शुक्रवार, 18 अक्तूबर 2019

ठगी करने वाले,महिला सहित 4 गिरफ्तार

लुधियाना। साइबर सेल ने लाइफ इंश्योरेंस में ज्यादा मुनाफा देने के लालच में भोले भाले लोगो को ठगने वाले दिल्ली में चल रहे एक फर्जी काल सेंटर का खुलासा कर युवती सहित 4 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। मालिक फरार है चल रहा है पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही हैं ।सिंगल विंडो लुधियाना में प्रैस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर श्री राकेश अग्रवाल,एडीसीपी सचिन गुप्ता,एसीपी रुपिंदर कौर भट्टी, एसीपी अमनदीप सिंह बराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि एक वर्ष पहले थाना सराभा नगर में लुधियाना निवासी जगदेव सिंह ने इंश्योरेंस के नाम पर 3 करोड़ 40 लाख़ की ठगी होने की शिकायत दर्ज़ करवाई थी। जिसके चलते लुधियाना साइबर सैल की पुलिस ने 4-5 महीने की कड़ी मेहनत से आरोपियों के सुराग निकाल गिरफ्तारी कर लुधियाना पुलिस ने बहुत बड़ी सफ़लता हासिल की। पुलिस ने इनके पास से 12 मोबाईल फोन,डाटा, मोबाईल चार्जर, बरामद किया। सीपी ने बताया कि यह अलग अलग नंबरों से अलग अलग नाम बताकर भोले भाले लोगो को फोन पर इंश्योरेंस पर 15 परसेंट ब्याज ओर पैसे को दोगुना करने का लालच देकर ठगी करते थे। 3-4 रुपए के हिसाब से लोगो का डाटा खरीदा करते थे। उत्तर प्रदेश के दस्तावेज और वहां के प्रूफ पर फर्जी मोबाइल नंबर और बैंक खाता खुलवाए हुए थे। लगभग 8 सालो में यह आम लोगो 100 करोड़ की ठगी कर चुके है। पुलिस आम लोगो का डाटा बेचने वालो पर वी सख़्त कारवाई कर उनको जल्द गिरफ़्तार करेगी। आरोपियों की पहचान योगेश कुमार पुत्र जगमोहन निवासी 774/75 ए पहली मंजिल मंगोलपुरी दिल्ली,सुनील कुमार पुत्र जय नारायण निवासी P-4 627 सुल्तानपुरी न्यू दिल्ली,आकाश कुमार पुत्र जगमोहन A-774/75 पहली मंजिल मंगोलपुरी दिल्ली,मोस्मी पुत्री विनोद सिंह निवासी 11/78 मोती बाग न्यू दिल्ली के रूप में हुई। पकड़े गए चार आरोपियों में से 2 सगे भाई हैंपुलिस ने आरोपियों खिलाफ मुकदमा नंबर 212 दिनांक 11-10-2018 धारा 420 120 बी आईपीसी के तहत सराभा नगर थाना दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस कमिश्नर श्री राकेश अग्रवाल लुधियाना ने लोगों से अपील की है। कॉल सेंटर से आने वाले फोन पर लेनदेन करने से पहले उसके विभाग की जांच करें। कोई भी पॉलिसी का अगर भुगतान करना है जा नई पॉलिसी करवानी है उसी विभागीय के दफ्तर में जाकर करवाएं और ठगी का शिकार होने से बचे।


इंडोर स्टेडियम में देसी टॉक कवि सम्मेलन

रायपुर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने कल इंडोर स्टेडियम में आयोजित देसी टॉक कवि सम्मेलन का शुभांरभ किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की। इस अवसर पर राज्यपाल सुश्री उइके ने संबोधित करते हुए कहा कि साहित्य जगत में ऐसा माना जाता है कि जहां रवि नहीं पहुंच पाता है, वहां कवि पहुंच जाते हैं। कवि और उसकी कविता समाज का दर्पण होता है।


समाज में जो भी घटना घटती है या परिवर्तन आता है उसे वह देखता है उसको अपनी कविता के माध्यम से सभी के समक्ष प्रस्तुत करता है। कविता के माध्यम से कही गई बातें सभी व्यक्तियों के दिलों-दिमाग तक पहुंच जाती है और व्यक्ति उस पर आचरण करना प्रारंभ कर देता है। इसलिए कवियों को चाहिए कि वे समाज के समक्ष उन सभी बातों और परिवर्तनों को लाएं जो आदर्श समाज के निर्माण के लिये आवश्यक हों।


 


मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कई प्रतिष्ठित कवि हुए हैं, जिन्होंने प्रदेश का मान बढ़ाया है, उन्हें मैं नमन करता हूं। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, रायपुर के महापौर श्री प्रमोद दुबे, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री बृजमोहन अग्रवाल, श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, श्री विकास उपाध्याय सहित राज्यपाल के सचिव श्री सोनमणि बोरा भी उपस्थित थे। आयोजकों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। कवि सम्मेलन में विख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने काव्यपाठ से समा बांधा। साथ ही पद्मश्री श्री सुरेंद्र दुबे, सर्वश्री मीर अली मीर, विनीत चौहान, रमेश मुस्कान, अंकिता सिंह, किशोर तिवारी, पद्मलोचन शर्मा अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।


महानायक की तबीयत बिगड़ी,भर्ती

मुंबई। महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत बिगड़ गयी है। अमिताभ को मुंबई के नानावटी अस्पताल  में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के बाहर खड़े पुलिसवालों का कहना है कि उन्हें रूटीन चेकअप के लिए यहां लाया गया है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें लीवर की समस्या है।अमिताभ को नानावती अस्पताल में जहां भर्ती कराया गया है उसे काफी सीक्रेट रखा गया है। इतना सीक्रेट कि किसी सेलेब्स को भी नहीं पता चला कि बिग बी अस्पताल में भर्ती हैं। किसी को भी वहां जाने नहीं दिया जा रहा है। इसे रुटीन चेकअप बताया जा रहा है. लेकिन सवाल ये है कि अगर रुटीन चेकअप है तो क्यों उन्हें सुबह 3 बजे अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल नानावती अस्पताल ने किसी तरह का ऑफिशियल हेल्थ बुलेटिन शेयर नहीं किया है।


मंगलावर रात 2 बजे तबीयत बिगड़ने के बाद अमिताभ बच्चन को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कहा जा रहा है कि अमिताभ बच्चन की लीवर सिर्फ 25 फीसदी काम कर रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। बॉलीवुड जगत से जुड़े लोग उनका हाल-चाल लेने के लिए हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मशहूर गेस्ट्रोन्ट्रोलॉजिस्ट डॉ बारवे उनका इलाज कर रहे हैं।अमिताभ को अस्पताल में 1-2 दिन और लग सकते हैं। माना जा रहा है कि उन्हें रविवार को डिस्चार्ज किया जा सकता हैै।


