बुधवार, 6 जनवरी 2021

पिछले समय की तुलना, तेज घूम रही है धरती

धरती पिछले 50 सालों में किसी भी समय की तुलना में तेजी से घूम रही है। वैज्ञानिक अब इस बात परेशान है कि इसे कैसे मैनेज किया जाए। इस समय धरती सामान्य गति से तेज चल रही है। धरती 24 घंटे से पहले अपनी धुरी पर एक चक्कर पूरा कर रही है। धरती में ये बदलाव पिछले साल के मध्य में आया था। आइए जानते हैं कि धरती कितनी तेजी से घूम रही हैं? इसका हमारे जीवन पर क्या असर होगा? धरती 24 घंटे में अपनी धुरी पर एक चक्कर लगाती है। लेकिन पिछले साल जून से लेकर अब तक धरती अपनी धुरी पर ज्यादा तेजी से घूम रही है। इसकी वजह से धरती पर मौजूद सभी देशों का समय बदल जाता है। साइंटिस्ट्स को अपनी-अपनी जगहों पर मौजूद एटॉमिक क्लॉक का समय बदलना पड़ेगा। यानी इस बार साइंटिस्ट्स को निगेटिव लीप सेकेंड अपनी-अपनी घड़ियों में जोड़ना पड़ेगा। साल 1970 से अब तक कुल मिलाकर 27 लीप सेकेंड जोड़े जा चुके हैं। ब्रिटिश वेबसाइट डेली मेल में प्रकाशित खबर के अनुसार पिछले कई दशकों से धरती 24 घंटे के समय से ज्यादा समय लेकर अपनी धुरी पर घूम रही थी लेकिन पिछले साल जून से 24 घंटे से कम समय में एक चक्कर लगा रही है। धरती इस समय 24 घंटे में 0.5 मिलीसेकेंड कम समय लेकर घूम रही है। यानी हमारे 24 घंटे में 0.5 मिलीसेकेंड कम हो चुके हैं।
पिछले 50 सालों से धरती के घूमने का एकदम सही आकंड़ा निकाला जा रहा है। 24 घंटे में 86,400 सेकेंड्स होते हैं। यानी इतने सेकेंड में हमारी धरती एक चक्कर पूरा करती है। लेकिन पिछले साल जून से 86,400 सेकेंड में 0.5 मिलीसेकेंड की कमी आ गई है।19 जुलाई 2020 का दिन 24 घंटे से 1.4602 मिलीसेकेंड कम था। 2020 से पहले सबसे छोटा दिन 2005 में था। लेकिन पिछले 12 महीनों में ये रिकॉर्ड कुल मिलाकर 28 बार टूटा है। समय का यह बदलाव सिर्फ एटॉमिक क्लॉक पर ही देखा जा सकता है। लेकिन इसकी वजह से कई सारी दिक्कतें आ सकती हैं। हमारी संचार व्यवस्था में काफी दिक्कत आ सकती है। क्योंकि हमारे सैटेलाइट्स और संचार यंत्र सोलर टाइम के अनुसार सेट किया जाते है। ये समय तारों, चांद और सूरज के पोजिशन के अनुसार सेट की जाती है।

कुंवारी हूं, तेज कटारी हूं, सिर्फ तुम्हारी हूं

कविता गर्ग
मुंबई। कुंवारी हूं, तेज कटारी हूं, लेकिन सिर्फ तुम्हारी हूं। जनता के बीच खड़े होकर बुलंद आवाज में मैडम चीफ मिनिस्टर ऐलान कर देती हैं कि वे मुख्यमंत्री बनने को एकदम तैयार हैं। ऐसी ही है, ऋचा चड्ढा की नई फिल्म जिसका ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। स्वभाव से अड़ियल लेकिन नीयत से नेक, ऋचा की मैडम चीफ मिनिस्टर एक ऐसी लड़की की कहानी है जो ना किसी के सामने झुकती है और ना ही किसी दूसरे को दबाने में विश्वास रखती है। लेकिन अपने काम के बलबूते वो सत्ता के सबसे ऊंचे शिखर तक पहुंच जाती है। मैडम चीफ मिनिस्टर का दमदार ट्रेलर...
सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी मैडम चीफ मिनिस्टर का ट्रेलर सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर गया है। तीन मिनट के ट्रेलर में ऋचा चड्ढा का वो रूप देखने को मिल जाएगा जो पहले ना कभी देखा है और ना ही उन्होंने अपने करियर में ऐसा कुछ एक्सपेरिमेंट करने की कोशिश की है। ट्रेलर को देख समझ आ रहा है कि राजनीति चरम पर होने वाली है, सत्ता के लिए रस्साकशी और खींचतान भी दिखने वाला है और सीटों के बंटवारे पर भी खूब पॉलिटिक्स खिलने वाली है। फिल्म के ट्रेलर को देख कहानी को समझना ज्यादा मुश्किल नहीं है। साफ पता चल रहा है कि ये एक ऐसी दलित लड़की की कहानी है जिसका समाज ने काफी शोषण किया है। अब बस कैसे वो लड़की समाज के उस दबे वर्ग को फिर ऊपर उठाएगी, कैसे खुद को मैडम चीफ मिनिस्टर बनाएगी, फिल्म इसी बारे में है। मंदिर पॉलिटिक्स पर होगा प्रहार
वैसे ट्रेलर में एक और बाद गौर करने वाली है। सुभाष कपूर ने इशारों-इशारों में देश की पॉलिटिक्स पर भी तीखा प्रहार किया है। उस मुद्दे को भी फिल्म में उठाने की कवायद रहने वाली है। ऐसे में ऋचा की इस नई पेशकश को लेकर बज अलग ही लेवल का बन गया है।ऋचा की एक्टिंग से लेकर उनके लुक्स तक,सबकुछ फैन्स को उत्साहित कर रहा है। फिल्म में ऋचा के अलावा सौरभ शुक्ला और मानव कौल भी अहम रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म को 22 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।

