शनिवार, 12 अक्तूबर 2019

लोन पर एसबीआई वसूलेगा प्रोसेसिंग फीस

नई दिल्ली। अगर आप भी भारतीय स्टेट बैंक से होम लोन लेने की योजना बना रहे हैं तो आपको झटका लग सकता है। दरअसल, SBI ने होम लोन पर अब प्रोसेसिंग फीस वसूलने का फैसला लिया है।कुछ दिन पहले ही SBI ने बचत और FD पर ब्याज दरों को कम किया था। ऐसे में इस फेस्टिव सीजन एसबीआई ग्राहकों को दोहरा झटका लग सकता है।


इस तरह के लोन पर भी लगेगी प्रोसेसिंग फीस


केवल होम लोन ही नहीं, बल्कि SBI अब टॉप अप प्लान्स, कॉरपोरेट और बिल्डर्स तक को​ दिए जाने वाले लोन पर प्रोसेसिंग फीस वसूलेगा। एसबीआई की तरफ से यह फैसला एक ऐसे समय पर आया है जब रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) द्वारा नीतिगत ब्याज दरों (Policy Rate) में कटौती के बाद सभी बैंक ब्याज दरें कम कर रहे हैं।एसबीआई ने एक इंटर्नल सर्कुलर में कहा है, '31 दिसंबर से पहले फेस्टिव सीजन के दौरान प्रोसेसिंग फीस में छूट देने का फैसला वापस लिया जाता है।' फेस्टिव सीजन में प्रोसेसिंग फीस को माफ करने का ऑफर 16 अक्तूबर से समाप्त हो जाएगा।


एसबीआई अब होम लेन पर प्रोसेसिंग फीस वसूलेगा


मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा गया है कि 1 जुलाई 2019 को एसबीआई ने अपना लेंडिंग रेट रेपो रेट से लिंक किया था। इसके पहले एसबीआई मार्केट में सबसे कम रेट ऑफर कर रहा था। ऐसे में रेपो रेट से लिंक करने के बाद रेट में बड़ी कमी देखने को मिली।


गौरतलब है कि 11 जुलाई को एसबीआई ने एक खास सॉफ्टेवयर को लॉन्च किया था, जिसमें होम लोन पर ब्याज दरें ऑटोमेटिक तरीके से बदलने वाले रेट से तालमेल बिठा सके। हालांकि, एक माह बाद ही इसे वापस ले लिया गया।


विराट ने तोड़े रिकॉर्ड,पोंटिंग की बराबरी

पुणे। आखिरकार रनमशीन विराट कोहली के बल्ले से साल 2019 का पहला टेस्ट शतक आ ही गया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिसंबर 2018 में पर्थ के मैदान पर अपना आखिरी शतक जमाने वाले कोहली ने 10 पारियों के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पुणे टेस्ट के दूसरे दिन शतकों का सूखा खत्म किया। यह विराट के करियर का 26वां सैकड़ा था, इस सेंचुरी के साथ ही उन्होंने हमेशा की तरह एक के बाद एक कई रिकॉर्ड्स भी तोड़ दिए।


सबसे तेज 26 शतक जमाने वाले चौथे खिलाड़ी
दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज फिलेंडर की गेंद पर बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव से चौका जमाते ही विराट टेस्ट में 26 शतक जड़ने वाले दुनिया के 21वें और भारत के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। चीकू से पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर ही यह कारनामा कर चुके हैं।


सबसे तेज 26 शतक (पारी)


69 – डॉन ब्रैडमैन
121 – स्टीव स्मिथ
136 – सचिन तेंदुलकर
138 – विराट कोहली*
144 – सुनील गावस्कर
रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी
कोहली ने कप्तान के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब कप्तान के रूप में टेस्ट क्रिकेट में रिकी पोंटिंग और कोहली के नाम 19-19 शतक है। इस लिस्ट में सबसे आगे ग्रीम स्मिथ हैं, जिन्होंने कप्तान के रूप में टेस्ट क्रिकेट में 25 शतक लगाए हैं।


रोजगार-स्वास्थ्य पर फोकस: शिवसेना

आदित्य ठाकरे ने कहा कि हमारा घोषणा पत्र अलग-अलग क्षेत्रों के लिए भी था लेकिन मौजूदा घोषणा पत्र पूरे प्रदेश के लिए है। आरे हमारे मेनिफेस्टो में था। हमने मुंबई और थाने के लिए भी मेनिफेस्टो तैयार किया था। शिवसेना का वादा, कामकाजी महिलाओं के लिए बनेंगे सरकारी हॉस्टल। पार्टी ने कहा, रोजगार-स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर फोकस करेगी शिवसेना।


मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शिवसेना ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। आदित्य ठाकरे की अगुवाई में शनिवार को शिवसेना का घोषणा पत्र जारी किया गया। मेनिफेस्टो में बाला साहेब ठाकरे और उद्धव ठाकरे की तस्वीर है। मेनिफेस्टो में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों की शिक्षा के लिए महाविद्यालय, हर जिले में एक महिला बचत घर, कामकाजी महिलाओं के लिए सरकारी हॉस्टल, रोजगार और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को दुरुस्त करने का वादा किया गया है।
मेनिफेस्टो लॉन्च करने के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा कि हमारा घोषणा पत्र अलग-अलग क्षेत्रों के लिए भी था लेकिन मौजूदा घोषणा पत्र पूरे प्रदेश के लिए हैै। आरे हमारे मेनिफेस्टो में था। हमने मुंबई और थाने के लिए भी मेनिफेस्टो तैयार किया थाा। अभी भी आरे को वन क्षेत्र बनाने पर हम अड़े हैं। मेनिफेस्टो जारी करने के दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमें क्षेत्रवादी और धर्मनिरपेक्ष कहा जाता था। दशकों पहले हमारे पास भूमि पुत्र का मुद्दा था। अब कांग्रेस और एनसीपी बेकार हो गए हैं, इसलिए वे भूमि पुत्र का मुद्दा उठा रहे हैं।


इसी बैठक में आदित्य ठाकरे ने कहा कि हमारा वचननामा (घोषणा पत्र) काफी रिसर्च के बाद तैयार किया गया है। अगले पांच साल में अलग अलग योजनाओं जैसे कि बिजली बिल घटाने, 10 रुपये में खाना मुहैया कराने पर कितना खर्च आएगा, इस पर भी घोषणा पत्र में जिक्र किया गया है। ठाकरे ने राम मंदिर के मुद्दे पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। क्योंकि प्रदेश में चुनाव को देखते हुए आचार संहिता लागू है।


'अल्लाह' लिखी मछली के 5 लाख लगाएं

रिपोर्ट- गुलवेज सिद्दीकी 


यूपी के शामली में एक मछली लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। इस मछली के पेट पर 'अल्‍लाह' लिखा हुआ है और इसी वजह से यह अद्भुत मछली चर्चा का विषय बन गई है।


मछली पर लिखा है 'अल्लाह', देखने को उमड़ी भीड़


शामली। उत्‍तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना में एक मछली लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है और बड़ी संख्‍या में लोग इसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि इस मछली के लिए लोग 5 लाख रुपये देने को भी तैयार हैं। दरअसल, इस मछली के पेट पर 'अल्‍लाह' लिखा हुआ है और इसी वजह से यह अद्भुत मछली चर्चा का विषय बन गई है। कैराना में मछली का पालन करने वाले शबाब अहमद इसे अपने एक्वेरियम में पाल रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि करीब 8 महीने पहले वह इस मछली को लेकर आए थे। एक्वेरियम में जैसे-जैसे यह मछली बड़ी हो रही है, उसके पेट पर पीले रंग में 'अल्‍लाह' लिखा नजर आने लगा है। शादाब ने बताया कि जब से यह मछली उनके घर में आई है, तब से उनके परिवार में काफी तरक्‍की हुई है।



अनोखी मछली देखने के लिए लोगों की भारी भीड़
शबाब ने बताया कि अब इस मछली की लाखों में बोली लगने लगी है। उन्‍होंने कहा, 'शामली के हाजी राशिद खान ने इस मछली की 5 लाख रुपये कीमत लगाई है। हालांकि मैं अभी और ज्‍यादा कीमत लगाए जाने का इंतजार कर रहा हूं।' शबाब कैराना के मोहल्ला आलकला में रहते हैं और इस अनोखी मछली को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। दूर-दूर से लोग इसे देखने आ रहे हैं।


शबाब अहमद ने इस मछली के साथ एक्‍वेरियम में 10 अन्‍य मछलियों को भी रखा है। इस अनोखी मछली से अन्‍य मछलियां काफी छोटी हैं। उन्‍होंने कहा कि अल्‍लाह लिखी मछली कुदरत का करिश्‍मा है। हम इसे और अच्‍छे रेट मिलने पर ही बेचेंगे।


