी बढ़ा सकते हैं।


मीन – वर्ष 2020 के आरंभ से ही मीन राशि के लिए सामान्‍य समय रहा है लेकिन सम-सप्तक योग बनते ही आपकी कोई बड़ी हानि हो सकती है। आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है। खर्च और कर्ज बढ़ने की आशंका है। कोई हादसा हो सकता है। वाहन संभलकर चलाएं। परिवार के लोगों की सेहत को लेकर सजग रहें।


मकर – यदि इस समय आप कोई अहम फैसला लेने जा रहे हैं तो एक बार अच्‍छे से सोच लें। आपका गलत फैसला जीवन पर बुरा असर डाल सकता है। खर्च बढ़ेंगे और आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है। बेहतर होगा आप अपने पास उपलब्‍ध चीजों का किफायत से इस्‍तेमाल करें।


समसप्तक योग से इन राशि के लोगों को लाभ की संभावना


मेष- इस राशि के चौथे भाव में सूर्य का गोचर हो रहा है, जो घर में सुख एवं समृद्धि का परिचायक है।


मीन – मीन राशि के लिए यह गोचर लाभदायक तो नहीं है लेकिन इससे हानि भी नहीं होगी। आर्थिक स्थिति में बहुत ज्‍यादा उतार-चढ़ाव नहीं आएगा।


वृषभ – इस राशि के लोगों का साहस बढ़ेगा। ख्‍याति बढ़ेगी। कार्यों में सफलता मिलेगी। गोचर काल के समय आप लक्ष्‍य पूरे करने के लिए अग्रसर होंगे। आय में बढ़ोतरी की भी अच्‍छी खबर सामने आ सकती है।


कन्‍या – कन्‍या राशि के 11वें भाव में सूर्य का गोचर होगा। इसका यह अर्थ है कि बहुत अच्‍छा समय आने वाला है। अगर आप किसी भी माध्‍यम से विदेशों से संबंधित कामकाज से जुड़े हैं तो आपको सफलता प्राप्‍त होगी। यदि आप प्राइवेट, कॉर्पोरेट कर्मचारी हैं तो आपको धन की प्राप्ति होने के प्रबल योग बन रहे हैं।


तुला – तुला राशि के लोगों के लिए बहुत सक्रियता भरा समय आ रहा है। आपमें प्रबंधन एवं नेतृत्‍व क्षमता विकसित होगी। अधूरे कार्य पूरे होंगे। लक्ष्‍यों की प्राप्ति होगी। नए कार्यों को आरंभ करने का यह बेहतर समय है। यदि आप सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहे हैं तो आपको सफलता मिल सकती है। प्रॉपर्टी से जुड़े कामों में सफलता के योग हैं।


इन राशियों के लिए मिला जुला रहेगा प्रभाव


वृश्‍चिक – वृश्चिक राशि के लोगों के लिए नो प्रॉफिट, नो लॉस की स्थिति है। आपकी राशि के दसवें भाव में सूर्य स्‍वामी होकर नवें भाव में गोचर करेंगे। यानी आपके काम अटक सकते हैं। यह गोचर लाभकारी नहीं होगा लेकिन समस्‍याएं बहुत ज्‍यादा नहीं होंगी।


धनु- इस राशि के अष्‍टम भाव में सूर्य का गोचर होगा। इसका अर्थ यह है कि आपके जीवन में अभी सब कुछ अनिश्‍चित रहने वाला है। ऐसे में आपको सावधान रहना चाहिये। ध्‍यान रखें किसी से कोई कर्ज ना लें। सेहत का विशेष ध्‍यान रखें।


कुंभ – कुंभ राशि के लिए यह गोचर ठीक रहेगा। आपके छठे भाव में सूर्य का गोचर होगा। यह शुभ फल देगा। हालांकि आपकी प्रतिस्‍पर्धा बढ़ सकती है लेकिन आपकी क्षमता भी बढ़ेगी। आप अच्‍छा प्रदर्शन कर सकेंगे। जो लोग नई नौकरी की तलाश में हैं, उन्‍हें सफलता मिल सकती है।


'पत्रकार' की गोलियों से भूनकर हत्या की, प्रदर्शन

'पत्रकार' की गोलियों से भूनकर हत्या की, प्रदर्शन  संदीप मिश्र  जौनपुर। बाइक पर सवार होकर जा रहे पत्रकार की दिनदहाड़े गोलियों से भूनक...