गुरुवार, 6 अगस्त 2020

कोरोना मामलों में भारत ने ब्राजील को पछाड़ा

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। अमेरिका और ब्राजील से भी ज्यादा मामले भारत में दर्ज किए जा रहे हैं। बीतें दिन 56,282 कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं, 904 लोगों की मौत भी हुई है। जबकि अमेरिका और ब्राजील में बीते दिन क्रमश: 55,100 और 54,685 मामले आए. वहीं क्रमश: 1,306 और 1,322 मौतें हुई।


स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल संक्रमितों की संख्या 19 लाख 64 हजार 536 हो गई है। इनमें पांच लाख 95 हजार एक्टिव केस हैं तो वहीं 13 लाख 28 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अबतक 40 हजार 699 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इसके साथ भारत में संक्रमण से मौत की दर यानी मृत्यु दर भी 2.07% हो गई है। मृत्यु दर में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 5 अगस्त तक भारत में अब तक 2,21,49,351 सैंपल टेस्ट किए गए है, वहीं 5 अगस्त को एक दिन में 6,64,949 सैंपल टेस्ट किए गए है।


भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश


कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है। लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (4,973,520), ब्राजील (2,862,761) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है।


एक्टिव केस के मामले में टॉप-5 राज्य


आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस वक्त करीब छह लाख कोरोना के एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में है।महाराष्ट्र में सवा लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर कर्नाटक, चौथे नंबर पर आंध्र प्रदेश और पांचवे नंबर पर दिल्ली है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का तीसरा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा तीसरा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।         


बिहार में तेजी से फैल रहा है संक्रमण

 पटना। बिहार में जानलेवा कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। हर दिन सैकड़ों की संख्या में मरीजों का इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ताजा अपडेट जारी की गई है।


इस अपडेट के मुताबिक बिहार में 3416 लोग कोरोना पॉजिटव मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 68148 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के जारी लिस्ट के अनुसार हर रोज की अपेक्षा पटना में कोरोना के आज कम मरीज मिले हैं। आज 603 कोरोना के मरीज मिले हैं। लॉकडाउन के बाद भी यहां तेजी के संक्रमण बढ़ता जा रहा है। सारण में भी कोरोना का कोहराम जारी है। आज फिर 94 कोरोना के मरीज मिले हैं। बेगूसराय में 66,बक्सर में 92, भोजपुर में 90 कोरोना के मरीज मिले हैं। मुजफ्फरपुर में 118 कोरोना के मरीज मिले हैं। कटिहार में 234 ,नवादा में 43, रोहतास में 106 कोरोना के मरीज मिले है। आज के लिस्ट के अनुसार कई जिलों में आज मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है।                 


बीएड दूसरा वर्ष परीक्षा समय निर्धारित

राकेश कुमार 

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड (द्विवर्षीय) 09 अगस्त रविवार को जनपद में सुचितापूर्ण, नकलविहीन, सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से आज डीएम ओम प्रकाश आर्य की अध्यक्षता में बैठक राईफल क्लब सभागार में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को दो पालियो में आयोजित होगी। परीक्षा प्रथमपाली में पूर्वान्ह 09 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 02 बजे से सायं 05 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को सम्पन्न कराने हेतु जनपद को तीन जोन में विभक्त किया गया है । जिसमें 15 सेक्टर मजिस्ट्रेटो की तैनाती की गयी है। जनपद में 6700 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मलित होगे।

 

जिलाधिकारी ने परीक्षा से पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्रो का स्थलीय निरीक्षण करते हुए । वहा की सारी मूलभूत सुविधाएॅ,व्यवस्थाएॅ चेक कर ले केन्द्रो पर कोविड-19 से बचाव हेतु जो भी गाईड लाईन है उसका प्रत्येक दशा में पालनकिया जाये। प्रत्येक परीक्षा केन्द्रो पर दो गेट बनाया जाये, वहां पेयजल,सेनेटाईजर , टैम्परेचर मशीन,पल्स आक्सीमीटर तथा कम से कम चार पी पी ई किटअवश्य रखा जाये।  

 

परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व यानी की प्रथम पाली वं द्वितीय पाली से पूर्व कक्षो का सेनेटाईजेशन प्रत्येक दशा में करा लिया जाये। परीक्षा को सम्पन्न कराने में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी मास्क, हैण्डग्लब्स, एंव सेनेटाईजर का प्रयोग प्रत्येक दशा में करते हुए छात्रो को गेट पर प्रवेश के दौरान  मास्क, सेनेटाईजर की व्यवस्था की जाये। दोनो पालियो की परीक्षा सी सी टी वी के निगरानी में सम्पन्न होगी। परीक्षा केन्द्रो पर मोबाईल, इलेक्ट्रानिक्स डिवाईस एंव अन्य नकल कराने की वस्तुएॅ, पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी.

 

प्रत्येक केन्द्र पर दो पर्यवेक्षक नामित है जिनकी उपस्थिति में ही प्रश्न पत्र खोलें जायेगे। जिन परीक्षा केन्द्रो पर 500 से अधिक छात्र है वहां 02  तथा 300 छात्रो पर एक केन्द्र व्यवस्थापक अतिरिक्त लगाये जायेगें। पुलिस की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केन्द्रो के पॉच सौ मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। विद्यालय परिसर में कोई भी अनजान व्यक्ति उपस्थित नही रहेगा,विद्यालय की लाईब्रेरी शील रहेगी, आस-पास कोई भी फोटो स्टेट की दुकाने न खोली जाये  और ऐसी वस्तुए जिनसे नकल की सम्भावना  हो मौजूद न रहे, यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कर लिया जाये। उन्होने बताया कि हमारा जनपद एडिसनल सेन्टर के रूप  में है। 

 

