मंगलवार, 22 दिसंबर 2020

जिला स्तरीय उद्योग बंधुओं की सभा आयोजित

अश्वनी उपाध्याय
गाजियाबाद। जिले की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. अस्मिता लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सीडीओ द्वारा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में व्याप्त अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया। इस संबंध में सीडीओ ने अपर नगर आयुक्त नगर निगम को क्षेत्रवार रोस्टर तैयार कर उनके समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वही औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुचारु रखने को कहा।

इंडियन ओपन की 11 मई से होगी शुरुआत

इंडिया ओपन की 11 मई से होगी शुरुआत, 2021 के पहले हाफ का कैलेंडर जारी

टोक्यो। बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने आगामी साल के लिए नया कैलेंडर जारी किया है। जिसमें इंडिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट टोक्यो ओलंपिक के लिए आखिरी क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट होगा। इसका आयोजन 11 से 16 मई तक किया जाएगा। टोक्यो खेलों के लिए ओलंपिक क्वालीफिकेशन समय अगले साल से दोबारा शुरू होगा। पहला क्वालीफाइंग टूर्नामेंट स्विस ओपन होगा जो 2 से 7 मार्च तक खेला जाएगा। इसके बाद नौ से 14 मार्च तक जर्मन ओपन होगा। चार लाख डॉलर इनामी इंडिया ओपन तोक्यो ओलंपिक के लिए अंक हासिल करने वाली 17 प्रतियोगिताओं में से आखिरी होगी। दिसंबर तक स्थगित किया गया। बाद में इसे रद्द कर दिया गया था। नए बीडब्ल्यूएफ कैलेंडर में सत्र के पहले और दूसरे क्वार्टर से कुछ टूर्नामेंटों को स्थगित किया गया है। और ग्रेड दो के कुछ टूर्नामेंट रद्द किए गए हैं। बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग एचएसबीसी बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स 2020 के साथ दोबारा शुरू होंगी जिसकी शुरुआत 27-31 जनवरी तक होनी है। अगली विश्व रैंकिंग सूची की गणना की घोषणा दो फरवरी को की जाएगी।
बीडब्ल्यूएफ ने साथ ही पुष्टि कि थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स अब डेनमार्क के आरहस में होंगे। इन्हें इस साल स्थगित किया गया है। बीडब्ल्यूएफ ने साथ ही टूर्नामेंट के मेजबानों के लिए कोविड-19 समर्थन पैकेज की भी घोषणा की जिसमें वित्तीय सहायता दी जाएगी जिससे कि टूर्नामेंट का आयोजन जारी रह सके।

रतन टाटा को एफआईआईसीसी ने सम्मानित किया

दुबई। वरिष्ठ उद्योगपति रतन टाटा को फेडरेशन ऑफ इंडो-इजरायल चैंबर्स ऑफ कॉमर्स (एफआईआईसीसी) ने एकता शांति और स्थिरता के लिए प्रतिष्ठित ग्लोबल विजनरी ऑफ सस्टेनेबल बिजनेस एंड पीस पुरस्कार से सम्मानित किया है। द्विपक्षीय उद्योग संगठन के अध्यक्ष गुल कृपलानी ने कहा इजरायल के प्रति रतन टाटा का समर्थन अटूट रहा है। भारत को गरिमा और सम्मान के साथ वैश्विक पटल पर लाने की उनकी प्रतिबद्धता को सभी ने देखा है। एक व्यक्ति, जिसका तीनों देशों- भारत, इजरायल और यूएई के व्यापारिक समुदाय सम्मान करते हैं। वह एकता शांति और स्थिरता के के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि वह भारत के सर्वाधिक सम्मानित और नैतिक व्यवसायी हैं। पुरस्कार समारोह के लिए एक आभासी कार्यक्रम के दौरान टाटा ने कहा कि उनका हमेशा मानना रहा है, कि इजरायल भारत के लिए एक बड़े अवसरों का देश है और इसकी रचनात्मकता की मदद से भारत में विनिर्माण लागत कम की जा सकती है। ताकि निर्यात को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा इजरायल जैसे देश के साथ जुड़ना मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है। मैंने हमेशा इसे भारत के लिए अवसर का देश कहा है। इजरायल के लोगों में कुछ खासबात है। जो उन्हें रचनात्मक बनाती है।