एयर इंडिया को मिली राहत की सांस

नई दिल्ली। एअर इंडिया के ईंधन बकाया को निपटाने के लिए नियमित भुगतान के वादे के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को उसकी ईंधन आपूर्ति रोकने का फैसला टाल दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एअर इंडिया को अल्टीमेटम देते हुए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने बीते 10 अक्टूबर को एअर इंडिया को महीने का एकमुश्त भुगतान 18 अक्टूबर तक करने को कहा था और चेतावनी दी थी कि ऐसा नहीं करने पर वे उसके छह घरेलू हवाईअड्डों पर ईंधन की आपूर्ति रोक देंगी। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने एअर इंडिया को पत्र लिखकर कहा था, ''एकमुश्त मासिक भुगतान न होने के कारण बकाये (ईंधन का बचा हुआ बिल) में कमी नहीं आयी है। इस पत्र को पीटीआई-भाषा ने देखा है।" तीनों तेल कंपनियां पहले बता चुकी हैं कि एअर इंडिया पर उनका 5 हजार करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है। इसमें से कुछ बकाया आठ महीने पुराना हो चुका है। अधिकारियों ने कहा कि एअर इंडिया ने पत्र लिख कर उसकी ईंधन आपूर्ति ना रोकने का अनुरोध किया और नियमित भुगतान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ईंधन आपूर्ति रोकने के फैसले को टाल दिया गया है।


पाक की अमन एंबुलेंस सेवा समाप्त

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था इस समय चरमराई हुई है। उसके नागरिक पैसे की तंगी से जूझ रहे हैं। वहीं खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। इसी बीच पड़ोसी देश ने अमन एंबुलेंस की सेवाओं को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है क्योंकि सिंध सरकार के पास फंड की कमी है। इस खबर की पुष्टि अमन फाउंडेशन के एक अधिकारी ने की।सिंध सरकार और अमन फाउंडेशन के बीच हुई सरकारी निजी भागीदारी के बाद एंबुलेंस सेवा का नाम बदलकर सिंध मेडिकल एंड रेस्क्यू सर्विस रखा गया था। अमन फाउंडेशन के स्वास्थ्य सेवा के निदेशक खकान सिकंदर ने कहा कि वह कुछ महीनों के लिए अपनी सेवाओं को घटा रहे हैं।
सिकंदर ने गुरुवार को कहा कि सेवाओं को शुक्रवार से अस्थायी तौर पर बंद कर दी गई हैं। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में फंड जारी कर दिए जाएंगे। सिंध के मुख्यमंत्री मुर्तजा वहाब ने एक वीडियो मैसेज में कहा कि एंबुलेंस सेवाओं को बंद करने वाली खबरें गलत है।
वहाब ने कहा कि धन से संबंधित एक सारांश मुख्यमंत्री मुराद अली शाह को भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद फंड को जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंध सरकार चाहती है कि सेवा जारी रहे।


शुभ समाचार प्राप्त होंगे: कर्क

राशिफल


मेष-किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। शिक्षा के क्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी। व्यस्तता के चलते स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें। बेवजह विवाद हो सकता है। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। उत्साह व प्रसन्नता से काम कर पाएंगे।


वृष-कामकाज में अधिक ध्यान देगा पड़ेगा। दूर से दु:खद समाचार मिल सकता है। भागदौड़ रहेगी। समय पर काम नहीं होने से तनाव रहेगा। गुस्से पर काबू रखें। व्यापार-व्यवसाय में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में अधिकारी अधिक की अपेक्षा करेंगे। किसी व्यक्ति के उकसाने में न आएं।


मिथुन-पहले किए गए प्रयास का लाभ अब मिलेगा। समय पर कर्ज चुका पाएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल लाभ देंगे। निवेश शुभ फल देगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। भाग्य का साथ मिलेगा। खोई हुई वस्तु मिल सकती है। प्रमाद न करें।


कर्क-आय में सुगमता रहेगी। घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यय होगा। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। प्रसन्नता बढ़ेगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आनंद और उल्लास के साथ जीवन व्यतीत होगा। पारिवारिक सहयोग प्राप्त होगा। चोट व रोग से हानि संभव है।


सिंह-जीवनसाथी के स्वास्थ्य संबंधी चिंता बनी रहेगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। किसी बड़ी समस्या से छुटकारा मिल सकता है। व्यावसायिक प्रवास हो सकता है। काम में अनुकूलता रहेगी। भेंट व उपहार की प्राप्ति हो सकती है। पार्टनरों से सहयोग मिलेगा। लाभ होगा।


कन्या-कोई बड़ा खर्च अचानक सामने आ सकता है। व्यवस्था में मुश्किल होगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। गुस्से पर काबू रखें। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। धनहानि की आशंका बन सकती है। व्यापार ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी।


तुला-पहले किसी व्यक्ति को दिए गए कर्ज की वसूली हो सकती है। व्यावसायिक प्रवास सफल रहेगा। धन प्राप्ति सु्गम होगी। घर-परिवार की चिंता बनी रहेगी। कोई नई समस्या आ सकती है। शारीरिक कष्ट भी आशंका है, लापरवाही न करें। नौकरी में चैन रहेगा। उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे।


वृश्चिक-आर्थिक वृद्धि के लिए नई योजना बनेगी। तत्काल लाभ नहीं होगा। किसी सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकता है। मान-सम्मान मिलेगा। कार्यकारी नए अनुबंध हो सकते हैं। उत्साह व प्रसन्नता से कार्य कर पाएंगे। शारीरिक शिथिलता रहेगी।


धनु-गृहस्थ जीवन में आनंद का वातावरण रहेगा। जीवनसाथी को भेंट व उपहार देना पड़ सकता है। किसी अनहोनी की आशंका रह सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। लापरवाही न करें। कोर्ट व कचहरी तथा सरकारी कामों में अनुकूलता रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। प्रमाद न करें।


मकर-कोई पुराना रोग परेशानी का कारण बन सकता है। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में लापरवाही न करें। शारीरिक हानि की आशंका बनती है। किसी व्यक्ति के व्यवहार से दिल को ठेस पहुंच सकती है। क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। आय में निश्चितता रहेगी, धैर्य रखें।


कुंभ-किसी लंबे मनोरंजक प्रवास का कार्यक्रम बन सकता है। आंखों का विशेष ध्यान रखें। चोट व रोग से बचें। सुख के साधन जुटेंगे। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। सरकारी कामकाज में अनुकूलता रहेगी। स्थिति नियंत्रण में रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। जोखिम न उठाएं।


मीन-कुबुद्धि हावी रह सकती है इसलिए कोई भी निर्णय सोम-समझकर करें। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। कार्य के प्रति उत्साह रहेगा। जल्दबाजी न करें। भूमि व भवन इत्यादि की खरीद-फरोख्त की योजना सफल रहेगी। बड़ा लाभ हो सकता है। प्रमाद न करें।


बंगाली रसगुल्ला

रसगुल्ला बनाने के लिये मुख्य सामग्री छैना है, जिसे हम ताजी छैना कह कर डेयरी से ला सकते हैं या दूध से हम इसे घर पर बना सकते हैं। यदि हमको छैना घर पर बनाना हैं तो सबसे पहले हम रसगुल्ले बनाने के लिये छैना बनायेगे।


छैना बनाने के लिये दूध को किसी भारी तले वाले बर्तन में निकाल कर गरम कीजिये। दूध में उबाल आने के बाद नीबू का रस डालते हुये चमचे से चलाइये। दूध जब पूरा फट जाय, दूध में छैना और पानी अलग दिखाई देने लगे तो तुरन्त आग बन्द कर दीजिये। छैना को कपड़े में छानिये और ऊपर से ठंडा पानी डाल दीजिये ताकि नीबू का स्वाद छैना में न रहे। कपड़े को हाथ से दबा कर अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये। रसगुल्ला बनाने के लिये छैना तैयार है।


छैना को बड़ी थाली में निकाल लीजिये, एरोरूट मिला कर छैना को अच्छी तरह मथिये। छैना को इतना मथिये कि वह चिकना गुथे हुये आटे की तरह दिखाई देने लगे। रसगुल्ला बनाने के लिये छैना तैयार है। इस छैने से थोड़ा थोड़ा छैना निकाल कर। पौन इंच से लेकर एक इंच व्यास के छोटे छोटे गोले बना कर प्लेट में रख लीजिये। सारे रसगुल्ले के लिये गोले इसी तरह बना लीजिये और इन्हें आधे घंटे के लिये किसी गीले कपड़े से ढक कर रख दीजिये।


300 ग्राम चीनी और 1 लीटर पानी किसी बर्तन में डाल कर गरम कीजिये। जब पानी खौलने लगे तो छैने से बने गोले पानी में डाल दीजिये। बर्तन को ढक दीजिये, इन छैना के गोलों को, 20 मिनिट तक मीडियम आग पर उबलने दीजिये। रसगुल्ले पक कर फूल जायेंगे, गैस बन्द कर दीजिये। रसगुल्ले सीरप में ही ठंडे होने दीजिये।


लीजिये छैना के रसगुल्ले तैयार हैं। ठंडा होने के बाद, रसगुल्लों को फ्रिज में रख दीजिये और अब ठंडा ठंडा रसगुल्ला परोसिये और खाइये।


भारतीय हाथी लुप्तता की कगार पर

भारतीय हाथी लंबाई में ६.४ मीटर (२१ फ़ुट) तक पहुँच सकता है; यह थाईलैंड के एशियाई हाथी से लंबा व पतला होता है। सबसे लंबा ज्ञात भारतीय हाथी २६ फ़ुट (७.८८ मी) का था, पीठ के मेहराब के स्थान पर इसकी ऊँचाई 11 फीट (3.4 मी॰), ९इंच (३.६१मी) थी और इसका वज़न ८ टन (१७९३५ पौंड) था। भारतीय हाथी अफ़्रीकी हाथियों जैसे ही दिखते हैं पर उनके कान छोटे होते हैं और दाँत छोटे होते हैं।


शारीरिक ढाँचा:-चूँकि भारतीय हाथी एशियाई हाथियों की ही उपजाति हैं, अतः इनमें कोई खास फ़र्क नहीं है। भारतीय हाथियों के अफ़्रीकी हाथियों के मुकाबले कान छोटे होते हैं और माथा चौड़ा होता है। मादा के हाथीदाँत नहीं होते हैं। नर मादा से ज़्यादा बड़े होते हैं। सूँड अफ़्रीकी हाथी से ज़्यादा बड़ी होती है। पंजे बड़े व चौड़े होते हैं। पैर के नाखून ज़्यादा बड़े नहीं होते हैं। अफ़्रीकी पड़ोसियों के मुकाबले इनका पेट शरीर के वज़न के अनुपात में ही होता है, लेकिन अफ़्रीकी हाथी का सिर के अनुपात में पेट बड़ा होता है।


जनसंख्या व लुप्तप्रायता:-विश्व वन्यजीव कोष भारतीय हाथी को काफ़ी जगह प्राप्य लेकिन विलुप्तप्राय मानता है। भारतीय हाथी की मौजूदा जनसंख्या २०,००० से २५,००० के बीच होगी। एशियाई हाथी विशेषज्ञ समूह द्वारा भारतीय हाथी को १९९६ में एक विलुप्तप्राय जाति के तौर पर वर्गीकृत किया गयाा। भारतीय हाथियों को हाथीदाँत के लिए किए गए शिकार से, तथा जंगली इलाकों में इंसानी रिहायिश की वजह से रिहायिश की जगह में कमी तथा इंसानों के युद्धों से खतरा है। अलग अलग वन्यप्राणी अभयारण्यों में मौजूद जंगली हाथियों की पृथक संख्याओं को भी आनुवंशिक विविधता न होने से खतरा है। हाल ही में वन्यप्राणी अभियारण्यों के बीच कुछ गलियारे बनाए गए हैं ताकि जंगली हाथियों का देशांतरण हो सके।


बर्ड ऑफ पैराडाइस

बर्ड ऑफ़ पैराडाइज़ का शरीर आम तौर पर कौवे जैसा होता है तथा वास्तव में ये कॉर्विड्स प्रजाति (कौवे तथा नीलकंठ) से संबंधित हैं। बर्ड ऑफ़ पैराडाइज़ पक्षी विभिन्न आकारों में पाए जाते हैं जो किंग बर्ड ऑफ़ पैराडाइज़ 50 ग्राम (1.8 औंस) और 15 से॰मी॰ (5.9 इंच) से ले कर कर्ल-क्रेस्टेड मनुकोड 44 से॰मी॰ (17 इंच) व 430 ग्राम (15 औंस) तक के आकार के होते हैं। अपनी लंबी पूंछ के साथ नर ब्लैक सिक्लेबिल सभी प्रजातियों में सबसे लंबी प्रजाति है।110 से॰मी॰ (43 इंच) सभी प्रजातियों में नर मादा से बड़े और लंबे होते हैं, तथा यह अंतर मामूली से लेकर विशाल आकार तक का हो सकता है। पंख गोल होते हैं और कुछ प्रजातियों में ध्वनि निकालने के लिए संरचनात्मक रूप से संशोधित होते हैं। पूरी जाति में चोंच के आकार में विविधता पाई जाती है। सिक्लेबिल व राइफ़लबर्ड प्रजातियों में चोंच लंबी तथा अवक्राकार हो सकती है तथा एस्ट्रापिया में छोटी और पतली हो सकती है। लिंग के आधार पर शरीर के साथ-साथ चोंच का औसत आकार बदलता रहता है, हालांकि आम तौर पर नरों की तुलना में लंबी चोंच वाली मादाओं की प्रजातियां अधिक हैं और ऐसा विशेष रूप से कीट खाने वाली प्रजातियों में है। नरों के भड़कीले आकर्षक रंगों वाले पंखों की तुलना में मादाओं के छद्मावरण पंख विशेष रूप से अपने निवास के रंगों में अच्छी तरह घुल मिल जाते हैं।


विभिन्न लिंगों के बीच पंखों में भिन्नता प्रजनन प्रणाली से बारीकी से संबंधित है। मनुकोड और पैराडाइज़ क्रो, जो सामाजिक रूप से एक मादा के साथ रहते हैं, लैंगिक तौर पर मोनोमोर्फिक (अर्थात जिनका जीनोटाइप एक ही प्रकार का होता है) होते हैं। इसी तरह पैराडिगाला की दो प्रजातियां हैं जो एक से अधिक मादा के साथ रहती हैं। इन सभी प्रजातियों के हरे और नीले रंग की घटती बढ़ती मात्रा के साथ आम तौर पर काले पंख होते हैं।


निवास और विस्तार


ब्राउन सिकेलबिल्स पर्वतीय प्रजातियां हैं
न्यू गिनी का विशाल द्वीप बर्ड ऑफ़ पैराडाइज़ पक्षियों की विविधता का प्रमुख केंद्र है; केवल दो को छोड़ कर बाकी सभी प्रजातियां न्यू गिनी पर पाई जाती हैं। जो दो प्रजातियां यहां नहीं पाई जातीं, वे हैं मोनोटाइपिक श्रेणी की लाइकोकॉरेक्स तथा सेमिप्टेरा, जो न्यू गिनी के पश्चिम में स्थित मोलुक्कास की निवासी हैं। टिलोरिस वर्ग के राइफलबर्ड पक्षियों की दो प्रजातियां पूर्वी ऑस्ट्रेलिया के तटीय जंगलों में पाई जाती हैं, एक ऑस्ट्रेलिया तथा न्यू गिनी दोनों जगहों पर पाई जाती हैं, तथा एक प्रजाति केवल न्यू गिनी में मिलती है। केवल मनुकोडिया एक वर्ग है जिसकी प्रजातियां न्यू गिनी के बाहर पाई जाती हैं, तथा इनका एक प्रतिनिधि क्वींसलैंड के उत्तरी छोर पर पाया जाता है। शेष प्रजातियां न्यू गिनी और आसपास के द्वीपों तक सीमित हैं। कई प्रजातियां अत्यधिक सीमित क्षेत्रों में मिलती हैं, विशेष रूप से मध्य-पर्वतीय वन (जैसे ब्लैक सिक्लेबिल) या द्वीप स्थलों (जैसे विल्सन बर्ड ऑफ़ पैराडाइज़) जैसे सीमित निवास स्थानों में पाई जाने वाली कुछ प्रजातियां।


बर्ड ऑफ़ पैराडाइज़ की अधिकांश प्रजातियां वर्षा वनों, दल-दली जगहों, तथा काई के वनों सहित उष्णकटिबंधीय वनों में पाई जाती हैं, लगभग सभी प्रजातियां एकांत रूप से वृक्षों पर निवास करती हैं। तटीय सदाबहार वनों में कई प्रजातियां पाई जाती हैं। सुदूर दक्षिण में पाई जाने वाली ऑस्ट्रेलिया की पैराडाइज़ राइफलबर्ड प्रजातियां उप उष्णकटिबंधीय और शीतोष्ण नम वनों में रहती हैं। एक समूह के रूप में मनुकोड अपने निवास स्थलों के प्रति सबसे अधिक अनुकूलित स्वभाव वाले होते हैं, जिसमे से विशेष रूप से ग्लॉसी-मेंटल्ड मनुकोड वनों तथा सवाना वुडलैंड, दोनों जगहों पर निवास करते हैं। मध्य-पर्वतीय निवास स्थल सर्वाधिक आबादी वाले निवास स्थल हैं, चूंकि 40 में से 30 प्रजातियां 1000-2000 मीटर की ऊंचाइयों पर पाई जाती हैं।


गाजर घास की आक्रामकता

गाजर घास या 'चटक चांदनी' (Parthenium hysterophorus) एक घास है जो बड़े आक्रामक तरीके से फैलती है। यह एकवर्षीय शाकीय पौधा है जो हर तरह के वातावरण में तेजी से उगकर फसलों के साथ-साथ मनुष्य और पशुओं के लिए भी गंभीर समस्या बन जाता है। इस विनाशकारी खरपतवार को समय रहते नियंत्रण में किया जाना चाहिए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस घास को चिड़िया बाड़ी के नाम से भी पुकारते है।


गाजर घास का उपयोग अनेक प्रकार के कीटनाशक, जीवाणुनाशक और खरपतवार नाशक दवाइयों के र्निमाण में किया सकता है। इसकी लुग्दी से विभिन्न प्रकार के कागज तैयार किये जा सकते हैं। बायोगैस उत्पादन में भी इसको गोबर के साथ मिलाया जा सकता है।


परिचय:-इस खरपतवार की बीस प्रजातियां पूरे विश्व में पाई जाती हैं। अमेरिका, मैक्सिको, वेस्टइंडीज, भारत, चीन, नेपाल, वियतनाम और आस्ट्रेलिया के विभिन्न भागों में फैली खरपतवार का भारत में प्रवेश तीन दशक र्पूव अमेरिका या कनाडा से आयात किये गये गेहूं के साथ हुआ। अल्पकाल में ही लगभग पांच मिलियन हैक्टेयर क्षेत्र में इसका भीषण प्रकोप हो गया। यह खरपतवार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर-प्रदेश, मध्यप्रदेश, उडीसा, पश्चिमी बंगाल, आन्ध्रप्रदेश, र्कनाटक, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश और नागालैण्ड के विभिन्न भागों में फैली हुई है।


एक से डेढ मीटर तक लम्बी गाजर घास के पौधे का तना रोयेदार अत्यधिक शाखा युक्त होता है। इसकी पत्तियां असामान्य रूप से गाजर की पत्ती की तरह होती हैं। इसके फलों का रंग सफेद होता है। प्रत्येक पौधा 1००० से 5०००० अत्यंत सूक्ष्म बीज पैदा करता है, जो शीघ्र ही जमीन पर गिरने के बाद प्रकाश और अंधकार में नमी पाकर अंकुरित हो जाते हैं। यह पौधा 3-4 माह में ही अपना जीवन चक्र पूरा कर लेता है और र्वष भर उगता और फलता फूलता है। यह हर प्रकार के वातावरण में तेजी से वृद्धि करता है। इसका प्रकोप खाद्यान्न, फसलों जैसे धान, ज्वार, मक्का, सोयाबीन, मटर तिल, अरंडी, गन्ना, बाजरा, मूंगफली, सब्जियों एवं उद्यान फसलों में भी देखा गया है। इसके बीज अत्यधिक सूक्ष्म होते हैं, जो अपनी दो स्पंजी गद्दि्यों की मदद से हवा तथा पानी द्वारा एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से पहुंच जाते हैं।


गाजर घास मनुष्य और पशुओं के लिए भी एक गंभीर समस्या है। इससे खाद्यान्न फसल की पैदावार में लगभग 4॰ प्रतिशत तक की कमी आंकी गई है। इस पौधे में पाये जाने वाले एक विषाक्त पर्दाथ के कारण फसलों के अंकुरण एवं वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। दलहनी फसलों में यह खतरपतवार जड ग्रंथियों के विकास को प्रभावित करता है तथा नाइट्रोजन स्थिरीकरण करने वाले जीवाणुओं की क्रियाशीलता को भी कम कर देता है। इसके परागकण बैंगन, र्मिच, टमाटर आदि सब्जियों के पौधे पर एकत्रित होकर उनके परागण अंकुरण एवं फल विन्यास को प्रभावित करते हैं तथा पत्तियों में क्लोरोफिल की कमी एवं पुष्प र्शीषों में असामान्यता पैदा कर देते हैं।


