अंतरराष्ट्रीय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अंतरराष्ट्रीय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2024

दो महिलाओं की चाकू मारकर हत्या, एक घायल

दो महिलाओं की चाकू मारकर हत्या, एक घायल 

अखिलेश पांडेय 
ओटावा। कनाडा में मॉन्ट्रियल के पश्चिम में एक अपार्टमेंट में दो महिलाओं की चाकू मारकर हत्या कर दी गई और तीसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। कडाना के सीबीसी न्यूज चैनल ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
रिपोर्ट के अनुसार, सुरेटे डु क्यूबेक (एसक्यू) ने घोषणा की कि वाउड्रेइल-डोरियन में एक सशस्त्र हमले में दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीसरी, 70 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हुयी है और उसे मॉन्ट्रियल में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस ने 44 वर्षीय एक व्यक्ति को घटनास्थल से पकड़ लिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि मामूली चोटों से पीड़ित संदिग्ध को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दिन में जांचकर्ताओं द्वारा उससे पूछताछ की जाएगी।

गुरुवार, 15 फ़रवरी 2024

करीब 20 मोबाइलों को रखते हैं गूगल के सीईओ

करीब 20 मोबाइलों को रखते हैं गूगल के सीईओ 

अखिलेश पांडेय 
नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। एक शख्स के लिए वैसे तो एक ही मोबाइल पर्याप्त होता है या फिर कुछ लोग दो से तीन रख लेते हैं। लेकिन एक से ज्यादा मोबाइल कैसे मैनेज करते होंगे, कहीं ना कही मुश्किल भी होता होगा।
क्या आपने कभी सोचा है कि टेक कंपनी गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई कितने मोबाइल रखते होंगे। आप को जानकर हैरानी होगी कि पिचाई करीब 20 मोबाइल को रखते हैं और सभी मोबाइल का इस्तेमाल भी करते हैं। पिचाई ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह 20 मोबाइल का उपयोग करते हैं। कहा कि 20 मोबाइल को रखना ये भी उनके काम का हिस्सा है। गूगल की तमाम सर्विस के टेस्ट के लिए उन्होंने इतने मोबाइल की जरूरत होती है।

पिचाई मोबाइल के नहीं बदलते पासवर्ड
इंटरव्यू में पिचाई ने यह भी बताया कि वह बार बार मोबाइल के पासवर्ड नहीं बदलते हैं। पिचाई का कहना है कि बार बार पासवर्ड को चेंज करने से याद करने में समस्या होती, मतलब भूलने के चांस बढ़ जाते हैं, इसलिए पासवर्ड में बदलाव नहीं करते।

मंगलवार, 13 फ़रवरी 2024

पीएम ने भारत-यूएई के बीच संबंधों की तारीफ की

पीएम ने भारत-यूएई के बीच संबंधों की तारीफ की

अखिलेश पांडेय 
आबूधाबी। आबू धाबी में आयोजित अहलान मोदी कार्यक्रम में 60 हज़ार भारतीय नागरिकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और यूएई के बीच संबंधों की जमकर तारीफ की। उन्होंने भारत यूएई संबंध जिंदाबाद के नारे भी लगवाए। प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई में बने पहले हिन्दू मंदिर के निर्माण से जुड़ा किस्सा सुनते हुए कहा कि यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से जब हिन्दू मंदिर बनाने की इच्छा जताई तो उन्होंने कहा था। आप जिस जमींन पर लकीर खींच देंगे। वही जमीन आपको दे दी जाएगी।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में शामिल हुए भारतीय समुदाय का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज की यादें जीवन भर मेरे साथ भी रहने वाली हैं। मैं आपके लिए भारत की मिट्टी की खुशबू लेकर आया हूं। इस कार्यक्रम का आयोजन अबू धाबी के जायद स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि आज में अपने परिवारजनों से मिलने के लिए यूएई आया हूं। पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम के लिए यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का आभार भी जताया।

2015 की यात्रा को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 की अपनी यूएई यात्रा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि तब मुझे केंद्र सरकार में आए ज्यादा समय नहीं हुआ था। डिप्लोमेसी की दुनिया भी मेरे लिए नई थी। तब एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने के लिए तब के क्राउन प्रिंस और आज के राष्ट्रपति अपने पांच भाईयों के साथ आए थे। उनकी गर्मजोशी उनकी आंखों में वो चमक मैं कभी नहीं भूल सकता। उस पहली मुलाकात में मुझे ऐसा लगा कि मैं किसी करीबी के घर आया हूं। वो भी एक परिवार की तरह मेरा सत्कार कर रहे थे। लेकिन, वो सत्कार सिर्फ मेरा नहीं था, वो स्वागत 140 करोड़ भारतीयों का था। वो सत्कार यूएई में रहने वाले प्रत्येक भारतीय का था।

हमने यूएई के राष्ट्रपति को भारत बुलाकर आभार जताया
पीएम मोदी ने कहा कि यह यूएई की मेरी सातवीं यात्रा है। भाई शेख मोहम्मद बिन जायद आज भी मुझे एयरपोर्ट पर रिसीव करने आए थे। उनकी गर्मजोशी वही थी, उनका अपनापन वही था। और यही बात हमें खास बना देती है। मुझे खुशी है कि हमें भी चार बार उनका स्वागत करने का अवसर मिला है। कुछ दिन पहले ही वो गुजरात आए थे। तब वहां लाखों लोग उनका आभार व्यक्त करने के लिए सड़क के दोनों तरफ जमा हो गए थे। आप जानते हैं कि आभार किस लिए? आभार इसलिए, क्योंकि वह यूएई में आप सभी का जिस तरह ध्यान रख रहे हैं, वो जिस तरह आपके हितों की चिंता करते हैं, वैसा कम ही देखने को मिलता है। इस कारण उनका धन्यवाद व्यक्त करने लिए उत्साह में लोग अपने घरों से निकल आए।

