शनिवार, 13 फ़रवरी 2021

डीएम-एसपी समेत कई अधिकारियों ने लगवाया टीका

सीतापुर। जिला महिला चिकित्सालय में डीएम और एसपी सहित तमाम आला अफसरों को जमावड़ा लगा।इन सभी अधिकारियों ने स्वेच्छा से कोरोना से बचाव का टीका लगवाया और आमजन से भी अपनी बारी आने पर टीका लगवाने की अपील की। टीका लगवाने के बाद सभी आधा घंटा तक अवलोकन कक्ष में रूके। 
कोरोना से बचाव के टीके को लेकर अब न तो किसी भ्रम में पड़ने की जरूरत है और न ही घबराने की, अब जरूरत है तो सिर्फ आगे आने की और कोविड से बचाव की वैक्सीन लगवाने की।  जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने टीका लगवाने के बाद कहा कि आज मैंने कोविड की वैक्सीन लगवाई है। मुझे किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई है। मैं राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मियों से अपील करूगां कि वह भी यह वैक्सीन लगवाएं और अपना जीवन सुरक्षित बनाएं! उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना से बचाव को लेकर भारत में तैयार किया गया टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने अपने अनुभव से कहा कि उन्हें जब टीका लगाया गया तो कोई दिक्कत नहीं हुई। टीका लगवाना बहुत ही आसान है। खुद के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि अपनी बारी आने पर हर किसी को अपने संबंधित टीकाकरण स्थल पर पहुंचकर टीका जरूर लगवाना चाहिए। पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने टीका लगवाने के बाद टीकाकरण को हर व्यक्ति के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि वैक्सीन लेने के बाद किसी तरह साइड इफेक्ट नहीं हुआ। जिन लोगों ने पूर्व में टीका लगवाया है। उन्हें भी कोई दिक्कत नहीं हुई है। वैक्सीन के बाद सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ है। इससे साफ स्पष्ट है। कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने अन्य लोगों से भी उत्साह के बिना किसी झिझक के टीका लगवाने की अपील की, उन्होंने बताया वैक्सीन लेने से किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं होगी। समाज व परिवार की सुरक्षा के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। इस मौके पर दोनों एडीएम, दोनों एएसपी सहित एसडीएम, सीओ व तहसीलदारों ने भी कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाई।
मानक के अनुरूप पूरी हुई औपचारिकताएं।
टीकाकरण से पहले डीएम व एसपी सहित अन्य सभी अधिकारियों द्वारा पंजीकरण, पहचान पत्र सहित सभी औपचारिकताएं निर्धारित मानक के अनुरूप पूरी की गई। इसके बाद अधिकारियों ने कोरोनारोधी वैक्सीन लगवाई। इन सभी अधिकारियों को अब 28 दिन बाद दूसरा टीका लगाया जायेगा।

जिला पंचायत चुनाव, 2021 में पद तुलनात्मक

हरिओम उपाध्याय 
लखनऊ। ज़िला पंचायत अध्यक्ष - 2015 में पदों की  संख्या 75 व 2021 में भी पदों की संख्या रहेगी 75
ज़िला पंचायत सदस्य 2015 में पदों की संख्या थी 3120 , 2021 में 69 वार्ड घटे 3051 पदों के लिए होगा निर्वाचन, क्षेत्र पंचायत प्रमुख 2015 में पदों की संख्या थी 821 , 2021 में 5 विकास खंड बढे , 826 पदों के लिए होगा निर्वाचन, क्षेत्र पंचायत सदस्य 2015 में पदों की संख्या थी 77801 , 2021 में 1946 वार्ड घटे 77855 पदों के लिए होगा निर्वाचन, ग्राम पंचायत प्रधान के लिए 2015 में पदों की संख्या थी 55074 , 2021 में 880 ग्राम पंचायत हुई कम, 58194 पदों के लिए होगा निर्वाचन, ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 2015 में पदों की संख्या थी 744588 , 2021 में 12745 वार्ड घटे , 731813 पदों के लिए होगा निर्वाचन। 
निदेशक पंचायती राज किंजल सिंह, वर्ष 2021 में पुनर्गठन के उपरान्त कुल 75 जनपद , 826 विकास खंड एवं 58194 ग्राम पंचायतें, पुनर्गठन के पश्चात 6059510 की आबादी ग्रामीण क्षेत्र से नगरीय क्षेत्र में गई। ग्राम प्रधान के पदों के लिए प्रदेश में कुल ग्राम पंचायतों की संख्या है। कुल 58194
अनुसूचित जनजातियों की स्त्रियों के लिए 131 सीट , अनुसूचित जनजातियों के लिए 199 , अनुसूचित जातियों की स्त्रियों के लिए 4288 ,अनुसूचित जातियों के लिए 77587 , पिछड़े वर्ग की स्त्रियों के लिए 5501 पिछड़े वर्ग के लिए 10211 सीटे हुई आरक्षित, अनारक्षित स्त्रियों के लिए 9739 व अनारक्षित 20368 सीटें रहेगी।
अनुसूचित जाति के लिए 22 जिले आरक्षित, अनुसूचित जाति 6 महिला 16 पुरुष के लिए आरक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 20 पद आरक्षित, ओबीसी महिला 7 और पुरुष के 13 पद लिए आरक्षित, महिलाओं के लिए 12 पद आरक्षित, 27 जिलों में अनारक्षित व्यवस्था लागू, 15 मार्च 2021 तक पूरी होगी आरक्षण की व्यवस्था।
 ब्लॉक प्रमुखों के 826 पदों में से 314 अनारक्षित,113 महिला,223 ओबीसी और 171 एससी जबकि पहली बार 5 पद एसटी कैटेगरी के लिए रखे गए। ग्राम प्रधानों के लिए 20268 पद अनारक्षित, 9739 महिला सीट,15712 ओबीसी और 12045 एससी जबकि 330 एसटी के लिए रिज़र्व हुए। 
कुल 58194 ग्राम पंचायतों में प्रधान के लिए महिलाओं के लिए 19659 पद आरक्षित हैं। जो कि कुल ग्राम पंचायतों का 33.78 फीसदी है।अनुसूचित जाति स्त्री के खाते में आरक्षित! लखनऊ, कौशांबी, सीतापुर, हरदोई, बागपत, शामली, अनुसूचित जाति में कानपुर, औरैया, चित्रकूट, महोबा, झांसी, जालौन, बाराबंकी, खीरी, रायबरेली मिर्जापुर... महिलाओं के लिए 12 जिले आरक्षित हुए! कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी,मऊ, प्रतापगढ़, कन्नौज, हमीरपुर, बहराइच, अमेठी, गाजीपुर, जौनपुर और सोनभद्र स्त्री के लिए आरक्षित, 27 जिले सामान्य के लिए घोषित किए गए, गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज,;गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या!
ओबीसी स्त्री आरक्षण की सूची जारी, संभल, हापुड़,एटा, बरेली,/कुशीनगर, वाराणसी, बदायूं ओबीसी स्त्री के लिए आरक्षित, ओबीसी की भी आरक्षण लिस्ट जारी आजमगढ़,बलिया,इटावा,फर्रूखाबाद, बांदा, ललितपुर, अंबेडकरनगर, पीलीभीत, बस्ती, संतकबीरनगर, चंदौली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर।