परीक्षा को एक आदर्श परीक्षा के रूप  मे सफल बनाकर जनपद का नाम गौरवांन्वित करते हुए आगे भी बड़ी परीक्षाओ को कराने में सहयोग प्रदान करेगें। परीक्षा में कही से किसी प्रकार की नकल की शिकायत न मिले जिससे जनपद की गरिमा पर दाग लगे इस हेतु परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एंव सुचितापूर्ण सम्पन्न कराना हमारा परम कर्तव्य है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बी एड प्रवेश परीक्षा को सम्पन्न कराने को शासन की जारी गाईड लाईन की जानकारी दी। बैठक में अपरजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी,समस्त सेक्टर जोन मजिस्ट्रेट,समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालन निरीक्षक, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थें।             

फैसलाः रायपुर में बस नहीं चलाई जाएगी

रायपुर। राजधानी में लॉकडान की मियाद आज खत्म हो रही है। बस मालिकों ने फैसला किया है कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद भी राजधानी से बसें नहीं चलाए जाएंगे। संचालकों के मुताबिक जुलाई में 15 दिन तक बस चलाई गई लेकिन टैक्स पूरा महीने का वसूल किया गया है।


इस मसले को लेकर बस मालिकों ने अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को ज्ञापन सौंपा है। बस मालिकों के मुताबिक मांगों पर फैसला लिया जाएगा तभी बसें दोबारा संचालित की जाएंगी। बता दें बसें संचालित होने के बाद भी लोग सफर करने से परहेज कर रहे हैं। संचालकों के मुताबिक कम सवारी होने के कारण डीजल का पैसा भी नहीं निकल पा रहा है। कोरोना के कारण सवारी की कमी उपर से पूरा टैक्स वसूली से उन्हें लगातार घाटा हो रहा है।         


जम्मू-कश्मीर का नया राज्यपाल नियुक्त

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल (एलजी) पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता मनोज सिन्हा होंगे। समाचार एजेंसी एएनआई ने जानकारी दी है कि जीसी मूर्मू के इस्तीफे को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने स्वीकार कर लिया है और उन्होंने मनोज सिन्हा को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का नया उप राज्यपाल नियुक्त किया है।दरअसल, बुधवार शाम को गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मुर्मू ने ऐसे वक्त में इस्तीफा दिया है, जब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के एक साल पूरे हुए।           


रेतघाट में माफियाओं पर की गई कार्रवाई

कोरबा। कोरबा में पहली बार कलेक्टर और एसपी ने रेतघाट में माफियाओं पर कार्रवाई की है। जिला प्रशासन सहित पुलिस महकमा लगातार रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।


पिछले दिनों हमने दिखाया था कि कैसे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर माफिया भिलाईखुर्द में अवैध घाट बनाकर हर रोज 50 हाइवा से अधिक रेत की चोरी कर रहे है। ख़बर के बाद हरकत में आए कलेक्टर किरण कौशल सहित एसपी अभिषेक मीणा ने भिलाईखुर्द स्थित अवैध रेतघाट में छापा मारा। इस दौरान मौके पर चैन माउंटेंड पोकलेन मशीन को जब्त किया गया। जब्त मशीन भाजपा पार्षद चंद्रलोक सिंह के भाई अखिलेश सिंह की बताई जा रही है जिसको खनिज विभाग ने नोटिस जारी किया है।
दो दिन पहले इसी नेता के भाई की एक रेत से भरी हाइवा को भी खनिज विभाग ने जब्त किया था। सूत्रों की माने तो इस अवैध करोबार में भाजपा सहित कांग्रेस और जोगी कांग्रेस के कई नेताओं का हाथ है जो हर रोज करीब 5 लाख के रेत की चोरी कर रहे थे।         


अदभुतः दिस इज अनटोल्ड लव स्टोरी

पंकज कपूर


नैनीताल। प्यार की कई अनकही कहानियां आपने सुनी होगी, लेकिन प्यार में डूबा इंसान इस हद तक गुजर सकता है… ऐसा सोचना भी समाज पाप माना जाता है। प्यार में अक्सर लड़ाई- झगड़े की नौबत आ जाती है।


प्यार को पाने में प्रेमी या प्रेमिका किसी को किसी भी हद तक जाते देखे- सुना गया हैं। लेकिन यहां मामला अलग हैं। उत्तराखंड के नैनीताल में रहने वालीं दो लड़कियां अपनी सीनियर के प्यार में पागल हो गई हैं।लेस्बियन प्रवृत्ति की ये दोनों लड़कियां अपने प्यार को पाने के लिया अक्सर सड़कों पर ड्रामा करते देखी जाती हैं। एक- दूसरे को देखकर खून की प्यासी हो जाती हैं। ये अपनी जान तक देने की कोशिश कर चुकी हैं।


मामला तल्लीताल थाना क्षेत्र का है। थाना इंचार्ज विजय मेहता के मुताबिक दोनों लड़कियों की काउंसिलिंग कराई गयी है, जिससे वे खुद को काबू कर सकें। बता दें कि इनमें से एक 15 साल की लड़की ने 27 जून को नैनीताल झील में कूदकर सुसाइड करने की कोशिश की थी।


हालांकि वहां मौजूद एक युवक ने उसे बचा लिया था। दोनों लड़कियां 10वीं में पढ़ती हैं और एक ही शहर में रहती हैं। हाल ही में मालरोड पर दोनों लड़कियों के बीच मारपीट हो गई। दोनों एक- दूसरे को जान से मारने पर उतर आईं। लोगों के रोकने पर भी नहीं रुकीं, तब पुलिस को बुलाना पड़ा। ये दोनों जिस सीनियर से प्यार करती हैं, वो इनमें से किसी एक के साथ रिश्ते में है। सीनियर 12वीं पास है। दूसरी लड़की को यह पसंद नहीं है। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता है।            


सेना में फैला संक्रमण, 70 जवान संक्रमित

कविता गर्ग


जबलपुर। कोरोना वायरस का संक्रमण अब सेना तक पहुंच गया है। जबलपुर में सेना की विभिन्न इकाइयों में तैनात स्टाफ बड़ी संख्या में संक्रमित हो गया है। अब तक 70 से ज़्यादा जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।