हादसा: कार पेड़ से टकराईं 2 की मौत, 3 घायल

ऋषिकेश: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार! दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
पंकज कपूर
ऋषिकेश। देर रात ऋषिकेश से रुड़की की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है। रात करीब 2 बजे मनसा देवी रेलवे फाटक के पास एक कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एम्स ऋषिकेश में उपचार के लिए भेजा गया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक कार ऋषिकेश से रुड़की की ओर जा रही थी। तभी सड़क के किनारे लगे एक पोल को बचाने से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और यह हादसा हो गया। कार हरिद्वार आरटीओ से रजिस्टर्ड है। कार में सवार सभी लोग रुड़की के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

एलओसी: पुंछ क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना ने दागे मोर्टार

जम्मू कश्मीर: पुंछ में पाकिस्तानी सेना ने दागे मोर्टार

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास स्थित अग्रिम चौकियों पर मंगलवार को पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई और मोर्टार दागे गए। एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस हमले में भारतीय पक्ष को कोई नुकसान नहीं हुआ।
प्रवक्ता ने कहा आज पूर्वाह्न साढ़े नौ बजे पाकिस्तानी सेना की ओर से बिना उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। नियंत्रण रेखा पर पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई और मोर्टार दागे गए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। इससे पहले एक दिसंबर को राजौरी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की ओर से किए गए मोर्टार हमले में बीएसएफ के एक उप निरीक्षक शहीद हो गए थे।

यमुनोत्री धाम के लिए 48 करोड़ की राशि स्वीकृत

यमुनोत्री तीर्थ धाम के लिए 48 करोड़ की धनराशि स्वीकृत यमुनोत्री विधायक
पंकज कपूर
देहरादून। उत्तरकाशी से अनिल रावत की रिपोर्ट केंद्र की मोदी सरकार तीर्थ धामो को भी बेहतर बनाने के लिए उनके सौंदर्यरण के लिए भी कार्य करने जा रही है। इसके लिए बंपर बजट भी रखा जा रहा है, ताकि धामों की सुंदरता के साथ आकर्षण भी बढ़े। केंद्र सरकार ने प्रसादम योजना के तहत यमुनोत्री तीर्थ धाम के लिए 48 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने देहरादून में एक मुलाकात के दौरान इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र के पर्यटन मंत्रालय से यह स्वीकृति मिली है। जो कि आने वाले समय में यमुनोत्री धाम का कायाकल्प करेगी। धाम का इस योजना से जहां बेहतर व आकर्षक सौंदर्यरण होगा तो वहीं मास्टर प्लान के तहत यमुनोत्री धाम में थ्री लेयर का भव्य ढांचा भी बनेगा जिसमें फर्स्ट फ्लोर में कुंड,सेकंड फ्लोर में मंदिर आदि नजर आयेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रसादम योजना स्वीकृत हो जाने के बाद अब गेल द्वारा स्वीकृत कार्य की जरूरत नहीं पड़ेगी। विधायक ने कहा कि इस योजना से यमुनोत्री धाम का सम्पूर्ण विकास होने के साथ ही धाम नए लुक में नजर आएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के व राज्य में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र के नेतृत्व में जहां एक ओर विकास का क्रम जारी है। तो वहीं नदियों के संरक्षण,घाटों के निर्माण के साथ ही तीर्थ धामों को भी बेहतर,आकर्षक व सुविधा संपन्न बनाने के लिए हर संभव कार्य किए जा रहे हैं।

धर्म स्थानांतरण करने के आरोप में 3 गिरफ्तार

धर्मांतरण कराने के आरोप में तीन प्रचारक गिरफ्तार
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र की पुलिस ने लालच देकर लोगों का धर्म परिर्वतन कराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दीदारगंज के थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि तीन लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। डीह कैथौली गांव के लोगों ने बताया कि गांव के त्रिभुवन यादव के घर रविवार सुबह से दर्जनों लोग जुटे थे। वहां ईसाई धर्म के तीन प्रचारक बाहर से आए थे। उन्होंने बताया कि धर्म परिवर्तन को लेकर प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी बीच गांव के अशोक यादव ने पुलिस के पास इस संबंध में शिकायत की।
अशोक यादव की तहरीर पर पुलिस ने लालच देकर धर्म परिर्वतन कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर तीनों धर्म प्रचारकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर निवासी बालचंद जायसवार, वाराणसी निवासी गोपाल प्रजापति और आजमगढ़ निवासी नीरज कुमार के रूप में की गई है।