चौपाल लगाकर किसानों को लुभाएगी कांग्रेस पार्टी

अश्वनी उपाध्याय   

गाजियाबाद। जहां एक तरह प्रियंका गांधी लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सभाएं करके किसानों को कांग्रेस की तरफ लाने में लगी है। वहीं प्रदेश संगठन की तरफ से भी सभी जिलों के लिए प्रोग्राम जारी कर दिया गया। जिसमें संगठन द्वारा हर तहसील पर किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जय जवान जय किसान नारे के साथ किसानों और आमजन को कार्यकर्ता व पदाधिकारी कांग्रेस द्वारा सरकार के दौरान किए गए कार्यों के बारे में अवगत कराएंगे, वहीं पार्टी की योजनाओं के बारे में भी बताएंगे। कृषि कानून के विरोध में उठी किसानों की आवाज को अब कांग्रेस भी शांत होने देना नहीं चाहती, वहीं इस किसान आंदोलन के जरिए यूपी में अपनी खोई हुई जमीन पाने की कोशिश में जुटी है। इसी के चलते पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी लगातार किसानों पक्ष में न सिर्फ बयान दे रही है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान रैलियों को भी संबोधित कर रही है। उनकी सहारनपुर रैली ने भी काफी सुर्खियां बटोरी। वहीं किसानों से सीधा जुड़ने के लिए अब पार्टी ने हर जिले में संगठन को तहसील स्तर पर किसान चौपाल लगाने के आदेश दिए है। संगठन हर तहसील के एक गांव को चुनेगा और उसमें किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कांग्रेस पार्टी की सरकार के समय में किसान के लिए लाई गयी योजनाओं से अवगत कराएंगे।