देश की रक्षा में दिन रात जुटे रहने वाले सैनिक भी कोरोना की जद में फंस गए हैं। जबलपुर स्थित सेना की अलग अलग रेजिमेंट और प्रशिक्षण संस्थानो में जवान संक्रमित हो रहे हैं। अब तक 70 से ज्यादा जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। बीते 3 दिन के अंदर ही जबलपुर शहर में करीब 45 सैनिक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और लगातार यह सिलसिला जारी है।


स्वास्थ्य सर्वे


सेना में कोरोना संक्रमण से जिले का स्वास्थ्य विभाग भी खासा चिंतित है। इस सिलसिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आर्मी अस्पताल का एक सर्वे भी कराया गया था। स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण में यह पाया गया कि सेना के क्वारेंटीन सेंटर में कोरोना संक्रमितों के साथ ऐसे संदेही मरीजों को भी रखा जा रहा था जिनमें जिन में कोरोना के लक्षण थे। इसलिए में संक्रमण और अधिक बढ़ता गया।


व्यवस्था में खामी-CMHO


ज़िले के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रत्नेश कुरारिया के मुताबिक बुधवार को ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आर्मी अस्पताल का निरीक्षण किया था। वहां क्वारेंटीन सेंटर में कुछ कमी मिलने पर उन्हें ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना संक्रमण की जद में अब हर तबके का व्यक्ति आता जा रहा है। जबलपुर स्थित जैक राइफल्स हो या जीआरसी या फिर आईटीबीपी के जवान सभी में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है। सैन्य संस्थानों में इसकी रफ्तार और अधिक ना बढ़े हर कोई इस प्रयास में जुटा हुआ है।


सीएम निवास पर 22 कर्मी संक्रमित

कविता गर्ग


रांची। झारखंड में कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर 5 अगस्त का दिन चिंता बढ़ाने वाला था। बीते बुधवार को झारखंड में कोविड-19 के मरीजों के मिलने के सारे रिकॉर्ड टूट गए। एक ही दिन में सबसे ज्यादा 978 नए संक्रमित मरीजों की पहचान की गई। इनमें से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निवास के 22 स्टाफ भी शामिल हैं। नए मरीजों में गोड्डा में सबसे ज्यादा 339, रांची में 141, बोकारो में 71 और पूर्वी सिंहभूम में 72 पॉजिटिव केस शामिल हैं। इस आंकड़े ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है।


झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 15 हजार के पार पहुंच गयी है। 5 अगस्त को राज्य के 23 जिलों में 978 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आये हैं। राज्य में अब कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 9086 तक पहुंच गई है। बीते 5 अगस्त तक की स्थिति में 584 कोरोना पॉजिटिव के ठीक होने के बाद कोरोना को परास्त करने वालों की संख्या बढ़कर 5826 हो गयी है।


7 संक्रमित की मौत


5 अगस्त को झारखण्ड में इलाज के दौरान 7 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 136 हो गयी है. पूर्वी सिंहभूम में 1, गिरिडीह में 1, खूंटी में 1, रांची में 3 और पश्चिमी सिंहभूम में 1 कोरोना मरीज की मौत इलाज के दौरान हो गयी।


किस जिले में मिले कितने पॉजिटिव


5 अगस्त को राज्य के बोकारो में 71, चतरा में 4, देवघर में 35, धनबाद में 6, दुमका में 26, पूर्वी सिंहभूम में 72, गढ़वा में 16, गिरिडीह में 7, गोड्डा में 339, गुमला में 12, हजारीबाग में 27, जामताड़ा में 4, खूंटी में 27, कोडरमा में 6, लातेहार में 14, लोहरदगा में 2, पाकुड़ में 33, पलामू में 51, रांची में 141, साहेबगंज में 25, सराईकेला में 9, सिमडेगा में 17 और पश्चिमी सिंहभूम में 34 नए पॉजिटिव मिले।


झारखंड में और तेज हुई कोरोना की रफ्तार


बीते बुधवार को भले ही 584 कोरोना पॉजिटिव के ठीक होने की खबर थोड़ी राहत वाली हो, लेकिन चिंताजनक स्थिति यह है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती ही जा रही है। कोरोना के रिकॉर्ड 978 नए केस मिलने के साथ ही राज्य में कोरोना का ग्रोथ रेट 5.97% हो गया है। जबकि देश में यह 3.31% की रफ्तार से बढ़ रहा है। इसी तरह राज्य में कोरोना का डबलिंग जहां महज 11.95 दिन का है. वहीं देश का यह 21.44 दिन है। रिकवरी रेट में भी जहां देश मे 65.73% लोग ठीक हो रहे हैं तो झारखण्ड में यह महज 38.71% ही है।


भारत में कोरोना जांच की दर बहुत कम


हैदराबाद। विश्व स्वास्थ्य संगठन की प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन का कहना है कि भारत में कोरोना की टेस्टिंग की दर उन देशों की तुलना में कम है, जो इसे रोकने का सफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए लॉकडाउन एक तात्कालिक उपाय था। मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि कोरोना वैक्सीन तैयार करने में अधिक समय लग सकता है क्योंकि अभी भी हम पूरी तरह से इस वायरस को नहीं समझ पाए हैं।


वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हैदराबाद में आयोजित ‘द वैक्सीन रेसः बैलेंसिंग साइंस एंड अर्जेंसी’ नामक एक पैनल डिस्कशन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कोवैक्स का उद्देश्य 2021 के अंत तक कोरोना वैक्सीन की दो अरब डोज तैयार करना है। स्वामीनाथन ने कहा कि मौजूदा समय में कोरोना वायरस के 28 टीके क्लीनिकल ट्रायल के दौर में हैं। इनमें से पांच वैक्सीन के दूसरे चरण का परीक्षण चल रहा है।