यूएई निवासी भारतीयों की तारीफ
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूएई ने मुझे अपने सर्वोच्च सम्मान ऑर्डर ऑफ जायद से सम्मानित किया है। यह सभी भारतीयों का सम्मान है। मैं जब भी अपने भाई शेख मोहम्मद बिन जायद से मिलता हूं तो वो आप सब की बहुत तारीफ करते हैं। वह यूएई के विकास में आपकी भूमिका की प्रशंसा करते हैं। इस जायद स्टेडियम में भी आपके पसीने की महक आ रही है। उन्होंने अपने दिल में भारतीयों को जगह दी है। समय के साथ यह रिश्ता दिनोंदिन और मजबूत होता जा रहा है। इसमें भी शेख मोहम्मद बिन जायद की भूमिका है।

सीबीएसई ऑफिस खोलेंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की, कि अबुधाबी में जल्दी ही सीबीएसई का कार्यालय खोला जायेगा जिससे यहाँ रहने वाले भारतीय छात्रों को बड़ी सुविधा हो सकेगी।

मंगलवार, 6 फ़रवरी 2024

ईरान ने वीज़ा-मुक्त प्रवेश की घोषणा की

ईरान ने वीज़ा-मुक्त प्रवेश की घोषणा की

अखिलेश पांडेय 
नई दिल्ली/तेहरान। ईरान ने 4 फरवरी से भारतीयों के लिए वीज़ा-मुक्त प्रवेश की घोषणा की, लेकिन रखी ये शर्त ईरान ने मंगलवार को घोषणा की कि देश में आने वाले भारतीय पर्यटकों को 4 फरवरी से कुछ शर्तों के अधीन वीजा की आवश्यकता नहीं होगी। घोषणा के अनुसार, भारत के नागरिकों के लिए वीज़ा 4 फरवरी 2024 से निम्नलिखित शर्तों के अधीन समाप्त कर दिया जाएगा। साधारण पासपोर्ट रखने वाले व्यक्तियों को हर छह महीने में एक बार बिना वीज़ा के देश में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी, जिसमें अधिकतम 15 दिन का प्रवास होगा। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि 15 दिन की अवधि को बढ़ाया नहीं जा सकता है।

2. वीज़ा समाप्ति केवल पर्यटन उद्देश्यों के लिए इस्लामी गणतंत्र ईरान के क्षेत्र में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों पर लागू होती है।

3. यदि भारतीय नागरिक लंबी अवधि के लिए रहना चाहते हैं या छह महीने की अवधि के भीतर कई प्रविष्टियां करना चाहते हैं या अन्य प्रकार के वीजा की आवश्यकता है, तो उन्हें भारत में इस्लामी गणतंत्र ईरान के संबंधित प्रतिनिधित्व के माध्यम से आवश्यक वीजा प्राप्त करना होगा।

4. इस अनुमोदन में उल्लिखित वीज़ा उन्मूलन विशेष रूप से उन भारतीय नागरिकों पर लागू होता है जो हवाई सीमा के माध्यम से देश में प्रवेश करते हैं।

सोमवार, 5 फ़रवरी 2024

तुर्की ने वाईपीजी के 11 सदस्यों को मार गिराया

तुर्की ने वाईपीजी के 11 सदस्यों को मार गिराया

अखिलेश पांडेय 
अंकारा। उत्तरी सीरिया में सीरियाई कुर्द पीपुल्स प्रोटेक्शन यूनिट्स (वाईपीजी) के 11 सदस्यों को तुर्की सुरक्षा बलों ने मार गिराया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार मंत्रालय ने बताया कि उत्तरी सीरिया में ‘ऑपरेशन ओलिव ब्रांच’ और ‘ऑपरेशन यूफ्रेट्स शील्ड’ जोन में तुर्की सैनिकों पर हमले की साजिश रचते समय वाईपीजी सदस्यों को निशाना बनाया गया था। मंत्रालय ने कहा, “हम आतंकवादी हमलों का जवाब देना जारी रखेंगे।” तुर्की के अधिकारी अक्सर अपने बयानों में “निष्प्रभावी” शब्द का उपयोग करते हैं।
जिससे यह साफ हो सके कि “आतंकवादियों” ने या तो आत्मसमर्पण कर दिया है या वह मारे गए। तुर्की सेना ने पड़ोसी देश के साथ सीमा पर वाईपीजी मुुुक्त क्षेत्र बनाने के लिए 2016 में ऑपरेशन ‘यूफ्रेट्स शील्ड’, 2018 में ऑपरेशन ‘ओलिव ब्रांच’, 2019 में ऑपरेशन ‘पीस स्प्रिंग’ और 2020 में उत्तरी सीरिया में ‘ऑपरेशन स्प्रिंग शील्ड’ लॉन्च किया। तुर्की वाईपीजी समूह को प्रतिबंधित कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) की सीरियाई शाखा के रूप में देखता है। तुर्की, अमेरिका और यूरोपीय संघ द्वारा आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध पीकेके ने तीन दशकों से अधिक समय से तुर्की सरकार के खिलाफ विद्रोह किया है।