व्हाट्सएप: भारतीय उपयोगकर्ताओं को दी चेतावनी

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। करोड़ों भारतीय व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं को व्हाट्सएप की ओर से एक नोटिफिकेशन मिला है। जिसमें उन्हें सेवा की शर्तों और गोपनीयता नीति में बदलावों को स्वीकार करने के लिए कहा गया है। 8 फरवरी तक ऐसा न करने पर उपयोगकर्ता के खाते को हटा दिया जाएगा। ऐप नोटिफिकेशन के बहुत अधिक विवरण नहीं मिले हैं, लेकिन लिंक पर क्लिक करने पर यह बताया गया है कि व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं की जानकारी को मूल कंपनी फेसबुक के साथ आगे बढ़ाने और प्रोसेस करने को लेकर बदलाव किए गए हैं। अपडेटेड पॉलिसी में लिखा है। ‘जब आप हमारी सेवाओं को इंस्टॉल करते हैं या उपयोग करते हैं तो व्हाट्सएप को अपनी सेवाओं को संचालित करने, उपलब्ध कराने, सुधारने, समझने, कस्टमाइज करने, सपोर्ट करने और मार्केटिंग की कुछ जानकारी इकट्ठा करनी होती है।
हमारी सेवाओं का उपयोग करने वाले और आपस में बातचीत करने वाले व्यवसायों को अपनी बातचीत की जानकारी हमें देने की जरूरत है।’ लित करने, उपलब्ध करने, सुधारने, समझने, कस्टमाइज करने, सपोर्ट करने और मार्केटिंग में मदद करने के लिए थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर और अन्य फेसबुक कंपनियों के साथ काम करता है। इसमें आगे कहा गया है। ‘ये कंपनियां हमें कुछ खास परिस्थितियों में आपके बारे में जानकारी प्रदान कर सकती हैं। उदाहरण के लिए ऐप स्टोर हमें सेवा की समस्याओं को समझने और उन्हें ठीक करने में मदद करने के लिए रिपोर्ट प्रदान कर सकते हैं। ’बता दें कि अक्टूबर में फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा था कि कंपनी मैसेंजर चैट, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप को मर्ज करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। ताकि वे एक तरीके से जुड़े इंटरऑपरेबल सिस्टम की तरह काम करना शुरू कर सकें। जुकरबर्ग ने विश्लेषकों को बताया था, ‘यहां और काम करना है। हम निश्चित रूप से व्हाट्सएप को उस इंटरऑपरेबिलिटी में लाना चाहते हैं। इसके अलावा ऐसी और भी विशेषताएं हैं जो हम मैसेंजर, इंस्टाग्राम इंटरऑपरेबिलिटी में भी जोड़ना चाहते हैं।’ अपनी नई नीति में व्हाट्सएप ने कहा है कि ‘यदि आप हमारी सेवाओं का उपयोग ऐसी थर्ड-पार्टी सेवाओं या फेसबुक कंपनी के प्रोडक्ट्स के साथ करते हैं, तो हम आपसे उनके बारे में जानकारी ले सकते हैं। उदाहरण के लिए यदि आप न्यूज सर्विस पर व्हाट्सएप शेयर बटन का उपयोग उसे अपने व्हाट्सएप कॉन्टैक्ट्स, ग्रुप्स या ब्रॉडकास्ट लिस्ट के साथ साझा करते हैं। यदि आप मोबाइल कैरियर या डिवाइस प्रोवाइडर के प्रचार के जरिये हमारी सेवाओं का उपयोग करने का विकल्प चुनते हैं।’ साथ ही व्हाट्सएप फेसबुक कंपनियों के हिस्से के रूप में आपको दोस्तों, समूहों, कंन्टेंट आदि को लेकर सुझाव भी दे सकता है। आपको शॉपिंग करने, संबंधित ऑफर दिखाने, फेसबुक कंपनियों के प्रोडक्ट के विज्ञापन दिखाने जैसे काम कर सकता है। उदाहरण के लिए यह आपको व्हाट्सएप पर चीजों का भुगतान करने के लिए अपने फेसबुक पे अकाउंट को कनेक्ट करने की अनुमति देता है। साथ ही नए व्हाट्सएप अकाउंट को कनेक्ट करके आपको अन्य फेसबुक कंपनी प्रोडक्ट्स जैसे पोर्टल पर अपने दोस्तों के साथ चैट करने की अनुमति देता है।