इसके अलावा दुनियाभर में 150 से अधिक वैक्सीन क्लीनिकल परीक्षण से पहले के दौर में हैं। उन्होंने कहा कि भारत में जर्मनी, ताइवान, दक्षिण कोरिया, जापान जैसे देशों की तुलना में कोरोना की टेस्टिंग दर काफी कम है. यहां तक कि अमेरिका में भी बड़ी आबादी की कोरोना जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में जांच किए बगैर वायरस से लड़ना आंख पर पट्टी बांधकर आग से लड़ने के समान है। स्वामीनाथन के मुताबिक, कोविड-19 की टेस्टिंग में अगर पॉजिटिव पाए जाने की दर पांच फीसदी से अधिक है तो पर्याप्त संख्या में जांच नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक समुदाय अब भी कोरोना वायरस के प्रति शरीर की प्रतिरोधक क्षमता का अध्ययन कर रहा है और अगले 12 महीने जन स्वास्थ्य एवं सामाजिक उपायों को ठीक करने में महत्वपूर्ण है।



डब्ल्यूएचओ की अधिकारी ने कहा, ‘हमें पता है कि लॉकडाउन अस्थाई उपाय है जो प्रसार को कम करता है क्योंकि यह लोगों को एक-दूसरे के नजदीक आने से रोकता है। स्वामीनाथन ने  वैक्सीन के परीक्षण के बारे में कहा कि डब्ल्यूएचओ ने इसके लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। अगर टीके के सटीक प्रभाव की दर 70 फीसदी रही तो इसे अच्छा माना जाएगा।


आइसीयू वार्ड में आग लगने से 8 की मौत

अहमदाबाद। अहमदाबाद में कोविड-19 के मरीजों के उपचार के लिए चिह्नित एक निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में आग लगने से बृहस्पतिवार को आठ मरीजों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद में नवरंगपुर इलाके के श्रेय अस्पताल में बृहस्पतिवार तड़के आग लग गई।


उन्होंने बताया कि अस्पताल में कोविड-19 के करीब 40 अन्य मरीजों को बचा लिया गया और उन्हें शहर के एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।             


चीन की घेराबंदी, हम मंदिर बना रहे हैं

हरिओम उपाध्याय


नई दिल्ली। पड़ोसी देश चीन के साथ हाल ही में हुए विवाद के बाद सीमा पर तनाव बढ़ा है। हालांकि युद्ध जैसी स्थिति बनने के बाद अब मामले में थोड़ी सी नरमी देखी गई है और कुछ दिनों से शांति की खबर आ रही है मगर पड़ोसी देश की अपनी सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर रहा है। तमाम सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क निर्माण करने के बाद चीन हिमाचल से जुड़े सीमा क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर रहा है/ इस बात का दावा करते हुए कॉलमकार सौमित्र रॉय लिखते हैं-अरुणाचल, सिक्किम, लद्दाख के बाद अब चीन हिमाचल प्रदेश से लगी सीमा में भी सड़क बना रहा है। हिमाचल की चीन के साथ 240 किमी की सरहद है। किन्नौर के 36 और लाहुल-स्पिति के 12 गांव सरहद पर हैं। किन्नौर का खूबसूरत कस्बा पूह उनमें से एक है।


चीन की गुस्ताखी के बाद राज्य की बीजेपी सरकार को अब ऊंचे पहाड़ों में सड़क बनाने की याद आई है। राज्य के डीजीपी ने रक्षा मंत्रालय और NSA के सामने प्रेजेंटेशन दिया है। बिलासपुर-लेह के बीच 465 किलोमीटर की रेल परियोजना का काम अभी नक्शे तक सीमित है। सड़क से यह लगभग 2 दिन का रास्ता है। चीन ने 1100 किमी का चिंगहई-तिब्बत रेलमार्ग बना लिया है। हिमाचल की आधी सड़कें हर साल बारिश में बह जाती हैं। भारत को बुलेट ट्रेन की नहीं, रेल संपर्क की ज़रूरत है। चीन यह याद दिला रहा है। बहरहाल, चीन इस बार दूरगामी सोच के साथ काम कर रहा है। हम मंदिर बना रहे हैं।               


संविधान व लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा

लखनऊ। जब राम मंदिर/बाबरी मस्जिद विवाद पर माननीय उच्चतम न्यायालय ने एक फैसला दे दिया तो उस से सहमत/असहमत होते हुए भी लोकतान्त्रिक नागरिक समाज ने इच्छा व्यक्त की थी कि चलिए एक विवाद हल हुआ और अब सत्ता प्रतिष्ठान द्वारा फिलहाल धर्म और राजनीति को मिलाने की कोशिश न करके लोगों के सवालों के समाधान के लिए राजनीति होगी और लोगों की धार्मिक भावनाओं का उपयोग निजी दल और राजनीतिक फायदे के लिए नहीं होगा।


दुर्भाग्यवश 5 अगस्त, 2020 के दिन को देश को यह सन्देश देने के लिए चुना गया कि भारतीय जनता पार्टी आरएसएस की नीति और दर्शन के अनुसार संविधान की धारा 370 को हटाने और अयोध्या में राम मंदिर बनाने में सफल हुयी है और यह संघ के दर्शन और नीति की जीत है। उसके लिए 5 अगस्त एक ऐतिहासिक दिन है। जबकि सच्चाई यह है कि जम्मू-कश्मीर की समस्या और भी जटिल हो गयी है और पूरा कश्मीर धीरे-धीरे एक जेलखाने में तब्दील होता जा रहा है। न वहां विकास हुआ है और न ही शांति या स्थिरता आयी। जम्मू-कश्मीर के बारे में मोदी सरकार की जो दुस्साहसिक नीति थी उसने पाकिस्तान में भी यह साहस पैदा कर दिया है कि वह जूनागढ़ से लेकर जम्मू-कश्मीर तक को अपने नए राजनीतिक नक़्शे में पाकिस्तान का हिस्सा कहने का अनर्गल प्रलाप कर रहा है जबकि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद और गहरा हो गया है। अमेरिका कोई भारत के पक्ष में खड़ा होता दिखाई नहीं दे रहा है बल्कि भारत और चीन के बीच मध्यस्तता की बात करता दिखाई दे रहा है।