सत्ता पक्ष पर हमलावर मुद्रा, गन्ने के साथ प्रदर्शन

सत्ता पक्ष पर हमलावर मुद्रा में विपक्ष..... विधानसभा के बाहर गन्ने के साथ प्रदर्शन
पंकज कपूर
देहरादून। विपक्ष लगातार सत्ता पक्ष पर हमलावर मुद्रा में हैं। वहीं विधानसभा सत्र के दूसरे सदन दिन शुरू होने से पहले विपक्ष के विधायकों ने विधानसभा के बाहर गन्ने के साथ प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर हमला बोला। गौरतलब है, कि विधानसभा सत्र का दूसरा दिन हंगामेदार रहने की उम्मीद जताई जा रही है। सदन शुरू होने से पहले जिस तरह से विपक्ष के विधायकों ने विधानसभा के बाहर हंगामा किया उससे सदन के अंदर भी हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। मंगलवार को सदन शुरू होने से पहले हरिद्वार जिले के तमाम विधायक जिनमें काजी निजामुद्दीन फुरकान अहमद, ममता राकेश के अलावा विपक्ष के तमाम विधायक सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ते हुए गन्ने को लेकर विधानसभा के बाहर पहुंचे और गन्ने मूल्य को लेकर सरकार का घेराव किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष के विधायकों ने कहा कि यह सरकार गन्ना किसानों के प्रति बेहद उदासीन है। पिछली कांग्रेस सरकार से लेकर अब तक कई किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हुआ है।
वहीं विपक्ष के विधायक और प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आज वह सदन के भीतर किसानों के मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाएंगे। वहीं इसके अलावा प्रीतम सिंह ने कहा कि वह आज होने वाली कार्य मंत्रणा की बैठक में सदन बढ़ाने को लेकर मांग करेंगे और अगर सदन नहीं बढ़ाया जाता है। तो वह कार्य मंत्रणा का बहिष्कार करेंगे।

'भारत रत्न' पीएम के जन्मदिन की तैयारियां प्रारंभ

अल्मोड़ाः भारत रत्न स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दिशा निर्देश
अल्मोड़ा। 2020 को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस का सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलो से पीएम किसान योजना के अन्तर्गत 18 हजार करोड़ ₹ को 09 करोड़ किसानों के खातों में हस्तान्तरित किया जायेगा। इस दौरान दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री किसानों को सम्बोधित भी करेंगे।
इस बात की जानकारी वीडियों कान्फे्रसिंग के माध्यम से देते हुए मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने समस्त जिलाधिकारियों, कृषि अधिकारियों, पंचायती राज व ग्राम्य विकास के अधिकारियों को इस दिन होने वाले कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियाॅ समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न चैनलों व सोशल मीडिया के माध्यम से देश भर में किया जायेगा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि यह कार्यक्रम समस्त न्याय पंचायतों व ब्लाॅक मुख्यालयों में आयोजित करते हुए कृषकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में मा0 जनप्रतिनिधिगण व क्षेत्रीय लोगो का पूर्ण भागीदारी हो इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाय। इस दिन समस्त ब्लाॅक मुख्यालयों में विभिन्न रेखीय विभागों की कल्याणकारी योजनाओं व उनके स्टाॅल लगाना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रमों में कोविड-19 की गाइड लाईन का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश उन्होंने दिये।
इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी तैयारिया समय से पूर्ण करने हेतु मुख्य सचिव को आश्वस्त किया। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी व पंचायती राज अधिकारी को उपरोक्त कार्यक्रम हेतु यथाशीघ्र नोडल अधिकारियों की तैनाती करने के निर्देश दिये। उन्होंने ब्लाॅक स्तर पर जिला स्तरीय अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए न्याय पंचायत स्तर पर ग्राम विकास अधिकारी/ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु जिम्मेदारियाॅ सौंपने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नवनीत पाण्डे, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, मुख्य उद्यान अधिकारी टी0एन0 पाण्डे, समाज कल्याण अधिकारी राजीव नयन तिवारी, पंचायत राज अधिकारी गोपाल सिंह अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत राजेन्द्र सिंह कठैत व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मुठभेड़: लश्कर के दो आतकिंयों का आत्मसमर्पण