24 को चित्रकूट उपचुनाव की मतगणना

रायपुर। चित्रकोट विधानसभा उप निर्वाचन के तहत 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। सबसे पहले सुबह 8 बजे से डाक मतपत्रों की गिनती होगी। उसके बाद साढ़े आठ बजे से कन्ट्रोल यूनिट मशीन से मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना के लिए महिला कर्मियों को नियुक्त किया गया है। इन कर्मियों को आज जगदलपुर कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में पहले चरण का प्रशिक्षण दिया गया। दूसरे चरण में 23 अक्टूबर को मतगणना स्थल पर रिहर्सल कराया जाएगा।


मतगणना का सम्पूर्ण कार्य महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। आज सम्पन्न प्रशिक्षण में मतगणना कर्मियों को मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। मतगणना जगदलपुर के महिला पाॅलीटेक्निक काॅलेज में होगी। मतगणना स्थल पर अधिकृत व्यक्ति के अलावा अन्य कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। मोबाईल फोन भी पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स श्री जीवन लाल शर्मा ने मतगणना के सभी वैधानिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए 14 टेबल लगाएं जाएंगे। प्रत्येक टेबल में अभ्यर्थियों के अभिकर्ता उपस्थित रह सकते हैं। उन्होंने कन्ट्रोल यूनिट मशीन का डेमो दिखाकर मतगणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मशीन में यह देखना जरूरी है कि उसमें क्लोज बटन दबा हो। यदि किसी कन्ट्रोल यूनिट मशीन में पीठासीन अधिकारी द्वारा क्लोज बटन नहीं दबाया गया है, तो इसकी सूचना तत्काल रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को दी जाए। प्रशिक्षण में मतगणना कर्मियों कीे विभिन्न शंकाओं का भी समाधान किया गया।


नेपाल सड़क हादसे में 11मौत,108 घायल

काठमांडू। नेपाल में एक यात्री बस शनिवार को अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा राजधानी काठमांडू जाने वाले राजमार्ग पर हुआ। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 108 जख्मी हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, बस में सवार यात्री दशईं त्योहार मनाकर काठमांडू लौट रहे थे।जिला अधिकारी गोमा देवी चेमजोंग ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 5 लोगों ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। एक घुमावदार मोड़ पर चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया था।


नेपाल में सड़क दुर्घटनाएं आम
नेपाल के राजमार्गों पर दुर्घटना होना आम बात है। राजमार्गों का सही ढंग से रखरखाव नहीं होता। त्योहारों के समय बसों में भीड़ बढ़ने और सड़कें व्यस्त होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। काठमांडू जाने का रास्ता पहाड़ों से होकर गुजरता है। राजमार्ग पर कई घुमावदार मोड़ हैं, इसलिए यह दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है।


करणी सेना ने किया बिग बॉस का विरोध

मुंबई। करणी सेना ने फिल्म 'पद्मावत' और 'मणिकर्णिका' को लेकर खूब बवाल किया था। अब टीवी शो 'बिग बॉस' सीजन 13 का करणी सेना विरोध कर रही है। इसके चलते मुंबई पुलिस ने सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 20 लोगों को सलमान खान के घर के बाहर प्रोटेस्ट करते हुए गिरफ्तार भी कर लिया गया। अब पुलिस विश्व सनातन संघ के जनरल सेक्रेटरी उपदेश राणा को खोज रही है। पुलिस के मुताबिक उपदेश ही इस प्रोटेस्ट को लीड कर रहा है। बता दें, करणी सेना ने इंफॉर्मेशन एंड ब्रॉडकास्ट मिनिस्टर प्रकाश जावडेकर को अपनी शिकायत लिखित में दी थी। उन्होंने टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस 13 के लिए कहा था कि यह शो हिंदू सभ्यता को भंग कर रहा है। रिएलिटी शो पर आरोप लगाया गया है कि यह शो 'लव जेहाद' फैला रहा है। जावडेकर को लिखे पत्र में आरोप लगाया गया है कि ये शो चीप भाषा और वलगैरेटी से भरा हुआ है, जो कि फैमिली शो में फिट नहीं बैठता।


समुंदर किनारे मिली 5 पाकिस्तानी बोट

कच्छ। गुजरात के कच्‍छ में समुद्र किनारे पांच पाकिस्‍तानी बोट को बरामद किया गया है। BSF की पेट्रोलिंग टीम को हरामी नाला बॉर्डर से पांच पाकिस्तानी फिशिंग बोट बरामद करने में सफलता मिली है।बीएसएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं।


 


कांग्रेस से आप ,आप से कांग्रेस

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की पूर्व विधायक अलका लांबा कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। उन्होंने दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको की मौजूदगी में ये सदस्यता ग्रहण की। वे पहले शुक्रवार को ही ये सदस्यता ग्रहण करने वाली थीं लेकिन कुछ कारणों से ये नहीं हो सका। बता दें कि लांबा ने एक माह पहले ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया है।


अलका लांबा पहले शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल होने वाली थीं लेकिन कुछ कारणों से वे कांग्रेस में शामिल नहीं हो सकीं. अलका लांबा दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुईं। अलका लांबा ने कांग्रेस पार्टी के अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्या ग्रहण की। अलका लांबा ने इस संबंध में एक ट्वीट भी किया है. अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस सदस्य बनने पर गर्व महसूस कर रही हूं।


चांदनी चौक की पूर्व विधायक और आम आदमी पार्टी(AAP) की पूर्व नेता अलका लांबा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है. अलका लांबा ने एक महीने पहले ही AAP से इस्तीफा दे दिया था। अलका ने ट्वीट कर बताया, 'आज कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पहुंच कर दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी श्री पी सी चाको जी, जिला चांदनी चौक अध्यक्ष उस्मान जी, जिला आदर्श नगर अध्यक्ष जिंदल जी व अन्य नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कॉंग्रेस सदस्य बनने पर गर्व मेहसूस कर रही हूं।'



 


विजय हजारे ट्रॉफी में संजू का दोहरा शतक

नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी में संजू सैमसन ने दोहरा शतक जड़कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। केरल और गोवा के बीच खेले जा रहे मैच में संजू ने केरल की ओर से यह पारी खेली। उन्होंने नाबाद 212 रन बनाए, जो विजय हजारे ट्रॉफी के हिस्ट्री का अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर हैं उन्होंने केवी कुशाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। उन्होंने 202 रन बनाए थे, जो इस टूर्नामेंट का अभी तक का सबसे अधिक स्कोर था।


पहली ग्रेजुएट ऑनर्स भारतीय महिला

गूगल ने आज कामिनी राय के 155वें जन्म दिन पर उनका डूडल बनाकर उन्हें याद किया है। इस डूडल से साफ जाहिर हो रहा है कि कामिनी राय ने वैसा काम किया था जिसका हजारों महिलाओं पर असर पड़ा था।


आखिर कौन थीं कामिनी राय और क्या काम किया था उन्होंने, जानते हैं आप?


12 अक्टूबर, 1864 को तत्कालीन बंगाल के बेकरगंज जिले में जन्मी कामिनी राय एक कवियत्री थीं और समाजसेविका थीं। लेकिन ख़ास बात यह है कि ब्रिटिश काल के भारत में वह ग्रेजुएट ऑनर्स की डिग्री हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला थीं। ये हिस्सा अब बांग्लादेश में पड़ता है।


कामिनी राय ने संस्कृत में ऑनर्स के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल किया था। कोलकाता यूनिवर्सिटी के बेथुन कॉलजे से 1886 में ग्रेजुएट होने के बाद उन्हें वहीं पढ़ाने की नौकरी मिल गई थी। लेकिन महिलाओं के अधिकार से लिखी उनकी कविताओं ने उनकी पहचान का दायरा बढ़ाया।


कामिनी राय अमूमन कहा करती थीं, महिलाओं को क्यों अपने घरों में कैद रहना चाहिए।


उन्होंने बंगाली महिलाओं को बंगाली लेगिसलेटिव काउंसिल में पहली बार 1926 में वोट दिलाने की लड़ाई में भी हिस्सा लिया था। राजनीतिक तौर पर वे बेहद सक्रिय थीं। जीवन के अंतिम सालों में कामिनी राय तब के बिहार के हजारीबाग में जिले में रहने आ गई थीं, जहां 1933 में उनका निधन हुआ था।


जिले में औषधियों का क्रय-विक्रय बंद

कोण्डागांव जिले के किसी भी हाट बाजार में औषधियों का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकेगा


कोण्डागांव। कोण्डागांव जिला यू तो अनमोल, प्राकृतिक जड़ी-बुटियों की सम्पदा से परिपूर्ण जिला है। इन्हीं जड़ी-बुटियों की धरोहर को सहेजने एवं उन्हें विलुप्त होने से बचाने लिए जिला प्रशासन द्वारा पहली बार बड़ा कदम उठाया गया है। चूंकि जिले की विलुप्त हो रही जड़ी-बुटियों जैसे भुई भेलवा, जड़ी, चिनहुर जड़ी, अन्नंत मूल, सर्पगंधा, मैदाछाल, सतावरी, पैंग, ज्यौतिषमति फल, कोरियाछाल, रसना, जैसी विभिन्न प्रकार की औषधि पौधो को कथित बिचौलियों एवं व्यापारियों द्वारा खनन करके अथवा मंगाकर खरीदा जा रहा है, फलस्वरुप इन पौधो के अंधाधुंध दोहन से इनका अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।


इसे देखते हुए जिला कलेक्टर नीलकंठ टीकाम द्वारा प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार दिनांक 10 अक्टूबर 2019 से कोण्डागांव जिले के किसी भी हाट बाजार में उपरोक्त औषधियों का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकेगा। परन्तु जिले के परम्परागत एवं मान्यता प्राप्त प्रशिक्षित वैद्यो द्वारा आमजनो के उपचार करने हेतु वन अधिकार समिति से अनुमति प्राप्त कर भुई भेलवा, जड़ी, चिनहुर जड़ी, अन्नंत मूल, सर्पगंधा, मैदाछाल, सतावरी, पैंग, ज्यौतिषमति फल, कोरियाछाल, रसना का उपयोग किया जा सकेगा। इसके लिए संपूर्ण कोण्डागांव जिले में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 (2) एक पक्षीय प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया गया है।


जीएसटी कलेक्शन दर में भारी कमी

नई दिल्ली। दो साल पहले जुलाई 2017 को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लॉन्च किया गया था। ऐसे में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने इसकी सबसे बड़ी समीक्षा शुरू कर दी है। समीक्षा के तहत सरकार फिर से जीएसटी की स्लैब और दरें तय कर सकती है। जीएसटी कलेक्शन बढ़ाने के लिए और लीकेज को रोकने के लिए सरकार ने इसकी समीक्षा शुरू की है। इसके लिए एक बड़ी टीम भी बनायी है।


12 अधिकारियों की कमेटी करेगी समीक्षा का काम : जीएसटी की समीक्षा का काम केंद्र और राज्य सरकारों के 12 अधिकारियों की एक कमेटी को सौंपा गया है। शुक्रवार को राज्य के सचिवों पर जीएसटी को लेकर बातचीत प्रस्तावित है। ऐसी संभावना है कि मीटिंग के दौरान राज्यों से जीएसटी कलेक्शन बढ़ाने के लिए कहा जा सकता है


सरकार कर सकती है कई बदलाव
समीक्षा के लिए जिस पैनल का गठन किया गया है, उसका काम जीएसटी कलेक्शन बढ़ाने और इसमें धोखाधड़ी को रोकने का भी होगा।


सूत्रों के अनुसार, सरकार ऐसे नियम बना सकती है जिससे लोग खुद ही जीएसटी के दायरे में जुड़ना चाहें। इसके अतिरिक्त जीएसटी रिव्यू कमेटी सरकार को कुछ उत्पादों को जीएसटी स्लैब में लाने पर विचार करने को कह सकती है। जब जीएसटी को लागू किया गया था। तो सरकार 12% और 18% वाले स्लैब को मिला कर, एक नया स्लैब बनाने और सबसे अधिक जीएसटी वाले स्लैब में शामिल किये गये वस्तुओं की संख्या में कमी करने की सोच रही थी।


जीएसटी कलेक्शन में आयी है कमी
पिछले कुछ महीनों से जीएसटी कलेक्शन में कमी आयी है। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही में जीएसटी कलेक्शन की ग्रोथ रेट 5% से कम रही है। जबकि इसका लक्ष्य 13 फीसदी से ज्यादा का था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कमी ऑटो सेक्टर में आयी सुस्ती, बाढ़ और स्लोडाउन के चलते हुई हैै। सालाना 14 फीसदी से कम इजाफे की स्थिति में केंद्र सरकार ने राज्यों को भरपाई की बात कही है। मामले में विपक्षी सरकारों ने कहा है कि जीएसटी व्यवस्था में खामियों की वजह से कलेक्शन में कमी आयी है।


