शनिवार, 19 अगस्त 2023

आपका भाई सुदामा कोथली लेकर आया है

आपका भाई सुदामा कोथली लेकर आया है  

रवि जाखड़   
पानीपत। अखंड सौभाग्य और सुहाग के प्रतीक पर्व हरियाली तीज का उत्सव आज पानीपत में भव्य रूप से मनाया गया। हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय महोत्सव में प्रदेशभर से 50,000 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर एक रिकॉर्ड कायम किया और यह रिकॉर्ड लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज होगा। 
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी असाधारण छाप छोड़ने वाली 101 महिलाओं को भी सम्मानित किया।
पानीपत में शनिवार को श्री गुरु तेग बहादुर/हुड्डा मैदान में आयोजित इस महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा ने दीप प्रज्वलित कर तीज उत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोक धुनों पर आधारित सीडी का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने तीज के त्यौहार की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका ये भाई, सुदामा आपके लिए कोथली लेकर आया है, आप इसे स्वीकार करें, यह मेरी प्रार्थना है। उन्होंने कहा कि हमारी यह परंपरा है कि कोथली के द्वारा भाइयों द्वारा बहनों की सुख समृद्धि का संकल्प लिया जाता है और आज भाई के रूप में मैं आपकी सुख समृद्धि का संकल्प लेता हूं। उन्होंने कहा कि कोई भी त्यौहार माताओं, बहनों और बेटियों के बिना पूरा नहीं हो सकता, महिलाएं हमारे सब त्यौहार का आधार है, इसलिए महिलाओं की सुख शांति के लिए हम संकल्पबद्ध है।

1000 साल तक जेल में रहने को तैयार हूं: इमरान

1000 साल तक जेल में रहने को तैयार हूं: इमरान   

अखिलेश पांडेय   
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने देश के लिए 1,000 साल तक जेल में रहने को तैयार हैं। मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है। एक सत्र अदालत ने इमरान (70) को सरकारी उपहारों (तोशखाना) की बिक्री से हुई आमदनी को छिपाने के लिए पांच अगस्त को तीन साल जेल की सजा सुनाई थी। 
वह फिलहाल पंजाब प्रांत की अटक जेल में कैद हैं। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आमिर फारूक और न्यायमूर्ति तारिक महमूद जहांगीरी की खंडपीठ 22 अगस्त को इमरान की याचिका पर सुनवाई करेगी। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान की कानूनी टीम के सदस्य उमियार नियाज़ी ने खान से अटक जेल में मुलाकात की।
 इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का स्वास्थ्य ठीक है, हालांकि उनकी दाढ़ी बढ़ी हुई थी। वकील ने कहा, "उन्हें (इमरान को) आज एक आईना और शेविंग किट दी गई।’’ नियाजी ने दावा किया कि छह लोगों की टीम में से केवल उन्हें ही पूर्व प्रधानमंत्री से मिलने की अनुमति दी गई।
 उन्होंने अदालत का आदेश होने के बावजूद कानूनी टीम को पूर्व प्रधानमंत्री से नहीं मिलने देने के लिए "जेलर के आचरण" के खिलाफ अदालत की अवमानना ​​याचिका दायर करने का इरादा जताया। नियाजी ने खान के हवाले से कहा, ‘‘मुझे सुविधाएं नहीं दिए जाने की (जेल में) परवाह नहीं है। अगर मुझे 1,000 साल तक भी जेल में रखा गया, तो कोई फर्क नहीं पड़ता और मैं इसके लिए तैयार हूं, क्योंकि आजादी के लिए (किसी न किसी को) बलिदान देना पड़ता है।'' पिछले साल अप्रैल में सत्ता से अपदस्थ किए जाने के बाद खान देश भर में 140 से अधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। उनके खिलाफ आतंकवाद, हिंसा, ईशनिंदा, भ्रष्टाचार और हत्या जैसे संगीन आरोप हैं।

नागपंचमी: सोमवार को होगी नाग देवता की पूजा

नागपंचमी: सोमवार को होगी नाग देवता की पूजा 

सरस्वती उपाध्याय   
नाग पंचमी सावन मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। हिंदू धर्म में नागों की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन भगवान भोलेनाथ के आभूषण नाग देव की पूजा की जाती है। धार्मिक शास्त्रों के अनुसार नागों की पूजा करने से आध्यात्मिक शक्ति, अनंत धन और मनचाहे परिणाम मिल सकते हैं। नाग पंचमी इस बार 21 अगस्त, सोमवार को पड़ रहा है। इस दिन महिलाएं सांपों को दूध देकर नाग देवता की पूजा करती हैं। 
शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, नाग पंचमी श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। 21 अगस्त को रात 12 बजकर 21 मिनट पर पंचमी तिथि शुरू होगी और 22 अगस्त को रात 2 बजे समाप्त होगी। सुबह 5 बजे 53 मिनट से 8 बजे 30 मिनट तक नाग पंचमी की पूजा होगी।
पूजन विधि 
नाग पंचमी में आठ देवताओं को मानते हैं। इस दिन अनन्त, वासुकि, पद्म, महापद्म, तक्षक, कुलीर, कर्कट और शंख को पूजा जाता है। नाग पंचमी से एक दिन पहले चतुर्थी के दिन एक बार खाना खाना चाहिए, फिर पंचमी के दिन उपवास करके शाम को खाना चाहिए। लकड़ी की चौकी पर नाग चित्र या मिट्टी की सर्प मूर्ति को पूजा करने के लिए रखा जाता है। फिर नाग देवता को हल्दी, रोली (लाल सिंदूर), चावल और फूल चढ़ाकर पूजा की जाती है। लकड़ी के पट्टे पर बैठे सर्प देवता को कच्चा दूध, घी और चीनी मिलाकर अर्पित किया जाता है। सर्प देवता को पूजन करने के बाद आरती उतारी जाती है। आप चाहें तो किसी सपेरे को कुछ दक्षिणा देकर सर्प को यह दूध पिला सकते हैं। अंत में, आपको नाग पंचमी की कहानी सुननी चाहिए।
इस दिन भूलकर न करें ये काम 
इस दिन खेत में हल चलाना या भूमि की खुदाई करना बहुत अशुभ है। यही कारण है कि ऐसा करने से पूरी तरह से परहेज करना चाहिए। साग भी नहीं तोड़ना चाहिए।
नाग पंचमी के दिन धारदार और नुकीली चीजों से बचना चाहिए। सूई-धागे का मुख्य रूप से इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ऐसा करना मना है।
चूल्हे पर खाना बनाते समय लोहे की कढ़ाही या तवा का उपयोग नहीं करना चाहिए। इससे नाग देवता को चोट लग सकती है।
नाग पंचमी के दिन किसी को बुरा नहीं कहना चाहिए। इसे बहुत गलत समझा जाता है।

राहुल ने पैंगोंग झील के पास बाइक राइडिंग की

राहुल ने पैंगोंग झील के पास बाइक राइडिंग की    

सुनील श्रीवास्तव  
लेह। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लद्दाख की यात्रा पर हैं। कांग्रेस नेता की बाइक राइड करते हुए कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। राहुल गांधी ने शनिवार को लेह शहर से सुरम्य पैंगोंग झील तक अपनी केटीएम 390 ड्यूक बाइक दौड़ाई। इस दौरान राहुल गांधी का अंदाज एकदम अलग नजर आया।
 राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी किया। राहुल गांधी ने लिखा कि पैंगोंग झील जा रहा हूं। मेरे पिता कहा करते थे कि ये दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। 
राहुल ने लेह, लद्दाख और पैंगोंगत्सो के हैशटैग का भी इस्तेमाल किया। कांग्रेस नेता गुरुवार को लेह पहुंचे थे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वह 25 अगस्त तक लद्दाख में रहेंगे। शुक्रवार को उन्होंने लेह में युवाओं से बातचीत की और एक फुटबॉल मैच में भी हिस्सा लिया। रविवार को राहुल गांधी अपने दिवंगत पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर पैंगोंग झील पर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। बाद में वह कारगिल भी जाएंगे और वहां एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगे। 
इस साल की शुरुआत में राहुल गांधी दिल्ली की करोल बाग बाइक मार्केट पहुंचे थे। यहां पर राहुल गांधी ने जिक्र किया था कि उनके पास ड्यूक 390 बाइक है, लेकिन सुरक्षा चिंताओं के कारण वह शहर में शायद ही इसे चला पाते हैं।

चीन और रूस के सैटेलाइट हमले की आशंका

चीन और रूस के सैटेलाइट हमले की आशंका    

अखिलेश पांडेय   
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने स्पेस इंडस्ट्री (अंतरिक्ष उद्योग) से जुड़ी अपनी कंपनियों को चेतावनी जारी की है कि चीन और रूस उन पर सैटेलाइट हमले कर सकते हैं या फिर उनकी जासूसी कर सकते हैं। 
अमेरिका के नेशनल काउंटर इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी सेंटर, एफबीआई और यूएस एयर फोर्स ने एक संयुक्त एडवाइजरी या चेतावनी जारी की है। इसमें बताया गया है कि अमेरिका की अंतरिक्ष उद्योग से जुड़ी कंपनियों पर साइबर अटैक हो सकता है या फिर रणनीतिक निवेश के जरिए संवेदनशील तकनीक हासिल करने की कोशिश हो सकती है। चेतावनी में कहा गया है कि विदेशी खूफिया ताकतें कंपनी की गोपनीय सूचनाएं लीक कर सकती हैं, साथ ही अमेरिका के सैटेलाइट कम्युनिकेशन, रिमोट सेंसिग और इमेजिंग क्षमताओं को भी बाधित कर सकती हैं। अमेरिका की कई सैटेलाइट्स पर हाल के दिनों में कई बार हमले हुए हैं और अमेरिकी अर्थव्यवस्था और उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा जिस तरह से अंतरिक्ष पर निर्भर करती है, उसे देखते हुए भी अमेरिकी खुफिया एजेंसी अलर्ट हो गई हैं।

दिल्ली एनसीआर में भारी बारिश की संभावना

दिल्ली एनसीआर में भारी बारिश की संभावना    

अकांशु उपाध्याय   
नई दिल्ली। नोएडा और गुरुग्राम के निवासियों को शनिवार को ताजा बारिश का सामना करना पड़ा, इससे गर्मी और उमस भरे मौसम से कुछ राहत मिली, अधिकांश निचले इलाकों में जलभराव और यातायात की समस्या देखी गई। भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में जलभराव हो गया। द्वारकामें वाहनों को भारी जलजमाव वाली सड़कों से गुजरते देखा गया। क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (आरडब्ल्यूएफसी) ने शनिवार को और बारिश की भविष्यवाणी की है। दिल्ली यातायात पुलिस ने भेरा एन्क्लेव अंडरपास के दोनों कैरिजवे में जलभराव के कारण यात्रियों को बाहरी रिंग रोड से बचने की सलाह दी। 
जलभराव के कारण बहादुरगढ़ रोड पर बहादुरगढ़ स्टैंड, फिरनी रोड, नजफगढ़ से पीटीसी झरोदा कलां की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ। मौसम वैज्ञानिकों ने एक बयान में कहा, आम तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 


1. अंक-306, (वर्ष-06)

पंजीकरण:- UPHIN/2010/57254

2. रविवार, अगस्त 20, 2023

3. शक-1944, श्रावण, शुक्ल-पक्ष, तिथि-चतुर्थी, विक्रमी सवंत-2079‌‌। 

4. सूर्योदय प्रातः 05:22, सूर्यास्त: 07:06।

5. न्‍यूनतम तापमान- 25 डी.सै., अधिकतम- 37+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेगी।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है। 

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु  (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसैन पंवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102। 

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

बारिश के दौरान फटे बादल, नदी में पानी का सैलाब

बारिश के दौरान फटे बादल, नदी में पानी का सैलाब  पंकज कपूर  अल्मोड़ा। भारी बारिश के दौरान फटे बादल की वजह से सूखी पड़ी नदी में पानी का सैलाब ...