साफ-सफाई से संतुष्ट नजर आए नगर आयुक्त

अश्वनी उपाध्याय 

गाज़ियाबाद। नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के अंतर्गत शहर के सभी शौचालयों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर ने आज निगम के विजय नगर, सिटी, और मोहन नगर जोन स्थित विभिन्न शौचालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विजय नगर जोन में प्रताप विहार, कुटी, भीमाबाई, सर्वोदय नगर, विवेकानंद नगर, राठी मील स्थित शौचालयों का निरीक्षण किया गया अधिकतर शौचालयों की स्थिति बहुत ही अच्छी मिली तथा डूडा हेड़ा स्थित शौचालयों को सेकंड फेस में लिया जाएगा। निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सरोज सिंह तथा श्रीकांत सिंह राणा को कुशल कार्य हेतु उत्साहित किया।मोहन नगर जोन में सिकंदरपुर, करहेड़ा व अन्य शौचालयों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, एसबीएम नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा व अन्य टीम उपस्थित रही।

गाजियाबाद: 16 लोगों पर 12.6 लाख का जुर्माना

अश्वनी उपाध्याय 

गाजियाबाद। गाज़ियाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी सामग्री बेचने वाले 16 लोगों पर 12.6 लाख का जुर्माना लगाया है। विभाग के अधिकारियों ने पिछले दिनों इन दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। जांच में यह नमूने फेल पाए गए। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए एडीएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया था। जिस पर कोर्ट ने दोषियों पर जुर्माना लगाया है। अभिहित अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि जिन दुकानदारों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है वे इस प्रकार हैं। धनश्री फ़ूड प्रोडक्ट पर दो लाख का जुर्माना लगाया गया है। उनके यहां चॉकलेट आइसक्रीम के घोल में मिलावट पाई गई।भगवती पेठा भंडार में सोनपापड़ी में मिलावट मिली। विभाग ने उन पर दो लाख का जुर्माना लगाया है। डासना निवासी विपिन कुमार के यहां धनिया पाउडर में मिलावट पाई गई। उन पर डेढ़ लाख रुपये जुर्माना लगा है।अग्रवाल स्वीट्स इंडिया पर नमकीन में मिलावट को लेकर डेढ़ लाख का जुर्माना लगा है। दाल में मिलावट पाये जाने पर पीटीसी काट्रेड पर डेढ़ लाख व राकेश मसाले पर एक लाख जुर्माना लगाया है। साउथसाइड औद्योगिक क्षेत्र में प्रेम चंद्र वेद प्रकाश एंड संस के तेलवा रिफाइंड के नमूने जांच फेल पाए गए। विभाग द्वारा उन पर तेल और रिफाइंड के लिए कुल दो लाख का जुर्माना लगाया गया है। चिरंजीवी विहार स्थित अनु डेयरी का मावा का नमूना जांच में मानकों पर खरा नहीं उतरा। विभाग ने 25 हजार का जुर्माना लगाया है। भोजपुरी निवासी दिलशाद पर मावा में मिलावट के लिए 15 हजार जुर्माना लगा है। इसके अलावा जेएमडी स्टोर, एनके प्रोटीन, जेपी डेयरी, ओम डेयरी व मुरादनगर निवासी दीपक त्यागी पर पनीर, रिफाइंड व दूध में मिलावट के लिए 10-10 हजार जुर्माना लगा है। धन लक्ष्मी इंटरप्राइजेज व मरियम नगर निवासी मुकेश चंद्र पर बिना पंजीकरण सामग्री बेचने पर 10-10 हजार का जुर्माना लगा है। विभाग द्वारा जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष में विभाग अब तक 65 लोगों पर कार्रवाई कर चुका है। जिन पर कुल 17 लाख का जुर्माना लगा है।

कौशाम्बी: अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

इनाम घोषित दो हत्या अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कौशाम्बी। पश्चिम शरीरा थाना पुलिस ने तमंचा कारतूस के साथ दो हत्यारों को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से दोनों हत्या अभियुक्त फरार चल रहे थे। जिनकी गिरफ्तारी पर पुलिस विभाग ने इनाम घोषित कर रखा था पकड़े गए आरोपियों को लिखा पढ़ी कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक पश्चिम शरीरा कोतवाली पुलिस ने फिरोज खान उर्फ मिट्ठू मंत्री पुत्र रमजानी निवासी करारी व कल्लू कुंजड़ा उर्फ नौशाद अहमद, शब्बीर अहमद, बीरनपुर अशरफ पुर थाना कोखराज को बीती रात पश्चिम शरीरा पुलिस ने थाना क्षेत्र के चक गुरैनी के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तमंचा कारतूस बरामद किया है। दोनों पर हत्या सहित विभिन्न अपराध पंजीकृत हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर लंबे समय से फरार चल रहे थे।जिनकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने जेल भेज दिया है।

गणेश साहू 

रजिस्टर्ड श्रमिक के बच्चों को दी जाएंगी साईकिल

अतुल त्यागी, मुकेश सैनी
हापुड़। जनपद में जल्द ही श्रमिकों के बच्चों को मिलने जा रही हैं। सहायक श्रम आयुक्त उमेश कुमार ने बताया कि संत रविदास योजना के अंतर्गत के अंतर्गत श्रमिकों के बच्चों को साइकिल दी जाएगी। इसमें वह बच्चे शामिल होंगे जो साल 2020 में हाईस्कूल और इंटर उत्तरण कर अगली कक्षा में प्रवेश के लिए हैं तथा वर्तमान में अध्ययनरत हैं। इसके लिए श्रमिक का कम से कम 1 साल पुराना रजिस्ट्रेशन होना आवश्यक है। ऐसे सभी छात्र/ छात्राएं जिन्होंने 2020 में पास किया था उन सब को साईकिल श्रम विभाग द्वारा आवंटित की जाएंगी। जिसकी कीमत लगभग 35 रूपये होगी जो भी श्रमिक रजिस्टर्ड है। वह कार्यालय में आकर इस योजना में अपना पंजीकरण करा सकते हैं ताकि उनके बच्चों को साइकिल मिल सके।