रविवार, 4 फ़रवरी 2024

नामीबिया के राष्ट्रपति गिंगोब का निधन हुआ

नामीबिया के राष्ट्रपति गिंगोब का निधन हुआ 

अखिलेश पांडेय 
विंडहोक। रविवार सुबह राष्ट्रपति हेज गिंगोब का निधन हो गया। उन्होंने 82 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि हेज गिंगोब लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती थे। यहां उनका लंबे समय से उपचार चल रहा था और आज सुबह निधन हो गया।
नामीबिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति नांगोलो एमबुम्बा ने गिंगोब के निधन पर शोक जताया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि गींगोब की रविवार को राजधानी विंडहोक के लेडी पोहाम्बा अस्पताल में मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि नामीबियाई राष्ट्र ने लोगों के एक प्रतिष्ठित सेवक, मुक्ति संघर्ष के प्रतीक, हमारे संविधान के मुख्य वास्तुकार और नामीबियाई घराने के स्तंभ को खो दिया है। इसके साथ ही कार्यवाहक राष्ट्रपति ने गिंगोब के परिवार के प्रति अपनी संवेदना भा जाहिर की।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति हेज गिंगोब ने पिछले महीने ही जनता को इस बात की जानकारी दी थी कि वो कैंसर से पीड़ित हैं और उनका उपचार चल रहा है। हालांकि गंभीर बीमारी के बाद उन्होंने अपना काम जारी रखा। लेकिन हालत बिगड़ने के बाद वो इलाज के लिए अमेरिका चले गए और 2 फरवरी को लौटने वाले थे। लेकिन उनके लौटने से पहले ही निधन की खबर आ गई।
आपको बता दें कि हेज गिंगोब ने 12 साल तक बतौर प्रधानमंत्री नामीबिया में काम किया। इसके बाद 2014 में वो नामीबिया के तीसरे राष्ट्रपति बने। पिछले कई सालों से गिंगोब स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का साना कर रहे थे। साल 2013 में उनके दिमाग की सर्जरी हुई थी। इसके बाद उन्होंने प्रोस्टेट कैंसर होने की जानकारी दी थी हालांकि वो ठीक हो गए थे। पिछले साल 2023 में गिंगोब ने बताया था कि दक्षिण अफ्रीका में उनकी ओर्टिक सर्जरी हुई है।

सोमवार, 29 जनवरी 2024

एक बार फिर रूस के 'राष्ट्रपति' बनेंगे पुतिन

एक बार फिर रूस के 'राष्ट्रपति' बनेंगे पुतिन 

अखिलेश पांडेय 
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक बार फिर रूस के राष्ट्रपति बन सकते हैं। वे इस ओर एक कदम और बढ़ा चुके हैं। दरअसल, चुनाव आयोग ने पुतिन का नाम उम्मीदवार के रूप में पंजीकृत कर लिया है। राष्ट्रपति पद का चुनाव इसी साल मार्च में होने वाला है। इसे लेकर आयोग ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का नाम उम्मीदवार के रूप में सोमवार को औपचारिक रूप से पंजीकृत किया। आगामी चुनाव के बाद पुतिन का और साल के लिए सत्ता में आना तय माना जा रहा है। पुतिन इस समय 71 साल के हैं और वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन रूस की राजनीतिक व्यवस्था पर उनका पूरा नियंत्रण है। इसे उन्होंने 24 साल की अपनी सत्ता में स्थापित किया है। पुतिन को चुनौती दे सकने वाले उनके प्रमुख आलोचक या तो जेल में हैं या विदेश में रह रहे हैं। देश में स्वतंत्र मीडिया पर मुख्य रूप से प्रतिबंध है।
ऐसे में 15 मार्च से 17 मार्च के बीच होने वाले चुनाव में पुतिन की जीत निश्चित लग रही है। पुतिन ने 2012 में ‘यूनाइटेड रशिया‘ पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन 2018 में वे निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे थे। पुतिन की लोकप्रियता की रेटिंग लगभग 80 प्रतिशत है और वह ‘यूनाइटेड रशिया‘ की तुलना में कहीं अधिक लोकप्रिय हैं। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने रूस के सभी 89 क्षेत्रों से पुतिन के अभियान द्वारा एकत्र किए गए 3,15,000 हस्ताक्षरों की समीक्षा के बाद राष्ट्रपति को उम्मीदवार के तौर पर औपचारिक मान्यता दे दी। रूसी चुनाव कानून के अनुसार कम से कम 3,00,000 हस्ताक्षर के बाद ही स्वतंत्र उम्मीदवारों का नाम मतपत्र पर आ सकता है। आयोग ने उन तीन अन्य उम्मीदवारों को पहले ही मंजूरी दे दी है, जिन्हें संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले दलों ने नामित किया है और उन्हें हस्ताक्षर एकत्र करने की आवश्यकता नहीं थी।

शनिवार, 20 जनवरी 2024

मस्क ने 'एक्स' में नया फीचर अपडेट किया

मस्क ने 'एक्स' में नया फीचर अपडेट किया

अखिलेश पांडेय 
वाशिंगटन डीसी। अगर आप एक्स इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए ये खबर खास हो सकती है। लंबे समय के बाद एलन मस्क ने एक्स में नया फीचर अपडेट किया है। जिसकी मदद से आप ऑडियो और वीडियो कॉलिंग कर सकते हैं। अब तक आप व्हाट्सएप और अन्य ऐप से वीडियो या ऑडियो कॉल करते थे, लेकिन अब यह फीचर आपको एक्स में भी देखने को मिलेगा।
एक्स ने फिलहाल में ही इस फीचर के लिए ट्रायल किया। कुछ यूजर्स को एक्स पर वीडियो और ऑडियो का फीर्चर मिल भी गया है। अन्य यूजर्स के लिए जल्दी ये फीचर मिल जाएगा, उसके लिए आपको ऐप अपडेट करना होगा।