सेरेमनी का आयोजन, स्वच्छ अभियान में सम्मान

अश्वनी उपाध्याय   

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शुक्रवार को आईटी संस्थान मोहन नगर में स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 के अंतर्गत चोमू वर्सेस चैम्पियन के मद्देनजर सिटीजन इंगेजमेंट प्रोग्राम अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर, अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडे व प्रमोद कुमार ने विधिवत दीप प्रज्जवलित कर किया। तदुपरांत सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। नगर निगम का कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर शहर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ कोरोना काल में सहयोग करने वाले प्रमुख व्यक्तियों तथा प्रतिष्ठानों को पुरस्कृत किया गया। शहर को प्रदेश में इस बार अव्वल रैंकिंग लाने के लिए नंबर-1 पर लाना है। देश में शहर को टॉप टेन की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। इसके लिए प्लान किया गया है। इसी योजना पर नगर निगम कार्य कर रहा है। इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर-1 की रैंकिंग लाने के लिए निगम द्वारा सफाई व्यवस्था से लेकर अन्य कार्य किए जा रहे हैं। अभियान में सहयोग करने के लिए सीएसआर के अंतर्गत शहर में योगदान देने वाले बड़े प्रतिष्ठान टाटा, बैल, कमला गैस एजेंसी, अमृत फूड, फेरो लाइट को प्रशस्ति पत्र प्रदान कि गया। इसके अलावा एनजीओ राज इंस्टीट्यूट, एक नई राह, जीवन ज्योति, राघव, पूर्णिमा स्वयं अंकुश के अतिरिक्त तुषार होटल, फॉरर्चून होटल, रेडिसन ब्लू, होटल कंट्री इन, होटल गोल्डन टयूलिप, नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल, ईएसआई यशोदा सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, मैक्स सुपर स्पेशलिस्ट, यशोदा सुपर स्पेशलिस्ट नेहरू नगर को कोविड-19 व स्वच्छता में सहयोग करने पर सम्मानित किया गया। सरकारी कार्यालय को सफाई में परिपूर्ण होने पर एलआईसी कार्यालय राजेंद्र नगर, कलेक्ट्रेट, नगर निगम जोनल कार्यालय सेक्टर-10 वसुंधरा, आयकर भवन वैशाली, जीडीए ऑफिस नवयुग मार्केट से आए प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में खेतान पब्लिक स्कूल राजेंद्र नगर, उत्तम गल्र्स स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, होली चाइल्ड स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर को नगर निगम का सहयोग करने तथा अपने स्कूल में विद्यार्थियों को सफाई के प्रति जागरूक करने हेतु चलाए गए अभियान के अंतर्गत सम्मानित किया गया। व्यापार मंडल गॉड प्लाजा मार्केट एसोसिएशन शालीमार गार्डन, आनंद इंडस्ट्रियल एरिया मोहन नगर, रमते राम रोड व्यापार मंडल, तुराब नगर व्यापार मंडल, गोल मार्केट व्यापार मंडल, आरडब्ल्यूए राजनगर, कविनगर, विजय नगर, न्यू आर्य नगर, नंदग्राम राधा कुंज व प्रताप विहार के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। नगर निगम द्वारा चलाए गए चोमू वर्सेस चैम्पियन अभियान के तहत विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।जिन्होंने अपने स्टडी रूम को साफ कर निबंध, राइटिंग कंपटीशन व अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपना योगदान दिया। म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा प्रमाण पत्र, प्लांट के साथ-साथ धनराशि रूप में भी पुरस्कृत किया गया। जिनमें डीपीएस इंदिरापुरम, सेंट टैरेसा, नेशनल पब्लिक स्कूल राजेंद्र नगर, डीपीएस साहिबाबाद, सन वैली इंटरनेशनल स्कूल, सैंट मैरी स्कूल गाजियाबाद हैं।पोस्टर पेंटिंग के तहत जेएल नेहरू नगर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, विद्या भारती सूर्य नगर, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज सिहानी, मदर्स सेनेटरी पब्लिक स्कूल शास्त्री नगर, कार्तिक नेहरू नगर, शिवांगी पुंडीर प्रताप विहार, जूही चौधरी वसुंधरा, कृतिका शर्मा संजय नगर, कृष्णा डीपीएस प्रिंसिपल, गर्वमेंट स्कूल झंडापुर मयंक चौधरी, एनएस गौतम आदि को सम्मानित किया गया।वॉलंटिसर संगठन के अंतर्गत विशाल, महिपाल, श्वेता, दामिनी गुप्ता, इंडिया पोलूशन कंट्रोल एसोसिएशन को सोशल मीडिया व अन्य कार्य हेतु सहयोग करने पर उत्साहित किया गया। कार्यक्रम में एक नई राह पगडंडियां फाउंडेशन को उसके सामाजिक और सेल्फ हेल्प समूह के लिए किये गए प्रयासों को लेकर अध्यक्ष शालू पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संगीत शिक्षा केंद्र वसुंधरा, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, शहीद मैमोरियल एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी, उत्तराखंड देहरादून समिति वैशाली, एम.के. एक्सपोट्र्स, सीई हार्डवेयर क्यारी, इनोवेशन विंटेक गाजियाबाद फ्रिक्शन प्रोडक्ट को भी पुरस्कृत किया गया। स्टार्ट अप के लिए प्रेम लाइट इंडस्ट्रीज इन्फ्यूज, सिस्टम एम.एस. बेन फैमिली फूड, हाईटेक प्रशिक्षण टूल्स, न्यू अविष्कार आदि को पुरस्कृत किया गया। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने अपने वक्तव्य में गाजियाबाद को गजब गाजियाबाद कहकर शहर के नागरिकों को उत्साहित व प्रोत्साहित किया गया। साथ ही सभी को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर यशोदा हॉस्पिटल कौशाम्बी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील डागर ने म्युनिसिपल कमिश्नर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन खान, अपर नगर आयुक्त शिव पूजन यादव, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर  देशराज सिंह, मनोज प्रभात, एई अनिल त्यागी, देवी सिंह, श्याम सिंह, संजय गंगवार, योगेश कुमार, पूजा सिंह, कपिल सिंह, जीव सिन्हा, आईटी  ऑफिसर  मुबारक, जोनल प्रभारी सुनील राय, शिव कुमार गौतम, सुधीर शर्मा, सहायक लेखा अधिकारी जेपी सिंह, मुख्य नगर लेखा परीक्षक अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

डॉक्टर विभा ने डीएम के रूप में कार्यभार गृहण किया

पंकज कुमार 
एटा। अपर स्थानिक आयुक्त उ.प्र नई दिल्ली से स्थानांतरित होकर आईं डॉ. विभा चहल ने शनिवार को अपरान्ह में जनपद कोषागार पहुंचकर जिलाधिकारी एटा के रूप में कार्यभार गृहण किया। डॉ. विभा चहल इससे पूर्व विशेष सचिव एपीसी उ.प्र, ओएसडी नोएडा ऑथरिटी, उप जिलाधिकारी सहारनपुर आदि पदों पर रह चुकी हैं। नवागत जिलाधिकारी ने इस दौरान मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया।तदोपरान्त कोषागार कार्यालय, कलक्ट्रेट स्थित स्थानीय निकाय अनुभाग, शस्त्र अनुभाग सहित अन्य विभिन्न पटलों पर पहुंचकर मौजूद कर्मचारियों से वार्ता की। 
नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के नागरिकों को शासन की मंशानुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराए जाने पर उनका फोकस करेगा। जनपद की महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों आदि की स्थिति में सुधार करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की लाभार्थीपरक योजनाओं से जिले के प्रत्येक वंचित व्यक्ति को लाभान्वित किए जाने हेतु प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर सीडीओ अजय प्रकाश, एडीएम वित्त एवं राजस्व केशव कुमार, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. अरविंद कुमार गर्ग, एसडीएम अबुल कलाम, एसपी वर्मा, राजीव पाण्डेय, वरिष्ठ कोषाधिकारी गजेन्द्र सिंह, तहसीलदार चन्द्र प्रकाश सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण, कर्मचारीगण आदि मौजूद रहे।