महर्षि वशिष्ठ का राष्ट्रवाद उपदेश

गतांक से...
 भगवान राम ने कहा प्रभु मेरी दृष्टि में तो वही प्रसंग पुन: बना रहा कि यह राष्ट्रवाद क्या है, राष्ट्रवाद किसे कहते हैं? भगवान राम के शब्दों को श्रवण करते हुए महर्षि वशिष्ठ मुनि बोले राष्ट्रवाद का यह कर्तव्य कहलाता है कि वह मोह नहीं करें। अपने पुत्र-पुत्री वह ग्रह ऐसे स्वीकार करें जैसे राजा के राष्ट्र में और अन्य प्रजा होती है। प्रजा की भांति जब उसे दृष्टिपात करोगे तो प्रजा तुम्हारी हितकर बनकर तुम्हारे राष्ट्र को उन्नत करेगी। प्रजा और पुत्र दोनों में अंतर्द्वंद है, पुत्र तो कहते हैं ममता की मौह की कुंजी को और ग्रहणी 'सुथनम ब्रह्मा:' प्रजा कहते हैं। जो अपने कर्तव्य का पालन करते हैं, वही तो प्रजा कहलाती है। माता-पिता को संतान देने से पूर्व संसार को संतान देने से पूर्व यह विचारना है। राष्ट्रवाद में यह आया है कि राजा पुत्र को उत्पन्न न करें, वह प्रजा को उत्पन्न करने वाला, वही प्रजा राष्ट्रवाद का चिंतन करने वाली बनती है। मेरे प्यारे उन्होंने कहा कि तुम्हारी राष्ट्र में प्रजा होनी चाहिए और पालक उसका राजा होना चाहिए। जिससे राष्ट्र अपनी आभा में उन्नत हो जाए। देखो विचार आता रहता है। वशिष्ठ ने कहा है कि हे राम, राष्ट्रवाद वह कहलाता है जब राजा अपने नियमों में पूर्णतव को प्राप्त होता है। प्रातकाल जब अंतरिक्ष तारामंडल अपनी छटा में हो उस समय राजा को भ्रमण करना चाहिए। उसके पश्चात अपनी शारीरिक क्रियाओं से निवृत्त होकर, व्यायाम करें, योगासनों में अारुड हो इन क्रियाकलापों को करने के पश्चात राजा अपनी स्थली पर आता है। और वह चाहता है कि मेरे राष्ट्र में प्रत्येक प्राणी याज्ञिक बने और सुगंध का देने वाला हो। मेरे प्यारे देखो महात्मा ब्राह्मण कर्तम: देवात्मा:, हे राम ,बड़े प्रसन्न हुए उन्होंने कहा जब तक हम अपनी शारीरिक क्रियाओं को और जीवन को उन्नत नहीं कर सकते। विचारों में सुगंधी नहीं ला सकते। हम समाज को, राष्ट्र को ऊंचा नहीं बना सकते। उन्होंने कहा संभवत: प्रव्हे कृतम' जो वाणी में है वही क्रिया में है। जो क्रिया में है वही बॉणी में है। वही उसके हृदय में सदा बन करके रहती है। मेरे प्यारे, जब यह वाक्य उद्गीत रूप में गाया और यह कहा कि राजा में सबसे प्रथम नैतिकता होनी चाहिए। वैदिक विधाओं में उसे रमण करना चाहिए। जैसे देखो राष्ट्रवाद में नाना प्रकार की विधाओं का वर्णन आता रहता है। मेरी प्यारी माता में अपनी विद्या में पूर्ण हो कुछ संतान को जन्म देने वाली हो तो राष्ट्र उन्नत बनता है। मेरे प्यारे जब मैं त्रेता के काल में जाता हूं तो महात्मा दुर्वासा वेद के दृष्टा रहे हैं। वेद का दृष्टा वह होता है जो वेद के प्रत्येक मंत्र के गुणों को जानने वाला हो और उसको क्रिया मे लाने वाला हो। महात्मा दुर्वासा मुनि उसी प्रकार अपने में रत होते रहे हैं। मैं द्वापर में या दुर्वासा ऋषि के स्थान में नहीं जा रहा हूं। विचार केवल यह है कि वशिष्ठ की ही चर्चा कर रहा था। वशिष्ठ मुनि महाराज भी इस विद्या को जानते थे और इस विद्या को महाराज नल भी जानते थे। जिस विद्या को मृर्चीका रेणूकेतू भी जानते थे। वह विद्या कौन सी है। मेरे प्यारे देखो वेद मंत्रों का उदगीत गा रहा है और प्राण भी विद्या को जान रहा है। प्राण विद्या में आता है कि जब प्राण का अपन से मिलान किया जाता है। और उदान से सामान का और सामान को प्राण की प्रतिष्ठा में परिणत किया जाता है। तो हृदय में जो अग्नि का जो स्वरूप है वह अग्नि अपने में प्रचंड हो जाती है। और अग्नि प्राण रूप बनकर के दीपक राग के रूप में परिणत हो जाती है। गृह दीपावली बन जाता है। उसका राष्ट्र भी दीपावली बन जाता है। तो दीप मालिका बन करके एक माला बन जाती है। मेरे प्यारे मुझे स्मरण आता रहता है। इस विद्या को वशिष्ठ मुनि भी जानते थे। एक एक विद्या वह भी कहलाई जाती है माता के गर्भ स्थल में जब हम जैसे शिशु विद्यमान हो जाते हैं। तो माता यह चाहती है कि मेरा बालक पवित्र बन जाए। वह गुरुओं के समीप जाती है और कहती है। प्रभु मैं अपने गर्म से एक ब्रह्मावेता को जन्म देना चाहती हूं। एक तो वह पुत्र है, जो पुत्र है एक वह पुत्र है जो प्रजा है। और एक वह जो मुनि प्रवृत्ति वाले पुत्र को जन्म देने वाली है। जिसे हम ब्रह्मवेता कहते हैं। ब्रह्मनिष्ट कहते हैं।


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

यूनिवर्सल एक्सप्रेस


हिंदी दैनिक


प्राधिकृत प्रकाशन विवरण


October 19, 2019 RNI.No.UPHIN/2014/57254


1. अंक-76 (साल-01)
2. शनिवार,19 अक्टूबर 2019
3. शक-1941,अश्‍विन,कृष्णपक्ष, षष्ठी-तिथि, संवत 2076


4. सूर्योदय प्रातः 06:18,सूर्यास्त 06:00
5. न्‍यूनतम तापमान -20 डी.सै.,अधिकतम-30+ डी.सै., हवा की गति धीमी रहेगी।
6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा।
7. स्वामी, प्रकाशक, मुद्रक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित।


8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102


9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.,201102


https://universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
cont.935030275
 (सर्वाधिकार सुरक्षित)



गुरुवार, 17 अक्तूबर 2019

ड्रोन ने उड़ाये प्रशासन के 'तोते'

इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र के रिहायशी इलाके में बुधवार को ड्रोन गिरने से हड़कंप मच गया। दूरदर्शन के टॉवर के संपर्क में आने के कारण उसकी फ्रिक्वेंसी रुक गई और बैटरी में विस्फोट हो गया। ड्रोन में लगे कैमरे और बैटरी देख पुलिस सकते में आ गई। पुलिस ने आतंकी घटना समझ आतंक निरोधी दस्ता (एटीएस), साइबर, क्राइम ब्रांच व बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को जांच में लगा दिया। चार घंटे बाद स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी थाने पहुंचे और वास्तविकता बताई। घटना श्यामचरण शुक्ल नगर स्थित कब्रिस्तान की है। सुबह करीब 10.30 बजे बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। तभी एक ड्रोन उड़ता हुआ आया और बिजली के खंभे से टकराकर देवराम एकले के घर की छत पर गिर गया। आठ साल का तन्मय दौड़ता हुआ दादा राजेश वानखेड़े के पास पहुंचा और घटना बताई।
राजेश ने दोस्त राजेश बादशाह को बुलाया और कंट्रोल रूम कॉल किया। कुछ देर बाद पुलिस वहां पहुंच गई। रहवासियों ने ड्रोन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ड्रोन में लगा कैमरा, बैटरी, वायरिंग और उसकी तकनीकी देख अफसरों ने उसे डीआरपी में भेज दिया और जांच शुरू कर दी। करीब एक घंटा चली जांच के बाद एसपी ने कहा कि यह किसी छात्र द्वारा बनाया गया 'प्रोजेक्ट' लग रहा है। उसमें लगे कैमरे में ऑपरेटर की फोटो मिल गई है। अलग-अलग टीमें गठित कर ऑपरेटर की तलाश की जा रही है।
सिमी की साजिश समझ बैठी खुफिया एजेंसी:-
अफसरों ने कैमरे में देखा टूलेन-16 लिखा हुआ था। उन्हें लगा जहां ड्रोन मिला वहां आजाद नगर जैसा संवेदनशील क्षेत्र सटा हुआ है। सिमी की साजिश समझ टीमें आजाद नगर रवाना कर दीं। फुटेज से खुलासा हुआ कि दो लोग एक कार में ड्रोन लेकर आए थे। टीम फुटेज लेकर नेहरू स्टेडियम पहुंच गई। टीआई ने दो गेट से प्रवेश रोक दिया और उस स्थान पर छानबीन शुरू की जहां से ड्रोन ऑपरेट किया गया था। करीब तीन बजे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधिकारी थाने पहुंचे और कहा यह ड्रोन उनका है। उन्होंने एमनेक्स इन्फोटेक्नॉलोजी कंपनी को जीआईएस सर्वे का ठेका दिया था। ऑपरेटर रवि और अंगद नेहरू स्टेडियम से ड्रोन द्वारा सर्वे कर रहे थे। अचानक वह दूरदर्शन के टॉवर के संपर्क में आ गया और उसकी फ्रिक्वेंसी रुक गई। रिसिवर फेल हो गया और ड्रोन भटक गया। उसकी बैटरी फट गई और वह गिर पड़ा। घटना के बाद अफसर पीटीसी व रेसीडेंसी इलाके में ड्रोन ढूंढते रहे।
ऐसा है ड्रोन
5 फीट लंबाई है
5 लाख है कीमत
चिंगारी निकली और खंभे से टकराकर गिर पड़ा:-
प्रत्यक्षदर्शी तन्मय के मुताबिक मैं पतंग उड़ा रहा था। तभी ड्रोन उड़ता हुआ आया और उसमें से चिंगारी निकली। उसके एंटिना में ब्लास्ट हो गया। वह बिजली के खंबे से टकराकर एक घर की छत पर गिर गया। उसकी पंखुड़ी थर्माकोल की बनी हुई थी। उसमें लगी बैटरियां फट चुकी थीं।
अगस्त में ही ले ली थी अनुमति:-
इंदौर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट लि. के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर डीआर लोधी ने बताया कि एक कंपनी को शहर का जीआई सर्वे का काम सौंपा है। उसी कंपनी ने बुधवार सुबह ड्रोन उड़ाया था। कंपनी प्रतिनिधियों ने हमें सूचना दी तो पुलिस को बताया गया कि यह ड्रोन स्मार्ट सिटी कंपनी के काम में इस्तेमाल किया जा रहा था। स्मार्ट सिटी कंपनी की सीईओ अदिति गर्ग ने बताया कि कंपनी ने ड्रोन उड़ाने की अनुमति अगस्त में ही पुलिस से ले ली थी।


दुनिया की सबसे खूबसूरत 'लड़की'

एंटरटेनमेंट डेस्क। यूं तो खूबसूरती का कोई सटीक पैमाना नहीं होता, हर व्यक्ति के लिए यह अलग-अलग हो सकता है, लेकिन फिर भी विज्ञान ने इसका पैमाना तय किया है और इसके मुताबिक एक लड़की है जो दुनिया में सबसे खूबसूरत हैं। इस लड़की का नाम बेला हदीद है।'गोल्डेन रेशियो ऑफ ब्यूटी फी स्टैंडर्स' के अनुसार धरती की सबसे खूबसूरत महिला का निर्धारण करने वाले वैज्ञानिकों ने विक्टोरिया के सीक्रेट मॉडल के चेहरे का चयन किया है, जो इस पैमाने पर करीब-करीब सटीक बैठता है। गोल्डन रेशियो के मुताबिक बेली का चेहरा 94.35 प्रतिशत सही है।आज हम आपको बेला हदीद की उन तस्वीरों को दिखाने जा रहे हैं जिसकी बहुत चर्चा होती है। इसमें कोई शक नहीं कि बेला बला की खूबसूरत हैं और उनकी फोटोज देखने के बाद उनसे नजर ही नहीं हटती है।इंटरनेट पर आजकल बेला की फोटोज छाई हुई हैं। हर वेबसाइट पर इनकी खूबसूरती के चर्चे हैं। फेसबुक से लेकर ट्विटर तक लोग इनकी फोटोज शेयर कर रहे हैं।बेला 23 साल की हैं और दुनियाभर में उन्होंने अपनी फैन्स फॉलोइंग बनाई है। इंस्टाग्राम पर बेला को 26.03 मिलियन लोग फॉलो करते हैं।



आवास के लिए दर-दर भटकती महिला

शिवाकांत अवस्थी
रायबरेली। महराजगंज तहसील क्षेत्र के पूरे कछवाह मजरे नेरथुवा गांव में विगत 15 दिन पूर्व हुई रुक रुक कर भारी बारिश में कच्चा मकान गिर जाने से एक वृद्ध महिला आवास के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है जबकि, कच्चा मकान गिरने की सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल झब्बू राम ने जांच कर अपनी रिपोर्ट खंड विकास अधिकारी तहसील के अधिकारियों को सौंप दी है। लेकिन अभी तक पीड़ित महिला को आवास नहीं मिला। जिसके चलते पीड़ित महिला को आवास की दरकार है।
आपको बता दें कि, तहसील क्षेत्र के पूरे कछवाह मजरे नेरथुवा गांव निवासिनी अनुसुइया देवी पत्नी स्वर्गीय कन्हैया बक्स सिंह उम्र 65 वर्ष अपने पैत्रक गांव में कच्चे मकान में विगत कई वर्षों से रह रही थी। लेकिन इंद्र देवता के कहर से लगभग 15 दिन हुई रुक-रुक कर बारिश में अनुसुइया देवी का कच्चा मकान गिरकर खंडहर में तब्दील हो गया और अनसुइया देवी आवास विहीन हो गई। मकान गिरने की सूचना तत्काल प्रधान पति उमेश प्रताप सिंह ने तहसील प्रशासन को दी। मामले को संज्ञान में लेते हुए तहसील प्रशासन ने हल्का लेखपाल झब्बू राम को मौका मुआयना कर जांच रिपोर्ट देने की बात कही थी। उच्चाधिकारियों की बात को संज्ञान में लेते हुए हल्का लेखपाल छपु राम ने घटनास्थल पर पहुंच कर मौका मुआयना किया और अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन व खंड विकास अधिकारी को सौंप दी।