बदायूं कांड को लेकर सीएम योगी गंभीर, दिए निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं की घटना को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) को घटना के सम्बन्ध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने एसटीएफ को इस घटना की विवेचना में सहयोग प्रदान करने के लिए निर्देशित किया है। साथ ही आरोपियों पर एनएसए के तहत कार्रवाई का आदेश दिया गया है। बदायूं के अलावा मुरादनगर में हए श्मशान घाटन मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई है। सीएम योगी ने कहा कि बदायूं की घटना अत्यंत निंदनीय है। अभियुक्तों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले के मुख्य आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। मुख्य आरोपी महंत सत्यनारायण फरार है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में बदायूं के उघैती क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार और दरिंदगी के साथ की गयी हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया था कि उघैती क्षेत्रान्तर्गत एक 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के सन्दर्भ में धारा 376डी/302 भादवि के अन्तर्गत मुकदमा कायम किया गया था। इस क्रम में प्रारम्भिक जांच में लापरवाही में दोषी पाये जाने पर तत्कालीन थाना प्रभारी को निलम्बित किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के पैर में फ्रैक्चर एवं प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों वेद राम और जसपाल को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि फरार आरोपी मंदिर के महंत को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और बहुत जल्दी मंदिर के महंत महंत को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया था कि 3 जनवरी की शाम महिला मंदिर में पूजा अर्चना करने गयी थी जहां उसके साथ मंदिर के मंहत समेत तीन लोगों ने बलात्कार किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार महिला के सीने और पांव में भारी वस्तु से प्रहार किये गये जबकि उसके गुप्तांग में चोट पहुंचायी गयी। परिजनों ने मंदिर के महंत पर बलात्कार और हत्या का आरोप लगाया है। महिला के पुत्र के मुताबिक 3 जनवरी की रात तकरीबन 11 बजे मंदिर का महंत अन्य दो लोगों के साथ घर आया और मां का शव घर में रख दिया। उनसे कुछ पूछ पाते कि वे लोग यह कहकर चले गए कि मन्दिर से घर लौटते समय महिला रास्ते में स्थित एक सूखे कुएं में गिर गई थी। पुलिस को घटना की सूचना सोमवार सुबह दी गयी। परिजन इसे पहले ही रेप और हत्या का मामला बता रहे थे लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम के आधार पर कार्यवाही की बात कहते हुए शव को मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पहले परिजनों ने पुलिस को सूचना देने में देर की,उसके बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देने में वक़्त लगाया और इन सबके बाद पुलिस ने भी लापरवाही बरतते हुए मुक़द्दमा लिखने, पंचनामा भरने में काफी वक्त लगाया। रविवार रात की घटना में पोस्टमार्टम मंगलवार को हुआ। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला के गुप्तांग पर चोटें है और महिला का पैर भी फेक्चर पाया गया।

किसानों की समस्या के समाधान में फेल सरकार

पालूराम  
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को कहा कि वह नए कृषि कानूनों को चुनौती देने वाली याचिकाओं और दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसानों के प्रदर्शन से उठे मुद्दों पर 11 जनवरी को सुनवाई करेगा। प्रधान न्यायाधीश एसए बोबडे की अध्यक्षता वाली एक पीठ ने पाया कि किसानों के प्रदर्शन के संबंध में जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं आया है। केन्द्र ने शीर्ष अदालत से कहा था कि सरकार और किसानों के बीच इस मुद्दे पर ”सकारात्मक बातचीत” जारी है। अटॉर्नी जनरल के. के. वेणुगोपाल ने कहा कि निकट भविष्य में दोनों पक्षों में सहमति बनने की अच्छी संभावना है और नए कृषि कानूनों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर केन्द्र के प्रतिक्रिया दायर करने से किसानों और सरकार के बीच बातचीत में बाधा उत्पन्न हो सकती है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ को बताया कि सरकार और किसानों के बीच ”सौहार्दपूर्ण वातावरण” में बातचीत जारी है।

उन्होंने कहा कि इन याचिकाओं पर आठ जनवरी को बातचीत नहीं की जानी चाहिए। पीठ ने कहा, ” हम स्थिति को समझते हैं और बातचीत को प्रोत्साहित करते हैं। हम मामले की सुनवाई को सोमवार 11 जनवरी तक स्थगित कर सकते हैं, अगर आप चल रही बातचीत के संबंध में लिखित में दें।” शीर्ष अदालत कृषि कानूनों के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी।