देश गहरे आर्थिक संकट, बेरोज़गारी और भुखमरी के दौर से गुज़र रहा है और अंधी गली में फंस गया है। उत्तर प्रदेश में पुलिस राज चल रहा है और माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों तक का अनुपालन नहीं हो रहा है। कोविड के मरीज़ गहरे संकट का सामना कर रहे हैं। मोदी सरकार ने संविधान और लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। अब तो देश की संप्रभुता तक खतरे में है।


मुंबईः भारी बारिश के कारण समस्याएँ बढ़ी

मुंबई। मुंबई में मूसलाधारा बारिश और तेज हवाओं ने मुंबई की रफ्तार रोक, मायानगरी वालों को पूरी तरह से परेशान कर दिया है। बुधवार को 12 घंटे की बारिश से मुंबई के सबी इलाके जलमग्न हो गए , पेड़ गिर गए, रेल सेवा ठप हो गई, हाईवे बंद हो गए, सड़कें डूब गईं और घरों में पानी घुस गया। मुंबई की इस बारिश ने लोगों का एक बार फिर से जीना मुहाल कर दिया है। मुंबई में आज भी बारिश की चेतावनी दी गई है और रेड अलर्ट जारी किया गया है।


मुंबई में बुधवार को लगातार हुई बारिश के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दक्षिण मुंबई के कोलाबा मौसम स्टेशन ने महज 12 घंटे में (सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे तक) 293.8 मिमी बारिश दर्ज की है। दक्षिण मुंबई के लोगों ने 46 साल बाद अगस्त के महीने में ऐसी बारिश देखी है। साल 1974 के बाद (जब से मौसम विभाग ने रिकॉर्ड रखना शुरू किया) अगस्त महीने में 24 घंटे में यह अब तक की सबसे भीषण बारिश है। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी है। इससे पहले 1998 में 10 अगस्त को 24 घंटे में सबसे अधिक 261.9 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, कोलाबा क्षेत्र में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रतिघंटे से लेकर 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी, मगर शाम में करीब पांच से साढ़े पांच बजे यह रफ्तार 107 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। यहां ध्यान देने वाली बात है कि हवा की यह स्पीड साइक्लोन से भी अधिक थी क्योंकि निसर्ग साइक्लोन के वक्त हवा की रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटे दर्द की गई थी।


मुंबई में बारिश के दिनों में हवा की सामान्य रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे होती है। वहीं तेज बारिश के दौरान इसकी स्पीड 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे हो जाती है। शहर में अब तक 1 जून से 5 अगस्त (8.30 बजे) के बीच 2066 मिमी के मौसमी औसत के मुकाबले 2,366 मिमी बारिश हुई है। सांताक्रूज़ मौसम केंद्र ने अपने मौसमी औसत 2260.4 मिमी की तुलना में इसी अवधि के दौरान 2,356.9 मिमी बारिश दर्ज की है। बुधवार को शाम 8.30 बजे तक पिछले 59 घंटों में शहर में 456 मिमी बारिश हुई है। मुंबई बारिश में जहां-तहां लोग फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की मदद ली जा रही है। दो लोकल ट्रेन में फंसे करीब 290 यात्रियों को एनडीआरएफ की टीम ने कल सुरक्षित निकाला। इसके अलावा, मुंबई, ठाणे और पालघर के इलाकों में आज भी तेज बारिश की आशंका जताई गई है।      मनोज सिंह ठाकुर


इलाज में कितना नियम अनुपालनः एचसी

नैनीताल। हाईकोर्ट ने बदहाल क्वारंटाइन सेंटर और कोरोना अस्पतालों की बदहाली व्यवस्था पर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से पूछा है कि कोविड मरीजो के इलाज में डब्ल्यू. एच .ओ . द्वारा जारी मानकों का कितना अनुपालन किया जा रहा है। सरकार उसकी विस्तृत रिपोर्ट 17 सितंबर तक कोर्ट में शपथपत्र के माध्यम से पेश करे।
हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायधीश रवि कुमार मलिमथ व न्यायमुर्ति एनएस धनिक की खण्डपीठ में अधिवक्ता दुष्यंत मैनाली की जनहित याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई। जिसमें कहा है कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 6 अस्पतालों को कोविड-19 के रूप में स्थापित किया है। लेकिन इन अस्पतालों में कोई भी आधारभूत सुविधा नहीं है। जिसके बाद देहरादून निवासी सच्चिदानंद डबराल ने भी उत्तराखंड वापस लौट रहे प्रवासियों की मदद और उनके लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। बदहाल क्वारंटाइन सेंटरों के मामले में जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर माना कि उत्तराखंड के सभी क्वारंटाइन सेंटर बदहाल स्थिति में हैं और सरकार की ओर से वहां पर प्रवासियों के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। न ही ग्राम प्रधानों के पास कोई फंड उपलब्ध है। पूर्व में हाईकोर्ट ने सरकार और स्वास्थ्य सचिव को जवाब पेश करने का आदेश दिया था। इस आदेश के तहत जिला विधिक प्राधिकरण की रिपोर्ट के आधार पर क्वारंटाइन सेंटरों की कमियों को 14 दिन के अंदर दूर कर विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने को कहा था।           