ऐसे कर पाएंगे वीडियो कॉल/ऑडियो कॉल

इस फीचर का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले आपको एक्स प्रीमियम लेना होगा। तभी आप इस फीचर का लाभ उठा पाएंगा। इसके बाद सेटिंग में प्राइवेसी और सेफ्टी में जाकर डायरेक्ट मैसेजिंग फीचर को ऑन करें। कॉलिंग के तीन ऑप्शन मिलेंगे कि कौन आपको कॉल कर सकता है और कौन नहीं। इसके लिए तीन ऑप्शन कॉन्टेक्ट लिस्ट, फॉलोअर्स और वेरिफाइड मिलेंगे।

शुक्रवार, 19 जनवरी 2024

'जय श्री राम' के मंत्रोच्चार में डूबी ब्रिटेन की संसद

'जय श्री राम' के मंत्रोच्चार में डूबी ब्रिटेन की संसद 

अखिलेश पांडेय 
लंदन। ब्रिटेन में इतिहास रचा गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे देखकर कट्टरपंथियों के होश उड़ गए हैं। उन्‍हें इसपर भरोसा नहीं हो रहा है।
इतिहास में पहली बार ब्रिटेन की संसद जय श्री राम के मंत्रोच्चार में डूबी। ब्रिटेन की संसद में पूरी कार्यवाही शंख ध्वनि से शुरू हुई। ब्रिटेन की संसद में भी राम मंत्र का जाप किया गया।
बतातें चलें कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक भारतीय मूल के हैं। वे सनातन परिवार से हैं। वे कहते हैं कि उन्‍हें अपने हिन्‍दू होने पर गर्व है। पूजा करते और उनका मंदिर जाते तस्‍वीरें अक्‍सर वायरल होते रहता है।
जानकारी हो कि अयोध्या के राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति स्थापित की गई है। मंदिर की प्राण प्रतिष्‍ठा 22 जनवरी, 2024 को होनी है। इसे लेकर देश-विदेश में उत्‍साह है।

सोमवार, 15 जनवरी 2024

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की

इकबाल अंसारी 
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि अभी राष्ट्रपति पुतिन से बात हुई। इस दौरान दोनों देशों की विशेष रणनीतिक साझेदारी को लेकर चर्चा हुई। साथ ही भविष्य को लेकर रोडमैप तैयार करने पर सहमति बनी. पीएम मोदी ने कहा कि हमारे बीच विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की गई, जिसमें रूस को मिली ब्रिक्स की अध्यक्षता भी शामिल है।
इससे पहले विदेश मंत्री जयशंकर पांच दिनों की रूस यात्रा पर गए थे। उन्होंने इस दौरान पुतिन से भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत आने का न्योता दिया था। इस मुलाकात के दौरान पुतिन ने जयशंकर से कहा था कि हम हमारे अजीज दोस्त प्रधानमंत्री मोदी से मिलना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि वो जल्दी ही रूस आएं। प्लीज उन्हें बताएं कि हम उन्हें यहां आमंत्रित करना चाहते हैं। 
मैं जानता हूं कि अगला साल चुनावों के लिहाज से भारत के लिए बहुत व्यस्त रहने वाला है। अगले साल भारत में आम चुनाव हैं। हम चाहते हैं कि चुनाव में हमारे दोस्त की जीत हो।
रूस के साथ भारत की नजदीकियां उस समय से ही मजबूत हैं, जब वो सोवियत संघ हुआ करता था। भारत की आजादी से पहले भी नेहरू की वैचारिक नजदीकी सोवियत संघ के साथ ही थी। आजादी के बाद भारत और सोवियत संघ की दोस्ती और मजबूत हो गई। लेकिन ये दोस्ती तब और मजबूत हुई, जब 1971 में भारत और पाकिस्तान की जंग हुई। जंग की इस घड़ी में सोवियत संघ ही था, जिसने भारत का साथ दिया। उस समय अमेरिका ने तो पाकिस्तान का ही साथ दिया। 1971 की जंग से कुछ महीने पहले भारत और सोवियत संघ के बीच एक अहम समझौता हुआ था। इसमें सोवियत संघ ने भरोसा दिलाया कि युद्ध की स्थिति में वो न सिर्फ राजनयिक तौर पर बल्कि, हथियारों के मोर्चे पर भी भारत का साथ देगा। इतना ही नहीं, 1999 में भारत ने जब परमाणु परीक्षण किया तो अमेरिका ने इसका विरोध किया। अमेरिका ने भारत पर कई तरह के प्रतिबंध भी लगा दिए। लेकिन रूस ने ऐसा कुछ नहीं किया।

शुक्रवार, 12 जनवरी 2024

मशहूर पॉर्न स्टार फील्ड्स की 24 की आयु में मौत

मशहूर पॉर्न स्टार फील्ड्स की 24 की आयु में मौत

अखिलेश पांडेय 
लीमा। पेरू की मशहूर पॉर्न स्टार थैना फील्ड्स की मौत हो गई है। उसने महज एक महीना पहले पॉर्न फिल्म इंडस्ट्री में उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। वह इस सप्ताह अपने घर पर मृत पाई गईं। फील्ड्स पेरू के प्रसिद्ध सितारों में से एक थी। उनकी उम्र महज 24 साल थी। उनके एक साथी, जो कि पॉर्न फिल्मों के निर्माता हैं, ने उनकी मौत की पुष्टि की है। फील्ड्स के करीबी दोस्तों में से एक एलेजांद्रा स्वीट ने कहा कि मैं इस खबर से काफी दुखी हूं। मेरे पास इसकी और अधिक जानकारी नहीं है।
स्वीट ने इंस्टाग्राम पर अपने फॉलोअर्स के साथ एक मैसेज भी शेयर किया है। उन्होंने फील्ड्स को सकारात्मक तरीके से याद करने का आग्रह किया है। फील्ड्स की मौत पर मिल्की पेरू ने भी शोक व्यक्त किया है। कंपनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, “हमें इस खबर पर भरोसा नहीं हो रहा है। हम आपके बिना नहीं रह सकते हैं। हम आपको एक बार और देखना चाहते हैं।” कंपनी ने लिखा, “हमें उम्मीद है कि कोई हमें इस बुरे सपने से जगाएगा। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। हमें अपने जीवन का हिस्सा बनने की अनुमति देने के लिए धन्यवाद।”
आपको बता दें कि फील्ड्स ने करीब एक महीना पहले आरोप लगाया था कि उन्हें इस इंडस्ट्री में यौन उत्पीड़न का सामाना करना पड़ता है। उन्होंने सार्वजनिक रूप से इसका खुलासा किया था।

गुरुवार, 11 जनवरी 2024

सबसे ताकतवर पासपोर्ट वाले देशों की सूची जारी

सबसे ताकतवर पासपोर्ट वाले देशों की सूची जारी 

अकांशु उपाध्याय/अखिलेश पांडेय 
नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट वाले देशों की ताजा सूची जारी हो चुकी है। इस सूची में भारत 80वें स्थान पर है। वहीं, शीर्ष पायदान पर एक नहीं बल्कि 6 देश काबिज हैं। ये देश 194 स्थानों पर अपने नागरिकों को वीजा फ्री एंट्री की ताकत रखते हैं। खास बात है कि लिस्ट में भारत का पड़ोसी पाकिस्तान शीर्ष 100 देशों में भी शामिल नहीं है।
लिस्ट में भारत को 80वें स्थान पर रखा गया है। नागरिक 62 देशों में बगैर वीजा के यात्रा कर सकते हैं। साल 2023 में भारत इस लिस्ट में 83वें स्थान पर था। लिस्ट में भारत के साथ 80वें स्थान पर उज्बेकिस्तान का नाम भी शामिल है। भारत के एक और पड़ोसी चीन को 62वीं रैंकिंग मिली है और उसके साथ पपुआ न्यू गिनी भी इसी पायदान पर है। 104 देशों की सूची में अंतिम स्थान पर अफगानिस्तान है।
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की 2024 की रैंकिंग के अनुसार, पहले पायदान पर फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, सिंगापुर और स्पेन हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर फिनलैंड, दक्षिण कोरिया और स्वीडन हैं। इन तीन देशों के पासपोर्टधारकों को 193 स्थानों पर वीजा फ्री एंट्री मिलती है। तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, आयरलैंड और नीदरलैंड्स हैं।
चौथा स्थान पांच देश मिलकर साझा कर रहे हैं। इनमें बेल्जियम, लक्समबर्ग, नॉर्वे, पुर्तगाल और ब्रिटेन का नाम शामिल है। जबकि, पांचवे स्थान में ग्रीस, माल्टा और  स्विट्जरलैंड हैं।

केबिन का दरवाजा खोलकर नीचे कूदा शख्स

केबिन का दरवाजा खोलकर नीचे कूदा शख्स 

अखिलेश पांडेय 
ओटावा। एयर कनाडा की उड़ान भरने के दौरान एक अजीब मामला सामने आया है। जब यात्रियों से भरी फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी। तब फ्लाइट के टेक ऑफ करने से पहले ही एक यात्री अचानक केबिन का दरवाजा खोलकर नीचे कूद गया। यात्री के कूदने की इस घटना से विमान में हड़कंप मच गया है। वह यात्री केबिन का दरवाजा खोलकर करीब 20 फीट की हाइट से कूदा। इस हादसे में उसे हल्की चोटें आई हैं।
एयर कनाडा की उड़ान के दौरान विमान से यात्री कूदने का यह मामला 8 जनवरी का है, जब यात्री टोरंटो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान में चढ़ा। लेकिन बाद में अपनी सीट पर बैठने की बजाय केबिन का दरवाजा खोलकर उसमें से बाहर कूद गया। हादसे के बाद क्षेत्रीय पुलिस और आपातकाल सेवाओं को घटनास्थल पर बुलाया गया। एयर कनाडा वेबसाइट के अनुसार, इस घटना के कारण बोइंग 747 के उड़ान भरने में छह घंटे की देरी हुई।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, ‘इस मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। उनकी चोट कितनी गहरी है, इसके बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।’ फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यात्री की इस हरकत के कारण उसे गिरफ्तार किया जाएगा या नहीं।
इस हादसे के कुछ दिन पहले ही एक एयर कनाडा की फ्लाइट में 16 वर्षीय यात्री ने एक परिवार पर हमला किया था। इस घटना के कारण अन्य यात्रियों को 3 घंटे तक इंतजार करना पड़ा था। रॉयल कैनेडियन पुलिस ने बताया कि जब विमान टोरंटो से कैलगरी जा रही थी, तब यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 16 वर्षीय यात्री को अन्य यात्रियों और स्टाफ ने रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि इस हमले में परिवार के सदस्यों को चोटें भी आई थी

मंगलवार, 9 जनवरी 2024

ईरानी ने मुस्लिम पवित्र शहर मदीना का दौरा किया

ईरानी ने मुस्लिम पवित्र शहर मदीना का दौरा किया

सुनील श्रीवास्तव 
नई दिल्ली/रियाद। सऊदी अरब के मदीना शहर में एक अलग ही तरह का इतिहास बन गया। यहां भारत की मंत्री स्मृति ईरानी ने मुस्लिम पवित्र शहर मदीना का दौरा किया है। ऐसा पहली बार है, जब मदीना शहर में कोई गैर मुस्लिम भारतीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा है। अपने इस्‍लामिक कानूनों के लिए चर्चित सऊदी अरब में स्मृति ईरानी के पहुंचने को ऐतिहासिक माना जा रहा है। स्मृति ईरानी अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री हैं, उन्होंने प्रतितिधिमंडल के साथ मदीना शहर का दौरा किया और वहां यात्रियों के लिए की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इसे भारत की कूटनीति का अहम कदम माना जा रहा है।
एक आधिकारिक प्रवक्‍ता ने अपने बयान में कहा कि यह अपने आप में बहुत उल्‍लेखनीय और अप्रत्‍याशित घटनाक्रम था। मदीना में यह पहला गैर मुस्लिम प्रतिधिमंडल था जिसका इस पवित्र शहर में स्‍वागत किया गया। उन्‍होंने कहा कि यह भारत और सऊदी अरब के बीच बेहतरीन संबंधों को दर्शाता है। दरअसल, सऊदी अरब के प्रिंस ने मदीना शहर को गैर मुस्लिमों के लिए भी साल 2021 में खोला था।
दौरे के बाद स्मृति ईरानी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि ‘मैंने आज मदीना की ऐतिहासिक यात्रा की। इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों में से एक में पैगंबर की मस्जिद अल मस्जिद अल नबवी, उहुद के पहाड़ और पहली इस्लामी मस्जिद कुबा की यात्रा शामिल है।’ उन्‍होंने कहा कि ‘इस दौरान इस्लाम को करीब से जानने का अवसर मिला।’ स्मृति के साथ विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन भी शामिल थे।
इससे पहले मंत्री स्मृति ईरानी ने सऊदी अरब के साथ इस साल हज यात्रा को लेकर द्विपक्षीय समझौता किया। इसके तहत अब भारतीय हज यात्रियों का कुल कोटा 1,75,025 तक पहुंच गया है। इसके अलावा स्‍मृति इरानी ने उमरा के लिए सऊदी अरब गए भारतीय लोगों के साथ मुलाकात की।
भारतीय मंत्री ने हजारों की तादाद में आने वाले भारतीय हज यात्रियों के लिए अच्‍छी सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता जताई। इसके अलावा स्‍मृति इरानी अल बलाद जेद्दा गईं, जो यूनेस्‍को की विश्‍व विरासत सूची में शामिल है। सऊदी अरब ने मदीना में गैर मुस्लिम दल को जाने की अनुमति देकर अभूतपूर्व रवैया अपनाया।
मुस्लिम धर्म को मानने वाले करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र के रूप में दो सबसे पवित्र शहरों में मदीना शहर एक है। मदीना शहर सऊदी अरब के हेजाज इलाके में शामिल है। मदीना वह शहर है जहां पर पैगंबर मोहम्‍मद प्रवास किए थे। यही से इस्‍लामिक कैलेंडर की शुरुआत मानी जाती है। स्‍मृति ईरानी अल मस्जिद अल नबवी के बाहरी दीवारों के पास तक गईं। इसके बाद वह उहूद पर्वत को भी देखने गईं। उन्‍होंने कूबा मस्जिद को भी देखा।

34 वर्षीय अटाल को नया पीएम नियुक्त किया

34 वर्षीय अटाल को नया पीएम नियुक्त किया

अखिलेश पांडेय 
पेरिस। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने 34 वर्षीय शिक्षा मंत्री गेब्रियल अटाल को अपना नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। वह फ्रांस के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे और खुले तौर पर समलैंगिक होने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।
कई दिनों तक पर्दे के पीछे की गहन चर्चा के बाद फ्रांस की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली महिला प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न ने सोमवार शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद मैक्रॉ के राष्ट्रपति पद के अंतिम तीन वर्षों को फिर से शुरू करने के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित कैबिनेट फेरबदल हुआ।
शिक्षा मंत्री अटाल जल्द ही 62 वर्षीय बोर्न के उत्तराधिकारी के रूप में उभरे, मैक्रॉन ने आज आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की। अब ‘मिनी-मैक्रॉन’ अटाल महज़ 34 साल की उम्र में फ्रांस के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बन गए हैं, और खुले तौर पर समलैंगिक होने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। अटल यूरोपीय संसद के 38 वर्षीय सदस्य स्टीफन सेजॉर्न के साथ एक नागरिक संघ में हैं।
नए फ्रांसिसी प्रधानमंत्री मैक्रॉ के करीबी सहयोगी हैं, जो कोविड ​​​​महामारी के दौरान सरकार के प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद एक घरेलू नाम बन गए। अटाल को सोशल मीडिया प्लेटफार्म X में संबोधित करते हुए मैक्रॉ ने आज लिखा कि मुझे पता है कि मैं राष्ट्र और फ्रांसीसी लोगों की सेवा में मेरे द्वारा घोषित पुनरुद्धार और पुनर्जनन परियोजना को लागू करने के लिए आपकी ऊर्जा और आपकी प्रतिबद्धता पर भरोसा कर सकता हूं।

बुधवार, 3 जनवरी 2024

करमान शहर में दो विस्फोट, 103 लोगों की मौत

करमान शहर में दो विस्फोट, 103 लोगों की मौत

सुनील श्रीवास्तव 
तेहरान। करमान शहर में बुधवार को हुए दो धमाकों में कम से 103 लोगों की मौत हो गई। जबकि 141 अन्य घायल हुए हैं। ईरान की सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। 
मीडिया ने बताया कि 2020 में ड्रोन हमले में मारे गए जनरल कासिम सुलेमानी की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में ये धमाके हुए।
एएफपी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया, “साहेब अल-ज़मान मस्जिद के पास एक बड़ा विस्फोट सुना गया” जहां ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के विदेशी अभियानों के प्रमुख सुलेमानी को दक्षिणी ईरान के करमान शहर में दफनाया गया है। कुछ देर बाद साहेब अल-ज़मान मस्जिद के पास एक दूसरा विस्फोट सुना गया।”

मंगलवार, 2 जनवरी 2024

तटरक्षक विमान की टक्कर, 5 लोगों की मौत

तटरक्षक विमान की टक्कर, 5 लोगों की मौत 

अखिलेश पांडेय 
टोक्यो। नए साल पर भीषण भूकंप के बाद अब एयरलाइंस के एक विमान के साथ एक तटरक्षक विमान की टक्कर हो गई। इस जोरदार टक्कर के बाद टोक्यो के हानेडा हवाई अड्डे के रनवे पर आग लग गई। बताया जा रहा है कि ये हादसा जापान में हुआ है। तटरक्षक विमान में 6 लोग सवार थे। जिनमें से एक शख्स बचकर भाग निकला। लेकिन 5 लोगों की मौत हो गई है। निप्पॉन टीवी ने इसकी जानकारी दी है।
मिली जानकारी के अनुसार रनवे पर उतरते वक्त जापान के टोक्यो में स्थित हनेडा एयरपोर्ट में मंगलवार को जापान एयरलाइंस के जेट की तटरक्षक विमान के साथ टक्कर हो गई। इसके बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लागू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में 379 यात्री सवार थे। वहीं, तटरक्षक विमान में 6 लोग सवार थे, जिनमें से एक भागने में कामयाब रहा, लेकिन पांच लोगों की मौत हो गई है।हादसे के तुरंत बाद फ्लाइट की वीडियो और तस्वीरें सामने आ गई, जिसको देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितना बड़ा हादसा टला है।

सोमवार, 1 जनवरी 2024

जापान में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया, झटके

जापान में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया, झटके

अखिलेश पांडेय 
टोक्यो। नए साल पर जापान से एक चिंता करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां 7.5 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद कई झटके महसूस किए गए। 
इससे देश के पश्चिमी तट के एक बड़े हिस्से में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, यह भी जानकारी सामने आई है कि इशिकावा प्रांत के वाजिमा शहर में 1.2 मीटर की सुनामी की लहर टकरा गई है। फिलहाल, किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन अधिकारियों को तत्काल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं।इस बीच, जापान ने इशिकावा, निगाता और तोयामा, नागानो प्रान्तों के लिए एक और भूकंप की चेतावनी जारी की है। वहीं, सोशल मीडिया पर तोयामा शहर में आई सुनामी का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि यह वीडियो अभी की है या पहले कभी की।

- Advertisement -

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, इशिकावा प्रांत के वाजिमा बंदरगाह पर 1.2 मीटर की ऊंचाई तक ऊंची लहरें देखी गईं।
एक रिपोर्ट के अनुसार, सुनामी की चेतावनी के बाद लोगों से इशिकावा, निगाता, तोयामा और यामागाता प्रान्तों के तटीय क्षेत्रों को जल्द से जल्द छोड़ने का आग्रह किया गया है। कहा जा रहा है कि पांच मीटर (16 फीट) ऊंची लहरें उठ सकती हैं। कोस्टल एरिया में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है।
हवाई स्थित प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा है कि जापान तट पर भूकंप के केंद्र के 300 किलोमीटर के दायरे में खतरनाक सुनामी लहरें उठने की आशंका है। बता दें, भूकंप के झटके टोक्यो और पूरे कांटो इलाके में महसूस किए गए हैं।

इतनी बार महसूस किए गए झटके
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने कहा कि जापान के मुख्य द्वीप होन्शू के जापान सागर की ओर नोटो क्षेत्र में स्थानीय समयानुसार शाम चार बजकर छह मिनट पर 5.7 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद शाम चार बजकर 10 मिनट पर 7.6 तीव्रता का भूकंप, चार बजकर 18 मिनट पर 6.1 तीव्रता का भूकंप, चार बजकर 23 मिनट पर 4.5 तीव्रता का भूकंप, चार बजकर 29 मिनट पर 4.6 तीव्रता का भूकंप और चार बजकर 32 मिनट पर 4.8 तीव्रता का भूकंप आया।अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने बताया कि इसके तुरंत बाद 6.2 तीव्रता का एक और भूकंप आया।

2011 में भूकंप के बाद सुनामी से हुई थीं 18 हजार मौतें

जापान में मार्च 2011 में नौ तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप के कारण जबर्दस्त सुनामी आई थी। तब उठी सुनामी की लहरों ने फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को तबाह कर दिया था। इसे पर्यावरण को नुकसान के लिहाज से बड़ी घटना माना गया था। तब समुद्र में उठी 10 मीटर ऊंची लहरों ने कई शहरों में तबाही मचाई थी। इसमें करीब 18 हजार लोगों की मौत हुई थी।

रिंग ऑफ फायर पर बसा है जापान

जापान भूकंप के सबसे ज्यादा सेंसेटिव एरिया में है। यह पैसिफिक रिंग ऑफ फायर में आता है। रिंग ऑफ फायर ऐसा इलाका है जहां कॉन्टिनेंटल प्लेट्स के साथ ओशियनिक टेक्टॉनिक प्लेट्स भी मौजूद हैं। ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं तो भूकंप आता है। इनके असर से ही सुनामी आती है और वॉल्केनो भी फटते हैं।

शुक्रवार, 29 दिसंबर 2023

दुनिया के सबसे अमीर आदमी बनें मस्क

दुनिया के सबसे अमीर आदमी बनें मस्क 

अखिलेश पांडेय 
वाशिंगटन डीसी। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क फ्रांसीसी लक्जरी टाइकून बर्नार्ड अरनॉल्ट से खिताब वापस लेते हुए एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, 2022 में 138 अरब डॉलर खोने के बाद टेस्ला और स्पेसएक्स की सफलता से उत्साहित मस्क ने गुरुवार के अंत तक अतिरिक्त 95.4 अरब डॉलर कमाए।
लक्जरी उत्पादों की मांग में वैश्विक मंदी के कारण एलवीएमएच मोएट हेनेसी लुई वुइटन एसई के शेयरों में गिरावट के बाद उनकी कुल संपत्ति अब अरनॉल्ट से 50 अरब डॉलर से अधिक हो गई है। इंडेक्स के मुताबिक मस्क की कुल संपत्ति अब 232 अरब डॉलर आंकी गई है। अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने इस साल अपने खाते में 70 अरब डॉलर से अधिक जोड़े और अब वे अरनॉल्ट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि मेटा के संस्थापक और सीईओ मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में 80 अरब डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई है। अर्नाल्ट 179 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर हैं।
इसके बाद बेजोस (178 अरब डॉलर), माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स (141 अरब डॉलर), पूर्व माइक्रोसॉफ्ट सीईओ स्टीव बाल्मर (131 अरब डॉलर) और जुकरबर्ग (130 अरब डॉलर) हैं। सूचकांक के अनुसार 2023 में 500 सबसे अमीर व्यक्तियों की सामूहिक नेट वर्थ में 1.5 लाख करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई, जो पिछले वर्ष के 1.4 लाख करोड़ डॉलर के नुकसान से पूरी तरह से उबर गई। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को लेकर भारी चर्चा के कारण तकनीकी अरबपतियों की संपत्ति में 48 प्रतिशत या 658 अरब डॉलर की वृद्धि हुई।

गुरुवार, 28 दिसंबर 2023

8 पूर्व कर्मियों को मौत की सजा, फैसले पर रोक

8 पूर्व कर्मियों को मौत की सजा, फैसले पर रोक 

अखिलेश पांडेय 
दोहा। खाड़ी देश कतर की एक अदालत द्वारा भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को मौत की सजा देने के फैसले पर रोक लगा दी गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमने दहरा ग्लोबल मामले में कतर की अपील अदालत के आज के फैसले पर गौर किया है, जिसमें सजाएं कम कर दी गई हैं। हम विस्तृत फैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं। आज अपीलीय अदालत में कतर में हमारे राजदूत और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। पीड़ितों के परिवार के सदस्य भी थे। हम मामले की शुरुआत से ही उनके साथ खड़े हैं और हम सभी कांसुलर और कानूनी सहायता देना जारी रखेंगे। हम इस मामले को कतरी अधिकारियों के साथ भी उठाना जारी रखेंगे।
मामला पहली बार 30 अगस्त को सामने आया जब कतर की खुफिया एजेंसी ‘राष्ट्रीय सुरक्षा ब्यूरो’ ने आठ पूर्व नौसेना अधिकारियों को गिरफ्तार किया। उन्हें बिना किसी आरोप के हिरासत में लिया गया और एकांत कारावास में भेज दिया गया था। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि उन पर जासूसी का आरोप लगाया गया था। जिसके बाद इसी साल अक्तूबर माह में कतर के कोर्ट ऑफ फर्स्ट इंस्टांस द्वारा मौत की सजा वाला फैसला सुनाया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेवानिवृत होने के बाद ये सभी नौसैनिक कतर की निजी कंपनी दहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजी एवं कंसल्टेंसीज सर्विसेज में काम कर रहे थे। यह कंपनी कतरी एमिरी नौसेना को ट्रेनिंग और अन्य सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी खुद को कतर रक्षा, सुरक्षा एवं अन्य सरकारी एजेंसी की स्थानीय भागीदार बताती है।

कांग्रेस ने सिर्फ 'भारत' को डराने का काम किया

कांग्रेस ने सिर्फ 'भारत' को डराने का काम किया  इकबाल अंसारी  कंधमाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस ...