बुधवार, 12 मई 2021

सीरीज: श्रीलंका का वनडे कप्तान नियुक्त किया

कोलंबो। विकेटकीपर बल्लेबाज कुशल परेरा को बंगलादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका का वनडे कप्तान नियुक्त किया गया है। जबकि कुशल मेंडिस को 18 सदस्यीय टीम में उपकप्तान बनाया गया है। 30 वर्षीया परेरा ने श्रीलंका का 101 वनडे, 22 टेस्टों और 47 टी 20 में प्रतिनिधित्व किया है। वह दिमुथ करुणारत्ने से टीम की बागडोर संभालेंगे। जिन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी की थी। जो श्रीलंका 0-3 से हार गया था। टीम के सीनियर सदस्यों दिनेश चांडीमल, एंजेलो मैथ्यूज और लाहिरू तिरिमाने को श्रीलंका क्रिकेट की क्रिकेट चयन समिति ने टीम से हटा दिया है। इसुरु उडाना और धनंजय डिसिल्वा ने टीम में वापसी की है। दोनों खिलाड़ियों को वेस्ट इंडीज दौरे में नहीं रखा गया था। टीम में कई नए चेहरे शामिल किये गए हैं। श्रीलंका की टीम 16 मई को बांग्लादेश के लिए रवाना होगी और ढाका में 23, 25 और 28 मई को तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी।

डब्ल्यूएचओ ने बी.1.617 को चिंताजनक बताया

अकांशु उपाध्याय           

नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि भारत में पिछले साल पहली बार सामने आया।कोरोना वायरस का बी.1.617 स्वरूप 44 देशों में पाया गया है और यह स्वरूप चिंताजनक है। संयुक्त राष्ट्र की यह संस्था आए दिन इसका आकलन करती है। क्या सार्स सीओवी-2 के स्वरूपों में संक्रमण फैलाने और गंभीरता के लिहाज से बदलाव आए हैं या राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकारियों द्वारा लागू जन स्वास्थ्य और सामाजिक कदमों में बदलाव की आवश्यकता है। डब्ल्यूएचओ ने साप्ताहिक महामारी विज्ञान विज्ञप्ति में बी.1.617 को चिंताजनक स्वरूप (वीओए) बताया। चिंताजनक स्वरूप वे होते हैं। जिन्हें वायरस के मूल रूप से कहीं अधिक खतरनाक माना जाता है। कोरोना वायरस का मूल स्वरूप पहली बार 2019 के अंतिम महीनों में चीन में देखा गया था। किसी भी स्वरूप से पैदा होने वाले खतरे में संक्रमण फैलने की अधिक आशंका, ज्यादा घातकता और टीकों से अधिक प्रतिरोध होता है।

एशिया में कोरोना महामारी की स्थिति विस्फोटक हुईं

कुआलालंपुर। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ दी रेड क्रॉस ने कहा कि कोरोना वायरस के बीते दो हफ्ते में 59 लाख से अधिक नए मामले सामने आने के साथ ही एशिया में इस महामारी की स्थिति विस्फोटक हो गई है। संगठन ने कहा कि एशिया में बीते दो हफ्ते से कुछ अधिक समय में संक्रमण के जितने नए मामले सामने आए हैं वे इस अवधि में अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका में सामने आए संक्रमण के कुल मामलों से अधिक हैं। रेड क्रॉस ने बुधवार को चेतावनी दी कि संक्रमण के मामलों में वृद्धि से अस्पताल और स्वास्थ्य प्रणाली ध्वस्त होने के कगार पर हैं। उसने कहा कि दुनिया के ऐसे दस देश हैं। जहां संक्रमण के नए मामलों की संख्या बहुत तेजी से दोगुनी हो रही है। उनमें से सात देश एशिया और प्रशांत क्षेत्र से हैं।

बिहार में गंगा से शव निकाले जाने का सिलसिला जारी

अविनाश श्रीवास्तव          

पटना। बिहार के बक्सर जिले में गंगा नदी में कई शव तैरते दिखे, जिसके बाद हड़कंप मच गया। उसके बाद यूपी के गाजीपुर में भी गंगा में शव उफनाते दिखे। शवों के इस तरह नदी में बहकर आने पर कोर्ट ने भी संज्ञान लिया। जिसके बाद बिहार में गंगा से शव निकाले जाने का सिलसिला जारी है। बिहार सरकार के मुताबिक बक्सर जिले में गंगा से अबतक कुल 73 शव निकाले जा चुके हैं। माना जा रहा है कि ये कोरोना वायरस  से मरने वालों के शव हैं। संभावना जताई जा रही है कि संभवतः अंतिम संस्कार नहीं करके ये शव गंगा नदी में प्रवाहित किए गए। शवों को निकालने के बाद चौसा गांव के महादेव घाट पर जेसीबी से खुदाई कर शव दफनाए जा रहे हैं। बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने शवों के गंगा नदी में मिलने की चर्चा करते हुए कहा कि 4-5 दिन पुराने क्षत-विक्षत ये शव पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से बहकर बिहार आए हैं, ये बिहार के नहीं हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इतनी संख्या में शव बरामद होने और नदी में उन्हें प्रवाहित किए जाने से तकलीफ पहुंची है। क्योंकि वह गंगा नदी की स्वच्छता और निर्बाध प्रवाह को लेकर हमेशा चिंतित रहे हैं।

फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या से सरकार अलर्ट

अकांशु उपाध्याय           

नई दिल्ली। कोरोना के बाद ब्लैक फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या बढ़ने से सरकार अलर्ट मोड पर है। फंगल इन्फेक्शन की रोकथाम और इलाज के लिए सरकार अमेरिकी एक्सपर्ट्स डॉक्टर्स की मदद ले रही है। सरकार इसके लिए रोडमैप बना रही है। ताकि इस नयी परेशानी को बढ़ने से पहले ही रोक दिया जाए। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि फंगल इंफेक्शन के लिए सरकार अलर्ट मोड पर है। सरकार ने बीमारी की रोकथाम और उपचार के लिए तैयारी शुरू कर दी है। पहले फेज में गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल और जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में यूनिट शुरू की जा रही है। भोपाल और जबलपुर में 10-10 बिस्तर की यूनिट जल्द ही शुरू की जाएंगी। ब्लैक फंगस इंफेक्शन से निपटने के लिए चार विंग काम करेंगी। इनमें ईएनटी, नेत्र रोग विभाग, न्यूरोलॉजी और मेडिसन को मिलाकर एक यूनिट बनायी गयी है। सर्जरी के लिए नॉन कोविड और कोविड पॉज़िटिव मरीजों के लिए अलग-अलग ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था भी की जा रही है।

71,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंचीं 'चांदी'

अकांशु उपाध्याय               

नई दिल्ली। भारतीय बाजार में लगातार दूसरे दिन बुधवार को सोने के दाम में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.18% गिरकर 47,548 प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी वायदा 0.60% गिरकर 71,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। आपको बता दें कि अगस्त 2020 में सोना 56,200 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। उस हिसाब से तब से अब तक सोना करीब 9,000 रुपये सस्ता हो चुका है।

सोने की कीमतें: बुधवार को एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.18% की गिरावट के साथ 47,548 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। मंगलवार को सोना 47,640 प्रति 10 ग्राम के निशान पर बंद हुआ था।

चांदी की नई कीमतें: चांदी की कीमतों में भी आज भारी कमी दर्ज की गई हैं। चांदी वायदा 0.60% की गिरावट के साथ 71,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाजिर सोना 0.2 फीसदी की गिरावट के साथ 1,832.73 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अमेरिकी सोना वायदा 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ 1,834.30 डॉलर पर बंद हुआ। वहीं चांदी 0.6 प्रतिशत गिरकर 27.47 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। जबकि प्लैटिनम 0.5 प्रतिशत फिसलकर 1,228.68 डॉलर पर आ गया।

2 से 18 के आयुवर्ग के लिए वैक्सीन ट्रायल शुरू

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। भारत बायोटेक जल्द ही 2-18 के आयुवर्ग के लिए वैक्सीन ट्रायल शुरू कर सकता है। बीते मंगलवार को एक्सपर्ट पैनल ने इस वर्ग के लोगों के लिए भारत बायोटेक की कोवैक्सीन के दूसरे/तीसरे चरण के क्लीनिकल ट्रायल करने की सिफारिश की है। खास बात है कि फार्मा कंपनी ने कुछ समय पहले ही इन ट्रायल्स की अनुमति मांगी थी। फिलहाल एक्सपर्ट्स चिंता जता रहे हैं कि तीसरी लहर सबसे ज्यादा बच्चों को प्रभावित कर सकती है। सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी यानि एसईसी ने मंगलवार को क्लीनिकल ट्रायल्स की सिफारिश की है। हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक ने 2 से 18 साल के लोगों में सुरक्षा, प्रभावों और रोग प्रतिरोधक क्षमता की जानकारी का पता लगाने के लिए ट्रायल्स की अनुमति मांगी गई थी। खबर है कि यह ट्रायल एम्स दिल्ली, एम्स पटना समेत कई स्थानों पर 525 सब्जेक्ट्स पर किया जाएगा।

पैसेंजर स्पेशल गाड़ियों को रद्द करने का निर्णय: रेलवे

रायपुर। पर्याप्त यात्री संख्या उपलब्ध नहीं होने के कारण रेलवे प्रशासन ने कुछ पैसेंजर स्पेशल गाड़ियों को रद्द करने का निर्णय लिया है। अंबिकापुर-जबलपुर और नागपुर-रायपुर रेल मंडल मध्य चलने वाली मेमू स्पेशल ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। इसी प्रकार प्रदेश में लॉकडाउन के कारण डोंगरगढ़ -रायपुर के मध्य चलने वाली मेमू स्पेशल को 13 से 31  मई तक किया गया है। रेलवे ने रद्द होने वाली इन ट्रेनों की विस्तृत जानकारी दी है।  गाड़ी संख्या 01265 जबलपुर-अंबिकापुर, स्पेशल एक्सप्रेस 13 मई से आगामी आदेश तक रद्द रहेगी। 01266 अंबिकापुर-जबलपुर स्पेशल एक्सप्रेस 14 मई से आगामी आदेश तक रद्द रहेगी। मेमू स्पेशल गाड़ियों में 08709 रायपुर-डोंगरगढ़ 13 से 30 मई तक रद्द रहेगी। इसी तरह 08710 डोंगरगढ़-रायपुर 14 से 31 मई तक,08746 रायपुर-गेवरा रोड 13 से 30 मई तक, 08745 गेवरा रोड-रायपुर 14 से 31 मइ तक,08861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू 13 से 30 मई तक और 08862 झारसुगुड़ा-गोंदिया14 से 31 मई तक इस रद्द रहेगी।

अभिनेता सोनू ने फ्रांस से ऑक्सीजन प्लान्ट्स मंगवाएं

कविता गर्ग                    

मुंबई। भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर नहीं थम रहा है। लगातार अधिक मरीज मिलने से देश की स्वास्थ्य व्यवस्था बिगड़ गई है। मरीजों को अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत हो रही है। इस भयावह हालत के बीच फिल्म इंडस्ट्री से कई अभिनेता लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं, इसमें सबसे आगे सोनू सूद हैं। सोनू सूद ने पहले चीन की मदद से भारत तक ऑक्सीजन कंसनट्रेटर्स मंगाए थे। अब उन्होंने फ्रांस से भी ऑक्सीजन प्लान्ट्स मंगवाए हैं। सोनू सूद ने खुद इस बारे में सोशल मीडिया में जानकारी दी हैं। सोनू सूद बोले, कि हम देख रहे हैं कि कई सारे लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर्स की कमी के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन ऑक्सीजन सिलेंडर्स को ऐसे ही हॉस्पिटल्स तक नहीं पहुंचाया जाएगा। बल्कि इसे पूरी तरह से भरकर दिया जाएगा। इससे समस्या का निधान जल्दी हो पाएगा। इस समय सबसे जरूरी है कि चीजों को सही समय पर किया जाए ताकि हम लोग ज्यादा जानों को ना खाएं।

बांग्लादेश को ‘सिनोफॉर्म’ की 5,00,000 खुराक दी

ढाका/ बीजिंग। चीन ने कोविड-19 रोधी टीकों की कमी का सामना कर रहे बांग्लादेश की मदद करने के लिए बांग्लादेश को ‘सिनोफॉर्म’ की 5,00,000 खुराक दी है। बांग्लादेश की आबादी 16 करोड़ है और भारत से ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के टीकों के निर्यात पर प्रतिबंध के बाद से वहां टीकों की भारी कमी आ गई है। ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के कोविड-19 रोधी टीकों का निर्माण ‘सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है। बांग्लादेश में चीन के राजदूत ली जिमिंग ने बुधवार को ढाका को ‘सिनोफॉर्म’ की खुराक सौंपी। विश्व स्वास्थ्य संगठन के ‘सिनोफॉर्म’ के टीके के विश्वस्तर पर आपात इस्तेमाल को मंजूरी देने के बाद बांग्लादेश ने भी चीन के टीके को मंजूरी दे दी थी। इससे पहले, बांग्लादेश को भारतीय संस्थान से टीके की 70 लाख खुराक मिली थी।

नारियल का पानी पीना सेहत के लिए लाभकारी

गर्मियों में नारियल का पानी पीना सेहत के लिए लाभकारी होता है। लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि नारियल का दूध सेहत के लिए कितना लाभकारी है। ये आपको कई स्वास्थ्य समस्याओं से दूर रखने में मदद करता है। इसमें कई सारे पोषक तत्व होते हैं। आइए जानें नारियल दूध पीने के क्या फायदे हैं।
अधिकतर लोगों को लगता है कि नारियल के अंदर के पानी को नारियल दूध कहा जाता है। लेकिन ऐसा नहीं है नारियल दूध नारियल को कस के निकाला जाता है।नारियल के दूध में विटामिन सी, विटामिन ई, विटामिन बी 1, 3 , 5, 6 , आयरन,सेलेनियम,कैल्शियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस होता है। इसका इस्तेमाल मिठाईयों और कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है।हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए – हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए आप नारियल दूध का सेवन कर सकते हैं।इसमें कैल्शियम और फास्फोरस की मात्रा अधिक होती है। ये हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है।
कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल – नारियल के दूध में संतृप्त वसा होती है। ये कोलेस्ट्रोल को कंट्रोल करने में मदद करता है, इसमें लैरीक एसिड होता है। ये अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है। इसलिए कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए आप अपनी डाइट में नारियल का दूध शामिल कर सकते हैं।
इम्यूनिटी के लिए – नारियल के दूध में एंटीफंगल और एंटीवायरल गुण होते हैं। ये शरीर में वायरस और बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं। ये इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं।
मैग्नीनिशयम के लिए – नारियल के दूध में मैग्नीनिशयम की मात्रा अधिक होती है। ये मांसपेशियों के लिए अच्छा होता है।
वजन कम करने के लिए – नारियल का दूध फैटी एजेंट के लिए भी जाना जाता है, इसमें फाइबर होता है। इससे आपको अधिक समय तक भरा हुआ महसूस होता है। ये वजन कंट्रोल करने में मदद करता है। इसलिए वजन कम करने के लिए इसका सेवन सिमित मात्रा में कर सकते हैं।
बालों के लिए – घर में बने नारियल दूध से आप 5 मिनट मालिश करें और इसे 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. ये बालों को मजबूत बनाता है। ये बाल बढ़ने में मदद करता है। ये बालों की समस्या जैसे दोमुंहे बाल, कमजोर बाल आदि को दूर करने में मदद करता है।
गठिया का इलाज – नारियल के दूध में सेलेनियम नाम का एंटीऑक्सीडेंट होता है। ये जोड़ों के दर्द और सजून की समस्या में राहत देता है। सजून के जोखिम को कम करने के लिए भी आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

दिल्ली में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं: सरकार

अकांशु उपाध्याय            
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने कहा है कि फिलहाल दिल्ली में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं है। दिल्ली हाईकोर्ट को मंगलवार को दिल्ली सरकार के वकील ने कहा कि ऑक्सीजन बेड भी फिलहाल खाली है। साथ ही कहा कि लगातार स्थिति में सुधार हो रहा है। 
सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार के वकील ने कहा कि कल 632 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मिली। मेहरा ने कहा कि दिल्ली के टैंकर अगले सप्ताह मिलने लगेंगे। दिल्ली सरकार ने विभिन्न सप्लायर को टैंकर का ऑर्डर दिया है। तब कोर्ट ने पूछा कि क्या आप सेना की मदद ले रहे हैं। इस पर मेहरा ने कहा कि हमने आग्रह किया है। लेकिन फिलहाल सेना का इस्तेमाल नहीं हो रहा है। इस पर केंद्र की ओर से वकील निधि मोहन पराशर ने कहा कि सेना वितरण के काम में लगी हुई है।

आरोपित गौतम की जमानत याचिका खारिज की

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को भीमा कोरेगांव हिंसा मामले के आरोपित गौतम नवलखा की जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस यूयू ललित की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि 90 दिनों तक चार्जशीट दाखिल करने की समय सीमा इस मामले में लागू नहीं होती है। कोर्ट ने पिछले 26 मार्च को फैसला सुरक्षित रख लिया था। 
गौतम नवलखा ने कहा था कि 90 दिनों के अंदर चार्जशीट दाखिल होनी थी, जो नहीं की गई। लिहाजा वे जमानत के हकदार हैं। गौतम नवलखा ने बॉम्बे हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर किया था। पिछले 19 फरवरी को हाईकोर्ट ने गौतम नवलखा की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। 

विशेष: 26 मई को लगेगा साल का पहला 'चंद्र ग्रहण'

उज्जैन। 26 मई को साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। इस दिन वैशाख और बुद्ध पूर्णिमा भी है। इस बार वैशाख पूर्णिमा का विशेष महत्व होगा। साल का पहला चंद्र ग्रहण उपछाया ग्रहण होगा। इस वजह से इस ग्रहण का धार्मिक प्रभाव नहीं होगा। चंद्र ग्रहण 26 मई को दोपहर 2 बजकर 17 मिनट पर शुरू होगा और शाम 7 बजकर 19 मिनट पर खत्म होगा। इसका प्रभाव वृश्चिक राशि के लोगों पर सबसे ज्यादा होगा।
साल 2021 का पहला चंद्र ग्रहण अमेरिका, उत्तरी यूरोप, पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया और प्रशांत महासागर के कुछ क्षेत्रों में पूर्ण रूप से दिखाई देगा। भारत में ये उपछाया की तरह दिखागा। उपछाया ग्रहण में किसी भी तरह के धार्मिक कार्यों पर पाबंदी नहीं होती है। इसलिए 26 मई के दिन सूतक काल नहीं माना जाएगा। ग्रहण काल के दौरान भी मंदिर के कपाट बंद नहीं होंगे। इस दिन किसी भी तरह के शुभ कार्यों पर रोक नहीं रहेगी। चंद्र ग्रहण वृश्चिक राशि और अनुराधा नक्षत्र में लगने जा रहा है। वृश्चिक राशि वाले लोगों पर इस ग्रहण का कुछ न कुछ असर जरूर देखने को मिलेगा। ग्रहण का प्रभाव लंबे समय तक रहता है। इस वजह से वृश्चिक राशि और अनुराधा नक्षत्र के लोगों को हर काम करते समय सतर्क रहना होगा।

कोरोना: लड़ाईं को कमजोर करने का कुप्रयास किया

हरिओम उपाध्याय               
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को खरी-खरी सुना दी। बिना नाम लेते हुए कहा कि प्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री ने यह कहकर कि 'यह भाजपा की वैक्सीन है और वह वैक्सीन नहीं लगवाएंगे'। जनता को गुमराह करने व कोरोना के विरुद्ध इस लड़ाई को कमजोर करने का कुप्रयास किया। 
बतादें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज एक खुला पत्र कांग्रेस की अंतरीम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखा है, जिसमें कोरोना के खिलाफ लड़ाई में ​कांग्रेस के असहयोग का उल्लेख किया है। इसी पत्र को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी हमला बोला है। 

नागालैंड: एक सप्ताह तक 'लॉकडाउन' की घोषणा

कोहिमा। नागालैंड ने कोविड के जानलेवा संक्रमण को देखते हुए 14 मई से 21 मई तक पूरे नागालैंड में एक सप्ताह तक लॉकडाउन की घोषणा की गयी है। मंगलवार को राजधानी कोहिमा में मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के आवास पर हुई उच्चस्तरीय आपात बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। नागालैंड सरकार के प्रवक्ता नेबा क्रुनू ने कहा कि लॉकडाउन 14 मई की सुबह 06 से 21 मई तक लागू रहेगा। उल्लेखनीय है कि नगालैंड में भी प्रतिदिन 200 से अधिक संक्रमित मरीजों की शिनाख्त हो रही है, जबकि मरीजों की लगातार मौतें भी हो रही हैं। जिसको रोकने के लिए राज्य सरकार ने लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगाया गया है।

सरकार ने प्रतिबंधों को एक सप्ताह के लिए बढ़ाया

अहमदाबाद। गुजरात सरकार ने राज्य के 36 शहरों में कोरोना के चलते रात्रि कर्फ्यू और अतिरिक्त सीमित प्रतिबंधों को एक सप्ताह तक के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री ने कर्फ्यू के दौरान सहयोग करने के लिए छोटे-बड़े व्यापारियों और आमजनता को धन्यवाद दिया है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक में राज्य में कोरोना को नियंत्रित करने और लोगों को राहत पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में राज्य के 36 शहरों में रात्रि कर्फ्यू और सीमित प्रतिबंधों को एक सप्ताह के लिए बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया। राज्य के 8 महानगरों सहित 36 शहरों में रात्रि का कर्फ्यू अब 18 मई तक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा।

नियंत्रित तरीके से दिल्ली को खोलना पड़ेगा: हाईकोर्ट

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार से कहा है कि कोरोना के मामले कम होने पर आप को बहुत ही नियंत्रित तरीके से दिल्ली को खोलना पड़ेगा। वरना हम पुरानी वाली स्थिति में फिर से पहुंच जाएंगे। जस्टिस विपिन सांघी की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि इलाज न मिल पाने की वजह से किसी की मौत नहीं होनी चाहिए। सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार से यह बात तब कही जब दिल्ली सरकार के वकील राहुल मेहरा ने कहा कि जिस तरह से कोरोना के मामले आ रहे हैं, पता नहीं लॉकडाउन कब तक हट पाता है। तब जस्टिस सांघी ने कहा कि दिल्ली को काफी नियंत्रित तरीके से खोलना होगा, वरना हम वही पुरानी स्थिति में पहुंच जाएंगे। इस पर वकील गौतम नारायण ने कहा कि इसके लिए हमें खुद को भी दोष देना होगा। तब कोर्ट ने कहा कि इसमें सरकार की भी भूमिका रही है। हमने चुनाव कराए, हमने मेला करने की अनुमति दी। एएसजी चेतन शर्मा ने कहा कि अभी भी ये चीजें हो रही हैं, हम इस पर कुछ बोलना नहीं चाहते हैं। तब जस्टिस पल्ली ने कहा कि इस लहर में कई नौजवान लोग गए हैं। इस लहर के खत्म होने के बाद पता नहीं हम किन-किन लोगों से दोबारा मिल पाएंगे। इस मेहरा ने कहा कि छोटे बच्चों का पूरा सहारा खत्म हो जा रहा है। 24 से 38 घंटे में पूरा परिवार बर्बाद हो जा रहा है। 

100 टीकाकरण केंद्रों को बंद करना पड़ा: सिसोदिया

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को कहा कि भारत बायोटेक ने दिल्ली सरकार को सूचित किया है कि वह राष्ट्रीय राजधानी को कोवैक्सीन की “अतिरिक्त” खुराकें नहीं उपलब्ध करा सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोवैक्सीन का भंडार समाप्त हो गया है और नतीजतन 17 स्कूलों में बनाए गए करीब 100 टीकाकरण केंद्रों को बंद करना पड़ा है। सिसोदिया ने कहा, “कोवैक्सीन निर्माता ने एक पत्र में कहा कि वह अनुपलब्धता के चलते दिल्ली सरकार को संबंधित सरकारी अधिकारी के निर्देश के तहत खुराकें उपलब्ध नहीं करा सकता है। इसका मतलब केंद्र सरकार टीके की आपूर्ति को नियंत्रित कर रही है।” उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र को टीकों का निर्यात रोकना चाहिए और व्यापक पैमाने पर उत्पादन के लिए देश में दो टीका उत्पादकों के टीका फॉर्मूले को अन्य कंपनियों के साथ साझा करना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध टीकों को भारत में उपयोग के लिए उपलब्ध कराने तथा तीन महीने के भीतर हर किसी को टीका लगाने का राज्यों को निर्देश देने का भी आग्रह किया।

गाजियाबाद: धारा-144 की अवधि 31 मई तक बढ़ाईं

अश्वनी उपाध्याय                

गाजियाबाद। जिले में बढ़ते कोरोनावायरस संक्रमण कारण रखते हुए धारा 144 की अवधि 31 मई तक बढ़ा दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट कृष्ण करुणेश ने आदेश जारी कर धारा 144 की अवधि को तीन हफ्ते के लिए बढ़ाया है। पिछले आदेश के मुताबिक ज़िले में 10 मई तक धारा 144 लागू की गई थी। जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक जिले में सामाजिक, शैक्षिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक राजनीतिक कार्यक्रमों और अन्य सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन करने की अनुमति नहीं होगी। अंतिम संस्कार या शव यात्रा में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही 20 लोगों से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी। प्रशासन द्वारा शादी समारोह में 50 व्यक्तियों से अधिक के शामिल होने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

सलमान बना सकते हैं ‘मोस्ट वांटेड भाई’ का सीक्वल

कविता गर्ग                    

मुंबई। बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान का कहना है कि यदि उनकी फिल्म ‘राधे योर मोस्ट वांटेड भाई’ लोगों को पसंद आती है तो वह इस फिल्म का सीक्वल बना सकते हैं। प्रभुदेवा के निर्देशन में बनीं सलमान ख़ान की फिल्म ‘राधे योर मोस्ट वांटेड भाई’ 13 मई को प्रदर्शित होने जा रही है। सलमान इन दिनों ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि यदि दर्शकों को ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ पसंद आती है तो वह इसका सीक्वल जरूर बनायेंगे। सलमान खान ने कहा कि ‘राधे’ वांटेड का सीक्वल नहीं हैं। इस फिल्म में केवल किरदार का नाम ‘राधे’ है और वह केरल का है और एक पुलिस वाला है। फिल्म में कमिटमेंट वाला डायलॉग जरूर है लेकिन वो भी अलग अंदाज में है। फिल्म ‘वांटेड में मेरे पुलिस वाले होने और विनोद खन्ना के मेरे पिता होने का सस्पेंस था। ‘राधे’ वांटेड नहीं है। राधे में कोई सस्पेंस नहीं है। यह मनोरंजन, अच्छा म्यूजिक, शानदार एक्शन और बहुत अच्छे प्लॉट के साथ बनाई गई है। गौरतलब है कि ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई में सलमान खान के साथ दिशा पटानी, रणदीप हुड्डा और जैकी श्रॉफ भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म को सलमान खान फिल्म्स ने ज़ी स्टूडियो के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है।

बारिश के दौरान फटे बादल, नदी में पानी का सैलाब

बारिश के दौरान फटे बादल, नदी में पानी का सैलाब  पंकज कपूर  अल्मोड़ा। भारी बारिश के दौरान फटे बादल की वजह से सूखी पड़ी नदी में पानी का सैलाब ...