जनपद अलीगढ़ में कोरोना का कहर जारी

अलीगढ। जिले में कोरोना का कहर जारी है। पीएसी के 15 जवान सहित 79 लोग इसकी चपेट में आए हैं। चंदनिया के 12, जवाहरनगर के 7 और नगला तिकोना के 6 लोग संक्रमितों में शामिल हैं। संक्रमित 79 मरीजों में 24 महिला एवं 55 पुरुष हैं। जनपद में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1780 तक पहुंच गई है। जेएन मेडिकल कॉलेज, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट में बुधवार को 79 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पीएसी 38 वीं वाहिनी में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। आज भी 15 जवान चपेट में आए हैं। चंदनिया के 15 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं, जिसमें से 5 एक ही परिवार के हैं। जवाहरनगर के 7, नगला तिकोना के 6, रामबाग कॉलोनी और धनीपुर के 5-5 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके अतिरिक्त शक्तिनगर के 3, बेगमबाग और डोरी नगर के 2-2 लोग संक्रमितों में शामिल हैं। सराय हकीम, मंगलसिंह, भमोला, कावेरी वाटिका, जलाली शेखा, अवंतिका फेज-1, रॉयल होम्स तालानगरी, इगलास, नौरंगाबाद, रेलवे कॉलोनी, इंदिरा नगर, क्वार्सी, बैंक कॉलोनी, बेना टप्पल, नीलकंठ कॉलोनी, सर सैयद नगर, रामनगर के एक-एक लोग चपेट में आए हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि संक्रमित लोगों को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराने एवं उनके परिजनों क्वारंटीन किया जा रहा है। घरों के आसपास के एरिया को सील कर सैनिटाइज किया जाएगा।         


राष्ट्रपति पीएम को भेजी गोबर की राखी

पालूराम


नई दिल्ली। देश की अवाम की छाती पर बैठकर घोटाले हो रहे हैं, लेकिन हम कुछ नहीं कर सकते, क्योंकि निज़ाम बेरहम है।


क्रोनोलॉजी को समझिये-


24 मार्च 2020 को मोदी सरकार देश में वेन्टीलेटर्स के निर्यात पर पाबंदी लगाती है।


31 मार्च 2020 को सरकार दो कंपनियों को 40 हज़ार वेन्टीलेटर्स का आर्डर देती है। एक कंपनी को बायोकॉन की किरण मजूमदार शॉ और इंफोसिस की सुधा मूर्ती का सपोर्ट है। 23 जून 2020 को PM केयर्स से 50 हजार वेन्टीलेटर्स के लिए 2000 करोड़ जारी होते हैं। इसमें से 40 हज़ार वेन्टीलेटर्स का आर्डर पुराना है। लेकिन बिक चुकी गोदी मीडिया मोदी की दरियादिली के आगे बिछ जाती है।


यानी मोदी ने सिर्फ 10 हज़ार वेन्टीलेटर्स का आदेश दिया? पत्रकार और एक्टिविस्ट साकेत गोखले कहते हैं कि सरकार ने 1.5-2 लाख प्रति वेन्टीलेटर्स के हिसाब से खरीदी का आदेश दिया था।लेकिन जून में मोदी ने अपने फण्ड (अभी तक यही सही है) से 4 लाख प्रति वेंटीलेटर के हिसाब से आर्डर दिया। 23 जून 2020 को ही पीएम केयर्स कहती है कि 2923 वेंटीलेटर बने लेकिन राज्यों को मिले 1340 ही। हालांकि एक कंपनी 16 जून को दावा करती है कि उसने 4000 वेन्टीलेटर्स तो 15 जून को ही बना लिए थे। 24 जून को इंडियन एक्सप्रेस कहता है कि सिर्फ 6% वेन्टीलेटर्स ही बने हैं। और फिर 1 अगस्त 2020 को मोदी सरकार वेन्टीलेटर्स के निर्यात की अनुमति देती है। सरकार और PM केयर्स से जितने वेन्टीलेटर्स का आर्डर दिया गया वे ट्यूब के बिना ऑक्सीजन सप्लाई नहीं कर सकते और यह जोखिम भरा है। शायद सरकार इन्हीं खतरनाक वेन्टीलेटर्स का निर्यात करेगी। जिसे कमाना था, वह करोड़ों कमा चुका है। यही इस देश की खोखली आत्मनिर्भरता है। दुनिया हम पर हंस रही है।


राम मंदिर का शिलान्यास होगा। अखबारों और मीडिया को प्रचार के लिए करोड़ों रुपये दिए गए हैं। मोदी सरकार के लिए मंदिर ज़रूरी है, मरते लोगों के लिए ऑक्सीजन नहीं।हमारा आत्मगौरव अगर मंदिर बनाने से बढ़ता है तो इसे आपदा में अवसर मानने में कोई हर्ज भी नहीं। सरकार ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए मसौदा बनाया है। क्या नया होगा? इसी तरह वे कंपनियां हथियार बनाएंगी, जिसने दीवाली के पटाखे भी नहीं बनाए। इस बार चीन को मात देने के लिए गोबर की राखियां बनाकर पीएम और राष्ट्रपति को भेजी गई हैं। पता नहीं उन्होंने पहना या नहीं। पहनना चाहिए। आत्मनिर्भरता का अहसास होगा।देश भर में शिक्षा, तकनीकी शोध और नवाचार का दिवाला निकल चुका है। गाय-गोबर से आगे देश सोच नहीं पा रहा है। जहां झूठ ही चल रहा हो, वहां ओरिजिनल की उम्मीद बेकार है। क्योंकि हम सकारात्मक होना पसंद करते हैं। हम छिपाना पसंद करते हैं। हम कोरोना से स्वस्थ लोगों को देखकर खुश होते हैं। भारत रोजाने के सक्रिय कोरोना मामलों में शीर्ष पर है। यानी दुनिया को कोरोना बांटने में नंबर 1, लेकिन हमें शर्म नहीं आएगी। तभी तो सरकार कहती है कि लोग मर नहीं रहे, इसलिए वेन्टीलेटर्स का निर्यात करो। ग़लती निज़ाम की नहीं, हमारी मूर्खता और झूठे आत्मगौरव की है।         


पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मिलें पॉजिटिव

शाहजहांपुर। कोराना संक्रमण ने शहर से लेकर गांव तक अपने पैर पसार दिए है। कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आम आदमी से लेकर बड़े लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। गुरुवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं?। सिंधौली सीएचसी पर एक एएनएम सहित तीन लोग पाॅजिटिव निकले है।