चुनावों को लेकर हरियाणा सरकार ने की घोषणा

राणा ओबराय   
चंडीगढ। हरियाणा में पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है। अब पंचायती विभाग की तरफ से 23 फरवरी को खत्म हो रहे सरपंचों, पंचों, ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों का कार्यकाल को लेकर नोटिस जारी किया गया है। सरपंचों के कार्यकाल खत्म होने के बाद प्रशासक नियुक्त करने के आदेश दिये हैं। प्रदेश में पंचायती चुनावों की सुगबुाहट तेज है, लेकिन बजट सत्र और किसान आंदोलन के बीच पंचायती चुनाव देरी से होने संभव है। हरियाणा में 200 नई पंचायतों के आने की भी तैयारी की जा रही है। इन पंचायतों की वार्डबंदी, वोटों के आकंलन को लेकर भी तैयारियां की जा रही है। पंचायती चुनाव में इस बार महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण और बीसीए वर्ग को आरक्षण दिया गया है।ऐसे में दोबारा से सरपंचों के लिए ड्रा निकालने की भी योजना तैयार की जा रही है। अप्रैल में गर्मी अपने चरम पर होगी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि गर्मी के बीच पंचायती चुनाव को लेकर माहौल गरमाएगा। गौरतलब है कि इस बार 22 जिला परिषद, 6205 पंचायत और 142 ब्लाक समिति के चुनाव होने हैं। इसके बाद चुनाव परिणाम के बाद 24 फरवरी, 2016 को चुने हुए प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण कराया गया था। इसी को कार्यकाल की शुरुआत माना गया है। गौरतलब है कि 24 फरवरी, 2021 को पांच साल का समय पूरा हो रहा। संविधान और पंचायती राज एक्ट के अनुसार, पांच साल पूरे होने से पहले ही अगले चुनाव होने चाहिए। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से जिला विकास एवं पंचायती विभाग कार्यालय को जिला परिषद, ब्लॉक समिति और सरपंच तथा पंचों के चुनाव चिन्हों की सूची भेज दी है।जिला परिषद के 42, ब्लॉक समिति के 30, सरपंच के 30 और पंच के 18 चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं। कौन सा गांव महिला के लिए आरक्षित होगा और कौन सा गांव पुरुषों के लिए होगा, यह अभी तक भी फाइनल नहीं हो पाया है। जिला परिषद के होंगे यह 42 चुनाव चिन्ह....जिला परिषद के आजाद उम्मीद्वारों के लिए 30 चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं। इनमें गाड़ी, उगता सूरज, पतंग, रेडियो, जीप, केतली, फावड़ा व बेलचा, जग, वायुयान, रोड रोलर, टेबल पंखा, टैलीफोन, स्कूटर, पोत, हॉकी और गेंद, दो तलवार एक ढाल, मटका, अंगूठी, बल्ला, फ्रॉक, मोमबत्तियां, सीटी, ब्रुश, सेब, नाव, लेडी पर्स, गैस सिलेंडर, ईंट, गैस स्टोव, स्लेट कैमरा, गुब्बारा, मेज, गैस बत्ती, मोरपंख, कड़ाही, हारमोनियम, पीपल का पत्ता, रिक्शा, चकला बेलन, तोप, शंख शामिल हैं। इनमें से ही उम्मीद्वारों को चिन्ह बांटे जाएंगे। इसी तरह ब्लॉक समिति के भी 30 चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं।इन 30 चुनाव चिन्हों पर लड़ सकेंगे सरपंच चुनाव... सरपंच पद के चुनाव के लिए जो चिन्ह निर्धारित किए गए हैं। उनमें साइकिल, कांच का गिलास, फलों सहित नारियल का पेड़, हस्तचालित पंप, सिलाई मशीन, ताला और चाबी, अनाज बरसाता किसान, सब्जियों की टोकरी, घंटी, टेबल लैंप, स्टूल, डमरू, लट्टू, वायलिन, नल, बस, कलम दवात, त्रिशूल, कुआं, मूली, छड़ी, गेहूं की बैल, पुल, केला, कैरमबोर्ड, पैंसिल, तलवार, इमली, अनार, तरकश शामिल हैं। इसी तरह पंच के लिए भी 18 चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं।

वैक्सीन लगने के बाद डॉक्टर पाए गए पॉजिटिव

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के 3 डॉक्टर कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगने के बाद पॉजिटिव पाए गए हैं। दस दिन बाद इनमें कोरोना के लक्षण दिखे, जिसके बाद तीनों का कोरोना टेस्ट करवाया गया। तीनों डॉक्टरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इन्हें ऐहतियातन होम आइसोलेट कर दिया गया है। हालांकि अभी तक इन्हें वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगाई गई है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रिंसिपल डॉ. रजनीश पठानियां ने इस बात की पुष्टि की। डॉ. रजनीश पठानियां ने कहा कि हम वैक्सीन को संक्रमण से नहीं जोड़ सकते हैं। खुराक मिलने से पहले उन्हें संक्रमण हो सकता है। उन्होंने कहा कि दवा लगाने के बाद 3 से 4 महीने बाद एंटी बॉडी बनती है। वैक्सीन के असर या बेअसर होने का इससे कोई संबंध नहीं है।बताया गया है कि वैक्सीन की पहली खुराक मिलने के बाद से डॉक्टर नियमित रूप से अपनी ड्यूटी कर रहे थे। माना जा रहा है कि इलाज के दौरान वे कोरोना संक्रमित हो गए। डॉ. पठानिया ने बताया कि उनके संपर्क में आने वाले मरीजों की कोई जानकारी नहीं है।बता दें कि हिमाचल में कोरोना वैक्सीनेशन का पहला चरण 16 जनवरी को शुरू किया गया था। वैक्सीन पाने वाले पहले स्वास्थ्यकर्मी हरदीप सिंह थे, जबकि आइजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज दूसरे नंबर पर थे, जिन्हें वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई थी। राज्यभर में 27 केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है।

एटा: पत्रकारों ने भाजपा कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन

एटा में पत्रकार हित की मागों को लेकर सौपा ज्ञापन

एटा। देश में पत्रकारों की तरह तरह से हो रही अनदेखी, उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों को लेकर शनिवार को एटा के पत्रकारों ने बबलू चक्रबर्ती के नेतृत्व में देश के प्रधानमंत्री के नाम प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग को एटा भाजपा कार्यालय पर ज्ञापन सौपा। ज्ञापन देने वाले पत्रकारों में दैनिक जागरण से प्रवेश दीक्षित, सूरज सक्सेना, शहीदी दरिया से दिनेश चंद्र शर्मा, अमर उजाला से विपिन यादव, राहुल वर्मा, सोनी प्रतिहार, पीएस राजपूत और इसत्याक अहमद थे। 
नीरज जैन

अमेरिकी नागरिकों को म्यांमार नहीं जाने की सलाह

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका ने सैन्य तख्तापलट और कोरोना वायरस की स्थिति के मद्देनजर अपने नागरिकों को म्यांमार जाने से बचने की सलाह दी है। अमेरिका के विदेश विभाग ने यह परामर्श जारी किया है। विदेश विभाग ने जारी बयान में कहा, “विदेश विभाग ने अमेरिकी नागरिकों को म्यांमार की यात्रा नहीं करने की सलाह देते हुये 12 फरवरी 2021 को यात्रा परामर्श जारी किया है।” विभाग ने बताया कि रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्रों ने म्यांमार में कोरोना वायरस का खतरा बढ़ने को लेकर सतर्क किया है। विभाग ने म्यांमार में राजनीतिक अशांति के बारे में नागरिकों को सतर्क करते हुये कहा, “म्यांमार की सेना ने निर्वाचित अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है और तख्तापलट कर दिया है। म्यांमार में सैन्य शासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के लिए उम्मीदवारी घोषित

अकांशु उपाध्याय   
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र में भारतीय मूल की एक महिला ने वैश्विक संगठन का अगला महासचिव बनने के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) में लेखा परीक्षा समन्वयक के तौर पर कार्यरत आकांक्षा अरोड़ा मौजूदा महासचिव एंतोनियो गुतारेस के खिलाफ उम्मीदवारी की घोषणा करने वाली पहली शख्स हैं। गुतारेस ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल के लिए उम्मीदवारी पेश की है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख का कार्यकाल 5 साल का होता है।आकांक्षा (34) ने कहा कि वह दुनिया के शीर्ष राजनयिक के पद के लिए चुनाव में खड़ी होंगी। उन्होंने अपनी ‘अरोड़ाफॉरएसजी’ मुहिम इस महीने आरंभ की। आकांक्षा ने ऑनलाइन जारी किए गए गई ढाई मिनट के अपने वीडियो में कहा, ”मेरे पद के लोगों से प्रभार संभाल रहे लोगों के खिलाफ खड़े होने की अपेक्षा नहीं की जाती। हमसे अपेक्षा की जाती है कि हम अपनी बारी का इंतजार करें, पुरानी प्रक्रिया के अनुसार काम करते रहें, काम पर जाएं, अपने सिर झुकाकर रखें और दुनिया जैसी है, उसे वैसा ही स्वीकार कर लें।” आकांक्षा ने कहा कि उनसे पहले आए लोग संयुक्त राष्ट्र को जवाबदेह बनाने में नाकाम रहे हैं और इसी लिए वह संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद के चुनाव में खड़ी हो रही हैं। गुतारेस (71) ने पिछले महीने पुष्टि की थी कि वह संयुक्त राष्ट्र के महासचिव पद के तौर पर दूसरे कार्यकाल के लिए भी चुनाव में खड़े होंगे। गुतारेस का पहला कार्यकाल इस साल 31 दिसंबर को समाप्त होगा। वह संयुक्त राष्ट्र के नौवें महासचिव हैं और संयुक्त राष्ट्र के 75 साल के इतिहास में कोई भी महिला इसकी महासचिव नहीं बनी है। संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष वोल्कन बोजकिर के प्रवक्ता ब्रेंडन वर्मा से संवाददाता सम्मेलन में पूछा गया कि क्या आकांक्षा ने अपनी उम्मीदवारी के संबंध में अध्यक्ष से कोई औपचारिक संवाद किया है। इसके जवाब में वर्मा ने कहा कि अध्यक्ष के कार्यालय को अभी तक कोई औपचारिक पत्र नहीं मिला है।

प्रदर्शन का अधिकार कहीं भी, नहीं हो सकता: एससी

अकांशु उपाध्याय   
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने कहा है कि प्रदर्शन करने का अधिकार कहीं भी और कभी भी नहीं हो सकता और इसने पिछले वर्ष पारित अपने आदेश की समीक्षा की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। पिछले वर्ष फैसले में उच्चतम न्यायालय ने कहा था कि शाहीन बाग में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा जमाना स्वीकार्य नहीं है। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि कुछ अचानक प्रदर्शन हो सकते हैं लेकिन लंबे समय तक असहमति या प्रदर्शन के लिए सार्वजनिक स्थानों पर लगातार कब्जा नहीं किया जा सकता है जिससे दूसरे लोगों के अधिकार प्रभावित हों। न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति अनिरूद्ध बोस और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी की पीठ ने कहा, ”हमने समीक्षा याचिका और सिविल अपील पर गौर किया है और आश्वस्त हैं कि जिस आदेश की समीक्षा करने की मांग की गई है उसमें पुनर्विचार किए जाने की जरूरत नहीं है।” पीठ ने हाल में फैसला पारित करते हुए कहा कि इसने पहले के न्यायिक फैसलों पर विचार किया और गौर किया कि ”प्रदर्शन करने और असहमति व्यक्त करने का संवैधानिक अधिकार है लेकिन उसमें कुछ कर्तव्य भी हैं।” पीठ ने शाहीन बाग निवासी कनीज फातिमा और अन्य की याचिका को खारिज करते हुए कहा, ”प्रदर्शन करने का अधिकार कहीं भी और कभी भी नहीं हो सकता है। कुछ अचानक प्रदर्शन हो सकते हैं लेकिन लंबी समय तक असहमति या प्रदर्शन के मामले में सार्वजनिक स्थानों पर लगातार कब्जा नहीं किया जा सकता है जिससे दूसरों के अधिकार प्रभावित हों।”

गतिरोध के बीच समिति करेगी एलएसी का दौरा

नई दिल्ली/ बीजिंग। संसद में रक्षा संबंधी स्थायी समिति ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सैन्य गतिरोध के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर गलवान घाटी और पैंगांग झील सहित टकराव वाले सभी चार पांच बिन्दुओं का दौरा करने का प्रस्ताव किया है। रक्षा संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष जुएल ओरांव ने यहां संसद भवन परिसर में संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्षा संबंधी स्थायी समिति की 9 फरवरी को हुई बैठक में कुछ सदस्यों ने प्रस्ताव किया कि समिति को लद्दाख में एलएसी का दौरा करना चाहिए। इस पर सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की। ओरांव ने बताया कि इस बारे में लोकसभा अध्यक्ष को प्रस्ताव भेजा गया है और रक्षा मंत्रालय की स्वीकृति के बाद 15 मई के बाद समिति वहां जाएगी। जुएल ओरांव ने कहा कि समिति के सदस्य गलवान घाटी, देप्सांग, पैंगांग झील लुब्रा घाटी आदि चार पांच बिन्दुओं का दौरा करेगी जहां हमारी सेना और चीन की सेना आमने सामने है। उन्होंने बताया कि समिति अपने दौरे में एलएसी पर सेना की तैयारियों, आधारभूत ढांचे की स्थिति तथा सीमा की सुरक्षा से संबंधित सभी मुद्दों की बारीकी से समीक्षा करेगी और एक रिपोर्ट तैयार करेगी।

शाहीन बाग मामले में याचिका खारिज की: एससी

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शाहीन बाग मामले में पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है। सर्वोच्च अदालत  ने पिछले साल अक्टूबर के महीने में दिए शाहीन बाग फैसले को बरकरार रखा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि धरना प्रदर्शन लोग अपनी मर्जी से और किसी भी जगह नहीं कर सकते। धरना प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है लेकिन उसकी एक सीमा है।
पिछले साल सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया था कि धरना प्रदर्शन के लिए जगह चिन्हित होनी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति या समूह इससे बाहर धरना प्रदर्शन करता है तो नियम के मुताबिक उन्हें हटाने का अधिकार पुलिस के पास है। धरना प्रदर्शन से आम लोगों पर कोई असर नहीं होना चाहिए। धरने के लिए सार्वजनिक स्थान पर कब्जा नहीं किया जा सकता।
इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने शाहीन बाग के सी.ए.ए प्रोटेस्ट को गैर कानूनी बताया था। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार करने के लिए चुनौती दी गाई थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है। तीन न्यायाधीशों एसके कॉल, अनीरुद्ध बोस और कृष्ण मुरारी ने याचिका खारिज की है।

एक बार फिर लोकसभा सदन में गरजें सांसद अजय

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट एक बार फिर से लोकसभा में गरजते हुए दिखाई दिए इस बार उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा और सीधे चुनौती दी कि वह कहीं भी सार्वजनिक स्तर पर उनसे आमने-सामने की बहस कर सकते हैं। इसके अलावा सदन में 4 मिनट के समय में सांसद अजय भट्ट ने आपदा में क्विक एक्शन के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद अदा किया साथ ही कई महत्वपूर्ण मांग भी राज्य के हित के लिए की। सांसद अजय भट्ट ने लोकसभा सदन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को गरीब मजदूर असहाय व्यापारी किसान सभी वर्गों का विशेष ध्यान देने वाला बजट बताया, साथ ही कहा कि आज किसानों के लिए केंद्र सरकार दर्जनों योजनाएं चला रही हैं। सदन में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए सांसद अजय भट्ट ने उत्तराखंड में आई आपदा का भी जिक्र किया उन्होंने कहा कि 7 फरवरी को उत्तराखंड के चमोली में जो भीषण आपदा आई उस आपदा की जानकारी जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगी तो उन्होंने तत्काल न सिर्फ क्विक एक्शन लिया। बल्कि पूरी सरकारी मशीनरी को एक्टिव करते हुए तत्काल मदद पहुंचाने का काम किया।

हरिद्वार: कुंभ मेले से संबंधित कार्यों की समीक्षा की

हरिद्वार। अपर मेलाधिकारी डा ललित नारायण मिश्र ने आज सीसीआर स्थित मेला नियंत्रण भवन के अपने कार्यालय कक्ष में कुंभ मेले से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मेला क्षेत्र भूमिगत में विद्युतीकरण की प्रगति की जानकारी अधिशासी अभियंता पवन कुमार से ली। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए विभागों से समन्वय करते हुए अतिशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों पर आने जाने वाले मार्ग में लटक रहे बिजली के तारों और जो पोल जर्जर हों उन्हें तत्काल हटवाने का निर्देश दिया। अधिशासी अभियंता ने बताया घाटों पर कनेक्शन के लिए जंक्शन लगा दिए गए हैं। सीओ संचार आरडी मटपाल ने बताया कि सर्विलांस सिस्टम के तहत हरकी पैड़ी के तारों को दस दिन में समन्वय करते हुए हटवा दिया जाएगा। हरकी पैड़ी व आसपास के अन्य घाट कांगड़ा, गऊघाट व रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के तारों को भूमिगत कराने का निर्देश अपर मेलाधिकारी ने दिया। उन्होंने इस संबंध में विद्युत विभाग के अभियंता से प्रमाणपत्र भी अवश्य लेना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यों की मानीटरिंग सेक्टर मजिस्ट्रेट योगेश सिंह मेहरा से करते हुए नियमित रिपोर्ट देने को कहा। अपर मेलाधिकारी डा मिश्र ने हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण से भी समन्वय स्थापित कर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने मेला क्षेत्र में अन्य घाटों और पुल पर भी यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कहीं भी खुले तार न हों, इसका तीन दिन के भीतर संबंधित से प्रमाण पत्र भी ले लें।  बैठक में श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, एसके सहगल अधिशासी अभियंता यूपीपीसीएल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

तबस्सुम सहित 40 लोगों के खिलाफ कार्यवाही की

कैराना। समाजवादी पार्टी के विधायक नाहिद हसन पर एक बार फिर पुलिस-प्रशासन का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। इस बार डीएम के अनुमोदन के उपरांत विधायक व उनकी मां पूर्व सांसद तबस्सुम हसन सहित 40 लोगों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया गया है। गैंग लीडर विधायक को बनाया गया है। इन लोगों का समाज में भय होने की बात कही गई है।कैराना से सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन पर लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। अब विधायक पर उप्र गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमवीर सिंह राणा की ओर से दर्ज इस मामले में विधायक नाहिद हसन को गैंग लीडर बनाया गया है। गैंग में तबस्सुम हसन सहित 40 लोगों के नाम हैं। गैंग चार्ट के मुताबिक, विधायक अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर अपराध करके अपने स्वार्थ के लिए अवैध रूप से भौतिक, आर्थिक एवं दुनियावी लाभ अर्जित करते हैं। इस गैंग का समाज में भय व आतंक व्याप्त होने का हवाला भी दिया गया है। कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति इनके विरुद्ध रिपोर्ट लिखवाने या गवाही देने का साहस नहीं कर पाता है। डीएम के अनुमोदन के उपरांत यह मामला दर्ज किया गया है।  विधायक नाहिद हसन निवासी मोहल्ला आलदरम्यान व उनकी मां पूर्व सांसद तबस्सुम हसन निवासी आर्यपुरी के अलावा महमूद, अरशद, नौशाद, इरफान, कय्यूम, आरिफ, फुरमान, साबिर, राजा उर्फ तासीम, मोनिस, इनाम, महताब उर्फ बीरू, मुनव्वर, फरमान, जुल्फान, इरफान, इलियास, अब्बास उर्फ वासी, मुबारिक, गुफरान, मुरसलीन, परवेज, हारून, अफसरून, आरिफ, तस्लीम, इमरान, नाजर, मंगता, हाशिम, सालिम, मोमीन, राशिद उर्फ भूरा, इंतजार, चौधरी दानिश उर्फ काला, अहसान व सारिक निवासीगण गांव रामडा व हैदर अली निवासी पठानान झिंझाना शामिल हैं। इन सभी को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध कर दिया गया है। विधायक व पूर्व सांसद सहित 40 लोगों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध करने के मामले को पुलिस गोपनीय बनाए हुए हैं। यह मामला डीएम के अनुमोदन के उपरांत छह फरवरी को कैराना कोतवाली पर दर्ज किया गया है।

जम्मू: टीआरएफ का शीर्ष आतंकी गिरफ्तार किया

श्रीनगर। द रिज़िस्टन्स फ्रंट’ (टीआरएफ) से जुड़े एक शीर्ष आतंकवादी को जम्मू कश्मीर के सांबा जिले से गिरफ्तार किया गया है। वह पिछले साल भाजपा के तीन नेताओं और एक पुलिसकर्मी की हत्या के सिलसिले में वांछित था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जहूर अहमद राठेर उर्फ साहिल, उर्फ खालिद जम्मू क्षेत्र के सांबा जिले में छिपा हुआ था। उसे अनंतनाग पुलिस ने विशिष्ट सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है।टीआरएफ आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की एक शाखा है। राठेर की गिरफ्तारी से करीब हफ्ताभर पहले पुलिस ने लश्कर-ए-मुस्तफा के स्वयंभू कमांडर हिदायतुल्लाह मलिक उर्फ हसनैन को जम्मू के कुंजवानी से गिरफ्तार किया था। राठेर दक्षिण कश्मीर का रहने वाला है और पाकिस्तान से आने वाले हथियारों को लेने के लिए कथित रूप से सांबा चला गया था। अनंतनाग और सांबा पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान बारी ब्राह्मना इलाके में स्थित एक घर से उसे गिरफ्तार किया गया जो उसने किराये पर लिया हुआ था।

शीर्ष आतंकवादी की गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी बताते हुए अधिकारी ने कहा कि राठेर पिछले साल कुलगाम जिले में भाजपा के तीन नेताओं और दक्षिण कश्मीर के जिले के फुर्रा गांव में एक पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल था। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि राठेर ने 2004 में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हथियार चलाने का प्रशिक्षण लिया था और पांच विदेशी आतंकियों के साथ भारत में घुस आया था। उसने 2006 में आत्मसमर्पण कर दिया था लेकिन पिछले साल वह फिर से आतंकवाद के रास्ते पर आ गया और टीआरएफ में शामिल हो गया।

वित्तमंत्री का किसानों के लिए विपक्ष पर हमला

अकांशु उपाध्याय    

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट को देश को ”आत्मनिर्भर” बनाने की भूमिका रखने वाला बजट करार देते हुए शनिवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी की चुनौतीपूर्ण परिस्थतियां भी सरकार को सुधार के कदम उठाने से डिगा नहीं सकीं। सीतारमण ने लोकसभा में वित्त वर्ष 2021-22 के बजट पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि सुधार के कदमों को उठाने का मकसद भारत को दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनाना है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में सुस्ती के मद्देनजर कई विशेषज्ञों से चर्चा के बाद यह बजट लाया गया है और इस बजट ने भारत के आत्मनिर्भर बनने की भूमिका रखी है। वित्त मंत्री ने कहा कि कुछ दूसरे देशों में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप अब भी है, लेकिन यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से काम हुआ और स्थिति से जिस तरह से निपटा गया है उसका नतीजा है कि अर्थव्यवस्था सतत रूप से आगे बढ़ रही है। वित्त मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि महामारी की चुनौतीपूर्ण स्थिति भी सरकार को देश के दीर्घकालीन विकास के लिए सुधार के कदम उठाने से नहीं डिगा सकी। उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पर नाम लिये बिना निशाना साधा और कहा कि आजादी के बाद से सत्ता में रहने वाली पार्टी को 1991 में आर्थिक सुधारों की बात सूझी और इस सरकार से और प्रधानमंत्री से बार-बार आर्थिक सुधारों को लेकर सवाल पूछे जाते हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी सदन में उपस्थित थे।

हत्याकांड: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच करेगी जांच

अकांशु उपाध्याय   
नई दिल्ली। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक युवक की कथित तौर पर कुछ लोगों द्वारा हत्या किए जाने के मामले में पांचवें आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद इस मामले को अपराध शाखा को सौंप दिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मारे गए युवक की पहचान रिंकू शर्मा (25) के तौर पर की गई है और वह लैब तकनीशियन के पद पर काम करता था। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी (दिल्ली पुलिस) अनिल मित्तल ने कहा कि आगे की जांच के लिए मामले को अपराध शाखा को सौंपा गया है। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात को युवक और आरोपी जन्मदिन पार्टी पर गए थे और वहां पर उनके बीच रोहिणी में उनकी खाने पीने की दुकानों को लेकर कुछ विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान उन्होंने एक दूसरे से मारपीट भी और धमकी दी और पार्टी से चले गए। कुछ दिन पहले भी उनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बहस्पतिवार को कहा था कि बाद में चार लोग शर्मा के घर पर पहुंचे जहां वह अपने बड़े भाई के साथ बाहर ही खड़ा था और उनके हाथ में डंडे थे। दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हुआ जिसके बाद उन्होंने शर्मा पर चाकू से वार किया और फरार हो गए। शर्मा के भाई मन्नू (19) ने हालांकि आरोप लगाया कि रिंकू शर्मा की इसलिए हत्या की गई क्योंकि वह राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र करने के अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहा था।

पेट्रोल-डीजल के पांचवें दिन लगातार बढ़े दाम

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम शनिवार को लगातार पांचवें दिन फिर से बढ़ गए। देश में पेट्रोल की कीमतें इस समय रिकॉर्ड स्तर पर हैं। दिल्ली को छोड़कर अन्य शहरों में डीजल के दाम भी ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर हैं। घरेलू बाजार में सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल आज 30 पैसे महंगा हुआ और इसकी कीमत 88.44 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई।उन्होंने बताया कि मुंबई में पेट्रोल 29 पैसे बढ़कर 94.93 रुपये हो गया जबकि कोलकाता में 29 पैसे बढ़कर इसकी कीमत 89.73 रुपये प्रति लीटर हो गई। चेन्नई में इसकी कीमत 26 पैसे बढ़ी और एक लीटर पेट्रोल 90.70 रुपये का बिका। पेट्रोल मुंबई में पहली बार 94 रुपये और चेन्नई में पहली बार 90 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंचा है। डीजल की कीमत दिल्ली में 36 पैसे चढ़कर 78.74 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई जो 30 जुलाई 2020 के बाद का रिकॉर्ड स्तर है। इसकी कीमत मुंबई में 38 पैसे बढ़कर 85.70 रुपये, चेन्नई में 34 पैसे बढ़कर 83.86 रुपये और कोलकाता में 37 पैसे बढ़कर 82.33 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई।

जुड़ाव को गहरा करने का माध्यम है रेडियो: पीएम

अकांशु उपाध्याय     
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को ‘विश्व रेडियो दिवस’ की शुभकामनाएं देते हुए शनिवार को कहा कि रेडियो सामाजिक जुड़ाव को गहरा करने का एक शानदार माध्यम है। मोदी ने ट्वीट किया कि उन्होंने हर माह प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव स्वयं महसूस किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं। रेडियो के सभी श्रोताओं को शुभकामनाएं। रेडियो को नवीन विषय वस्तु एवं संगीत मुहैया कराने वाले प्रशंसा के पात्र हैं। यह सामाजिक जुड़ाव को गहरा करने का एक शानदार माध्यम है। मैंने ‘मन की बात’ के कारण रेडियो का सकारात्मक प्रभाव स्वयं महसूस किया है।” दुनिया भर में 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस के रूप में मनाया जाता है।

उत्तराखंड: कुल 80327 लोगों ने पंजीकरण कराया

उत्तराखंड: कुल 80327 लोगों ने पंजीकरण कराया पंकज कपूर  ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुक्रवार को भी दुश्वारियों भरा रहा। दिन भर में क...