गुरुवार, 19 मार्च 2020

'लाल निशान' पर बंद हुआ शेयर बाजार

नई दिल्ली। शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार चौथे दिन गिरावट देखने को मिली है। गुरूवार के कारोबार में सेंसेक्स 581 अंक की गिरावट के साथ 28288 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं निफ्टी 205 अंक की गिरावट के साथ 8263 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में आज शुरुआती गिरावट के बाद दोपहर के कारोबार तक सधी हुई रिकवरी देखने को मिली थी। हालांकि दोपहर के बाद आई बिकवाली से बाजार अपनी पूरी बढ़त गंवा कर लाल निशान में बंद हुआ। बाजार में फिलहाल देश में बढ़ते कोरोना वायरस को लेकर डर है। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा गिरावट ऑटो और मेटल सेक्टर में देखने को मिली है। मांग में तेज गिरावट की आशंका से दोनो सेक्टर इंडेक्स 5 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए हैं।


डीएम के अधिकारियों को सख्त आदेश

प्रदीप कुमार तिवारी


उन्नाव। उन्नाव जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने समस्त विभागाध्यक्ष एवं कार्यालय अध्यक्ष को निर्देशित किया है कि कोविड वायरस से इस समय रोकथाम हेतु अति गंभीर है तथा इस संबंध शासन से लगातार निर्देश प्राप्त हो रहे हैं कि इसकी रोकथाम हेतु जन जागरूकता लाई जाए। अपने आसपास व शरीर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। हाथ धुल कर ही पानी अथवा अन्य खाद सामग्री का प्रयोग किया जाए ।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि अपने कार्यालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें तथा जिस स्थान पर पीने का पानी उपलब्ध है। वहां साबुन हैंड वास सेनीटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा उस स्थान पर इस आशय का फ्लेक्स आज भी लगवाया जाए कि हाथ साबुन से धुलने के पश्चात ही पानी और खाद सामग्री का प्रयोग करे।


स्वास्थ्य मंत्री ने किया औचक निरीक्षण

नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में औचक निरीक्षण करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन बुधवार देर रात दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचे और यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने टर्मिनल-3 पर की जा रही स्क्रीनिंग का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने यात्रियों और डॉक्टरों से बातचीत की। गौरतलब है कि देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर प्रवेश के दौरान हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग हो रही है। पहले सिर्फ कुछ चुनिंदा देशों से आ रहे यात्रियों की ही निगरानी की जा रही थी, लेकिन अब नए नियमों को लागू करने के साथ ही हवाईअड्डे पर आने वाले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। देश में अबतक कोविड-19 के 169 मामले सामने आ चुके हैं। केंद्र व राज्य सरकारों की ओर से इस संदर्भ में लगातार निगरानी करने के साथ ही जगह-जगह पर व्यवस्था की जांच भी की जा रही है।


लोकल ट्रेन में एसी कोच पर रोक

मुंबई। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेन की एसी सेवा को फिलहाल के लिए रोक दिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पहले ही राज्य के लोगों से सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल से परहेज की अपील की थी।


देशभर में जितने भी कोरोना वायरस मामले सामने आए हैं। उनमें सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में ही हैं, ऐसे में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने मुंबई लोकल सेवा को रोकने का फैसला किया है। हालांकि अभी सिर्फ एसी सेवा को बंद करने का फैसला किया गया है और जिन रूट्स पर एसी सेवा चलती है। उनकी जगह पर सामान्य रेलगाड़ियों को चलाया जाएगा। देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में ही हैं, राज्य में अबतक कुल 49 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं और इनमें एक मामला ऐसा भी है जहां पर कोरोना वायरस की वजह से 1 व्यक्ति की मौत हुई है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना वायरस मामले हैं और उसे और फैलने से रोकने के लिए राज्य सरकार ने कई कदम उठाए हैं। महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक राज्य में खाड़ी देशों से लगभग 26000 लोग पहुंच रहे हैं और उन्हें आइसोलेशन में रखने की पूरी तैयारी कर ली गई है।


दो अमेरिकी सांसद भी पॉजिटिव मिले

वाशिंगटन। कोरोना वायरस की चपेट में दुनिया के 150 से अधिक देश आ गए हैं। अबतक करीब 2 लाख से अधिक पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 9000 लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं। चीन से निकला ये कोरोना वायरस हर किसी को अपनी चपेट में ले रहा है, फिर चाहे कोई आम हो या खास। अब अमेरिका में दो कांग्रेस मैन में भी कोरोना वायरस के पॉजिटिव लक्षण पाए गए हैं, जिनके बाद उन्हें निगरानी में रख दिया गया है।


अमेरिकी मीडिया सीएनएन के मुताबिक, फ्लोरिडा से रिपब्लिकन के सेनेटेर मारियो डियाज़ कोरोना वायरस के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्विटर पर बयान भी जारी किया है और लोगों से अपील की है कि वो सरकार की इसमें मदद करें। इसके अलावा डेमोक्रेट्स सेनेटर बेन मैकएडम्स भी पॉजिटिव पाए गए हैं। ट्विटर पर उन्होंने बताया कि वॉशिंगटन से आने के बाद उन्हें बुखार हुआ और उसके बाद जब टेस्ट हुआ तो वो पॉजिटिव पाए गए।गौरतलब है कि अमेरिका में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो गई है। अब तक सभी 50 राज्य इसकी चपेट में आ गए हैं और कुल मामलों की संख्या 8000 के पार पहुंच गई है। अमेरिका में कोरोना की वजह से 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और इसे नेशनल इमरजेंसी घोषित किया गया है।


भारत में एक्टिव केस 167, चार की मौत

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है पंजाब से जहां एक और मरीज ने दम तोड़ दिया है। यह भारत में कोरोना से चौथी मौत है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस मौत की पुष्टि की है।


देश में कोरोना वायरस से अब तक कुल चार मौतें हो चुकी हैं। आखिरी मौत पंजाब में हुई है। वहीं, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या 180 तक पहुंच गई है। 5 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। यानी अभी कोरोना वायरस के एक्टिव केस 167 हैं। कोरोना से महाराष्ट्र में पीड़ितों का आंकड़ा बढ़कर 49 हो गया है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 2, दिल्ली में 10, हरियाणा में 17, कर्नाटक में 14 ,केरल में 27, पंजाब में 2, राजस्थान में 7, तमिलनाडु में एक, तेलंगाना में 13, जम्मू-कश्मीर में 4, लद्दाख में 8, उत्तर प्रदेश में 19, उत्तराखंड में एक, ओडिशा में एक, छत्तीसगढ़ में एक और पश्चिम बंगाल में एक केस सामने आए हैं। महाराष्ट्र देश के सबसे बड़े कोरोना प्रभावित राज्य में शुमार हो गया है। यहां कोरोना के सबसे ज्यादा 47 केस सामने आए हैं। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। लेकिन पिछले चौबीस घंटे के भीतर कोरोना के सात मामले महाराष्ट्र में सामने आ चुके हैं।इसके अलावा टिफिन सप्लाई करने वाले एशिया के सबसे बड़े समूह डब्बावाला की सेवा भी लोगों को नहीं मिलेंगी।मुंबई डब्बावाला के प्रवक्ता सुभाष तालेकर ने कहा कि एहतियातन हमारी सेवा शुक्रवार से 31 मार्च तक बंद रहेंगी।


अजय दीप चौहान


वायरस से पोल्ट्री व्यवसाय हुआ ध्वस्त

नई दिल्ली। कोरोना को लेकर मुर्गा व अंडा का कारोबार खासा प्रभावित हुआ है। बाजार में मुर्गा व अंडा की कीमतें कम होने के बाद भी ग्राहक इनसब चीजों से तौबा कर रहे हैं। वहीं कई सब्जियों की कीमतों में उछाल आया है, जबकि कुछ के दाम कम हुए हैं।


कारोबारियों को न सिर्फ मुर्गा या अंडा न बेच पाने को लेकर सिरदर्दी बढ़ी है, बल्कि मुर्गा को रोज दाना-पानी देना मुश्किल हो रहा है। पोलट्री फॉर्म संचालक के अनुसार एक मुर्गा को तैयार करने में करीब 50 से 60 रुपए तक का खर्च आता है। वर्तमान हालत यह है कि 30 रुपए तक में भी बाजार में मुर्गा सप्लाई नहीं हो रहा। फॉर्म से 25 से 35 दिन तक में मुर्गा को निकाल लेना है, लेकिन 45 से 50 दिन बाद भी मुर्गा का स्टॉक बरकरार है। एक मुर्गा का खुराक छह रुपए के करीब आ रहा है। ऐसे में एक हजार मुर्गा रखने वालों को हर रोज छह हजार रुपए अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। दाना-पानी में कटौती करना भी उनके लिए नुकसानदेह है।
बाजार में मुर्गा की कीमतें कम जबकी सब्जी की अधिक--
बाजार में मुर्गा की कीमतें काफी कम हो गई। यहां 20 से लेकर 50 रुपए किलो तक मुर्गा की बिक्री हो रही है। मुर्गा की कीमतों में कमी ने सब्जी का बाजार गर्म कर दिया है। हालांकि अधिक स्टॉक के कारण कीमतों में बहुत अधिक वृद्धि नहीं हुई है। वहीं ग्राहकों को रूलाने वाले प्याज ने लोगों को राहत दी है। प्याज की कीमत घटकर करीब 25 से 30 रुपए हो गई है। बताया जा रहा है मुर्गा की कीमतें कम होने के कारण ही प्याज की कीमतें भी कमी है। अंडा का बाजार भी पड़ा सुस्त: अंडा का बाजार भी काफी सुस्त पड़ गया है। फॉर्म से अंडा पिछले कुछ दिनों से ढाई रुपए तक भी निकलना मुश्किल हो गया है। फॉर्म संचालक के मुताबिक 1050 से 11 सौ रुपए कार्टन तक अंडा की बिक्री होती थी, लेकिन कोरोना के बाद लोग 650 से 700 तक में भी नहीं ले रहे हैं। उनके मुताबिक अंडा तैयार करने में 3.70 रुपए आता है, जो ढाई रुपए में भी नहीं बिक रहा। वहीं बिक्री नहीं होने अंडों का स्टॉक करना भी मुश्किल हो गया है। कारोबारियों की मानें तो इस बार धंधे में घाटा लगना तय है। मार्केट में कबतक सुधार होगा इस बारे में कहा नहीं जा सकता।


'रेडिएशन' स्टॉर्म के बारे में चेतावनी जारी की

'रेडिएशन' स्टॉर्म के बारे में चेतावनी जारी की  अखिलेश पांडेय  नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। वैज्ञानिक अभी भी पिछले सप्ताह आए सोलर स्टॉर्म...