बुधवार सुबह को भाजपा के वरिष्ठ नेता की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। भाजपा नेता से लेकर कार्यकर्ता सकते में है। क्योकि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष का इस दौरान पार्टी कार्यकार्ताओं से मिलना जुलना बना रहा। बुधवार को ही शहर के एक कार्यक्रम में वह शामिल हुए थे। वहीं, उनके परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जो राहत देने वाली खबर है। सिंधौली सीएचसी पर एक एएनएम की रिपोर्ट पाॅजिटिव निकली है। महानंदपुर के एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। निगोही के कटैया उसमानपुर का 50 वर्षीय मजदूर कोरोना संक्रमित मिला है। बताया जा रहा है कि संक्रमित व्यक्ति कुछ दिन पहले बाहर से मजदूरी कर घर आया था।           


रायपुर अनलॉक, जिला प्रशासन की बैठक

रायपुर। राजधानी रायपुर शुक्रवार से अनलॉक हो रहा है। रायपुर जिला प्रशासन ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दुकानों व होटल-रेस्टोरेंट को खोलने को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। जारी हुई नई नियम में सप्ताह से सिर्फ 6 दिन ही दुकानें अब खुलेगी। रविवार को सभी तरह की दुकानें बंद रहेगी।


व्यापारी संगठनों ने इस बाबत अपनी सहमति दे दी है। आज कलेक्टर एस भारतीदासन और एसएसपी अजय यादव के साथ व्यापारी संगठनों की एक घंटे की बैठक हुई। जिला प्रशासन की तरफ से 5 अलग-अलग पालियों में दुकान संचालन का निर्णय लिया है। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक किराना दुकानें खोली जाएगी। किराना स्टोर्स और प्रोविजन स्टोर्स भी खुलेंगे। वहीं सुबह 6 बजे से 12 बजे तक फल, सब्जी और दूध की दुकानों को खोलने की इजाजत दी जाएगी। होटल और रेस्टोरेंट भी खोले जाएगे। कलेक्टर एस भारतीदासन के मुताबिक सुबह 10 बजे से शाम से 9 बजे तक होटल व रेस्टोरेंट खोले जाएगे। रात 10 बजे तक इन होटलों से होम डिलेवरी की सुविधा लोगों को रहेगी। वहीं सुबह 11 बजे से अन्य दुकानें संचालित की जाएगी। कपड़ा, जूता चप्पल, कपड़ा, हार्डवेयर, बर्तन सहित अन्य दुकानें खोली जाएगी। ये दुकानें शाम 7 बजे तक खोली जाएगी। वहीं ठेले पर खाद्य सामिग्री बेचने वालों को दो पाली में दुकान लगाने की इजाजत होगी। सुबह 6 बजे से 9 बजे तक ठेले लगाए जाएगे, वहीं शाम में 5 बजे से 8 बजे तक ठेले पर खाद्य सामिग्री बेचने की इजाजत दी जाएगी।        



अयोध्या राम-मंदिर 'विचार'

 इस मौके पर पहले यह बताना ज़रूरी है कि अब तक इस मामले में पहले क्या कुछ महत्वपूर्ण हुआ जिसके परिणाम स्वरूप अब राम मंदिर बन रहा है। राम मंदिर निर्माण की पहली नींव सन् 1949 में रखी गई जब पंडित जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे और पंडित गोविंद वल्लभ पंत उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब 22-23 दिसंबर 1949 में प्रतिमा को गर्भ गृह में पंहुचाया गया था। इसके बाद सन् 1986 आता है जब डिस्ट्रिक्ट कोर्ट फैजाबाद ने मंदिर का ताला खोलने की अनुमति दी, तब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और वीरबहादुर सिंह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री थे….. उसी दिन कोर्ट के आदेश के बाद महज 40 मिनिट में यह ताला खुला था। फिर 1989 आता है , तब भी राजीव गांधी ही प्रधानमंत्री थे। उस समय पहली बार यहां शिलान्यास हुआ था …… तब राज्य के मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी हुआ करते थे ….. जो लोग तब की राजनीति के बारें में जानते हैं उन्हे यह अच्छे से मालूम है कि मंदिर का ताला खुलवाने से लेकर शिलान्यास करवाने तक राजीव गांधी ने व्यक्तिगत् दिलचस्पी लेकर काम करवाया था। ….. और तो और राजीव गांधी ने 1989 में अपने चुनावी कार्यक्रम की शुरूआत ही अयोध्या (तब फैजाबाद जिला) से की थी , और यहीं उन्होंने राम राज्य का नारा दिया था। हालांकि तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी इस कार्यक्रम के पक्ष में नहीं थे। तब राजीव गांधी ने तत्कालीन गृह मंत्री बूटा सिंह को उत्तरप्रदेश भेजा ताकि वह इस पर आम राय बना सकें। फिर सबने संतो के साथ मिलकर 9 नवम्बर का महूर्त निकाला ….. जिसमें भूमि पूजन स्वंय स्वामि बामदेव ने किया था , वास्तुपूजा पंडित महादेव भट्ट और अयोध्या प्रसाद ने करवाई थी और खुदाई की शुरूआत स्वंय महंत अवैध्यनाथ ने की थी और पहली शिला एक दलित युवा कामेश्वर चौपाल के हाथों से रखवाई गई थी ताकि समाज में समरस्ता का संदेश प्रसारित हो। बाद में बाबरी मस्जिद संघर्ष समिति ने इसका विरोध किया , मार्च निकाला और गिरफ्तारियां दी। गांधी परिवार के कट्टर आलोचक रहे बीजेपी नेता सुब्रमण्यम् स्वामि भी कहतें हैं कि राजीव गांधी यदि दोबारा प्रधानमंत्री बनते तो राम मंदिर बन चुका होता। लेकिन ऐसा हुआ नहीं कांग्रेस चुनाव हार गई फिर 1991 में राजीव गांधी की हत्या हो गई और राम मंदिर निर्माण अधूरा रह गया।
          अयोध्या में शिलान्यास कार्यक्रम के पश्चात् विश्व हिंदु परिषद् और बीजेपी, इस मामले पर ज़बरदस्त तरीके से सक्रिय हुई और मामले को राजनैतिक रंग दे दिया, राम के नाम पर वोट मांगे गए और उत्तरप्रदेश में कल्याण सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई गई। फिर 1996, 1998, 1999 में बीजेपी नीत NDA की सरकारें बनीं। इस दौरान लालकृष्ण आडवाणी , मुरलीमनोहर जोशी , उमा भारती , विनय कटियार आदि राममंदिर आंदोलन के प्रमुख नेता हुआ करते थे। लेकिन मामला कोर्ट में जाने के कारण किसी निष्कर्ष पर नहीं पंहुचा। साल दर साल बीतते गए और अंतः अब कहीं जाकर सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है।
          इस ऐतिहासिक घटनाक्रम को बताने का उद्देश्य केवल इतना ही था कि आप जान सकें कि मंदिर निर्माण के लिए यदि किन्ही राजनेताओं का नाम लिया जाए तो वह कौन कौन थे और 1949 से लेकर 2020 तक मोदी जी का इस पूरे घटनाक्रम में कोई रोल नहीं था …… इतिहास बताता है कि मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने वाले पहले नायक जवाहरलाल नेहरू थे जिन्होंने मूर्ति रखवाई , दूसरे राजीव गांधी जिन्होंने ताले खुलवाए और शिलान्यास करवाया और तीसरे लालकृष्ण आडवाणी और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े वह नेता जिन्होंने इस मामले को जिंदा रखा।
           हर घटना और हर परिस्थिति की अपनी गति अपना Momentum होता है , और वह स्वंय में परिवर्तनशील होती है , घटना की गतिशीलता और परिवर्तनशीलता का सिद्धांत कृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भाग्वत् गीता में विस्तार से समझाया है और व्यक्ति को निमित्त मात्र परिभाषित किया है। यह पूरा मामला भी अपनी गति से चला और परिवर्तनशीलता से सिद्धांत पर कोर्ट के द्वारा निष्कर्ष पर पंहुचा है। इस मामले में नरेंद्र मोदी तो केवल और केवल उद्धाटनकर्ता हैं। क्योंकि पूरे घटनाक्रम में तो उनका कोई योगदान था नहीं इसलिए केवल और केवल हल्ला मचाकर इस पूरे काम का श्रेय वह अपने सर लेना चाहते हैं और उनका पालतू मीडिया इस मामले में उनका सहयोग कर रहा है। हालत यह है कि देश का नेशनल नेटवर्क 4 और 5 अगस्त को अयोध्या में होने वाले पूरे कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण करेगा। सवाल यह है कि यदि कोर्ट का फैंसला मस्जिद के पक्ष में आता तो भी क्या आज इतना ही बड़ा आयोजन हो रहा होता और प्रधानमंत्री उस कार्यक्रम में हिस्सा लेते तथा देश का नेशनल टेलीवीजन नेटवर्क उसका सीधा प्रसारण कर रहा होता ? जवाब हम सभी जानतें हैं।
         इस पूरे आयोजन को देखकर यह साफ कहा जा सकता है कि मोदी जी प्रभु श्री राम का उपयोग अपना व्यक्तिगत् कद बढ़ाने के लिए कर रहें हैं। आयोजन का प्रचार पूरी तरह मोदी केंद्रित हैं टीवी पर प्रभु श्रीराम का जिक्र नहीं हैं लेकिन मोदी जी का नाम धर्म एवं राष्ट्र रक्षक के रूप में प्रचारित हो रहा है, मानों लंका जाकर रावण वध उन्होंने ही किया हो। नरेंद्र मोदी के पोस्टर प्रभु श्रीराम से बड़े लग रहें हैं और प्रभु श्रीराम तो कहीं नेपथ्य में जा चुके हैं। प्रचार को देखकर तो ऐसा लगता है कि मानो राम मंदिर नहीं “मोदी” मंदिर बन रहा है। मोदी जी के व्यक्तिवादी रवैये की पराकाष्ठा यह है कि मंदिर निर्माण के वास्तविक नायकों को श्रेय देना तो दूर  आज उनकी कोई पूछपरख भी नहीं की जा रही है, नेहरू जी और राजीव जी तो जीवित नहीं हैं लेकिन आडवाणी जी और राम मंदिर आंदोलन के बाकी सदस्य तो जीवित है आज उन्हें क्यों नहीं पूछा जा रहा है। क्या वह लोग केवल विवादित ढांचा गिराए जाने के मामले में कोर्ट केस भुगतने के लिए हैं और इस सागर मंथन से निकले अमृत को पीने का अधिकार केवल मोदी जी का है।    हरिओम उपाध्याय       


कश्मीर के राज्यपाल ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। कश्मीर घाटी से धारा 370 हटने के एक साल पूरे होने के मौके पर कश्मीर के उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को लेकर तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लगभग नौ महीने तक राज्य के उप राज्यपाल का पद संभाला। मुर्मू का इस्तीफा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंजूर कर लिया है। जानकारी के मुताबिक वह अब भारत के नए नियंत्रक व महालेखा परीक्षक (सीएजी) होंगे।

उधर, पुख्ता सूत्रों के मुताबिक अब जम्मू कश्मीर के नए उपराज्यपाल राजीव महर्षि हो सकते हैं। महर्षि केंद्रीय गृह सचिव रह चुके हैं। उन्हें जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक, सामाजिक तथा सुरक्षा संबंधी हालात की बेहतर जानकारी है। इस वजह से उन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा है। बुधवार को महर्षि ने राष्ट्रपति से भी मुलाकात की है। वे प्रधानमंत्री के बेहद करीबी बताए जाते हैं।              

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया  इकबाल अंसारी  हैदराबाद। इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और...