मुठभेड़ के दौरान लश्कर के दो आतंकवादियों का आत्मसमर्पण
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को घेराबंदी एवं तलाश अभियान के बाद शुरू हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने आज तड़के कुलगाम के तोंगदोउनु गांव में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने आज सुबह पहली रोशनी के साथ घर-घर तलाशी अभियान शुरू किया, तो वहां छिपे आतंकवादियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की जवाब कार्रवाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी।
सुरक्षा बल वहां मौजूद आतंकवादियों की पहचान कर उनके परिवार के सदस्यों को मुठभेड़ स्थल पर लेकर आये जिन्होंने उनसे आत्मसमर्पण करने की अपील की। सुरक्षा बलों ने भी आतंकवादियों को आश्वासन दिया कि अगर उन्होंने आत्मसमर्पण किया तो उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। बाद में, लश्कर के दोनों थानीय आतंकवादियों ने दो पिस्तौल और गोला-बारूद तथा आपत्तिजनक सामग्री के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। गौरतलब है। कि पिछले कुछ महीनों के दौरान कश्मीर घाटी में मुठभेड़ों के दौरान विभिन्न संगठनों के लगभग 12 आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने की अनुमति दी गयी है।

आंदोलन: 1 और किसान की जान हुई बलिदान

किसान आन्दोलन में शामिल एक और किसान ने की आत्महत्या
अकांशु उपाध्याय
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ लगातार 28 दिनों से किसानो का आंदोलन जारी है। आपको बतादें कि सिंघु बॉर्डर पर एक बुजुर्ग किसान ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। किसान का नाम निरंजन सिंह और वह पंजाब के तरन-तारन के रहने वाले हैं। सोमवार रात 12:45 बजे के करीब निरंजन सिंह ने जहर खाया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। जहां वह खतरे से बाहर हैं। निरंजन सिंह ने जहर खाने से पहले एक नोट भी लिखा है। गौरतलब है, कि किसानों का आंदोलन जारी है। दिल्ली बॉर्डर पर दिन निकलते ही किसानों ने एक बार फिर से एनएच 9 को पूरी तरह से जाम कर दिया है। दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन पर भी किसान बैठे हैं। एनएच 9 को कल दोपहर से पूरी तरह जाम कर दिया गया था। किसानों का आरोप है, कि कुठार, पूरणपुर आदि में यूपी गेट आ रहे किसानों की ट्रालियां रोकी गई हैं। जिसके बाद आज सुबह किसानों ने एनएच-9 को पूरी तरह से बंद कर दिया है। वहीं कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली और आसपास डटे किसानों ने आंदोलन और तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। किसानों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। किसानों का समूह बारी-बारी से 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठ रहा है। इधर पांच दौर की बैठक विफल रहने के बाद सरकार ने प्रदर्शन कर रहे किसानों से अगले दौर की बातचीत के लिए तारीख तय करने को कहा है। सरकार 40 किसान संगठनों से बातचीत के लिए तैयार है। 

सेवा केंद्र से 9 लाख 70 हजार रुपए की लूट

राणा ओबराय
हरियाणा में बदमाशों का बढ़ता खोफ, पानीपत में 10 लाख की लूट 
पानीपत। हरियाणा में बदमाशों हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। चोरों और बदमाशो में पुलिस और सजा का खौफ कम होता जा रहा है। लूट और डकैती की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा वारदात पानीपत की है। पानीपत तहसील कैम्प भावना चौक पर अटल सेवा केंद्र में लूट की वारदात हुई है। बदमाश सेवा केंद्र से 9 लाख 70 हजार रुपये लूट ले गए। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार तहसील कैंप के सबसे व्‍यवस्‍तम चौक पर सुबह नौ बजे लूट की वारदात हुई। बैंक में जमा कराने से पहले लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। ग्राहक सेवा केंद्र में सुबह दुकान का मालिक बैठा हुआ था। कुछ ही देर में तीन बदमाश ग्राहक सेवा केंद्र में आए। एक बदमाश बाहर था। बदमाशों ने दुकान मालिक को गन प्‍वाइंट पर ले लिया। इसके बाद दुकान में रखा कैश और चेक भी बैग में भर ले गए।

'पत्रकार' की गोलियों से भूनकर हत्या की, प्रदर्शन

'पत्रकार' की गोलियों से भूनकर हत्या की, प्रदर्शन  संदीप मिश्र  जौनपुर। बाइक पर सवार होकर जा रहे पत्रकार की दिनदहाड़े गोलियों से भूनक...