महिला सुरक्षा पर सरकार की नीयत में खोट: प्रियंका

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक महिला की साथ बलात्कार के बाद हत्या किए जाने के मामले को लेकर बुधवार को राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा पर सरकार की नीयत में खोट है। उन्होंने ट्वीट किया, ”हाथरस में सरकारी अमले ने शुरुआत में फरियादी की नहीं सुनी, सरकार ने अफसरों को बचाया और आवाज को दबाया। बदायूं में थानेदार ने फरियादी की नहीं सुनी, घटनास्थल का मुआयना तक नहीं किया। महिला सुरक्षा पर उप्र सरकार की नीयत में खोट है।” कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला किया और सवाल किया कि आखिर योगी आदित्यनाथ सरकार कब जागेगी? उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”वीभत्स, जघन्य, मानवता हुई शर्मसार! कितनी और निर्भया? कितनी और हैवानियत? कब जागेगी आदित्यनाथ सरकार? कहां है हमारे सजग पत्रकार?” गौरतलब है कि बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बुधवार को बताया कि गत रविवार को उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर गयी 50 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है और उसके गुप्तांग में चोट के निशान तथा पैर की हड्डी टूटी पाई गई है।

चुनौती का मुकाबला करना ही सच्ची जीतः मोदी

नई दिल्ली। दिव्यांगता की शिकार गुजरात के सूरत की रहने वाली 23 वर्षीय वंदना ने दिवाली पर्व पर रंगोली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कलाकृति बनायी और उसकी तस्वीर उन्हें भेजी। मोदी ने भी वंदना की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना ही सच्ची जीत है। वंदना के भाई किशनभाई पटेल ने बताया कि जब प्रधानमंत्री ने उसके भेजे चित्र का पत्र के माध्यम से जवाब भेजा तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि इससे उसे बहुत प्रेरणा मिली। पटेल ने बताया कि वंदना बचपन से ही वाक् एवं श्रवण दिव्यांगता की शिकार है और वह एक कोचिंग संस्थान में इससे संबंधित कला सीख रही है।वंदना को भेजे पत्र में प्रधानमंत्री ने उसकी हौसला अफजाई करते हुए लिखा कि जिंदगी में बाधाएं और चुनौतियां आती रहती हैं लेकिन विपरित परिस्थितियों में भी बिना हारे हम जब डटकर उसका मुकाबला करते हैं तो वही सच्ची जीत होती है। उन्होंने वंदना के सुनहरे भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वह कला व शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी। प्रधानमंत्री को चित्र के साथ भेजे गए पत्र में वंदना ने उन्हें अपनी प्रेरणा बताया था। रंगोली एक ऐसी कला है जिसमें रंग-बिरंगे पिसे हुए चावल, बालू या फूलों से कलाकृतियां बनाई जाती हैं।

बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद बनाया कंट्रोल रूम

अकांशु उपाध्याय  
नई दिल्ली। केंद्रीय पशुपालन और डेयरी विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में बर्ड फ्लू से जुड़ी तमाम घटनाक्रमों पर निगरानी के लिए राष्ट्रीय राजधानी में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। पशु पालन एवं डेयरी विभाग ने बुधवार को बताया कि राज्यों में बर्ड फ्लू के नियंत्रण के लिए उठाये जा रहे कदमों की ताजा स्थिति की दैनिक आधार पर जानकारी मिल सकेगी। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और केरल में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो चुकी है। राजस्थान के बारां, कोटा, झालावाड़ और मध्य प्रदेश के मंदसौर, इंदौर और मालवा में कौआ की मौत हुयी है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में प्रवासी पक्षियों तथा केरल के (पोल्ट्री-बतख)- कोट्टायम और अल्लपुझा में पोल्ट्री एवं बत्तख की मौत हुयी है।आईसीएआर-एनआईएचएसएडी से संक्रमित नमूनों की जांच के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुयी है। स्थिति को देखते हुए एक जनवरी को राजस्थान और मध्‍यप्रदेश राज्यों को परामर्श जारी किया गया है ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। मध्य प्रदेश और राजस्थान ने एवियन इन्फ्लुएंजा की राष्ट्रीय कार्य योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार नियंत्रण उपाय शुरू किए गए हैं।

दूसरा परामर्श पांच जनवरी को हिमाचल प्रदेश को जारी किया गया। इसमें राज्य को पोल्‍ट्री की बीमारी को आगे बढ़ने से रोकने के लिए आवश्‍यक कदम उठाने की सलाह दी गई है। केरल ने पहले ही महामारी केन्‍द्रों पर 05 जनवरी से नियंत्रण और रोकथाम अभियान शुरू कर दिये हैं। कुल्लिंग प्रक्रिया चल रही है। एवियन इन्फ्लुएंजा के बारे में कार्य योजना के अनुसार प्रभावित राज्‍यों को इस बीमारी पर नियंत्रण और इसके प्रसार को रोकने के लिए किए जाने वाले उपायों के बारे में सुझाव दिए गए है। इस सुझावों में पोल्ट्री फार्मों की जैव सुरक्षा को मजबूत बनाना, प्रभावित क्षेत्रों का कीटाणुशोधन करना, मृत पक्षियों के शवों का उचित निपटान, बीमारी की पुष्टि और आगे निगरानी के लिए समय पर नमूने लेना और उन्‍हें परीक्षण के लिए भेजना प्रमुख है। संक्रमित पक्षियों से पोल्‍ट्री और मनुष्‍यों में बीमारी के प्रसार की रोकथाम के लिए सामान्य दिशा-निर्देशों के साथ-साथ निगरानी योजनाओं को सघन रूप से लागू करना शामिल है। राज्‍यों को यह भी सलाह दी गई है कि वे पक्षियों की असामान्य मौत के बारे में रिपोर्ट के लिए वन विभाग के साथ समन्वय स्‍थापित करें। अन्य राज्यों से भी पक्षियों की असामान्य मौत के बारे में सतर्कता बरतने और आवश्यक उपाय करने के लिए तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है।

इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉलर कोलिन का निधन हुआ

लंदन। इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डरों में से एक और मैनचेस्टर के महान खिलाड़ी कोलिन बेल का निधन हो गया है। वह 74 साल के थे। मैनचेस्टर सिटी ने मंगलवार को बयान में कहा कि कोलिन बेल का संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। उनकी यह बीमारी कोरोना वायरस से संबंधित नहीं थी। बेल के नाम पर एतिहाद स्टेडियम में ‘कोलिन बेल स्टैंड’ है। सिटी के चेयरमैन खालदून अल मुबारक ने बयान में कहा, ”कोलिन बेल को हमेशा मैनचेस्टर सिटी के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में याद किया जाएगा और आज उनके निधन की दुखद खबर से हमारे क्लब से जुड़ा हर व्यक्ति प्रभावित होगा। ”बेल ने सिटी की तरफ से 13 सत्रों में 492 मैच खेले और 152 गोल किये। उन्होंने इंग्लैंड के लिये 48 मैच खेले और नौ गोल किये।

यूपी में 11 को फिर होगा वैक्सीन का टीकाकरण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 जनवरी को कोरोना वैक्सीनेशन के सम्बन्ध में पुनः ड्राई रन आयोजित कर वैक्सीनेशन कार्य की सभी तैयारियों की गहन समीक्षा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 वैक्सीनेशन का कार्य केन्द्र सरकार की गाइडलाइन्स के अनुरूप किया जाए। वैक्सीनेशन कार्य में केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित किये गये क्रम का प्रत्येक दशा में पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।

12 सीटों के लिए चुनाव अधिसूचना की घोषणा

हरिओम उपाध्याय 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य विधान परिषद की 12 सीटों के लिये निर्वाचन आयोग ने बुधवार को कार्यक्रम की घोषणा कर दी। निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 11 जनवरी को जारी की जायेगी और उसी दिन से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। नामांकन की आखिरी तारीख 18 जनवरी नियत की गयी है।जबकि 19 तारीख को नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 जनवरी है जबकि मतदान 28 जनवरी को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक सम्पन्न होगा। मतों की गिनती उसी दिन होगी और सभी परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे।गौरतलब है कि विधान परिषद के 12 सदस्यों का कार्यकाल 30 जनवरी को समाप्त हो रहा है। इन सदस्यों में सूबे के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव और समाजवादी पार्टी (सपा) के अहमद हसन के अलावा, आशू मलिक, धर्मवीर सिंह अशोक, प्रदीप कुमार जाटव, रमेश यादव, रामजतन, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, वीरेन्द्र सिंह, साहब सिंह सैनी शामिल है। इनके अलावा नसीमुद्दीन सिद्दीकी के कांग्रेस में जाने से उनकी सदस्यता दलबदल कानून के तहत पहले ही खत्म कर दी गई थी। उधर, सूत्रों का दावा है कि भाजपा विधान परिषद की बारह सीटों पर होने वाले चुनाव में कम से कम 10 सीटें जीत सकती है और यदि बहुजन समाज पार्टी का समर्थन मिला तो एक और सीट उसके पास आ सकती है। फिलहाल इन 12 सीटों में से सपा के पास छह सीटें हैं जबकि भाजपा और बसपा के हिस्से में तीन तीन सीटें हैं। भाजपा के खाते में दस और सपा के खाते में एक सीट जाना तय है। यदि भाजपा को बसपा का साथ मिला तो 11वीं सीट भी पार्टी जीत सकती है। बसपा के विधानसभा में 19 सदस्य होने के बावजूद राज्यसभा चुनाव में उसका एक प्रत्याशी जीत गया था। भाजपा ने अपना एक और उम्मीदवार खड़ा कर उसकी मुसीबत नहीं बढ़ाई थी लेकिन अंतिम समय में सपा ने अपना एक प्रत्याशी उतार कर बसपा प्रमुख मायावती को नाराज कर दिया था। सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज हो गया था और बसपा प्रत्याशी को जीत मिल गई थी। तभी मायावती ने कहा था कि विधान परिषद चुनाव में सपा को हराने के लिये भाजपा की मदद करने से भी पीछे नहीं रहेंगी। यदि मायावती अपने कहे पर कायम रहती हैं तो भाजपा के पास ग्यारहवीं सीट भी आ सकती है।

योगी-त्रिवेंद्र सरकार को एससी ने भेजा नोटिस

अकांशु उपाध्याय
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने लव जिहाद और धर्म परिवर्तन के खिलाफ बने कानूनों पर नोटिस जारी किया है। साथ ही कोर्ट ने यूपी और उत्तराखंड सरकार से 4 हफ्तें में जवाब मांगा है। याचिकाओं में इन कानूनों को सम्मान के साथ जीवन जीने और धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का हनन बताया गया है। चीफ जस्टिस एस ए बोबड़े की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने सबसे पहले याचिकाकर्ता विशाल ठाकरे के वकील प्रदीप यादव ने दलीलें रखी। उन्होंने यूपी के कानून को संविधान के खिलाफ बताया। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा, अगर कानून में कोई दिक्कत है, तो आपको पहले हाई कोर्ट जाना चाहिए हमारी जानकारी के मुताबिक हाई कोर्ट पहले से मसले की सुनवाई कर रहा है। यादव ने बात को संभालते हुए कहा, हमने उत्तराखंड के भी कानून को चुनौती दी है। अगर दो हाई कोर्ट किसी मामले को सुन रहे हों, तो उसकी सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में किया जाना बेहतर है। इस दलील से असहमति जताते हुए चीफ जस्टिस ने कहा, हमारे सामने कोई ट्रांसफर याचिका नहीं है। आपने नई जनहित याचिका दाखिलकी है। इसके बाद एक और याचिकाकर्ता एनजीओ सिटीजन फॉर जस्टिस एंड पीस के की तरफ से पेश वरिष्ठ वकील सी यु सिंह ने कहा, 2 राज्यों ने कानून बना दिए हैं। मध्य प्रदेश और हरियाणा भी और हरियाणा भी जल्द ही ऐसा कानून पास करने जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट को पूरे मामले को देऽना चाहिए। बेंच ने कहा, हम यह नहीं कह रहे कि यह मामला देखा जाने लायक नहीं है। लेकिन सुनवाई हाई कोर्ट में ही किया जाना बेहतर होता। बहरहाल, हम मामले में यूपी और उत्तराखंड सरकार को नोटिस जारी कर रहे हैं। सी यु सिंह ने कोर्ट से दोनों कानूनों पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा, इन कानूनों में 10 साल तक की सजा का प्रावधान रखा गया है। बेगुनाही साबित करने का जिम्मा आरोपी पर डाला गया है। यह बाध्यता रखी गई है कि विवाह करने से 1 महीने पहले मजिस्ट्रेट को सूचना देनी होगी। यह सभी बातें मौलिक अधिकारों का हनन हैं। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी दलीलों को सुना लेकिन कानूनों पर रोक लगाने से मना कर दिया। कोर्ट ने कहा, हम सभी पक्षों को सुनकर यह तय करेंगे कि कानून संविधान के हिसाब से सही हैं या नहीं। याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट से अगली सुनवाई जल्द करने की दरख्वास्त की। इस पर कोर्ट ने कहा कि वह दोनों राज्यों को 4 हफ्रते में जवाब देने के लिए कहेगा।

फिल्म ‘वी कैन बी हीरोज’ में नजर आएंगी प्रियंका

मनोज सिंह ठाकुर
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपडा हॉलीवुड फिल्म ‘वी कैन बी हीरोज’ के सीक्वल में काम करती नजर आयेंगी। प्रिंयका चोपडा इन दिनों अपनी नयी हॉलीवुड फिल्म की घोषणा करने की वजह से चर्चा में हैं। प्रियंका चोपड़ा की नई फिल्म ‘वी कैन बी हीरोज’ (का सीक्वल है। यह फिल्म पिछले साल क्रिसमस पर ओटीटी प्लटेफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। बच्चों पर आधारित इस फिल्म के सीक्वल की जानकारी प्रियंका चोपड़ा ने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। प्रियंका ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ‘वी कैन बी हीरोज’ के सीक्वल से जुड़ा अपना लुक शेयर किया है। अपने ट्वीट में प्रियंका चोपड़ा ने इस बात का भी खुलासा किया है कि ‘वी कैन बी हीरोज’ को 44 मिलियन लोग देख चुके हैं। प्रियंका ने फिल्म से जुड़े अपने लुक को साझा करते हुए ट्वीट में लिखा, ‘हीरोइक्स हेडक्वार्टर प्रोजेक्शन: 44 मिलियन परिवारों ने अपने पहले 4 हफ्तों में हमें वी कैन बी हीरोज के लिए अनुकूल माना।

'बुलबुल तरंग' में काम करती नजर आई सोनाक्षी

मनोज सिंह ठाकुर 

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म ‘बुलबुल तरंग’ में काम करती नजर आयेंगी। सोनाक्षी सिन्हा निर्देशक नारायण सिंह की फिल्म में मुख्य किरदार अदा करने जा रही हैं जिसका नाम ‘बुलबुल तरंग’ रखा गया है। फिल्म में राज बब्बर भी हैं। ताहिर राज भसीन भी इस फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं। यह भारत की सामाजिक पृष्ठभूमि वाली फिल्म होगी और पुराने जमाने के रीति-रिवाज के बारे में होगी। फिल्म की शूटिंग मार्च-अप्रैल में शुरू होगी। सोनाक्षी ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’ फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रही हैं।

लखीमपुर: रेलवे लाइन के किनारे 2 शव बरामद हुए

आदर्श श्रीवास्तव 

लखीमपुर खीरी। जिले के मैगलगंज थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे दो शव बरामद हुए जिनके पास से देसी तंमचा भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक दोनों प्रेमी युगल हैं। जो सीतापुर जनपद के महोली थाना क्षेत्र के गांव कचूरा के रहने वाले हैं। बुधवार की सुबह मैगलगंज पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के किनारे दो शव पड़े हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की तस्दीक की तो प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया। दोनों की पहचान रेखा कश्यप और पवन चौबे थाना महोली के गांव कचूरा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। यह दोनों लोग दो दिन पहले से गांव से गायब हुए थे। जिसका मुकदमा मंगलवार को लड़की के परिजनों ने अपने स्थानीय थाने पर दर्ज कराया था। जिसमें मृतक युवक सहित तीन लोगों पर लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगाया था। बुधवार की सुबह जब दोनों का शव ग्रामीणों ने देखा तो मैगलगंज थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर मैगलगंज और महोली पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस घटना की सूचना पर एसपी विजय ढुल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।

ठंड और बारिश में भी किसानों का आंदोलन जारी

अकांशु उपाध्याय 
नई दिल्ली। भीषण सर्दी, बारिश के बावजूद केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले करीब 40 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों ने अपना प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी दी है। हालांकि खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर उन्होंने बुधवार को आहूत ‘ट्रैक्टर मार्च’ स्थगित कर दिया। सरकार और किसान संगठनों के बीच सोमवार को हुई सातवें दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही थी। किसान संगठनों के प्रतिनिधि इन कानूनों को पूरी तरह निरस्त करने की अपनी मांग पर अड़े रहे जबकि सरकार कानूनों की खामियों वाले बिन्दुओं या उनके अन्य विकल्पों पर चर्चा करना चाह रही थी। दोनों के बीच अब अगली बातचीत 8 जनवरी को होगी। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में भीषण सर्दी का प्रकोप जारी है, यहां बुधवार सुबह बारिश हुई और ओले गिरे। दिल्ली में चार दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जो 15 साल में जनवरी में सबसे कम था। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मंगलवार को कहा था कि 6 जनवरी को प्रस्तावित अपने ट्रैक्टर मार्च को खराब मौसम के पूर्वानुमान के चलते मंगलवार को 7 जनवरी के लिए टाल दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि वे आने वाले दिनों में अपने आंदोलन को तेज करेंगे। किसान विवादित कृषि कानूनों को वापस लेने एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की अपनी मांग को लेकर दिल्ली से लगी सीमाओं पर 28 नवम्बर से डटे हैं। यातायात पुलिस के अधिकारी लगातार ट्विटर पर लोगों को बंद एवं परिवर्तित मार्गों की जानकारी दे रहे हैं। यातायात पुलिस ने मंगलवार को सिलसिलेवार ट्वीट में बताया कि सिंघू, औचंदी, प्याऊ मनियारी, सबोली और मंगेश बॉर्डर बंद हैं। उसने कहा, ” कृपया लामपुर, सफियाबाद, पल्ला और सिंघू स्कूल टोल टैक्स बार्डर से होकर जाएं। मुकरबा और जीटेके रोड पर भी यातायात परिवर्तित किया गया है। आउटर रिंग रोड, जीटीके रोड और एनएच-44 पर जाने से भी बचें।” उसने ट्वीट किया, ” चिल्ला और गाजीपुर बॉर्डर नोएडा तथा गाजीपुर से दिल्ली आने वाले लोगों के लिए बंद है। कृपया आनंद विहार, डीएनडी, अप्सरा, भोपुरा और लोनी बॉर्डर से होकर दिल्ली आएं।” उसने कहा कि टिकरी, ढांसा बॉर्डर पर यातायात पूरी तरह बंद है। यातायात पुलिस ने कहा, ” झटीकरा बॉर्डर केवल हल्के वाहनों, दो-पहिया वाहनों और राहगीरों के लिए खुला है।” उसने कहा कि हरियाणा जाने के लिए झाड़ोदा (वन सिंगल कैरिजवे), दौराला, कापसहेड़ा, रजोकरी एनएच-8, बिजवासन/ बजघेड़ा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा बॉर्डर खुले हैं।

नाबालिग का अपहरण कर गैंगरेप, शव फेंका

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक रुह कपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक लड़की के साथ दरिंदगी की गई है। दरिंदगी भी ऐसी है कि इंसान का रुह कांप जाये। शहर के कोतवाली क्षेत्र में 17 साल की लड़की का कथित रूप से अपहरण कर उसके साथ रेप किया गया और फिर हत्या कर उसकी पहचान छिपाने के मकसद से शव को तेजाब से जला दिया गया। लड़की का शव बुधवार को नदी में मिला। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक राम बदन ने दी। बताया जा रहा है कि सोमवार को लड़की पशु चराने गई थी, जहां से वह लापता हो गई थी। लड़की के परिजनों ने भदोही कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने धारा 363 अपहरण का मुकदमा लिखा था और लापता लड़की को खोजा जा रहा था। इसी बीच वबुधवार को लापता नाबालिग लड़की का शव मिला। बताया जा रहा है कि लड़की का शरीर बुरी तरह झुलस गया था। घरवालों ने लड़की के जींस से उसकी पहचान की। शव मिलने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने भदोही-जौनपुर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी, फरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है।

सिंह ने बताया कि लड़की का जला हुआ शव वरूणा नदी में मिला है। शव का चेहरा और कमर के ऊपर का हिस्सा तेज़ाब से जला हुआ मिला। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि लड़की के साथ रेप किया गया और उसके बाद उसकी हत्या की गई। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है और वारदात को अंजाम देने वालों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

'रेडिएशन' स्टॉर्म के बारे में चेतावनी जारी की

'रेडिएशन' स्टॉर्म के बारे में चेतावनी जारी की  अखिलेश पांडेय  नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। वैज्ञानिक अभी भी पिछले सप्ताह आए सोलर स्टॉर्म...