मोदी पर उछाला कागज और पूछा

नई दिल्ली। पीएम मोदी इन दिनों हरियाणा में दोबारा बीजेपी की सरकार बनाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। इसी क्रम में पीएम मोदी हरियाणा में चुनावी रैली में बोल रहे थे तभी अचानक से एक व्यक्ति ने पीएम मोदी की तरफ कुछ कागज फेंका और नारा लगाते हुए पूछा कि 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ। इसके बाद रैली में करीब पांच मिनट काफी हलचल हो गई और वहां पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने इस व्यक्ति को अपनी गिरफ्त में ले लिया।रैली में सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति को मीडिया ब्लॉक में घुसने नहीं दिया और वहां से उसे ले गए। हालांकि इस दौरान कुछ लोग वहां पर खड़े रहे हैं और जानने की कोशिशों में लगे रहे कि आखिर पूरा मामला क्या है।


बता दें कि प्रधानमंत्री ने अपना भाषण दे रहे थे तभी इस व्यक्ति ने चिल्लाते हुए कहा, 'कहां है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ? उधर पकड़े गए व्यक्ति का नाम अशोक कुमार बताया जा रहा है।


उधर इस व्यक्ति ने जो पत्र पीएम मोदी की तरफ फेंका था उसमें उसने लिखा है कि यमुनानगर में आठवीं कक्षा में पढऩे वाली एक छात्रा के साथ 26 अगस्त को उसके शिक्षक ने कथित तौर पर यौन उत्पीडऩ किया। इसके बाद पुलिस से इस मामले की शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। इतना ही नहीं कार्रवाई करने के बजाय छात्रा के माता-पिता पर ही प्राथमिकी दर्ज कर दी। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच की बात कह रही है।


शराब पीकर वाहन चलाने पर होगी जब्त

लखनऊ। पुलिस सिर्फ चालान काटने का लक्ष्य न बनाए। सबसे ज्यादा घातक शराब पीकर गाड़ी चलाना है। यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर वाहन चलाए तो उसके लाइसेंस के साथ वाहन भी जब्त कर लें। पुलिस का लक्ष्य होना चाहिए कि वाहन चालकों को जागरूक करें, जिससे प्रदेश में सड़क हादसों में हो रही मौतों को कम किया जा सके। ये मौतें तक कम होंगी जब शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की संख्या शून्य पर पहुंच जाय। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कही। वह सड़क सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर अपने सरकारी आवास पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बाइक रैली को हरी झंडी भी दिखाई।


उन्होंने कहा आमजन को जागरूक करने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। यह किसी एक विभाग के कार्यक्रम द्वारा चलाने से सफल नहीं हो सकता है। इसमें इससे जुड़े सभी विभागों का समन्वय होना चाहिए। इसके साथ ही आमजन की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम स्वयं की सुरक्षा के लिए यातायात के नियमों का पालन करें।


मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग से यातायात के नियमों को पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यदि पाठ्यक्रम में इसे शामिल किया जाएगा तो इससे बच्चे खुद जागरूक हो जाएंगे। इससे यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करने में काफी सहायता मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि परिवहन और पुलिस स्कूल-कॉलेजों में गोष्ठी कर बच्चों और अभिभावकों को यातायात के नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दें। स्वास्थ्य विभाग भी अपना दायित्व निभाए। किसी दुर्घटना के बाद रिस्पांस टाइम काफी कम हो, इससे हम जनहानि कम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन विस्तार से होना चाहिए, जिससे हर घर तक जागरूकता का दीप जल सके और जन हानियों में कमी आये। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि प्रति वर्ष ड्राइविंग लाइसेंस रिनीवल होना चाहिए। हम एक तरफ जागरूकता कार्यक्रम करें, वहीं जो लोग नियमों का पालन नहीं करते हैं उनके खिलाफ सख्ती भी दिखाएं।


40 लाख की अवैध शराब बरामद

श्रवण मिश्रा
थाना मिलएरिया और एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम द्वारा लगभग 40 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की गयी, एक व्यक्ति गिरफ्तार



रायबरेली। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस द्वारा अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर दिनांक 14-10-2019 को समय करीब 20:45 बजे थाना मिलएरिया जनपद रायबरेली और एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए रायबरेली सुल्तानपुर मार्ग आईटीआई रेलवे क्रॉसिंग के पास से ट्रक नंबर HR 55 E 3824 को रोककर तलाशी ली गयी तो ट्रक के अंदर धान की भूसी में छिपाकर रखे हुए 1160 पेटी अवैध शराब 180ml की 55680 बोतलों में कुल मात्रा लगभग 10,022 लीटर (बाजार मूल्य लगभग 40 लाख रुपये) बरामद हुये।
 
इस मामले में थाना मिलएरिया जनपद रायबरेली पर मु.अ.सं.511/19 धारा-60/61 आबकारी अधिनियम तथा धारा-420/467/468/470/471 भादवि वादी करुणेश कुमार पांडेय उ.नि. एसटीएफ बनाम 1- सुरेंदर सिंह पुत्र रामचंदर सिंह निवासी ग्राम लखन-मजरा रोहतक हरियाणा 2-वेदपाल सिंह पुत्र धान सिंह निवासी कलवान फसीदों जिंद हरियाणा पंजीकृत करते हुए एक अभियुक्त सुरेंदर सिंह पुत्र रामचंदर सिंह निवासी ग्राम लखन-मजरा रोहतक हरियाणा को गिरफ्तार करते हुए उपरोक्त ट्रक व अवैध शराब को सीज कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:- सुरेंदर सिंह पुत्र रामचंदर सिंह निवासी लखन मजरा रोहतक हरियाणा। बरामदगी:-1160 पेटी अवैध शराब मय ट्रक नंबर HR 55 E 3824. गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:- SHO राजकुमार पांडेय थाना मिलएरिया जनपद रायबरेली, का0 अनिल कुमार थाना मिलएरिया जनपद रायबरेली, का0 शादाब सिद्दीकी थाना मिलएरिया जनपद रायबरेली, का0 सूरज कुमार थाना मिलएरिया जनपद रायबरेली, उ.नि. करुणेश कुमार पांडेय एसटीएफ लखनऊ, का0 कुलदीप एसटीएफ लखनऊ, का0 मुकेश प्रजापति एसटीएफ लखनऊ, का0 राजेश पाल एसटीएफ लखनऊ, का0 दिलीप यादव एसटीएफ लखनऊ, चालक त्रिदेव मिश्र एसटीएफ लखनऊ।इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह रहे मौजूद।


जूतों की नोक से मारने वाला गिरफ्तार

बेंगलुरु। बेंलगुरू की एक निजी फर्म के मालिक को अपने कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया गया। इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। वायरल हो रहे वीडियो में फर्म का मालिक सलीम खान अपने कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। सलीम खान अपने नुकीले जूते से उसे बार-बार गार्ड के चेहरे पर मार रहा है। वहीं फर्श पर पड़ा हुआ गार्ड अपनी बेगुनाही की गुहार लगा रहा है।


वीडियो में सलीम खान गार्ड को मारते हुए कहता है, 'तुम्हे यह करने के लिए किसने कहा था?' इसके जवाब में मार खाता हुआ गार्ड सिसकते हुए कहता है, 'नहीं, सर. मैं जिंदगी में फिर कभी नहीं करुंगा।


इसके बाद सलीम खान गार्ड को उठाता है और उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा देता है। गार्ड चीखता हुआ नीचे गिर जाता है। इसी दौरान एक दूसरा व्यक्ति जो वीडियो में दिखाई नहीं देता सलीम खान को शांत रहने के लिए कहता है। एक दूसरे वीडियो में सलीम खान दूसरे गार्ड की गर्दन और चेहरे को दबाते हुए दिखाई देता। मार खाता हुआ गार्ड कहता है, 'मेरे को इतना मालूम नहीं है। सलीम खान गार्ड को मारने के लिए जैसे ही अपना पैर उठाता डर से कांपता हुआ गार्ड कहता है, 'मुझे मारो, लेकिन मैं कुछ नहीं जानता सर।


बता दें, सलीम खान की फर्म 'बैंगलोर सुरक्षा बल' शहर के HSR इलाके में स्थित है। गार्ड और सलीम खान सभी असम से हैं. वीडियो के वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामला दर्ज किया और सलीम खान को उसके चार साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उन गार्डों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जो मारपीट के बाद लापता हो गए थे। जांच के बारे में बताते हुए पुलिस उपायुक्त ईशा पंत ने कहा, 'इस वीडियो के आधार पर हमने बेंगलुरु के HSR पुलिस स्टेशन में धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मारपीट के कारण का अभी पता नहीं चला है।


पैदल मार्च कर पुलिस ने लिया जायजा

सीओ फुगाना के नेतृत्व में थानां तितावी प्रभारी डी के त्यागी ने क्षेत्र में किया पैदल गस्त


तस्लीम बेनकाब


मुजफ्फरनगर। उच्चअधिकारियों के निर्देशन में वह पुलिस क्षेत्राधिकारी फुगाना के नेतृत्व में थाना प्रभारी तितावी डी के त्यागी ने पुलिस फोर्स को साथ लेकर कस्बा बघरा व आस-पास के गांव में पैदल मार्च की किया,
इसके तहत शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा त्योहारों के मद्देनजर शांति का संदेश देना मुख्य आधार रहा है


 उल्लेखनीय है कि आगामी दिनों में कई त्योहार आने वाले हैं जिनके मद्देनजर पुलिस काफी सतर्कता बरत रही है तथा पुलिस पूरी तरह एक्टिव मोड पर है उसी के मद्देनजर आज थाना प्रभारी डी के त्यागी ने सी ओ फुगाना के नेतृत्व में शांति मार्च निकाला तथा पुलिस के साथ स्वंम पैदल गस्त की।


15 साल पुराने खूनी खेल का पर्दाफाश

तिरुअनंतपुरम। केरल में एक ही परिवार के कई लोगों की 17 साल की अवधि में हत्‍या (Murder) का मामला सामने आया था। अब मल्‍टीपल मर्डर केस (Multiple Murder Case) की मुख्‍य आरोपी (Main Accused) शिकायतकर्ता पर मामला वापस लेने का दबाव डाल रही है। हत्‍याकांड में पीड़ित रॉय थॉमस के भाई रोजो जोसेफ ने बताया कि रॉय की पूर्व पत्‍नी और मामले में मुख्‍य आरोपी जॉली जोसेफ शक के आधार पर उसके खिलाफ की गई शिकायत वापस लेने पर जोर दे रही है। हाल में जॉली और एमएस मैथ्‍यू को रॉय की हत्‍या करने के शक में गिरफ्तार कर लिया गया है।


मामले की जांच खत्‍म होने के थी करीब, जॉली ने रख दी शर्त
अमेरिका (US) से हाल में केरल (Kerala) लौटे रोजो ने जॉली के खिलाफ अवैध तरीके से उसके पिता की संपत्ति कब्‍जाने के लिए फर्जी दस्‍तावेजों (Forged Documents) का इस्‍तेमाल करने का सिविल केस (Civil Case) दर्ज कराया थाा। यह संपत्ति जॉली के ससुर (Father-in-Law) और रोजो के पिता टॉम थॉमस पुन्‍नमत्‍तम के नाम पर है। रोजो ने बताया कि जब मामले की जांच खत्‍म होने के करीब थी तब जॉली ने इसे सही मुकाम तक पहुंचाने के लिए एक शर्त रखी। उसने कहा कि बाकी शिकायतें वापस लेने पर ही वह मदद करेगी। मैं इस पर सहमत नहीं हुआ। मैं संपत्ति विवाद से जुड़े मामले (Property Dispute Case) को बिलकुल अलग मामले के तौर पर ले रहा हूं।


केरल पुलिस ने नौ घंटे तक रोजो जोसेफ का बयान दर्ज किया
रोजो ने कहा कि जब उन्‍हें कुछ अन्‍य लोगों की मौत को लेकर जॉली के विरोधाभासी बयानों (Contradictory Statements) पर संदेह हुआ तो उन्‍होंने एक अलग शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मंगलवार को करीब नौ घंटे तक रोजो का बयान (Statement) दर्ज किया। रोजो का बयान पूरा नहीं होने के कारण बुधवार को भी दर्ज किया जाएगाा। बयान दर्ज कराने के लिए रोजो अपनी बहन रेंजी थॉमस के साथ थाने पहुंचे थे। रोजो ने बताया कि हमने पुलिस को कोई नया दस्‍तावेज नहीं दिया है। मामले की जांच पहले से मौजूद तथ्‍यों पर की गई है। जांच के दौरान हमारे ज्‍यादातर संदेह यकीन में बदले हैं। हमने इतनी बड़ी साजिश की कल्‍पना नहीं की थी।


नौ साल के अंतराल में की गई माता-पिता और भाई की हत्‍या
रोजो ने कहा कि मामले की जांच सही दिशा में जा रही है। हत्‍याकांड में रोजो की मां अन्‍नम्‍मा का 2002 और पिता टॉम का 2008 में मर्डर किया गया थाा। इसके बाद 2011 में रोजो के भाई की हत्‍या कर दी गई थी। रोजो ने कहा कि मृतकों और उनके परिजनों को न्‍याय मिलना चाहिए। इनके अलावा रॉय और रोजो के चाचा मैथ्‍यु की फरवरी 2014, चचेरे भाई शाजू जकारिया की पत्‍नी सिली शाजू की जनवरी 2016 और उनकी दो साल की बेटी अल्‍पाइन शाजू की हत्‍या मई 2014 में की गई। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है। ये सभी हत्‍याएं 17 साल की अवधि में खाने में जहर मिलाकर (Poison-laden food) देकर की गईंं।


यूके: 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट घोषित किया

यूके: 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट घोषित किया  पंकज कपूर  रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड का रिजल...