जीएसटी की खामियां दूर होंगी : वित्त मंत्री
पुणे : जीएसटी को लेकर के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि तमाम परेशानियों के बाद भी यह देश का कानून है, जिसका पालन सभी को करना है।


वित्त मंत्री ने कहा कि इसमें खामियां हो सकती हैं, जिनसे लोगों को परेशानी हो रही है और इसको दूर किया जायेगा। ससंद और राज्यों की विधानसभा में पास होकर अब यह देश का एक कानून बन चुका है। वित्त मंत्री ने पुणे में कारोबारियों, सीए और अन्य से बात करते हुए कहा कि मैं खुद पहले दिन से चाहती थी कि यह लोगों के अपेक्षाओं पर पूरी तरह से खरा उतरे।


दोनों देशों ने साथ काम की इच्छा जताई

कोवलम। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच करीब 5 घंटे तक मुलाकात हुई। इस दौरान करीब ढाई घंटे दोनों ने एक दूसरे के साथ बिताए। दोनों देशों के नेताओं ने मिलकर काम करने की इच्छा जताई और आतंकवाद और कट्टरता के खिलाफ एकजुट होने पर चर्चा भी की। साथ ही चीनी राष्ट्रपति ने ये भी कहा कि वो भारत की तरफ से किए गए स्वागत से खुश हैं।


विदेश सचिव विजय गोखले ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच जो बातचीत हुई वो ज्यादातर खाने की मेज पर हुई। गोखले ने कहा, ”चर्चा काफी खुली और सौहार्दपूर्ण रही। दोनों नेता एकसाथ थे और बाकी के सभी प्रतिनिधि दूसरी जगह डिनर कर रहे थे। दोनों नेताओं ने अपनी सरकारों की प्राथमिकताओं और राष्ट्रीय विजन पर बात की। पीएम मोदी ने चर्चा के दौरान कहा कि उनका दूसरी बार चुनकर आना आर्थिक विकास की वजह से ही संभव हो पाया है।”


चीन के राष्ट्रपति ने जताई साथ काम करने की इच्छा
पीएम नरेंद्र मोदी के फिर से चुनकर आने की बात को सराहते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने आने वाले साढ़े 4 साल साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई।


विदेश सचिव ने कहा, ”दोनों नेताओं ने विकास को प्राथमिकता देने पर बात की। खासतौर से व्यापार और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर बात की और कैसे भविष्य में व्यापार को बढ़ाया जा सकता है इस पर भी चर्चा की।


आतंकवाद दोनों देशों की समस्या
दोनों ही देशों में आतंकवाद और कट्टरता बड़ी चुनौतियां हैं। इस पर बात करते हुए दोनों देशों के नेताओं ने माना की चीन और भारत बहुत बड़े हैं और विविधता से भरे हुए हैं। कट्टरता दोनों देशों के लिए बड़ी चुनौती है और दोनों देश मिलकर कट्टरता और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे। ताकि इससे दोनों देश के सामाजिक ताने बाने को कोई नुकसान न पहुंचे।


पीएम मोदी ने जिनपिंग को दिखाया ढलान पर टिका 250 टन का 'माखन लड्डू'
चीन के राष्ट्रपति भारत के स्वागत से खासा प्रभावित हुए। दोनों नेता इस इनफॉर्मल मुलाकात के दौरान ऐतिहासिक स्मारकों पर गए। पीएम मोदी ने शी जिनपिंग को भगवान गणेश के मंदिर की महत्ता के बारे में भी बताया। ये दूसरा मौका था जब दोनों नेता अनौपचारिक तौर पर मिले थे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी चीन के वूहान में पिछले साल गए थे।


मतभेद झगड़े की वजह नहीं बनने देंगे

पीएम मोदी बोले- चीन से किसी मतभेद को झगड़े की वजह नहीं बनने देंगे


कोवलम। भारत दौरे पर आए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शनिवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों दिग्गज नेताओं के बीच 1 घंटे तक बातचीत हुई। तमिलनाडु के कोवलम स्थित फिशरमैन कोव रिजॉर्ट में दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की। इस बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 2000 साल से भारत और चीन आर्थिक शक्तियों के तौर पर तेजी से आगे उभरे हैं। दोनों ही देश आपसी मतभेदों को किसी भी तरह का झगड़ा नहीं बनने देंगे। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि मैं भारत की मेहमाननवाजी से अभिभूत हूं।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले दो हजार साल में भारत और चीन दुनिया के सामने आर्थिक शक्तियों के रूप में उभरे हैं। इस शताब्दी में भी दोनों ही देश उसी तरह से आर्थिक शक्ति बनने की ओर आगे बढ़ रहे हैं। पिछले साल वुहान में हमारी अनौपचारिक बैठक में दोनों ही देशों के बीच हमारे संबंधों में गति आई है।


वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि मैं भारत के इस दौरे में मिली मेहमाननवाजी से बहुत अभिभूत हूं। यह दौरा मेरे लिए किसी यादगार पल से कम नहीं है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात में पीएम मोदी ने उन्हें एक कांचीपुरम सिल्क की शॉल तोहफे में दिया। इस शॉल में जिनपिंग के चेहरे की आकृति बनी हुई है। जिनपिंग ने भी पीएम मोदी को एक खास पेंटिंग भेंट की है।


नक्सलियों ने किया तीन का अपहरण

रायपुर। माओवादियों ने कल दोपहर दंतेवाड़ा में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के एक इंजिनियर, मनरेगा के एक टेक्नीकल असिस्टेंट समेत तीन लोगों का अपहरण कर लिया। पुलिस हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। मगर ये जरूर मान रही है कि तीनों कल से गायब हैं। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि बर्दीधारी नक्सली कल गांव में आए थे। इंजीनियर और टेक्नीकल असिस्टेंट रोड का इंस्पेक्शन करने आए थे। इस दौरान उन्हें अपने साथ ले गए।
ग्रामीणों ने पुलिस को इनपुट्स दिए हैं कि नक्सलियों ने अरनपुर के जंगलों में रखा है। वहीं, अपहरण की खबर के बाद पूरे दंतेवाड़ा क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है। बताया जा रहा हैं कि शुक्रवार दोपहर इन तीनों का अपहरण किया गया था। इनमें एक कंस्ट्रक्शन कंपनी का कर्मचारी बताया जा रहा है। दंतेवाड़ा के मुलेर से कका़ड़ी तक सड़क बननी थी। इलाके में इसी के लिए कल तीनों गये हुये थे। तभी नक्सलियों ने अपहरण कर लिया।


पीएम की भतीजी का पर्स छीना

दिल्ली में बदमाश कितने बेखौफ हैं, इसका एक ताजा मामला सामने आया है। इसमें स्नैचर्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रिश्तेदार को ही अपना निशाना बना लिया।


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भतीजी के साथ स्नेचिंग का मामला सामने आया है। दिल्ली में बदमाश पीएम मोदी की भतीजी का पर्स छीनकर भाग गए। पर्स में कैश के साथ-साथ कई अहम दस्तावेज भी मौजूद थे। दिल्ली के पॉश इलाकों में से एक सिविल लाइन्स इलाके में बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई की बेटी दमयंती बेन मोदी शनिवार सुबह अमृतसर से दिल्ली लौटीं। उनका कमरा सिविल लाइन्स इलाके के गुजराती समाज भवन में बुक था, लिहाज़ा पुरानी दिल्ली से ऑटो से वो अपने परिवार के साथ गुजराती समाज भवन पहुंचीं। गेट पर पहुंचकर वो ऑटो से उतर ही रही थीं कि तभी स्कूटी सवार दो बदमाश उनका पर्स छीनकर फरार हो गए। दमयंती बेन के मुताबिक पर्स में करीब 56 हज़ार रुपये, दो मोबाइल और तमाम अहम दस्तावेज थे। उन्होंने बताया कि उन्हें शाम को अहमदाबाद की फ्लाइट पकड़नी है, लेकिन उनके दस्तावेज गायब हो गए है। उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत कर दी है।


फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन सिविल लाइन्स इलाके की बात की जाए तो दिल्ली के वीवीआईपी इलाकों में से एक है। जिस जगह इस वारदात को अंजाम दिया गया वहां से चंद कदमों की दूरी पर दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर का घर है। दिल्ली के मुख्यमंत्री का आवास भी महज थोड़ी दूरी पर ही है। ऐसे में दिन के उजाले में इस तरह की वारदात कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।


जम्मू-कश्मीर में मोबाइल सेवा बहाल

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य हो रहे हैं, इसी के मद्देनजर प्रशासन ने पोस्टपेड मोबाइल सेवाएं बहाल करने का फैसला किया है। सोमवार दोपहर 12 बजे के बाद से 16 अगस्त से जारी मोबाइल सेवाओं पर पाबंदी हटा ली जाएगी। इस बात की जानकारी मुख्य सचिव रोहित कंसल ने दी है। रोहित कंसल ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा जैसे प्रतिबंधित संगठन घाटी में आतंक फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रतिबंध घाटी में लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लगाया गया था।


सिमी सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से फरार सिमी सदस्य अजहरुद्दीन उर्फ अजहर की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी। अब जाकर वह 6 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा है। रायपुर पुलिस को उसे हैदराबाद से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर बीती रात को रायपुर लेकर आ गई है। पुलिस इस पूरे मामले का आज दोपहर को खुलासा करेगी।


एटीएस और सिविल लाइन पुलिस की टीम गुरुवार को हैदराबाद रवाना हुई थी। एटीएस टीम को दीप माला कश्यप और रायपुर पुलिस की टीम को सिविल लाइन सीएसपी त्रिलोक बंसल लीड कर थे। टीम ने हैदराबाद से उसे गिरफ्तार कर रायपुर ले आई है। प्रतिबंधित संगठन सिमी के सदस्य अजहरुद्दीन उर्फ अजहर से पूछताछ कर रही है।


शी जिनपिंग-मोदी की अनौपचारिक मुलाकात

महाबलीपुरम। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दो दिन की भारत यात्रा पर महाबलीपुरम पहुंचे। जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  से अनौपचारिक मुलाकात हुई। तमिलनाडु के तटीय शहर महाबलीपुरम में दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार को करीब 5 घंटे तक आपसी बातचीत हुई। करीब दो घंटे तक चली डिनर, दक्षिण भारतीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया।


पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच रात्रि भोज में वार्ता जारी रही. प्रधानमंत्री और जिनपिंग के डिनर में पारंपरिक तमिल खाने के साथ साथ नॉन वेजेटेरियन डिश भी पेश की गईं। दोनों नेताओं को शानदार रात्रिभोज में अन्य व्यंजनों के साथ-साथ दालों से बनाया जाने वाला पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन 'सांभर' भी परोसा गया। पिसी हुई दाल, विशेष मसालों और नारियल से तैयार की जाने वाली 'अराचु विट्टा सांभर' मेन्यू में आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इसके अलावा टमाटर से बनी थक्‍कली रसम, इमली, कदलाई कुरुमा और मिष्ठान में हलवा और अदा प्रधामन (केरल का मिष्ठान) समेत विभिन्न व्यंजन परोसे गए। चीनी राष्ट्रपति के लिए चुनिंदा मांसाहारी व्यंजन भी तैयार किए गए।


विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर बताया कि पूरा दिन एक शानदार डिनर पर सुखद बातचीत के साथ समाप्त हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस दौरान भारत-चीन की साझेदारी को और गहरा करने के बारे में बातचीत की।


सऊदी में अतिरिक्त सैनिक,उपकरण तैनात

वाशिंगटन। अमेरिका ने तेल सुविधाओं पर ड्रोन हमलों के मद्देनजर सऊदी अरब में 3,000 अतिरिक्त सैनिकों को तैनात करने की घोषणा की है। अमेरिका ने तेल भंडारण पर हुए हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। इस संबंध में अमेरिकी विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि उनका देश 'अपनी रक्षात्मक क्षमताओं को बढ़ाने और ईरानी आक्रामकता के खिलाफ निरोध को बहाल करने में मदद करने के लिए' सऊदी अरब में अतिरिक्त बल और सैन्य उपकरण तैनात कर रहा है।


एक अन्य ट्वीट में पोम्पियो ने ईरान को सामान्य देश की तरह व्यवहार करने करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ईरानी शासन को अपना व्यवहार बदलना चाहिए अन्यथा उन्हें अपनी अर्थव्यवस्था को ढहते देखना होगा। अमेरिका ने इस प्रकार का कड़ा कदम तब उठाया है जब इसी माह तेल सुविधाओं पर ड्रोन हमला हुआ। अमेरिका ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। इसके बाद तेल भंडारणों एवं सुविधाओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सैनिकों और उपकरणों को सऊदी अरब भेजा जा रहा है।


'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की

'पीएम' मोदी ने अभिनेत्री रश्मिका की तारीफ की अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना सिर्फ साउथ सिनेमा का ही नहीं, अब ...