मंगलवार, 15 अक्तूबर 2019

राफेल से देशवासी खुश, कांग्रेस पशेमां

पीएम मोदी ने कहा :राफेल मिलने से 125 करोड़  देशवासियों को खुशी हुई लेकिन कांग्रेस को नहीं


थानेसर। हरियाणा के थानेसर की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गीता के ज्ञान की धरती पर आना हमेशा मेरे लिए बहुत सुखद अनुभव लेकर आता है। जब मैं पार्टी कार्यकर्ता था, तब भी अकसर कुरुक्षेत्र आना-जाना लगा रहता था और थानेसर के बासमती की खुशबू तो...कोई भूल ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि आज कुरुक्षेत्र ऐसे समय में आया हूं जब पूरा देश गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व की तैयारी में जुटा है। पूरे विश्व में गुरु नानक जी का प्रकाश पर्व भव्य तरीके से मनाया जाए, इसके लिए केंद्र सरकार पूरे प्रबंध कर रही है।


पीएम मोदी ने कहा कि दशहरे के दिन जब फ्रांस में पहला रफाएल फाइटर जेट भारत को मिला, तो आपको खुशी हुई या नहीं? भारत की सैन्य ताकत बढ़ी, इससे आपको गर्व हो रहा है, आप आनंदित हो रहे हैं, सवा सौ करोड़ देशवासियों का माथा ऊंचा हुआ है। लेकिन कांग्रेस के नेताओं को ना जाने क्या हो जाता है? जब-जब, जिस-जिस बात को लेकर देश खुश होता है, उस-उस बात को लेकर कांग्रेस के नेताओं को तकलीफ होने लगती है। और ये सिर्फ रफाएल तक सीमित मामले में नहीं है। हर उस बात पर जिससे भारत का गौरवगान होता है, भारत को सम्मान मिलता है, कांग्रेस के नेताओं का रवैया नकारात्मक ही रहता है। भारत को स्वच्छ भारत अभियान के लिए सम्मान मिलता है, तो इनको दिक्कत होती है।


उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी हमारे बाल्मीकि समाज, हमारे दलित परिवारों, हमारे पिछड़े परिवारों को उनके जायज अधिकार मिले, इसमें कांग्रेस और उसके जैसे दलों को क्या आपत्ति है। सरकार ने जब बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की तब हरियाणा ने भी देश को सामाजिक परिवर्तन दिखाने की ठान ली। मुझे हरियाणा के अपने भाइयों और बहनों पर बहुत गर्व है, जिन्होंने हरियाणा में बेटियों की संख्या को सुधारने के लिए साफ मन से काम किया।


51 मवेशियों के साथ चार गिरफ्तार

बलरामपुर। विजयनगर पुलिस ने अवैध रुप से ले जाए जा रहे 51 नग मवेशी बरामद किए हैं। मवेशियों के साथ 4 आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं। महावीरगंज में अवैध रुप से मवेशियों की तस्करी की जा रही थी, संवेदनशील मामला होने के चलते जैसी ही पुलिस को जानकारी लगी दल-बल सहित पुलिस तत्काल मौक पर पहुंची और आरोपियों को अपनी गिरफ्त में लिया।


ईला की वर्षगांठ पर रोयी काजल

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल के लिए यह सप्ताह काफी भावुक कर देने वाला है क्योंकि एक साल पहले आज ही के दिन यानी कि 12 अक्टूबर को उनकी फिल्म हेलीकॉप्टर ईला रिलीज हुई थी। इस मौके पर काजोल ने इंस्टाग्राम पर लिखा, हेलीकॉप्टर ईला के एक साल और संतुलन बनाए रखने व बहुत ज्यादा उत्साहित न होने की कोशिश कर रही हूं।


इस पोस्ट के साथ काजोल ने एक तस्वीर भी अपलोड की जिसमें वह खुशमिजाज अंदाज में पोज देते नजर आ रही हैं। प्रदीप सरकार द्वारा निर्देशित इस फिल्म में काजोल एक मां और एक महात्वाकांक्षी गायिका की भूमिका में नजर आई थीं। आने वाले समय में काजोल अपने पति व अभिनेता अजय देवगन के साथ तानाजी : द अनसंग वॉरियर में नजर आएंगी। दोनों इससे पहले साल 2008 में आई फिल्म यू मी और हम में साथ नजर आए थे।
45 वर्षीय यह अभिनेत्री नेटफ्लिक्स की आने वाली फिल्म त्रिभंगा के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने के लिए बिल्कुल तैयार हैं। इसमें उनके साथ रेणुका शहाणे भी नजर आएंगी। बानिजय एशिया और एल्केमी प्रोडक्शन्स के साथ अजय देवगन फिल्मस इसके निर्माता हैं।


किसी ने कहा,प्यारी श्रद्धा और चीन

मुंबई। ऐक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की गिनती बॉलिवुड की सबसे स्टाइलिश ऐक्ट्रेसेस में होती है। हर आउटिंग पर उनका फैशन सेंस देखने वाला होता है। हाल ही में उन्हें जिम के बाहर स्पॉट किया गया और इस दौरान भी उनके लुक ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। 


श्रद्धा ने येलो कलर की स्पोर्टस ब्रा के साथ ट्रांसपैरंट क्रॉप टॉप पहना था। इसके साथ उन्होंने ट्रांसपैरंट स्ट्रैप डिजाइन वाले टाइट्स पहने थे। साथ में गॉगल्स उनके लुक को और भी हॉट और सेक्सी बना रहे थे। श्रद्धा का यह जिम लुक देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। लोगों ने श्रद्धा के इस लुक की खूब तारीफें कीं। किसी ने उन्हें मेरी प्यारी श्रद्धा कहा तो किसी ने चीन।
प्रफेशनल फ्रंट की बात करें, तो श्रद्धा कपूर हाल ही में साहो और छिछोरे में नजर आई थीं। इन फिल्मों में उनकी ऐक्टिंग और लुक को काफी सराहा गया। अब जल्द ही वह स्ट्रीट डांसर 3 डी और बागी 3 में नजर आएंगी। स्ट्रीट डांसर 3 डी में जहां उनके ऑपोजिट वरुण धवन हैं, तो वहीं बागी 3 में वह टाइगर श्रॉफ के साथ नजर आएंगी।


एफएटीएफ की बैठक में पाक अलग-थलग

नई दिल्ली। फाइनैंशल ऐक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) की बैठक में पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। बैठक‍ में पाकिस्तान अलग-थलग पड़ता नजर आ रहा है। अब एफएटीएफ पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठा सकता है। एफएटीएफ द्वारा कड़ी कार्रवाई के कगार पर खड़े पाकिस्तान को 'डार्क ग्रे' सूची में डाला जा सकता है, जो सुधरने की अंतिम चेतावनी है। संकेतों के अनुसार आर्थिक कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) की यहां चल रही बैठक में भाग लेने वाले अधिकारियों ने कहा है कि अगर पाकिस्तान ने जरूरी कदम नहीं उठाये तो उसे सभी सदस्यों द्वारा अलग-थलग कर दिया जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के अपर्याप्त प्रदर्शन को देखते हुए वह एफएटीएफ द्वारा कड़ी कार्रवाई के कगार पर है और वह 27 में से केवल छह बिंदुओं को पारित करने में कामयाब रहा। एफएटीएफ 18 अक्टूबर को पाकिस्तान पर अपने फैसले को अंतिम रूप देगा। एफएटीएफ के नियमों के अनुसार 'ग्रे' और 'ब्लैक' सूचियों के बीच एक अनिवार्य चरण है, जिसे 'डार्क ग्रे' कहा जाता है। 'डार्क ग्रे' का अर्थ है सख्त चेतावनी ताकि संबंधित देश को सुधार का एक अंतिम मौका मिल सके। एफएटीएफ एक अंतर-सरकारी निकाय है, जिसे धन शोधन, आतंकवादी वित्तपोषण और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली की अखंडता के लिए अन्य खतरों का मुकाबला करने के लिए स्थापित किया गया है।


सरकारी बंगले में रहेंगे जोशी-आडवाणी

नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और जसवंत सिंह के लुटियन दिल्ली स्थित सरकारी बंगलों का आवंटन विभिन्न आधार पर बरकरार रखने का सरकार ने फैसला किया है। सरकारी संपत्ति से अनधिकृत कब्जों की बेदखली के लिए हाल ही में संसद द्वारा पारित कठोर प्रावधानों वाले सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) अधिनियम 2019 के तहत आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा पूर्व सांसदों के बंगले खाली कराए जाने की प्रक्रिया के बीच आडवाणी और जोशी को सुरक्षा कारणों से और सिंह के बंगले का आवंटन स्वास्थ्य कारणों से बरकरार रखा जाएगा। उल्लेखनीय है कि तीनों नेता अब संसद सदस्य नहीं हैं। आडवाणी और जोशी ने 17वीं लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा था और सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। मंत्रालय के संपदा निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि संशोधित कानून के तहत सभी भूतपूर्व सांसदों के बंगलों का आवंटन रद्द कर बंगले खाली कराने की प्रकिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आडवाणी और जोशी के बंगले का आवंटन सुरक्षा कारणों से और सिंह के बंगले का आवंटन स्वास्थ्य कारणों से बरकरार रहेगा। उल्लेखनीय है कि 91 वर्षीय आडवाणी को पृथ्वीराज रोड और 85 वर्षीय जोशी को रायसीना रोड स्थित बंगला अवंटित हैं जबकि पूर्व रक्षामंत्री जसवंत सिंह को तीन मूर्ति लेन में सरकारी आवास आवंटित है।


महाराष्ट्र भाजपा का घोषणा पत्र जारी

मुंबई। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। भाजपा के इस घोषणापत्र का नाम 'संकल्प पत्र' रखा गया है। घोषणापत्र जारी करने के बाद जेपी नड्डा ने कहा, 'देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति में मूल परिवर्तन किया है। पांच साल पहले महाराष्ट्र एक भ्रष्टाचार से ग्रसित प्रदेश था। आज देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र भ्रष्टाचार से मुक्त प्रदेश बन गया है। जेपी नड्डा ने कहा,'यह संकल्प पत्र केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं है बल्कि एक गंभीर दस्तावेज है और इसे बहुत अच्छी तरह से अध्ययन कर के तैयार किया गया है। कांग्रेस और अन्य पार्टियों ने घोषणापत्रों और इस तरह के अन्य पत्रों के प्रभाव को कम किया है। उन्होंने कहा,'घोषणापत्र को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर बनाया गया है। हम गरीबों, गांवों, किसानों, आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जेपी नड्डा ने कहा, 'आने वाले 5 वर्षों में महाराष्ट्र को सूखे से मुक्त करेंगे। पश्चिम से बहने वाली नदियों के पानी को गोदावरी की घाटी से रुकवाकर मराठवाड़ा व उत्तर महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त भाग में पहुंचाएंगे। मराठवाड़ा वाटर ग्रिड महत्वकांक्षी योजना के माध्यम से 11 बांधों को आपस में जोड़कर संपूर्ण मराठवाड़ा को पाइप लाइन से आपूर्ति करेंगे। कृष्णा कोयना व अन्य नदियों में बाढ़ के कारण बह जाने वाले अतिरिक्त पानी को पाश्चिम महाराष्ट्र के स्थायी सूखे भाग में लेकर जाएंगे।
उन्होंने कहा, 'आने वाले पांच सालों में एक करोड़ नौकरियों का निर्माण करेंगे। एक करोड़ परिवारों को महिला बचत समूह से जोड़कर रोजगार के विशेष अवसर उपलब्ध कराएंगे। 2022 तक प्रत्येक घर को पीने का शुद्ध पानी उपलब्ध कराएंगे। मूलभूत सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।


राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा

राजनीति: पीएम मोदी ने अखिलेश पर निशाना साधा संदीप मिश्र  भदोही। भदोही के ऊंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरा...