सोमवार, 19 अप्रैल 2021

दिल्ली: 75 आइसोलेशन कोच मुहैया कराने का ऐलान

अकांशु उपाध्याय          
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर से पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। राजधानी दिल्ली और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई दोनों ही बड़े शहरों में कोरोना वायरस काफी तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। इस संक्रमण काल में दिल्ली सरकार की मांग पर रेलवे ने दिल्ली में 75 आइसोलेशन कोच मुहैया कराने का ऐलान किया है। 
 उत्तर रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि राजधानी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिलन और शकूर बस्ती स्टेशन पर कोरोना मरीजों के लिए कुल 75 आइसोलेशन कोच उपलब्ध कराए जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर कोविड केयर सेंटर के रूप में रखे जाने वाली रेल की बोगियों में 1200 बेड होंगे। रेलवे की ओर से जानकारी दी गई है कि फिलहाल कोरोना के मामूली लक्षण वाले मरीजों के लिए दिल्ली के शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन पर 50 कोविड-19 आइसोलेशन कोच को तैयार कर दिया गया है। इन 50 कोचों में कोरोना मरीजों के लिए 800 बेड की सुविधा दी गई है। रेलवे के बयान में बताया गया है कि शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के अलावा आनंद विहार टर्मिनल पर कोरोना मरीजों के लिए 25 कोच उपलब्ध कराए जाएंगे। इन 25 कोचों में 400 कोरोना संक्रमित मरीजों को रखा जा सकेगा। 
 रेलवे ने ये भी साफ किया है कि अगर कोरोना का संक्रमण बढ़ा और जरूरत पड़ी तो इन दो स्टेशनों के अलावा दिल्ली की दूसरी जगहों पर भी आइसोलेशन कोच का इंतजाम किया जाएगा। आपको बता दें कि रविवार को ही दिल्ली सरकार ने इंडियन रेलवे से आनंद विहार टर्मिनल और शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन पर कोविड केयर सेंटर के रूप में आइसोलेशन कोच की व्यवस्था करने का आग्रह किया था। 

माता-पिता की सालगिरह पर तस्वीर को साझा किया

मनोज सिंह ठाकुर         
मुंबई। कंगना रनौत सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपनी निजी जिंदगी से जुड़े किस्से भी फैंस के साथ साझा करती हैं। इस बार भी कंगना ने ऐसा ही कुछ किया है। सोमवार को कंगना ने अपने माता- पिता की शादी की सालगिरह पर उनकी एक थ्रोबैक तस्वीर को ट्विटर पर साझा किया है। ब्लैक एंड व्हाइट यह तस्वीर कंगना के पैरेंट्स की शादी की है। इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा करने के साथ ही कंगना ने फैंस को अपने माता-पिता के बीच की दिलचस्प प्रेम कहानी भी सुनाई है। कंगना ने ट्वीट कर लिखा-'आज मेरे पैरंट्स की शादी की सालगिरह है। जब हम बड़े हो रहे थे तो हमसे झूठ बोला गया था कि यह एक पारंपरिक अरेंज मैरिज थी। काफी बाद में नानी ने हमें बताया कि इनके बीच में अफेयर था। पापा ने मम्मी को कॉलेज से वापस आते हुए बस स्टैंड पर देखा था। इसके बाद पापा रोजाना उसी बस में जाने लगे जब तक कि मम्मी ने उन्हें नोटिस नहीं किया। जब पापा ने शादी का रिश्ता भेजा तो नानाजी ने इसके लिए तुरंत इनकार कर दिया क्योंकि पापा की इमेज बहुत अच्छी नहीं थी जबकि नाना ने मां के लिए सरकारी नौकरी वाला दूल्हा ढूंढा था। मां नाना जी को बहुत प्यारी थीं और वह उन्हें प्यार से गुड्डी बुलाते थे। मगर मां इस शादी के लिए अड़ गईं और नाना को इस शादी के लिए मना लिया। इसके लिए शुक्रिया। शादी की सालगिरह की बधाई।

सरकार ने स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भी कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ते देखकर राज्य सरकार ने सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। माना जा रहा है कि जानलेवा कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बंगाल एक बार फिर लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है। 
 सोमवार को राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। इस दौरान शिक्षकों को भी स्कूल नहीं आना होगा। राज्य शिक्षा विभाग ने इससे संबंधित गाइडलाइन में कहा गया है कि फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए स्कूलों को बंद रखा जाएगा। हालांकि इसमें इस बात का जिक्र है कि गर्मी की छुट्टी कोविड-19 को देखते हुए पहले दी जा रही है। 
उल्लेखनीय है कि करीब एक साल बाद नवमी से 12वीं तक की पढ़ाई शुरू हो गई थीं। लेकिन तेजी से बढ़ते कोरोना के बीच एक बार फिर स्कूलों को बंद करने का निर्णय लंबे लॉकडाउन का संकेत हो सकता है। हालांकि पहले जिस तरह से ऑनलाइन क्लास चलती थीं, वैसे चलेंगी।

एमपी: 17 हजार 963 कोरोना संक्रमितों ने जंग जीतीं

भोपाल। प्रदेश में एक ओर कोरोना का कहर जारी है तो दूसरी तरफ लगातार अपनी दृढ़ इच्‍छा शक्‍ति एवं चिकित्‍सकों के परामर्श व देखभाल के कारण पिछले तीन दिनों में 17 हजार 963 कोरोना संक्रमित व्यक्ति कोरोना से जंग जीत कर घर वापस लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार 15 अप्रैल को 3970, शुक्रवार 16 अप्रैल को 7496 और 17 अप्रैल को 6497 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए हैं। 
उल्‍लेखनीय है कि  प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना की जांच एवं उपचार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आवश्यक दवाओं के साथ अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। सभी जिलों मे कोविड केयर सेंटर भी प्रारंभ किये गये हैं। होम आइसोलेशन वाले व्यक्तियों के लिए इलाज की सुविधाएँ मुहैया करवाई जा रही है।
वहीं, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान का कहना है कि  मुख्य रूप से फेस मॉस्क का लगातार इस्तेमाल, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, सेनेटाइजर का इस्तेमाल और अपने हाथों को निश्चित अंतराल के बाद साबुन से धोना जैसे उपाय करते हुए ही कोरोना से बचा रहा जा सकता है । उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगने के बाद भी यह नहीं माना जाता है कि संबंधित व्यक्ति को कोरोना नहीं होगा। बल्‍कि  वैक्सीन लगने के बाद कोरोना संक्रमित व्यक्ति को शरीर में नुकसान काफी कम होगा। इसके अलावा उनका कहना है  कि कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर सरकार के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती स्वास्थ्य सुविधाओं, खासतौर से अस्पताल में बेड्स की पर्याप्त संख्या सुनिश्चित करना है। इस चुनौती का हम लगातार सामना कर रहे हैं। किेंतु हर संभव सार्थक प्रयास जारी हैं। 

झारखंड में जेपीएससी सहित कई परीक्षाएं स्थगित

मनोज सिंह ठाकुर            
रांची। झारखंड सरकार ने कोरोना से बिगड़ती स्थिति को देखते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। झारखंड पब्लिक सर्विस कॉमिशन (जेपीएससी) समेत कई परीक्षाओं को स्थगित करने के साथ ही स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, तकनीकी शिक्षा संस्थान व आंगनबाड़ी केंद्रों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गे है। शादी समारोह में 50 से अधिक लोगों के शामिल होने पर भी पाबंदी लगा दी गयी है। 
 झारखंड पब्लिक सर्विस कॉमिशन की दो मई को होने वाली परीक्षा में करीब पांच लाख अभ्यर्थी शामिल होने थे। कोरोना संक्रमण के और फैलने का खतरा देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने की अगुवाई में रविवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में जेपीएससी की परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया गया। इस परीक्षा रद्द करने के लिये झारखंड लोक सेवा आयोग पर दबाव बनाया जा रहा था। सरकार की ओर से कहा गया है कि राज्य में कोरोना का खतरा तेजी से बढ़ा है। इसे देखते हुए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ायी जा रही हैं। जीवनरक्षक दवाओं और जरूरी बेड की व्यवस्था की जा रही है। मेडिकल सेंटर में बेडों की संख्या बढ़ाने का भी काम चल रहा है। 
 मुख्यमंत्री हेमंत ने राज्य के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि संक्रमण को रोकने में सबों की मदद चाहिये. इसे हल्के में ना लें। यह घातक रूप में सामने आ रहा है। नौजवान, बुजूर्ग और हर उम्र के लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। नौजवान वर्ग के लोग बेवजह मौज मस्ती करना और घूमना बंद करें।अगले को संक्रमित मानकर चलें। ऐसा नहीं करने पर आपके आपके परिजन भी चपेट में आ सकते हैं। बेवजह अभी कोई ना घूमें। जरूरी होने पर मास्क लगाकर ही निकले। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि संक्रमण के खतरे को रोकने के लिए और भी निर्णय लिये जा सकते हैं। इस महीने के बाद इसकी फिर से समीक्षा की जायेगी। बैठक में वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता सहित अन्य भी शामिल थे। 

नोएडा में कोरोना के 700 नए मरीजों की पुष्टि हुई

विजय भाटी   
गौतमबुद्ध नगर। कोरोना महामारी का दंश झेल रहे जिलें में रविवार को 700 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जनपद में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 3327 हो गई है। सबसे ज्यादा मामले राजधानी लखनऊ में सामने आए हैं। जहां 5551 नए मरीज मिले हैं। इस वक्त राजधानी में सक्रिय मरीजों की संख्या 47700 हो गई है। गौतमबुद्ध नगर में संक्रमण की वजह से 3 मरीजों की मौत हो गई है। इसके साथ ही कुल मौतों का आंकड़ा 103 हो गया है।
गौतमबुद्ध नगर के जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर सुनील दोहरे ने बताया कि पिछले 24 घंटे में जनपद में 700 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। हालांकि इस दौरान 147 मरीज ठीक होकर अस्पताल से घर चले गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण की वजह से जनपद में 3 लोगों की मौत हो गई है। इससे मृतकों की संख्या 103 हो गई है। अधिकारी ने बताया कि जनपद में फिलहाल 3327 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। नए मरीजों की संख्या के साथ ही जिले में अब तक कुल मामलों की संख्या 30530 हो गई है। कुल 27100 मरीज ठीक हो कर घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से 2 की मौत


अकांशु उपाध्याय           
नई दिल्ली। नवरात्र की सप्तमी पर जालौन देवी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली बीझलपुर अयाना मार्ग पर सडरापुर मोड़ के पास पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि करीब 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अयाना थाना पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है।
नवरात्र पर अयाना थाना क्षेत्र के नवादा ज्वाला प्रसाद गांव से तीन ट्रैक्टर ट्राली से करीब 20 परिवारों के लोग देवी दर्शन के लिए जालौन जिला गए थे। जालौन में देवी मंदिर से पूजन करके सभी गांव लौट रहे थे। सुबह करीब नौ बजे रास्ते में एक दूसरे को ओवरटेक करने में ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से ट्राली खाईं में पलट गई। ट्राली सवार लोग उसके नीचे दब गए जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई।     राहगीरों ने किसी तरह से उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में आशा देवी पत्नी राजन सिंह और नीलम पत्नी लख्मी चंद्र निवासी ग्राम नवादा ज्वाला प्रसाद की मौत हो गई है। करीब 7 घायलों काे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएचओ नवीन कुमार ने बताया कि पांच लोगों की हालत ज्यादा गंभीर होने से उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया है। बताया जाता है कि घायल व मृतक एक ही परिवार के हैं।

जमुई में कोरोना के 79 नए संक्रमितों की पहचान

अविनाश श्रीवास्तव             
जमुई। जिले में रविवार को 79 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी रिपोर्ट में जमुई के 29, खैरा के 15, सोनो के 13, बरहट के तीन, चकाई के दो, गिद्धौर के पांच, अलीगंज के दो, लक्ष्मीपुर के सात तथा सिकंदरा के दो नए संक्रमितों की पहचान हुई। रविवार को बरहट के गुगुलडीह, खादीग्राम, मलयपुर में दो, कटौना सहित सदर के इंदपै, अभयपुर, खैरा के खुटौना, झुंडो, हरदीमोड़, मोहालीगढ़, नवडीहा, पूरना खैरा, लक्ष्मीपुर के बेला, मटिया, खिरया, हरला, सोनो के पेलवाजन, डूमरी, रजौन आदि गांवों में भी संक्रमित पाए जाने के अलावा सोनो प्रखंड कार्यालय, एसबीआइ लक्ष्मीपुर, पीएचसी खैरा, जीविका जमुई,एसएसबी पकरी, सिविल कोर्ट के कर्मी भी संक्रमित पाए गए हैं।
लखीसराय के भी एक संक्रमित पाए गए हैं। अनुश्रवण सह मूल्यांकन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि अब तक जिले में 3514 संक्रमित की पहचान हुई है।

वायरस मिल जाता तो फडणवीस के मुंह में डाल देतें

मनोज सिंह ठाकुर        
बुलढाणा। रेमडेसिविर का उत्पादन करने वाली एक दवा कंपनी के शीर्ष अधिकारी से दवा की कथित जमाखोरी को लेकर उठे विवाद के बीच शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड ने कहा है कि यदि उन्हें कहीं कोरोना वायरस मिल जाता तो वह उसे भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के मुंह में डाल देते। रेमडेसिविर का उत्पादन करने वाली एक दवा कंपनी के शीर्ष अधिकारी से दवा की कथित जमाखोरी को लेकर मुंबई पुलिस द्वारा पूछताछ करने के मामले में महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ दल पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साध रहे हैं। यहां संवाददाताओं से बातचीत में बुलढाणा से विधायक गायकवाड़ से पूछा गया था कि महामारी के इस दौर में यदि फडणवीस मुख्यमंत्री होते तो वह क्या करते। इस पर उन्होंने कहा कि राज्य के मंत्रियों का समर्थन करने के बजाए भाजपा नेता उनका मजाक बना रहे हैं और सोच रहे हैं कि किस तरह प्रदेश सरकार को विफल किया जा सकता है। गायकवाड ने कहा, ”इसलिए, यदि मुझे कोरोना वायरस मिल जाता तो मैं उसे देवेंद्र फडणवीस के मुंह में डाल देता।

अभिनेता अर्जुन ने मीडिया पर वीडियो शेयर किया

मनोज सिंह ठाकुर       
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर अपनी फिल्म 2 स्टेट्स की रिलीज के सात साल पूरे होने पर भावुक हो गये और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। वर्ष 2014 में प्रदर्शित 2 स्टेट्स के प्रदर्शन के सात साल पूरे हो गये हैं। फिल्म 2 स्टेट्स में अर्जुन कपूर, आलिया भट्ट, अमृता सिंह, रेवती, रॉनित रॉय जैसे सितारे भी नजर आए थे। ‘2 स्टेट्स’ के सात साल पूरे होने पर अर्जुन कपूर ने इस फिल्म को याद किया है।अर्जुन कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो के बैकग्राउंड में गाना बज रहा है ‘लोचा ए उलफत’, इसके साथ फिल्म अलग- अलग सीन की तस्वीरों का कोलाज नजर आ रहा है। इसके साथ ही अमृता सिंह और रेवती का डायलॉग भी सुनाई दे रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए अर्जुन कपूर ने कैप्शन में लिखा, ‘आपको सिर्फ प्यार चाहिए। खासकर आज के दिन।

देवरिया: दीवानी न्यायालय 20 अप्रैल तक रहेगा बंद

देवरिया। दीवानी न्यायालय में न्यायिक अधिकारी व कर्मी के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के दृष्टिगत कोविड प्रोटोकाल पालन एवं सैनिटाइजेशन कार्यों के लिये दीवानी न्यायालय कल 20 अप्रैल तक बन्द रहेगा। यह जानकारी जनपद न्यायाधीश रविनाथ ने देते हुए बताया है कि सम्पूर्ण न्यायालय परिसर को पूर्णतः सैनिटाईज कराने हेतु सीएमओ एवं अधिशासी अधिकारी नगरपालिका से अपेक्षा की गयी है कि वे सम्पूर्ण न्यायालय एवं परिसर का सैनिटाइजेशन त्वरित रुप में सुनिश्चित करायेगें।न्यायालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी कोरोना महामारी के बचाव हेतु राज्य व केन्द्र सरकार एवं न्यायालय द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करेगें। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इन बन्दी के दिनो में रिमांड आदि के संबंध में आवश्यक कार्यवाही व्यवस्था सुनिश्चित करेगें।
देवरिया के नागरिकों से जिलाधिकारी की अपील
देवरिया जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि आपको संक्रमण हो रहा है तो घबराएं नहीं। जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखे। जिला प्रशासन सभी होम आइसोलेटेड रोगियों को घर पर ही जीवन रक्षक मेडिसिन किट पहुंचा रहा है, उसका सेवन करें।

5 वर्षीय बच्ची से बलात्कार, गला दबाकर हत्या की

बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में बलात्कार के बाद पांच साल की बच्ची की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सिलसिले में बच्ची के एक रिश्तेदार को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है। बबेरू कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) भास्कर मिश्रा ने बताया कि बलात्कार के बाद पांच साल की बच्ची की हत्या कर शव धान के पुआल (पराली) में छिपाए जाने की घटना मरका गांव में रविवार देर शाम घटित हुई है।
उन्होंने बताया कि रविवार शाम बच्ची अपने घर के सामने खेल रही थी। तभी उसका 42 वर्षीय रिश्तेदार उसे बहाने से अपने घर ले गया और बलात्कार के बाद गला दबाकर उसकी हत्याकर शव धान के पुआल (पराली) में छिपा दिया। भास्कर मिश्रा ने बताया कि बच्ची के गायब होने की सूचना परिजनों ने पुलिस को रात में दी, जिसके बाद बच्ची की खोजबीन शुरू हुई और उसका शव घर से कुछ दूरी पर रखे धान के पुआल से सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। एसएचओ ने बताया कि मरका थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपराध स्वीकार किया है।

अभिनेत्री माधुरी ने लोगों से घर पर रहने की अपील की

मनोज सिंह ठाकुर                            
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित कोरोना की बढ़ती दूसरी लहर से बेहद दुखी है और उन्होंने लोगों से घर पर रहने की अपील की है। माधुरी दीक्षित सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है। वह अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर करती है। माधुरी दीक्षित कोरोना की बढ़ती दूसरी लहर से बेहद दुखी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बारे में लिखकर अपनी चिंता व्यक्त की है। माधुरी दीक्षित ने कोरोना महामारी से लड़ाई लड़ रहे कोरोना योद्धाओं की भी सराहना की है। माधुरी दीक्षित ने ट्विटर पर लिखा है  यह बहुत दुख की बात है कि कोरोना महामारी एक बार फिर हमारे जीवन पर प्रभाव डाल रही है। हम एक दूसरे के समर्थन से ही इस महामारी से उबर सकते हैं। मैं आप सभी से निवेदन करती हूं कि नियमों का पालन करिए और अपने घरवालों का ध्यान रखिए। मैं कोरोना योद्धाओं को नमन करती हूं कि वह हमारी निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं। घर पे रहो।

बंगाल: आज से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश

इकबाल अंसारी  
कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से सोमवार को कहा गया कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 अप्रैल से शुरू हो जाएंगे। आमतौर पर ग्रीष्मकालीन अवकाश मई के पहले हफ्ते से शुरू होते हैं।राज्य सरकार के एक मंत्री ने कहा, ”(सरकारी और वित्तपोषित स्कूलों में) नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं की कक्षाएं मध्य फरवरी से आरंभ हुईं थी। लेकिन कोविड-19 संबंधी हालात को देखते हुए हम समय पूर्व ग्रीष्मकालीन अवकाश करने पर मजबूर हैं। शिक्षा विभाग इस बाबत आवश्यक अधिसूचना आज जारी करेगा।” उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों से भी यही करने का अनुरोध किया जाएगा।

दिल्ली में सीएम अरविंद ने की लॉकडाउन की घोषणा

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार रात 10 बजे से 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ हुई बैठक के बाद इसका ऐलान कर दिया है। उनका कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण के लिए यह फैसला लिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली में चैथी लहर आई है। तीसरी लहर में रोजाना साढ़े आठ हजार मामले आ रहे थे। दुनिया के कई बड़े शहरों में छह हजार मामलों में हेल्थ सिस्टम चरमरा गया था। अब चैथी लहर में दिल्ली में रोजाना 25 हजार केस आ रहे हैं, तो हमारा हेल्थ सिस्टम तनाव में आ गया है। यह अपनी सीमा पर पहुंच गया है। इसके बाद कठोर कदम नहीं उठाए गए तो सिस्टम चरमरा जाएगा। कल एक अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई। वहां बड़ा हादसा होते-होते बचा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उपराज्यपाल के साथ बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हुई। दिल्ली का हेल्थ सिस्टम अब बड़ी मात्रा में मरीजों को संभालने में सक्षम नहीं है। अगर अभी लॉकडाउन नहीं लगाया तो दिल्ली बुरी स्थिति में पहुंच जाएगी। आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। खाने-पीने और मेडिकल व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। 50 लोगों के साथ शादियां हो सकेंगी। इसके लिए अलग से पास जारी होंगे। प्रवासी मजदूरों से मेरी गुजारिश है कि ये छोटा सा लॉकडाउन है। दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने-जाने में ही पूरा समय खर्च हो जाएगा। उम्मीद है यह लॉकडाउन छोटा रहेगा। सरकार आपका ख्याल रखेगी। मैं हूं ना, मुझ पर भरोसा कीजिए।
मरीजों का आंकड़ा डेढ़ करोड़ के पार
इस बीच, पूरे देश के लिए बेहद बुरी खबर है। भारत में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा रविवार को डेढ़ करोड़ के पार हो गया। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 57 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। थोड़ी राहत की बात ये है कि इनमें 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 848 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 78 हजार 793 हो गई है। 19 लाख 23 हजार 877 मरीज ऐसे हैं। जिनका अभी इलाज चल रहा है। एक्टिव केस का ये आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है।
हालात का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हर दिन कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा नया रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 74 हजार 944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस बीच 1 लाख 43 हजार 701 लोग रिकवर हुए, जबकि 1620 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

प्रियंका ने पूर्व सीएम फडणवीस पर साधा निशाना

अकांशु उपाध्याय                    

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महाराष्ट्र में एक फार्मा कंपनी के निदेशक से पूछताछ से जुड़े विवाद की पृष्ठभूमि में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा नेता का रेमडेसिविर इंजेक्शन की जमाखोरी करना मानवता के खिलाफ अपराध है। उन्होंने फडणवीस के राज्य के एक थाने पहुंचने से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘जब देश के कोने-कोने से लोग रेमडेसिविर उपलब्ध कराने की गुहार लगा रहे हैं और तमाम लोग जान बचाने के लिए किसी तरह एक शीशी रेमडेसिविर जुटाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। उस समय जिम्मेदार पद पर रह चुके भाजपा नेता का रेमडेसिविर की जमाखोरी करने का कृत्य मानवता के खिलाफ अपराध है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण के उपचार में महत्वपूर्ण मानी जाने वाली रेमडेसिविर दवा की हजारों शीशियां देश से बाहर भेजने की तैयारी की खबर मिलने पर मुंबई पुलिस ने एक फार्मा कंपनी के निदेशक से पूछताछ की। पुलिस ने रविवार को कहा कि रेमडेसिविर के निर्यात पर पाबंदी है लेकिन सूचना मिली थी कि इसकी खेप मालवाहक विमान के जरिए विदेश भेजी जाने वाली है। पुलिस ने शनिवार की रात केंद्रशासित प्रदेश दमन आधारित ब्रुक फार्मा कंपनी के निदेशक राजेश डोकानिया से पूछताछ की थी। उनकी कंपनी रेमडेसिविर का उत्पादन करती है।
डोकानिया से पूछताछ किए जाने की खबर मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य भाजपा के अन्य नेता प्रवीण दारेकर पुलिस थाने पहुंच गए। फडणवीस ने कहा कि भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने रेमडेसिविर की कमी को देखते हुए विभिन्न दवा कंपनियों से संपर्क साधा था।

हिरानी के साथ रणबीर फिर फिल्मों में काम करेंगे

मनोज सिंह ठाकुर                
मुंबई। बॉलीवुड के रॉकस्टार रणबीर कपूर निर्देशक राजकुमार हिरानी के साथ फिर काम करते नजर आ सकते हैं। रणबीर कपूर ने राजकुमार हिरानी के साथ फिल्म पीके और संजू जैसी फिल्मों में काम किया है। इनके बाद अब दोनों ने फिर से साथ काम करने का फैसला किया है।बताया जा रहा है कि राजकुमार हिरानी ने रणबीर कपूर को ही ध्यान में रखकर एक स्क्रिप्ट लिखी है, जो उन्हें पसंद आई है। राजकुमार हिरानी इस फिल्म को संजू के तुरंत बाद शुरू करना चाहते थे लेकिन शाहरुख खान के लिए उन्होंने इसे होल्ड पर रख दिया था। राजकुमार हिरानी और शाहरुख खान जल्द ही एक फिल्म शुरू करने वाले हैं। जैसे ही वह खत्म होगी, राजकुमार हिरानी, रणबीर कपूर के साथ अपनी अगली फिल्म शुरू कर देंगे। राजकुमार हिरानी और रणबीर कपूर की इस फिल्म की घोषणा जल्द हो सकती है।

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हुआ: यूपी

हरिओम उपाध्याय                
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तीन चरणीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। जो शाम छह बजे तक चलेगा। राज्‍य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में राज्य के 20 जिलों में 2.23 लाख से अधिक पदों के लिए 3.48 लाख से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। राज्‍य में तीन करोड़ 23 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।यह चरण इसलिए महत्वपूर्ण है। क्योंकि इसमें उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और प्रधानमंत्री के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में भी मतदान होगा। इनके अलावा दूसरे चरण में अमरोहा, आजमगढ़, इटावा, एटा, कन्नौज, गोंडा, गौतम बुद्ध नगर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, बदायूं, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मैनपुरी, महराजगंज, लखीमपुर-खीरी, ललितपुर और सुल्तानपुर में भी मतदान होगा।

दुकान में सो रहे 2 लोगों को बेकाबू ट्रक ने रौंदा, मौत

कुशीनगर। जिले के हाटा कोतवाली के फोरलेन पर स्थित उपासपुर गांव के समीप पेट्रोल पंप के बगल में पंचर बनाने वाली दुकान में सो रहे दो लोगों को सोमवार की सुबह गोरखपुर से कसया की तरफ जा रहे बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। इस घटना में दुकान के परखच्चे उड़ गये तथा उसमें सो रहे दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।बिहार के वैशाली निवासी सुकेश पासवान (उम्र 22 वर्ष) हाटा कोतवाली के फोरलेन पर स्थित उपासपुर गांव के समीप पेट्रोल पंप के बगल में पंचर बनाने का काम करता था। रविवार की रात खाना खाने के बाद सुकेश अपने पंचर बनाने की दुकान में सोया हुआ था।उसके साथ बगल के ढ़ाबे पर काम करने वाला मजदूर अभिमन्यु प्रसाद (उम्र 45 वर्ष) भी सोया हुआ थे। सोमवार की तड़के सुबह लगभग पांच बजे गोरखपुर से कसया को जा रही तेजगति से बेकाबू ट्रक ने हाइवे किनारें लगे पेड़ों को उखाड़ते हुए पंचर बनाने वाली दुकान को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त करते हुए रौंद दिया।
इस हादसे में सो रहे सुकेश व अभिमन्यु की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक का चालक घटना स्थल पर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना पर तत्काल पहुंचे चौकी प्रभारी सुकरौली सुरेन्द्र बहादुर सिंह ने दुकान में फंसें शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा घटना स्थल पर मौजूद ट्रक को अपने कब्जे में लिया।

यूपी के पूर्व राज्यपाल नाईक मिलें कोरोना पॉजिटिव

हरिओम उपाध्याय              
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक कोरोना पॉजिटिव है। पूर्व राज्यपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति मेें यह जानकारी दी गई की स्वयं को अपने निवास पर ही क्वारंटाईन किया है। हल्का बुखार आने पर राम नाईक ने जाँच करवाई। जिसमें उन्हें कोरोना का संक्रमण पाया गया। मुम्बई के मालाड, स्थित संजीवनी अस्पताल के डॉ.सुनिल अग्रवाल व डॉ. राजेश बिनयाला की निगरानी में अब नाईक का स्वास्थ्य सुधर रहा है।

देश में संक्रमण के 15.34 लाख से अधिक मामलें

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा और दिन प्रतिदिन विकराल रूप लेता जा रहा है। एक सप्ताह में देश में काेराेना के 15.34 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। जहां पिछले सोमवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या 1.35 करोड़ से ज्यादा थी वहीं आज सुबह तक संक्रमितों की संख्या 1.50 करोड़ के पार पहुंच गयी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 2,73,810 नये मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 50 लाख 16 हजार 919 हो गयी है। वहीं इस दाैरान रिकाॅर्ड 1,44,178 मरीज स्वस्थ होने के साथ इस महामारी से अभी तक 1,29,53,821 मरीज ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 19 लाख को पार कर 19,29,329 हो गये हैं। इसी अवधि में 1619 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,78,769 हो गयी है। जबकि अभी तक 12,38,52,566 लोगों को कोरोना को टीका लग चुका है।

कांग्रेस ने सिर्फ 'भारत' को डराने का काम किया

कांग्रेस ने सिर्फ 'भारत' को डराने का काम किया  इकबाल अंसारी  कंधमाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस ...