शुक्रवार, 30 सितंबर 2022

भारत जोड़ो यात्रा, भाजपा-आरएसएस पर निशाना 

भारत जोड़ो यात्रा, भाजपा-आरएसएस पर निशाना 

अकांशु उपाध्याय/इकबाल अंसारी 

नई दिल्ली/गुंदलुपेट। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता दल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास केंद्र सरकार के खिलाफ खड़ा होने का एकमात्र विकल्प ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बचा हुआ है। गांधी की यात्रा तमिलनाडु की सीमा गुडलूर से कर्नाटक के गुंदलुपेट में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में विभिन्न संस्थान होते हैं जहां पर आप अपनी बात रख सकते हैं, जैसे कि मीडिया और संसद। विपक्ष के लिए सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं।

मीडिया हमारे विचारों को जनता तक नहीं पहुंचाता है और यह पूरी तरह से सरकार के नियंत्रण में है। जब हम संसद में बोलना चाहते हैं तो हमारे माइक बंद कर दिए जाते हैं, विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया जाता है। राज्य विधानसभाओं को चलने नहीं दिया जा रहा है। इसलिए विपक्ष के पास भारत जोड़ो यात्रा ही एकमात्र विकल्प बचा हुआ है।” उन्होंने कहा,“कोई भी शक्ति हमें इस मार्ग पर चलने से नहीं रोक सकती है क्योंकि हम इस पथ पर नहीं चल रहे हैं यह भारत की आवाज है।

इस यात्रा के माध्यम से हम लोगों के दुख-दर्द और कष्टों को सुन रहे हैं। इसलिए भाषण कुछ मिनटों तक ही सीमित करते हैं, जबकि सुबह से शाम तक यात्रा करना और लोगों की बातें सुनने का काम किया जा रहा है।” श्री राहुल गांधी ने कहा कि सभी जाति, धर्म और भाषा के लोग इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं, जो भाईचारे का प्रतीक है, जबकि भाजपा और आरएसएस सत्ता में बने रहने के लिए नफरत और हिंसा फैला रहे हैं। यह यात्रा कर्नाटक के सात जिलों से होकर गुजरेगी और लगभग 500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसमें कर्नाटक की सात लोकसभा और 22 विधानसभा सीटें को कवर किया जाएगा। कर्नाटक में कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

पंजाब: सीएम मान ने कांग्रेस नेतृत्व की कड़ी निंदा की

पंजाब: सीएम मान ने कांग्रेस नेतृत्व की कड़ी निंदा की

अमित शर्मा 

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को सत्र में विधानसभा अध्यक्ष की गरिमा पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस नेतृत्व की कड़ी निंदा की और कहा कि जो कांग्रेस विधायक अब उंगली उठा रहे हैं, उन्होंने एक ‘फर्जी सीएम’ के साथ काम किया है। पिछली सरकार में कैप्टन अमरिंदर सिंह हमेशा भारतीय जनता पार्टी के लिए काम करते थे। मान ने सत्र में विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा,“जो ‘नकली सीएम’ कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए काम कर रहे थे, वे अब सत्र में ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। कांग्रेस भाजपा के लिए काम कर रही है और उन्हें आधिकारिक तौर पर भाजपा को उसकी पार्टी के नाम के साथ लिखना चाहिए।

सत्र में हंगामा करने के लिए कांग्रेस विधायकों पर हमला करते हुए, मान ने कहा कि कांग्रेस ने सदन का कीमती समय बर्बाद किया है और उन्हें तथाकथित ‘भाजपा के सत्र’ में शामिल होने के लिए कहा है ताकि सदन को जनहित में निर्णय लेने के लिए ठीक से काम करने दिया जा सके। सत्र के दौरान, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि विपक्ष के पास सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ शून्य मुद्दा है और कांग्रेस ने अपने निर्वाचन क्षेत्रों का एक भी मुद्दा नहीं उठाया और उन्होंने विधानसभा में एक भी सवाल नहीं उठाया। कांग्रेस के पास सदन में अशांति पैदा करने का एकमात्र एजेंडा है और यह बेहद दुखद और निराशाजनक है कि वे लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस निहित स्वार्थ के साथ काम कर रही है और उन्हें पंजाब के कल्याण की परवाह नहीं है। कांग्रेस अब आधिकारिक तौर पर भाजपा की बी-टीम बन गई है। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने सत्र में हंगामा करने के लिए विपक्ष की आलोचना की और कहा कि सदन को दोपहर साढ़े तीन बजे तक कामकाज करना है लेकिन कांग्रेस ने सदन में हंगामा कर पंजाब की जनता को धोखा दिया. यह दुख की बात है कि वे पंजाब और पंजाबियों के कल्याण के लिए विधेयकों पर बहस करने में विफल रहे हैं।

अशोक स्तंभ के स्वरूप को चुनौती, याचिका खारिज 

अशोक स्तंभ के स्वरूप को चुनौती, याचिका खारिज 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत भारत के नए संसद भवन पर बनाए गए अशोक स्तंभ के स्वरूप को चुनौती देने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को खारिज कर दी। दो वकीलों की ओर से दायर याचिका में राष्ट्रीय प्रतीक में लगे शेरों की मुद्रा पर सवाल उठाया गया था। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से कहा गया है कि भारत के नए संसद भवन लगाई गई शेर की मूर्ति कानून का उल्लंघन नहीं करती है। साथ ही कोर्ट ने आक्रामक मूर्ति के दावे पर भी सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि यह व्यक्ति के दिमाग पर निर्भर करता है।

याचिकाकर्ताओं ने दावा किया था कि नई मूर्ति स्टेट एंबलम ऑफ इंडिया (प्रोहिबिशन ऑफ इम्प्रॉपर यूज) एक्ट, 2005 में मंजूरी प्राप्त राष्ट्रीय प्रतीक की डिजाइन के विपरीत है। हालांकि, जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस कृष्ण मुरारी की बेंच ने याचिका को खारिज कर दिया।

याचिका में क्या कहा गया ?

याचिका में कहा गया है कि प्रतीक में शामिल शेर क्रूर और आक्रामक नजर आ रहे हैं, जिनका मुंह खुला हुआ है और दांत दिख रहे हैं। जबकि, सारनाथ में मूर्ति के शेर शांत नजर आ रहे हैं। आगे कहा गया है कि चारों शेर बुद्ध के विचार दिखाते हैं। याचिका के अनुसार, यह महज एक डिजाइन नहीं है, इसका अपना सांस्कृतिक महत्व है।

विपक्षी पार्टी पर तंज, वह एक ‘कठपुतली’ साबित होंगे 

विपक्षी पार्टी पर तंज, वह एक ‘कठपुतली’ साबित होंगे 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उतरने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को विपक्षी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि वह एक ‘‘कठपुतली’’ साबित होंगे और ‘‘रिमोट’’ से नियंत्रित होंगे। भाजपा के सूचना-प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अस्सी की उम्र में मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के लिए प्रेरक पसंद हैं। वह युवा हैं, ऊर्जावान हैं और कांग्रेस को अपने पुनरुद्धार के लिए जिसकी जरूरत है उसके अनुरूप हैं।

उन्हें मनमोहन सिंह (पूर्व प्रधानमंत्री) से ‘रिमोट कंट्रोल से संचालित’ होने के तौर-तरीकों को अपना लेना चाहिए। इससे सब कुछ सुलझ जाएगा।’’ कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के अधिकतर वरिष्ठ नेता खड़गे के समर्थन में हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें गांधी परिवार का समर्थन हासिल है। हालांकि, गांधी परिवार ने इस चुनाव में तटस्थ भूमिका में रहने की बात कही है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक ट्वीट में कहा कि गहलोत (राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत) के परिवार (गांधी परिवार) का साथ खोने के बाद अब 80 वर्षीय मल्लिकार्जुन खड़गे को रिमोट से नियंत्रित ‘कठपुतली’ के रूप में चुना गया है, जिन्हें कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में भी देखा जा रहा है। उनके नामांकन के मुकाबले थरूर का नामांकन फीका रहा। क्या आपको नहीं लगता कि यह मैच खड़गे के लिए फिक्स है?

गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘क्या कोई यकीन कर सकता है कि यह निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव है, जिसमें परिवार अपने उम्मीदवार के निर्वाचन के लिए प्रयासरत है। जिस प्रकार मनमोहन सिंह चेहरा थे और उन्हें प्रधानमंत्री पद की उपाधि दी गई थी, उसी प्रकार की प्रक्रिया यहां अपनाई जा रही है। उन्होंने गांधी परिवार पर आरोप लगाया कि वे एक व्यक्ति, एक पद के आधार पर गहलोत को राजस्थान के मुख्यमंत्री पद से हटाना चाहते थे, वह भी उस वक्त जब उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष पद पर उनके सबसे पसंदीदा उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन खड़गे के लिए अपवाद रखा गया है। क्या उन्होंने नामांकन से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा दे दिया है?’’

पीनट बटर को अपने आहार में शामिल करें: सेहत 

पीनट बटर को अपने आहार में शामिल करें: सेहत 

सरस्वती उपाध्याय 

सूखे मेवों का सेवन आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना गया है। हालांकि, काजू, बादाम, पिस्ता आदि सूखे मेवों की कीमत अधिक होने के कारण हर कोई इन्हें नहीं खरीद पाता है। ऐसे में जो लोग महंगे नट्स का सेवन नहीं कर पाते हैं, वे लोग पीनट बटर को अपने आहार में शामिल कर सकते हैं।

जी हां, मूंगफली से तैयार किया जाने वाला पीनट बटर भी आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना गया है। इसमें पोटेशियम, जिंक, सेलेनियम, मैग्नीशियम, विटामिन ए और आयरन सहित कई विटामिन और खनिज मौजूद होते हैं। आप एक चम्मच पीनट बटर का सेवन सुबह नाश्ते में ब्राउन ब्रेड पर लगाकर या फिर रात को सोने से पहले दूध के साथ कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं इस समय पर पीनट बटर खाने से होने वाले फायदों के बारे में…

1. आंखों के लिए लाभकारी...

आजकल बड़े-बुजुर्गों के साथ-साथ छोटे-छोटे बच्चों को भी आंखों से संबंधित समस्याएं होने लगी हैं। जिससे कम उम्र में ही बच्चों के चश्मा लग जाता है। इसका एक सामान्य कारण पोषण में कमी और फोन, लैपटॉप आदि गैजेट्स का का अधिक इस्तेमाल करना है। इसका आंखों की रोशनी पर काफी असर पड़ता है। और धीरे-धीरे आंखें खराब होने लगती हैं। ऐसे में विटामिन-ए युक्त पीनट बटर का सेवन बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए फायदेमंद हो सकता है। क्योंकि विटामिन-ए आपकी आंखों को स्वस्थ में सहायक माना गया है।

2. बैड कोलेस्ट्रॉल को घटाने में...

शरीर में एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ने से हृदय संबंधी रोगों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में बैड कोलेस्ट्रॉल को घटाने में रोजाना एक चम्मच पीनट बटर का सेवन सहायक हो सकता है। क्योंकि इसमें मोनो अनसैचुरेटेड फैट मौजूद होता है। साथ ही वजन कम करने में सहायक पीनट बटर का सेवन हृदय रोगों के जोखिम को कम करने में भी किया जा सकता है।

3. दुरुस्त पाचन के लिए...

आपका पाचन बेहतर होगा, तो बहुत सी बीमारियां आपके निकट भी नहीं आएंगी। आपके पेट को ठीक रखने में फाइबर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए फाइबर युक्त पीनट बटर को रोजाना अपने आहार में शामिल करने से पाचन तंत्र को मजबूती मिल सकती है।

4. ब्लड शुगर कंट्रोल करता है...

रक्त शर्करा को नियंत्रित रखने के लिए भी रोजाना एक चम्मच पीनट बटर का सेवन करना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। क्योंकि पीनट बटर में भरपूर मैग्नीशियम पाया जाता है, जो आपके ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में सहायक होता है।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 


1. अंक-356, (वर्ष-05)

2. शनिवार, अक्टूबर 1, 2022

3. शक-1944, आश्विन, शुक्ल-पक्ष, तिथि-षष्ठी, विक्रमी सवंत-2079।

4. सूर्योदय प्रातः 06:20, सूर्यास्त: 06:25। 

5. न्‍यूनतम तापमान- 23 डी.सै., अधिकतम-35+ डी.सै., उत्तर भारत में भारी बरसात की संभावना है।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है। 

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु,(विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसेन पवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी। 

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102। 

9. पंजीकृत कार्यालयः263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

 (सर्वाधिकार सुरक्षित)

गुरुवार, 29 सितंबर 2022

एससी ने सभी महिलाओं को 'गर्भपात' का हक दिया 

एससी ने सभी महिलाओं को 'गर्भपात' का हक दिया 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। गुरुवार को देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट ने गर्भपात पर ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अपने फैसले में कोर्ट ने सभी महिलाओं को गर्भपात का हक दे दिया, फिर चाहे वो विवाहित हों या अविवाहित। कोर्ट ने कहा कि मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी एक्ट के तहत सभी महिलाएं 22 से 24 हफ्ते तक अबॉर्शन कराने की हकदार हैं।

कोर्ट ने कहा कि अगर जबरन सेक्स की वजह से पत्नी गर्भवती होती है, तो उसे सुरक्षित और कानूनी रूप से अबॉर्शन का अधिकार है। भारत में अबॉर्शन यानी गर्भपात को ‘कानूनी मान्यता’ जरूर है, लेकिन इसका मतलब कतई ये नहीं है कि इसकी छूट मिल चुकी है।

डीएम ने तीनों मिल के अधिकारियों की बैठक बुलाई

डीएम ने तीनों मिल के अधिकारियों की बैठक बुलाई

भानु प्रताप उपाध्याय 

शामली। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर डीएम ने गुरुवार को अपने कार्यालय में जनपद के तीनों मिल के अधिकारियों की बैठक बुलाई। डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने गन्ना भुगतान के बारे में जानकारी हासिल की। बताया गया कि तीनों मिलों पर अभी 500 करोड़ से अधिक बकाया है। इनमें शामली मिल पर ही 241 करोड़ रुपये बकाया होना बताया गया।

डीएम जसजीत कौर ने तीनों मिलों के अधिकारियों से कहा कि 30 सितंबर तक पूर्व में हुई वार्ता के अनुरूप भुगतान किया जाए। उन्होंने आगामी पेराई सत्र शुरू होने से पूर्व समस्त बकाया गन्ना भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने भुगतान में कोताही बरतने पर गन्ना सुरक्षण क्षेत्र में कटौती और एफआईआर दर्ज करने की भी चेतावनी दी है।

बीजेपी में शामिल हुए, पूर्व विधायक बलवंत 

बीजेपी में शामिल हुए, पूर्व विधायक बलवंत 

इकबाल अंसारी 

श्रीनगर। जेकेपीपी के पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने उनका पार्टी में स्वागत किया है। उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें पहले से चल रही थीं। इन अटकलों को अब विराम लग गया है।

बीजेपी में शामिल होने की मंशा...

उधमपुर विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके बलवंत सिंह मनकोटिया के दिल्ली दौरे से ही साफ हो गया था कि वो बीजेपी के होने जा रहे हैं। वह बुधवार को दिल्ली के लिए निकले थे। उनके बीजेपी में शामिल होने को लेकर बहुत पहले से ही कयासों का दूर शुरू हो गया था। बीते कुछ दिनों से पैंथर्स पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और आप के पूर्व नेता मनकोटिया के छह पार्षदों संग बीजेपी में जाने की चर्चाएं चल रही थी। उनके बीजेपी में जाने की पृष्ठभूमि तब ही तैयार हो गई थी, जब वह 6 पार्षदों और बीजेपी के 4 के पार्षदों के संग मिलकर वो नगर परिषद चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए थे।

सांठ-गांठ करने पर आप से बाहर...

बलवंत सिंह मनकोटिया को आम आदमी पार्टी (APP) ने 23 सितंबर शुक्रवार को पार्टी से बाहर कर दिया था। आप ने उन पर अन्य  राजनीतिक दलों के साथ सांठ -गांठ कर पार्टी को बदनाम करने के आरोप में निकाला था। लगभग छह महीने पहले ही उनका पैंथर्स पार्टी से मनमुटाव हो गया था। इस पार्टी के हर्ष देव सिंह के साथ बात न बनने पर उन्होंने पैंथर्स पार्टी को अलविदा कह दिया था। इसके बाद ही उन्होंने आप ज्वाइन की थी। मनकोटिया डोगरा क्रांति दल के नाम से अपने कार्यक्रम करते थे।

हर माह 2 लाख युवाओं को स्व-रोजगार दिया जाएगा

हर माह 2 लाख युवाओं को स्व-रोजगार दिया जाएगा

मनोज सिंह ठाकुर 

सीहोर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के युवाओं को आश्वस्त किया है कि हर माह दो लाख युवाओं को स्व-रोजगार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान बृहस्पतिवार को सीहोर जिले के बुदनी में 26 औद्योगिक संरचनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन करने के बाद समरोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने हितग्राहियों को स्व-रोजगार योजना के चैक और स्वीकृति-पत्र वितरित किए। सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सीहोर जिला प्रभारी और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभूराम चौधरी, सांसद रमाकांत भार्गव सहित जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि युवाओं को आगामी एक वर्ष में एक लाख शासकीय सेवाओं में नौकरी दी जायेगी। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं में रोजगार और स्व-रोजगार भी उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 8 माह में ही 25 लाख युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ा जा चुका है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि तकनीकी और कुशल युवा उद्योग लगाने के लिए आगे आए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आहवान किया कि युवाओं के लिए ही बनाई गई मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से 50 लाख रूपये तक का अपना स्व-रोजगार शुरू करें। मध्यप्रदेश सरकार ऋण की गारंटी देगी। साथ ही 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा।

चौहान ने क्लस्टर आधारित उद्योगों की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि एक जगह पर अनेक उद्यमियों के समूह से उत्पादन और रोजगार का बड़ी संख्या में सृजन होना है। मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर, इंदौर, भोपाल और नीमच के कलस्टर डेवलपर्स से वर्चुअल संवाद कर उनके उत्पाद और उनके द्वारा दिये जाने वाले रोजगार की जानकारी ली। उन्होंने सभी डेवलपर्स प्रति आभार व्यक्त किया और नया कार्य शुरू करने की शुभकामनाएं दी। चौहान ने हाल ही में मध्यप्रदेश के चीता स्टेट बनने का उल्लेख करते हुए कहा कि हम पहले से टाइगर और तेंदुआ स्टेट है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। श्री चौहान ने कलस्टर के साथ आजीविका मिशन की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए नागरिकों का आहवान किया कि चीन सहित दुनिया के अन्य उत्पादों के स्थान पर स्थानीय उत्पाद खरीदें। 

उन्होंने कहा कि बुदनी में 20 करोड़ रूपये की लागत से प्रारंभ हुए खिलौना कलस्टर के खिलौनों की धूम दुनिया में होगी। भोपाल में दवा, बुरहानपुर में कपड़ा, इंदौर में फर्नीचर सहित अन्य सभी जिलों में भी कलस्टर उद्योग आधारित उदाहरण बनेंगे। चौहान ने बुदनी में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे नर्मदापुरम संभाग के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मिल पाएंगी। उन्होंने बुदनी क्षेत्र में फोर लेन सड़कों के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि बुदनी के आस-पास आवागमन की बेहतर सुविधाओं से और भी उद्योग आयेंगे, जिनसे पूरा क्षेत्र समृद्ध होगा। चौहान ने नागरिकों से उज्जैन महाकाल लोक के आगामी 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की।

उन्होंने मंदिरों को सजाने, संबारने, दीप जलाने, भजन कीर्तन आदि करने की अपील की। सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री की परिकल्पना अनुसार प्रदेश में 41 क्लस्टर पर काम हो रहा है। इनसे बड़ी संख्या में प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा और करोड़ों रूपये का निवेश भी आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उनकी घोषणा के अनुरूप हर माह दो लाख से अधिक युवाओं को स्व-रोजगार योजनाओं से जोड़ा जाएगा।  चौहान ने युवाओं को रोजगार देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।

उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों से रोजगार प्रदान करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। रोजगार दिवस पर गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश के सीहोर, इंदौर, देवास, रायसेन सहित अनेक जिलों की 21 कम्पनियों ने अपने स्टॉल लगाए। कार्यक्रम स्थल पर क्षेत्र की महिला स्व-सहायता समूह द्वारा उत्पादित सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। मुख्यमंत्री ने सभी स्टॉलों पर जाकर ग्रामीण महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीप प्रज्ज्वलन और कन्या-पूजन भी किया।

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...